Monday, November 24, 2008

कांग्रेस भाजपा प्रत्याशियों ने छावनी में किया जनसम्पर्क, जनशक्ति घूमी स्वदेश नगर

      सीहोर 23 नवम्बर (नि.सं.)। रविवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का जनसम्पर्क छावनी क्षेत्र में हुआ। आज अखलेश राय के पीछे बड़ा हुजूम चल रहा था और स्वदेश राय के साथ कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी थे, तो विधायक सक्सेना के साथ छावनी में मुल्लाजी समाज के बहुतायत और उनके समर्थक शामिल थे। एक बारगी दोनो के जनसम्पर्क दल आमने-सामने भी हो गये लेकिन अपने-अपने रास्ते चले गये। आज जनशक्ति स्वदेश नगर में घूमने गई, बाहरी क्षेत्रों में उसने जनसम्पर्क किया।

      आज कांग्रेस और भाजपा का छावनी क्षेत्र में जोरदार जनसम्पर्क रहा। हालांकि भाजपा से जो उम्मीद की जा रही थी वह खरी नहीं उतरी जबकि कांग्रेस का जनसम्पर्क आशाजनक प्रभावी रहा। इस बार भाजपा का जनसम्पर्क का तरीका बदला हुआ बताया जा रहा है जिसमें जिस क्षेत्र का जनसम्पर्क होता है उसी क्षेत्र के लोगों को एकत्र कर फिर बाजार में जनसम्पर्क किया जाता है। इसी क्रम में दोपहर में आज विधायक श्री सक्सेना का बड़ी संख्या में मुल्लाजी समाज के लोगों तथा अपने समर्थक भाजपाईयों के साथ बहुत तेज गति से छावनी में घूमे। कोतवाली चौराहा से पान चौराहा और यहाँ से प्रमुख मार्गो में उन्होने जनसम्पर्क किया।

      इसके विपरीत कांग्रेस का जनसम्पर्क लम्बे समय तक चला। हर गली में कांग्रेसी पहुँचे। घर-घर रुकते हुए अखलेश-स्वदेश राय हाथ मिलाते व धीमी चाल से चलते हुए हाथ जोड़ते हुए आगे बढ़े। इनके साथ बड़ी संख्या में आज कांग्रेसी व युवा जन शामिल थे। अखलेश राय की उपस्थिति से जहाँ जनसम्पर्क आकर्षक बन गया था वहीं पीछे भीड़ काफी अधिक थी। 

      एक बारगी जनसम्पर्क करते हुए जब विधायक जी नमक चौराहा से होते हुए चरखा लाईन की तरफ बढ़े उसी समय बड़ा बाजार से निकलते हुए अखलेश स्वदेश राय का जनसम्पर्क सामने आ गया। तब कांग्रेस युवा ब्रिगेड ने खूब नारेबाजी की। लेकिन सब अपने-अपने रास्ते चले गये।

      आज जनशक्ति का जनसम्पर्क शहर के बाहरी क्षेत्रों में हुआ। इंग्लिशपुरा, गंज के क्षेत्रों में तथा स्वदेश नगर में आज जनसम्पर्क किया गया।

कांग्रेस के खिलाफ नारा सुनते ही जब नये भाजपा नेता भड़के

            सीहोर 23 नवम्बर (नि.सं.)।  लम्बे समय से कोई व्यक्ति यदि किसी पार्टी में हो तो धीरे-धीरे पार्टी को वह आत्मसात कर चुका होता है। अभी एक जुम्मा भी वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे जसपाल सिंह अरोरा को भारतीय जनता पार्टी में आये नहीं हुआ है, भाजपा में आते ही उनके समर्थकों का हुजूम भी भाजपा में खड़ा हो गया है। आये दिन वह भाजपा के प्रचार के लिये कार्य भी कर रहे हैं।  कल जब उन्होने एक बढ़िया रोड-शो नगर में निकाला तो उनके बीच बच्चों की टोली और बड़ी संख्या नययुवकों का हुजूम चल रहा था। नये-नये भाजपाई बने अरोरा के साथ जो युवक चल रहे थे उन्होने अचानक नारा लगा दिया...

''कांग्रेस के बूढ़े बैल, खा गये शक्कर पी गये तेल''

      यह नारा लगना था कि अचानक अरोरा सख्ते में आ गये...उन्हे लगा कि बच्चे हरकत कर रहे हैं...फिर वह नाराज हुए...इतनी देर में तो कांग्रेस के बूंढे बैल वाला नारा कई बार लग गया। अरोरा  कुछ समझ नहीं पाये और उन्होने समर्थकों से कहा कि अरे यह क्या बोल रहे हो कुछ नाराजी भी जता दी।

      बच्चे चूंकि भाजपाई थे इसलिये उन्हे कुछ समझ नहीं आया....अरोरा संभवत: यह भूल कर गये कि वह भी भाजपाई दमदार नेता बन चुके हैं....इसके बाद दूसरा नारा लगाया गया....

''जसपाल अरोरा संत है, कांग्रेस का अंत है''

इस नारे पर अरोरा भी प्रसन्न थे और जुलूस में शामिल सारे लोग खुश।

इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की अंतिम तैयारी

      सीहोर 23 नवम्बर (नि.सं.)। विधानसभा चुनाव के तहत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों 156 विधानसभा क्षेत्र बुदनी 157 विधान सभा क्षेत्र इछावर, 158 विधानसभा क्षेत्र आष्टा और 159 विधानसभा क्षेत्र सीहोर की सभी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की अंतिम तैयारी के तहत गत दिवस सीलिंग का कार्य किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डीपी आहूजा, पुलिस अधीक्षक डॉ.राजेन्द्र प्रसाद व निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा सीहोर के लिये नियुक्त प्रेक्षक एमआर आनंद, इछावर के प्रेक्षक व्ही.व्ही. ठाकुर, आष्टा के प्रेक्षक जेसन पी.बॉएज तथा बुदनी विधानसभा क्षेत्र के प्रेक्षक जी.नरेन्द्र कुमार की मौजूदगी में सीलिंग का कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान चारों विधानसभा क्षेत्रों रिटर्निंग आफिसर्स और विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

      आर.ए.के.कृषि महाविद्यालय सीहोर में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की सीलिंग का कार्य हो चुका है। विधानसभा क्षेत्र सीहोर के लिये 195, आष्टा के लिये 273, इछावर के लिये 232 और विधानसभा क्षेत्र बुदनी के लिये 259 इस प्रकार कुल 959 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों में सीलिंग का कार्य पूरा किया गया। इस कार्य में करीब एक सौ से अधिक अधिकारी कर्मचारी लगाये गये थे।

      सीलिंग के दौरान एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमति भावना बालिम्बे, विधानसभा क्षेत्र सीहोर के रिटर्निंग आफिसर चन्द्रमोहन मिश्रा, आष्टा की रिटर्निंग आफिसर श्रीमति जी.व्ही.रश्मि, इछावर के रिटर्निंग आफिसर चन्द्रशेखर वालिम्बे तथा बुदनी विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग आफिसर अरुण कुमार तोमर मौजूद थे। सीहोर और इछावर विधानसभा क्षेत्र की ईवीएम आर.ए.के.कृषि महाविद्यालय स्थित स्ट्रांग रुम में सुरक्षित कर दी गई जबकि आष्टा और बुदनी विधानसभा क्षेत्रों की मशीनें पूरी सुरक्षा व्यवस्था में आष्टा एवं बुदनी रवाना की गई जिन्हे वहां बनाए गए स्ट्रांग रुम में सुरक्षित कर दिया गया ।  सुरक्षा कक्ष पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था कर दी गई है।

शिवराज को जिताने संकल्प लेकर जूते-चप्पल त्यागे

आष्टा 23 नवम्बर (नि.सं.)। नेताओं के चाहने वाले भी तरह तरह के होते है आष्टा नगर के वार्ड क्रमाम 16 में रहने वाले ओमप्रकाश चौरसिया जो कि एक ठेला लगाकर अपना व परिवार का लालन पालन करते है ये महाशय प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को दूबारा मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते है वे पुन: मुख्यमंत्री बने          इसके लिए उन्होने चप्पल-जूतों का त्याग का प्रण लिया है कि जब तक शिवराज सिंह चौहान पुन: म.प्र. के मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं लेते वे नंगे पैर ही रहेगा। ये नेताओं के प्रति भक्ति का एक नमूना है।

 

 

 

 

तेज सिंह कप्तान बजरंग दल के नगर संयोजक बने

      जावर 23 नवम्बर (नि.प्र.)। पिछले दिनो श्रीराम मंदिर में विश्व हिन्दु परिषद के विभाग प्रमुख अजीत शुक्ला के मुख्य अतिथि एवं जिला मंत्री रामेश्वर जाट, मनोज आर्य के विशेष अतिथि में बजरंग दल एवं विश्व हिन्दु परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा भी हुई बैठक में बजरंग दल की इकाई का गठन भी किया गया। जिसमें बजरंग दल नगर संयोजक के रुप में तेज सिंह कप्तान सह संयोजक हरीश सोलंकी को बनाया गया। इसी प्रकार विश्व हिन्दु परिषद के अध्यक्ष पद पर जगदीश मालवीय, उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र पहलवान, मंत्री हुकम चंद पहलवान, प्रचार प्रमुख विकास चिंतामणी गौरक्षा प्रमुख लखन सिंह, समरसता प्रमुख भादर परिहार, सुरक्षा प्रमुख संजय सिलोदिया, सत्संग प्रमुख, बाबूलाल अखाड़ा, प्रमुख दशरथ सिंह का बनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी हरीश सोलंकी ने दी।

चुनाव में भी जारी है अधिकारी कर्मचारियों का बाहर आना-जाना

      इछावर 23 नवम्बर (राजेन्द्र सक्सेना)। इछावर में एक और जहाँ चुनाव अभियान जोर शोर से चल रहा है। हर तरफ चुनावी माहौल है, मतदान को मात्र 5 दिन शेष रह गये हैं और जिला निर्वाचन अधिकारी बहुत सख्ती से काम कर रहे हैं वहीं इछावर में ही कुछ ऐसे शासकिय कार्यालय भी हैं जहाँ कार्यरत कर्मचारी अभी भी इछावर में नहीं रुककर हर दिन इछावर छोड़ अपने घर बाहर चले जाते हैं। इनका अपडाउन अभी तक जारी है।

      कन्याशाला से लेकर महाविद्यालय, बैंक से लेकर सफाखाना तक के अधिकारी कर्मचारियों के अपडाउन करने की चर्चाएं बनी हुई हैं। शासन का ध्यान अभी तक इस और नहीं गया है। अपडाउन प्रथा से इछावर के लोग तो परेशान रहते ही हैं। कभी-कभी कर्मचारी, शिक्षक व अधिकारी समय पर भी अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाते हैं। वहीं इन्हे देरी से आने के बावजूद जाने की भी जल्दी लगी रहती है। जिससे यहाँ व्यवस्था गड़बड़ हो रही है। प्रशासन को चुनाव के वक्त इन लोगों पर सख्ती से कार्यवाही करने की आवश्यकता है।