Wednesday, September 24, 2008
कांग्रेस के नामों की चर्चाएं सरगर्म, कौन देगा दिल्ली में किसको मात
यूँ तो प्रसिध्द आबकारी ठेकेदार राकेश राय को कांग्रेस ने कभी वजनदारी से नहीं लिया था। पूर्व में उन्हे कांग्रेस सेवादल का जिले का प्रभार अवश्य सौंपा गया था और इसीलिये जब कांग्रेस से उन्हे टिकिट नहीं मिला तो राकेश राय अपने दम पर कांग्रेस के विरुध्द निर्दलीय चुनाव लड़ते हुए मैदान में कूद गये तो उन्हे नगर पालिका अध्यक्ष के पद पर जनता ने बड़ी आशा और विश्वास के साथ काबिज कर दिया।
सीहोर नगर पालिका चुनाव में एक निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ रहे आबकारी ठेकेदार राकेश राय को और अधिक विशेष लाभ मिला उनके छोटे भाई अखिलेश राय की लोकप्रिय छवि का। जिस समय अखलेश राय ने राकेश राय के पक्ष में प्रचार की कमाल संभाली तो जनता सड़क पर निकलकर उनके साथ हो गई। अंतत: कई घोषणाओं के अंबार और उस पर जनता के विश्वास ने राकेश राय को उस समय विजयश्री वरण दिलाई। निर्दलीय राकेश राय को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने एक बार फिर अपने साथ कर लिया और आज राकेश राय वापस कांग्रेस में शामिल हो गये।
नगर पालिका अध्यक्ष बने पूर्ववर्ती दमदार कांग्रेस नेता जसपाल सिंह अरोरा ने भी नपाध्यक्ष बनने के बाद विधानसभा चुनाव की दावेदारी की थी। इसके बाद अब राकेश राय भी नगर पालिका अध्यक्ष बनने के साथ ही विधानसभा की दावेदारी करते नजर आ रहे हैं।
बरसात के इस मौसम में जहाँ पूरा नगर शुध्द पेयजल के लिये तरस रहा है, नगर में सड़क कम गड्डे यादा नजर आ रहे हैं, भ्रष्टाचार की चर्चाएं सरगर्म हैं तो फिर ऐसे में सीहोर नगरीय क्षेत्र में राकेश राय को विधानसभा का टिकिट मिले इस पक्ष में कितने लोग हैं और जनता उन्हे कितना चाहती है ? यदि इस आंकलन पर कांग्रेस ने टिकिट तय किया तो निश्चित ही राकेश राय के लिये परिस्थितियाँ कुछ गंभीर हो जायेंगी।
दूसरी और भी अचानक उभरे नेता के रुप में अक्षत कासट हैं, जो दिल्ली से लेकर सीहोर तक की राजनीति करने में माहिर नजर आ रहे हैं। दिल्ली के केन्द्रीय विभाग में वह केन्द्रिय पद पर क्या बैठे सीहोर में उनके समर्थकों ने एक विशाल स्वागत जुलूस निकाल दिया। तब से लेकर अब तक अधिकांश आंदोलन और सार्वजनिक घटनाक्रमों में अक्षत कासट का नाम सामने आ ही जाता है। यूँ अक्षत सीहोर में कांग्रेस के उन पुरोध्दा पूयनीय श्री भंवरलाल जी साहब कासट के पौते हैं जिनका नाम आज भी कांग्रेस के वरिष्ठजन अतिसम्मान के साथ लेते हैं। कासट परिवार का कांग्रेस में अच्छा-खासा दखल भी है। और जब सुरेश पचौरी लोक सभा का चुनाव सीहोर से लड़े थे तब देश की सबसे यादा प्रभावी नेत्री उमाश्री भारती तक को कुछ हिलाकर उन्होने रख दिया था तो उस समय देखने में आया था कि सीहोर के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री नारायण कासट नदीम, सुरेश पचौरी के साथ उनके वाहन में अति विशेष सलाहकार के रुप में मौजूद रहते थे।
इधर दमदार कांग्रेस नेता जसपाल अरोरा अवश्य इस बार कानून की पेचीगदी में उलझ गये हैं लेकिन वह भी चाची श्रीमति अमिता अरोरा के लिये विधानसभा का टिकिट लेने की इच्छा रखते हैं। रही बात दिग्विजय सिंह के करीबी मित्र कांग्रेस नेता प्रमोद पटेल की, तो सूत्रों का यह कहना है कि इस बार काकी कोकिला बेन पटेल के लिये पटेल परिवार टिकिट की मांग रखेगा, और यह दोनो ही नेता महिला कोटे का उपयोग करते हुए लाभ उठाना चाहते हैं।
यहाँ इतना अवश्य कहा जा सकता है कि पूर्ववर्ती नगर पालिका अध्यक्ष रुकमणी रोहिला हों या वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय। इन दोनो ही के कार्यकाल के चलते घर बैठे-ठाले कांग्रेस नेता जसपाल सिंह अरोरा की पूछ परख स्वत: बढ़ गई है और सीहोर में अरोरा के नगर पालिका कार्यकाल की याद हर आम व्यक्ति करता नजर आता है।
एक और दिशा से विचारा जाये तो जसपाल अरोरा और राकेश राय दोनो ही एक-एक बार कांग्रेस से निष्कासित हो चुके हैं और निर्दलीय चुनाव भी कांग्रेस के खिलाफ लड़ चुके हैं।
कांग्रेस की राजनीति का ऊँट कब किस करवट बैठ जाये ? कि न बातों से कौन-सा कांग्रेस नेता प्रभावित हो जाये ? और किन कारणों से किस प्रत्याशी को टिकिट मिल जाये। कांग्रेस में भी इसका भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि पिछली बार ही जहाँ इछावर से बलवीर तोमर और अभय मेहता वजनदार नजर आते थे वहीं हेमराज परमार को पिछली बार टिकिट दिया गया था। सीहोर में भी अचानक बाहरी उम्मीद्वार थोपकर सबको स्तब्ध कर दिया गया था। तो कुल मिलाकर यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि कांग्रेस में टिकिट किसको मिलेगा ।
आज एक प्रादेशिक समाचार पत्र में आये समाचार के अनुसार दिल्ली में जिन दो नामों की चर्चाएं कांग्रेस से चल रही हैं उनमें एक नाम युवा नेता अक्षत कासट का है और दूसरा नाम नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय का है।
अब चर्चाएं चल रही हैं कि यदि राहुल भैया गाँधी का युवा फेक्टर काम करेगा तो निश्चित ही सीहोर से एक युवा अक्षत कासट को भी टिकिट मिल सकता है लेकिन क्या अक्षत को कांग्रेस इतनी-सी उम्र में टिकिट देगी ? दूसरी और यदि प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी की चली तो वह उनके समर्थक राकेश राय को ही टिकिट देंगे ऐसा भी विश्वास व्यक्त किया जा रहा है।
हालांकि जानकारों का कहना है कि हर बार की तरह राजधानी से लगे सीहोर में सबसे आखिरी में टिकिट घोषित होंगे और देश की राजधानी दिल्ली में भले ही पूरे मध्य प्रदेश के अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों के नाम घोषित हो जायें लेकिन विवादित और असमंजस वाली सीहोर सीट के नाम आखिरी में घोषित होंगे।
इन सारी चर्चाओं को भूलकर एक बार सुरेन्द्र सिंह ठाकुर का स्मरण भी कर लिया जाना चाहिये। कांग्रेस ने पिछली बार समीपस्थ बैरसिया निवासी सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को सीहोर का टिकिट दिया था लेकिन आश्चर्य तो तब हुआ था कि एक बाहरी कांग्रेसी उम्मीद्वार ने स्थानीय भाजपा के लोकप्रिय उम्मीद्वार रमेश सक्सेना के लिये परेशानी खड़ी कर दी थी। और हवाओं का रुख मोड़ते हुए मतलब जहाँ पूरे प्रदेश में एक तरफा भाजपा की हवा थी वहाँ सीहोर में एक बाहरी कांग्रेस उम्मीद्वार सुरेन्द्र सिंह ठाकुर ने 10-20 हजार वोट नहीं बल्कि 42 हजार मत प्राप्त किये थे। इतने अधिक मत एक बाहरी उम्मीदवार को मिलना भी चर्चाओं में आ गया था। लेकिन इस बार सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को क्या टिकिट दिया जायेगा ? क्या वह अब कांग्रेस में इसकी पात्रता रखते हैं।
कुल मिलाकर कांग्रेसी हल्कों में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है ? सीहोर से किसको ? किसके कोटे से टिकिट मिलता है ? क्या चल रहे नामों में से ही किसी एक को टिकिट मिलेगा अथवा इस बार भी कोई नया नाम कांग्रेस पेश करेगी देखते हैं...।
दलालों की दलाली से मचा दलदल से परेशान हुए दावेदार
अभी तक आमजन कार्यकर्ता मौन था अब तो उक्त दावेदार के खिलाफ आमजन कार्यकर्ता खुलकर बैठकों में बोल रहा है यहाँ तक की परेशान लोगों ने अपनी भावना से संगठन को भी अवगत करा कर कह दिया भैया देखना, सोचना और फिर निर्णय लेना।
बुदनी के एक छोटे से गांव में शिवराज ने 21 करोड़ दे डाले
सीहोर 23 सितम्बर (नि.सं.)। प्रदेश के मुख्य मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सीहोर जिले की तहसील बुधनी के ग्राम डोबी में करीब इक्कीस करोड़ की राशि के विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ण विकसित मध्य प्रदेश मेरा सपना है और इस सपने को हकीकत में बदलने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
शिलान्यास समारोह को कृषि एवं सहकारिता मंत्री श्री गोपाल भार्गव और बकतरा मण्डी अध्यक्ष श्री चौहानसिंह चौहान ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर म.प्र. बेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, मार्कफेड अध्यक्ष रमाकांत भार्गव, बुधनी नगर पंचायत अध्यक्ष आजाद सिंह राजपूत, रेहटी मण्डी अध्यक्ष आशाराम यादव, म.प्र. पाठय पुस्तक निगम अध्यक्ष विजयपाल सिंह, मंडल अध्यक्ष वीरसिंह चौहान आदि सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज डोबी में 11 करोड़ 31 लाख की लागत से नर्मदा नदी से सरदार नगर उद्वहन सिंचाई योजना, 3 करोड़ 40 लाख की लागत से डोबी, मछवाई, सतरामउ, गोंदाखेड़ा, सागपुर और सियागहन में स्टापडेम निर्माण, 98 लाख की लागत से नर्मदा नदी पर सरदार नगर में घाट निर्माण, 86 लाख की लागत से नर्मदा नदी पर हथनौरा में पक्के घाट का निर्माण, 104.43 लाख की लागत से 3311 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र गादर, 58.18 लाख की लागत से किसान सड़क निधि से स्वीकृत शाहगंज, डोबी, बकतरा मार्ग से ग्राम मछवाई सीसी रोड, 174.00 लाख से ग्राम आमोन से खेरी सिलगेना में सीमेन्ट काींट कार्य, 51.00 लाख की लागत से रेहटी, जोनतला और बुधनी में कम्युनिटी हॉल का निर्माण कार्य तथा 45.00 लाख की लागत से बकतरा, डोबी एवं सरदारनगर में सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया।
विकास की ओर मजबूत कदम
मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश ने अब विकास के रास्ते पर मजबूती से कदम बढाएं हैं। सडक, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई आदि मूलभूत जरूरतों की ओर विशेष ध्यान दिया जाकर इस दिशा में ठोस कार्य किए गए है। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी ऐसा तबका शेष नही बचा जिसके लिए प्रदेश सरकार ने योजनाएं नहीं बनाई। मुख्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों की भरपूर मदद की है जिससे प्रदेश का किसान खुशहाल बन सका है। उन्होंने कहा कि खेती के कार्य में लगे किसी भी आदमी को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने अनेक निर्णय लिए हैं।
थ्रेसर से नुकसान पर सहायता
मुख्य मंत्री ने बताया कि खेती के कार्य में घायल होने पर संबंधित व्यक्ति की आर्थिक मदद की जाएगी। यहां तक कि यदि थ्रेसर में किसी आदमी का हाथ कट जाता है तो उसे तत्काल बीस हजार रूपयों की मदद सरकार की ओर से दी जाएगी।
गरीबों की भरपूर मदद
मुख्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने गरीबों के हित में भी अनेक फैसले लिए है जिससे उनकी भरपूर मदद की जा सकें। उन्होंने मुख्य मंत्री मजदूर सुरक्षा योजना का जि करते हुए कहा कि इस योजना का उद्देश्य मजदूरों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने हर उस गरीब की मदद करना तय किया है जिसे किसी न किसी रूप में सरकारी मदद की दरकार है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हम्मालों और हाथठेला वालों तक की पंचायत बुलाकर उनकी समस्याओं को जाना समझा और उनका निराकरण किया।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कृषि एवं सहकारिता मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि यह प्रदेश का सौभाग्य है कि आज शिवराज सिंह चौहान जैसा सहज व्यक्तित्व के हाथ में प्रदेश का नेतृत्व है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अत्यन्त उदार हृदय के है जिन्होंने आम आदमी की तकलीफों को दूर करने के लिए उदारता एवं तत्परता से मदद की।
सड़क हादसों में तीन घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आष्टा अर्न्तगत आने वाले इंदौर भोपाल रोड पेट्रोल पम्प के पास गत दिवस शाम को दलपतपुरा निवासी माधवसिंह आ.शिवचरण मेवाड़ा 40 साल सायकल से आष्टा से घर जा रहा था कि पीछे से आ रहे ट्रेक्टर चालक ने वाहन को तेजगति से चलाकर एवं लापरवाही से चलाकर माधवसिंह की सायकल में टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप माधव को चोट आने से अस्पताल आष्टा में भर्ती कराया गया।
वही गत दिनों साढे अाठ बजे खैनियापुरा जटालसिंह अपने गांव से मोटर सायकल से आष्टा आ रहा था कि लसुड़िया हर्राजखेडी के बीच पीछे से आ रही दुबे बस क्रमांक एमपी-14-जी-7228 के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही से चलाकर इसकी बाईक में टक्कर मारकर घायल कर दिया जिसे उपचार हेतु इंन्दौर अस्प.भेजा गया।
इधर थाना अहमदपुर थाना अर्न्तगत आने वाले ग्राम हीरापुरा निवासी अमरसिंह बंजारा का 4 वर्षीय पुत्र मांगीलाल रोड पर खेल रहा था कि ग्राम जुगलपुरा निवासी बाईक क्रमांक एमपी-37-बीए-2317 के चालक ने बाईक को तेजगति एवं लापरवाही से चलाकर मांगीलाल को टक्कर मारकर घायल कर दिया।
उपचार के दौरान दो की मौत
सीहोर 23 सितंबर (नि.सं.)। जिले के थाना जावर अर्न्तगत उपचार के दौरान एक बालक बालिका की उपचार के दौरान मोत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी अनुसार जावर थाना अर्न्तगत आने वाले ग्राम काकरिया खेडी निवासी कैलाश का 07 वर्षीय पुत्र निर्मल खेलते समय गत दिनों गुड़ की कड़ाई में गिरने से जल जाने के कारण इलाज हेतु हमीदिया अस्प.में दाखिल कराया गया था जहॉ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वही सेवदा आष्टा निवासी नंदकिशौर की 16 वर्षीय पुत्री अभिलाषा को गत दिनों एक्सीडेंट में आई चोटों के कारण इलाज हेतु हमीदिया अस्प.भोपाल में दाखिल कराया गया था जहॉ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू क़र दी।
Tuesday, September 23, 2008
सीहोर के डीपी सामान तेल चोरों का बड़ा गिरोह पुलिस ने पकड़ा, 5 फरार, कबाड़ी भी शामिल
आष्टा 22 सितम्बर (नि.प्र.)। क्षेत्र के अनेकों ग्रामों से पिछले कई महिनों से डीपी के अंदर से आइल व अन्य कीमति सामान चोरी जाने की घटना से क्षेत्र के किसान-नागरिक, मंडल और पुलिस परेशान थी लेकिन आखिर कर पाप का घड़ा भरा गया और एक बड़ा गिरोह आष्टा पुलिस के हत्थे चढ़ गया है इस गिरोह में 8 से 9 चोर तो सीहोर क्षेत्र के हैं तथा दो चालक आष्टा के हैं ये लोग चोरी का माल अपने वाहन में चोरों द्वारा बताये स्थान तक पहुँचाते थे। कल पुलिस ने इन दोनो चालकों को साथ लेकर सीहोर और अमलाहा में कबाड़ियों के यहाँ छापा मारा और यहाँ से डीपी का चुराया गया लगभग 5-6 लाख रुपये का माल एवं 6 लोगों को दबोचा है । सीहोर की उक्त गेंग के 4 लोगों की पुलिस को अभी तलाश है।
एसडीओपी ओंकार सिंह कलेश ने फुरसत को बताया कि पिछले कई दिनों से आष्टा समेत आसपास के क्षेत्र में कुछ लोग मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल के लगे ट्रांसफार्मरों में से कीमत धातु, कलपुर्जे एवं आईल आदि चुराकर ले जाते हैं । इस संबंध में मुखबिर से सुराग मिला तब इन चोरों द्वारा जो सामान वाहन ढोता था, उसका चालक जिसका नाम शग्गु एवं शोकीन को दबोचा गया। कड़ी पूछताछ की गई तब इसने सीहोर, अमलाहा की गेंग जो यह काम करती थी तथा जहाँ पर माल भेजा जाता था उसके बारे में विस्तृत रुप से जानकारी दी। तब एसडीओपी श्री कलेश, आष्टा टीआई हनुमंत सिंह राजपूत, जावर टीआई बी.के.उपाध्याय तथा कोतवाली थाना प्रभारी अजय वर्मा सादल बल के सीहोर में कबाड़ी लईक खाँ मछली पुल के यहाँ पर छापा मारा तथा इसके यहाँ से चुराया गया 5-6 लाख रुपये का माल जप्त किया गया।
दोनो वाहन चालकों के द्वारा बताये गये लोगों को भी योजनाबध्द तरीके से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया इस काम में एक गेंग सीहोर की है जिसका सरगना मुन्ना उर्फ रंजीत है जो अभी फरार है तथा दूसरी गेंग का सरगना किशोर ठाकुर है जिसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आज इस संबंध में जिन्हे गिरफ्तार किया है उनके नाम योगेश यादव सीहोर, दिनेश मालवीय सीहोर, सुरेश जायसवाल मुरावर, आष्टा के दोनो वाहन चालक शग्गु एवं सोकीन तथा चार लोग इनमें फरार हैं जिनके नाम दिन्नु उर्फ दिनेश यादव सीहोर जिसे खलीफा के नाम से भी पुकारा जाता है। दूसरा दीनू माली तथा तीसरा नब्बु व व चौथा बाबू मालवीय फरार है यह सारे आरोपी सीहोर के हैं।
इस चोरी के माल को गंतव्य तक पहुँचाने के लिये जिस वाहन का उपयोग किया जाता था उसका क्रमांक एमपी 04 एच.9286 है तथा उक्त वाहन विजय पंडित अलीपुर आष्टा की बताई गई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने जो माल कबाड़ी के यहाँ से जप्त किया है उसे पुलिस 5 से 6 लाख रुपये का बता रही है जबकि जानकारों का कहना है कि जो माल जप्त हुआ है उसकी राशि लगभग 1 लाख रुपये से अधिक नहीं है। तथा डीपी का जो कीमति सामान गया है वह अभी पुलिस बरामद ही नहीं कर पाई है।
श्री कलेश ने बताया कि पकड़े गये गेंग के गिरोह ने अभी तक 5 प्रकरण आष्टा, 1 जावर व 2 मण्डी थाना सीहोर के कबूल किये हैं अभी इनसे और पूछताछ जारी है जिससे और सफलता मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस के दावेदारों ने दिल्ली जाकर दी दस्तक
स्मरण रहे आष्टा विधानसभा क्षेत्र से इस बार कांग्रेस की और से रिकार्ड लोगों ने टिकिट की मांग की है। जो नेता यहाँ से मांग कर रहे हैं उसमें अधिकांश स्थानीय हैं तथा कुछ बाहरी भी हैं जो स्थानीय दावेदार हैं उनका पूरा प्रयास है कि बाहरी व्यक्ति को टिकिट ना दिया जाये जबकि जो बाहरी है वे भी कहीं से हल्कें नहीं पड़े रहे हैं इससे लगता है कि आष्टा के लिये कांग्रेस को नाम तय करने में काफी मशक्कत करना पड़ेगी। वहीं इतने अधिक दावेदारों में टिकिट आष्टा से कांग्रेस से मांगे हैं टिकिट घोषित होने के बाद जो दावेदार रह जायेंगे निश्चित है वे कांग्रेस के लिये बड़ी परेशानी भी खड़ी कर सकते हैं। कांग्रेस को यह सब देखना होगा। आज दिल्ली में दस्तक देने वालों में दावेदार अजीत सिंह, बापूलाल मालवीय, एच.आर. परमाल, घनश्याम जांगड़ा, जगदीश चौहान आदि नाम प्रमुख हैं।
भाजश ने निकाली अभूतपूर्व वाहन रैली
आगामी विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री उमा भारती की आमसभा के बाद भाजश कार्यकर्ताओं ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य को प्रदर्शित करना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में 22 सितम्बर को आयोजित स्वराज संकल्प रैली में जिला भाजश के दिशा निर्देशन में ऐतिहासिक संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोशोखरोश के साथ भाग लिया। जिले से लगभग 300 वाहनों ने इसमें भाग लिया। नगर में सोमवार से ही भाजश कार्यकर्ताओं मेें जोश था। नगर के प्रमुख मार्गों में भाजश के केशरिया झंडे लगे वाहन लोगों को आकर्षित कर रहे थे। स्थानीय कलेक्ट्रेट मैदान में वाहन रैली शुरू हुई। इसका नेतृत्व भाजश के प्रदेश सचिव लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने किया वाहन रैली में लगभग सौ से अधिक वाहन सम्मिलित थे। आगे-आगे एक आकर्षक रथ चल रहा था। रथ में लगा डीजे में देशभक्ति के गाने बज रहे थे। सभी वाहनों पर भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री उमा भारती के फोटो एवं पार्टी का ध्वज लहरा रहा था। भाजश का यह शक्ति प्रदर्शन नागरिकों को आकर्षित करता दिख रहा था। कलेक्ट्रेट मेन रोड कोतवाली चौराहा भोपाल नाका होते हुए यह वाहन रैली भोपाल की ओर कूच कर गई। भोपाल में लाल घाटी में बुधनी मंडल के 100 वाहन भी इस रैली में सम्मिलित हो गए। इस रैली में प्रमुख रूप से भाजशा के प्रदेश सचिव लोकेन्द्र मेवाड़ा, नन्दकिशोर पाटीदार, पवन पाटीदार, पार्षद कमलेश राठौर, कमलेश कुशवाह, जगदीश सचदेवा, आशीष पचोरी, दिनेश पुष्पद, सीताराम पाटीदार, नारी शक्ति अध्यक्ष बबली शुक्ला विभिन्न मण्डलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
दुर्घटनाओं में चार घायल
जानकारी के अनुसार मण्डी थाना अन्तर्गत श्यामपुर मार्ग पर सांई मंदिर गंज निवासी गजेन्द्र सिंह अपने साथी दीपक राठौर के साथ बाइक से श्यामपुर तरफ जा रहा था तभी सामने से आ रहे बाइक क्रमांक एम.पी. 04 डी-8433 के चालक रामकिशन ने अपने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये इनकी बाइक में टक्कर मार दी।
परिणामस्वरूप तीनों घायल हो गये जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु सीहोर अस्पताल में दाखिल कराया गया।
इसी प्रकार कोतवाली थाना क्षेत्र में चाणक्यपुरी निवासी 20 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा भोपाल नाके से अपनी सायकल पर सवार होकर चाणक्यपुरी तरफ जा रहा था तभी पीछे से आ रही मारूति क्रमांक एम.पी. 04 सीवी-5908 के चालक ने अपन ेवाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये राजेश को टक्कर मारकर घायल कर दिया जिसे उपचार हेतु अस्पताल सीहोर में भर्ती कराया गया है।
उधर आष्टा थाना क्षेत्र में सूरज योगी की पांच वर्षीय पुत्री कुमारी कीर्ति को गत दिवस मानस भवन के समीप रोड क्रास करते समय क्वालिस चालक मोहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया।
घटिया निर्माण को लेकर व्यापारियों ने मण्डी बंद की चेतावनी दी और तब प्रशासन जागा
जिस दिन मण्डी में उक्त कार्य का शुभारंभ हुआ था तब व्यापारियाें ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी तब कार्य को देखने के लिये तहसीलदार स्वयं मण्डी प्रांगण में पहुँचे थे तथा निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री के सेंम्पल लिये थे जिसकी शिकायत मण्डी एवं कृषि मंत्री को की गई थी। लेकिन शायद ठेकेदार ने उच्च आशीर्वाद के तहत निर्माण कार्य की गुणवत्ता को नहीं सुधारने का शायद मन बना रखा था। यही कारण रहा कि घटिया निर्माण को लेकर कल व्यापारी संघ ने मंडी समिति को पत्र लिखकर सूचित किया की मण्डी में हो रहे घटिया निर्माण के विरोध स्वरुप सभी व्यापारी 24 सितम्बर से अनिश्चित कालीन मण्डी बंद करेंगे। उक्त सूचना पत्र मिलने ही मण्डी सचिव के हाथ पांव फूल गये हैं। आज भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष देवनारायण पटेल, मण्डी व्यापारी, सचिव व अन्य जनप्रतिनिधियों की एक बैठक हुई इसमें उक्त निर्माण कार्य की देखरेख के लिये 5 सदस्यों की एक समिति बनाई गई।
जिसमें श्री मेवाड़ा, जीवन सिंह परमार, प्रमोद राठौर, सुनील आदिनाथ, धर्म सिंह आर्य को शामिल कर यह निर्णय हुआ कि उक्त कार्य की देखरेख उक्त समिति की निगरानी में होगी व ठेकेदार को भुगतान उक्त समिति की अनुशंसा के बाद ही किया जायेगा।
जब साष्टांग प्रणाम में हाथ-पांव अड़ गये...
इन दिनों भोपाल के कांग्रेस और भाजपा कार्यालयों में इतनी बड़ी मात्रा में उम्मीद्वाराें की फौज नजर आती है कि देखते ही बनती है। सीहोर से भी आये दिन उम्मीद्वार अपने-अपने स्तर पर जाते हैं। कोई गाड़ियों को काफिला ले जाता है तो कोई एक-दो वजनदार लोग ले जाते हैं। सबसे यादा मजा आ रहा है भाजपा का। यहाँ कुछ लोग संघ से जुड़े लोगों पर हाथ रखते हैं, कुछ लोग वजनदार नेताओं पर हाथ रखते हैं तो कुछ उम्मीद्वार अपनी दावेदार पुराने जनसंघी परिवार के नाते करते हैं। अब भाजपा कार्यालय भोपाल में बैठने वाले सभी व्यक्तित्व पूयनीय हैं और यहाँ सीहोर से जाने वाले उम्मीद्वार अपनी सरलता और श्रध्दा दर्शाने के लिये बार-बार उन्हे प्रणाम भी करते हैं। ऐसे ही एक लम्बे-चौड़े वजन के भाजपाई उम्मीद्वार कल जब भाजपा कार्यालय भोपाल में भाजपा के एक वरिष्ठ व प्रभावी नेता के कार्यालय में पहुँचे तो उन्होने बकायदा जगह बनाकर इन्हे साष्टांग प्रणाम करने का मन बनाया और वह पूरे जमीन पर लेट गये। अब जब यह लेट ही गये तो पता चला कि कमरे की चौड़ाई इनकी लम्बाई से कम है। कहीं उनके पैर फंस गये तो कहीं हाथ बड़े पड़ने लगे। कुल मिलाकर जिन्हे वह प्रणाम कर रहे थे उन्होने ही कह दिया कि बस भैया, आपतो बहुत बड़े हैं हम क्यों प्रणाम कर रहे हैं, शांति से बैठिये और अपनी बात कहिये। लेकिन यह दृश्य देखकर इनके साथ वालों की और बाद में जिन्हे पता चला उनकी हंसी रोके नहीं रुक रही है.....।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
घर बंधे बकरा बकरी चोरी
टिकिट के दावेदार भाजपाईयों ने बाहरी को लेकर एकजुटता दिखाई
आज सुबह विश्राम गृह पर आष्टा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकिट मांग रहे वर्तमान विधायक रघुनाथसिंह मालवीय पूर्व विधायक रंजीत सिंह गुणवान, देवीप्रसाद परमार, शैलेष वैध, कैलाश बगाना, जगदीश खत्री, जुगल मालवीय, घनश्याम खत्री, विश्रामसिंह, रमेश मालवीय ने चर्चा कर एक बैठक आहुत की बैठक में सभी दावेदार गुणवान को छोडकर उपस्थित हुए एवं स्थानीय व्यक्ति को ही पार्टी आष्टा से टिकिट दे यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
रंजीत सिंह गुणवान ने भी इस मुद्दे पर बैठक के निर्णय को मान्य कर अपनी मोहर लगाई है। बाद में सभी दावेदारों ने अपने उक्त लिये गये निर्णय से स्थानीय प्रेस को अवगत कराया पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर बताया कि उक्त निर्णय लेने की आवश्यकता इसलिए पड़ी की जिसने आष्टा के लिए कुछ नहीं किया, जिसका आष्टा से कोई वास्ता नहीं रहा आज वो व्यक्ति आष्टा से टिकिट की मांग करे तो हम कैसे उक्त मांग का समर्थन कर सकते है वर्षो से पार्टी के लिए झंडे हम उठाये, डंडे हमने खाये, धरना प्रदर्शन हमने किये पुलिस ने प्रकरण बनाये तो पेशी हमने भुगती पार्टी के कार्यक्रमों में तन, मन धन से खर्चा कर हम जाये और अब जब आज टिकिट की बात आ रही है तो क्षेत्र के कुछ लोग बहारी व्यक्ति को आष्टा लाकर उसे टिकिट की मांग कर रहे है जिसे हममे से कोई भी दावेदार स्वीकार नहीं करेगा। हम अपने उक्त निर्णय से प्रदेश, संभाग, जिले एवं ब्लाक नेतृत्व को भी अवगत करा रहे है वैसे हम लोगों ने वरिष्ठ नेताओं से मिलकर स्थानीय व्यक्ति को ही टिकिट दिया जाये से अवगत करा दिया है आज आष्टा में भाजपा के दावेदारों की हुई बैठक ठीक उसी तर्ज पर हुई जैसेी बैठक पिछले कुछ दिनों पूर्व होटल संतुष्टि पर कांग्रेस के स्थानीय दावेदारों ने की थी उन्होंने भी ऐसा ही निर्णय लिया था कि कांग्रेस संगठन आष्टा से किसी को भी टिकिट दे लेकिन बहारी को स्वीकार नहीं किया जायेगा। भाजपा और कांग्रेस में जो यह निर्णय दावेदारों ने अलग-अलग बैठके करके लिया है इससे एक बात तो स्पष्ट हो गई है की भाजपा और कांग्रेस में स्थानीय को लेकर दोनों दलों के दावेदार एकमत है दोनों दलों के नेता क्या निर्णय ले यह आगे की बात है।
यूरिया खाने से 6 मवेशी मृत
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम के करणसिंह आत्मज देवीलाल जाट की उक्त मवेशी थी जिसमें 4 गाय 1 केडा 1 केडी मर गये बताया जाता है कि सुबह-सुबह किसान ने उक्त मवेशियों के लिए चाटा तैयार किया चाटे की बोरी के पास ही यूरिया खाद की बोरी रखी थी ध्यान नहीं रहने पर मवेशी के तैयार चाटे में यूरिया मिला दिया और मवेशी के सामने रख दिया मवेशियों ने उक्त चाटे को खा लिया और मर गई। पशु चिकित्सक भी मृत्यु का यही कारण मान रहे है ग्रामीणों ने उक्त किसान को मुआवजे देने की मांग की है।
Monday, September 22, 2008
अंतत: जनता की सजगता से मिली मोटर साईकिल, पुलिस को राहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार अमित कुईया ब्यूरो प्रमुख दैनिक सांध्य अग्निवाण के चरखा लाईन सर्राफा बाजार स्थित निवास से बुधवार को दोपहर उनकी मोटर साईकिल चोरी चली गई थी। घर में ताला लगी हुई रखी मोटर साईकिल की चोरी से यहाँ इस पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। दिन दहाड़े हुई इस चोरी ने क्षेत्र के युवाओं में आक्रोश भर दिया।
चूंकि विगत कुछ लम्बे समय से लगातार चोरियों का क्रम जारी था। ऐसे में आक्रोशित युवाओं ने पुलिस के खिलाफ कुछ प्रदर्शन भी किये।
कल शनिवार को इन्दौर नाका तिराहा इछावर मार्ग के समस्त दुकानदारों ने दिनभर से रखी एक अज्ञात मोटर साईकिल के लिये देर रात 10 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब रात इन्दौर नाका पर पहुँची और उस लावारिस मोटर साईकिल को देखा तो पता चला कि यह तो वही मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 37 बीए 8020 है जो पत्रकार अमित कुईया की थी और चोरी चली गई थी।
पुलिस ने यहाँ जब नागरिकों से पूछा कि यह मोटर साईकिल कब की खड़ी है सबने बताया कि दोपहर से यहीं सड़क किनारे खड़ी है और जब पूरा बाजार बंद हो गया है तभी भी खड़ी होने के कारण लगा कि संभवत: कोई इसे छोड़ गया है अथवा लावारिस है इसलिये जनता ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने इसे जप्त कर लिया।
मोटर साईकिल सड़क के किनारे ही इन्दौर नाके की तरफ मुँह करके खड़ी थी और यह इछावर मार्ग की तरफ से आई हुई प्रतीत हो रही थी।
पुलिस ने इसे जब देखा और उसका ताला टूटा हुआ था। पुलिस ने इसे रात को ही कोतवाली थाने में ले आई है। संभवत: एक-दो दिन में इसे न्यायालय में प्रस्तुत कर सुपुर्दगी दे दी जायेगी।