Saturday, November 1, 2008

गुणवान की घोषणा होते ही भाजपा ने जश्न मनाया (चुनाव विशेष)

      आष्टा 31 अक्टूबर (नि.सं.)। आज आष्टा में भाजपा की किसे टिकिट मिलेगा इसको लेकर सुबह से ही राजनीति में रुचि रखने वाले एवं जनसामान्य में उत्सुकता का माहौल बना हुआ था। जैसे ही शाम को समाचार वाहिनियों पर खबर की पट्टी चली की भाजपा ने अपने 115 प्रत्याशियों की सूची घोषित की है वैसे ही भाजपा के कार्यकर्ता टीवी के सामने बैठ गये तथा थोड़ी देर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से दिल्ली चर्चा हुई एवं टीवी पर आष्टा से रणजीत सिंह गुणवान के नाम की घोषणा आते ही भाजपा कार्यकर्ता अपने-अपने घरों से निकलकर भाजपा जिलाध्यक्ष निवास पर पहुँचने लगे। देखते ही देखते सैकड़ो कार्यकर्ता पहुँच गये। भाजपा के झण्डे निकले तथा सैकड़ो रुपये की आतिशबाजी चलाकर रणजीत सिंह के नाम की घोषणा पर भाजपा ने खुशी मनाई। वहीं मिठाईयों का भी वितरण किया गया। भाजपा के युवा मोर्चा कार्यकर्ता वाहनों पर नगर में भ्रमण कर खुशी का इजहार किया। अपने नाम की घोषणा होते ही  रणजीत सिंह गुणवान भी भाजपा जिलाध्यक्ष निवास पर पहुँचे यहाँ पर उन्हे अनेकों लोगों ने हार पहनाकर बधाई दी। भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी ने बताया कि अतिशीघ्र भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्धाटन होगा तथा शीघ्र ही घोषित प्रत्याशी के नामांकन पत्र भरने को लेकर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर योजना बनाकर नामांकन पत्र जमा कराया जायेगा। भाजपा प्रत्याशी की घोषणा होते ही जिलाध्यक्ष कार्यालय पर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनोखीलाल खण्डेलवाल, सुजानमल जैन, जुगल किशोर नागौरी, सूरजमल जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष संतोष झंवर, मुकेश बड़जात्या, कृपाल सिंह, सुशील संचेती, कालू भट्ट सहित सैकड़ो कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष कार्यालय पहुँचे एवं घोषित प्रत्याशी रणजीत सिंह गुणवान को बधाई दी। स्मरण रहे रणजीत सिंह गुणवान पूर्व में 1993 से लेकर 2003 तक 10 साल आष्टा से भाजपा के विधायक रहे तथा 2003 में भी इन्हे प्रत्याशी बना दिया गया था लेकिन अंतिम समय पर पार्टी ने इनका टिकिट काट दिया था लेकिन इसके बाद भी गुणवान ने पार्टी के प्रति निष्ठा रखी। उनकी स्वच्छ छवि के कारण ही उन्हे एक बार फिर उन्हे प्रत्याशी बनाये जाने की मांग की।