Saturday, September 20, 2008

गर्मी में सीहोर के लिये छोड़ा रामपुरा डेम से पानी क्या अब क्षेत्र के लिये परेशानी का कारण बनेगा

सीहोर नगर पालिका पर सिंचाई विभाग का 68 लाख लेना है

सीहोर 19 सितम्बर (सुशील संचेती)। गर्मी में आष्टा के रामपुरा डेम से लगभग 5 फिट पानी सीहोर के लिये छोड़े जाने का खामियाजा इस बार आने वाली गर्मी में आष्टा के साथ-साथ उन सैकड़ों किसानों को भी भुगतना पड़ सकता है। जिन्हे डेम से सिंचाई के लिये पानी दिया जाता है। यह आभास अभी तक जितनी कम वर्षा आष्टा में हुई उससे तथा बरसात के अंतिम दौर में होने और अभी तक रामपुरा डेम जिसमें इस समय तक 10 से 12 फि ट पानी भर जाता था अभी तक केवल 5 से 6 फिट पानी ही आया है अगर गर्मी में 5 फिट पानी जो सीहोर के लिये छोड़ा गया नहीं छोड़ते तो शायद जो शंका-कुशंका आगामी गर्मी में पानी को लेकर क्षेत्र में उठ रही है वो शंकाए नहीं उठ पाती। गर्मी में सीहोर में जो जल संकट उत्पन्न हुआ था तब सीहोर ने दबाव बना कर प्रशासन से रामपुरा डेम से सीहोर के लिये पानी छुड़वा तो लिया था आष्टा से पानी बहकर सीहोर के लिये रवाना भी हुआ लेकिन पूरी नदी खाली होने के कारण सीहोर के लिये जो पानी छोड़ा था वो नहीं के बराबर पहुँचा था तथा जिसे सीहोर की प्यास बुझाने के लिये उक्त पानी छोड़ा था उस सीहोर के नागरिकों की प्यास भी नहीं बुझी है।

कुछ लोगों के मजे जरुर इस दौरान हो गये थे। जिस वक्त आष्टा के रामपुरा डेम से पानी सीहोर के लिये छोड़ा गया था जिस वक्त आष्टा के रामपुरा डेम से पानी सीहोर के लिये छोड़ा गया था तब विरोध के स्वर भी मुखर तो हुए थे लेकिन प्रशासन ने उन स्वरों को दबा दिया था। सूत्र बताते हैं कि रामपुरा डेम का जो कमांड क्षेत्र है उसमें सीहोर आता ही नहीं है। नियमानुसार तो रामपुरा डेम से सीहोर के लिये पानी छोड़ा ही नहीं जाना था फिर क्यों छोड़ा गया, किसके निर्देश पर छोड़ा गया, नियमों का पालन क्यों नहीं किया तथा जितना पानी जिसके लिये छोड़ा उक्त पानी की जो राशि बनती है क्या वो राशि सिंचाई विभाग को मिली नहीं मिली तो उसकी जिम्मेदारी अब किसकी है। यह सब अब जांच का एक बड़ा विषय हो सकता है ? आष्टा तहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष 19सितम्बर 08 तक 666 मि.मी. (26 इंच) बरसात हुई है। वहीं सिंचाई विभाग के जितने भी जलाशय रामपुरा डेम सहित सभी में पानी काफी कम स्टोर हुआ है। कम बरसात के कारण इस वर्ष गेहूँ-चने की फसलों की उम्मीद करना तो एक सपने के समान है। (अगर अभी भी बरसात हो जाये या फिर मावठा गिर जाये तो सपना सच हो सकता है) वहीं अभी से क्षेत्र के नागरिकों को कम भराये जलाशयों को देखकर भविष्य में क्षेत्र में पीने के पानी का कितना गंभीर संकट पैदा होगा यह सोच-सोच कर सभी परेशान है। वैसे अभी भी क्षेत्र के लोगों का मानना है कि जिस प्रकार अभी अंतिम दौर में देश के कई हिस्सों में बरसात ने शानदार दस्तक दी है। वैसी दस्तक म.प्र. में भी होगी अगर ऐसा होता है और जाते-जाते भी इन्द्र देवता मेहरबान हो जाते हैं तो जिन दो बातों को लेकर क्षेत्र के नागरिक-किसान चिंतित है उनकी वो चिंता दूर हो सकती है। सिध्दिकगंज क्षेत्र के किसानों का भी मानना है की गर्मी में रामपुरा डेम से सीहोर के लिये जो पानी छोड़ा वो नहीं छोडा जाना था अगर उस वक्त पानी नहीं छोड़ा जाता तो आज डेम में भरपूर पानी रहता और आष्टा की गर्मी में प्यास भी बुझ जाती तथा किसानों को भरपूर पानी सिंचाई के लिये मिलता वैसे सिंचाई के लिये तो अभी भी डेम से पानी दिया जायेगा लेकिन आष्टा के लिये छोड़ा जायेगा की नहीं इसके लिये अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है क्योंकि डेम में पानी पहली प्राथमिकता सिंचाई है तथा उसके बाद आष्टा के लिये पानी छोड़ा जाना है।

68 लाख बकाया है सीहोर नगर पालिका पर - इस संबंध में आज फुरसत ने सिंचाई विभाग आष्टा से जब चर्चा की तो सिंचाई विभाग आष्टा ने बताया कि गर्मी में कलेक्टर सीहोर के निर्देश पर रामपुरा डेम में सीहोर के लिये गर्मी में 1941000 घन मीटर पानी छोड़ा गया था

इस पानी की कीमत 20 लाख के करीब होती है लेकिन नगर पालिका ने इसके बदले सिंचाई विभाग को 1 लाख रुपया विभाग को दिया था जबकि सीहोर नगर पालिका पर सिंचाई विभाग का लगभग 42 लाख रुपया पानी का बाकी है सिंचाई विभाग ने बताया कि अभी तक सीहोर नगर पालिका 61 लाख रुपया पानी का तथा निश्चित समय सीमा में उक्त राशि जमा नहीं कराने पर 7 लाख रुपया ब्याज का जुड़कर कुल लगभग 68 लाख रुपया बकाया है।

बहू को प्रताड़ित करने पर कारावास

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)सत्र न्यायाधीश ए.एच.एस. पटेल द्वारा थाना इछावर के अपराध क्रमांक 293 07 के आधार पर बने सत्र परीक्षण क्रमांक-1908 में मृतका सीमाबाई को प्रताड़ित करने एवं उसे आत्महत्या के लिये प्रेरित करने वाले पति गजराजसिंह पुत्र लाड़सिंह, ससुर लाडसिंह, पुत्र खुमान वं सास-सौरम बाई पत्नि गजराजसिंह पुत्र लाड़सिंह को दोशी पाकर धारा-306 भा.द.वि. के तहत 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 5000- रुपये प्रत्येक अर्थदंड से दंडित किया। धारा 498 ए भा.द.वि. के तहत 2-2 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 2000-रुपये अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
लोक अभियोजक ओ.पी. मिश्रा के अनुसार ग्राम बरखेड़ा कुर्मी निवासी लीलाधर पालीवाल द्वारा दी गई। दिनांक 10.12.07 की सूचना आधार पर मृतक सीमाबाई की आकस्मि मृत्यु के सम्बंध में मर्ग क्रमांक 397 दर्ज किया व जांच पश्चात मूल अपराध क्रमांक 29307 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया व विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया उपस्थित होकर के माननीय सत्र न्यायालय को विचारण हेतु प्राप्त हुआ।
अभियोजन की ओर से कुल 13 साक्षीगण तथा बचाव पक्ष ने 5 गवाहों के कथन कराये गये साक्ष्य में यह तथ्य प्रकट हुआ कि मृतका सीमाबाई का विवाह 6 फरवरी 2003 को गजराजसिंह आरोपी के साथ हुआ था जिसके देढ़ साल बाद मोटर साइकिल की मांग करने पर सीमाबाई के पिता ने 24 हजार रुपये नगद दामाद आरोपी गजराज को दिये थे। फिर धंधा करने के लिये 2 लाख रुपये की मांग की गई। उक्त अवैध मांग पूरी न होने पर सीमाबाई के साथ क्रूरतापूर्ण व अमानवीय व्यवहार किये जाने लगा जिससे परेशान होकर सीमाबाई ने फांसी लगाकर के आत्महत्या कर ली।
विद्वान न्यायाधीश ए.एच.एस. पटेल ने अपने 22 पृष्ठीय निर्णय में आरोपीगण के उक्त कृत्य को दृष्टिगत रखते हुये बचाव पक्ष की प्रार्थना अस्वीकार करते हुये आरोपीगण को क्रमश: 5-5 व 2-2 साल के सश्रम कारावास एवम रुपये 7 हजार प्रत्येक आरोपी को अर्थदंड का फैसला सुनाया।
अर्थदंड राशि जमा होने पर उसमें से 15 हजार रुपये मृतका के पिता को प्रतिकर दिलाये जाने का आदेश दिया गया। म.प्र. शासनअभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी ओमप्रकाश मिश्रा लोक अभियोजक ने की। अभियुक्त राजेश व मनोहर को साक्ष्य अभाव में बरी किया गया। अभियुक्तगण को सजा भुगतने के लिये सजा वारंट तैयार कर जेल सीहोर भेजा गया।

छात्राओं के साथ अभद्रता करने वालों पर मामला दर्ज

आष्टा 19 सितम्बर (नि.सं.)। आष्टा में विभिन्न स्कूलों के चौराहों पर स्कूल के समय मजनुओं की हरकतों से छात्राएं परेशान रहती हैं। अब यह रोग ग्रामीण क्षेत्र में भी फैल गया है। आष्टा तहसील के ग्राम उमरपुर से कई छात्राएं पढ़ने के लिये पास के ग्राम बेदाखेड़ी आती हैं आज कुछ छात्राएं जब पढ़ने के लिये आ रही थी तब रास्ते में बेदाखेड़ी के दो मजनु युवक जिनका नाम गब्बर सिंह एवं देवेन्द्र जाति चमार बताया गया है, इनने पढ़ने आ रही छात्राओं को 100 का नोट दिखाकर हरकतें की। तब हिम्मत जुटाकर एक छात्रा ने इनसे सवाल-जबाव किये। तो इन मजनुओं ने छात्राओं के साथ गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया तब इस छात्रा ने दूरभाष पर अपने पिता को इन मजनुओं की द्वारा की गई हरकत की शिकायत की। तब छात्राओं के पिता बेदाखेड़ी आये और इन मजनुओं से चर्चा की तथा पूछा कि तुम ऐसी हरकतें क्यों करते हो ? तब भी इन मजनुओं ने इनके पिताओं के साथ भी गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया। बाद में यह छात्राएं तथा उनके पिता आष्टा थाने पहुँचे तथा यहाँ बेदाखेड़ी के उक्त दोनो मजनुओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

बढ़ती चोरियों को लेकर छावनी के युवाओं ने एफ आईआर का पुतला जलाया

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)। छावनी क्षेत्र में बढ़ती चोरियों की वारदातों के कारण रोष बढ़ता जा रहा है। आज छावनी के कुछ युवाओं ने पुलिस द्वारा बार-बार एफआईआर तो दर्ज कर ली जाती है लेकिन उस पर कार्यवाही कुछ नहीं होती है इस कारण पुलिस की एफआईआर का ही पुतला जला दिया।
छावनी के युवा शैलेष राठी, व आशीष गुप्ता के नेतृत्व में युवाओं ने एफआईआर का पुतला दहन करने के साथ ही कहा कि जब पुलिस मामला दर्ज करने के बाद कभी आज तक चोरों को पकड़ ही नहीं सकी तो फिर मामला दर्ज करने का क्या फायदा ?
ज्ञातव्य है कि सर्राफा बाजार में पिछले दिनों एक दुकान के बाद जैन मंदिर में चोरी हुई थी और हाल ही में एक मोटर साईकिल की चोरी भी दिन दहाडे यहाँ से कर ली गई है। लेकिन पुलिस प्रशासन को अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

मोबाइल चोर पकड़े ?
आष्टा 19 सितम्बर (नि.सं.)। जावर थाना अन्तर्गत एक ग्राम से खबर है कि जावर पुलिस ने 100 युवकों को पकड़ा है यह युवक मोबाइल चुराते थे। वैसे पुलिस ने आज इस संबंध में जानकारी नहीं दी है लेकिन खबर है कि इन दोनो से पुलिस पूछताछ में लगी हुई है।


जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)जिले के थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा कुर्मी हाल-अमला रामजीपुरा निवासी एक 25 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा कुर्मी हाल-अमला रामजीपुरा निवासी शम्भूदयाल के 25 वर्षीय पुत्र कृपालसिंह ने आज सुबह 4 बजे अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन करने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।

चौदह निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)। सांसद (राज्यसभा) रघुनंदन शर्मा द्वारा नसरूगागंज क्षेत्र में अनुशंसित 13 निर्माण कार्यों के लिए 45 लाख एवं सांसद (राज्यसभा) लक्ष्मीनारायण शर्मा द्वारा अनुशंसित सीहोर में एक निर्माण कार्य हेतु 2 लाख रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस सिलसिले में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक नसरूल्लागंज जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नीलकंठ में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 3 लाख, ग्राम पंचायत अमीरगंज में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत पिपलानी में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत टीकामोड में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख ग्राम पंचायत बडनगर में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत भिलाई में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत बोरखेड़ाकला में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत इटावा में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत चांदाग्रहण में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 1 लाख 50 हजार, ग्राम पंचायत वासुदेव में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 2 लाख 25 हजार तथा ग्राम पंचायत खनपुरा में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 2 लाख 25 हजार रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
निर्माण कार्य के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को क्रियान्वयन एजेन्सी बनाया गया है और जनपद पंचायत नसरूल्लागंज को 29 लाख 25 हजार रूपये की राशि प्रथम किश्त के रूप में उपलब्ध कराई गई है। ग्राम पंचायत जोनतला तथा ग्राम पंचायत खैरी सिलगेना में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु प्रत्येक को 2 लाख 25 हजार रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। निर्माण कार्य के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को यिान्वयन एजेन्सी बनाकर सीईओ जनपद पंचायत बुधनी को 4 लाख 50 हजार रूपये की राशि प्रथम किश्त के रूप में मुहैया कराई गई है।
इसी तरह सांसद (राज्यसभा) लक्ष्मीनारायण शर्मा द्वारा अनुशंसित सीहोर नगर की ग्राम भारती शिक्षा समिति को शाला के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 2 लाख रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति कलेक्टर द्वारा जारी की गई है और 80 हजार रूपये की प्रथम किश्त प्रदान की गई है। निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण एवं पर्यवेक्षण कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सीहोर का रहेगा।

Friday, September 19, 2008

दिन दहाड़े सर्राफा बाजार से चोर मोटर साईकिल ले उड़े, पत्रकार जगत में रोष व्याप्त

सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.)। नगर के छावनी क्षेत्र में आज दिन दहाड़े एक ओर चोरी की सनसनीखेज घटना घटी जहाँ नगर के व्यस्ततम सर्राफा बाजार में पत्रकार अमित कुईया के निवास में रखी हीरो होण्डा मोटर साईकिल अज्ञात चोर उठाकर ले गये। इस घटना से छावनी का यह क्षेत्र स्तब्ध रह गया। घर के अंदर रखी मोटर साईकिल की दिन दहाड़े हुई इस चोरी ने सभी को चिंतित कर दिया। पत्रकार जगत में भी इस मामले को लेकर रोष व्याप्त है। पुलिस प्रशासन अभी तक हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
गुरुवार को दोपहर 2.30 बजे पत्रकार अमित कुईया अपने निवास पर भोजन करने पहुँचे। यहाँ उन्होने अपनी हीरो होण्डा पेशन मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 37 बीए 8020 ताला लगाकर रखी और अंदर भोजन करने चले गये। जब वह करीब 3 बजे भोजन करके घर से बाहर निकले तो उनका वाहन अपने स्थान पर नहीं था। अनेक जगह पूछताछ के बाद पता चला कि अज्ञात चोर मोटर साईकिल चोरी कर ले गये हैं। जैसे ही यह घटना आसपास के क्षेत्र में फैली स्थानीय छावनी क्षेत्र सर्राफा बाजार के लोग स्तब्ध रह गये।
ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों इसी सर्राफा बाजार मार्ग में हरी वेलर्स की दुकान पर दिन दहाड़े चोरी की वारदात हुई थी जिसमें पूरी की पूरी दुकान ही अज्ञात चोर लूटकर ले गये थे। इसके बाद व्यवसायी पवन जैन की दुकान में कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी धर्मपत्नि की उपस्थिति में घर में प्रवेश किया और आसानी से लूटपाट कर कीमति सामान ले गये। इसके बाद हाल ही में दिगम्बर जैन समाज मंदिर में भी अज्ञात चोरों ने सामने से ही ताले तोड़ दिये थे और अंदर कीमति सामान व 3 दान पेटियों तक के ताले तोड़ दिये थे। इन सभी मामलों में पुलिस को आज तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। इस प्रकार सर्राफा बाजार चोरों के लगातार निशाने पर बना हुआ है लेकिन पुलिस का इस और ध्यान नहीं है।
आज हुई पत्रकार श्री कुईया के मकान के सामने खड़े वाहन की चोरी की वारदात के बाद एक बार फिर छावनी के व्यस्ततम क्षेत्र में लोगों को चिंता में डाल दिया है। इस संबंध में आज जिला पत्रकार संघ ने भी चिंता व्यक्त करते हुए घटना पर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वरिष्ठ पत्रकार शंकरलाल साबू, अम्बादत्त भारतीय, रामनारायण ताम्रकार, पुरुषोत्तम कुईया, जय उपाध्याय, विमल जैन, बसंत दासवानी, राजकुमार गुप्ता, अनिल राय, प्रदीप समाधिया, सुशांत समाधिया, ओम मोदी, श्रवण मावई, महेन्द्र सिंह ठाकुर मनकी, सुनील शर्मा, शैलेष तिवारी, प्रदीप चौहान, हरी विश्वकर्मा, बलजीत सिंह ठाकुर, चन्द्रकांत दासवानी, राकेश समाधिया, राजेन्द्र शर्मा बब्बल गुरु, संतोष शर्मा, आशीष गुप्ता, आनन्द गाँधी आदि ने घटना की निंदा की है और पुलिस से ठोस कदम उठाकर कार्यवाही की मांग की है। ज्ञातव्य है कि इस मामले की कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है।

ताज गेरेज के आबिद के खिलाफ प्रकरण दर्ज

आष्टा 18 सितम्बर (नि.प्र.)। अंतत: आष्टा पुलिस ने जांच के बाद कल आष्टा-सीहोर रोड पर दरगाह के आगे स्थित ताज मारूति गेरेज के आबिद आत्मज अजीज के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया स्मरण रहे कुछ दिनों पूर्व इस गैरेज पर कार्य करने वाला आष्टा का एक मैकेनिक युवक जिसका नाम माजिद आत्मज लियाकत उम्र 25 वर्ष था जो यहां आई एक बाहर की मारूति कार में गैस भरते वक्त जल गया था तीन लोग जले थे जिन्हें भोपाल रेफर कर दिया था जहां माजिद की मृत्यु हो गई थी।
घटना के तत्काल बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज नहीं किया था वो इस मामले को दबाने में लगी थी जो लोग जले थे वे यहां पर एक मारूति में अवैध रूप से गैस भरते वक्त घटी घटना के बाद जल गये थे जब उस वक्त पत्रकारों ने पुलिस से पूछा तो पुलिस का कहना था गैस भरने के कारण नहीं मारूति की टंकी को सुधारते वक्त आग लगी थी इस कारण से उक्त प्रकरण जांच में है लेकिन जला युवक जब मर गया तो पुलिस ने कल जांच पर से कहते हुए अन्तर्गत प्रकरण दर्ज किया गया पुलिस ने बताया इस मामले में भी अभी कुछ धारा और बढ़ सकती है स्मरण रहे आष्टा में इसके पहले भी पुराना बस स्टेण्ड क्षेत्र में अवैध रूप से गैस भरते वक्त एक मारूति में आग लग चुकी हे नगर में कई ऐसे गुप्त स्थान है जहां पर अवैध रूप से मारूतियों में मनमाने पैसे लेकर खाना पकाने की गैस भरी जाती है लेकिन खाद्य विभाग मौन है।


उपचार के दौरान मौत
सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.) विभिन्न थाना क्षेत्रों में उपचार के दौरान तीन की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इछावर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम ढाबलामाता निवासी प्रभूसिंह की 22 वर्षीय पत्नि ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया जिसे उपचार हेतु हमीदिया अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इधर मण्डी थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम सेवनिया निवासी शंकरलाल का 25 वर्षीय पुत्र सुरेन्द्र ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिसे उपचार हेतु हमीदिया अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

पेट्रोल पम्प कर्मचारियों के साथ रात अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मारपीट

जावर 18 सितम्बर (नि.सं.) जावर जोड़ पर स्थित जय बाबा पेट्रोल पम्प के कर्मचारियों के साथ बीति रात दो अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल नहीं देने की बात को लेकर मारपीट की। पुलिस ने पम्प कर्मचारी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात साढ़े नौ बजे दो व्यक्ति लाल बाइक से आये उस समय पम्प पर सेल्स मैनेजर राहुल चौधरी व चौकीदार रामप्रसाद आफिस में बैठे थे दोनों अज्ञात ने पेट्रोल मांगा इस पर पम्प के कर्मचारियों ने कहा कि पेट्रोल कहां से दे इतना कहते ही दोनों व्यक्ति पम्प कर्मचारियों को लात घूसों से पीटने लगे ओर जाते जाते कह गये कि किसी दिन जावर जोड पर पेड से टांग कर मारेंगे और पम्प चलाना भी मुश्किल कर देंगे उधर पम्प मैनेजर डी.एन. चौधरी ने बताया कि तीन दिन से कुछ आसामाजिक तत्व रात के समय आकर हमारे कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रहे है जिससे कर्मचारियों में भव्य व्याप्त है ।
पुलिस को अज्ञात मारपीट करने वालों की खोज कर उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही करना चाहिए नहीं तो किसी दिन ये आसामाजिक तत्व बड़ी घटना को अंजाम दे सकते है उधर दीवान जी हरिसिंह ने बताया कि हमने सात व्यक्तियों के खिलाफ धारा 452, 323, 294,34 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

कल तक जिनके पास मुरमुरे खाने के पैसे नहीं थे वह गाड़ियों में घूम रहे-उमाश्री

सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.)। एक साध्वी के द्वारा मेहनत करके बनाई गई सरकार को नोटों की सरकार बना दिया है। भाजपा ने जो एजेण्डा बनाया था आज वह उससे हट गई है। कुल मिलाकर जिनके पास कल तक मुरमुरे खाने के भी पैसे नहीं थे पेट्रोल दूसरों से डलवाते थे, आज वह लक्जरी गाड़ियों में घूम रहे हैं या तो यह रुपया छप्पर फाड़ कर आया है या कहीं और से ?

आज श्यामपुर में अपनी विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उमाश्री भारती राष्ट्रीय नेत्री ने उक्त बात कही। उन्होने कहा कि यदुवंशियों ने एक ऋषि के तिरस्कार पर मिले श्राप के कारण वह आपस में लड़कर मर गये ठीक इसी तरह भाजपा भी अब एक साध्वी के अपमान के श्राप से आपस में लड़कर समाप्त हो जायेगी। आज जनसभा में करीब 4 हजार के करीब लोग उपस्थित थे।

उमाश्री सीहोर में सर्वप्रथम भाजश नेता लोकेन्द्र मेवाड़ा के निवास पहुँची यहाँ से मण्डी माता मंदिर चौराहे, फिर बिजौरी जोड़, जाखाखेड़ी जोड़, चांदबड़ जोड़ पर स्वागत हुआ। आगे खण्डवा, सिराड़ी, निवारिया जोड़ पर भी स्वागत हुआ। आज भाजश की करीब 1500 लोगों ने सदस्यता ली जिसमें दोराहा, पाटन, जमोनिया, झरखेड़ा, श्यामपुर, निवारिया, बमूलिया, हिंगोनी के लोग शामिल थे।

मेहरवाली माता भी लूटेरों को नहीं बचा पाई क्योंकि वो झूठ बोलकर माता के नाम पर बचना चाहते थे...

आष्टा 18 सितम्बर (सुशील संचेती)। सत्य के साथ सब रहते है असत्य का कोई साथी नहीं होता है यह सत्य गत रात्री में उस वक्त चरितनार्थ हुआ जब आष्टा सीहोर रोड पर कीले गाड़कर उन्होंने वाहनों को पंचर किया और फिर लूट-पाठ कर भाग रहे इन लुटेरों को मेहतवाड़ा के पास रिकांडो जोड पर पुलिस के हाथों कोई नहीं बचा सका वैसे इन लुटेरों ने मैयर वाली माता का नाम बता कर बचने की कोशिश की लेकिन असत्य का कोई साथी नहीं होता है यह साबित हुआ।
फुरसत को मिली जानकारी के अनुसार उस रात्री में लूट कर भागे उक्त लुटेरों के वाहन का चालक जो मानाखेड़ी का था उसने इन लूटेरों को बताया दिया था कि अब जहां भी पुलिस रोके पूछे तो बताना है की मैयर वाली माता के दर्शन कर लौट रहे है जब ये भागे तो आष्टा में पुलिस से बचकर निकले रिकार्डो पर चैकिंग चल रही थी यहां पर मेहतवाड़ा चौकी में पदस्थ सैनिक जगदीश परमार ने इन लूटेरों के वाहन को रोका और पूछा कहां से आ रहे हो तब एक ने बताया मैयर से आ रहे है सैनिक माता का नाम सुनकर खुश हुआ बोला मैया माता जी का प्रसाद खिला दो तब लूटेरों ने कहा प्रसाद तो खत्म हो गया है तब सैनिक ने कहा वहां से माता जी के फोटो लाये होंगे दर्शन करा दो तब लूटेरों ने कहा फोटो नहीं लाये तो सैनिक को शंका हुई ।
उसने पूछा कहां जा रहे हो तब लुटेरे ने कहा चन्दनपुर इंदौर यह सुनकर सैनिक समझ गया दाल में काला है क्योंकि इंदौर में चन्दनपुर कहीं नहीं है चन्दननगर जरूर है तब उसने एक को पकड़ा गाड़ी से नीचे उतारा तब दूसरों के भी हाथ पाव फूल गये और भंडा फूट गया खबर है कि आष्टा टी.आई. एच.एस. राजपूत ने सैनिक जगदीश परमार, सदरू खां एवं आरक्षक सत्येनद्रसिंह को 50-50 रुपये का इनाम भी दिया। लुटेरे मैयर वाली माता का नाम लेकर भागना चाहते थे लेकिन माता ने इन झूठों का साथ नहीं दिया और पुलिस के हवाले हो गये।

बेशरम की लकड़ी को लेकर मारपीट

सीहोर 18 सितम्बर (नि.प्र.)ग्राम रूपाहेडा में भाई-भाई में बेशरम की लकड़ी उखाड़ने को लेकर मारपीट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रूपाहेड़ा निवासी गणपत आत्मज रूपसिंह ने अपने भाई देबीसिंह और उनके पुत्र नर्वत जितेन्द्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।


पेट्रोल पम्प की दीवार गिरी
आष्टा 18 सितम्बर (नि.सं.)। कन्नौद रोड पर स्थित भारत पेट्रोलियम कम्पनी के पेट्रोल पम्प के पिछले हिस्से की दीवार गिरने से आष्टा निवासी विनीत छाजेड़ जिनकी कृषि भूमि स्थित है दीवार गिरने से वहां रखे उनके पाइप आदि फूट गये दीवार गिरने से छाजेड को लगभग 4 से 5 हजार का नुकसान हुआ है।
खबर है कि दीवार गिरने के बाद पम्प संचालक ने कहा था कि जो नुकसान हुआ है वो देंगे लेकिन अब वो छाजेड़ को धमका रहा है इस सम्बंध में छाजेड़ ने पुलिस को पम्प संचालक अनिल सिंह के खिलाफ शिकायत की है।

चार खिलाडियों का राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए चयन

सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.) नगर के चार स्कूली विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय शालेय टेबिल टेनिस क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जिसमें सीहोर के खिलाड़ी हार्दिक निगोदिया भोपाल संभाग की टीम के कप्तान बनाए गए है। यह पहला अवसर है जब मिनी वर्ग में कप्तानी का दायित्व सीहोर के किसी खिलाड़ी को मिला है। चयनित टीम शिवपुरी में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने के लिए रवाना हुई हैं। उन्हें जिले के सभी खेल प्रेमियों द्वारा बधाई दी है। ब्यावरा में सम्पन्न् टेबिल टेनिस संभागीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ खेल कौशल का प्रदर्शन करने पर ब्ल्यू बर्ड स्कूल के छात्र हार्दिक निगोदिया का बाल मिनी वर्ग, ब्ल्यू बर्ड की छात्रा इति राठी का बालिका मिनी वर्ग और सुभाष हायर सेकेन्ड्री स्कूल के छात्र अंशुल सहित सीनियर और उत्कृष्ठ विद्यालय के छात्र अंकित राठौर का जूनियर वर्ग में राज्य स्तरीय टेबिल टेनिस प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। हार्दिक निगोदिया को मिनी वर्ग की भोपाल संभाग टीम का कप्तान बनाया गया है। यह पहला अवसर है जब सीहोर का कोई खिलाड़ी मिनी वर्ग में भोपाल संभाग टीम का नेतृत्व कर रहा है। इन सभी खिलाड़ियों के चयन पर विधायक रमेश सक्सेना, जिला पुलिस अधीक्षक डा. राजेन्द्र प्रसाद, जिला शिक्षा अधिकारी धर्मेन्द्र शर्मा, डी.पी.सी. आर.आर. परमार, कोच रवेन्द्र चौहान, शैलेन्द्र सिंह चंदेल, जयंत दासवानी, क्रीड़ा अधिकारी अरुणा पारे, सरिता राठौर, श्रीमति मीना रावत, शैलेन्द्र सिंह भदौरिया, अताउल्ला खां, चन्द्रशेखर शर्मा, नारायण कुशवाह, बाबू खां, रहमान उल्ला खां, राजेश मालवीय और आशीष शर्मा ने बधाई दी है।

Thursday, September 18, 2008

शादी का लालच देकर अपहरण करने के अपराधी को कारावास

सीहोर 17 सितम्बर (नि.सं.) शादी का लालच देकर एक युवती को भगाकर ले जाने वाले मुल्जिम मन्नूलाल निवासी नोनीखेडी क़ो माननीय अपर सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार वर्मा ने धारा-363 के तहत दोषी पाकर एक साल की सख्त सजा व एक हजार रुपये अर्थदण्ड किया। मामले में शासन की पैरवी रविप्रकाश पारे अपर लोक अभियोजक द्वारा की गई।

अभियोजन की ओर से पैरवी करते हुये अपर लोक अभियोजक रविप्रकाश पारे द्वारा बताया गया कि संक्षिप्त में अभियोजन की कहानी इस प्रकार रही कि घटना 1 मई को अभियुक्त मन्नूलाल निवासी नोनीखेडी ने अभियोक्त्री को शादी का लालच देकर उसे बहला-फुसलाकर जबरन अपने साथ ले गया और उसके साथ बलात्संग किया मामले में युवती के परिजनों ने रिपोर्ट लिखाई तथा अपराध क्र0 8908 कायम कर सत्र परीक्षण क्र0 6108 दर्ज किया।

न्यायालय में विचारण के दौरान गवाहों के बयान हुये। बचाव पक्ष को साक्ष्य का अवसर दिया। दोनों ही पक्षों की अंतिम तर्क चुने गये तथा निर्णय विद्वान न्यायाधीश श्री आलोक कुमार वर्मा (द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश) सीहोर ने धारा-363 भा.द.वि. का अपराध के लिये अभियुक्त मन्नूलाल को दोषी पाया।

अपने 12 पृष्ठीय निर्णय में अभियुक्त को धारा 363 में एक साल सश्रम कारावास तथा एक हजार रुपये हर्जाना का फैसला सुनाया।

पैरवी शासन तरफ से रवि प्रकाश पारे ए.जी.पी. द्वारा की गयी।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रादेशिक महिला नेत्रियों से अभद्रता क्यों हुई?

सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.)। एक तरफ तो भाजपा महिलाओं के लिये तरह-तरह की बात करती है, उन्हे आरक्षण से लेकर उनके विकास की बात करती है और दूसरी तरफ भाजपा संगठन में महिला नेत्रियों की क्या स्थिति यह सार्वजनिक मंच पर ही नजर आ जाता है। संगठन के कुछेक पुरुष पदाधिकारी महिला पदाधिकारियों को पचा नहीं पाते, उनके तेजस्विता को हजम नहीं कर पाते और खीज में हरकतें तक कर बैठते हैं। गत दिवस जब नगर में मुख्यमंत्री व भाजपा के स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान भाजपा का प्रचार करने के लिये आये थे तो यहाँ भाजपा संगठन की पदाधिकारी महिलाओं के साथ जो घटनाएं घटी वह आश्चर्य से कम नहीं है। यहाँ अव्वल तो भोपाल से आई कुछ प्रादेशिक नेत्रियाँ भी मौजूद थीं जो यहाँ मंच को संभाले हुए थीं और चूंकि मुख्यमंत्री काफी देर से आये थे इसलिये यहाँ भोपाल की महिला नेत्रियों ने जोरदार भाषण देकर पूरा वातावरण भाजपामय कर दिया था।

विशेषकर जिस वक्त सरिता देशपाण्डे ने यहाँ मंच संभाला और रामसेतु के मुद्दे को उछालते हुए भाषण दिया तो सामने सभी को एक बहुत दमदार भाजपा नेत्री की छवि दिखने लगी थी। दूर माईक पर लग रहा था कि जैसे उमाश्री भारती की आवाज की कैसेट चल रही हो, इस चक्कर में आसपास एकत्र भीड़ बड़ा बाजार की तरफ तेजी से बढ़ने लगी थी। सरिता जी के भाषण में ओज था, इनके अलावा भी भोपाल से आई अन्य नेत्रियों ने ओजस्वी भाषण दिये।

इधर सीहोर में प्रादेशिक नेत्रियाँ और भाजपा महिला नेत्री भी मंच पर विराजित थीं।

लेकिन जैसे-जैसे शिवराज सिंह चौहान के सीहोर आने की घड़ी नजदीक आने लगी वैसे-वैसे यहाँ मंच से इन महिला नेत्रियों को किसी तरह उतारने का षड़यंत्र रचा जाने लगा। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने इतनी हिम्मत तो नहीं जुटाई कि वह इन्हे किसी तरह उतार देते उन्होने पुलिस का सहारा लेकर यहाँ दो नाम लिखकर दे दिये और कहा कि सिर्फ यही दो नेत्रियाँ मंच पर रहे बाकी सबको उतार दिया जाये।

मंच पर सिर्फ भाजपा महिला मण्डल जिलाध्यक्ष और भोपाल से आई एक अन्य नेत्री को मंच पर रहने देना चाहते थे। यहाँ दर्जा रायमंत्री प्राप्त अनीता भंडेरिया हों अथवा भोपाल की तेजतर्रार छवि की नेत्री सरिता देशपाण्डे हो सबको मंच से उतारने का प्रयास किया गया।

सूत्रों का कहना है कि तब मजबूरन कुछ नेत्रियों ने इस पर आपत्ति लेते हुए खूब खरी-खोटी सुनाई, उन्होने संगठन के स्थानीय पदाधिकारियों को समझाईश दे दी, अपने पद की अहमियत बताई। तब मंच पर से उन्हे उतारने की हिम्मत करने वाले उल्टे पांव लौट आये। एक महिला नेत्री से तो कुछ ने अभद्र व्यवहार भी किया जिसकी चर्चाएं भाजपा महिला मण्डल में व्याप्त है।

नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी की दुर्घटना, घायल

आष्टा 17 सितम्बर (नि.सं.)। आज शाम को लगभग 4 बजे मध्य प्रदेश की नेता प्रतिपक्ष श्रीमति जमुना देवी भोपाल से इन्दौर जाते वक्त लगभग 4 बजे जब पगारिया घांटी पर पहुँची तो उनकी कार क्रमांक एमपी 02 एबी 0627 को सामने से आ रही एक टवेरा जीप क्रमांक एमपी 04 9431 के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए नेता प्रतिपक्ष के वाहन को जमकर टक्कर मारी। इसमें नेता प्रतिपक्ष श्रीमति जमुना देवी, उनका गन मेन बाजबहादुर, वाहन चालक हेम सिंह चन्द्रावत गंभीर रुप से घायल हो गये। लालबत्ती की लगी हुई गाड़ी जैसे ही दुर्घटनाग्रस्त हुई।
घटना स्थल के सामने विष्णु के ढाबा था। विष्णु ने तत्काल पुलिस को सूचना की तथा स्वयं अन्य लोगों को लेकर घायलों की सेवा में लग गया। घायल नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी को सोनकच्छ भेजा गया वहीं गनमेन और चालक को आष्टा सिविल अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश परमार, रतन सिंह ठाकुर, शैलेष राठोर, हरपाल सिंह ठाकुर, संजय जैन सहित अनेकों कांग्रेसजन घटना स्थल की और रवाना हो गये। वहीं घायल गनमेन व चालक का प्राथमिक उपचार कराकर भोपाल स्थानान्तरित किया गया।
फुरसत को मिली जानकारी के अनुसार उक्त दुर्घटना में श्रीमति जमुनादेवी के पैरों में काफी गंभीर चोंटे होने के कारण उन्हे प्राथमिक उपचार सोनकच्छ में देने के बाद उच्च इलाज के लिये इन्दौर के बाम्बे अस्पताल में भेजा गया है जहाँ उनका इलाज शुरु हो गया है।
आष्टा पुलिस ने हेम सिंह पुत्र भंवर सिंह निवासी भोपाल की रिपोर्ट पर टवेरा के चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे जिले का प्रशासन घटना स्थल पर पहुँचा।