Saturday, November 22, 2008

कांग्रेस ने मुस्लिमों के ईमान को बचाकर रखा है-किदवई

      आष्टा 21 नवम्बर (नि.प्र.)। राजग सरकार में जनता चुप थी। इस चुनाव में जनता मौन है। इसका मतलब है कि जनता तय कर चुकी है कि इस भ्रष्ट, निकम्मी सरकार को जड़ से उखाड़ फैंकना है। हमे इस क्षेत्र की दिशा और दशा को तय करना है। यहां आपके और आपके बच्चों के भविष्य की लड़ाई हो रही है। आपको सोच-समझकर फैसला करना है।

      इतिहास केवल कांग्रेस का है। यही इतिहास देश का है और यही रिश्ता हमारा इस देश से है। कांग्रेस और भाजपा में फर्क इतना ही है कि कांग्रेस में गांधी को दिया और भाजपा ने उस गांधी की हत्या कर दी। गांधी की हत्या गोंडसे ने नहीं विचारधारा ने की थी और इसी विचारधारा से हमे लड़ना है। हमने समाज को जोड़कर चुनाव लड़ा है। उन्होंने समाज को तोड़कर चुनाव लड़ा है। उक्त उद्गार अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष इमरान किदवई ने कांग्रेस प्रत्याशी गोपालसिंह इंजीनियर के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कही। अपनी बात को आगे जारी रखते हुए श्री किदवई ने कहा कि वे लोग हमसे 50 साल का हिसाब मांगते है, लेकिन अगर हम इनसे 5 साल का हिसाब मांग ले तो इनका एक भी मंत्री, विधायक कार्यकर्ता जेल के बाहर नहीं दिखेगा। एक अति पिछड़ा देश अगर विकसित देश की कगार पर खड़ा है तो इसके पीछे कांग्रेस का ही हाथ है। आज हमने चांद पर झंडा गाड़ दिया है और सारी दुनिया हमारी ताकत को सलाम करती है। यह लड़ाई गददी की नहीं बल्कि उसूलों की है। अक्सर यह सवाल उठता है कि मुस्लिमों को कांग्रेस ने क्या दिया । तो मेरा कहना है कि अगर हमारी शरिअत को किसी ने बचाकर रखा है तो वह एक मात्र पार्टी कांग्रेस है और शरिअत ही हमारा ईमान है। जिसे शहाबनों केस में कांग्रेस ने सिद्ध कर दिया था।

      कांग्रेस के ऊपर अक्सर ही यह आरोप लगाया जाता है कि वह मुस्लिमों को तुष्टीकरण करती है तो मेरा कहना हे कि यह सरासर झूठ है। कांग्रेस जैसी पार्टी इतनी बेवकूफी कभी नहीं करेगी कि 15 प्रतिशत मुस्लिमों के चक्कर 85 प्रतिशत देश की जनता की उपेक्षा कर दे। सभा को प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हाजी हारुन ने संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के लोग जब भी सत्ता में होते है तो यह दम्भ से दिखाते है कि इनसे बड़ा कोई देश प्रेमी नहीं है। झूठ को सच बनाने का काम भाजपा को बड़े अच्छे से आता है। भाजपा को अगर जड़ से उखाड़ फैकना है तो हमें बसपा जैसी स्वार्थी दलों की गर्दन मरोड़ना होगी क्योंकि बसपा, प्रसपा व अन्य छोटे दलों के कारण ही कांग्रेस इस क्षेत्र से हारती आई है। जबकि इन छोटे दलों की कोई रीति या नीति नहीं है।

      उक्त सभा को कांग्रेस प्रत्याशी गोपालसिंह इंजीनियर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि मैं एक सामान्य परिवार से हूं। मैंने भोपाल से इंजीनियर की शिक्षा ली है। मेरे मन में आप सभी लोगों की सेवा करने की तमन्ना है। एक बार मुझे मौका दे। मैं इसक्षेत्र में विकास की गंगा बहा दुंगा। सभा के प्रारंभ में सभी अतिथियों का स्वागत जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार एवं पूर्व जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष रतनसिंह ठाकुर ने किया। स्वागत भाषण वरिष्ठ पार्षद अजीज अंसारी ने दिया। सभा का संचालन ब्लाक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुबारिकुद्दीन ने किया तथा आभार कांग्रेस नेता गुडडू भाई ने व्यक्त किया।

      इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता बशीर बेग, शिवनारायण पटेल, मुख्य चुनाव संचालनकर्ता हिफ जुर्रहमान भैया मियां, मार्केटिंग सोसायटी के अध्यक्ष सौभालसिंह भाटी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष एजाजुर्रहमान भैया एम.पी., घनश्याम जांगड़ा, नौशे भाई, इदरीस मंसूरी, रमेश  चंद्र लसूड़िया खास, पार्षद सलीम अंसारी, कलीमुददीन, प्रदीप प्रगति, मनोज राठौर, हनीफ भाई सहित हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्तागण व आमजन उपस्थित थे।

धरम सिंह मण्डलोई कांग्रेस में शामिल

      ग्राम लोरासकलां के भाजपा नेता डा. धरमसिंह मण्डलोई शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार एवं कांग्रेस प्रत्याशी गोपालसिंह इंजीनियर के समक्ष कांग्रेस में साथियों सहित शामिल हो गए। मण्डलोई व उनके साथियों का पुष्प मालाओं से कांग्रेस नेता प्रदीप प्रगति ने स्वागत किया।