Monday, November 10, 2008

लापरवाही मंहगी पड़ी, दो प्राचार्य को दिये नोटिस

      सीहोर 8 नवम्बर (नि.सं.)। चुनाव कार्य में लापरवाही सरकारी अधिकारियों पर भी भारी पड़ने लगी है जिसके चलते दो प्राचार्यो को उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस थमा दिए गए।

      शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाऊखेड़ी और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीहोर के प्राचार्यो को इस कारण, कारण बताओ नोटिस थमा दिए गए कि उन्होंने स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा मांगी गई जानकारी में गलतियां की। निर्वाचन कार्यालय द्वारा इन प्राचार्यो से निर्वाचन कार्य में लगाने के लिए अपने कर्मचारियों की जानकारी चाही गई थी जिसमें बीमार और विकलांग कर्मचारियों का स्पष्ट रूप से उल्लेख किया जाना था। प्राचार्यों द्वारा दी गई जानकारी में बीमार और विकलांग कर्मचारियों का उल्लेख नहीं होने के चलते तीन कर्मचारियों की डयूटी लगा दी गई। डयूटी लग जाने के बाद यह क्लीयर हुआ कि ये तीन कर्मचारी या तो गंभीर बीमार हैं या विकलांग हैं।

      उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस लापरवाही को गंभीर त्रुटि मानते हुए शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भाऊखेड़ी और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस थमाकर तीन दिन में जवाब चाहा है।

       कारण बताओ नोटिस में यह भी साफ किया गया है कि अन्यथा की दशा में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम में निहित प्रावधानों के मुताबिक अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायगी।