Friday, November 7, 2008

सन्नी महाजन की प्रभावी रैली ने असर छोड़ा, देर रात सन्नी महाजन जनशक्ति में शामिल

उमा ने दिया आशीष, मिठाई बंटी, बधाईयाँ मिल रही

      सीहोर 6 नवम्बर (नि.सं.)। आज करीब 10 साल चिरप्रतिक्षित गौरव सन्नी महाजन की अंतत: विधानसभा उम्मीद्वारी को लेकर रैली निकल ही गई। माता मंदिर गंज चौराहे पर बड़ी संख्या में सन्नी के समर्थक उपस्थित हो गये थे। आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग आये हुए थे। दोपहर में जब रैली बाजार में आई एक प्रभावी उपस्थिति के साथ जगह-जगह स्वागत व पुष्पवर्षा ने अच्छा माहौल बना दिया। एक निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में सन्नी महाजन ने अपना नाम निर्देश पत्र जमा किया।

      अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार भाजपा के बागी प्रत्याशी के रुप में आज गौरव सन्नी महाजन ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस बार सन्नी महाजन ने चूंकि स्पष्ट कर दिया है कि वह बैठेंगी नहीं इसलिये उनके समर्थकों की संख्या भी अपेक्षा से बहुत अधिक थी। यहाँ दशहरा मैदान माता मंदिर चोराहा गंज से उनका एक विशाल जुलूस निकलना था। जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। सन्नी के आसपास रहने वाले युवा समर्थकों की फौज भी आज उनके साथ थी। सन्नी के समर्थन में नगर की पुरानी भाजपा तो नजर आई ही कस्बा क्षेत्र के लोग भी अधिक नजर आये, वहीं गंज के समर्थकों के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी ग्रामीण आये थे।

      बल्कि दूरस्थ ग्रामीण अंचलों से भी लोग आये थे। जैसे ही दोपहर सन्नी महाजन का जुलूस प्रारंभ हुआ यहाँ गंज में कई जगह पुष्पवर्षा से स्वागत व आरती भी उतारी गई। एक माता जी ने गंज में आरती उतारी तो सन्नी ने उनके पैर पढ़कर आशीर्वाद लिया।

      कोतवाली चौराहा से तहसील चौराहा तक आने में जुलूस को एक घंटे से भी यादा समय लग गया। हर एक दुकान पर सन्नी के स्वागत करने वाले नजर आये। उन्हे माला पहनाकर स्वागत किया गया। जहाँ गंज से सन्नी का जुलूस बड़े स्तर पर आ रहा था वहीं सन्नी चौराहे से लेकर टाकीज चौराहे तक बड़ी संख्या में महाजन समर्थक पहले से ही मौजूद थे। इसके बाद जनसैलाब और बढ़ा जो तहसील चौराहे तक पहुँचा। आज जुलूस में कह रहा है बच्चा-बच्चा, हवा निकल गई अबके चच्च, भ्रष्टाचारी कहना मान ले, बोरियाँ बिस्तर बांध ले, चोंट करारी है आदि किस्म के नारे तो लगे ही बल्कि 15 वर्ष राज का अंत करने का उद्बोधन भी लगातार माईक से किया जाता रहा। जुलूस में 30 ढोल शामिल थे। निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में सन्नी महाजन ने अपना आवेदन भर दिया है।  

       रात 11 बजे सन्नी महाजन अपने समर्थकों के साथ जनशक्ति कार्यालय पहुँचे। यहाँ प्रदेश सचिव लोकेन्द्र मेवाड़ा ने उन्हे सदस्यता दिलाई और जनशक्ति के उम्मीद्वार बनने पर बधाई दी। इसके साथ ही यहाँ चौराहे पर मिठाईयाँ बांट उमा भारती, लोकेन्द्र मेवाड़ा, सन्नी महाजन जिंदाबाद के नारे लगे। उमाश्री ने आज सन्नी को आशीर्वाद दे दिया है।