Friday, May 2, 2008

गांव में किया देशी टोटका, पशुओं का रास्ता, बंद, दूध-दही से गांव भर के पशु शुध्द हुए, पशुओं को मिलेगी रोगों से मुक्ति

जो सुपारी काटता, उसे लेने के देने पड़ जाते
जावर 1 मई (बहादुर सिंह)। पशुओं को विभिन्न प्रकार की बीमारियाें से बचाने के लिये ग्रामीणों ने किया देशी टोटाक। गौरतलब है कि कु छ दिनों से ग्रामीण क्षेत्रों के पशुओं में विभिन्न प्रकार की बीमारियाँ फैली हुई हैं। दवाई टीके का भी बीमारी पर कोई असर नहीं हुआ अभी तक दर्जनों पशुओं की मौत हो चुकी है। चिंतित पशु पालकों ने देशी टोटका करने का विचार किया।
नजदीकी ग्राम खजूरिया जावर के पशु पालकों ने बुधवार को प्रात: गांव में पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिये देशी टोटका किया। ग्राम के बुजुर्ग प्रहलाद सिंह पाटीदार व मांगीलाल पटेल ने बताया कि गांव में पिछले कुछ दिनों से गांव के पशुओं के विभिन्न मुँहपका, खुरपका, फरेला व गल घोंटू जैसी घातक बीमारी फैली हुई हैं जिससे कई पशुओं की मौत हो चुकी है जिससे गांव के पशु पालक चिंतित हो उठा। इन बीमारियों का इलाज भी करवाया गया लेकिन उससे कोई भी फायदा नहीं हो पा रहा है। बीमारी आगे नहीं बढ़े इसके लिये गां ववालों से बात की गई तब लोगों ने कहा गांव में देशी टोटका किया जाना चाहिये पहले भी गांव में इस तरह के टोटके किये जाते रहे हैं जिससे पशुओं को बीमारी से मुक्ति मिली थी। गांव में जानमाल की सुरक्षा के लिये हर वर्ष हरियाली अमावस पर भी इसी प्रकार का टोटका किया जाता है। ग्राम के मोहन पाटीदार ने बताया कि टोटका एक प्रकार से ईश्वरीय शक्ति है।
टोटका करने के एक दिन पहले चौकीदार द्वारा पूरे गांव में मुनादी फे री गई तथा गांव के सभी देव स्थानों पर पूजा अर्चना की गई। बुधवार प्रात: 6 बजे गांव के सभी पशुओं को एक जगह एकत्र किये गये। उसके बाद सभी को हनुमान मंदिर के सामने से निकाला गया। यहाँ से निकले सभी पशुओं पर पंडाजी, देवी सिंह, हरनाथ सिंह पड़ियार ने जल, दही, दूध का नीम की डाली से छींटे लगाये, यहाँ से निकले सभी पशुओं को गांव के कांकड़ तक ले लाया गया।
इस दिन गांव में धारदार हथियार हासिये का उपयोग नहीं किया गया। यहाँ तक की सुपारी काटना भी प्रतिबंधित रहा। यदि धारदार चीज का किसी ने उपयोग किया तो टोटका कार्यक्रम में जितना खर्चा आये उस पर उतनी राशि का जुर्माना देना पड़ता है। राधेश्याम पाटीदार ने बताया कि गांव में टोटका करने के बाद पशुओं को बीमारियों से मुक्ति मिल जाती है। इस दिन गांव में भजन कीर्तन भी किये गये। टोटके से पहले प्रात: काल गांव के आसपास दूध दही व जल की धार दी गई। जिस रास्ते से पशुओं को निकाला गया उस रास्ते को एक माह तक के लिये बंद कर दिया गया तथा उस रास्ते के ऊपर नारियल व लाल कपड़े को बांधा गया। सभी देव स्थानों पर निशान चढ़ाये गये। टोटका कार्यक्रम में गांव के सभी लोग सम्मिलित हुए।

दो घंटे तक नाग-नागिन एक दूसरे से प्रेम करते रहे, लिपटते रहे


सीहोर। कल सेठी बगीचा पार्वती कालोनी जैन मंदिर के सामने में एक नाग नागिन का जोड़ा 2 घंटे से अधिक समय तक प्रणय आबध्द रहा। इनके 10 फुट पास तक लोग देखने पहुँचे गये थे। बहुत बड़ी संख्या में लोग यहाँ खड़े रहे लेकिन यह जोड़ा अपनी ही लीला में मग्‍न रहा, इन्‍हे आसपास की भीड़ से कोई लेना देना नहीं था, साथ ही एक बार यह अलग भी हो जाते थे लेकिन फिर दुगने उत्‍साह के साथ एक दूसरे के करीब आ जाते थे । करीब दो सौ से अधिक लोग लगातार इन्‍हे देखते रहे लेकिन किसी ने इन्‍हे परेशान नहीं किया, कई लोगों ने कैमरे व मोबाइल से फोटो भी लिये।

चैक अनादरण मामले में राजेश जैन को एक साल की सजा, एक हजार जुर्माना

आष्टा 1 मई (नि.सं.)। विद्वान न्यायाधीश श्री सुधीर चौधरी ने आज चैक अनादरण के एक मामले में राजेश जैन पुत्र सुमत लाल जैन निवासी मेहतवाड़ा को चैक अनादरण के मामले में एक हजार रुपये का जुर्माना एवं 1 साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई। अभियोगी की और से पैरवी नगीन जैन एडवोकेट ने की थी।

सीहोर में खेत पर विद्युत प्रवाह से ग्रामीण की मौत

सीहोर 1 मई (नि.सं.)। अहमदपुर थाना क्षेत्र के नाम मरेठी में रहने वाले एक ग्रामीण की गत बुधवार को बिजली करंट लगने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मरेठी में रहने वाले लक्ष्मण सिंह गौर का 45 वर्षीय पुत्र निर्भय सिंह गत बुधवार की शाम मिश्रीलाल, अनुजाति के खेत पर मोटर चलाने गया था तभी उसे अचानक बिजली की करंट लग गया जिसे उपचार हेतु अस्पताल लाया जा रहा था किन्तु रास्ते में ही मौत हो गई।

सीहोर में सड़क हादसे में दो घायल

सीहोर 1 मई (नि.सं.)। बीती रात नस.गंज क्षेत्र में कुमनताल पुलिया के समीप ट्रेक्टर चालक की लापरवाही से दो लोग घायल हो गये। घुटवानी निवासी अनोखीलाल दराई अपने गांव के राजेन्द्र गोलू व माखन के साथ ट्रेक्टर चालक लक्ष्मीनारायण निवासी फड़की के ट्रेक्टर से खातेगांव गेहूँ बेचने गया था जहाँ से यह लोग रात्रि में वापस लौट रहे थे तभी कुमन ताल पुलिया के समीप सड़क पर खड़े एक ट्राली से चालक लक्ष्मीनारायण ने ट्रेक्टर को टकरा दिया परिणाम स्वरुप अनोखीलाल व राजेन्द्र घायल हो गया।

चोरों से परेशान पुलिस ने बैंक अधिकारियों की बैठक ली

आष्टा 1 मई (नि.सं.)। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही चोरियों से पुलिस की सक्रियता पर आष्टा में एक प्रश् चिन्ह लग गया। हो रही चोरियों के बाद आज आष्टा पुलिस ने आष्टा क्षेत्र में जितनी भी बेंक है उन सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों की एक बैठक थाना परिसर में रखी।
बैठक की अध्यक्षता मनु व्यास एसडीओपी ने की। टी.आई. अतीक अहमद खान ने बताया कि बैठक में उपस्थित सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को बैंकों की सुरक्षा को लेकर कुछ बिंदुओं पर उन्हे सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने बैठक में आये सभी अधिकारियों को बताया कि वह अपनी-अपनी बैंकों में एवं जिन बैंकों के एटीएम हैं वहाँ पर सशस्त्र गार्डों की नियुक्ति करें। बैंक के मुख्य द्वार चैनल गेट पर इस तरह से ताला लगायें कि एक ही व्यक्ति आ जा सके। तीसरे टीवी चैनल बैंकों में लगायें जायें तथा वह पूरे समय चालू रखे। सुरक्षा की दृष्टि से बैंकों में जो सायरन लगे हैं उन्हे समय-समय पर जांचते रहें। बैंक में आने वाले ग्राहकों में से अगर कोई नया चेहरा या संदिग्ध व्यक्ति नजर आये तो उस पर निगाह रखकर तत्काल पुलिस को सूचित करें। जो बैंक अन्य बैंकों से केश लेकर आते हैं यह अपने साथ गार्ड को लेकर जायें तथा जो ग्राहक बैंकों में बड़ी रकम जमा करने या मंडी के व्यापारी जो रोजाना बड़ी रकम निकालकर ले जाते हैं वह किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा आने और जाने का ऐसे ग्राहक अपना कार्यक्रम गुप्त जैसा रखें तथा एक अपना सहयोगी साथ लेकर आयें। स्मरण रहे आष्टा में लगभग 3 ऐसी बैंक हैं जहाँ पर सशस्त्र गार्ड नियुक्त है शेष में यह सुविधा नहीं है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में जो बैंक हैं वह आष्टा बैंकों से केश लेकर जाते हैं लेकिन केश लेकर जाना कभी भी नजर नहीं आया कि वह सुरक्षित रुप से राशि ले जा रहे हैं।

चोरों से परेशान पुलिस ने बैंक अधिकारियों की बैठक ली

आष्टा 1 मई (नि.सं.)। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही चोरियों से पुलिस की सक्रियता पर आष्टा में एक प्रश् चिन्ह लग गया। हो रही चोरियों के बाद आज आष्टा पुलिस ने आष्टा क्षेत्र में जितनी भी बेंक है उन सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों की एक बैठक थाना परिसर में रखी।
बैठक की अध्यक्षता मनु व्यास एसडीओपी ने की। टी.आई. अतीक अहमद खान ने बताया कि बैठक में उपस्थित सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को बैंकों की सुरक्षा को लेकर कुछ बिंदुओं पर उन्हे सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने बैठक में आये सभी अधिकारियों को बताया कि वह अपनी-अपनी बैंकों में एवं जिन बैंकों के एटीएम हैं वहाँ पर सशस्त्र गार्डों की नियुक्ति करें। बैंक के मुख्य द्वार चैनल गेट पर इस तरह से ताला लगायें कि एक ही व्यक्ति आ जा सके। तीसरे टीवी चैनल बैंकों में लगायें जायें तथा वह पूरे समय चालू रखे। सुरक्षा की दृष्टि से बैंकों में जो सायरन लगे हैं उन्हे समय-समय पर जांचते रहें। बैंक में आने वाले ग्राहकों में से अगर कोई नया चेहरा या संदिग्ध व्यक्ति नजर आये तो उस पर निगाह रखकर तत्काल पुलिस को सूचित करें। जो बैंक अन्य बैंकों से केश लेकर आते हैं यह अपने साथ गार्ड को लेकर जायें तथा जो ग्राहक बैंकों में बड़ी रकम जमा करने या मंडी के व्यापारी जो रोजाना बड़ी रकम निकालकर ले जाते हैं वह किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें तथा आने और जाने का ऐसे ग्राहक अपना कार्यक्रम गुप्त जैसा रखें तथा एक अपना सहयोगी साथ लेकर आयें। स्मरण रहे आष्टा में लगभग 3 ऐसी बैंक हैं जहाँ पर सशस्त्र गार्ड नियुक्त है शेष में यह सुविधा नहीं है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में जो बैंक हैं वह आष्टा बैंकों से केश लेकर जाते हैं लेकिन केश लेकर जाना कभी भी नजर नहीं आया कि वह सुरक्षित रुप से राशि ले जा रहे हैं।

गुमठियों में हुई चोरी का चोर अकरम पकड़ाया

आष्टा 1 मई (नि.सं.)। पिछले दिनो आष्टा नगर में अस्पताल के पीछे दवा बाजार में एक ही रात में चोर ने अनेकों गुमठियों के ताले तोड़ वहाँ से बड़ी संख्या में इलेक्ट्रानिक का सामान चुराकर ले गया था। जिसमें पुलिस को सफलता मिली है। तथा इस संबंध में पुलिस ने अकरम नाम के एक चोर को पकड़ा है जिसे कल विद्वान न्यायाधीश श्री मीणा की अदालत में प्रस्तुत कर दो दिन का रिमांड प्राप्त किया था।
पुलिस की पूछताछ में अकरम ने बताया कि चोरियों में जो सामान उसने चुराया था डेक, बक्से, सीडी व अन्य वस्तुएं इसमें से कुछ सामान उसने गोपाल सोनी के यहाँ पर बेचा है। इस पर पुलिस ने गोपाल सोनी को भी पकड़ा है।
अकरम एक अन्य चोरी में भी शामिल पाया गया है। पिछले दिनों नरेन्द्र ठाकुर के यहाँ 50 हजार की चोरी हुई थी उसमें से पुलिस ने 20 हजार रुपये, एक सोनी की अंगूठी, पासबुक आदि भी अकरम से बरामद की है। उक्त पूरी जानकारी नगर निरीक्षक अतीक खान ने फुरसत को दी।

सीहोर में अघोषित बिजली कटौती से उद्योग धंधे चौपट पेयजल संकट भयावह

सीहोर 1मई (नि.सं.)। विद्युत वितरण कं. की लालफीता शाही और भर्राशाही का दंश आम आदमी भोगने लगा है। अनियमित रुप से की जा रही बिजली कटौती से उद्योग धंधे तो चौपट हो ही रहे हैं वहीं टैंकर नहीं भराने से व्याप्त पेयजल संकट और भी अधिक भयावह होने लगा है। अखबारों का काम काज भी बुरी तरह प्रभावित होकर रह गया है।
आती जाती बिजली से जहाँ आमजन हैरान परेशान होकर रातें घर में बिताने के उसे बाहर बैठकर गुजारने को मतबूर होना पड़ रहा है। सायं 7 से रात बारह बजे तक गत दिवस बिजली की आंख मिचौनी चलती रही जिससे सीहोर में व्यवसायरत लोगों के उद्योग धंधे बंद से पड़े रहे वही लग्सरा के चलते भी मार्केट सूने-सूने से अंधेरे में डूबे रहे। बिजली के अभाव में नगर पालिका से जल प्रदाय टैंकर पानी प्रदाय करने में असमर्थक रहे लोग अंधेरे में पानी की जुगत में भटकते रहे। सीमा से अधिक की जा रही बिजली कटौती बंद करने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा अब मजबूरी में आंदोलनात्मक कदम उठाना पड़ रहा है। संगठनों का मानना है कि भीषण गर्मी में लोग पहले ही परेशान हैं ऊपर से म.प्र. मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की मनमानी से लोगों को अब दोहरी तकलीफ सहन करनी पड़ रही है। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजकुमार जायसवाल व भाराछासं अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि समूचे सीहोर जिले में बिजली की अघोषित कटौती अचानक बढ़ गई है जिससे सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, पहले भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान कहा था कि जितनी बिजली उतने दाम मगर आज स्थिति लोगों के सामने है न तो समय पर पर्याप्त बिजली मिल रही है न ही लोगों को कोई बिजली अधिकारी संतोषजनक जबाव देते हैं इतना ही नहीं बिजली की घोषित और अघोषित कटौती के चलते म.प्र. मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी अपने अनेक उपभोक्ताओं का शोषण करने से भी पीछे नहीं है कई लोगों को भारी भरकम राशि के बिल दिये जा रहे हैं जिससे नागरिकों में आक्रोश पनप रहा है। युवा कांग्रेस एवं भाराछासं की और से जारी प्रेस विज्ञप्ति में महेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आगामी 5 मई को स्थानीय बिजली घर चौराहा पर कार्यालय के सामने धरना दिया जायेगा। संगठन की मांग है कि बिजली विभाग को जितनी भी कटौती करना है वह घोषित करके करें क्योंकि अघोषित कटौती से लोगों को यादा परेशानी होती है।

Thursday, May 1, 2008

हजारों लोग गये भूखे, भाजपा को कोसते बद्दुआ देते रहे...!

झूठ का सहारा लेकर जनता एकत्र करना महंगा पड़ गया भाजपा को
सीहोर 30 अप्रैल (वि.सं.)। अन्नपूर्णा योजना के नाम पर जनता को एकत्र करने का लक्ष्य पूरा करने के लिये नगर में जिस प्रकार की दो मुँही राजनीति जनता के साथ खेली गई है उससे जिले भर में भाजपा सरकार के खिलाफ एक असंतोष का वातावरण बना दिया गया है। जिले भर में ग्रामीणों को व जनता को एकत्र करने लिये उनसे जिस प्रकार के झूठ बोले गये उससे न सिर्फ हजारों लोग मुख्यमंत्री से नाराज हो गये बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दर लाल पटवा की छवि भी धूमिल हो गई। पटवा ने भी जनता की समस्या को नजर अंदाज कर दिया परिणाम स्वरुप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को एक तरह से अपनी ही पार्टी के लोगों का कुठाराघात झेलना पड़ गया। न तो कोई स्थानीय भाजपा नेता या पदाधिकारी इस मामले में अब तक कुछ बोला है क्योंकि उन सबके अधिकारियों से संबंध है और वह उनकी शरण में पड़े रहने को उतावले भी हैं। माँ अन्नपूर्णा के नाम से चलाई जा रही योजना की शुरुआत ही परेशानी और लोगों को भूखा मारने से हुई है इसकी परिणति क्या होगी यह भविष्य तय करेगा। चर्च मैदान में आई हजारों जनता में से कई लोग भूखे गये, कई लोग असंतोष व्यक्त करते देखे गये हैं....सब भाजपा को कोस रहे हैं।
प्रदेश के लाड़ले और जनहितैषी सोच के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता से जुड़े मुद्दों की एक से बढ़कर एक योजनाएं तो लाते हैं लेकिन कम से कम वह उन्ही के गृह जिला सीहोर में दम तोड़ देती है। सीहोरी अफसर शाही की कांग्रेसी मानसिकता जगजाहिर है और यही कारण है यहाँ हर बार मुख्यमंत्री की योजनाएं उनकी पार्टी को नुकसान पहुँचाती हैं। हालांकि इसमें कुछ योगदान पार्टी के उन पदाधिकारियों का भी रहता है जो शासन के नाम पर कमाते-खाते-बताते तो खूब हैं लेकिन गड़बड़ी पर ध्यान नहीं देते। सिर्फ फोटो खिंचाने व विज्ञप्ति छपाने पर ध्यान देते हैं। अधिकारियों की शरण में भी ऐसे कुछेक भाजपा नेता पड़े रहते हैं कि मानों वही उनके माई-बाप हैं।
हाल ही में चर्च मैदान पर अन्नपूर्णा योजना के नाम पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिसके लिये अंतिम दिन अचानक विज्ञप्ति जारी की गई और आमंत्रण पत्र भी बांटे गये। हालांकि योजना के उद्धाटन के लिये पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता सुन्दरलाल पटवा आने वाले थे जिसकी तैयारियाँ भी चल रही थीं। जनता कैसे एकत्र की जाये इसके लिये झूठ का सहारा लेने की योजना बनाई गई। बड़ी संख्या में जिले भर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षा कर्मियों, पंचायत के सचिव व सरपंचों को जनता लाने को आदेशित किया गया। लेकिन ऐसी भीषण गर्मी में कोई दो-चार पुड़ी खाने कैसे आता ? और फिर पटवा जी का प्रचार भी नहीं किया गया था। ऐसे में सिर्फ झूठ ही सहारा बन सकता था। गांव-गांव में अलग-अलग तरह का यह प्रचार कर दिया जाने की खबर है कि जो आयेगा उसका नाम गरीबी रेखा में लिखा जायेगा......? किसी से कहा गया कि वहाँ मकान के पट्टे मिलेंगे......इसलिये मौका मत छोड़ना आ ही जाना......किसी से कहा गया कि वहाँ सबको अनाज बंटेगा......(बेचारे लोग अनाज के चक्कर में झोला और ले आये)? इसी प्रकार किसी से कहा कि भोजन मिलेगा तो किसी से कहा कि सरकार रुपये बांटेगी.....कुछ किसानों से कह दिया गया कि वहाँ सरकार लोन दिलाने के कागज पूरे करेगी और तुम्हे लोन मिल जायेगा....। इस प्रकार जो जैसे मान सकता था उसको वैसा कहा गया और सबको अनाप शनाप जानकारियाँ दे-देकर यहाँ चर्च मैदान पर भारी भीड़ एकत्र कर ली गई।
जनता इतनी आ गई कि मैदान में बने पांडाल में समा नहीं रही थी। सबको अपेक्षा थी कि कुछ न कुछ उन्हे जरुर मिलेगा। बेचारे इंतजार करने लगे। नेताओं के कब भाषण खत्म हों और उन्हे वह मिले जो बताया गया है अर्थात किसी को अनाज की अपेक्षा थी, किसी को लोन की, किसी को जमीन के पट्टे की और किसी को कुछ और.....।
लेकिन सुन्दरलाल पटवा से लेकर करण सिंह वर्मा और सबने ऐसे भाषण दिये कि मानों जैसे उन्हे देखने के लिये जनता इतनी बड़ी संख्या में आ गई है, वह फूले नहीं समा रहे थे, समझ रहे थे कि यह भाजपा सरकार की लोकप्रियता का कमाल है। इधर जनता हैरान थी कि उन्हे कब भाषण से मुक्ति मिलेगी।
अंतत: सबको भोजन के पैकेट मिले। किसी पैकेट में 4 तो किसी में 6 पुड़ी थी, मोटी पुड़ी के साथ एक केरी की फांक अचार वाली और बाकी जरा-सी सेंव व नुक्ती थी। पहले तो उन लोगों को पैकेट दिये गये जो कर्मचारी ठेके पर लोगों को लेकर आये थे उन्होने अपने-अपने पर्चे संख्या लिखी हुई बताई उतने पैकेट मिल गये लेकिन बाद में जब आम जनता भोजन के पैकेट लेने लगी तो पैकेट खत्म हो गये....गर्मी से त्राही-त्राही कर रही जनता को न तो ठंडा पानी नसीब था न भोजन, उस पर जनता को परेशान करने और सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का दुष्चक्र रचते हुए कुछ अधिकारियों द्वारा कहा जाने लगा कि जल्दी से इन्दौर नाके केआगे दशहरा मैदान पर जाईये वहाँ भोजन बंट रहा है। थोड़ी देर में अपने-अपने साधनों से कुछ लोग पैदल भी दशहरा मैदान पर एकत्र होने लगे लेकिन वहाँ तो कुछ भी नहीं था।
कुल मिलाकर गांव-गांव से आया विशाल जनसमूह भाजपा के नेताओं को कोसता हुआ, उन्हे सालता हुआ अपने गंतव्य को रवाना हो गया। वह सोच रहा था कि कुछ दिया जायेगा लेकिन यहाँ तो भोजन भी ठीक से नहीं नसीब हो सका। इस प्रकार यह कार्यक्रम बजाये भाजपा शासन की लोकप्रियता बढ़ाने के मुख्यमंत्री की योजनाओं पर कुठाराघात कर गया।
इधर कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी अब तक भाजपा के स्थानीय नेताओं ने जनता को जिस प्रकार परेशान किया गया व झूठ बोला गया इसके लिये कोई कार्यवाही की शुरुआत नहीं की है, वह अभी भी अधिकारियों को ही खुश करने में लगे हैं। इसी प्रकार न पटवा जी न ही करण सिंह वर्मा ने भी मौके पर इस गड़बड़ी के खिलाफ किसी अधिकारी को डांटा डपटा।

...और पटवा जी को घंटो कोसते रहे लोग

सीहोर। पूर्व मुख्यमंत्री सुन्दरलाल पटवा को क्या पता था कि चर्च मैदान पर जो विशाल जनसमूह उपस्थित है वह किन-किन झूठे-सच्चे वायदों के साथ यहाँ लाया गया है। पटवा समझते रहे कि यह शिवराज की लोकप्रिय सरकार का कमाल है और उपस्थित जनता पटवा को जाने के बाद भी दिनभर कोसती रही कि देखो भाजपा के नेताओं को वादे तो कर लेते हैं लेकिन देते नहीं....जनता समझ रही थी कि आज उन्हे पट्टे, लोन, जमीन और जाने क्या-क्या मिलने वाला है।

मंडल कार्यालय में तोड़ फोड़ करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

आष्टा 30 अप्रैल (नि.सं.)। विद्युत कटौती से नाराज अज्ञात लोगों ने गत रात्री में भीड़ के रुप में विद्युत मण्डल के कार्यालय में पथराव तोड़ फोड़ एवं वहाँ के कागजातों में आग लगाई थी।
उसके बाद पुलिस बल मंडल में तैनात किया गया था। कल जे.ई.श्री यशवंत कुमार जैन की शिकायत पर आष्टा पुलिस ने ऐसे अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 427, 435 भादवि एवं 34 लोक सम्पत्ति निवारण अधिनियम की धारा के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। स्मरण रहे उस रात्री को जो अज्ञात लोग भीड़ के रुप में मंडल पहुँचे थे उन्होने कई दुकानों की बंद शटरों को भी ठेका था तथा कई दुकानदारों को अपशब्दों को भी किया था।

वो 10 हजार की दिलाई राशि में से एहसान के नाम पर आधे मांग रहा

आष्टा 30 अप्रैल (नि.प्र.)। इन दिनो आष्टा क्षेत्र में एक पार्षद के पुत्र द्वारा एक गरीब परिवार को उसके परिवार में उसके पिता की मृत्यु के बाद राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अन्तर्गत आष्टा नगर पालिका द्वारा दी गई। 10 हजार की राशि में से 5 हजार रुपये मांगे जाने की चर्चा गर्मागर्मा है। क्या कोई जन प्रतिनिधि या उसका पुत्र इतना नीचे भी गिर सकता है कि वो अपने ही उस मतदाता परिवार के सदस्य से जिसके मत से आज उसके परिवार के एक सदस्य को जन प्रतिनिधि होने का गौरव प्राप्त हुआ है वो ही जन प्रतिनिधि का पुत्र उसी मतदाता से जबकि उसे दुख की घड़ी में उसके साथ खड़ा होना चाहिये ऐसा ना कर उसे मिलने वाली सहायता में से भी रिश्वत के नाम पर राशि मांग करना चाहिये क्या ? इस जनप्रतिनिधि के पुत्र का स्तर इतना नीचे भी गिर सकता है किसी ने सोचा भी नहीं होगा। लेकिन यह सही है। आष्टा नगर पालिका क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के सदस्यों के सिर से उस परिवार के मुखिया (पिता) का साया उठ गया। ऐसे परिवारों को सरकार की और से राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के अन्तर्गत आश्रितों को 10 हजार रुपये दिये जाते हैं। उक्त परिवार को उसके वार्ड पार्षद की अनुशंसा पर नगर पालिका ने उक्त प्रकरण स्वीकृत कर 10 हजार की राशि प्रदान की जैसे ही उक्त दुखी परिवार को चेक मिला पार्षद के पुत्र की लार टपकना प्रारंभ हो गई और वो उक्त परिवार से 10 हजार के बदले 5 हजार देने की मांग करने लगा। इस कलयुगी पुत्र का स्तर इतना ही नहीं गिरा मांगी गई 5 हजार की राशि नहीं देने पर परिवार के सदस्या को पिटवाने तक की धमकी दे रहा है। बताओ ऐसे जनप्रतिनिधि के पुत्र को क्या कहें। ऐसा नहीं है उक्त पुत्र इसके पहले भी अपने ही वार्ड के गरीब लोगों के गरीबी के राशन कार्ड बनवाने के नाम पर प्रत्येक राशन कार्ड पर 100 से 500 रुपये तक वसूल करने के मामले में चर्चा में रहा था.....अब इनके लिये क्या कहें।

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत अन्य चार घायल sehore

सीहोर 30 अप्रैल (नि.सं.)। इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर आज सुबह बाइक सवार तीन लोगों को एक ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी जिसमें बाइक चालक की मौत हो वहीं पीछे बैठे दो अन्य लोग घायल हो गये।
उधर दोराहा एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में एक महिला सहित एक युवक घायल हो गये हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोकलपुरा थाना मंडी निवासी 46 वर्षीय अजीज खां पुत्र मुंशी खां आज सुबह मोटर साईकिल से सत्तार व रुगनाथ को लेकर सीहोर आ रहा था तभी मंत्री पेट्रोल पंप के समीप पीछे से आ रहे ट्रक एमपी 09 केसी 2471 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चालकर बाइक में टक्कर मार दी परिणाम स्वरुप अजीज खां की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई तथा सत्तार खां व रुगनाथघायल हो गये जिसमें सत्तार खां को उपचार हेतु भोपाल एवं रुगनाथ सिंह को सीहोर अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
इसी प्रकार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम थूना कला में दुकान पर आई जमोनिया निवासी 40 वर्षीय सागर बाई पत्नि किशोर मेवाड़ा को बाइक एपी 37 बी 5065 के चालक ने पीछे से टक्कर मार कर घायल कर दिया जिसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय दाखिल कराया गया है। एक अन्य दुर्घटना में ग्राम आगर निवासी 20 वर्षीय धनीराम पुत्र मूलचंद को बीती रात हिगौनी जोड़ के समीप कुरावर तरफ से आ रहे ट्रक एचआर 38 जे.5166 के चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया जिसे उपचार हेतु एलबीएस अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया है। बताया जाता है कि घायल अपनी बाइक क्रमांक एमपी 04 एमजी 0593 से कुरावर तरफ जा रहा था।