Monday, April 28, 2008

वनखेड़ा में नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ में पूजन व ब्राह्मण वरण, विधायक मां विंध्यवासिनी की टेकरी पर करा रहे धार्मिक आयोजन sehore

सीहोर 26 अप्रैल (नि.सं.)। विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बनखेड़ा देवीपुरा स्थित माताजी की टेकरी पर माँ विंध्यवासिनी माताजी के दरबार में नवकुण्डात्मक श्रीराम महायज्ञ की प्रारंभिक तैयारियों के साथ धार्मिक आयोजन सम्पन्न किये जा रहे हैं। आज महायज्ञ स्थल पर देवांग पूजन किया गया तथा ब्राह्मण वरण की प्रक्रिया पूर्ण की गई। आज महायज्ञ में आसपास के कई ग्रामों के श्रध्दालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यहाँ कल रात से श्रीराम लीला का आयोजन भी प्रारंभ हो गया है।
माँ विंध्यवासिनी मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं विधायक रमेश सक्सेना ने बताया कि प्राकृतिक आपदाओं को शांत करने एवं सम्पूर्ण क्षेत्र में सुख-शांति, समृध्दि और सुवृष्टि की कामना से कराये जा रहे इस महायज्ञ में आसपास के 80 से भी अधिक ग्रामों के ग्रामीणजनों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। इस महायज्ञ से 2 मई को पूर्णाहूति होने तक पूरे क्षेत्र में माहौल धर्ममयी रहेगा। यहाँ प्रतिदिन रात्रि में संगीतमयी श्रीराम लीला का आयोजन भी किया गया है।
इस महायज्ञ के आज के चरण में यज्ञाचार्य पंडित श्री राधेश्याम शास्त्री जी के मार्गदर्शन में पंचांग पूजन एवं ब्राह्मण वरण की धार्मिक प्रक्रिया पूरी श्रध्दा और उत्साह के माहौल में पूरी की गई। यज्ञ में कुल 39 जोड़े यजमान के रुप में बैठे हैं। यज्ञ स्थल पर आकर्षक साज-सजा की गई है जिससे माताजी की टेकरी पर अत्यंत आकर्षक दृश्य निर्मित हो गया है।
रात 9 से 12 बजे तक बाजार बरखेड़ा की मंडली द्वारा श्री रामलीला का भव्य एवं धार्मिक प्रस्तुति प्रारंभ कर दी गई है। श्रीरामलीला की मनोहारी प्रस्तुति देखने के लिये बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रध्दालुजन आये, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं विधायक रमेश सक्सेना ने सभी धार्मिकजनों ने बनखेड़ा टेकरी पर आयोजित श्रीराम महायज्ञ एवं रात्रि में आयोजित श्रीराम लीला में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है। कल महायज्ञ स्थल पर अग्नि स्थापना कर देवार्चन कर महायज्ञ का हवन प्रारंभ हो जायेगा।