Saturday, May 3, 2008

सामूहिक विवाह सम्मेलन में जेवर बांटने पर अड़ गये विधायक . . . .

सीहोर 2 मई (नि.सं.)। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत जनपद पंचायत परिसर में शुक्रवार को आयोजित किये गये सामूहिक विवाह सम्मेलन में 192 जोड़े परिणय सूत्र के पवित्र बंधन में बंधे।
इस मौके पर सभी जोड़ों को पांच हजार रुपया कीमत का गृहस्थी का सामान भी दिया गया। वहीं मानस भवन में सेन महाराज की जयंती पर मालवीय सेन समाज द्वारा इक्कीस जोड़ों का सामूहिक विवाह सम्पन्न हुआ। दोनो ही सामूहिक विवाह समारोह गायत्री मंत्रोच्चार के साथ हुए।
जनपद पंचायत परिसर में सात मुस्लिम युवकों का निकाह शहर काजी जनाब फजले बारी ने कराया। दुल्हनों का कन्यादान जिला भाजपाध्यक्ष ललित नागौरी, खंडवा के महापौर वीर सिंह हिण्डोला, विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय जनपद अध्यक्ष श्रीमति प्रेमबाई ठाकुर आदि ने किया।
जनपद पंचायत प्रांगण में आयोजित किये गये विवाह सम्मेलन में सुबह से ही वर-वधु पक्ष के लोग अपने नजदीकी रिश्तेदारों के साथ यहाँ पहुँचना शुरु हो गये थे। दोपहर तक गायत्री मंत्रोच्चार के साथ गायत्री परिवार के सूरज उपाध्याय, श्रीराम श्रीवादी आदि ने हिन्दु जोड़ों को परिणय सूत्र में बंधवाया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पवित्र वेदी के फेरे लेकर हर सुख दुख में साथ रहने की कसमें भी दुल्हा दुल्हन ने खाई। विवाह कार्यक्रम के सम्पन्न होने के बाद एसडीएम श्रीमति जी.व्ही. रश्मि, एडीएम श्रीमति भावना बालिम्बे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत एच.एल. वर्मा ने सभी जोड़ों को सुखी दाम्पत्य जीवन जीने का आशीर्वाद दिया।
मिला गृहस्थी का सामान- मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सामूहिक विवाह सम्मेलन में परिणय सूत्र में बंधने वाले जोड़ों को शासन की योजना के अन्तर्गत 5 हजार रुपये का गृहस्थी का सामान दिया गया।
जिसमें एक पलंग, लोहे की पेटी, मंगल सूत्र आदि के अलावा दुल्हा-दुल्हन को कपड़े, बर्तन आदि दिये गये। शासन की इस योजना से लाभ उठाने के लिये अब लोगों में जागरुकता देखने को मिल रही है।
जब विधायक ने आपा खोया दुल्हनों को जेवर बांटने के लिये अड़े मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय अपना व्यक्तिगत समारोह समझ रहे थे और उन्होने अधिकारियों को काफी भला बुरा कहा। वे चाहते थे कि दुल्हनों को जेवर उनके अलावा कोई न बांटे।