Saturday, July 19, 2008

सांईबाबा का चल समारोह निकला, हुआ स्वागत

सीहोर 18 जुलाई (नि.सं.)। आज नगर के प्रमुख मार्गों से सांईबाबा शोभयात्रा निकली। जिसका नगर के अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। सांईबाबा की शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त गण उपस्थित हुए।
दोपहर 3 बजे बाद प्रारंभ हुई सांई बाबा मंदिर शोभायात्रा गंज मंदिर से चलते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कोतवाली चौराहा करीब 5 बजे पहुँची। शोभायात्रा में आगे-आगे एक नृत्य करता घोड़ा, उसके पीछे दो ऊंट सवार, पीछे 6 घुड़सवार शामिल थे। इसके पीछे बैण्ड व पीछे डीजे की थाप पर नाचते युवक थे।
इनके पीछे समिति से जुड़े वरिष्ठ नागरिकगण विशेष साफा बांधकर चल रहे थे। कुछ के गले में हार भी थे, सांई बाबा के साथ-साथ इन लोगों को भी लोग हार पहना रहे थे यह लोग भी पहन रहे थे। इनके पीछे बड़ी संख्या में महिलाएं सम्मिलित थीं। जिनमें सिर पर कलश लिये हुए भी महिलाएं चल रही थी। इनके साथ मात्र एक महिला पुलिस लगाई गई थी जबकि नये पुलिस जवान महिलाओं की सुरक्षा में पूरे समय साथ-साथ चलते रहे। शायद आज सारी महिला पुलिस कहीं और व्यस्त थी। इनके पीछे सांई बाबा का सांईनाथ डेकोरेटर्स द्वारा सजाया हुआ आकर्षक रथ था। पीछे दो अन्य रथ भी चल रहे थे।
चल समारोह डॉ मुखर्जी मार्ग मेन रोड से होता हुआ छावनी के गलियों से नमक चौराहा व जगदीश मंदिर से होता हुआ पुन: सांई मंदिर पहुँचा।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।