Saturday, October 18, 2008

टिकिट को लेकर जातिगत समीकरण बैठाने की जुगाड़ में त्यागी दौड़े गाजियाबाद...

      सीहोर 16 अक्टूबर (नि.सं.)। भाजपा की राजनीति में इस बर्ष अत्याधिक गर्माहट ला चुके पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी लगता है इस बार शांत बैठने वाले नहीं है। संघ परिवार से लेकर प्रदेश भाजपा तक के सारे राजनेताओं तक अपनी दमखम दिखाने के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के क्षेत्र में वह त्यागी गोलापुरा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में पहुँच गये हैं। लगता है वहाँ के स्थानीय ब्राह्मण समाज का सहयोग लेकर अब त्यागी राजनाथ सिंह पर दबाव बनायेंगे? जैसे ही त्यागी रवाना हुए है वैसे ही सीहोर की भाजपा राजनीति में उथल-पुथल मच गई है और श्री त्यागी द्वारा कही गई उन बातों को भी बल मिल गया है जिसमें उन्होने कहा था कि मैं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी बात पहुँचाऊंगा।

      भारतीय जनता पार्टी में इस बार पूर्व विधायक मदनलाल त्यागी ने एक बार फिर भाजपा से टिकिट मांगा है और वह खुलकर सामने भी आ गये हैं। श्री त्यागी इस बार खुलकर वर्तमान विधायक को पुन: टिकिट नहीं दिये जाने की बात भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से कह रहे हैं। इतना नहीं पहली बार ऐसा हुआ कि भाजपा के दो अलग-अलग खेमों के रुप में देखे जाने वाले त्यागी और महाजन गुट का आपस में मौन समझौता भी हो गया । दोनो ही इस बात पर एक मत हैं कि रमेश सक्सेना को प्रत्याशी नहीं बनाया जाये चाहे इन दोनो में से किसी को भी बना दिया जाये दोनो ही एक-दूसरे का सहयोग करेंगे।

      लगभग डेढ़-दो माह से पूर्व विधायक व भाजपा के नेता मदनलाल त्यागी अपने स्तर पर जहाँ विधानसभा के आगामी चुनाव में टिकिट के लिये प्रयास कर रहे हैं वहीं उन्होने अपने समर्थकों से भी इस बात का खुलासा किया है कि यदि पार्टी टिकिट देगी तो वह चुनाव लड़ेंगे । इस दौरान त्यागी का लगातार भोपाल आना-जाना तो चर्चाओं में रहा ही बल्कि महाजन गुट के साथ मिल जाने से उनकी गंभीरता के प्रति उनके समर्थक सोचने को मजबूर हो गये हैं।

      प्रदेश स्तरीय दमखम दिखाने के बाद अब श्री त्यागी जो त्यागी गोलापुरा ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, ने सीधे राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा पद दबाव बनाने का मन बना लिया लगता है। सुविज्ञ सूत्रों की माने तो वह आज दिल्ली रवाना हो गये हैं इनके साथ भाजपा के कुछ नेता व ब्राह्मण गण भी साथ हैं। वहाँ दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनावी क्षेत्र गाजियाबाद में बड़ी संख्या में त्यागी ब्राह्मण समाज रहता है और वहाँ समाज का संभवत: एक कार्यक्रम भी है जिसमें श्री त्यागी राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही पूर्व विधायक होने के नाते वहाँ समाज की तरफ से बहुत संभावित है कि राजनाथ सिंह तक उनकी बात पहुँचाई जाये कि समाज को एक टिकिट दिया जाये ।

      ज्ञातव्य है कि करीब एक-डेढ़ माह पूर्व श्री त्यागी ने अपने कुछेक समर्थकों से यह कहा था कि यदि बात प्रदेश से नहीं बनी तो वह दिल्ली तक जोर लगायेंगे। उनकी इसी बात को उनके दिल्ली गाजियाबाद जाने के संदर्भ में देखा जा रहा है। जैसे ही आज त्यागी रवाना हुए वैसे ही सीहोर भाजपा की राजनीति में गर्मागर्म बहस शुरु हो गई है। त्यागी का गालियाबाज जाना तो चर्चाओं में है ही अब वह कब लौटेंगे और क्या करके वह वापस आते हैं इस पर सबकी निगाहें अटकी हैं।