Tuesday, November 25, 2008

भाजपा नकारात्मक राजनीति करती है-प्रकाश जायसवाल मंत्री

      सीहोर 24 नवम्बर (नि.सं.)। भाजपा नकारात्मक राजनीति और नफरत के आधार पर सत्ता पर काबिज रहना चाहती है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के दामन पर कभी कोई दाग नहीं है। राष्ट्रीय नेत्री सोनिया जी पर भी कोई दाग नहीं है और उन्होने बहुमत के बावजूद प्रधानमंत्री का पद ठुकरा दिया। कांग्रेस में ही ऐसे नेता मौजूद हैं जबकि भाजपा नकारात्मक राजनीति और नफरत के आधार पर लोगों को लड़ा कर सत्ता पर काबिज रहना चाहती है। आपको तरक्की और विकास के रास्ते पर जाने के लिये कांग्रेस को विजयी बनाना है। यह उद्गार केन्द्रीय गृहमंत्री प्रकाश जायसवाल ने स्थानीय कोतवाली चौराहे पर रात 8 बजे आयोजित एक आमसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किये।

      श्री जायसवाल ने कहा कि देश को बिजली संकट से उबारने के लिये यूपीए सरकार द्वारा अमेरिका से परमाणु करार किया गया लेकिन कम्युनिस्टों के साथ भाजपा ने भी इसका विरोध किया। कल तक यह लोग वर्ग विशेष पर आतंक फैलाने का आरोप मढ़ते रहे अब ये कह रहे हैं कि आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता है जबकि कांग्रेस सदैव ही यह कहती रही है कि आतंकवाद का मुद्दा किसी धर्म विशेष से जुड़ा हुआ नहीं है। भाजपा ने मंहगाई को मुद्दा बनाया लेकिन अब उसमें 25 फीसदी की गिरावट आई है और बहुत जल्दी हम मंहगाई पर काबू पा लेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की पूरी फौज है जिसमें भ्रष्टाचार की समूचे देश में मिसाल कायम की। यूपीए सरकार ने लोगों को रोजगार की गारंटी दी है 72 हजार करोड़ रुपये के किसानों के कर्ज माफ किये हैं विकास का रास्ता सिर्फ कांग्रेस के पास है।

      भाजपा ने हर चुनाव में अपने मुद्दे बदले हैं आपको इस हकीकत से वाकिफ होना है। शांति,  सदभाव और विकास के लिये कांग्रेस प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह हाथ के पंजे का बटन दबाकर विजय बनाईये। इसके पूर्व राजस्थान के मशहूर कवि चारण की देश भक्ति एवं भाजपा की कथनी-करनी पर आधारित ओजस्वी गान को लोगों ने काफी सराहा। आमसभा को कांग्रेस मीडिया प्रभारी संतोष सिंह, राजेन्द्र वर्मा, अधिवक्ता के.यू.कुरैशी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेस नेता ओमदीप ने किया एवं आभार राजेश आजाद ने माना। आमसभा में बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे। श्री जायसवाल के संबोधन के दौरान नागरिकों ने अनेकों बार तालियाँ बजाई। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में नारे लगाये। इस मौके पर कांग्रेस नेता अक्षत कासट, मुकेश ठाकुर, नरेन्द्र खंगराले आदि लोग मौजूद थे।