Saturday, July 5, 2008

अक्रियाशील 11 गौशालाओं का पंजीयन निरस्त

सीहोर 4 जुलाई (नि.सं.)। मध्य प्रदेश गौपालन एवं पशु संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष पदम बरैया ने गत दिवस सीहोर जिले का दौरा कर विभिन्न गौशालाओं का निरीक्षण किया और उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से जिले की गौशालाओं की जानकारी हासिल की। श्री बरैया ने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाओं को निष्यि पडी ग्यारह गौशालाओं के पंजीयन निरस्त करने के निर्देश दिए।
म.प्र. गौपालन एवं पशु संवर्धन बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री पदम बरैया ने गत दिवस अपने सीहोर भ्रमण के दौरान गंगा आश्रम स्थित श्रीराम गौसेवा आश्रम और आष्टा में विद्या सागर गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान श्री बरैया ने कहा कि गौशालाओं के उचित प्रबंधन के मद्देनजर उनमें नीम, पीपल, बड और आंवले के पौधे लगाए जांएगे। स्थिति के मुताबिक कुंआ तालाब बनाए जांएगे। गौशालाओं में चारा और जैविक खाद का उत्पादन किया जाएगा। नस्ल सुधार के लिए गिर जाति के सांड वितरित किए जांएगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जैविक क्रांति का सूत्रपात हो चुका है और गाय जैविक क्रांति की मेरूदण्ड साबित हो सकती है। गाय के गोबर और मूत्र में भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के सभी आवश्यक तत्व अद्भुत रूप से मौजूद होते हैं। शास्त्रों में बताया गया है कि गाय में तेतीस करोड़ देवता वास करते है। श्री बरैया ने कहा कि गौशालाओं के विकास में धन की कमी आडे नहीं आएगी। गौशालाओं में शैड निर्माण के लिए बोर्ड आर्थिक सहायता मुहैया करायगा। गौशालाओं में चारा उत्पादन के लिए नेपियर, अंजन और गिन्नी नामक चारों की किस्में उपलब्ध कराई जायगी। उन्होंने सीहोर के गंगा आश्रम स्थित गौशाला के निरीक्षण के दौरान गौशाला अध्यक्ष श्री संजय चांडक से कहा कि वे गौशाला को शहर के बाहर संचालित करें जिससे गायों की सेवा बेहतर तरीके से की जा सके। उन्होंने इसके लिए गौचर भूमि में गौशाला के लिए भूमि आरक्षित करने की मांग जिला प्रशासन से करने की ताकीद की। उन्होंने यह भी समझाइश दी कि गौशाला के लिए पट्टा न मांगा जाय बल्कि भूमि आरक्षित कराई जाय। श्री बरैया ने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को हिदायत दी कि वे गौशालाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं में सुधार की गुंजाइश देखें और जरूरत के मुताबिक सुधार कार्य कराएं।
इनका हुआ पंजीयन निरस्त
जिले की 11अक्रियाशील गौशालाओं का पंजीयन निरस्त किया गया है। इनमें आष्टा तहसील की गौशाला समिति ग्राम फूडरा, गषि बाबा सेवा सदन ग्राम हाल्याखेडी, बजरंग गौशाला समिति खारपा, इछावर तहसील की श्री नरसिंह भगवान गौरक्षण एवं संवर्धन समिति रामनगर, गौवर्धन गौशाला अतरालिया,श्रीमद. भागवत गौशाला भाऊखेड़ी, श्रीकृष्ण गौशाला समिति खेरी, सीहोर तहसील की श्रीकृष्ण गोपाल गौशाला मोगराराम, बुधनी तहसील की श्री गोपाल गौशाला ग्राम डोबी, संजय गौसेवा सदन बुधनी तथा नसरूल्लागंज तहसील की दयोदय पशु सेवा केन्द्र अम्बा माता गौशाला पिपलानी शामिल है॥