Thursday, November 13, 2008

सन्नी महाजन ने खड़े होते ही त्रिकोणीय स्थिति पैदा की

सीहोर 12 नवम्बर (आनन्द भैया)। विधानसभा चुनाव में जहाँ भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस की वजनदारी रहती है वहीं इस बार अचानक भाजपा के बागी प्रत्याशी के रुप में देखे जा रहे गौरव सन्नी महाजन का नाम भी चुनावी चकल्लस में प्रमुखता से शामिल हो गया है।

      पहले ही दिन से सन्नी की चर्चाएं पूर्ववर्ती निर्दलीय प्रत्याशियों से उसकी तुलना के साथ बहुत तेजी से शुरु हो गई है। हालांकि भाजपा के अनुभवी प्रत्याशी और कांग्रेस के अखलेश स्वदेश राय की मैदानी दौड़ धूप के आगे सन्नी महाजन की उपस्थिति और चुनावी चर्चाओं में उसको लेकर बन रहे आंकड़ो ने कई नये-नये समीकरणों को जन्म दे रखा है। किसी निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में सन्नी ने पहले ही दिन से चर्चाओं को जन्म दे डाला है।

      भारतीय जनता पार्टी सत्तासीन पार्टी और भाजपा का प्रत्याशी पूरे प्रदेश में अपने बाहुबल के लिये पहचाना जाता है। ऐसे बाहुबलि प्रत्याशी के चुनावी मैदान में होने के बावजूद और कांग्रेस की अखलेश स्वदेश राय द्वारा अपनी छवि और निरन्तर समाजसेवा के आधार पर चुनावी रणक्षेत्र उतरने के बाद यदि सिर्फ यही दोनो चेहरे आमने-सामने होते तो आज सीहोर की चुनावी स्थिति कुछ और होती। भाजपा और कांग्रेस पारम्परिक विरोधी हैं और इस दृष्ठि से यदि सीहोर में सिर्फ यही दो प्रत्याशी दमदारी से मैदान में होते तो निश्चित रुप से आज चौराहों की चर्चाओं में कहीं भाजपा तो कहीं कांग्रेस की वजनदारी बताई जाती और यादा गहमा-गहमी की स्थिति नहीं बन पाती। चुनावी पंडित दो झटके अपने आकड़े प्रस्तुत करते और दोनो में से किसी एक की जीत तय कर  देते।

      लेकिन गौरव सन्नी महाजन के खड़े हो जाने से सारे चुनावी गणितज्ञों की गणित भी धरे के धरे रह गये हैं। आज चौराहों पर दो नहीं तीन प्रमुख प्रत्याशी देखे जा रहे हैं। तीन प्रत्याशियों की उपस्थिति के चलते किसको नुकसान होगा ? किसको इससे फायदा होगा ? कौन किसके वोट खायेगा ? क्या समीकरण बैठेंगे यह सब बातें प्रमुखता से उठने लगी है।

      कुल मिलाकर सन्नी चौराहों की चर्चाओं में अपना स्थान बना चुका है। नामांकन दाखिल करने की तिथि के दिन भले ही उसका छोटा-सा जुलूस निकला हो लेकिन उसके नामांकन दाखिले के साथ ही वह हर एक जुबान पर आ चुका है। इसके बाद सन्नी महाजन को निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में देखा जा रहा था।

      उसी समय उमाश्री भारती की पार्टी जनशक्ति में किसी तरह सन्नी के शामिल हो जाने की बातें चल रही थीं लेकिन माना जा रहा था कि विगत ढाई साल से सीहोर में जनशक्ति को स्थापित करने वाले लोकेन्द्र मेवाड़ा क्या खुद चुनाव लड़ेगे या फिर महाजन को प्रवेश देंगे। अंतिम समय तक पशोपेश की स्थिति थी और अचानक उमाश्री ने सन्नी की घोषणा करके गौरव महाजन के समर्थकों में उत्साह का संचार कर दिया।

      जनशक्ति में शामिल हो जाने के बाद भी संभवत: गौरव महाजन की चर्चाएं कुछ और वजनदारी से होने लगी हैं। और इसके बाद ही राजनैतिक समीकरण नये तरीके से बनने लगे हैं। कहीं ना कहीं सन्नी महाजन के खड़े हो जाने से मुकाबला अब त्रिकोणीय माना जा रहा है और इस कारण स्पष्ट रुप से यह बात सामने नहीं आ पा रही कि आखिर इस मुकाबले में कौन कितना आगे रहेगा ? किसको कितना नुकसान होगा? और किसकी जमानत जप्त हो जायेगी।

      अक्सर किसी बागी की चर्चाएं चौराहों पर तो खूब हुआ करती हैं लेकिन आखिरकार मतदान के दिन क्या होता है ? मतदाता मतदान किसे करता है और मतपेटियाँ खुलने के बाद क्या होता है यह बातें बाद में पता चल सकती है।

गुणवान की वापसी पर भाजपाईयों को भी संदेह, गुणवान को फिर न लग जाये फिर साध्वी का श्राप

सीहोर 12 नवम्बर (नि.सं.)। भारतीय जनता पार्टी की आष्टा में वजनदारी से इंकार नहीं किया जाना चाहिये क्योंकि विगत तीन चुनावों से लगातार भाजपा को विजयश्री मिल रही है लेकिन यह विजयश्री क्या भाजपा के  कार्यकर्ताओं की है या फिर भाजपा के प्रत्याशियों की विजय है यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। वर्ष 2003 के चुनाव में जिन रणजीत सिंह गुणवान की अनेकानेक शिकायतों के बाद अंतत: अंतिम समय में अचानक भाजपा ने पेंतरा बदलकर गुणवान को टिकिट नहीं दिया था कोठरी के भाजपा नेता रुगनाथ मालवीय को अपना प्रत्याशी बना दिया था उससे लगता है कि कहीं ना कहीं गुणवान को लेकर भाजपा में अंतरविरोध था जो ऊपर के नेताओं तक पहुँचा था और उसके बाद ही यह निर्णय लिया गया था। लेकिन इस बार भले ही गुणवान की वापसी हो गई हो पर भाजपा की जीत को लेकर खुद भाजपा कार्यकर्ताओं में ही असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

      दिग्विजय सिंह सरकार के समय कांग्रेस के शासन से हर आम आदमी त्रस्त हो चुका था और वह इससे राहत चाहता था। उसी समय राष्ट्रीय नेत्री उमाश्री भारती का पदार्पण भोपाल की राजनीति में हुआ और उन्हे भाजपा ने मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट कर दिया। इसके साथ ही पूरे मध्य प्रदेश में भाजपा की लहर चल पड़ी। यह लहर धीरे-धीरे आंधी बन गई और पूरे प्रदेश से कांग्रेस का सफाया हो गया था। इस शानदार भाजपाई लहर के बावजूद  कांग्रेस प्रत्याशी अजीत सिंह को 40 हजार मत मिले थे। जबकि भाजपा लहर में भी मात्र 51 हजार मतों पर रुक गई थी। ऐसे में चौराहों के चुनावी गणितज्ञों का मानना है कि जब पिछले चुनाव में लहर के बावजूद मात्र 11 हजार मत अधिक मिले थे तो क्या इस बार बिना किसी लहर के भाजपा आसानी से आगे बढ़ पायेगी। राजनीति में पुराने चेहरों को लेकर उदासीनता भी रहती है। गुणवान भी पुराना चेहरा है, हालांकि वह एक साफ-स्वच्छ और ईमानदार छवि के रुप में जाने जाते हैं लेकिन भाजपा के अंत:विरोध के अलावा कोठरी में रुगनाथ को टिकिट नहीं देने के कारण उपजा विरोध तथा खुद रुगनाथ मालवीय की नाराजी क्या उनके लिये राह आसान रहने देगी। पिछले चुनाव में कोठरी में एक तरफा भाजपा को मतदान हुआ था। 80 प्रतिशत मत भाजपा को मिले थे। इस बार कोठरी क्षेत्र में रुगनाथ को टिकिट नहीं मिलने के कारण आक्रोश व्याप्त है। और यह आक्रोश कोठरी में भाजपा के ऊपर निकल गया तो करीब 4 हजार मतों का विपरीत प्रभाव भाजपा पर पड़ जायेगा और भाजपा कोठरी से पिछड़ सकती है।

उमाश्री फिर गुणवान को घर ना बैठा दें

      वर्ष 2003 में जब गुणवान का टिकिट तय हो चुका था और वह भाजपा से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुके थे ऐसे में अंतिम समय में अचानक उमाश्री भारती की इच्छा  से रणजीत सिंह गुणवान का टिकिट काट दिया गया था। उस समय गुणवान समर्थकों ने उमा दीदी से विरोध भी जताया था लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला था और जितना उमा को कोसा गया उतना ही गुणवान को घर बैठने को मजबूर होना पड़ा। 5 साल तक गुणवान अपने घर बैठे रहे। आज जब एक बार फिर भाजपा ने गुणवान को घर से निकालकर टिकिट दिया है ऐसे में फिर उनके सामने उमाश्री भारती रुपी समस्या खड़ी हो गई। उमा भारती जनशक्ति पार्टी के रुप में भाजपा का विरोध कर रही हैं और जनशक्ति के उम्मीद्वार के रुप में भाजपा ने सिध्दिकगंज के सरपंच, सहकारी नेता और पूर्व सहकारी बैंक अध्यक्ष रहे चुन्नीलाल को अपना प्रत्याशी बनाया है। चुन्नीलाल का अपना एक प्रभाव क्षेत्र है इस पर खुद उमाश्री भारती ने यह तय किया है जहाँ-जहाँ आष्टा में पूर्व में उमाश्री ने सभाएं ली थीं और वहां जनता प्रभावित रही थी उन्ही स्थानों पर एक बार फिर उमाश्री भारती की जनशक्ति के लिये और चुन्नीलाल के पक्ष में सभाएं होंगी। इस कारण बड़े स्तर पर भाजपाई मत जनशक्ति  के नगाड़े के पक्ष में बैठ सकता है।

      इस हिसाब से खुद भाजपाई गणितज्ञ भी संदेह के घेरे में आ गये हैं चूंकि वह पूरे विधानसभा क्षेत्र के भाजपाईयों के मन की थाह समझते हैं। मात्र 11 हजार मतों से विजयी रही भाजपा को इस बार जीत मुश्किल नजर आ रही है। नगर के चौराहों पर भाजपा और कांग्रेस दोनो को ही आमजन बराबर का मान रहा है। इस बार कांग्रेस को कमतर नहीं आंका जा रहा है और भाजपा के पक्ष में कोई लहर भी नजर नहीं आ रही है। देखते हैं इस बार आष्टा में विधानसभा चुनाव किस करवट बैठता है।

कांग्रेस में टिकिट बिक रहे यदि जित गये तो ये देश भी बेच देंगे

      आष्टा 12 नवम्बर (नि.प्र.)। जब प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री होता था तब वो अपने आपको जनता का सेवक नहीं राजा समझता था जब से प्रदेश का मुख्यमंत्री आपके आशीर्वाद से शिवराज बना है शिवराज ने प्रदेश की जनता को भगवान और खुद को उस भगवान रूपी जनता का सेवक माना है आज कांग्रेस सत्ता के लिए तपड़ रही है भाईयों जिस कांग्रेस में टिकिट बिकते हो अगर सत्ता सौंपी तो वो देश को भी बेच देंगे टिकिट बिके है यह आरोप मैं नहीं उनकी पार्टी की नेता लगा रही है। म.प्र. में 5 साल से भाजपा की सरकार है 3 साल से मैं मुख्यमंत्री हूं 50 साल का कार्य हमने 5 साल में करके दिखाया है।

      उक्त उद्गार म.प्र. के मुख्यमंत्री ने आज आष्टा में भाजपा प्रत्याशी रंजीतसिंह गुणवान के पक्ष में एक विशाल आमसभा को सम्बोधित करते हुए बड़ा बाजार में कहे। श्री चौहान ने कहा जब कांग्रेस ने 50 साल के शासन में सडक, बिजली, पानी, शिक्षा स्वास्थ्य, महिला विकास, किसान की उन्नति के कोई कार्य नहीं किये तो उन्हें वोट भी प्रदेश की जनता क्यों दे, हमने कथा, दान किया, गेंहू पर बोनस दिये, स्कूल बनवाये, सड़को का जाल बिछाया कांग्रेस ने केवल प्रदेश को बर्वाद किया है जबसे मैं मुख्यमंत्री बना दिल में एक ही तमन्ना है प्रदेश का विकास कैसे करू जनता ही मेरी जिन्दगी है मैं अपनी जिन्दगी से कैसे दूर रह सकता हूं। केन्द्र सरकार ने मेरी सकरार प्रदेश की जनता के साथ हर मामले में भेदभाव किया। योजनाओें में कटौती की किसानों को 5 प्रतिशत पर ऋण दिया दुबारा मुख्यमंत्री बना तो 3 प्रतिशतम पर ऋण देंगे। मंहगाई की चर्चा करते हुए कहा कि क्या अटल जी के शासन में इतनी मंहगाई थी नहीं। शिवराज कहता है अब गरीब की थाली नहीं रहेगी खाली। निश्चित किया है एक नया म.प्र. बनाना है। उन्होंने आष्टा के प्रत्याशी रंजीतसिंह गुणवान की ओर से ग्यारन्टी ली की आप गुणवान को जीताओं आष्टा में विकास की गंगा बहेगी। शिवराज ने हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों से कहा कि मैं आपसे चुनाव के लिए 15 दिन का समय मांग रहा हूं ग्राम-ग्राम पहुंचे और कमल को खिलाये आपके 14 दिन का कर्ज 5 साल मं विकास से उतार दूंगा सभा में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री थी थावर  चन्द्र गेहलोत विशेष रूप से उपस्थित थे। सभा को भाजपा प्रत्याशी श्री गुणवान ने भी अपने अलग अंदाज में सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री किया मुख्यमंत्री की भव्य अगवानी युवा मोर्चे के कालू भटट, मुकेश कृपालसिंह, विशाल चौरसिया की टीम की मुख्यमंत्री का स्वागत पूरी जनता की ओर से ललित नागौरी जिला अध्यक्ष एवं भाजपा प्रत्याशी श्री गुणवान ने किया। आज कांग्रेस छोडकर शेषनारायण मुकाती, सजनसिंह ठाकुर ने लगभग 200 सदस्यों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर मुख्यमंत्री ने दोनों का मंच पर स्वागत किया। सभा को भेरूसिंह पाटीदार, देवीसिंह परमार, नगीन जैन, अनोखीलाल, तेजसिंह सेंधव, अजय टेलर, सुशील संचेती, बाबूलाल पटेल, धरम आर्य, अनवर हुसैन आदि ने किया संचालन नगर अध्यक्ष संतोष झंवर ने तथा आभार सुशील संचेती ने व्यक्त किया। सभा मंच पर संगठन मंत्री देवीसिंह रघुवंशी, सुजानमल जैन, राकेश सेंधव सहित अनेको नेता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री की सभा में आष्टा नगर एवं ग्राम-ग्राम से हजारों नागरिक उपस्थित थे पूरा बड़ा बाजार खचाखच भरा था। घरों की छतों पर भी सैकड़ो नागरिक महिलाएं सभा सुनने के लिए नजर आये।

 

रघुनाथ मालवीय की नाराजी खत्म नहीं हो रही

      अपना टिकिट कटने के बाद से ही विधायक रघुनाथ मालवीय और उनके समर्थक नाराज चल रहे हैं। उनकी नाराजी दूर नहीं हो पा रही है। कल मुख्यमंत्री जब आष्टा आये तब आष्टा विधायक मंच के पास खड़े रहे। तब प्रत्याशी रणजीत सिंह गुणवान ने उन्हे स्वयं निवेदन कर मंच पर बुलाया लेकिन वह नहीं आये। विधायक रुगनाथ मालवीय की नाराजगी से भाजपा चिंता में भी है। 

नाराज कार्यकर्ताओं ने पचौरी के खिलाफ नारे लगाये

      आष्टा 12 नवं.(नि.सं.)। कल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी गोपाल सिंह इंजीनियर के समर्थन में एक सभा संबोधित करने आये थे सभा समाप्ति के बाद पुराना बस स्टेण्ड शहर कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस के द्वारा शुरु किया जाने वाला एक चुनाव कार्यालय का शुभारंभ श्री पचौरी को करना था लेकिन सभा समाप्ति के  बाद श्री पचौरी सीधे अपने गंतव्य की और चल दिये। तब नाराज कार्यकर्ताओं ने पचौरी के जाने के बाद श्री पचौरी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार के खिलाफ नारेबाजी की। लेकिन बाद में जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार ने सभी कार्यकर्ताओं का कन्नौद रोड स्थित चुनाव कार्यालय पर उन्हे बुलाकर उनसे चर्चा की तथा चर्चा के बाद उन सभी की नाराजी दूर कर गिले शिकवे मिटाये और सभी को मिठाई खिलाई तथा एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिये सभी से आव्हान किया।

भाजपा नेताओं की नहीं ठेकेदारों की पार्टी है.....

      आष्टा 12 नवम्बर (नि.सं.)। भूख भय और भ्रष्टाचार ने पाँच वर्षों में भाजपा के शासन में प्रदेश का नाश करके रख दिया है जिधर निगाह घुमाओ कुपोषण, महिलाओं से मंत्री का अभद्र व्यवहार, सर्वत्र भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार का नजारा  देखने को मिलता है। भाजपा नेताओं की नहीं इन पाँच वर्षों में ठेकेदारों की पार्टी हो गई है क्योंकि जिधर निगाह घुमाओ भाजपा के नेताओं के ठेकेदार ही ठेकेदार नजर आते हैं। 2003 में भाजपा ने वादा किया था जितनी बिजली उतने दाम क्या हुआ उस नारे का आज आपके आष्टा में रात्री में शिवराज आ रहा है जरा उससे पूछना की भारी भरकम बिल बिना बिजली जलाये कैसे आ रहे हैं।

      उक्त उद्गार म.प्र. कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने आज पुराने बस स्टेण्ड पर कांग्रेस प्रत्याशी इंजीनियर गोपाल सिंह के समर्थन में आयोजित विशाल सभा को संबोधित करते हुए कहे। श्री पचौरी ने आज अपने भाषण में गीतों की लाईन, किस्से चुटकुलों के माध्यम से भाजपा पर जमकर कटाक्ष किये। पचौरी ने कहा कि आज म.प्र. पर 52 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ गया है। म.प्र. के मुख्यमंत्री ने पंचायतों पर पंचायत की लेकिन जिनके लिये पंचायतें की उनका हुआ क्या वे आज भी परेशान है। इसके पहले मैं इसी स्थान पर नगर पालिका चुनाव में कैलाश परमार के लिये आया था तब वादा किया था कि परमार को जिताओ केन्द्र से मदद देंगे । आष्टा को 13 करोड़ की योजना केन्द्र से आई है अब आपसे वादा चाहता हूँ आप गोपाल को जिताओ और भोपाल भेजो 20 वर्षों से म.प्र. का जो विकास रुका है वो ब्याज के रुप में करेंगे। 2003 के पहले भाजपा ने राम मंदिर बनाने, पटवा ने कर्ज माफ करने का वादा किया था ना सब के पूरे कर्जे माफ हुए ना ही राम मंदिर बना। 2003 में गुणवान का भाजपा ने प्रत्याशी बनाया एन वक्त पर उसका टिकिट काटा। रघुनाथ को प्रत्याशी बनाया और अब फिर गुणवान को प्रत्याशी बनाया जरा भाजपा से पूछो गुणवान को टिकिट उस वक्त क्यों काटा था और अब रघुनाथ का क्यों काटा। नारे देने में भाजपा एक्सपर्ट पार्टी है। झूठ बोलने में ये माहिर है। भ्रष्टाचार में खुद मुख्यमंत्री और उनके 12 मंत्री लोकायुक्त के घेरे में है। पाले का मुआवजा छांट-छांट कर दिया है। देश में लगातार भाजपा का ग्राफ गिरा है। अब मुख्यमंत्री चिंता में है और पांव-पांव वाले भैया उड़न खटोले में हवा में उड़ रहे हैं। श्री पचौरी के पहले सभा को रतन सिंह ठाकुर, राजमल सेठी, कैलाश परमार, सुरेन्द्र सिंह ठाकुर, इंजिनियर गोपाल सिंह, असलम शेर खान ने भी सभा को संबोधित करते हुए इस बार आष्टा से कांग्रेस को विजय बनाने की अपील की है। सभा का संचालन मैना के डॉ. ओ.पी. वर्मा ने किया।

9 जुंआरी गिरफ्तार, अवैध शराब जप्त, शस्त्रधारी गिरफ्तार

      सीहोर 12 नवम्बर (नि.सं.) जिले की पुलिस ने असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के दौरान 9 जुआरियों को गिरफ्तार करते हुये इनसे 760 रुपये नगदी जप्त किये हैं।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त कार्यवाही के तहत शाहगंज थाना पुलिस ने नई बस्ती शाहगंज निवासी नारायण आ. मटरू, रामचरण आ. सटल्ली, घासिटा आ. सल्लू, विजय आ. मदनलाल, दीनदयाल आ. रतन राजू आ. रामाधार कोमल आ. छोटेराम, सुमेरदास आ. मुकुन्द, सीताराम आ. शंकरलाल, को ताश पत्तों से हारजीत का दाव लगाकर जुंआ खेलते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 760 रुपये नगदी व ताश पत्ते जप्त कर धूत अधिनियम के तहत कार्यवाही की हैं।

      बुदनी थाना पुलिस ने ग्राम बुदनी निवासी जगदीश उर्फ जग्गू आ. किशनलाल तथा रेहटी थाना पुलिस ने उत्तम आ. केदारसिंह निवासी गोडी गुराडिया को अवैध रूप से देशी मदिरा ले जाते हुये गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 33 पाव मदिरा जप्त की हैं। बुदनी पुलिस ने जर्रारपुर निवासी श्याम आ. बालमुकुन्द को छुरी सहित गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं।

भाजपा और कांग्रेस प्रत्‍याशी मैदान में सक्रिय

भाजपा प्रत्याशी का शहर में सघन दौरा

      सीहोर 12 नवम्बर (नि.सं.)।  विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार रमेश सक्सेना ने आज से शहर में वार्ड वार सघन दौरा कर चुनाव प्रचार का श्री गणेश किया अपने दौरे में श्री सक्सेना ने आज शहर के 9 वार्डो में भ्रमण कर कार्यकर्ताओं की बैठके ली और उन्हें चुनावी  रणनीति की जानकारी देते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर मतदाताओं को प्रदेश की जनहितेषी भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा बनाई गई  लाभप्रद योजनाओं की विस्तृत जानकारी दें सबसे पहले श्री सक्सेना प्रात: 9 बजे वार्ड 1 में बडियाखेडी पहुंचे तथा वार्ड 2 में इंदिरा नगर, वार्ड 3 में इंदौर नाका, वार्ड 4 में स्वदेशनगर, वार्ड 5 में पलटन एरिया, वार्ड 6 में सिन्धी धर्मशाला, वार्ड 7 में मुरली वार्ड 8 में इंग्लिशपुरा, वार्ड 9 चाणक्यपुरी में पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठकें ली।

      जगह-जगह वार्डो में पहुंचने पर भाजपा उम्मीदवार श्री सक्सेना का उत्साह से भरे कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया और भाजपा जिन्दाबाद के नारों से आकाश गुंजयमान कर दिया सभी भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज से ही क्षेत्र के चुनाव प्रचार में जुट जाने का विश्वास दिलाते हुए मतदाताओं को भाजपा की सही सोच हर वर्ग के प्रति बनाई गई। लाभकारी योजनाओं से अवगत कराने का संकल्प लिया।

      इस अवसर पर मोहन राय, रामचरण राय, बिहारी राय, महेन्द्र राय, कल्याणसिंह, भगतसिंह राय, कैलाश कुशवाह, पुरुषोत्तम पाठक, ओम यादव, मनोज राय, शेरसिंह राजपूत तिलक पाठक, कीर्ति श्रीवास्तव, हेमराज दादा, सवाईसिंह मेवाड़ा, अजय कांगलिया, डा. परमार, विष्णु सेन, अनूप चौधरी, दीनबन्धु, लीलाबाई लोधी, जगदीश लोधी, सतीश पाठक, राजेश जायसवाल, दिलीप प्रजापति, मोहित पाठक, नरेन्द्र कुशवाह, विजेन्द्र जायसवाल, विनोद परमार, संजय बुंदेला, हरिओम महेश्वरी, किशन शर्मा, दीपक बुंदेला, वीरेन्द्र मालवीय, महेताब अहिरवार, केवलराम कुशवाह, कमला पिपलोदिया, दिनेश शर्मा, महेश शर्माद्व मनोज शर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, अनोखीलाल, भूरेलाल, अमित कटारिया, खेमचन्द्र आहूजा, अशोक सिसोदिया, पप्पू शर्मा, विशाल परदेशी, सुरेन्द्र परमार, दिनेश कुशवाह, सुनील लोवानिया, पप्पू त्यागी, जितेन्द्र साहू,  सरोज ठाकुर, अमित नीखरा, शैलेन्द्र शर्मा  सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

भाजपा की कमान महिला मोर्चा ने संभाली

      विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने चुनाव प्रचार की कमान संभालते हुए चुनाव में भाजपा उम्मीदवार रमेश सक्सेना ज्यादा से ज्यादा मतों से चुनाव जीते इसके लिए महिला मोर्चा की एक बैठक जिलाध्यक्ष रीना मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिससे रणनीति बनाई गई कि महिला मोर्चा प्रत्येक वार्ड में जाकर भाजपा उम्मीदवार श्री सक्सेना के पक्ष में सघन जनसम्पर्क करेगा जिससे म.प्र. में पुन: शिवराज सिंह के नेतृत्व में सरकार बने जन सम्पर्क के दौरान महिला मोर्चा मतदाताओं को प्रदेश सरकार की महिलाओं के लिये बनाई गई कल्याणकारी योजनायें जैसे लाडली लक्ष्मी योजना, जननी सुरक्षा, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, मजदूर महिलाओं के मजदूरी सहित, मातृत्व अवकाश योजना आदि की विस्तार से जानकारी प्रदान करेगी ताकि पुन: प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं के कल्याण के लिये बनने वाली योजनाओं का क्रम जारी रह सकें। इस अवसर पर श्रीमति उषा सक्सेना, दीपशिखा जोशी, फूलवती बाई, प्रभा राठौर, रजनी ताम्रकार, लीलाबाई लोधी, कमला पिपलोदिया, सरोज ठाकुर, प्रीति सक्सेना, पार्वती गेहलोत, कविता जादव, कान्ता जोशी, उमा ठाकुर, शान्ति मकवाना, गायत्री खत्री, निर्मला व्यास, अलकनंदा वशिष्ठ आदि उपस्थित थी।

 

सुरेश पचौरी आये, सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को साथ लाये

      सीहोर 12 नवं.। भाजपा के तानाशाहीपूर्ण रवैये से प्रदेश का आमजन मुक्ति चाहता है और समूचे प्रदेश में परिवर्तन की लहर चल रही है ऐसे में हर कांग्रेस कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी तय करना है। यह उद्गार कांग्रेस प्रत्याशी स्वदेश राय के मुख्य चुनाव कार्यालय में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुये कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने व्यक्त किये। सभी कांग्रेसजनों की ओर से नपाध्यक्ष राकेश राय ने अतिथियों का पुष्पहारों से स्वागत किया।

      श्री पचौरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। भजपा सरकार दुर्भावनावश जीते हुये कांग्रेस पदाधिकारियों को हटाने का कार्य कर रही है। ऐसे में कांग्रेसजनों को एकजुट होकर प्रदेश की भ्रष्ट ओर निकम्मी सरकार के खिलाफ अपनी भूमिका तय करनी हैं। इसके पूर्व सीहोर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी स्वदेश राय ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों का स्वागत करते हुये कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिये सदैव तत्पर रहूंगा कांग्रेस पार्टी ने जो मुझे अवसर दिया है और विश्वास सौंपा है उसके लिये सभी कांग्रेसजनों के सहयोग का आकांक्षी हूंँ।

      पूर्व सांसद सुरेन्द्र सिंह ठाकुर ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं कांग्रेस पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं और मुझे कांग्रेस पार्टी से ही पहचान मिली है। गंगा-जमुनी तहजीब के इस शहर में विकास का मार्ग अवरूद्ध हो गया। क्षेत्र का मतदाता अब जागरूक है और सकारात्मक बदलाव में अपनी भूमिका तालश कर कांग्रेस को विजयी बनायेगा। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमदीप ने किया एवं आभार वरिष्ठ कांग्रेस नेता नन्दगोपाल बियाणी ने माना। बैठक में पूर्व निर्यात निगम अध्यक्ष प्रमोद पटेल, पूर्व विधायक शंकरलाल साबू, जसपालसिह अरोरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता महेश दयाल चौरसिया, मदनमोहन शर्मा,कांग्रेस नेता अक्षत कासट, जफरलाला, राधावल्लभ गुप्ता, कुलदीप सिंह सेठी, धमेन्द्र ठाकुर, कमलेश कटारे, व्ही.पी. सिंह, सुरेश साबू, दर्शनसिंह वर्मा, के.यू. कुरैशी, सूरजदर, अरविन्द चौहान, महेन्द्र सिंह अरोरा, मांगीलाल मंझेडा, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता त्रिपाठी, पाष्रद सतीश दरोठिया, इरफान वेल्डर, हाजी सलीम, शमीम अहमद, सलीम, शमीम अहमद, मनोज गुजराती, राजेन्द्र ठाकुर, पंकज गुप्ता, मुल्ला हकीमुद्दीन, आशीष गेहलोत, सुरेश साबू, वरिष्ठ नेता चम्पालाल राठौर, ललित जैन, रमेश झंवर, नरेन्द्र खंगराले,  पार्षद हफीज चौधरी, रिजवान पठान, ललित जैन, पवन राठौर, मेहफूज बंटी, बाबूदादा, राजेन्द्र शर्मा, कल्लू, जयन्त शाह, मूलचन्द्र राठौर, पंकज गुप्ता, मुकेश ठाकुर, शंकर गुप्ता, दुर्गा चौधरी, आशीष गुप्ता, महेश दुबे, मनीष वर्मा, पार्षद जितेन्द्र पटेल, हरी सोनी, ओम वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल थे।

      प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने  राजेश आजाद एवं नरेन्द्र खंगराले का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया श्री खंगराले ने कहा कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दिया था पार्टी नहीं छोड़ी। 

प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी की रैली सम्पन्न हुई

      आष्टा 12 नवम्बर (नि.प्र.)। प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी द्वारा आष्टा में पार्टी के संस्थापन फूलसिंह चौहान की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर पार्टी द्वारा एक रेली एवं जनसभा का आयोजन किया जिसमें फूलसिंह चोहान को चाहने वालें लोगों ने उत्साह भरे माहौल में आष्टा के विभिन्न मागोर् से होकर एक रेली निकाली। रैली नये थाने के सामने नये दशहरा मैदान पर सभा के रूप में परिवर्तित हुई। जिसमें सैकड़ों लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई। सभा में भारतीय कम्यूनिष्ट पार्टी के प्रदेश महासचिव प्रेमनारायण वर्मा ने अपनी पार्टी का समर्थन आष्टा विधानसभा में प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी को दिया। सभा को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आष्टा विधानसभा प्रत्याशी कमलसिंह चौहान ने सम्बोधिता किया।

      श्री चौहान ने उपस्थित जन समुदाय को बताया कि फूलसिंह चौहान इस देश में 90 प्रतिशत बहुसंख्यक समाज का राज लाना चाहत ेथे। हमारे देश में सामंतवादी, पूंजीपति एवं जमीदारों का भारतीय राजनीति में सभी पार्टियों के अंदर बोल बाला है। कांग्रेस पार्टी ने देश में 60 साल की आजादी में लगभग 50 साल राज किया, इसके शासनकाल में गरीब गरीब होता गया और अमीर-अमीर बनता गया। आज देश में बदलाव का दौर चल रहा है देश के 28 राज्यो में से लगभग 23 राज्यों की जनता ने भाजपा कांग्रेस को अपने राज्य से उखाड फेंका है, हम भी म.प्र. की जनता से कांग्रेस और भाजपा के राज को बदलने का आव्हान करते है। स्व. फूलसिंह चौहान का सपना था कि प्रदेश में भी राजनैतिक बदलाव होना चाहिए इसी उददेश्य को पूरा करने हेतु प्रजातांत्रिक समाधान पार्टी का गठन किया गया है। श्री चौहान ने आगे बताया कि पार्टी म.प्र. में 15 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

      आष्टा क्षेत्र में स्वच्छ प्रशासनिक ढांगा काम करें, इसमें जनता की मदद करेगें।

      सभा में शांतिलाल वर्मा, सिददीकगंज को श्री चौहान ने प्रदेश सचिव बनाया व कुमेरसिंह ठाकुर दौनिया को विधानसभा प्रभारी का दायित्व सौंपा। सभा को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोविन्द सिंह मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष अशोक पंवार, प्रदेश राजनैतिक सलाहकार जोरावरसिंह दूदी, प्रदेश महासचिव हरिसिंह मेवाड़ा, प्रदेश प्रवक्ता जगदीश द्रविड, प्रदेश महासचिव घनयाम मालवीय, प्रदेश सचिव सौभाल सिसोदिया आदि ने सम्बोधित किया। साथ ही श्री चौहान को पार्टी समर्थकों द्वारा एक लाख रुपये की थैली भी भेंट की। 

गुणवान को मिल रहा है भारी जन समर्थन

      आष्टा 12 नवम्बर (नि.सं.)। भाजपा के प्रत्याशी रंजीतसिंह गुणवान लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच कर तुफानी जन सम्पर्क में जुटे हैं। ग्राम ग्राम में.म.प्र.के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा ने जो विकास का इतिहास लिखा उससे ग्रामीण व आमजन खुश है और वो एक बार फीर भाजपा का विजय बना कर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए आतुर हैं।

      ग्रामों में पहुंच रहे भाजपा प्रत्याशी श्री रंजीत सिंह गुणवान का भव्य स्वागत किया जा रहा हैं तथा उन्हे आर्शीर्वाद दे रहे हैं कल भाजपा प्रत्याशी श्री गुणवान अपने जन संपर्क के दौरान बमुलिया भाटी, गुराड़िया वर्मा, जावर,ग्वाला,बरछापुरा, जावर जोड़ सहित अनेको ग्रामों में पहुंचे यहां पर उनका भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणो ने भव्य स्वागत किया।

      गुणवान ने अपने जन संपर्क के दौरान कहा की हम प्रदेश के विकास के लिए म.प्र.में भाजपा सरकार के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने इतना कार्य किया जितना 50 वर्ष में कांग्रेस नही कर पाई विकास को देख प्रदेश कांग्रेस की हालत खराब हैं कांग्रेस के लोगो के पास जनता के बीच जाने के लिए कोई मुद्दा नहीर हैं जो 5 वर्ष में जो विकास किया उसको देखकर जनता एक बार पुन:भाजपा को सत्ता सौंपने के लिए तैयार हैं।

      आपका आर्शीर्वाद मिला तो आष्टा में विकास का इतिहास रचा जायेगा। गुणवान के जनसंपर्क दौरे में महेन्द्र जैन, मोहन मेवाड़ा, जीवन सिंह मालीखेड़ी, शंकर लाल  डाबरी, गुलाब सिंह  ठाकुर, राकेश सेंधव,सहित अनेक भाजपा नेता कार्यकर्ता साथ थे। 

निर्दलीय प्रत्याशी रम्बा का हारमोनियम बजने लगा

      आष्टा 12 नवम्बर (नि.प्र.)। आष्टा विधानसभा क्षेत्र की निर्दलीय प्रत्याशी रम्बा-बंशीलाल धनवाल ने अपने समर्थकों के साथ कई ग्रामों का सघन जनसम्पर्क किया और मतदाताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।

      रम्बा बंशीलाल धनवाल निवासी टांडा ने क्षेत्र में कहा कि आष्टा विधानसभा क्षेत्र में 80 प्रतिशत आबादी गांव की है और क्षेत्र के कई गांवों में आज भी बिजली पानी सडक एवं माकूल शिक्षा एवं स्वास्थ्य की अच्छी व्यवस्था नहीं है। लेकिन हारमोनियम पर बटन दबाकर वोट देते हे तो हर गांव का सर्वांगीण विकास होगा। हर गांव से मुझे जन समर्थन मिल रहा है।

      श्रीमति धनवाल के साथ ग्राम बड़ोदिया गाडरी, नानकपुर, कन्नौद मिर्जी, बलियाखेड़ी, देवनखेड़ी, सांगाखेड़ी, पटाडा चौहान, खजूरिया कासम, नीलबढ, पगारियाहाट, धुराडाकला, झांझनपुरा, सुशील नागर, सिद्दीकगंज, सामरी झण्डा, कुरली, आमला जाट आदि गांवो में सघन जनसम्पर्क किया।

      उनके साथ गुलखान, रमेश बाबूलाल, ज्ञानसिंह ठाकुर, रंजीतसिंह, रामचरण, गजराज सिंह, सुहाग मेवाड़ा, जसरथ मेवाडा, माखन मेवाडा, भारतसिंह मालवीय, शेरसिंह, कैलाश टेलर रूपसिंह, राठौर, पप्पू मेवाडा, जगदीश मेवाडा आदि प्रमुख लोग साथ रहे।