Tuesday, June 3, 2008

करंट लगने से बालाखेड़ा में एक किसान एक बैल की मृत्यु

आष्टा 2 जून (नि.प्र.)। खेत पर बखख्र चलाकर घर लौट रहे किसान एवं उसके बैल को खेत में टूटे पड़े बड़ी लाईन के विद्युत तार से करंट लगने के बाद ग्राम बालाखेड़ा में आज सुबह एक किसान एवं उसके एक बैल की मृत्यु हो गई। उक्त घटना के बाद ग्राम में एक और जहाँ शोक छा गया वहीं विद्युत मझडल के खिलाफ भी जमकर आक्रोश व्याप्त है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बालाखेड़ा निवासी जीवन सिंह पुत्र जगन्नाथ सिंह सेंधव उम्र 45 वर्ष आज सुबह से बैल बख्खर लेकर खेत पर गये थे। बख्खर चला कर वापस सुबह लगभग 10 बजे जब घर लौट रहे थे तो रास्ते में बड़ी लाईन का जो 2-3 दिन से टूटा तार पड़ा था जिसमें लाईट आ जाने से करंट प्रवाहित था पर पैर रखा गया जिससे जीवन सिंह की एवं एक बैल की मृत्यु हो गई। करंट लगने के बाद जीवन सिंह को आष्टा अस्पताल लाये यहाँ उसे डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग ग्रामीणजन पहुँचे तथा विद्युत मंडल की लापरवाही को लेकर रोष व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता रतन सिंह ठाकुर ने नायब तहसीलदार श्री मकवाना से मांग की कि दोषी लाईन मेन के खिलाफ कार्यवाही की जाये क्योंकि उक्त तार 2-3 दिन से टूटा पड़ा था तथा कई ग्रामीणों ने इसकी शिकायत लाईन मेन से की थी लेकिन समय पर तार को नहीं जोड़ने के कारण उक्त घटना घटी सूचना मिलने पर भाजपा नेता कृपाल सिंह ठाकुर कांग्रेस नेता बापूलाल मालवीय, भैया एम.पी. भी अस्पताल पहुँच गये थे।