Tuesday, July 1, 2008

जिले में 90 फीसदी बोनी हुई

सीहोर 30 जून (नि.सं.)। जिले में इस वर्ष खरीफ फसल के लक्ष्य 2 लाख 85 हजार 500 हैक्टेयर के विरूध्द 2 लाख 47 हजार 954 हैक्टेयर क्षेत्र में बोवनी की जा चुकी है और यह कार्य जारी है। जिले में 2 लाख 22 हजार 468 हैक्टेयर रकबे में सोयाबीन की बोवनी संपन्न हो चुकी है।
उप संचालक कृषि श्री एन.एस.रघु ने बताया कि जिले मे गत वर्ष दो लाख 75 हजार 10 हैक्टेयर रकबे में खरीफ फसलों की बोवनी की गई थी जबकि इस वर्ष 2 लाख 85 हजार 500 हैक्टेयर रकबे में फसलें ली जायगी।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 90 फीसदी बोवनी का कार्य पूर्ण कर लिया गया है और शेष कार्य 2-3 दिन में पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 4361 हैक्टेयर में धान, 6750 हैक्टेयर में ज्वार, 7798 हैक्टेयर में मक्का, 5215 हैक्टेयर में अरहर, 230 हैक्टेयर में मूंग, 215 हैक्टेयर में उड़द, 398 हैक्टेयर में मूंगफली, 84 हैक्टेयर में तिल और 435 हैक्टेयर रकबे में कपास फसल की बोवनी की गई है। सर्वाधिक 2 लाख 22 हजार 468 हैक्टेयर रकबे में सोयाबीन फसल की बोवनी की गई है।