Saturday, August 30, 2008

54 वीं राज्‍य स्तरीय शालेय खेल प्रति. शुरु

सीहोर 29 अगस्त (नि.सं.)। पांच दिवसीय 54 वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता आज से आवासीय खेल संस्थान के खेल मैदान पर शुरू हुई। विधायक रमेश सक्सेना ने प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की और प्रतियोगिता के ध्वज का आरोहण किया। ग्वालियर संभाग से आए किक्रेट के उदीयमान खिलाड़ी दीपक बरेठा द्वारा खिलाड़ियों को शपथ ग्रहण कराई गई। प्रतिभागी खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। नूतन हायर सेकेण्ड्री की छात्राओं ने स्वागत गीत गाए।
उद्धाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रमेश सक्सेना ने कहा कि सीहोर ने अनेक खेल प्रतियोगिताओं की सफल मेजबानी की है और अब भी वह इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए तैयार है। उन्होंने प्रतियोगी खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास की सीख देते हुए कहा कि अब तक किसी भी खेल में जो नामी खिलाड़ी रहे हैं उन्होंने नियमित अभ्यास से ही अपने खेल को नई ऊं चाईयां प्रदान की हैं। उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द का स्मरण करते हुए कहा कि वे हॉकी के अद्भुत खिलाड़ी थे जिन्होंने अंतर राष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित होने का मौका दिया। विधायक श्री सक्सेना ने कहा कि एकता की भावना खेल के मैदान पर ही परिलक्षित होती है। उन्होंने सभी टीमों के मैनेजर और कोच का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनके यशस्वी खिलाड़ी जीवन की कामना की। नपाध्यक्ष श्री अशोक सिसौदिया ने प्रतिभागी खिलाड़ियों का नगर पालिका की ओर से स्वागत किया और कहा कि नगर पालिका की ओर से खिलाड़ियों को हरसंभव सुविधाएं प्रदान की जायगी। उन्होंने खिलाड़ियों से अपेक्षा की कि वे नगर सहित जिले के नागरिकों को बेहतर खेल का मुजाहिरा कराएंगे।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि हाल के कुछ सालों से दुनियां में खेल एवं खिलाड़ियों का महत्व बढ़ा है। बीजिंग ओलम्पिक का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि चीन ने इस आयोजन के माध्यम से पूरे संसार में अपनी धाक जमाई। चीनी खिलाड़ियों ने अथक परिश्रम कर प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक हासिल कर जता दिया कि केवल अमेरिका ही ऐसा देश नहीं बचा है जो हर बार ओलम्पिक में सर्वाधिक पदक बटोरता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत ने भी पहले के बनिस्वत इस बार ओलम्पिक में अपनी बेहतर उपस्थिति दर्ज कराई है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी। अनुशासित खिलाड़ी का महत्व बताया और आशा व्यक्त की कि यह प्रतियोगिता उदीयमान खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने वाली साबित होगी।
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ओ.पी.शर्मा ने कहा कि एक सफल खिलाडी बनने के लिए परिश्रम और नियमित अभ्यास का होना जरूरी है। उन्होने कहा कि अपने खेल के प्रति जुनून रखने वाला खिलाड़ी ही नाम कमाता है बशर्ते उसमें लगन और सगाी खेल भावना हो। उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के व्यक्तित्व और उनके खेल की विशेषताओं का विश्लेषण करते हुए खिलाड़ियों से कहा कि वे अपने खेल कौशल को निखारते हुए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाएं। इस अवसर पर सहायक संचालक लोक शिक्षण संजय शर्मा, आवासीय खेल संस्थान के प्राचार्य धर्मेन्द्र शर्मा, डी.पी.सी. डॉ. राजाराम परमार और सी.एम.ओ. देवेन्द्र सिंह परिहार सहित नगर के खेल प्रेमी नागरिक मौजूद थे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।