Sunday, January 4, 2009

शांति समिति की बैठक आयोजित, मोहर्रम आपसी सद्भाव एवं भाईचारे से मनाया जायेगा

सीहोर 3 जनवरी (नि.सं.)। आने वाली 8 जनवरी को मोहर्रम त्यौहार मनाए जाने के सिलसिले में आज शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुस्लिम त्यौहार कमेटी की ओर से कहा गया कि मोहर्रम को उसकी गरिमा के मुताबिक पूरे सद्भाव एवं भाईचारे के साथ मनाया जायगा।

स्वस्थ परम्परा कायम रहेगी

      बैठक में कलेक्टर श्री डी.पी. आहूजा ने कहा कि प्रत्येक त्यौहार आपसी सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है। सीहोर में प्रत्येक त्यौहार शांति एवं सद्भाव से मनाने की स्वस्थ परम्परा रही है जिसे आगे भी कायम रखा जायगा। उन्होंने जिला शांति समिति के पदाधिकारियों को अपनी तथा पुलिस कप्तान डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की ओर से नव वर्ष की शुभ कामनाएं दी।

व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश

      बैठक में कलेक्टर श्री आहूजा ने मोहर्रम त्यौहार पर व्यवस्थाएं दुरूस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सवारी और अखाडे निकाले जाने के पूर्व रास्तों को देख लिया जाय और उन पर साफ सफाई की जाय। उन्होंने कहा कि त्यौहार के दिन करबला और भोपाली फाटक रोड पर सफाई और बिजली, पानी के इंतजाम मुकम्मल किए जांय। आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए उन्होंने नगरपालिका अधिकारी को ताकीद की कि आवारा पशुओं को शहर से दूर कर दिया जाय जिससे किसी भी प्रकार के व्यवधान की संभावनाएं न बनें।

शस्त्रों का प्रदर्शन नहीं होगा

      कलेक्टर श्री आहूजा ने कहा कि अखाडों में किसी भी तरह के शस्त्रों का प्रदर्शन नहीं किया जायगा और न ही मार्ग बदले जांएगे। उन्होंने कहा कि ताजिया और अखाडे के लिए जो स्थान और मार्ग पहले से निश्चित किए गए हैं उनका ही उपयोग किया जायगा। अचानक मार्ग नहीं बदले जायेगे। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए यह जरूरी है कि सभी कार्य पूर्व निर्धारित समय और स्थान के मुताबिक संपन्न किए जांय। उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्ग पर तीन जगह पानी के टेंकर खड़े किए जांएगे जिससे नागरिकों को पेयजल की दिक्कत न हो।

पुलिस के इंतजाम मुकम्मल

      बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ.राजेन्द्र प्रसाद ने कहा कि मोहर्रम त्यौहार के दौरान पुलिस के इंतजामात मुकम्मल रहेंगे। उन्होंने कहा कि शहर में आपसी सद्भाव एवं भाईचारे का माहौल कायम है जिसे अनवरत बनाए रखा जायगा। उन्होंने कहा कि छोटी मोटी अप्रत्याशित घटना को मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। जहां तक हो अप्रत्याशित घटनाम को शांति से सुलझा लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे समय शांति समिति को चाहिए कि वह अपना सहयोग सुनिश्चित करे।

ताजिया विसर्जन के इंतजाम होंगे 

      बैठक में ताजिया विसर्जन पर चर्चा के दौरान बताया गया कि नदी में पानी की कमी के चलते इस साल ताजिया विसर्जन में कठिनाईयों का सामना करना पड सकता है। समिति ने तय किया कि ताजिया विसर्जन के लिए नांद खोदी जाकर उसे टेंकर से पानी डालकर भर दिया जायगा जिसमें गरिमामय ढंग से ताजिये विसर्जित कर दिए जांएगे।

      बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय, एडीएम श्रीमती भावना बालिम्बे और एसडीएम चन्द्रशेखर बालिम्बे सहित शांति समिति के सदस्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, गोपाल दास राठौर, पत्रकार अम्बादत्त भारतीय, राधेश्याम भावसार, मोहम्मदी अखाडा के मुन्ने उस्ताद, मुस्लिम त्यौहार कमेटी के सचिव अब्दुल करीम, अजीज चाचा, महेन्द्र सिंह अरोरा, मेहरबान सिंह बलभद्र, हरि सोनी और कमलेश राठौर मौजूद थे। 

क्या अब भी सोया प्रशासन नहीं जागेगा

      आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.)। कल बायापास मार्ग पर स्कूल बस जिसमें 40 से अधिक छात्र-छात्राएं सवार थे पलट गई जिसमें सभी घायल हुए। भगवान की कृपा रही कि कोई बड़ी घटना नहीं घटी। कल घटी उक्त घटना के बाद क्या अब भी प्रशासन नहीं जागेगा क्योंकि आष्टा में रोजाना कई विद्यालयों की बसें एवं कई रिक्सों में सुबह से स्कूली छोटे-छोटे बच्चों को निश्चित से दुगनी संख्या में छात्र-छात्राओं को भरकर स्कूल ले जाया जाता है। कल जो घटना घटी अब आवश्यकता है इसको लेकर स्थानीय प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यातायात, पुलिस सक्रिय होकर एक अभियान चलाये और कोई अन्य घटना इस प्रकार की घटे उसके पहले ही रोकने के सार्थक उपाय करें।

      आष्टा में रोजाना कई रिक्से वाले अपने रिक्सों में 15 से 20 और कई में तो इससे भी अधिक बच्चों को भरकर उन्हे स्कूल ले जाया जाता है जो कभी भी घटना और दुर्घटना के कारण बन सकते हैं।

 

 

 

कपड़े की तीन गठाने फिर उतरी

      आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.)। इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर फिर 28 दिसम्बर को दिन के 11 बजे ट्रक क्रमांक एमपी 09 केसी 8779 की तिरपाल रस्से काटकर तीन गठानें उतार ली ।

      उक्त घटना डोडी घांटी और चिन्नौटा जोड़ के बीच घटी। पुलिस ने ट्रक चालक बामनराव की रिपोर्ट पर 1 जनवरी को प्रकरण दर्ज किया। 

खाद्य निरीक्षक के खिलाफ किराना दुकानें अनिश्चित काल के लिये बंद, व्यापारियों ने जुलूस निकाला, ज्ञापन सौंपा

आष्टा 3 जनवरी (नि.सं.)। खाद्य विभाग सीहोर में पदस्थ खाद्य निरीक्षक बसंत दत्त शर्मा द्वारा पिछले कई महिनों से आष्टा नगर के किराना व्यापारियों को सेम्पल के नाम पर अनावश्यक रुप से तरह-तरह से परेशान किये जाने के विरोध में आज आष्टा के किराना व्यापारियाें का धैर्य टूट गया और उन्होने खाद्य निरीक्षक की मनमानी के खिलाफ अपने-अपने प्रतिष्ठान अनिश्चित काल के लिये बंद कर शाम को बड़ा बाजार से किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र जैन के नेतृत्व में एक विशाल जुलूस निकाला जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ एसडीएम कार्यालय पहुँचा। यहाँ पर किराना व्यापारी संघ की और से जिलाधीश के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार बिहारी सिंह को सौंपा गया जिसमें मांग की गई है कि खाद्य निरीक्षक बसंत दत्त शर्मा को जब तक नहीं हटाया जाता तब तक आष्टा के किराना व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद रखेंगे। किराना व्यापारियों ने खुला आरोप लगाया कि उक्त निरीक्षक प्रतिष्ठानों पर पहुँचकर उन्हे धमकी देता है कि मैं भिंड मुरैना का हूँ...पिछले कई दिनों से इस तरह की धमकियाँ से किराना व्यापारी धैर्य बांधे हुए थे लेकिन आज उनकी अति के कारण किराना व्यापारियों को सड़क पर उतरना पड़ा। एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन का वाचन किराना व्यापारी संघ के उपाध्यक्ष उत्तम सुराना ने किया अंत मे आभार संजय पोरवाल द्वारा व्यक्त किया गया।

जो व्यापारी मंडी में अपने यहाँ ताश खेलेगा या खिलायेगा वो नीलामी में भाग नहीं ले सकेगा

      आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.)। आष्टा कृषि उपज मंडी में व्यापारियों के यहाँ से अनाज के बोरों की हो रही चोरियों से व्यापारी तंग आ चुके हैं यहाँ पर जो सुरक्षा गार्ड तैनात था उसे भी बोर्ड के आदेश के बाद हटा दिया गया है। जब व्यापारियों ने लगातार हो रही चोरियों को लेकर सचिव को अवगत कराया तो सचिव ने सभी व्यापारियों, हम्मालों, मंडी कर्मचारियों की बैठक ली और बैठक में यह बात उभर कर आई की कई बाहरी लोग मंडी में तरह-तरह के कारणों से आते हैं इसमें ताश खेलने आने वाले भी शामिल है। इसलिये भी कई प्रकार की स्थिति बनती है।

      बैठक में जो चर्चा हुई और बात उभर कर आई उसके तहत अब मंडी में जिस दुकान के परिसर में ताश खेलेंगे या जो व्यापारी ताश खेलते पाया जायेगा  उसे मंडी की नीलामी में बोली लगाने से रोका जायेगा। गत दिवस एक दुकान से कुछ लोग अनाज के कट्टे चुराकर जा रहे थे पीछा किया तो भाग निकले। भागने वालों की संख्या 5-6 बताई जाती है। इसके पहले भी कई बार मंडी में चोरियाँ हुई है। देखना है जो निर्णय हुआ है वो चोरी रोकने में कारगार सिध्द होता है या नहीं। 

उपचार के दौरान तीन की मौत

      आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.) । आग से जलने जहरीला पदार्थ खाने व वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो ग्रामीण सहित एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार आष्टा थाना क्षेत्र के ग्राम कोठरी निवासी 25  वर्षीय विशाखा पत्नी विजय को बीते माह आग से जलने के कारण गंभीर अवस्था में तथा ग्राम निपानिया निवासी 45 वर्षीय हरीनारायण आ.देवकरण वर्मा को वाहन दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उपचार हेतु हमीदिया अस्तपताल भोपाल एवं शाहगंज थाना क्षेत्र के रमपुरा निवासी 70 वर्षीय छोटलाल आ. विसना प्रसाद गौड़ को जहरीला पदाथ खाने से इलाज हेतु केशव अस्पताल होशगाबाद दाखिल कराया गया था जहां पर इनकी मौत हो गई। 

आखिर रोकस सूचना के अधिकार के तहत क्यों नहीं दे रही है जानकारी

आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.)। सिविल अस्पताल यूं तो अनेकों अव्यवस्थाओं, लापरवाही, अनियमित-ताओं का अड्डा बना हुआ है लेकिन यहा पर सूचना के अधिकार की भी धाियाँ उड़ाई जा रही है। कुछ दिनों पूर्व रोकस का निर्णय बताते हुए एस.डी.एम. के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग आष्टा द्वारा अस्तपाल के पीछे के सभी गेट बन्द कर दिये गये। रोगी कल्याण समिति आष्टा के दो जागरूक सदस्य अशोक देशलहरा एवं रमेश वोहरा प्रिन्स ने इस उठाये गये कदम को लेकर सूचना के अधिकार के तहत एक आवेदन प्रभारी रोकस सिविल अस्पताल को एक आवेदन नियमानुसार 20 दिसम्बर को दिया। आवेदन के साथ एक रसीद दस रू. की कटाई गठ्र रोकस के दोनों सदस्यों ने रोकस से सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी की पीछे के गेट बन्द किये जाने का निर्णय किस बैठक में किस दिनांक को पारित हुआ। इस संबंध में रोकस के दानों सदस्यों ने बताया कि नियमानुसार एक सप्ताह में उक्त जानकारी देना थी लेकिन आज तक नहीं दी गई जब प्रभारी से जानकारी नहीं देने का कारण पूछा तो इन्हें बताया की जानकारी देना है या नहीं देना है इसके बाद में एस.डी.एम से मार्गदर्शन मांग गया है राकेस को आज तक मार्गदर्शन भी प्राप्त नहीं हुआ 7 दिन के बदले 14 दिन हो गये लेकिन सूचना के अधिकार के तहत सदस्यों को जानकारी नहीं दी गई। पूछने पर इन्हें संतोषजनक जबाव भी नहीं दिया जा रहा है अब उक्त दोनों सदस्य इस मुददे में ऊपर शिकायत करने का मन बना रहे है। देखना है यह मुददा क्या रंग लाता है। 

चोरी के चोर उजैन में पकड़ाये तो आष्टा पुलिस ने भी चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया

      आष्टा 3 जनवरी (नि.प्र.)। चोर चोरी करके ले जाये उसके बाद फरियादी जब थाने पहुंचता है तो पुलिस प्रयास करती है कि सीधे प्रकरण रोजनामचे में दर्जना करके उसे लिखित में ले ले और अगर मुलाजिम मिल जाये तो फिर प्रकरण दर्ज कर लो ऐसा ही एक मामला सामने आया ऐसा लगता है 29 दिसम्बर को इन्द्रा कालोनी निवासी  पार्वती बाई पत्नि बाबूलाल के घर से चौर 50 हजार नगदी एवं 18 हजार के सोने चॉदी के जेवर ले गये। सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 09 को आष्टा पुलिस ने उक्त चोरी की रिपोर्ट रोजनामचे में दर्ज की वही यह भी खबर है कि महिला ने जिन दो चौरों के नाम सन्देह में लिखवाये वो उौन में रेलवे स्टेशन पर पकड़े गये उनके पास से नगदी माल भी बरामद होने की सूचना है।  मतलब उधर चौरों का पकड़ाना और इधर चौरी की रिपोर्ट दर्ज होना क्या यह एक संयोग है या फिर.....

चरित्रवान बनो तो अमर सिंहासन मिल जायेगा-गोविन्द जाने

      आष्टा 3 जनवरी (नि.सं.)। परमपिता की दया से दुनिया दर्शन का मेला है, जब भी मेला लगा करता है कोई भी मेले से अपने घर जरुर आया जाता है, मेला तो बाजार है दर्शन करने के बाद में जो भव बनता है वह भाव ही तय करता है कि मनुष्य नर्क में जायेगा या की बैकुंठ में जायेगा। दर्शन का मतलब होता देखना, देखने से मन शुध्द होगा तो भव अच्छा बनेगा तो कर्म अच्छे होंगे तो मार्ग भी अच्छा बनेगा, और वही मार्ग आपको बैकुंठ के द्वार तक ले जायेगा।

      उक्त उद्गार श्रीमद भागवत कथा के तीसरे दिन संत श्री गोविन्द जाने ने खंडेलवाल मैदान में अपार श्रध्दालु समूह के सामने व्यक्त किये। आज विशाल पंडाल में मौजूद नर-नारियों का समूह भाव विभोर होकर संत की वाणी के जादू में खो गए और आध्यात्म की गंगा में मग् होकर झूमते गाते मंत्रमुग्ध रह गये। अपने सद्वचनों के माध्यम से संत श्री गोविन्द जाने के कहा कि संसार में आये हो तो कंचन, कामिनी और कीर्ति में कभी मत उलझना, जो इनसे बचकर निकल गया वह महापुरुष बन गया है, नर से नारायण की तरफ मुड़ो, पूरा दुनिया भी साथ दे तो और बात है। पर तुम भी साथ दो तो और बात है, चलने को तो एक पांव से भी चला करते हैं लोग पर तुम साथ दो तो और बात है, पूरा जमाना साथ दे तो और बात है पर पर्दे के पीछै रहने वाला साथ दे तो और बात है। हम टाकीज में फिल्म देखने जाते हैं तो वहाँ की नग्न तस्वीरें और पता नहीं क्या-क्या देखकर आने पर मन मुरझा जाता है लेकिन जब हम मंदिर में भगवान के रुप के मन से दर्शन करके निकलते हैं तो मुख पर तेज होता है, मन संतुष्ट और प्रसन्न रहता है। जब तक आप मर्यादित रहेंगे एक पति-पत्न वृत रहेंगे। मन को अपने मस्तिष्क पर सवार मत होने दो, चरित्रवान बनो, आप कोशिश करो की सौ साल की जिंदगी का चुनाव आप जीत जाएं तो आपके पल्ले कोई मंत्री, विधायक की 5 साल की कुर्सी नहीं हमेशा अमर रहने वाला सिंहासन मिल जायेगा, दुनिया के किसी सत्संग में किसी नेता या मंत्री का गुणवान नहीं गाया जाता है, वहाँ केवल उस सिंहासन में बैठने वाले का गुणवान होता है वे सब महापुरुष है, सिंहासन तब मिलेगा जब कंचन, कामिनी और कीर्ति से बच जायेंगे। कपड़े मेले हो गऐ तो आप धोबी से धुलवा कर साफ करवा लेंगे। लेकिन जब मन मैला हो जाए तो किससे धुलवाएंगे, सद्गुरु यही धोबी से धुलवा कर साफ करवा लेंगे, लेकिन जब मन मैला हो जाए तो किससे धुलवाऐंगे, सद्गुरु यही धोबी का काम करता है, आप मन के मैल को धुलवाने के लिये सद्गुरु के चरणों में जाएं, जिससे आपको भी वह सिंहासन मिल सके। जमाने में रहते हुए अगर मन का मैल धुल जाए तो समझना आपका जीवन सफल हो गया। जब भी गोपाल का नाम, किसी महापुरुष का नाम लो, उनका ध्यान करो तो भीतर से, अंतरात्मा से करो, ऐसा करने से आपका संपर्क सीधे परमसत्ता से होगा और आप जिसके लिये दुआएं करेंगे, जिसके सिर पर हाथ रख देंगे तो उसके दुख दर्द दूर हो जायेंगे। आप करके तो देखो। जन्म और मरण महत्वपूर्ण नहीं होता है, कर्म महत्वपूर्ण होता है, आपके अच्छे कर्म ही दुनिया मे पूजे जायेंगे, मैं सभी माताओं बहनों से अनुरोध करता हूँ कि रोज शाम को जब सूर्यास्त होता है तो घर में दीपक जलाकर ईश्वर का नाम सुमिरन करें, घर में प्रेम का माहौल बनाएं, इससे ही आपके जीवन के कष्ट दूर हो जायेंगे, आप खाना ईश्वर का नाम लेकर उसका ध्यान करके बनाएं, और रोटी के टिफिन में सबसे नीचे एक तुलसी का पत्ता रख दें, तो इससे खाने वाले के विचार शुध्द होते जायेंगे और विश्वास करना आपके पति की शराब भी छूट जायेगी। जिस घर में माता, पिता,  पत्नि, बच्चे दुखी रहते हैं, रोते हैं, लड़ते  रहते हैं, उस घर से लक्ष्मी भी चली जाती है, इनके आंसू आपकी जिंदगी का े तबाह कर  देंगे।

      श्रीमद् भागवत कथा प्रारंभ होने से पूर्व संयोजक गोपी सेठी, विजय खंडेलवाल, अध्यक्ष गजेन्द्र टेलर, गोविन्द सोनी, महेन्द्र तलवारा, मनोज नागर, दिनेश डाबी, वरिष्ठ समाजसेवी अनोखीलाल खंडेलवाल, नपाध्यक्ष कैलाश परमार, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, रामेश्वर खंडेलवाल, बापूलाल मालवीय, धरम सिंह आर्य, सोभाल सिंह भाटी, देवबगस मेवाड़ा, कमल किशोर नागौरी, गजराज सिंह सरपंच, शंकर लाल बालोदिया डाबरी, संतोष झंवर, प्रदीप प्रगति, अवध नारायण सोनी, सौभाग सिंह पटेल, लोरास, सौभाग सिंह पटेल जताखेड़ा, भेरुलाल परमार हकीमाबाद, पप्पु पद्मसी, सुरेश चंद परमार किलेरामा, संजय जैन पत्रकार, अजय टेलर, जगदीश खत्री पार्षद, कैलाश बगाना, मदनलाल भूतिया, देशचंद बोहरा, रमेश राठौर, पंकज यादव, मोतीलाल आदि सहित हजारों श्रध्दालुजनों ने कथा का आध्यात्मिक खजाना लूटा। 

बीते वर्ष में मिली नगर को कई सौगाते

      जावर 3 जनवरी (नि.प्र.)। बीते वर्ष 08 में नगर को मिली कई सौगातें जिनको नगरवासी कई वर्षों तक याद रखेंगे वहीं नये वर्ष 09 में नगर वासियों को है कई सौगातें मिलने की उम्मीद। बीतें वर्ष 08 में नगर को वो सौगातें मिली जो बीते पचास वर्षों में भी नहीं मिली थी। नगर के लिये वर्ष 08 यादगार रहेगा। इस वर्ष में नगर को मिली सौगातें को नगरवासी कभी भूल नहीं पायेंगे। बीते वर्ष 08 में नगर को मिली सौगातें इस प्रकार है पहली जावर को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा उनके नगर आगमन पर तहसील का दर्जा देने की घोषणा, नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा, उपमंडी को स्वतंत्र मंडी का दर्जा नगर विकास के लिये नगर पंचायत को मिले 25 लाख रुपये इसके अलावा वर्षों पुरानी जावर कजलास, सडक़ बनी व अरोलिया से कुरावर व कजलास से मूंडला तक की सड़क स्वीकृत हुई। इसके अलावा भी नेवज नदी पर करोड़ो रुपये की लागत से ग्यारह स्टाप डेमो का निर्माण चल रहा है जिनमें से कुछ तो बनकर तैयार भी हो गये हैं नगर के राजेन्द्र सिंह का कहना है कि इतनी सारी उपलब्धि नगर को मात्र बीते वर्ष 08 में ही मिली है। वर्ष 08 में नगर को मिली उपलब्धियों को नगरवासी कभी भूल नहीं पायेंगे। दो हजार नौ मे से सौगातें मिलने की उम्मीद है नगरवासियों को। इनमें प्रमुख रुप से बालिकाओं को पढ़ने के लिये कन्या हाईस्कूल तालाब का जीर्णोध्दार, गुराड़िया वर्मा से धुराड़ा तक पक्की सड़क बनी आदि उपलब्धि रहीं। 

Saturday, January 3, 2009

चमत्कारी चेहरा ज्‍योतिषी संजीव राज का इन दिनों सीहोर में डेरा, चेहरा देखकर व्यक्ति की कई बातें बता देते हैं, जंगली जड़ी-बूटियों से करते हैं इलाज

सीहोर 2 जनवरी (नि.सं.)। श्रीदेवी, शत्रुघ् सिन्हा, राजबब्बर से प्रसिध्द अभिनेताओं के अलावा अनेक प्रदेशों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, नेताओं तक को अपनी दैवीय चमत्कार से प्राप्त फेस रीडिंग की कला से प्रभावित कर देने वाले संजीव राज मुखिया ने इन दिनों सीहोर में डेरा डाला हुआ है। पारम्परिक भील आदिवासी संजीव विकट बीमारियों का जड़ी-बूटियों से इलाज भी करते हैं, यह इनका पारम्परिक पुस्तैनी धंधा भी है। इन दिनों यह सीहोर में डेरा डाले हुए हैं।

      मूलत: बस्तर जिले के रहने वाले और अब आंध्रप्रदेश के निवासी संजीव राज मुखिया अपने छोटे भाई और परिवार के साथ इन दिनों सीहोर में आये हुए हैं। संजीव विगत 4-5 दिनों से सीहोर में हैं और उन्होने सीहोर के कुछ वरिष्ठ नेताओं तथा पुलिस अधिकारियों से मिलकर उनकी फेस रीडिंग की है। इसकी अच्छी फेस रीडिंग के कारण यह लोग चमत्कृत भी हुए हैं ।

      संजीव राज बस्तर जिले के आदिवासी जाति का एक भील परिवार में जन्मा युवक है। इनके समुदाय में करीब 40 परिवार जुड़े हुए हैं। इनका अपना एक डेरा है। इस डेरे के बड़े परिवार का यह सदस्य है। यह भील परिवार दंतेश्वरी देवी का भक्त हैं और उनका आशीर्वाद भी इन्हे प्राप्त है। संजीव राज के पूर्वज जंगल में ही रहते थे और संजीव का बचपन में जंगलों में ही बीता है। भीलों के लिवास में रहने वाला संजीव राज की बस्ती ने विगत 20 साल पहले से शहरी सभ्यता के अनुसार स्वयं ढाला है। यह भील जाति जंगलों में विभिन्न औषधियों के जानकार हैं और उन्ही के उपयोग से स्वयं का भरण पोषण करते हैं। इस कला में यह भी पारंगत है।

      संजीव पूर्व में देश के प्रसिध्द सिने अभिनेत्री रही श्रीदेवी सहित शत्रुघ्न सिन्हा, राज बब्बर आदि अनेक लोगों को अपनी विद्या से प्रभावित कर चुका है। इसने देश भर के वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधि कारियों को अपनी फेस रीडिंग से प्रभावित किया है तथा उन्होने अपने प्रमाण-पत्र भी इसे बनाकर दिये हैं।

      संजीव राज ने आज फुरसत से बातचीत करते हुए कहा कि हम गठियावाय, दमा, खांसी, माइग्रेन सिरदर्द, पेट संबंधी गैस की समस्या, धुंआ-धूल से एलर्जी की समस्या आदि अनेक बीमारियों के लिये इलाज करते हैं, उनके लिये हमारे पास औषधियों से बनी दवाईयाँ हैं।

      तमिल व हिन्दी में मिली जुली भाषा बोलने वाला संजीव राज बहुत अच्छे नाड़ी वैद्य हैं और सुबह बिना कुछ खाये-पिये जब कोई व्यक्ति अपना इलाज नाड़ी के माध्यम से कराता है तो फिर यह उससे उसकी बीमारी के लिये कुछ भी नहीं पूछते बल्कि हाथ पकड़कर उसकी नाड़ी की गति नापना शुरु करते हैं और फिर उसके शरीर की सारी स्थिति बोलते हुए उसकी समस्त बीमारियाँ बताना शुरु कर देते हैं।

      यही स्थिति इनकी फेस रीडिंग के मामले में भी है, माँ दंतेश्वरी देवी के आशीर्वाद से दिन में सिर्फ 3 लोगों की ही यह फेस रीडिंग करते हैं, लेकिन जब यह बोलना शुरु करते हैं तो फिर सामने वाला सिर्फ सुनता ही रह जाता है। उसकी समस्याएं और उसको क्या करना चाहिये यह भी यह फेस रीडिंग से सुझाते हैं। संजीव राज ने फुरसत को बताया कि अभी वह अपना डेरा बस स्टेण्ड के पास अरोरा पेट्रोल पंप के करीब डाले हुए हैं और अब यहीं करीब 5-6 माह तक रहेंगे और अपनी विद्या से जनता को लाभ पहुँचायेंगे।

क्या सिर्फ अखाड़ो के हथियार होंगे या होगा शक्ति प्रदर्शन

      सीहोर 2 जनवरी (नि.सं.)। मोहर्रम के पर्व को लेकर सीहोर में खासा उत्साह है और इसकी तैयारियाँ बहुत जोर-शोर से चल रही हैं। कई मोहल्लों में लग्गियाँ लगाकर उन्हे सजाया गया है। पहली तारीख को चौकी धोने वाले जुलूस के दिन जहाँ कस्बा में हथियारों के साथ निकले युवकों की अचानक दौड़ ने यहाँ माहौल गड़बड़ा दिया वहीं छावनी में शांति पूर्ण निकले जुलूस ने कुछ व्यवस्था बनाकर रखी लेकिन गत वर्ष मोहर्रम के जुलूस में चूंकि आसपास के लोग भी आये थे अपेक्षा से अधिक हथियार जुलूस में उपयोग किये गये थे इसको लेकर इस बार बाजार में सरगर्मी बनी    हुई है।

      असल में मोहर्रम का जुलूस अखाड़ों के मार्गदर्शन में निकलता है और एक अखाड़े में जितने हथियार होना चाहिये और जिन खलिफाओं के हाथ में वह होना चाहिये वह हथियार उन खलिफाओं के हाथ से निकलकर हर एक बच्चे के हाथ में थमा दिये जाते हैं और हथियार इतने अधिक हो जाते हैं फिर वह शोभा बढ़ाने की अपेक्षा माहौल में तनाव पैदा करते हैं। गत वर्ष चूंकि जुलूस में आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया था और हर एक क्षेत्र के लोगों को दूसरे क्षेत्र में एकत्र कर जुलूस की भव्यता और अनगिनत हथियारों का प्रदर्शन हुआ था उसके कारण ही इस वर्ष सीहोर में मोहर्रम के जुलूस को लेकर चर्चाएं खास हो रही हैं।

      हालांकि इस बार मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने मशालों के उपयोग बहुत कम मात्रा में करने की बात कही है, लेकिन हथियारों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट बयानबाजी नहीं आई है। संभवत: इसी तारतम्य में जिला प्रशासन आज शांति समिति की बैठक भी आहूत की है।

खून की कमी बताकर जिस महिला को प्रसूती के लिये मना किया, उसने बीच बाजार में एक लड़के को जन्म दिया

आष्टा 2 जनवरी (नि.सं.)। लगता है कि वर्ष 2009 का आगमन आष्टा सिविल अस्पताल के लिये शुभ नहीं है क्योंकि 2009 की शुरुआत होते ही अस्पताल में रोजाना किसी ना किसी बात को लेकर हंगामा हो रहा है आज तीसरे दिन भी अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। अगर समय पर पुलिस नहीं आती तो आज खबर कुछ और ही बनती।

       हंगामा का कारण था प्रसूति के लिये आष्टा तहसील के ग्राम ग्वाला से आई एक महिला जिसका नाम श्रीमति जरीना बी पत्नि रफीक खां है, जब शाम को सिविल अस्पताल पहुँची तो उससे महिला चिकित्सक डॉ. श्रीमति अंजना सिंह ने देखा और खून की कमी बताकर उसके साथ आये परिजनों को बता दिया कि इनकी डिलेवरी यहाँ नहीं हो सकती है क्योंकि यहाँ खून चढ़ाने की सुविधा नहीं है यह सुनकर परिजन उक्त महिला को सीहोर ले जाने के बदले प्रसूता को एक निजी सिध्दार्थ अस्पताल ले गये वहाँ से भी इन्हे सीहोर जाने का सुझाव दिया गया।

      जब प्रसूता एवं उनके परिजन सिध्दार्थ से पैदल आ रहे थे तभी अचानक चौरसिया टीवी सेंटर बुधवारा के सामने चौराहे पर उक्त महिला को जोर से दर्द उठा वह जमीन पर बैठ गई और थोड़ी देर बार एक लड़के को जन्म दिया। यह देखकर आसपास के सब लोगों ने प्रसूता के आसपास ओट व अन्य बड़े-बड़े खोखे लगाकर आड़ की तथा डिलेवरी हो जाने के बाद उसे भीड़ अस्पताल लेकर पहुँची। यहाँ पर उसे भर्ती किया गया और भीड़ ने इस संवेदनशील मामले को लेकर जमकर हंगामा किया।

      भीड़ की मांग थी कि महिला चिकित्सक ने इस प्रसूता को जबरन अस्पताल में डिलेवरी ना करते हुए सीहोर भेजने के लिये रवाना किया था। भीड़ ने नारे लगाये कि महिला चिकित्सक को बर्खास्त किया जाये। भीड़ में काफी आक्रोश था ऐसा लग रहा था कि कुछ भी हो सकता है। तत्काल यहाँ तैनात सैनिक ने थाने को सूचना दी थाने से टीआई हनुमंत सिंह राजपूत सादल बल के अस्पताल पहुँचे और भीड़ को खदेड़ा। लगभग आधा घंटे के बाद अस्पताल स्थिति सामान्य हुई जिस महिला को जचकी हुई। महिला चिकित्सक ने बताया कि यह उसकी 6 टी डिलेवरी थी इसके पहले उक्त महिला पाँच बच्चों को जन्म दे चुकी थी और यह काफी कमजोर थी। महिला को खून की कमी होने के कारण आष्टा से सीहोर स्थानान्तरित कर दिया गया।

      क्या कहती हैं अंजना सिंह - इस पूरे घटना के बाद में फुरसत को डॉ.श्रीमति अंजना सिंह ने बताया कि उक्त महिला काफी कमजोर थी अस्पताल आने के बाद जब उसे देखा तथा खून की कमी लगी तब 6.30 बजे उसे हमने यहाँ से खून की कमी होने के कारण सीहोर के लिये स्थानान्तरित कर दिया था। सीहोर जाने के लिये जननी एक्सप्रेस भी लगवा दी थी लेकिन वह सीहोर जाने के बदले सिध्दार्थ जाने का कहकर अस्पताल से चले गये। मैने उसे देखा और जो उचित सुझाव देना था वह दिया वह यहीं समय बर्वाद करते रहे इस पूरे मामले में हमारी कोई गलती नहीं है।

दहेज प्रताडना का मामला दर्ज

      सीहोर 2 जनवरी (नि.सं.)। दोराहा थाना पुलिस ने एक विवाहिता की फरियादी पर उसके पति सहित चार लोगों के विरूद्ध मारपीट एवं दहेज प्रताड़ना के तहत मामला दर्ज किया है।

      जानकारी के अनुसार दोराहा निवासी 22 वर्षीय तस्लीम का विवाह खनूगांव भोपाल निवासी सोहेब उर्फ इम्तियाज के साथ हुआ था बताया जाता है कि शादी के उपरांत तस्लीम का पति सोहेब सा मेहबूबा, ससुर अमीर हसन, एवं इरम मिलकर दहेज में तस्लीम से 80 हजार रूपये नगदी की मांग करने लगे तस्लीम द्वारा उक्त रकम मायके स लाकर न देने पर इन चारों द्वारा उसे मानसिक व शारीरिक रूप से  प्रताड़ित किया जाने लगा।

युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की

      सीहोर। यादव मोहल्ला इछावर निवासी एक युवक ने बीती रात फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। देवीप्रसाद का 20 वर्षीय पुत्र राकेश ने अज्ञात कारणों से चलते बीती रात मोहन यादव की खाली दुकान में फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।   

नवजात बच्ची का शव मिला

      उधर नसरूल्लागंज थाना क्षेत्र में ग्राम तिलाड़िया स्थित कोलार नदी के किनारे एक 7-8 माह नवजात बच्ची का शव पुलिस ने सूचना पर बरामद कर मर्ग कायम किया है। इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में ट्रेक्टर से दबने से उपचार हेतु अस्पताल सीहोर में भर्ती ग्राम कोलूबा कालापीपल निवासी 38 वर्षीय दिलीप आ. लाड़सिंह मेवाड़ा की मौत हो गई।

सटोरिया गिरफ्तार

      मण्डी थाना पुलिस ने ग्राम खोखरी निवासी मोहम्मद इब्राहिम आ. उस्मान को अवैध रूप से सट्टा पर्ची लिखते हुये रंगे हाथें गिरफ्तार कर नगदी 92 रू. जप्त कर धूत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

सड़क हादसों में अनेक लोग घायल

      जानकारी के अनुसार बुधनी थाना क्षेत्र में बाइक क्रमांक एमपी-37-एमएल-0751 एवं बाइक क्रमांक एमपी-05-एमएल-5487 की आमने सामने टक्कर से निमाखेड़ी निवासी राकेश, एवं कान्द्राखेड़ी निवासी राजू घायल हो गये। जिन्हें होशंगाबाद अस्पताल प्राथमिक उपचार हेतु भेजा गया।

      इधर आष्टा थाना क्षेत्र में ट्रक क्रमांक डब्ल्यू बी-11-ए-9521 के चालक ने सामने से आ रहे पार्सल कन्टेनर पीबी-06-एफ.2313 में टक्कर मार दी जिसमें सवार क्लीनर मुनशेफ घायल हो गया।

      एक अन्य दुघर्टना में राजमार्ग स्थित रूपेटा जोड़ के समीप आष्टा तरफ से आ रही जैन बस के मिनी कटटा क्रमांक एमपी-10-पी-0120 के चालक ने अपने वाहन को अनियंत्रित गति से चलाते हुये बाइक क्रमांक एमपी-09 एमएन-3181 में टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप बाइक सवार नेमावर निवासी प्रेमनारायण व रामनिवास घायल हो गये।

      उधर इंदौर भोपाल राजमार्ग स्थित पगारिया घाटी के समीप इन्दौर निवासी अनूप जैन अपनी पत्नि उषा जैन एवं नितिन के साथ मारूती क्रमांक एमपी-09-बीए-2981 से इन्दौर जा रहे थे कि जैसे ही पगारिया घाटी के  पास पहुंचे सामने से आ रही टाटा सूमों क्रमांक एमपी-04-बीएञ्-0783 के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर इनकी मारूती टक्कर मार दी जिससे अनूप जैन एवं उनकी पत्नि उषा जैन घायल हो गई जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल आष्टा में दाखिल कराया गया।

      ?एक अन्य सड़क हादसे में गत दिवस शाम को इन्दौर-भोपाल राजमार्ग कोठरी स्थित ग्राम में स्थानीय कोठरी निवासी 60 वर्षीय भागीरथ खाती बस स्टेण्ड से पैदल अपने घर जा रहा था कि पीछे से आ रही बाइक के चालक मनोहर निवासी बारेखेड़ा ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुये पीछे से टक्कर मारकर घायल कर दिया जिसे गंभीर चोट होने से भोपाल रिफर किया गया।

      उधर जावर थाना क्षेत्र अंतर्गत गत दिवस सुबह सवा आठ बजे इन्दौर भोपाल राजमार्ग स्थित खडी ज़ोड़ के पास पटारिया गोयल निवासी महेश आ. बापूसिंह दर्जी अपनी बाइक क्रमांक एमपी-37-एमए-0162 से उज्‍जैन से आष्टा तरफ आ रहा था कि सामने से आ रही बस क्रमांक एमपी-41-पी-0162 के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुये महेश की बाइक में टक्कर मार दी जिससे महेश को चोट आने से अस्पताल आष्टा में दाखिल कराया गया।

      शाहगंज थाना क्षेत्रान्तर्गत शाहगंज बक्तरा रोड़ ग्राम जवाहर खेड़ा के पास गत दिवस शाम को जवाहरखेड़ी निवासी 35 रामसिंह आ. सुन्दरलाल राजपूत को पैदल जाते समय पीछे से आ रही जीप चालक ने रामसिंह को टक्कर मार दी जिससे रामसिंह की घटना स्थल पर मौत हो गई।

      इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में ग्राम थूनाकलां के पास आज रात्रि 1 बजे पप्पू उर्फ रामसिंह आ. मोतीलाल मेवाड़ा, 35 साल तोमरसिंह उर्फ गुड्डा आ. नारायण सिंह मेवाड़ा, राकेश निवासीगण ग्राम छत्री बाइक से सीहोर से अपने ग्राम जा रहे थे बाइक को तोमर सिंह चला रहा था जिसने बाइक को तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुये बाइक को गिरा दिया जिससे पप्पू उर्फ रामसिंह को गंभीर चोट आने से जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया तथा राकेश एवं तोमरंसिह को साधारण चोट आई। 

विद्यार्थियों से भरी स्कूल बस पलटी, दुपाड़िया और टांडा के 43 छात्र-छात्राऐं घायल

      आष्टा 2 जनवरी (नि.प्र.)। आज सुबह किलेराम के प्राइवेट विद्यालय आर.बी.कान्वेन्ट की बस जो की दुपाड़िया एवं टांडा ग्राम से छात्र-छात्राओं को स्कूल ला रही थी अचानक निर्माणाधीन इन्दौर-भोपाल बायपास के पास टांगडा के यहा टायर फट जाने से छात्र-छात्राओं से भरी पूरी बस पलटी खा गई।

      जिसमें सवार 43 छात्र-छात्राएं घायल हो गये सि वक्त घटना घटी उस वक्त दुपाड़िया निवासी सिगनाथ मेवाड़ा अपनी ट्रेक्स वाहन से आ रहे थे उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से बस में से घायल बच्चों को निकाला और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे बस पलटते ही चिख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी सहायता के लिए दोड़ पडे थे वही जैसे ही उक्त् हृदय विदारक घटना की सूचना आष्टा पहुंची क्षेत्र के विधायक रंजीत सिंह गुणवान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, संतोष झंवर, प्रदीप प्रगति, एच.आर.  परमाल, कृपालसिंह ठाकुर, शेषनारायण मुकाती कालु भट्ट, बंशीलाल सहित अनेकों नेता सामाजिक कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और जानकारी प्राप्त की वही तहसीलदार बिहारी सिंह टी.आई. हनुमंत सिंह राजपूत सादल-बल के अस्तपाल पहुंचे घायलों को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल के सभी डॉक्टर, नर्स स्टाफ ओ.टी. में पहुंचा और तत्काल घायल बच्चों को उपचार दिया। टांडा की सरपंच श्रीमती नबु धनवाल ने प्रशासन एवं शासन से घायल बच्चों को सहायता की मांग की है।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार दुपाड़िया और आंडा के कई छात्र-छात्राएं किलेरामा के उक्त विद्यालय में पढ़ने के लिए रोजाना स्कूल बस से आते है सुबह भी उक्त बस बच्चों को लेकर आ रही थी कि उक्त हादसा हो गया। जैसे ही उक्त घटना ग्राम के कोहराम मच गया जिनके बच्चे थोड़ी देर पहले ही घर से पढने के लिए निकले थे वे सभी परिवार के सदस्य अस्पताल के लिए रवाना हो गये और देखते ही देखते अस्पताल में 200-300 लोगों की भीड़ जुट गई को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को व्यवस्था सम्भालना पड़ी तथा पुरूष वार्ड के बहार भीड़ को रोका गया। उक्त दुघर्टना में जो छात्र-छात्राएं घायल हुए उनके नाम अरूण, पवन, अमन अरविन्द, सचिन, राजू, नरेश, राहु, अशोक, सौदानसिंह, कृपालसिंह, मनोहर, सोनू, महेन्द्र, लखन, हरिओम, दीपक, जितेन्द्र, आनन्द सचिन, रिंकु, अजयसिंह, कु. राधा, विनोद, मनोज, सभी दुपाड़िया निवासी तथा सचिन, रवि, कु. शीला, कु. रचना महेन्द्र, जितेन्द्र रामचरण, ड्राइवर अर्जुन कमलेश, रंजित कु. निर्मला, अचल, सभी टांडा निवासी है। सभी घायलों को अस्पताल से प्रर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। वही आज दिनभर आर.बी. कान्वेन्ट छात्र-छात्राओं की सेवा में लगा रहा। आष्टा पुलिस ने छात्र जितेन्द्र मदनलाल निवासी दुपाड़िया की रिपोर्ट पर स्कूल बस क्रं. एमपी-04-एच-7322 के चालक रामचरण जगन्नाथ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।