Saturday, October 11, 2008

आष्टा में दशहरे का शानदार जुलूस निकला अलीपुर -दशहरा मैदान में हुआ रावण दहन

आष्टा 10 अक्टूबर (सुशील संचेती)। असत्य पर सत्य की विजय का महापर्व दशहरा आज आष्टा और उत्साह उमंग के साथ मनाया गया। नगर के नये दशहरा मैदान में 71 फिट का अलीपुर में 51 फिट का एवं पुराना दशहरा मैदान पर स्थाई बने रावण का दहन किया गया।
आज अलीपुर में एवं आष्टा नगर में दशहरे का जुलूस निश्चित स्थानों से शुरु हुआ अलीपुर का जुलूस बांस बड़े मंदिर के ग्राउण्ड पर पहुंचा और यहां पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष द्वय ललित नागौरी, कैलाश परमार की उपस्थिति में राम-रावण युद्ध आतिशबाजी के प्रदर्शन के बाद रावण दहन किया गया। अलीपुर विजय दशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष धनरूपमल जैन, हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष कैलाश जैन ने सभी का सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। वही आज दोपहर में नगर के भादा बाबा मंदिर क्षेत्र से विजय दशमी उत्सव का विशाल विजय जुलूस बैंड बाजे, घोडे, विनाकी, अखाड़ो के साथ शुरु हुआ जुलूस नगर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ पहले पुराना दशहरा मैदान पहुंचा यहां पर रावण दहन किया गया उसके बाद जुलूस कन्नोद रोड से होता हुआ नया दशहरा मैदान पहुंचा। यहां पर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र से हजारों नागरिक राम-रावण युद्ध आतिशबाजी एवं रावण दहन देखने के लिए उपस्थित थे।
रावण दहन के पहले आकर्षक आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया। उसके बाद राम-रावण युद्ध हुआ तथा बाद में श्री राम के अगि्बाण से बुराई के प्रतिक रावण का दहन किया गया। विजय दशमी के जुलूस का नगर में अनेकों स्थानों पर स्वागत किया गया विजदशमी उत्सव समिति के अध्यक्ष रामप्रसाद प्रजापति का एवं उनके सहयोगियों का मंचों पर साफा बांधकर सम्मान किया गया। पुराना बस स्टेण्ड एवं सिकन्दर बाजार में मुस्लिम समाज ने विजयदशमी उत्सव समिति का स्वागत एवं सम्मान कर साम्प्रदायिक एकता की एक विशाल कायम की आज दशहरे पर गांधी चौक पर भी श्री नवदुर्गा उत्सव समिति की ओर से विशाल कन्या भोजन रखा गया वही सुबह से खेडापति हनुमान मंदिर पर भक्तों ने पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन पूजन किया। विजय दशमी के जुलूस रावण दहन के पश्चात पार्वती नदी एवं खेडापति तालाब में मां अम्बे जी की मूर्तियों को विधि -विधान पूजन आदि के बाद विसर्जित किया गया।
आज दशहरे पर पुलिस ने दशहरा मैदान एवं नगर में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये वही न.पा. विद्युत विभाग राजस्व विभाग ने भी सराहनीय व्यवस्था की। रावण दहन के बाद सभी नागरिकों ने एक दूसरे को दशहरे की शुभकामनाएं दी। बधाई देने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा आज दशहरे पर भाजपा कांग्रेस के दावेदार भी सक्रिय नजर आये और नागरिकों से आत्मीयता से मिलकर दशहरे की बधाई देते हुए देखे गये।