Sunday, September 14, 2008

मुख्यमंत्री ने क्यों कहा ? चुनाव में चेहरे भले बदल जायें पर विजयी भाजपा की ही होगी...

सीहोर 13 सितम्बर (आनन्द भैया गाँधी)। शिवराज सिंह चौहान जैसे धुरंधर मुख्यमंत्री का भाषण हो और कोई चर्चा न हो, यह कैसे संभव हो सकता है। अक्सर देखने में आता है कि मुख्यमंत्री जैसे पद के वरिष्ठ नेता जब कहीं जाते हैं तो कोई ना कोई कट अवश्य मारते हैं। कुछ ऐसी ही बात यहाँ सीहोर में भी देर रात मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान हो गई। सब उस वक्त पर स्तब्ध से रह गये जब मुख्यमंत्री ने कहा कि चेहरे भले बदल जायें लेकिन सीहोर जिले से पुन: जीत भाजपा की ही होगी।
कहते हैं कि मन की बात जुबान पर आ ही जाती है। कुछ ऐसी ही बात मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद रैली में भी देखने को मिल गई। सीहोर नगर से मुख्यमंत्री का कितना लगाव है यह बात तो विगत 3 साल में सीहोर का हर नागरिक समझ ही गया है। वर्तमान मुख्यमंत्री ने सीहोर में जाने कौन-सी नाराजी के चलते आज तक कोई विशेष पैकेज या योजना नहीं भेजी है। और कल जब बहुत लम्बे समय बाद वह सीहोर आये भी तो एक भी घोषणा या आश्वासन वह नहीं दे सके। सिर्फ भाषण पेल कर चलते बने। निश्चित ही जब कभी कोई मुख्यमंत्री अपने किसी प्रिय क्षेत्र में जाता है, तो अपनी पार्टी व समर्थक की विजय के लिये प्रचार-प्रसार करने जाता है ऐसे में अक्सर वह कुछ न कुछ घोषणा अवश्य करता है, लेकिन यहाँ तो बात सिरे से ही खारिज हो गई।
हालांकि भाजपा के स्थानीय नेता स्वयं को इस बात से संतुष्ट करने में लगे हैं कि भैया वो कोई मुख्यमंत्री के रुप में सीहोर थोड़े ही आये थे वह भाजपा का प्रचार-प्रसार करने के लिये आये थे। वह भाजपा नेता के रुप में प्रचार रथ में सवार हैं, यदि मुख्यमंत्री के रुप में आते तो निश्चित ही घोषणा करते जाते।
मन को समझाने को गालिब यह ख्याल अच्छा है की कहावत चरितार्थ करते हुए भाजपाईयों के चेहरों के भाव कुछ और, तथा मुख से बोल कुछ और ही इस विषय पर निकल रहे हैं। जो भी हो जनता को तो यह बात समझ में आना मुश्किल है कि मुख्यमंत्री, मुख्यमंत्री के रुप में नहीं कोई और रुप (भाजपा नेता के रुप)में आये थे।
अब रही बात मुख्यमंत्री के भाषण की तो सीहोर में हो रहे कार्यक्रम के दौरान सीहोर के मंच से जब उन्होने कहा कि सीहोर से भाजपा को बहुत अधिक आशीर्वाद मिला है चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की महाविजय जनता ने करवाई थी। मुख्यमंत्री ने भाषण के अंतिम शब्दों के रुप में यह भी कहा था कि आगामी चुनावों में भी मुझे पूरा विश्वास है कि जनता इसी बहुमत से भाजपा को जितायेगी। चेहरे भले बदल जाये लेकिन जनता भाजपा को ही विजयी बनायेगी।
सीहोर मुख्यालय पर दिये गये इस भाषण में आखिर वो कौन-कौने से विधायकों के लिये मुख्यमंत्री जी ने इशारा किया था कि चेहरे भले बदल जायें ? विधायक रघुनाथ मालवीय के आगामी विधानसभा चुनाव में टिकिट कटने की बात अब पुरानी हो चुकी है और अखबारों में भी छप चुकी है क्या मुख्यमंत्री जी रघुनाथ मालवीय के लिये सीहोर के मंच से इस प्रकार भाषण में यह इशारा कर रहे थे ? यह बात कुछ हजम नहीं हो पा रही है। वहीं एक विधानसभा के तो मुख्यमंत्री खुद विधायक है क्या उन्होने खुद के लिये यह शब्द बोले थे, लेकिन यह भी संभव नहीं माना जा रहा है।
रही बात इछावर के मंत्री विधायक करण सिंह वर्मा की तो क्या करण सिंह वर्मा और सीहोर विधायक रमेश सक्सेना के लिये नये सिरे मुख्यमंत्री इशारा कर गये हैं ? अब यह तो वक्त ही बतायेगा कि आखिर यह इशारा किसकी तरफ था। जो भी हो, लेकिन मुख्यमंत्री के भाषण में आई एक लाईन ने यहाँ राजनीतिक हल्कों में उतार-चढ़ाव मचा दिया है। विशेषकर सीहोर में इसकी व्यापक प्रतिक्रिया और असर शुरु हो चुका है। देखते हैं आगे-आगे क्या होता है...।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

प्रशासनिक व्यवस्था धरी रह गईं....जब विधायक जी ने मुख्यमंत्री को जनता के बीच से निकाला

सीहोर 13 सितं.(नि.सं.)। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक रमेश सक्सेना की हर एक अदा निश्चित ही जनता के दिलों पर अमिट हो जाती है, कुछ ही एक घटना तब घटी जब मुख्यमंत्री जी सीहोर में सभा स्थल पहुँचे तब विधायक जी ने अपने अनुभवों का फायदा उठाते हुए अचानक मुख्यमंत्री जी को जनता के बीच में ला दिया और जनता खुशी में जयकारे लगाने लगी।
यूँ तो भाजपा की जनआशीर्वाद रैली का पुलिस ने चाकचौबंद व्यवस्था की थी। पहली बाद देखने में आया था कि पुलिस ने बहुत अधिक माकूल व्यवस्था किसी मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सीहोर नगर में की थी। भारी संख्या में पुलिस बल तो था ही बल्कि हर जगह बेरीकेट्स से लेकर जाने कितने सुरक्षा के इंतजाम मोजूद थे। बल्कि सभा स्थल पर विद्युतीय तरंगों वाला विशेष दरवाजा भी लगवाया गया था जिससे होकर सभा स्थल में प्रवेश कराने की व्यवस्था थी ।
पुलिस चाहती थी कि मुख्यमंत्री जी पूरी तरह सुरक्षित रुप से सीहोर पहुँचे और खजांची लाईन से गली में से होकर सीधे बड़ा बाजार में बने मंच पर आ जायें जबकि सूत्रों के अनुसार विधायक जी चाहते थे कि मंच के सामने एक पट्टी कारपेट बिछाई जाये और जब मुख्यमंत्री जी आये तो जनता के बीच में से होकर आये तभी जनआशीर्वाद रैली का महत्व बढ़ेगा लेकिन पुलिस अधिकारी ऐसा नहीं चाहते थे उन्होने ऐसी व्यवस्था होने भी नहीं दी।
पुलिस की पूरी व्यवस्था अत्याधिक सुरक्षा के साथ थी। लेकिन देर रात जब मुख्यमंत्री का काफिला सभा स्थल पर 12.40 बजे पहुँचा तो अचानक मुख्यमंत्री के वाहन में सवार विधायक जी ने बड़ा बाजार मुहाने पर वाहन रुकवा दिया। जबकि इनके साथ के सारे नेता आगे बढ़कर खजांची लाईन में प्रवेश कर चुके थे। पुलिस भी मुख्यमंत्री के आने का मंच के पीछे इंतजार कर रही थी। उधर अचानक विधायक श्री सक्सेना ने वाहन रुकवाया और मुख्यमंत्री को उतरवा लिया और सभा स्थल में जनता के पीछे से प्रवेश करवा दिया। इसे देख पुलिस के वरिष्ठ अधिक ारी जो यह नहीं चाहते थे उनकी त्योरियाँ बहुत तेज चढ़ी लेकिन विधायक जी के आगे और मुख्यमंत्री की उपस्थिति में पुलिस कुछ नहीं कर सकी।
पुलिस की दिनभर की मेहनत, सुरक्षा व्यवस्था, चाक-चौबंदी सारी धरी की धरी रह गई और विधायक जी मुख्यमंत्री को मंच के सामने बैठी जनता के बीच में से लेकर सीधे मंच तक ले आये। मुख्यमंत्री के इस प्रकार सभा स्थल पर प्रवेश करने से जनता खुशी में झूम-सी गई। और जनता ने जयकारों के नारे लगाये ।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

...भोजन वहाँ नहीं करने के लिये एसएमएस क्यों किया

सीहोर (घुमक्कड़)। जनआशीर्वाद रैली के रुप में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यक्रम की व्यवस्थाओं से जुड़े एक नेताजी का अंतिम समय में किया गया एसएमएस चर्चाओं का विषय बन गया है।
भाजपा के हल्कों में यह चर्चा बहुत जोरों पर है कि मुख्यमंत्री जी के भोजन करने जाने के लिये जिस स्थान का चयन किया गया था उस स्थान पर नहीं जाने देने के लिये एक भाजपा के नेता ने अपने संबंधों का लाभ उठाकर एक प्रादेशिक नेता जी को जब वह मंच पर बैठे थे एसएमएस कर दिया था। जिसमें यह लिखा था कि भोजन की व्यवस्था 10 किलो मीटर दूर रखी गई है जिससे अव्यवस्था होगी। इस मैसेज का असर यह हुआ कि भोपाल के नेताजी ने इसको लेकर भाजपा के संगठन पदाधिकारियों से चर्चा की तथा कहा कि यहीं भोजन की व्यवस्था जमा लो।
जिस पर सीहोर भाजपा संगठन के एक प्रमुख पदाधिकारी लगभग उखड़ गये। उन्होने कहा कि रात 1 बज रही है, जहाँ व्यवस्था की गई है वहाँ यहाँ तक पूरी व्यवस्था लाना, जमाना संभव नहीं है और यहाँ भारी जनसैलाब उमड़ा हुआ है कैसे यहाँ व्यवस्था हो सकती है। तब जाकर भोपाल के प्रादेशिक नेता जो एसएमएस करने वाले की भाषा बोल रहे थे उन्होने इस बात को तत्काल समझा और वह समझ गये कि यह स्थानीय राजनीति है, फिर उन्होने खुद कहा कि चलो जहाँ है वहीं चलेंगे ? अब सीहोर में भाजपा के हल्कों में बहुत जोरों से यह चर्चा है कि लो भईया एसएमएस कर रहे थे...सब योजना उनकी धरी की धरी रह गई, इस पर खूब मजे लिये जा रहे हैं।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

पति-पत्नि दोनो का एक साथ किया अंतिम संस्कार, पत्नि की मृत्यु के 12 घंटे बाद पति ने भी प्राण त्यागे

सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.)। इंग्लिशपुरा त्यागी धर्मशाला के पास रहने वाले राजाराम जी बढ़ई को बड़ी संख्या में लोग जानते हैं। आपकी उम्र अत्याधिक हो जाने से पिछले कुछ वर्षों से आप घर पर ही रहने लगे थे। कल रात आपकी सहधर्मिणी अजुध्या बाई विश्वकर्मा उम्र 85 वर्ष का देहावसान हो गया था। जिनकी अंतिम यात्रा आज सुबह शनिवार को घर से निकली जो इंदरा नगर श्मशान घांट पर पहुँची। इधर पत्नि के दुख से राजाराम दादा की तबियत अत्याधिक बिगड़ गई थी आप घर पर ही थे। उधर इंदरा नगर श्मशान घांट पर अजुध्या बाई की अंतिम यात्रा पहुँची और घर से संदेश आ गया की राजाराम जी विश्वकर्मा का भी परलोकगमन हो गया है, इनकी उम्र 90 वर्ष के करीब थी। इस प्रकार पत्नि के मृत्यु के बाद पति ने अपने प्राण त्याग दिये। इस सूचना के बाद विश्राम घांट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रोक कर पहले राजाराम जी परमार की अंतिम यात्रा निकाली गई । फिर यहाँ दोनो पति-पत्नि की एक ही अर्थी बनाकर उनका एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

उजालने के लिये सोने की रकम ली, रफू चक्कर हुए

आष्टा 13 सितम्बर (नि.प्र.)। आज दोपहर लगभग 1 बजे आष्टा नगर के किले क्षेत्र में एक मोटर साईकिल पर सवार होकर 2-3 युवक आये और घर-घर में दस्तक देकर तांबे, पीतल के बर्तन उजलवालों के लिये दस्तक दी। इसके साथ उन्होने सोने की रकम उजलवाने के लिये भी कई घरों में कहा लेकिन 2-3 घरों में इनका दांव नहीं लगा लेकिन किले के एक घर में दांव लग गया और घर की महिला को झांसा देकर उजलवाने के लिये दी। 3-4 तोले सोने की रकम लेकर उक्त युवक रफूचक्कर हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त अज्ञात आये युवकों ने पहले किले पर कैलाश, दिलीप, पुखराज वोहरा के घर पर दस्तक दी यहाँ एक घर में बर्तन भी उजाले जब इन घरों पर इन युवकों ने सोने की रकम उजलवाने के लिये कहा तो उन्होने इंकार कर दिया बाद में उक्त युवक मिले पर रहने वाले शशिकांत दुबे के घर पहुँचे यहाँ घर की महिला श्रीमति भावना ने इन युवकों की बात में आकर अपनी पहनी रकम उजलवाने को दी।
उन्होने उजाली और कहा और रकम हो तो ले आओ जब महिला घर में और रकम लेने अंदर गई तो उक्त युवक पहले दी। रकम लेकर रफूचक्कर हो गई जब महिला अंदर घर में से आई तो उनके होंश उड़ गये क्योंकि जिन्हे उन्होने रकम उजलवाने के लिये दी थी वो गायब थे घर पड़ोसी उन्हे खोजने के लिये भागे तब तक तो काफी देर हो चुकी थी। स्मरण रहे इसके पूर्व भी अलीपुर में कई लोग घरों से बर्तन ले जा चुके हैं। घटना के बाद श्रीमति भावना पति युवराज दुबे ने आष्टा थाने लिखित में शिकायत की है। पुलिस ने बताया जांच कर रहे है। शिकायत में सोने की अंगूठी एवं झूमकी उक्त अज्ञात युवक ले भागे हैं लिखाया है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

कांग्रेस के बेनर-झण्डे फाड़े

सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.)। कल कांग्रेस का विशाल रोड-शो कार्यक्रम था जिसके चलते नगर के अनेक युवा कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने स्तर पर प्रचार-प्रसार किया था। प्रदेश स्तरीय नेताओं के आगमन की बधाई के होर्डिंग लगाये गये थे। दूर-दूर तक ऐसे सूचना पट लगे हुए थे। कई जगह बेनर लगे हुए थे। लेकिन कल देखने में आया कि आपस में ही कुछ उभरते युवाओं ने एक-दूसरे के फोटो-बेनर फाड़ दिये। कई जगह लगे हुए झण्डे-बेनर कल फटे हुए नजर आ रहे थे। जिससे लग रहा था कि एक के समर्थक दूसरे का प्रचार पसंद नहीं कर रहे थे। हालांकि कांग्रेस में सीहोर में ऐसी संस्कृति पूर्व में कभी देखने में नहीं आई। इसलिये इसकी चर्चाएं भी कांग्रेसी हल्कों में जमकर रही।

मुट्ठी बांधे आया जग में, हाथ पसारे जाएगा-भागवताचार्य पं. प्रदीप मिश्रा

सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.) पंचायती धर्मशाला बड़ा बाजार में चौथे दिन की श्रीमद भागवत कथा में भागवताचार्य पं. प्रदीप मिश्रा ने वामन द्वादशी की नगर वासियों को हार्दिक बधाई दी जीवन में सुख भी आता है मानव का जीवन ही दुख है, भानव के जीवन में सुख है यह तो मनुष्य के जन्म के क्रमानुसार आते जाते रहते है जिस प्रकार हारमोनिया में काले एवं सफेद बटन होते है। काले बटन दुख के एवं सफेद बटन सुख के होते है जब दोनों बटन का साथ-साथ प्रयोग करेगें तो ही मधुर संगीत उसमें से उत्पन्न होगा। इसी प्रकार मनुष्य को अपने जीवन में सुख के क्षण में एवं दुख के क्षण में आनन्द पूर्वक रहना चाहिये।

उदाहरण देते हुए पं. मिश्रा ने बताया कि दो मित्र थे एक गोवर्धन परिक्रमा पर गया और दूसरा होटल में मदिरापान कर रहा था व अपने मित्र का जो परिक्रमा पर गया था उसका बार-बार चिंतन कर रहा था कि उसे कितना आनन्द आ रहा होगा इसी तरह जो मित्र गोवर्धन परिक्रमा का रहा था उसका ध्यान में बार-बार अपने मित्र की और जाता कि वह मंदिरा पान कर रहा होगा जब दोनों मित्रों की मृत्यु हुई तो परिक्रमा करने वाला मित्र नरक में गया होटल में मदिरा पान कर रहा था वह स्वर्ग में गया और जो गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने वाला का चिन्तन ही उसे नर्क में ले गया। मंदिरों में आज भक्त भगवान के जल नारियल, ककड़ी सेवफल आदि अनेक प्रकार की वस्तुऐं चढ़ाते है यदि कोई हमारे उपर भी इसी तरह चीजें चढ़ाये तो हमें कैसा लगेगा। भक्तों को भी विचार करना चाहिये कि क्या वह यह सब सही कर रहे है। पुष्प तुलसी दल भगवान के चरणों में समर्पित है जो समर्पित हो चरणों में हो, परन्तु समर्पित कर समय भक्त कही भी किसी भी अंग पर कुछ समर्पित कर देते है यह ठीक नहीं है। भगवान के दर्शन तो उसे होते है जो पापी न हो जिसने इस जन्म तो क्या पिछले जन्म में भी पाप नहीं किया हो भगवान तो हर भक्त के दरवाले पर खड़े रहते है बस उन्हें पहचानने की दृष्टि होनी चाहिए। अगर आप धर्म के पथ पर चलेगें तो धर्म भी आपकी ओर बढ़ेगा आज मनुष्य लगभग सभी दुखी है क्योंकि मनुष्य ने अपने कर्मो को बदल लिया है इसी लिये दुखी है केवल वही मनुष्य सुखी है जो भगवान का भक्त है।

बहुत ही हर्ष उल्लास के साथ कान्हा का जन्म उत्सव मनाया गया एवं सभी को कान्हे के जन्म दिन पर बधाई दी। मीडिया प्रभारी पं. दुष्यंत समाधिया ने जानकारी दी कि उक्त कथा महिलाओं पुरुषों का जन सैलाब उमड़ रहा है कल दिनांक 13 सितम्बर को दोपहर 2 बजे नन्द महोत्सव छप्पन भोग गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम है सभी वैष्णव भक्त नन्द महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होवे।



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

भ्रष्ट कांग्रेस 50 साल का हिसाब दे और भाजपा से 5 साल का हिसाब लें

आष्टा 13 सितम्बर (नि.प्र.)। प्रदेश में चुनाव का बिगुल बज चुका है दलों के तरकशों में तीर रखा गये हैं, मिशन 2008 को लेकर प्रदेश में भाजपा संगठन स्तर पर चुनाव के लिये पूरी तैयारी में है कांग्रेस के पास इस वक्त कोई मुद्दा नहीं है इनके नेता रोजाना कुछ ना कुछ झूठ बोलकर दिन निकालते हैं। भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले कांग्रेस के नेताओं से भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता शहर के चौराहों पर एवं ग्राम की चोपाल पर इन कांग्रेसियों से 50 साल का हिसाब मांगे और उन्हे 5 साल में प्रदेश की भाजपा सरकार जो शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का एक इतिहास लिख रही है का हिसाब देने को भोपाल का प्रत्येक कार्यकर्ता हिसाब देने को तैयार है।

उक्त ओजस्वी उद्गार भाजपा के युवा नेता एवं संगठन प्रभारी सीहोर जिला आलोक शर्मा ने आज दिगम्बर जैन धर्मशाला में आष्टा नगर, जावर एवं आष्टा ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, नगर एवं ग्राम केन्द्र के पालक संयोजकों की बैठक को संबोधित करते हुए कहे। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ता अपने नेता के लिये कार्य और राजनीति करता है जबकि भाजपा में कार्यकर्ता व्यक्ति के लिये पार्टी के लिये समर्पण भाव से कार्य करता है। भाजपा में कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर पार्टी की रीति-नीति के लिये कार्य करता है7 भाजपा के नेता और कार्यकर्ता के लिये राजनीति साध्य है साधन नहीं। नवम्बर में म.प्र. में भाजपा की सरकार को 5 वर्ष पूर्ण हो जायेंगे हमने चुनाव में जो घोषणा पत्र जारी कर वादे किये थे अधिकांश पूर्ण किये हैं। सरकार गांव-गरीब किसान व्यापारी, कर्मचारी के बारे में सोचा और अध्ािक से अधिक उनके विकास के लिये किया मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि हम पुन: सत्ता में आये तो 3 प्रतिशत की दर से किसानों को ऋण देंगे। श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि सरकार के कार्यों की विकास की चर्चा ग्राम चौपाल, चाय पान की दुकानों पर होना चाहिये। अटल जी के पहले देश के अनेकों प्रधानमंत्री हुए किसने ग्रामों को सडक़ों से जोड़ने की सोची कांग्रेस बताये ? आज केन्द्र में बैठी सरकार प्रदेश के साथ पक्षपात कर रही है हमारे हिस्से की 3500 मेगावाट बिजली काटी जा रही है। हमारे हिस्से का कोयला काटा जा रहा है। इसलिये की वो म.प्र. में जो विकास के कार्य हुए हैं उससे घबरा गई है। बिजली काटकर हमें जनता में बदनाम करने की साजिश रची जा रही है जिसमें वे कभी सफल नहीं होंगे क्योंकि प्रदेश की जनता जानती है विकास कौन कर सकता है ? भाजपा में उसका कार्यकर्ता उसकी आत्मा है आज सबसे अच्छा बड़ा संगठन हमारे पास है। भाजपा में अदृश्य आंखे भी होती है जो गलत करने वालों को देखती है।

प्रदेश में पहली बार किसान मुख्यमंत्री बना है जिसने किसानों के दुख दर्द को समझा है। हम यह भी कहते हैं कि 1 दिन में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर नहीं बदल सकते इसलिये एक अवसर और जनता से जन आशीर्वाद के रुप में मांग रहे हैं। उन्होने इस अवसर पर कहानी कांग्रेसियों से पूछना होगा। करोड़ो हिन्दुओं की आस्था श्रध्दा के केन्द्र बाबा अमरनाथ श्राइन बोर्ड की 100 एकड़ जमीन वापस क्यों ली थी कांग्रेस राम सेतु तोड़ना चाहती है क्यों आने वाले चुनाव में करोड़ों की श्रध्दा के केन्द्र श्रीराम को काल्पनिक बताने वाले को सबक सिखाना होगा। और देश का प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को बनाना होगा। श्री शर्मा ने बताया कि 25 सितम्बर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का जन्म दिन है इस दिन भोपाल में प्रदेश के 44 हजार मतदान केन्द्र तक के कार्यकर्ताओं का महाकुंभ आयोजित किया है। जिसे श्री आडवाणी जी राजनाथ जी, वैंकयानायडू, अनंत कुमार, शिवराज सिंह, नरेन्द्र तोमर संबोधित कर प्रदेश में चुनाव का बिगुल फूंका जायेगा। आष्टा विधानसभा क्षेत्र के सभी 243 मतदान केन्द्र से इस महाकुंभ में लगभग 5 हजार कार्यकर्ता पहुँचने का लक्ष्य रखा है। बैठक का शुभारंभ पंडित जी एवं डॉ. श्याम प्रसाद जी के चित्र पर माल्यार्पण करके किया बैठक को विधायक रघुनाथ मालवीय, जिलाध्यक्ष ललित नागौरी ने भी संबोधित किया। स्वागत धरम सिंह आर्य, राकेश ठाकुर, संतोष झंवर, अजय टेलर, जीवन सिंह मंडलोई, राकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। बैठक में पूर्व विधायक रंजीत सिंह गुणवान, सहकारी नेता देवी सिंह परमार, जगदीश पटेल, बाबुलाल पटेल, कृपाल सिंह ठाकुर, मुकेश बड़जात्या, सुशील संचेती, कालु भट्ट, कुमेर सिंह भाटी सहित लगभग 150-200 अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित थे।



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

जैनेबा में मशीन छूटते ही इछावर में चमकती बिजली और बादल ने डराया

इछावर 13 सितम्बर (नि.प्र.)। इछावर में जेनेवा में भूमिगत महामशीन में पोटान बीम छोड़े जाने की प्रतिक्रिया शुरु होते समय वे लोग पूरी तरह राहत में नहीं थे जिन्होने इस परीक्षण के साथ ही महाप्रलय की खबरें न्यूज चैनल में देख ली थी। इस संवाददाता ने टीवी पर जेनेवा परीक्षण के समाचार देख रहे अनेक लोगों से चर्चा कर उस वक्त अजीब से तनाव को महसूस किया। यहाँ कई लोगों की धड़कन तक बढ़ी हुई थी। तहसील के आसमान पर बादल छाए थे जेनेवा में महामशीन में पोट्रान बीम छोड़े जाने की खबर देखते वक्त आकाश में लगातार बिजली तड़की और बादलों की गरज से दिल दहल उठे। दवा फेक्ट्री के मालिक राजेश श्रीवास्तव, अनुराग दुबे ने बताया कि जेनेवा परीक्षण के समय मौसम बदलना संयोग की बात है। मगर दिमाग में यही बात कौंधी कि वहाँ जो प्रक्रिया चल रही है उससे कोई विपदा आने वाली है। न्यूज चैनल ने दिमाग में तीन दिन से भय बैठा रखा था जिससे आकाश में बिजली के कड़कने और बादलों की गर्जना ने ही दहशत फैला दी।

बालक की मौत

सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.)। थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बावड़िया गोसाई में एक 8 वर्षीय बालक की बीमारी के कारण मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बावड़िया गोंसाई निवासी नर्वदा गिर का 8 वर्षीय पुत्र विनोद की गत दिवस शाम पाँच बजे उल्टी-दस्त होने से मृत्यु हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी है।

अवैध शराब जप्त, सटोरिये गिरफ्तार
सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.)। सिध्दिकगंज पुलिस ने ग्राम नानकपुर निवासी मांगीलाल पुत्र लालजीपुरा 35 साल एवं शाहगंज पुलिस ने ग्राम सनखेड़ी निवासी पंचू पुत्र देवीराम गोंड 50 साल को गिरफ्तार कर अवैध रुप से उनके कब्जे से 12 क्वाटर, 5 लीटर देशी मदिरा ले जाते हुए पाये जाने पर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की है।
इसी प्रकार अहमदपुर थाना पुलिस ने ग्राम चरनाल निवासी देवी सिंह पुत्र बाबूलाल विश्वकर्मा 20 साल एवं रुपा उर्फ रुप सिंह पुत्र श्यामलाल भोई 26 साल को अवैध रुप से सट्टा पर्ची लिखते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर इनके कब्जे से नगदी 190 व सट्टा पर्ची जप्त कर धूत अधिनियम के तहत कार्यवाही की है।

सड़क हादसे में बालक घायल
सीहोर 13 सितम्बर (नि.सं.)। थाना आष्टा अन्तर्गत आने वाले ग्राम कोठरी में बाइक की टक्कर से एक 5 वर्षीय बालक घायल हो गया। पुलिस ने प्रकरण कायम कर लिया है। आष्टा थाना क्षेत्रान्तर्गत आने वाले ग्राम कोठरी निवासी मनोहर खाती का 5 वर्षीय पुत्र अपनी माँ के साथ खेत से घर तरफ आ रहा था जैसे कोठरी स्थित मंगल भवन के सामने पहुँचे पीछे से आ रहे बाइक चालक भूरा पटेल सेंधव निवासी रामनगर इछावर ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए अजय को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

बालक को टक्कर मारी घायल हुआ
आष्टा 13 सितम्बर (नि.सं.)। खेत से घर आ रहे कोठरी में एक 4-5 साल के बालक अजय को हीरो होण्डा के चालक भूरा पटेल निवासी रामनगर ने अपना वाहन लापरवाही पूर्वक चलाते हुए टक्कर मार दी जिसमें बालक घायल हो गया। मनोहर सिंह खाती कोठरी ने आष्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उक्त घटना गवाखेड़ा कोठरी मार्ग पर मंगल भवन के सामने की बताई गई है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

Saturday, September 13, 2008

नपा में भी हुआ एक डम्फर काण्ड परिषद की हंगामेदार बैठक सम्पन्न

तत्पर गैस एजेंसी के ऊपर कैसे दिया रिलायंस का कार्यालय, मचा बवाल, होगी जांच, मामला उठते ही कुछ पार्षदों के चेहरे पीले पड़े

सीहोर 12 सितम्बर (नि.सं.)। नगर में जल योजना यूडीआई के नाम पर केन्द्र शासन से यूआईडीएसएसएमटी योजना अन्तर्गत आई साढ़े 14 करोड़ रुपये की राशि अब कम पड़ रही है इसके संबंध में नगर पालिका परिषद की एक आपात बैठक बुलाई गई थी। लेकिन बैठक होते ही पार्षदों ने यह मांग रखी के पिछली दो परिषदों की बैठक में हुए निणयों की जानकारी हमें नियमानुसार पहले दी जाये क्योंकि क्या-क्या निर्णय हो चुके हैं और क्या लिखे गये हैं हमें बताया जाना चाहिये।

आज परिषद की बैठक गहमा-गहमा और गर्माहट की हद तो तब भी हो गई जब एक पार्षद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से अभद्रता कर दी जिससे वह उठकर चले गये। कई मामलों ने परिषद ने आज नगर पालिका कर्मचारियों के द्वारा किये जा रहे कार्यों को गलत ठहराया।

जहाँ बिना स्वीकृति के लिये एक डम्फर खरीदने के प्रस्ताव पर आज हंगामा खड़ा हो गया, जिसका जबाब अध्यक्ष राकेश राय तक नहीं दे पाये। जबकि दूसरी बार तत्पर गैस एजेंसी संचालक द्वारा ऊपर बनाकर एक किसी निजी कम्पनी रिलायंस को किराये से भवन दे दिये जाने का मामला भी बहुत गर्माया जिससे कुछेक पार्षदों के चेहरे पीले पड़ गये थे।

देर तक चली हंगामेदार बैठक

नगर पालिका परिषद की आज आपात बैठक बुलाई गई थी जो अपने निर्धारित समय 2.30 बजे की अपेक्षा आधा घंटा देरी से प्रारंभ हुई और 2 घंटे तक पूरी गहमा-गहमी के साथ चली। योजना अन्तर्गत आई साढ़े 14 करोड़ की राशि के विरुध्द जब निविदाएं आमंत्रित की गई तो वह 23 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक की आई थी। इसलिये आज यह तय किया जाना था कि शेष राशि का प्रबंध नगर पालिका परिषद कैसे करें ? क्या मांग की जाये अन्य कुछ व्यवस्था हो।

कैसे जुड़ गया डम्फर?

इस विषय पर बातचीत हो उसके पूर्व ही आज परिषद बैठक में उपस्थित पार्षदों ने पिछली परिषद की बैठक में हुए निर्णयों की जानकारी मांग ली। टालने के प्रयास के बाद अंतत: जब मांग की गई तो 18 अगस्त को पारित हुए निर्णय सुनाये गये। जिसमें अनेक निर्णयों की जानकारी दी गई लेकिन जब अपशिष्ठ ठोस प्रबंधन के संबंध में कुछ जानकारी दी गई तो यहाँ विवाद की स्थिति बनी। इस मद में आये रुपयों से सफाई व्यवस्था के स्थान पर सामग्री क्यों खरीदी गई ? और जो सामग्री खरीदना तय थी उसमें परिषद की बिना स्वीकृति के डम्फर कैसे जुड़ा ? डम्फर का नाम आते ही सारे पार्षदों ने एक स्वर में खड़े होकर कहा कि पहले यह बताया जाये कि डम्फर कैसे जुडा ? डम्फर किसने जोड़ा इसका दोषी कौन है? सारे पार्षद एक स्वर में एक ही बात पूछते रहे। पार्षद दिनेश भैरवे, शमीम अहमद, कमलेश राठौर, राहुल यादव, हृदेश राठौर सहित अनेक ने पूछा कि यह डम्फर आखिर कैसे जुड़ा ? इस पर ना तो मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने जबाव दिया और ना ही अध्यक्ष राकेश राय ने इसका जबाव दिया, बल्कि उन्होने तो कह दिया कि भैया मुझे भी मालूम ही नहीं है कि यह कैसे जुड़ गया ? कुल मिलाकर सबने मना कर दिया और एजेण्डे में डम्फर खरीदने का आदेश लिखा था। जिसे परिषद ने निरस्त कराने का निवेदन किया।

2 लाख का फिनाइल और 70 हजार का मलेरिया आईल

स्वच्छता और कीटनाशक सामग्री क्रय करने के नाम पर हुई लाखों रुपये की स्वीकृति में मलेरिया आइल के नाम पर 70 हजार, नई फागिंग मशीन, आटो रिक्शा के हजारों रुपये का बिल सहित कीटनाशक फिनाईल के लिये 2 लाख रुपये की स्वीकृति भी बताई गई। इस पर किसी ने आपत्ति नहीं ली।

रिलायंस को कितने किराये पर दिया

आज एक पार्षद ने जब कर्मचारियों द्वारा वसूली के मामले को उछालते हुए कहा कि कुछ कर्मचारियों की मिली भगत से किराया वसूला नहीं जा रहा है ? आज तक किरायेदारों की सूची जारी नहीं की गई है यदि कर्मचारी दलाली छोड़कर वसूली करने हमारे साथ चले तो हम बतायें। इसी दौरान एक मुद्दा उठाया गया कि तत्पर गैस एजेंसी के संचालक मुल्ला जी को जमीन नगर पालिका ने लीज पर दी थी तो उस पर किस आधार पर उन्होने ऊपर नया भवन बना लिया और उसे रिलायंस कम्पनी के टावर आदि के हजारों रुपये महिने पर किराये पर दे दिया ? इसमें कर्मचारियों की मिली भगत है। पार्षद गुजराती ने कहा कि एक साल पहले मैने शिकायत की थी लेकिन आज तक कार्यवाही नहीं की गई।

और चेहरे पीले पड़ गये

इस मामले के उछलते ही सारे पार्षद आक्रोशित तो होने लगे लेकिन कुछेक पार्षदों के चेहरे फक हो गये और पीले पड़ने लगे, वह बार-बार ईशारा करके उन पार्षदों को बैठाने का प्रयास कर रहे थे जो विरोध करने में लगे थे। असल में दो ऐसे पार्षदों की चर्चाएं हमेशा रहती है जिन्होने इस कार्य को करवाने में अपनी भूमिका निभाई है।

धर्मशाला के सामने वाले प्लाटो को मिलेगा नोटिस

इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.एस.परिहार के जबाव ने यूं तो सबकी बोलती कर दी थी कि हम सितम्बर अंत तक मामला सुलझा देंगे यदि गड़बड़ी पाई गई तो किसी भी स्थिति में लीज ही समाप्त कर दी जायेगी। लेकिन पार्षदों ने किसी भी तरह की स्पष्ट मांग नहीं की बस जांच की जाये यही कहा गया। इसी दौरान तहसील चौराहे पर स्थित अन्य भूमि पर भी तथा दो ऐसे प्लाटों की जानकारी पार्षदों ने उठाई जिस पर नगर पालिका ने तय किया था कि वहाँ पार्क बनेगा लेकिन आज लोग वहाँ निर्माण कर रहे हैं। इस पर श्रीराम धर्मशाला के सामने चल रहे निर्माण कार्य के लिये नगर पालिका से नोटिस तथा अन्य सभी दुकानदारों को अपनी-अपनी भूमि के संबंध में कागजात नगर पालिका में पेश करने के नोटिस दिये जाने का निर्णय हुआ। इसके अलावा मछली बाजार में तीन नगर पालिका दुकान के किरायेदारों द्वारा पीछे दुकान में निर्माण कराये जाने की बात भी सामने आई जिस पर नोटिस देने को कहा गया।

मुनपा अधिकारी ने दिया जबाव

आज 50 सफाई कामगारों के मामले में भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी और पार्षद दिनेश भैरवे में गहमा गहमी हुई लेकिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री परिहार ने स्पष्ट कहा कि हम सिर्फ नियमों से बंधे हैं, आपकी परिषद जो भी निर्णय लेती है उसे नियमानुसार हम करते हैं। हम कोई निर्णय नहीं लेते। हम कानून के दायरे में काम करते हैं और करेंगे। आप प्रस्ताव करो, वैधानिक होगा तो हम उस पर कार्यवाही करेंगे।

पार्षद ने की अभद्रता

इसके कुछ ही समय बाद निर्माण कार्य नहीं होने, ठेकेदारी की फाईल पास नहीं होने से उखड़े एक पार्षद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से अभद्रता करते हुए बहुत तेज आवाज में कहा कि तुम फिर सीहोर आये ही क्यों ? इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी एक झटके उठे और बैठक छोड़कर बाहर हो गये, इनके साथ पूरे कर्मचारी भी बाहर चले गये। हालांकि इसका विरोध करने का प्रयास भी अध्यक्ष व पार्षदों ने किया लेकिन कुछ कर नहीं पाये। बाद में मुख्य नगर पालिका अधिकारी स्वयं ही आ गये और फिर बैठक आगे बढ़ाई।

अशोक सिसोदिया को सुना नहीं

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक सिसोदिया के अल्प कार्यकाल में एक बैठक सितम्बर में ही हुई थी इसमें भी जो निर्णय हुए उसे पार्षदों ने सुना। जिसमें वार्ड क्रमांक सहित उल्लेख था कि किन वार्डों में प्राथमिकता से काम होना चाहिये। इसको लेकर भाजपाई पार्षद ही इतने उखड़ गये कि श्री सिसोदिया को जबाव तक नहीं देने दिया जबकि श्री सिसोदिया ने खुलकर कहा कि हमने जो प्रस्ताव पास किया है उस हम हर प्रश् का जबाव देने को तैयार हैं। लेकिन चिल्ला-चोंट होती रही। पार्षद नेत्री प्रभा राठौर के शब्द सुनाई दे रहे थे कि संगठन वालों को ही आपने अलग कर दिया, श्रीमति राठौर बहुत नाराज थी । जबकि पार्षद भोजराज यादव ने कहा कि 35 वर्षों से मेरा वार्ड भाजपा का है, पहली बार भाजपा का अध्यक्ष बना और मेरे ही वार्ड का ख्याल नहीं रखा गया।



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

अवैध रूप से मारूति में गैस भरते वक्त गंभीर रूप से जला युवक मृत

आष्टा 12 सितम्बर (नि.प्र.) । नगर में अनेको जगाहों पर रोजाना अवैध रूप से अवैध चलने वाले गैस वाहनों में जान जोखिम में डालकर मारूति व अन्य वाहनों में गैस भरी जाती है लेकिन कभी भी खाद्य विभाग ने इस अवैध कारोबार में लिप्त चेहरों पर कार्यवाही करने की हिम्मत नहीं जुटाई कभी की भी तो नेतागिरी आडे आ गई। लेकिन इस अवैध जान से जोखिम में डालकर कार्य करने का खामियाजा जान देकर भी भुगतना पड़ सकता है। खबर है कि ऐसा ही कार्य करते वक्त तीन चार दिन पूर्व दरगाह के आगे एक चर्चित स्थान पर बाहर की एक मारूति में अवैध रूप से गैस भरते समय अचानक बिजली आ गई और स्पार्क होने से लिकेज हो रही गैस ने आग पकड़ ली जिसमें गैस भर रहा युवक एवं जिनके वाहन में गैस भरी जा रही थी वे जल गये जिन्हें आष्टा अस्पताल में भी लाये लेकिन गंभीर होने के कारण उन्हें भोपाल रेफर कर दिया गया जिसमें आष्टा का युवक माजिद की मृत्यु हो गई। जब उक्त घटना के बाद जले लोगो ंको आष्टा अस्पताल लाये थे वहां पर पुलिस भी पहुंच गई थी लेकिन उक्त घटना के 3-4 दिन बाद आज तक थाने में कोई प्रकरण किसी भी प्रकार का दर्ज नहीं हुआ है पुलिस तो यह कह रही है की कार की टंकी सही करते वक्त आग लगी थी गैस नहीं भरी जा रही थी जबकि वहां पर गैस ही भरी जा रही थी ऐसा सूत्र बताते है फुरसत को सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने जान बूझकर उक्त मामला ही बदल दिया है जिस गाड़ी में यह घटना घटी वो महेश्वर की बताई जा रही है जिनकी गाड़ी में यह घटना घटी वो भी उसमें लगे है पुलिस जो कह रही है वो कही से भी गले नहीं उतर रही है क्योंकि अगर टंकी को सुधारते वक्त आग लगी ऐसा पुलिस कह रही है तो माहेश्वर निवासी राजेन्द्र-मुकेश कैसे जल गये क्योंकि वाहन की टंकी तो मैकेनिक का कर्मचारी सुधार रहा था पुलिस का पूरा बयान झूठ लग रहा है फुरसत को जो जानकारी मिली उसके अनुसार उक्त सेन्टर पर कार्यरत उक्त कर्मचारी अवैध रूप से गैस भर रहा था तथा उसके उक्त कार्य में वाहन मालिक जो साथ थे वे भी सहयोग कर रहे थे ओर लाइट आते ही जो स्पार्क हुआ उसके कारण आग लगी और कर्मचारी गंभीर रूप से जला तथा राजेन्द्र और मुकेश कम जले गंभीर रूप से जले युवक की मृत्यु हो गई है आष्टा नगर में इन दिनों अवैध रूप से रोजाना 50 से 100 खाना पकाने की गैस की टंकियों को कुछ प्रमुख गुप्त स्थानों पर दुगने पैसे लेकर भरा जाता है तो ये लोग रोजाना गैस की टंकी कहां से लाते है इस सम्बंध में फुरसत ने जब खोजबीन की तो ज्ञात हुआ कि कई ऐसे गैस उपभोक्ता जिनके घरों में कई गैस की टंकिया है और उनके घरों में खपत कम है वे लोग उक्त टंकिया इन गैस भरने वालों को 50 रुपये में साइड बिजनेस करते है जबकि इन दिनों गैस की सप्लाय कम होने से तंगी चल रही है गैस कम्पनी उपभोक्ताओं को 15 से 20 दिन से सप्लाय कर रही है तो फिर वाहनों में गैस भरने वालों के पास गैस की टंकियां कहा से कैसे आ रही है जागो खाद्य विभाग जागो मौत के इस अवैध व्यापार को रोको एस.डी.ओ.पी. आष्टा एवं टी.आई आष्टा को इस मामले को देखना चाहिये की सही क्या है ?



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

कर्मचारियों को बदमाशों ने लूटा

सीहोर 12 सितम्बर (नि.सं.) बीती रात्रि इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने दैनिक भास्कर भोपाल के कर्मचारियों को डरा धमका कर नगदी, घड़ी व मोबाइल छीन लिये। मण्डी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ कर दी है।
मण्डी पुलिस ने मिली जानकारी के अनुसार अशोका सोसायटी अरेरा कालोनी निवासी आर.के. वर्मा एवं उनका साथी डी.पी. पाण्डेय इन्दौर से टेक्सी क्रमांक एमपी-04-टी-6890 से भोपाल आ रहे थे तभी रात्रि 11:30 बजे राजमार्ग स्थित जताखेडा के समीप 3-4 अज्ञात बदमाशों ने इन्हें डरा धमका कर इन दोनों के पास से दो नोकिया कम्पनी के मोबाइल व नगदी 22 हजार रुपये व एक हाथ घड़ी लूट कर फरार हो गये।
बताया जाता है कि बदमाश झाबुआ तरफ की भाषा बोल रहे थे।


सड़क हादसे में दो घायल
सीहोर12 सितम्बर (नि.सं.) आष्टा एवं मण्डी थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिये हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेंदाखेड़ी निवासी 32 वर्षीय कैलाश डोल ग्यारस के दिन अपने बच्चों को लेने के लिये सायकल से कोठरी जा रहा था तभी राजमार्ग स्थित लंग्ड़ी महोड़ी के समीप अज्ञात बाइक चालक ने उसे पीछे से टक्कर मारकर घायल कर दिया।
इधर मण्डी थाना क्षेत्र में सेमरादांगी मार्ग पर छोटी मुहाली जोड़ के समीप बाइक क्रमांक एमपी-37 एमबी 8224 से अपने ग्राम जा रह रघुवीर को दोराहा तरफ से आ रही बस क्रमांक एमएच-30 ई-8292 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुय टक्कर मारकर घायल कर दिया। दो घायलों को प्राथमिक उपचार हेतु निकटवर्ती अस्पताल में दाखिल कराया गया।




.पा. ने नम्बर मारा
आष्टा 12 सितम्बर (नि.प्र.) अगर सरकार गैर-सरकार कार्यालय सार्वजनिक स्थानों पर अक्टूबर गांधी जायंती से अगर किसी भी व्यक्ति को धुम्रपान करते पाया गया तो उस पर 200 रुपये का जुर्माना किया जायेगा उक्त घोषणा को आष्टा नगर पालिका ने मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक सामने लिखवा कर नम्बर मार लिया है। उक्त सूचना लिखवाने में न.पा. प्रथम ऐसा कार्यालय बन गया है जहां पर उक्त चेतावनी सूचना लिखवाई गई है देखना हे उक्त सूचना नगर के अन्य कार्यालयों में कब तक लिखाकर अमल में लाते है।



जुंआरी सटोरिये गिरफ्तार शराब जप्त
जावर 12सितम्बर (नि.प्र.)। जावर थाना पुलिस ने मुखविर की सूचना पर ताश पत्तों से हारजीत का दाव लगाकर जुंआ खेलते हुये कजलास निवासी देवकरण अजा, राधेश्याम माली को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से ताश पत्ते व नगदी 400 रुपये जप्त कर कार्यवाही की है। इसी प्रकार मण्डी थाना पुलिस ने जनता कालोनी मण्डी निवासी सुशील कुमार आ. छगनलाल को अवैध रूप से सट्टा पर्ची लिखते हुये रंगे हाथों गिरफ्तार कर नगदी 492 रुपये का सट्टा पर्ची जप्त कर धूत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया हैं।
ग्राम इटारसी कलां निवासी अंतरसिंह आ. रामसिंह को अवैध रुप से 27 क् वाटर देशी मदिरा ले जाते हुये गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं।



उपचार के दौरान मौत

सीहोर 12 सितम्बर (नि.सं.)। अहमदपुर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम पड़ियाला निवासी एक 28 वर्षीय विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गत दिनों ग्राम पड़ियाला में सीताराम की 28 वर्षीय पत्नी उषा बाई ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिसे उपचार हेतु तृप्ति अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

Friday, September 12, 2008

डोल ग्यारस पर्व पारम्परिक उत्साह व धूमधाम से मना बड़ा बाजार में सभा के कारण अखाड़ो का मार्ग बदलवाया

सीहोर 11 सितम्बर (नि.सं.)। नगर के सांस्कृतिक उत्सव डोल ग्यारस पर आज नगर में सुबह से ही उत्साह था। विभिन्न राधेश्याम मंदिरों से जुड़े भक्तों व पुजारियों ने एक दिन पूर्व से ही मंदिर के निकलने वाले पारम्परिक डोल की सजावट शुरु कर दी थी। कस्बा क्षेत्र के मंदिरों में जहाँ डोल देर रात सजते रहे वहीं बढ़ियाखेड़ी, गंज के मंदिराें में डोल कल से ही सजा लिये गये थे। आज सुबह से ही पूजा-पाठ का क्रम जारी था। अपने निर्धारित समय से पर आज डोल मंदिरों से निकले। पुलिस प्रशासन द्वारा किये गये आग्रह का अनुपालन भी किया गया और डोल बहुत शीघ्रता से शाम होते-होते कोतवाली चौराहा पर पहुँचने लगे थे। उधर सीवन नदी घांट पर नगर पालिका से जैसी अपेक्षा हो सकती है वैसी ही व्यवस्थाएं यहाँ देखने को मिली। आज भाजपा की बड़ा बाजार में हो रही सभा के कारण चले रहे सारे अखाड़ो को दूसरे मार्ग से निकाला गया।
नगर का पारम्परिक डोल ग्यारस उत्सव पर आज पूरे नगर में उत्साह का माहौल था। जैसे-जैसे शाम आती जा रही थी, भगवान के डोल के दर्शन और उनकी आरती-पूजा करने को लेकर उत्साह भक्तों में बनता जा रहा था।
शाम निर्धारित समय पर आज कोतवाली चौराहा तक सभी प्रमुख मंदिरों के डोल पहुँच चुके थे। जिनका क्रम भी बन गया था। सबसे आगे पारम्परिक रुप से बड़ा मंदिर का ऐतिहासिक डोल कंधो पर सवार था। जबकि इसके अलावा सारे पीछे वाले डोल रथों पर अर्थात ठेलों पर सजाये गये थे। आगे-आगे बड़ा मंदिर बढ़ियाखेड़ी का डोल चलना शुरु हुआ जिसके साथ महंत भी चल रहे थे। बड़ा मंदिर के डोल के भक्तों की संख्या बहुत अधिक होने के कारण इसके दर्शनार्थी पूजन आरती तो कर रही रहे थे भगवान के डोल के नीचे से निकलकर उनका आशीर्वाद भी ले रहे थे।
इसके पीछे राजपूत मंदिर गाड़ी अड्डा का डोल था जिसे पं. संतोष जी साथ में चल रहे थे। इसके पीछे हरदौल लाला मंदिर का डोल था। इसके पीछे के क्रम में अधिकारी मंदिर बढ़ियाखेड़ी का डोल था, जिसके साथ महंत हरिदास जी चल रहे थे। उसके पीछे नरसिंह मंदिर, रामकुईया मंदिर पं. सुरेश जी, फिर गंज के प्रसिध्द समाधिया मंदिर का डोल था जिसके स्वयं पुजारी जी चल रहे थे। इसके पीछे राम मंदिर लुनिया मोहल्ला का डोल फिर राधेश्याम मंदिर गंज कोली मोहल्ला, राधेश्याम मंदिर बढ़ियाखेड़ी के साथ पुजारी वृंदावन दास जी भी चल रहे थे। राधेकृष्ण मंदिर गंज कुम्हार मोहल्ला के युवाओं ने इस बार विशेष रुचि का परिचय देते हुए भगवान का रथ एक ट्रेक्टर-ट्राली पर तैयार कराया था। प्रजापति समाज के युवाओं ने इसको लेकर उत्साह दिखाया। इनके पीछे श्रवण का बगीचा स्थित सिध्द हनुमान मंदिर का डोल था। उखल दास मंदिर बड़ियाखेड़ी के पीछे राठौर मंदिर गंज का डोल, इसके पीछे बालरुप हनुमान मंदिर शकर फे क्ट्री चौराहा का डोल, उसके पीछे स्वर्णकार समाज का डोल, पीछे विश्वकर्मा मंदिर पुराना बस स्टेण्ड, इसके पीछे बसोड़ मोहल्ला गंज स्थित मंदिर का डोल था।
इनके सबके पीछे आज भी विशेष विद्युत साज-सजा के साथ कोलीपुरा तिराहे स्थित श्री नरसिंह भगवान मंदिर का डोल था जिसकी आकर्षक विद्युत सजा दूर से ही दिख रही थी।
हालांकि आज पुलिस हर डोल के साथ चल रही थी, अखाड़ो को आगे बढ़ाने के लिये निरन्तर प्रयासरत थी ताकि जुलूस शीघ्रता से निपट जाये इसके बावजूद शाम 8 बजे तक डोल निकले।


पूरे बड़ा बाजार में अखाड़े नहीं जमने दिये
सीहोर। आज डोल ग्यारस के अखाडे पुलिस ने कथित धमकियाँ देकर बड़ा बाजार में घुसने ही नहीं दिये। अखाड़े वालों ने जब कहा कि हमें अंदर जाने दो तो उन्हे पुलिस ने कहा कि मजिस्ट्रीयल आदेश हैं कोई अंदर नहीं जायेगा और इस प्रकार अखाड़े वालों को खजांची लाईन छावनी से प्रवेश कराया। जिसके कारण अखाड़े बड़ा बाजार में आज जम ही नहीं पाये।

भक्त डोल के नीचे से निकले
सीहोर। पारम्परिक रुप से सिर्फ दो ही डोल एक बड़ा मंदिर का प्राचीन डोल और दूसरा नरसिंह मंदिर कोलीपुरा का डोल निकला जो भक्तों ने अपने कंधे पर लिया हुआ था। सीहोर में यह परम्परा है कि डोल के नीचे से भक्तजन निकलते हैं। आज अनेक लोग इन दोनो ही डोल के नीचे से निकले और भगवान का वंदन किया। उनका आशीर्वाद लिया।


आष्टा में निकले डोल
आष्टा। आज आष्टा में डोल ग्यारस पर रात्री में परम्परागत मार्ग से नगर के सभी प्रमुख मंदिरों से डोल निकले। जो विभिन्न मंदिरों से प्रारंभ हुआ। नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पार्वती नदी पहुँचा यहाँ पर पूजा एवं प्रसाद वितरण किया गया।
रात्रि में नगर के सभी प्रमुख मंदिरों के बाहर डोल रखाये जहाँ पर सैकड़ो की तादात में महिलाएं पहुँची व भगवान की पूजा अर्चना की।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।