Monday, November 24, 2008

कांग्रेस भाजपा प्रत्याशियों ने छावनी में किया जनसम्पर्क, जनशक्ति घूमी स्वदेश नगर

      सीहोर 23 नवम्बर (नि.सं.)। रविवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों का जनसम्पर्क छावनी क्षेत्र में हुआ। आज अखलेश राय के पीछे बड़ा हुजूम चल रहा था और स्वदेश राय के साथ कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी थे, तो विधायक सक्सेना के साथ छावनी में मुल्लाजी समाज के बहुतायत और उनके समर्थक शामिल थे। एक बारगी दोनो के जनसम्पर्क दल आमने-सामने भी हो गये लेकिन अपने-अपने रास्ते चले गये। आज जनशक्ति स्वदेश नगर में घूमने गई, बाहरी क्षेत्रों में उसने जनसम्पर्क किया।

      आज कांग्रेस और भाजपा का छावनी क्षेत्र में जोरदार जनसम्पर्क रहा। हालांकि भाजपा से जो उम्मीद की जा रही थी वह खरी नहीं उतरी जबकि कांग्रेस का जनसम्पर्क आशाजनक प्रभावी रहा। इस बार भाजपा का जनसम्पर्क का तरीका बदला हुआ बताया जा रहा है जिसमें जिस क्षेत्र का जनसम्पर्क होता है उसी क्षेत्र के लोगों को एकत्र कर फिर बाजार में जनसम्पर्क किया जाता है। इसी क्रम में दोपहर में आज विधायक श्री सक्सेना का बड़ी संख्या में मुल्लाजी समाज के लोगों तथा अपने समर्थक भाजपाईयों के साथ बहुत तेज गति से छावनी में घूमे। कोतवाली चौराहा से पान चौराहा और यहाँ से प्रमुख मार्गो में उन्होने जनसम्पर्क किया।

      इसके विपरीत कांग्रेस का जनसम्पर्क लम्बे समय तक चला। हर गली में कांग्रेसी पहुँचे। घर-घर रुकते हुए अखलेश-स्वदेश राय हाथ मिलाते व धीमी चाल से चलते हुए हाथ जोड़ते हुए आगे बढ़े। इनके साथ बड़ी संख्या में आज कांग्रेसी व युवा जन शामिल थे। अखलेश राय की उपस्थिति से जहाँ जनसम्पर्क आकर्षक बन गया था वहीं पीछे भीड़ काफी अधिक थी। 

      एक बारगी जनसम्पर्क करते हुए जब विधायक जी नमक चौराहा से होते हुए चरखा लाईन की तरफ बढ़े उसी समय बड़ा बाजार से निकलते हुए अखलेश स्वदेश राय का जनसम्पर्क सामने आ गया। तब कांग्रेस युवा ब्रिगेड ने खूब नारेबाजी की। लेकिन सब अपने-अपने रास्ते चले गये।

      आज जनशक्ति का जनसम्पर्क शहर के बाहरी क्षेत्रों में हुआ। इंग्लिशपुरा, गंज के क्षेत्रों में तथा स्वदेश नगर में आज जनसम्पर्क किया गया।