Tuesday, November 11, 2008

विभिन्न स्तरों पर जारी है कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान

      सीहोर 10 नवम्बर (नि.सं.)। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सीहोर विधानसभा क्षेत्र के  युवा एवं उर्जावान प्रत्याशी सुदेश राय के समर्थन में कांग्रेस के विभिन्न मोर्चा संगठन जोरदार ढंग से उनके पक्ष में चुनाव प्रचार अभियान चला रहे हैं।

      परिणाम स्वरुप ग्रामीण अंचलों में श्री राय के जनसम्पर्क अभियान के दौरान आम मतदाताओं से सहज एवं सरल अंदाज में कांग्रेस को विजयी बनाने एवं समर्थन की अपील खासी प्रभावी सिध्द हो रही है। बुजुर्गो का स्नेह आशीर्वाद मिलने के साथ युवा शक्ति बढ़ चढ़ कर भागीदारी कर रही है। महिला कांग्रेस नेत्रियाँ भी ग्रामीण अंचलों में घर-घर पहुँचकर मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे है।

      उक्त बात कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा जारी की गई एक विज्ञप्ति में कही गई है। उनकी ही विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस के जसपाल सिंह अरोरा, ओम दीप, महेश चौरसिया, रुकमणी रोहिला, ममता त्रिपाठी, श्रीमति गीता राठौर सहित वरिष्ठ नेता ग्रामीण अंचलों में पहुँचकर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जोरदार तरीके से चुनाव प्रचार अभियान चला रहे हैं।