Monday, August 25, 2008

धूमधाम से मनी आष्टा में जन्माष्टमी

आष्टा 24 अगस्त (नि.सं.)। आलकी की पालकी जय कन्हैया लालकी के जयघोष के साथ आज रात्रि में नगर के सभी मंदिर उक्त जयघोष से गूंज उठे। आज आष्टा नगर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव विभिन्न मंदिरों में भक्तों ने श्रध्दाभक्ति उमंग के साथ मनाया। सुबह से ही मंदिरों में विशेष तैयारियाँ जन्मोत्सव को लेकर शुरु हो गई थी।
मंदिरों को विशेष रुप से सुबह से ही विद्युत सज्‍जा की गई थी। कई मंदिरों में श्रीकृष्ण की झांकियाँ भी बनाई गई। भक्तों ने आज दिनभर उपवास व्रत रखे। जैसे-जैसे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का समय निकट आता गया रात्रि में मंदिरों में चहल-पहल बढ़ती गई। मंदिरों में भगवान को माखन-मिश्री पंचमेवे पंजीरी का भोग लगाया गया। जन्मोत्सव के पूर्व मंदिरों में भजन मण्डलियों द्वारा भजन संध्या का कार्यक्रम भी शुरु हुआ जो रात्रि 12 बजे तक चला। देर रात तक नगर में भक्तों की चहल पहल नजर आई।
आज श्रीनाथ जी हवेली बड़ा बाजार, राधाकृष्ण मंदिर बड़ा बाजार, मुकाती गली, काछीपुरा, बुधवारा, गणेश मंदिर, श्रीराम मंदिर, रामदेव मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर स्टेट बैंक, अलीपुर सहित अनेक मंदिरों में भगवान का जन्मोत्सव मनाया गया।