Monday, September 29, 2008

पुलिस ने दिये बैंक मैनेजरों को निर्देश: अब नकली नोट आते ही कर दें सूचना

सीहोर 28 सितम्बर (नि.सं.)। कल जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ने एक नगर के समस्त बैंक मैनेजरों की एक बैठक बुलाई थी। जिसमें नकली नोटों के खिलाफ रणनीतियाँ तय की गई। इसमें बैंक कर्मियों की सहायता लेकर नकली नोटों के कारोबार पर अंकुश लगाने की योजना बनाई गई है। बैंक मैनेजरों से बातचीत के दौरान उन्हे पुलिस अधिकारियों ने अपने मोबाइल नम्बर भी दे दिये हैं ताकि जैसे ही कोई ऐसा व्यक्ति बैंक में आये जिसके पास नकली नोट मिलें उसकी सूचना भी बैंक कर्मी पुलिस को कर सकें।
उधर एक 27 लाख रुपये की विशाल राशि से मशीन भी सीहोर में उपलब्ध हो गई है जिसमें नकली नोट की जांच तत्काल की जा सकेगी। अब पुलिस के अभियान में बैंकों के ग्राहकों को क्या परेशानी सामने आती है यह तो समय ही बतायेगा।
जानकारी के अनुसार कल पुलिस नियंत्रण कक्ष कोतवाली थाना में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस उमेश शर्मा ने नगर में नकली नोटों के कारोबार और उनसे आये दिन हो रहे अपराधों से निपटने के लिये एक बैठक रखी थी। आर्थिक अपराधों और देश की नकली मुद्रा चलाने वालों के खिलाफ बुलाई गई इस बैठक में समस्त राष्ट्रीय कृत बैंकों के मैनेजरों को बुलाया गया था। बैंक मैनेजरों से हुई बैठक में पुलिस ने अपने गुर सिखाये कि किस प्रकार बैंक नकली नोटों के संचालन को रोकने में सफल हो सकते हैं। यहाँ विभिन्न बैंक के मैनेजरों ने अपने-अपने मत भी प्रकट किये तथा बताया कि बैंकों को किस प्रकार नकली नोट के संचालन रोकने में दिक्कत आती है और अब तक वह लोग किस प्रकार इससे बचते हैं।
पुलिस ने बताया कि स्टेट बैंक आफ इण्डिया में एक विशाल 27 लाख रुपये की मशीन लगी हुई है। इस मशीन में यदि कोई भी नोट की ऐसी गड्डी फंसाई जाये जिसमें एक भी नकली नोट है तो मशीन उसी स्थान पर काउंटिंग रोक देती है जहाँ नकली नोट है और नोट आसानी से पकड़ा जाते हैं। उन्होने बताया कि यदि आपको भी किसी नोट की गड्डी पर शक हो तो उसे इस मशीन पर निशुल्क रुप से जांच कराई जा सकती है ताकि नकली नोटों का चलन रोका जा सके। पुलिस अधिकारी श्री शर्मा ने बताया कि यदि बैंक में कोई ऐसा संदिग्ध व्यक्ति आये जो बड़े नोट लाया है तो उस पर ध्यान दें, उसके नोट अच्छे से जांच-परखे साथ ही यदि गड़बड़ी हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिये उन्होने पुलिस विभाग के आला अफसरों के नम्बर भी इन बैंक मैनेजरों को उपलब्ध कराये।
बैंको में चोरों के प्रवेश पर अलार्म बजने की जो व्यवस्था रहती है उसे हर स्थिति में दुरुस्त करने की बात भी कल पुलिस विभाग ने कही। ताकि कोई बड़ी आपराधिक घटना होने से बचा जा सके।

ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी

जावर 28 सितम्बर (नि.प्र.)। नगर पंचायत द्वारा जावर कजलास मार्ग पर 80 हजार रुपये की लागत से नागरिकों की सुविधा के लिये एक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। लेकिन ठेकेदार द्वारा उक्त निर्माण कार्य मे घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग करने तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता विहीन होने के कारण पिछले दिनों भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारी भूपेन्द्र सिंह सेंधव द्वारा उक्त घटिया निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय प्रशासन जनप्रतिनिधि का ध्यान आकर्षित कराने के उद्देश्य से एक विज्ञप्ति जारी की गई थी।
उक्त विज्ञप्ति जारी होने के बाद निर्माण कार्य का ठेका लेने के बाद ठेकेदार अशफाक अली पुत्र मुबारिक अली बौखला गया तथा उसने आज अपने मोबाइल नम्बर 98930-70253 से भूपेन्द्र सिंह को धमकी दी कि बहुत बड़ा भाजपा का नेता बन रहा है, निर्माण कार्य की शिकायत करने का परिणाम तुझे भुगतना होगा, तथा तुझे जान से मार दूंगा।
उक्त मोबाइल पर मिली धमकी के बाद भूपेन्द्र सिंह ने जावर थाने में पहुँचकर ठेकेदार अशफाक अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। जावर थाने से मिली जानकारी के अनुसार भूपेन्द्र सिंह की शिकायत पर ठेकेदार अशफाक अली के खिलाफ धारा 506, 294 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर ली है।
वहीं भाजपा जावर मण्डल के कोषाध्यक्ष संजय अजमेरा जो की जावर नगर पंचायत के अंत्योदय समिति के सदस्य हैं गत दिवस अंत्योदय समिति की बैठक में भी संजय अजमेरा ने उक्त घटिया निर्माण का मुद्दा उठाया था ।
इस पर नाराज होकर ठेकेदार ने आज संजय अजमेरा को भी मोबाइल लगाकर काफी अपशब्द कहे एवं जान से मारने की धमकी। संजय अजमेरा ने भी इसकी शिकायत संगठन स्तर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी को की है।

जुंआरियों को पकड़ने पहुँची पुलिस को देख जुंआरी भागे

आष्टा 28 सितम्बर (नि.सं.)। मयूर टाकीज के पीछे आज दोपहर में कुछ युवक जुंआ खेल रहे थे। उन्हे जुंआ खेलते देख पारसमल जैन ने एसडीओपी आष्टा, ओंकार सिंह कलेश को सूचना दी। एसडीओपी की सूचना के बाद आष्टा थाने से चार-पाँच पुलिस कर्मी इन जुंआरियों को पकड़ने के लिये टाकीज मार्ग पर पहुँची। जुंआरियों ने पुलिस को देख दुड़की लगाई जिसमें एक जुंआरी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
कुछ भाग गये। भागने में एक युवक जिसका नाम अयाज अली है, को पैरों में गंभीर चोंटे आई। तब जो लोग वहाँ आ गये थे उसे इलाज के लिये सिविल अस्पताल ले गये। थाना प्रभारी हनुमंत सिंह राजपूत ने बताया कि इरशाद नामक युवक पकड़ा गया है तथा अब्बास खां, शफीक खां, पीलू खां भाग गये तथा अयास उद्दीन जिसे पैरों में चोंट आई उसे उचित इलाज के लिये भोपाल भेज दिया गया है। आज जैसे ही उक्त खबर कसाईपुरा क्षेत्र के लोगों को मालूम पड़ी वह बड़ी संख्या में सिविल अस्पताल पहुँच गये तथा यहाँ इन्होने पुलिस पर आरोप लगाया कि पुलिस ने इसे डंडे से मारा है, इसलिये इसके पैर में चोंट आई है जबकि टीआई का कहना है कि जिस वक्त पुलिस सूचना पर इन्हे पकड़ने पहुँची तब शिकायतकर्ता तथा अन्य नागरिक लोग भी घटना स्थल भी उपस्थित थे तथा उनके सामने ही यह युवक पुलिस को देख पुलिस की पकड़ से बचने के लिये भागे जिसमें अयासउद्दीन के पैरों में चोंटे आई है। पुलिस ने घटना स्थल से इनके पास से 185 रुपये नगदी, 52 पत्ते जप्त कर जुंआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आज सिविल अस्पताल में पहुँचे लोगों ने इस पूरे मामले को बड़ी सफाई से मोड़ देने के काफी प्रयास किये तथा वह इस मामले को लेकर पुलिस को घेरने के प्रयास में थे लेकिन इन्हे जो उम्मीद थी उन लोगों का सहयोग नहीं मिल पाया।

गोपाल सिंह, परमार के सारथी बने....(खबर ही तो है........)

आष्टा 28 सितम्बर (नि.प्र.)। राजनीति में कब क्या हो जाये नहीं कहा जा सकता राजनीति एक ऐसे ऊंट की तरह होती है जिसके बारे में कहा जा सकता है कि यह ऊंट (राजनीति)किस करवट बैठेगा। सभी जानते है ओर देखा भी है की अभी तक जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार के वाहन की आगे का स्थान श्री परमार और उनके सारथी प्रदीप प्रगति के लिए ही रहा है लेकिन इन दिनों चुनावी रणनीति का सीजन चल रहा है आज जिसने भी दोपहर में जिला कांग्रेस अध्यक्ष के वाहन को कन्नौद रोड पर जाते देखा उनके वाहन में सारथी के रूप में प्रदीप प्रगति के स्थान पर आष्टा से टिकिट के दावेदार इंजीनियर गोपाल सिंह सारथी की भूमिका में नजर आये।
इंजीनियर गोपाल सिंह अच्छी तरह जानते है कि परमार का सारथी बने वे विधानसभा के वाहन पर सवार नहीं हो सकते है ऐसा नहीं है लेकिन अन्य को कभी परमार का सारथी बनते नहीं देखा गया है निश्चित इसमें भी कोइ गहरा राज छुपा हे नहीं तो कोई यू ही परमार का सारथी नहीं बन सकता जिसका कांग्रेस अध्यक्ष के वाहन में आगे श्री परमार के साथ प्रगति का अगर कोई स्थान ले तो यह चुनाव में राजनीतिक हल चल जरूर पैदा करता है और आज सारथी के रूप में गोपाल सिंह इंजीनियर को देखकर नगर में तरह-तरह की राजनीतिक हलचल शुरु हो गई है........

Sunday, September 28, 2008

सेवा भाव लक्ष्य इसलिये नगर पा. की नौकरी में आया मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री परिहार से फुरसत की विशेष बातचीत

सीहोर 27 सितम्बर (आनन्द भैया)। नगर पालिका की आगामी दिनों में नगर विकास के प्रति क्या सोच है ? नगर पालिका की व्यवस्थाएं आगामी दिनों में और कैसे सुधर सकती है ऐसे अनेकानेक प्रश्‍नों को लेकर आज फुरसत ने दमदार निर्भिक मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.एस. परिहार से खास बातचीत की। इस बातचीत का पूरा ब्यौरा आज फुरसत अपने पाठकों के समक्ष रखने का प्रयास कर रहा है।
दिन का दूसरा पहर, घड़ी करीब 4.30 बजा रही थी। हमने बिना पूर्व सूचना के मुख्य नगर पालिका अधिकारी डीएस परिहार से मिलने का मन बनाया और कार्यालयीन समय में उनके कामकाज को देखने की इच्छा जताई। हम निकल पड़े शहरी विकास परियोजना कार्यालय की तरफ। हमारी जानकारी के मुताबिक मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री परिहार डूडा कार्यालय में शासकिय कामकाज में जुटे हुए थे और हम भी उसी कमरे में जा बैठे। उन्होने पहले तो आने का कारण पूछा और जब उपयुक्त बातें जानने की बात हमने उनसे कही तो उन्होने कहा कि आप थोड़ा इंतजार कर लें मैं आवश्यक कार्य निपटा लूँ फिर अपन बैठेंगे। आपसे इस विषय में विस्तार से बात की जायेगी।
ठीक 5 बजे कार्यालयीन समय समाप्त होते ही हम श्री परिहार के साथ चर्चा के लिये उनके निवास पर पहुँचे और सहज और सरल अंदाज में उनसे पहला सवाल पूछा...। आप आखिर नगर पालिका की नौकरी में क्यों आये ?
सवाल खत्म हुआ ही था कि श्री परिहार ने नगर पालिका की नौकरी में आने की वजह जनसेवा बताई। उन्होने बताया कि नगर पालिका में नौकरी करके कई लोगों के सुखदुख की अनुभूति को महसूस किया जा सकता है साथ ही पीड़ित मानवता की समस्या का समाधान करने के लिये नगर पालिका से बेहतर कोई दूसरी जगह नहीं हो सकती। श्री परिहार ने बताया कि छात्र जीवन से ही एनसीसी जैसी संस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाता आया हूँ इस दौरान कई बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिये भी काम किया है। तभी से जनसेवा के प्रति रुचि जाग्रत होना शुरु हो गई और शिक्षा के बाद इस ध्येय को पूरा करने के लिये नगर पालिका की नौकरी में आ गया।
शहर में जल समस्या काफी गंभीर है इस दिशा में आपकी सोच और कार्य योजना क्या है ?
सवाल के जबाव में श्री परिहार ने बड़ी सहजता के साथ कहा कि जल समस्या सीहोर में वाकई एक बड़ा संकट है। जिसको दूर करने के लिये हम प्रयासों में जुटे हुए हैं। लेकिन इस काम में सीहोर वासियों की सहभागिता भी जरुरी है। उन्होने कहा कि अल्पवर्षा के चलते शहर में जल संकट एक गंभीर रुप लेगा इसका अनुमान हमें है। इस संकट से निपटने के लिये मैं जैसे ही सीहोर आया वैसे ही सबसे पहले जल प्रबंधन की और ध्यान दिया। यहाँ हर बार 15 अक्टूबर के आसपास काहिरी बंधान बांधा जाता है लेकिन हमने समय के पूर्व ही अगस्त माह में इसे बांध दिया है। हमारा यह निर्णय सही भी रहा है। वर्षा की स्थिति दिख ही रही है। यदि देरी हो जाती तो काहिरी में पानी भराना मुश्किल हो सकता था। साथ ही उन्होने जल संकट से निपटने के लिये प्राचीन जल स्त्रोतों के उचित संग्रहण, रख-रखाव, पानी के अपव्यय को रोकने की बात भी प्रमुखता से कही और इस काम में आम जनता की सहभागिता को भी जरुरी बताया।
व्यवस्थित प्रशासन में आपका बड़ा विश्वास नजर आता है ? लेकिन वर्तमान नगर पालिका की व्यवस्थाओं को लेकर आप कितने खुश या नाखुश हैं ?
इस प्रश् के उत्तर में वह बोले की अक्सर मुझे यहाँ पर एक दूसरे को नीचा दिखाने की प्रवृत्ति नजर आई। पहले तो मैं इस बात के लिये प्रयासरत हूँ कि नगर पालिका में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी अपने कर्तव्य और अधिकारों के प्रति सचेत रहें। यदि यह लोग इस दिशा में थोड़ा-सा भी सोचना शुरु कर देंगे तो व्यवस्थित प्रशासन की समस्या खुद-व खुद हल हो जायेगी। हालांकि आपको भी जैसा की मालूम है कि मैने पूर्व में भी कई सालों तक सीहोर नगर पालिका का कामकाज देखा है उस वक्त भी मैने व्यवस्थाओं को सुधारने के लिये कर्मचारियों को पाबंद किया था। एक बार फिर मैने सीहोर नगर पालिका का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कार्यरत कर्मचारी और अधिकारियाें को उनके कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की बात कही। साथ ही नगर पालिका में पुन: अनुशासन स्थापित किया है।
सीहोर नगर पालिका में कई सीएमओ आये और चले गये, लेकिन शहर के लोग आपको नहीं भूल पाये ? आप जिस तरह से हर काम में नियमों की कैंची चलाते हैं और आपके इस कठोर स्वभाव के कारण नगर पालिका के ठेकेदार ही नहीं अब तो अध्यक्ष भी परेशान रहते हैं ?
इस सवाल के जबाव में कुछ सोचते हुए श्री परिहार ने बेवाक तरीके से कहना शुर किया कि हर जगह नीति-अनीति, अनुशासन-कुशासन, झूठ-सच आमने-सामने रहते हैं। उन्होने बताया कि जिस तरह जीवन जीने के नियमों में धार्मिक ग्रंथ महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं उसी तरह मेरा सोच यही रहता है कि हर काम सामाजिक जीवन जीने से भी संविधान में बंधकर जिया जाये । मैं नियमों की कैंची नहीं चलाता हूँ लेकिन जहाँ काम गलत हो रहा है उसे नियमों के दायरे करने का आदि हूँ। अब भले ही मेरे इस कार्यपध्दति से ठेकेदार परेशान हों या अध्यक्ष, मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होने बताया कि सीहोर नगर पालिका में मैने पूर्व के 15 सालों का रिकार्ड देखा है जिसमें काफी अनियमितता पूर्वक तरीके से काम किये गये हैं। मैं इन सभी कामों की नये सिरे से जांच में भी जुटा हुआ हूँ। मेरा प्रयास है कि ऐसी अनियमितताएं मेरे कार्यकाल में ना हों।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी के बंगले में खड़े दो बंदूकधारी सुरक्षा कर्मियों को संबंध में भी फुरसत ने प्रश्न पूछा कि आखिर इनकी आपको क्या जरुरत पड़ गई ?
इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री परिहार ने कहा कि मैं नीति और नियमों के अंदर ही रहकर काम करना चाहता हूँ लेकिन पिछले कुछ दिनों से सीहोर नगर पालिका से जुड़े लोगों की यह आदत सी हो गई है कि वह चाहते हैं हम नियमों के विरुध्द जाकर काम करें...अनियमितता पूर्वक उनके अनुसार काम कर दें, इसके लिये वह सारे हथकंडे भी अपनाते हैं...इस तरह की असुविधाओं से बचने के लिये मैं अक्सर उन लोगों को मना कर देता हूँ और जिस वजह से नियम विरुध्द काम करवाने वाले लोग मेरे प्रति आक्रोशित हो जाते हैं ऐसे लोगों से बचने के लिये ही मैने निजी तौर पर दो बंदूक धारी सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया है। क्योंकि पिछले दिनों मेरे साथ कुछ लोगों ने अभद्र व्यवहार करने की कोशिश की थी। श्री परिहार ने बताया कि सीहोर नगर पालिका में कार्यरत कुछ लोगों का ध्यान आय की तरफ बिल्कुल नहीं है टेक्स के रुप में 6 करोड़ रुपये की वसूली शेष है लेकिन मात्र 29 लाख रुपये हमारे पास आया है।
आखिर सवाल के रुप में हमने पूछा कि आपका भविष्य में शहर को लेकर क्या सोच है ?
उनका कहना था कि नागरिकों की आवश्यकताएं पूरी हो। शहर का यातायात सुगम हो। लोगों को अपनी नाक नहीं पकड़ना पड़े, शहर में इतनी अच्छी सफाई व्यवस्था हो, और सड़कों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था इन कामों को करने के लिये इस दिशा में मेरे द्वारा समय-समय पर कर्मचारियों को निर्देशित किया जाता है। यह काम मेरा आगे भी जारी रहेगा।
हमारी यह बात यहीं खत्म हो गई थी लेकिन श्री परिहार ने कहा कि मैं नपा में कार्यरत मेरे कर्मचारियों के लिये जीपीएफ की राशि को सुरक्षित करने के लिये भरसक प्रयास कर रहा हूँ। यदि कर्मचारी सुव्यवस्थित जीवन जियेगा तो वह अपनी संस्था के प्रति उतना ही ईमानदार और कर्मठशील बनेगा। उन्होने कहा कि मेरा यह प्रयास भी है कि नपा द्वारा मायनिंग के रुप में दिया जाने वाला कर आयकर विभाग, वाणिय विभाग को दिया जाने वाले कर की देनदारी नहीं हो और इसे समय पर ही विभागों को सौंप दिया जाना चाहिये।

डीजल नहीं होने पर मना किया तो कर्मचारी को मारा

आष्टा 27 सितम्बर । आज शाम को जावर जोड़ के पास स्थित खुशी सेल्स एण्ड सर्विस पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारी मोहन सिंह को कुण्डियाधागा ग्राम के दो लोगों ने इसलिये मारापीटा की पेट्रोल पंप पर एक ट्रेक्टर लेकर वह दोनो डीजल लेने आये थे डीजल नहीं होने के कारण कर्मचारी ने डीजल का मना कर दिया था।
इस बात पर विवाद हुआ तब इन लोगों ने कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। रात जावर पुलिस भी पेट्रोल पर पहुँच गई।

प्रेरणा महिला मंडल ने की जल संरक्षण की अनोखी मुहिम

सीहोर 27 सितं.(नि.सं.)। जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर प्रेरणा महिला मण्डल ने अनूठा प्रयास करते हुए आज विभिन्न महिला संगठनों का सहयोग लिया और एक प्रेरणास्पद रैली निकाली तथा जल संरक्षण को लेकर कुछ महत्वपूर्ण मांगों का एक ज्ञापन कलेक्ट्रेट में श्रीमति भावना बालिम्बे को सौंपा।
आज निकले विशाल जनजाग्रति रैली में नगर के अधिकांश महिला संगठनों की उपस्थिति प्रेरणा महिला मण्डल के नेतृत्व में दिखी। जिसमें अग्रवाल महिला मण्डल, संगीतिका महिला मण्डल, माहेश्वरी, गुजराती, सोनी, दिगम्बरजैन समाज, श्वेताम्बर जैन समाज की महिला प्रमुखों सहित लायनेस, इनरव्हील क्लब भी सम्मिलित हुए। महाराष्ट्रीयन समाज, ब्राह्मण समाज महिला मण्डल भी शामिल हुआ। महिलाओं ने आज पुरजोर तरीके से जल संरक्षण के संबंध में नारे भी लगाये। जल की महिमा अपरंपार, जल नहीं तो हाहाकार जैसे नारे भी लगे। इन्होने अपने ज्ञापन में जल संरक्षण के महत्वपूर्ण सुझाव दिये हैं। संगठन की अध्यक्षा श्रीमति कांता गट्टानी ने स्काउट-गाइड के बच्चों सहित सभी महिला संगठनों का आभार व्यक्त किया। आज प्रमुख रुप से अंजना हुरकट, श्रीमति प्रतिभा झंवर, रेणु शास्त्री, उमा पालीवाल, हेमा अग्रवाल, नीलमणि जैन, नीलम शर्मा, कल्पणा हर्णे, रमा सोनी आदि महिलाएं उपस्थित थीं।

संसार में सब कुछ पाकर भी कुछ हाथ नहीं लगेगा मुनि विजय सागर जी

आष्टा 27 सितम्बर (नि.प्र.)। संसार इतना विचित्र है कि यहां सब कुछ पाकर भी कुछ हाथ नहीं लगेगा, जीतकर भी हार की सीढियाबन जाएगी विश्व का साम्राज्य भी व्यक्ति को मिल जाए तो भी कुछ और पाने की लालसा रहेगी। लालसा लोभ का कारण है। व्यक्ति की दिनों दिन आकांक्षा बढ़ती ही जा रही है।
यह बातें मुनि विजय सागर जी ने ग्राम धामंदा में श्री राम मंदिर परिसर में प्रवचन के दौरान कही। आपने कहा कि आज समाज साधु से धन दिलवाने की बात करते है कि हमें धर्मशाला बनवाना है, लेकिन धर्मशाला तो नाम रहता है उसे धन कमाने का साधन बनाते है। उसमें शौचालय,बाथरूम कमरे बनाकर धर्मशाला को कर्मशाला बनाकर विवाह शाला, भोगशाला आदि कर देते है। आज व्यक्ति की आकांक्षा तीन लोक की संपत्ति मिलने पर भी पूर्ण नहीं होती है। आकांक्षा को आपने झूठी आवश्यकता बताते हुए उसे सपना बताया। सपना कभी भी परिपूर्णा नहीं होता। सपने की जड़े न तो धरती पर होती है और न ही पाताल में। आवश्यकता शरीर स ेजुड़ी होती है, जबकि आकांक्षा मन से और शरीर की आवश्यकता भोजन है। पेट रोटी मांगता है, लेकिन मन कहता है केवल रोटी से काम नहीं चलेगा नरम-गरम के साथ नमकीन-मीठा भी होना चाहिए। भगवान महावीर कहते है कि आकांक्षा ही दु:ख का कारण है। आकांक्षा व्यक्ति को न जाने क्या-क्या कराती है। यह आकांक्षा व्यक्ति को कुछ देती नहीं लेकिन जो उसके पास उससे छीन लेती है। उम्मीदों के सहारे व्यक्ति जीवन भर दौड़ता रहता है और एक समय आता है कि वह जिंदगी से विदा हो जाता है। जो तुम्हारे पास है, उसका आनन्द लो।
प्रारंभ में मंगलचरण पंडित निर्मल कुमार ने किया तथा संचालन पवन जैन ने किया। इस अवसर पर ग्राम के अनेक जन उपस्थित थे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

जमीन के पुराने विवाद में मारपीट

आष्टा 27 सितम्बर (नि.सं.)। कल शाम को लगभग 6 बजे जावर थाने के तहत आने वाले ग्राम भंवरीकला में जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर चल रही रंजिश के चलते ग्राम के कई लोगों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। आज फरियादी रंजीत सिंह पुत्र चैनसिंह उम्र 60 वर्ष ने अपने ही ग्राम के उदय सिंह, अनार सिंह, रमेश, अनार सिंह की पत्नि, मेहरबान सिंह पत्नि, सजन, हरनाथ, मोहन, इंदर आदि के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की।

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

Saturday, September 27, 2008

चार की अकाल मौत

सीहोर 27 सितम्बर (नि.सं.) जिले के विभिन्न स्थाना क्षेत्रों में विभिन्न कारणों से चार लोगों की अकाल मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार शाहगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बनेठा निवासी 40 वर्षीय निर्मल आ. नर्वदा प्रसाद मीना को गत दिनों जहरीला पदार्थ खाने से उपचार हेतु पालीवाल अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया था जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर रेटी थाना क्षेत्र के ग्राम नादियाखेड़ा बजाफता में रहने वाले छगनलाल आ. शोभाराम दरोई की आज सुबह अज्ञात कारणों से मौत हो गई।
इसी प्रकार कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लसूडिया परिहार में रहने वाले 60 वर्षीय सदाराम आ. गणपतसिंह धोबी की लसूडिया गेट के समीप रेल से टकराने से मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने मृतक के पुत्र के पुत्र महेश की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया हैं। उधर मण्डी थाना क्षेत्र में आज सुबह करोली माता स्थित फूटा तालाब में ग्वालटोली गंज निवासी 33 वर्षीय विजय आ. कालूराम काछी का शव पुलिस ने बरामद कर लिया हैं। मृतक के छोटे भाई छोटेलाल के अनुसार मृतक दिमाग से कुछ कमजोर था जो कल शाम पांच बजे घर से बिना बताये कही चला गया था जिसकी आज तलाश करने पर फूटा तालाब में मरा हुआ ओंधा पड़ा मिला।

अधिवक्ता श्री ताम्रकार पुन: प्रदेश महामंत्री नियुक्त हुए

सीहोर 27 सितम्बर (नि.सं.)। वरिष्ठ अधिवक्ता रामनारायण ताम्रकार को म.प्र. कांग्रेस कमेटी के विधि एवं मानव अधिकार विभाग का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। उन्हें पुन: यह दायित्व सौंपे जाने पर अधिवक्ताओं, कांग्रेसजनों ने स्वागत किया है।
यह नियुक्ति म.प्र. कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरेश पचौरी के निर्देश पर प्रदेश कांग्रेस के विधि एवं मानव अधिकार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष, वरिष्ठ अधिवक्ता विजय चौधरी द्वारा की गई है।
उल्लेखनीय है कि श्री ताम्रकार को इससे पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुनसिंह के निर्देश पर तत्कालिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राधाकिशन मालवीय, विधि प्रकोष्ठ के तत्कालिन प्रादेशिक अध्यक्ष जेपी धनोपिया ने प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया था।
श्री ताम्रकार की इस नियुक्ति पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, कांग्रेस के प्रदेश सचिव बलवीर तोमर, अधिवक्ता महेश दयाल चौरसिया, के.यू. कुरैशी, विधि मानव अधिकार विभाग के जिलाध्यक्ष अनिल दुबे, राजेन्द्र शर्मा, जी.के. उपाध्याय, एन.पी. उपाध्याय, राजेश काशिव, कमर अहमद सिद्दीकी, प्रदीप पहलवान, राजीव मिश्रा, विजेन्द्र श्रीवास्तव, रविन्द्र भारद्वाज ने बधाई दी है।
साथ ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी तथा विधि एवं मानव अधिकार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष विजय चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है।

नपा की अतिक्रमण मुहिम से हड़कम्प मचा

सीहोर 26 सितम्बर (नि.सं.)। आज अपनी पूर्व घोषणा के अनुसार नगर पालिका ने नगर में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई जिसके चलते व्यापारियों में खासा आक्रोश व्याप्त रहा। ओटलों पर अंदर सफेद लाईन आज नगर पालिका द्वारा लगाई गई है। आज दिन भर व्यापारियों में इसको लेकर उहा पोह की स्थिति बनी रही।
नगर में बढ़ रहे अतिक्रमण को देखते हुए नगर पालिका ने नये स्तर पर आज अतिक्रमण विरोधी मुहिम छेड़ी थी। सुबह से नगर पालिका का अमला तहसील कार्यालय पर एकत्र हुआ उसके बाद अमला सीहोर टाकीज की तरफ बढ़ा। आज ओटले के ऊपर अतिक्रमण किये हुए तथा दुकान का सामान जमाये हुए लोगों का अतिक्रमण हटाने के लिये कहा गया। आज नगर पालिका अमला अपने साथ एक पेंट का डिब्बा भी लिये हुए था। यह लोग ओटले के ऊपर ही लाईन पेंट करके निर्देश दे रहे थे कि इस लाईन के अंदर ही दुकान लगना चाहिये तथा ओटला खाली रहना चाहिये।
मेन रोड पर अधिकांश दुकाने ओटले पर ही लगती हैं तथा कुछ दुकानें ओटले के नीचे तक लगी रहती है ऐसे अधिकांश दुकानदार आज यूँ तो शांत नजर आ रहे थे लेकिन अंदर ही अंदर घबराये हुए थे कि आखिर कल हमारा क्या होगा ?
ज्ञातव्य है कि आगामी दिनों में नवरात्र और उसके बाद देश का सबसे बड़ा त्यौहार दीपावली आने की कगार पर है। साल भर से पिटे-पिटाये धंधे अब दीपावली पर तो निश्चित रुप से चलते ही हैं। ऐसे में दुकानदारों की छेड़ से आज दुकानदार नगर पालिका से कुछ आहत नजर आ रहे थे और नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को कोस भी रहे थे। ज्ञातव्य है कि आगामी दिनों में विधानसभा के चुनाव भी हैं जिसको लेकर भी हवा विपरीत चलेगी।

लाश उगलने वाले कु ऐं के पानी का बहिष्कार, हेन्डपम्प के पानी की मांग को लेकर मोहल्ले वासियों ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा

सीहोर 26 सितंबर (नि.सं.)। गंज स्थित लोधी मोहल्ले के कुऐं में दो दिन से पड़ी लाश के बरामद होने के बाद मोहल्ले वासियों का एक मात्र पानी का साधन छीन जाने से नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गौरतलब है कि लोधी मोहल्ले निवासियों द्वारा वर्षो से अपनी घरेलू आवश्यकता हेतु पीने का पानी कुऐं से भरा करते थे। कुऐं से लाश बरामद होने के बाद समस्त मोहल्ले वासियों न आपातकालीन बैठक बुलाकर निर्णय लिया कि वर्तमान में पुरखों का त्यौहार है,कुऐं के सामने भगवान हनुमान जी का मंदिर स्थित हैं। साथ ही नवरात्रि पर्व पर मॉ दुगा्र की स्थापना भी होना है। नगर पालिका द्वारा समय पर पानी भी नही दिया जाता हैं। इसलिये कुऐं के पानी का बहिष्कार करते हुऐं समस्त नागरिकों ने कुऐं के पास हेन्ड पम्प की मांग को लेकर जिलाधीश के नाम ज्ञापन अतिरिक्त कलेक्टर भावना वालिम्बे को ज्ञापन सौंपा। जिस पर श्रीमति वालिम्बे द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा 7 दिवस में नागरिकों की मांग के अनुरूप से हेन्ड पम्प लगवाने का आश्वासन दिया। नागरिकों के द्वारा नवरात्रि तक हेन्ड पम्प नही लगने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी।
आज ज्ञापन देने में प्रमुख रूप से महेश राठौर, दिलीप राठौर, राधा राठौर, मोहन,ओमप्रकाश राठौर, कृष्णा बाई,मुन्नी बाई,सुशीला बाई, रूकमणी,रामूबाई राठौर, नर्बदा प्रसाद सोनी, कलावती बाई,केला बाई, ओमप्रकाश लाधी,गंगा बाई,रामसुखी बाई,नीरज लोधी,छोटू, संगीता लोधी, आशा,ममता राठौर,चिरोजी बाई, बिरमानन्द लोधी,गंगू बाई,प्रेम बाई,सवा बाई,पुष्पा बाई,मोहन इत्यादि मोहल्लेवासी।

लाश उगलने वाले कु ऐं के पानी का बहिष्कार, हेन्डपम्प के पानी की मांग को लेकर मोहल्ले वासियों ने जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा

सीहोर 26 सितंबर (नि.सं.)। गंज स्थित लोधी मोहल्ले के कुऐं में दो दिन से पड़ी लाश के बरामद होने के बाद मोहल्ले वासियों का एक मात्र पानी का साधन छीन जाने से नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गौरतलब है कि लोधी मोहल्ले निवासियों द्वारा वर्षो से अपनी घरेलू आवश्यकता हेतु पीने का पानी कुऐं से भरा करते थे। कुऐं से लाश बरामद होने के बाद समस्त मोहल्ले वासियों न आपातकालीन बैठक बुलाकर निर्णय लिया कि वर्तमान में पुरखों का त्यौहार है,कुऐं के सामने भगवान हनुमान जी का मंदिर स्थित हैं। साथ ही नवरात्रि पर्व पर मॉ दुगा्र की स्थापना भी होना है। नगर पालिका द्वारा समय पर पानी भी नही दिया जाता हैं। इसलिये कुऐं के पानी का बहिष्कार करते हुऐं समस्त नागरिकों ने कुऐं के पास हेन्ड पम्प की मांग को लेकर जिलाधीश के नाम ज्ञापन अतिरिक्त कलेक्टर भावना वालिम्बे को ज्ञापन सौंपा। जिस पर श्रीमति वालिम्बे द्वारा मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा 7 दिवस में नागरिकों की मांग के अनुरूप से हेन्ड पम्प लगवाने का आश्वासन दिया। नागरिकों के द्वारा नवरात्रि तक हेन्ड पम्प नही लगने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी दी।
आज ज्ञापन देने में प्रमुख रूप से महेश राठौर, दिलीप राठौर, राधा राठौर, मोहन,ओमप्रकाश राठौर, कृष्णा बाई,मुन्नी बाई,सुशीला बाई, रूकमणी,रामूबाई राठौर, नर्बदा प्रसाद सोनी, कलावती बाई,केला बाई, ओमप्रकाश लाधी,गंगा बाई,रामसुखी बाई,नीरज लोधी,छोटू, संगीता लोधी, आशा,ममता राठौर,चिरोजी बाई, बिरमानन्द लोधी,गंगू बाई,प्रेम बाई,सवा बाई,पुष्पा बाई,मोहन इत्यादि मोहल्लेवासी।