Wednesday, January 14, 2009

मोहर्रम का पर्व शांति सद्भाव के साथ मनाया गया

      जावर 13 जनवरी (नि.प्र.)। ईमान की राह में शहादत का पर्व मोहर्रम शुक्रवार को शांति सदभाव और हिन्दू मुस्लिम एकता के बीच मनाया गया। नगर में ताजिये का जुलूस उल्लास उमंग के साथ निकला जिसमें मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल थे।

      शुक्रवार को दोपहर एक बड़े ताजियों का जुलूस बेंड बाजे के साथ गुजपुरा से निकला जो नगर के विभिन्न मार्गो से होता हुआ मेन बाजार में पहुंचा मोहर्रम के जुलूस का नगर के विभिन्न संगठनों द्वारा स्वागत किया गया। माता चौक के पास भाजपा मण्डल अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में मोहर्रम के जुलूस का व मोहर्रम कमेटी के सदस्यों का स्वागत किया गया। इस मौके पर संतोष लश्कार, कैलाश सोलंकी, तेजंसिह, दयाराम, पिन्टू आदि उपस्थित थे। गांधी चौक पर जय हिन्दू युवा क्लब के सुनील राठौर के नेतृत्व में स्वागत किया गया।

      मेन बाजार में हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, भवानी शंकर वर्मा, संजय अजमेरा, धर्मेन्द्र सिंह (पिन्टू), खुमानसिंह, जयंसिंह, नारायण सिंह व राजू भावसार द्वारा मोहर्रम के जुलूस का स्वागत किया गया व सदर बाबूखां अखाडे के उस्ताद को साफा भी बधवाया।

      अखाड़ा मैदान पर नगर पंचायत की ओर से न.प. अध्यक्ष फूलसिंह मालवीय पार्षद राजेन्द्र ने मोहर्रम कमेटी के आशिक अली, बाबू खां, जाकिर हुसैन, साबिर खां, अनिस खां के अलावा अखाड़े के उस्ताद शब्बू खां व खलीफा, हफीज भाई का साफा बंधवाकर पुष्प हारों से स्वागत किया गया।

      इस दौरान अखाड़ा मैदान पर अखाड़े के पहलवानों के कई हैरत अंगेज कार्यक्रम दिखाये। वही मुख्य बाजार में ताजियों पर कई हिन्दू परिवार के लोगों ने लोवान छोड़ कर रेवड़ियों लुटायी इस दौरान नगर में मिठाई खेल खिलौने की दुकाने भी लगी थी। अंत में मोहर्रम का जुलूस करबला पर ले जाया गया जहां ताजियों को ठंडे करने की रस्म पूरी की गई। इस तरह मोहर्रम का पर्व शांति व सदभाव के साथ मनाया गया।.
.

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।