Monday, August 25, 2008

व्यापारियों के झूठे नाम से विज्ञप्ति जारी की थी

सीहोर 24 अगस्त। कल एक विज्ञप्ति जारी की गई थी जो मनोहर शर्मा पान चौराहा समिति के नाम जारी हुई थी। इसमें कहा गया था की रोज-रोज के बंद से तंग आ गये हैं व्यापारी, और नगर पालिका अध्यक्ष पहले खुद के प्रतिष्ठान बंद रखें। इसके अलावा भी इस समिति द्वारा अनेकानेक बातें कही गई थी।
कांग्रेस के बंद के आव्हान पर विरोध स्वरुप इस विज्ञप्ति में चूंकि अनेक व्यापारियाें के नाम उल्लेखित किये गये थे इसलिये इसका प्रकाशन भी फुरसत द्वारा किया गया था। लेकिन आज उल्लेखित नामों में अनेक व्यापारियों ने फुरसत से बातचीत करते हुए स्पष्ट कहा कि ना तो हमसे पूछा गया और ना ही बताया गया। व्यापारियों का स्पष्ट कहना था कि हम व्यापारी हैं, हमें फालतू राजनीति से क्या लेना-देना, हमारे नाम का उपयोग किया जाना सरासर गलत है।
व्यापारियों का कहना था कि हमारे नाम गलत तरीके से बढ़ाये गये हैं, जो अनुचित हैं। हम ना तो भाजपा से और ना ही कांग्रेस से किसी का विरोध भी करते और समर्थन भी ऐसे खुलकर नहीं करना चाहते। हम व्यापारी हैं, हमें व्यापारी ही रहने दिया जाये। जबरिया खुद की राजनीति के लिये हमारा उपयोग नहीं किया जाना चाहिये।