Tuesday, November 25, 2008

सन्नी महाजन सहित सात लोग भाजपा से निष्कासित आष्टा विधायक को कारण बताओं नोटिस

आष्टा 24 नवम्बर (नि.सं.)। सीहोर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से बगावत कर भाजश से चुनाव लड रहे पूर्व युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सन्नी महाजन को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्रसिंह तोमर एवं प्रदेश संगठन मंत्री माखनसिंह के निर्देश पर जिला भाजपा अध्यक्ष ललित नागौरी द्वारा 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्काषित किया गया है वही आष्टा विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय को पार्टी ने कारण बताओं नोटिस जारी किया। इसके साथ सीहोर एवं आष्टा के 6 नेताओं को भी निष्कासित किया गया है।

      जिला भाजपा अध्यक्ष ललित नागौरी ने प्रेसनोट जारी कर बताया कि युवा मोचर्ाा के पूर्व जिलाध्यक्ष सन्नी महाजन को भाजपा से बगावत कर भारतीय जनशक्ति पार्टी से सीहोर विधानसभा का चुनाव लड़ने पर 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया इसी के साथ सीहोर के सुदर्शन महाजन, बालकृष्ण नामदेव, मेहरबानसिंह बलभद्र, पार्षद ह्देश राठौर एवं आष्टा के ग्रामीण अंत्योदय समिति के अध्यक्ष कुमेरसिंह भाटी, ग्रामीण मण्डल उपाध्यक्ष संतोष वर्मा को भी पार्टी से 6 वर्ष के लिए प्रदेश से मिले निर्देशानुसार निष्कासित किया गया है तथा पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश सुराणा एवं आष्टा विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, हरिसिंह ढाकनी को पार्टी विरोधी कार्य करने की शिकायत मिलने पर कारण बताओं नोटिस जारी किया गया है।

      श्री नागौरी ने बताया कि आष्टा क्षेत्र के ग्रामीण भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, कुमेरसिंह भाटी, संतोष वर्मा, हरिसिंह ढाकनी के द्वारा पार्टी के विरूद्ध कार्य करने की शिकायत मिल रही थी।