Tuesday, October 7, 2008

95 ने दी अपनी राय, विवाद गर्माया, कहा परिवर्तन नहीं हुआ तो विद्रोह होगा भाजपा की रायसुमारी हुई, राजनीतिक हल्कों रही चर्चा

सीहोर 6 अक्टूबर (नि.सं.) भाजपा की रायसुमारी का कार्यक्रम आज शाम यहाँ वन विभाग विश्राम गृह पर प्रारंभ होने के पूर्व ही काफी विवाद गहरा गया। विधायक सक्सेना की अनुपस्थिति इसके पीछे एक कारण था लेकिन काफी देर तक गहमा-गहमी का वातावरण बना रहा। बमुश्किल मामला शांत हुआ इसके बाद रायसुमारी शुरु हो सकी सूची के अनुसार 120 लोगों में से कुल 95 लोगों ने मतदान दिया। अब यहाँ से मिले मतों का उपयोग करते हुए संभवत: यह तय किया जा सकता है कि आगामी विधानसभा चुनाव में किसे उम्मीदवार बनाया जाये।
मध्य प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कैलाश सोनी आज सीहोर पहुँचे। यहाँ जंगली अहाता स्थित विश्राम गृह में रायसुमारी का आयोजन रखा गया था जहाँ पूर्व से ही बड़ी संख्या में स्थानीय भाजपा नेता पदाधिकारी लोग उपस्थित थे। जैसे ही मंत्री विजय शाह कैलाश सोनी पहुँचे उन्होने किसी से पूछ लिया कि विधायक रमेश सक्सेना कहाँ हैं... उनका यह पूछना था कि यहाँ मीसा बंदी संघ के प्रांतीय पदाधिकारी भाजपा नेता बालकृष्ण नामदेव लगभग उखड़ गये। उन्होने सीधे दोनो आये पर्यवेक्षकों से यह पूछा कि क्या हम लोग नहीं है ? वर्षों से मेहनत कर रहे हैं, हमसे ही मिल लीजिये... श्री नामदेव का इतना कहना था कि कुछ लोगों ने फिर इनकी बात का समर्थन करना शुरु कर दिया। इनके साथ ही मदनलाल जी त्यागी ने कहा कि जनता परिवर्तन चाहती है और संभव है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो यहाँ विद्रोह हो जाये। कुछ और आवाज भी आई जिसमें कहा गया कि यहाँ कई ऐसे लोगों को जोड़ लिया गया है जो कांग्रेसी चोला बदलकर गये हैं। इनसे पार्टी को बचना चाहिये।
जब काफी विवाद हो गया तो कुछ ग्रामीण क्षेत्र के आये कार्यकर्ताओं ने नामदेव की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि हम क्या करें हम छोटे हैं, हम भी बड़े होते तो मीसाबंदी होते... इस प्रकार दो तरफ से आपसी विवाद बढ़ा और काफी देर तक गर्मा-गर्मी का माहौल बना रहा।
तब बमुश्किल पर्यवेक्षकों ने इन सभी उपस्थितों को शांत किया और फिर अपनी कार्यवाही शुरु की। आज कुल 120 में से 95 लोगों के मत प्राप्त हुए। सबने अपने-अपने मत एक-एक करके अंदर बैठे पर्यवेक्षकों के समक्ष प्रस्तुत किये। कुछ ही समय में मतदान समाप्त हो गया।
आज मुख्य रुप से विधायक रमेश सक्सेना, पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी युवा नेता सन्नी महाजन के पक्ष में यहाँ तीन धड़े नजर रहे थे। इन्ही तीन नामों पर सबने अपना मत दिया। आज भाजपा तीन गुटों में भी नजर आई।


वो लगाती रहीं फोन मेरा भी ध्यान रखना
सीहोर 6 अक्टूबर (नि.सं.)। यूँ तो भाजपा से तीन दावेदार प्रमुख रुप से सामने हैं, विधायक रमेश सक्सेना, मदनलाल त्यागी और सन्नी महाजन लेकिन कुछ ऐसे लोग भी सक्रिय हैं जो अपना नाम चलवाना चाहते हैं। इन्ही में से एक आयातीत महिला नेत्री जिन्हे प्रदेश कार्य समिति में स्थान दिया गया है उनके भोपाल कार्यालय से आज दिनभर सीहोर में फोन आते रहे। इन्होने सभी प्रमुख पदाधिकारियों को फोन लगाकर कहा कि मैं आपकी हूँ.... कृपया मेरा भी ध्यान रखियेगा....तीन नामों में से एक नाम मेरा भी आप लिख दें...। आज इनके आये फोन की चर्चाएं भी बहुत तेजी से भाजपाई हल्कों में सरगर्म रही।

किस-किसने किया किसका काम
सीहोर। आज रायसुमारी को पहली बार सक्सेना समर्थकों ने गंभीरता से लेते हुए जहाँ सीहोर नगरीय क्षेत्र का कार्यभार के लिये प्रमुख लोगों को लगाया वहीं ग्रामीण क्षेत्र के लिये अलग व्यक्ति नियुक्त किया गया। जहाँ श्री सक्सेना के लिये प्रकाश व्यास काका, गिरधर कुईया व रमाकांत समाधिया दिनभर नगरीय क्षेत्र में सक्रिय रहे वहीं ग्रामीण क्षेत्र की बागडोर देवेन्द्र सक्सेना के हाथ में सौंप दी गई थी।
इसी प्रकार पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी के साथ राजेश राठौर, कीर्ति श्रीवास्तव, सीताराम यादव, राजकुमार गुप्ता की सक्रियता नजर आई। यह लोग भी दो दिन से श्री त्यागी के साथ लगे रहे। आज भी दिनभर इनकी सक्रियता चर्चा में रही। श्री त्यागी ने ग्रामीण क्षेत्र में भी पदाधिकारियों से सम्पर्क किया। उधर गौरव सन्नी महाजन के लिये वरिष्ठ भाजपा नेता बालकृष्ण नामदेव सहित मेहरबान सिंह बलभद्र की सूझबूझ और स्वयं सुदर्शन जी महाजन की सक्रियता की चर्चाएं सामने आईं।

छावनी की उपभोक्ता भंडार मण्डली भी रही सक्रिय

सीहोर। भाजपा के कुछ लोगों की सेवा में सदैव अग्रणी रहने वाली उपभोक्ता भंडार मण्डली छावनी की सक्रियता भी किसी से छुपी नहीं रही। यह मण्डली भी दो-तीन दिन से रायसुमारी को लेकर सक्रिय नजर आई। वहीं सेवा करने से भी मण्डली पीछे नहीं रही। भाजपाई हल्कों में इस मण्डली की कार्यप्रणाली भी चर्चा में बनी हुई है।

मीसा बंदियों की पूछ-परख बढ़ी
सीहोर 6 अक्टूबर (नि.सं.)। सत्ता में आई भाजपा ने यूँ तो कभी कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों की एक नहीं सुनी, लेकिन आज चुनाव के समय लगभग हर एक व्यक्ति को संतुष्ट किया जा रहा है। इसी क्रम में जनसंघ के मीसा बंदियों का स्मरण भी भाजपा नहीं भूल रही। मीसाबंदियों की रायसुमारी की महत्वता होने के साथ ही सभी संभावित उम्मीद्वारों द्वारा मीसा बंदियों के चरण स्पर्श करने और उनका आशीर्वाद मांगने का क्रम भी आज देखा गया। मीसा बंदियों से उम्मीद्वार अपना नाम रखवाना चाहते थे।

नागरिक बैंक चुनाव का ब्राह्मण मण्डल आज रहा सक्रिय
सीहोर 6 अक्टूबर। आज भाजपा की रायसुमारी के लिये यूँ तो विभिन्न लोग और धड़े दो दिन पूर्व से ही सक्रिय नजर आ रहे थे लेकिन नागरिक बैंक चुनाव में जिस ब्राह्मण पैनल की चर्चाएं सरगर्म रही थीं उस ब्राह्मण पैनल के कांग्रेसी-भाजपाई सम्मिलित लोग भी आज भाजपा की रायसुमारी के लिये सक्रिय थे। तथा उन लोगो को मनाने व समझाने में लगे हुए थे जिनकी राय मांगी जा रही थी। इनके साथ कुछ लोगों द्वारा ब्राह्मणवाद भी चलाया गया। और कई ब्राह्मणों के पास जाकर बातचीत की गई।