Saturday, April 26, 2008

कांग्रेस नेता के खेत से 10 लाख की अंग्रेजी शराब जप्त

जावर 25 अप्रैल (नि.सं.)। बीती रात पुलिस ने अवैध रुप से मेहतवाड़ा निवासी भीष्म सिंह के खेत पर बने मकान में रखी 563 पेटी अंग्रेजी शराब की जप्त की। जप्त की गई शराब की कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है। थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात मुखबिर द्वारा पुलिस को जानकारी दी गई थी कि मेहतवाड़ा निवासी भीष्म सिंह जिनका खेत बीलपान के रास्ते पर स्थित है। जहाँ मकान भी बना है उसमें अवैध रुप से शराब रखी हुई है। इस पर टीआई ने पहले मेहतवाड़ा चौकी में पदस्थ एएसआई महेश चन्द्र उपरीन, आरक्षक वीरेन्द्र व सैनिक जीवन को भेजा। बाद में थाना प्रभारी भी मौके पर दल बल के साथ पहुँचे। मकान का दरवाजा खोलकर देखा तो शराब की पेटियां भारी मात्रा में रखी हुई थी। पुलिस ने रात 1 बजे से 3 बजे तक तलाशी अभियान चलाया। जिसमें व्हिस्की की 195, जिन की 271 और बियर की 97 पेटी कुल 563 पेटी व 44 ड्रम प्लास्टिक के खाली जप्त किये। जप्त किये गये सामान की कीमत 10 लाख रुपये आंकी गई है। ऐसा बताया जा रहा है कि यहाँ बेचने के साथ ही शराब बनाई भी जाती थी जो इन ड्रमों में भरकर आसपास के गांवों में सप्लाई की जाती थी। इसके अलावा पुलिस ने यहीं कुएं पर से 15 नग कीमति सागौन के भी जप्त किये हैं। जिसकी कीमत 7 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने भीष्म सिंह पुत्र भीम सिंह व नौकर हरीनाल के खिलाफ धारा 34, 36 सी, 49 क के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। हरिनाल को गिरफ्तार भी कर लिया है। भीष्म सिंह फरार है। मामले की जांच खुद थाना प्रभारी बी.के.उपाध्याय कर रहे हैं।