Thursday, August 21, 2008

मुख्यमंत्री की अर्थी निकली, अंतिम संस्कार हुआ, पुलिस देखती रही...

सीहोर 20 अगस्त (नि.सं.)। रात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अर्थी सीहोर टाकीज चौराहा से प्रारंभ होकर कोतवाली चौराहा पर पहुँची जहाँ पुतले को डंडे से खूब मारा गया । अर्थी निकालने वाले युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने यहाँ हाय डम्फर-हाय डम्फर चिल्ला-चिल्लाकर रोना-पीटना मचा दिया। इसके साथ ही विधायक व मुख्यमंत्री के खिलाफ बहुत बुलंदगी के साथ नारे लगाये। इसके बाद अर्थी को अगि्दाह कर दिया गया। इतना ही नहीं युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके बाद बकायदा नदी चौराहा पहुँचकर नहाकर ही वापस लौटे।
कांग्रेस नेता सेवादल प्रमुख और नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को मध्य प्रदेश शासन द्वारा पदच्यूत किये जाने की घटना से यहाँ राय समर्थकों में खासा आक्रोश व्याप्त है। आज जहाँ राकेश राय ने इस संबंध में तीखे बयान पत्रकार वार्ता में दिये वहीं शाम युवक कांग्रेस और कांग्रेस पार्षदों की महत्वपूर्ण उपस्थिति में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक रैली निकाली। यहाँ बकायदा मुख्यमंत्री का पुतला बनाकर उनकी अर्थी सजाई गई। दो तख्ती मुख्यमंत्री के नाम की अर्थी के साथ लगाई गई। इसके बाद बकायदा अर्थी निकालते हुए कार्यकर्ता नारे बाजी करते हुए कोतवाली चौराहा पहुँचे। यहाँ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रोना-पीटना शुरु करते हुए हाय डम्फर-हाय डम्फर करना शुरु क र दिया। यहीं विधायक व मुख्यमंत्री जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। बोरिया बिस्तर बांध ले......, तानाशाही नहीं चलेगी जैसे नारे यहाँ आक्रोशित कार्यकर्ताओं न लगाये।
यहाँ कोतवाली चौराहा पर पुलिस शांति से खड़ी रही और मुख्यमंत्री के पुतले पर लट्ठ बरसाये गये इसके बाद उनका अग्नि दाह कर दिया गया। अंतिम संस्कार की क्रिया करके कुछ कार्यकर्ता तो आक्रोश में नदी चौराहा जाकर कुछ पानी के छींटे भी अपने ऊपर डालकर नहाने की क्रिया पूरी कर आये।
जबकि सारे कार्यकर्ता पुन: सीहोर टाकीज चौराहे पर एकत्रित हुए और यहाँ बकायदा उन्होने एक शोक सभा आयोजित की तथा दो मिनिट तक मौन भी रखा गया।
आज कोतवाली चौराहा पार्षद मिंदी अरोरा ने यहाँ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में 13 मंत्रियों पर लोकायुक्त का शिकंजा कसा हुआ है यदि मुख्यमंत्री ईमानदारी का चोला ही पहने हुए हैं तो पहले अपने 13 मंत्रियों जिनके खिलाफ मामला दर्ज है उन्हे पहले हटायें। उसके बाद सीहोर विधायक रमेश सक्सेना जिन्होने किसानों को कागजों पर मारकर करोड़ो रुपये का बीमा घोटाला किया है, उन्हे हटायें। कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल अरोरा हों या रुकमणी रोहिला उनके कार्यकाल में भी भेदभाव पूर्ण कार्य नहीं हुआ और वर्तमान में राकेश राय के कार्य भी भेदभाव रहित हो रहे हैं जिससे भाजपा सरकार बौखला रही है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

उनके पैर क्या पढ़े...बरसात ही थम गई...(बैठे-ठाले)

सीहोर। एक नई कहावत है जहाँ-जहाँ पैर पढ़े संतन के...तहाँ-तहाँ बंटाधार...। यह कहावत आजकल बन बैठे आधुनिक संतों के लिये है, असल में आज संत मिलना मुश्किल है, लेकिन संत बनकर घूम रहे लोगों की कोई कमी भी नहीं है...किसी एक कला में पारंगत होते ही कुछ लोग स्वयं को संत सिध्द करने में उद्यत हो जाते हैं....यदि कोई व्यक्ति पंडित है... यदि कोई योतिषाचार्य है....कोई अंकशास्त्री है....कोई किसी देवता का सिध्द भक्त है....यदि कोई भागवत कथाकार है जिसके पास भक्तों की भीड़ लगी रहती हो...या कोई रामायण जी पर प्रवचन अच्छे देता है...अथवा कोई योगासन में पारंगत है....कोई प्रवचन अच्छे दे लेता है....तो क्या इन विधाओं के लोग संत जैसी विशिष्ट पदवी के मान लिये जायेंगे ? आज कल देखने में आ रहा है कि ऐसी विधाओं में पारंगत कई लोग स्वयं को संत सिध्द करने में जुट जाते है... और इस आढ़ में फिर वही रुपयों की भूख मिटाने का प्रयास करते नजर आते हैं....। इनके साथ ऐसे राजनेता और रुपये वाले शहद में मक्खी की तरह चिपक जाते हैं कि फिर वह स्वयं को इनका बड़ा भक्त सिध्द करने का प्रयास करते हैं....यह क्रम पूरे देश में ही नहीं बल्कि विश्व में देखने को मिल रहा है। इन राजनेताओं की अपनी गणित रहती है और रुपये वाले लोग रु पये के बाद 'यश' की कामना से ऐसे कथित संत या अन्य प्रकार के उस्तादों के आगे-पीछे नाचते नजर आते हैं।
इछावर से लेकर सीहोर तक के सैकड़ो बांस कटवाकर और सागौन की लकड़ियों को एकत्र करके गत वर्षों में जिस क थित संत ने अपना चौमासा धूमधाम से मना डाला था, आज वही संत फ्री घूम रहे हैं ? फ्री का मतलब फालतू हैं.... बरसात हो रही है तो होने दो इस बार यह चातुर्मास नहीं कर रहे ? गोया चातुर्मास नहीं हुआ उपवास हो गया कि एक बार कर लिया दूसरी बार नहीं करेंगे ?
आषाढ़ शुक्ल पक्ष एकादशी से कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी के बीच चार माह के समय को हिन्दु धर्मशास्त्र में चातुर्मास का समय बताया गया है। शास्त्रों में इस दौरान एक स्थान पर बैठकर चिंतन -मनन करने की बात कही गई है, तो विज्ञान भी इन चार महिनों में शारीरिक और मानसिक विकास की बात स्वीकार करते हुए सावधानियाँ बरतने की बात कहता है। एक कथा के अनुसार शंखचूर का वध करने के दौरान भगवान श्री हरि को थकान की अनुभूति हुई। थकान को दूर करने के लिये वे क्षीर सागर में अनंत शय्या पर जिस दिन गये, वो आषाढ़ शुक्ल पक्ष एकादशी था, उनके शयन पर जाने के दिन को देवशयनी एकादशी कहा गया वहाँ वे चार मास तक निंद्रा में रहे। उनका जागरण दिवस कार्तिक शुक्ल पक्ष एकादशी है। न सिर्फ चातुर्मास से धार्मिकता जुड़ी है बल्कि वैज्ञानिकता भी जुड़ी है। रामायण के किष्किंधा कांड में श्रीराम ने सुग्रीव का राजतिलक करने के बाद कहा था कि चातुर्मास प्रारंभ होने वाला है । इस दौरान संत, राजा, व्यापारी और भिखारी अपनी यात्राओं को विराम देते हैं। चातुर्मास के लिये स्वयं भगवान श्रीराम भी एक स्थान पर रुक गये थे। माता सीता को खोजने के अतिमहत्वपूर्ण कार्य को भी मर्यादापुरुषोत्तम ने चातुर्मास में रोक दिया था।
ऐसे में आज के कथित संत चातुर्मास में वाहनों में घूमते नजर आते हैं। मुझे आश्चर्य होता है कि कल जो संत चातुर्मास कर रहे थे और बजाय शांति से चिंतन, मनन, अध्ययन करने के वह लाखों रुपये खर्च कर यज्ञ आहूतियाँ छुड़वा रहे थे, चढ़ावा स्वीकार कर रहे थे वही संत आज चातुर्मास अवधि में घूमते फिर रहे हैं, अपने भक्तों के पास पहुँचकर स्वागत-सत्कार करवा रहे हैं......।
राम जी भला करें...नदी चौराहे पर इछावर में हो रहे एक यज्ञ की समाप्ति के बाद बांसो का एक दरवाजा खड़ा हुआ था, जिसके संबंध में फुरसत में एक खबर छपी थी, उसके बाद इस बांसों के दरवाजे को जनता ने जाकर तोड़ दिया था और उसी रात महिने भर से रुकी हुई बरसात जिससे जीवन अस्त-व्यस्त हो रहा था....घूमड़-घूमड़ कर बादल आये और खूब बरसात हुई। पिछले दिनों इछावर में एक बार फिर एक कथित संत के पैर पड़े और इधर जिले भर में बरसात रुक गई है। इछावर में संकल्प हुआ है कि आगामी कुछ वर्ष में फिर कोई महायज्ञ और कोई चातुर्मास आदि होगा....। जो भी हो लेकिन बरसात अभी रुकी हुई है....सहज कहने में आ रहा है कि उनके पैर क्या पड़े...बरसात ही थम गई।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

राकेश राय ने खुलकर बोला विधायक के खिलाफ, पत्रकार वार्ता में कहा : मुझे विश्वास है कि सत्य की विजय होगी

सीहोर 20 अगस्त (नि.सं.)। मध्य प्रदेश की भ्रष्ट और निकम्मी भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री से विधानसभा क्षेत्र सीहोर के विधायक रमेश सक्सेना ने मुझे नगर पालिका अध्यक्ष पद से हटवा कर लोकतंत्र की हत्या करवा दी है। आगामी विधानसभ चुनाव में जनता कांग्रेस का समर्थन कर अब भाजपा को सबक सिखा देगी। जनता ने बहुमत से मुझे चुना था आज शासन की इस हरकत से जनता नाराज होगी।
उपरोक्त बात नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने आज एक आपात पत्रकार वार्ता में कही। श्री राय ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र सीहोर में तीन बार चुनाव जीतकर विधायक रमेश सक्सेना ने कोई विकास कार्य तो कराये नहीं बल्कि स्वयं ही इस क्षेत्र को विनाश की और धकेला है। प्रदेश में तीन मुख्यमंत्री दे चुकी भाजपा सरकार मुख्यमंत्री के गृह जिले में जब नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव में शर्मनाक पराजय की और धकेली गई तो आज भाजपा सरकार गुस्से में आकर सीहोर के साथ पक्षपात कर रही है। आज तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर के विकास के लिये कोई सौगात नहीं दी जबकि आसपास के क्षेत्रों बुदनी, नसरुल्लागंज, रेहटी अन्य स्थानों पर विकास के लिये करोड़ो रुपये दिये जा रहे हैं आखिर क्या कारण है जो सीहोर को यह लोग भूल गये हैं, क्या की जनता को मुर्ख समझ रही है भाजपा ? जो आसपास विकास हो रहा है और यहां विकास होने से रोका जा रहा है। यह सीहोर का सौभाग्य है कि जिले का मुख्यमंत्री का बना है लेकिन श्री चौहान को सीहोर से मतलब ही नहीं है।
विधायक ने सीहोर को विकास के लिये कोई सौगात तो नहीं दी बल्कि अधिकारियों पर दबाव बना कर लोकतंत्र की हत्या जरुर करवा दी। विधायक खुद सीहोर का विकास नहीं चाहते।
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने अपनी पत्रकार वार्ता में कहा कि नगर की सम्मानीय जनता ने अध्यक्ष चुनाव में 12 हजार 771 मतों से महाविजय दिलाई थी और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने भी मुझे कांग्रेस में शामिल कर लिया था।
अध्यक्ष ने स्पष्ट आरोप लगाया कि मेरे द्वारा नगर विकास के कार्यों में लगातार भाजपा व विधायक द्वारा रोड़े डाले गये तथा आज नगर पालिका अध्यक्ष पद से हटाकर सीहोर की जनता का अपमान कर दिया गया है।
राकेश राय ने चैलेंज दिया है कि भाजपा सरकार नगर पालिका सीहोर की कितने ही स्तरों पर जांच करा ले यहाँ किसी भी स्तर पर ना तो कोई अनियमितता हुई है और ना ही कोई भ्रष्टाचार हुआ है। जांच के बाद सब कुछ साबित हो जायेगा और अंत में जीत सत्य की ही होगी।
श्री राय ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में सीहोर सहित पूरे प्रदेश से भाजपा का सफाया होने जा रहा है इसलिये भाजपा बौखलाहट में जनता द्वारा भारी बहुमत से चुने गये प्रतिनिधियों को ही हटाने में लग गई है। चूंकि सीहोर मुख्यमंत्री का गृह जिला है इसलिये भाजपा यहाँ अपनी पराजय होता देख यह कदम उठा रही है। राय ने कहा कि सीहोर की राजनीति का इतिहास इस बात का गवाह है कि जब-जब जनता के आदेश को कुचलने की कोशिश की गई है ऐसे महत्वाकांक्षी नेताओं को जनता ने सबक सिखाया है।

अभी तक नहीं मिला कोई पत्र
सीहोर 20 अगस्त। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने आज इस संबंध में सायं 8 बजे फुरसत से बातचीत करते हुए स्पष्ट कहा कि मुझे अभी तक ऐसा कोई आदेश नहीं मिला है। श्री राय ने कहा कि मुझे यह जानकारी अवश्य मालूम है कि ऐसा कुछ हुआ है। लेकिन अभी तक ऐसे आदेश मुझ तक नहीं पहुँचे हैं।
देर रात तक होती रही मंत्रालय में बैठक
सीहोर 20 अगस्त । भोपाल में जिन अधिकारी ने अखबारों में यह वक्तव्य दे दिये हैं कि राकेश राय को पदच्यूत किया गया है आज वह अधिकारी दिनभर फोन उठाने से बचते नजर आये। जबकि सूत्रों के अनुसार आज देर रात 8 बजे तक नगरीय प्रशासन विभाग के उच्चस्थ अधिकारियों की एक विशेष बैठक चलती रही जिसमें सीहोर के मामले पर बातचीत विचार विमर्श हुआ।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

मजदूरों की ताकत की परीक्षा न ले सरकार-संध्या शैली

सीहोर 20 अगस्त (नि.सं.)सीटू सहित समस्त बीमा बी.एस.एन.एल. डाक यूनियन की 20 अगस्त की देश व्यापी हड़ताल के आव्हान अंतर्गत 19 अगस्त को रात्रि 8 बजे एक मशाल रैली तहसील चौराहे से प्रारंभ होकर सम्पन्न हुई। साथ ही आज हड़ताल के आव्हान पर 20 अगस्त को सीहोर में सीटू, बीमा, बी.एस. एन. एल., तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ सहित अधिकांश यूनियन के हजारों मजदूर और कर्मचारी गर्म जोशी के साथ नारे लगाते हुए सड़कों पर उतरे, रैली कोतवाली चौराहे से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट तक पहुंची, वहां पर प्रधानमंत्री के नाम 6 सूत्रीय मांग पत्र जिलाधीश महोदय के प्रतिनिधि अनुविभागीय अधिकारी चन्द्रमोहन मिश्रा को सौंपा गया।
कार्यक्रम का संचालन सीटू के जिला महासचिव राजेश दुबे ने किया एवं अन्य वक्ताओं में राजीव गुप्ता, दीपेन्द्र तोमर, जमीर बहादुर, पी.सी. उमरिया, गोपाल दास सोनी, रामचरण मालवीय, एम.तिर्की इत्यादि रहे। प्रमुख वक्ता के रूप में बोलते हुए कामरेड संध्या शैली ने कहा कि अब समय आ गया है मजदूर अपनी ताकत को पहचाने, चुनाव नजदीक है, सभी राजनैतिक दलों की लार मजदूरों के वोट बैंक को देखकर टपक रही है, हमें किसी राजनीति से लेना-देना नहीं लेकिन सरकार जो लगातार मजदूर विरोधी, कर्मचारी विरोधी और जन विरोधी निर्णय ले रही है इनका हम विरोध करते हैं। संसद में बहुमत हासिल करने के बाद सरकार ने जो नवरत्न कंपनिया बीमा, बी.एस.एन.एल. महिला बाल विकास, बी.एच.ई.एल. को ठिकाने लगाने की बात कही है यह देश हित के खिलाफ है, जिसका हम विरोध करते हैं। म.प्र. की सरकार दै.वे.भो. कर्मचारियों से किया वादा आज तक पूरा नहीं कर पाई, अब फिर चुनाव सर पर है इसलिये हम केन्द्र की सरकार और राज्य सरकार को चेतावनी देते हैं कि मजदूरों की ताकत की परीक्षा न ले अन्यथा परिणाम क्या होंगे इसका आंकलन सरकार स्वयं कर ले। दै.वे.भो. कर्मचारियों, गैंगमेनों, दाई, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, निर्माण मजदूरों, ठेल मजदूरों, हम्मालों, बीड़ी मजदूरों सहित शहर की आम गरीब जनता के लिये हमारा संघर्ष इनको जब तक अधिकार नहीं मिलता जारी रहेगा और हमारा संघर्ष हमेशा जारी रहेगा। कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र एवं ग्रामीण क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं ने बड़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

अशोक जैन ने कुलदीप सेठी से पूछा साढ़े चार साल से जनाव कहाँ थे?

आष्टा 20 अगस्त (नि.प्र.)। आठ अगस्त के अंक में सीहोर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुलदीप सेठी ने जिले में कांग्रेस की स्थिति, जिला कांग्रेस का गठन नहीं होना, कार्यालय नहीं खुलने आदि बातों कोलेकर जो पत्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष को लिखा वो प्रेस में भी पहुँचा और छपा। पढ़ने के बाद आष्टा जनपद पंचायत के पूर्व सदस्य कोठरी के युवा कांग्रेस नेता अशोक जैन ने फुरसत को अपनी प्रतिक्रिया एक पोस्ट कार्ड पर लिखकर भेजी है।
श्री जैन ने सेठी जी का भेजे पत्र का समाचार 8 अगस्त के फुरसत के अंक में पढ़ने के बाद जैन ने सेठी से पूछा है कि जनाब आज आपको कांग्रेस की चिंता हो रही है पिछले साढ़े चार साल से आप कहाँ थे ? आप भी जिले के वरिष्ठ नेता है जनसमस्याओं को लेकर सड़क पर सरकार के खिलाफ क्यों नहीं उतरे ? जो पद पर बैठता है निश्चित उसकी जिम्मेदारी अधिक होती है लेकिन आप भी वरिष्ठ है आप क्यों मौन थे ? कार्यालय खुलने पर जैन ने लिखा है कि प्रमोद पटेल के बाद कैलाश परमार के कार्यकाल में जितना कार्यालय खुला उतना शायद ही इसके पहले खुला जिला कांग्रेस के गठन के बारे में जैन ने लिखा की कहने को जिला कांग्रेस का गठन जिला अध्यक्ष को करना होता है लेकिन यह सब वास्तव में होता ऊपर से ही है, सीहोर का हर नेता पद चाहता है जो पद के बिना रह जायेगा, वो जिला कांग्रेस से खफा होगा और अपने ऊपर के आका से मिलकर अपना नाम जुड़वाकर पद ले आयेगा जिले में कांग्रेस सोई हुई के बारे में जैन ने लिखा है कि सेठी जी जिले में ही नहीं साढ़े चार साल से पूरे प्रदेश में कांग्रेस सोई हुई थी। जैन ने सेठी जी को निवेदन किया है की आपको कांग्रेस की चिंता हुई इसके लिये धन्यवाद एक निवेदन है कि कांग्रेस के लिये आपके मन में जो चिंता जागी है अब उसे चुनाव तक सोने मत देना।
आप उठो घर से बाहर जन समस्याओं को लेकर सड़कों पर उतरे मैं और सब कांग्रेस के साथी आपके साथ है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

कांग्रेस ने फल वितरण कर मनाया स्व. राजीव गांधी का जन्म दिन

सीहोर 20 अगस्त (नि.सं.)। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी जी का जन्म दिवस जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर द्वारा जिला चिकित्सालय सीहोर में रोगियों को फल वितरत कर एवं स्व. श्री राजीव जी की भावना अनुरूप कार्य करने का संकल्प लेकर मनाया गया।
आज आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम पूर्व प्रधानमंत्री जी के चित्र पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शंकरलाल साबू एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैलाश परमार ने पुष्प माला अर्पित कर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये। कार्यक्रम में छात्र नेता राहुल कोठारी ने स्व. राजीव जी की मंशा अनुरूप कार्य करने का उपस्थित कांग्रेसजनों को संकल्प दिलाया। इसके पश्चात् उपस्थित कांग्रेसजनों ने जिला चिकित्सालय सीहोर में उपचरार्थ भर्ती रोगियों को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इस अवसर पर शंकरलाल साबू, कैलाश परमार, जसपाल सिंह अरोरा, राधा वल्लाभ गुप्ता, प्रेमबंधु शर्मा, कमलेश कटारे, सुश्री रुकमणी रोहिला, मांगीलाल मंझेड़ा, सतीश पचौरी, हेमंत शर्मा, राजाराम कसौटिया, श्रीमति कल्पना हरणे, गोपाल इंजीनियर, राजेन्द्र वर्मा, राजकुमार भारती, संजय सोनी, पवन राठोर, दिनेश भैरवे, शील राय, जगदीश निगोदिया, महेश चंद्रवंशी, दिनेश सिरोलिया, मुनब्बर पठान, नरेन्द्र खंगराले, सुभाष चौरसिया, श्रीमति रेखा दीक्षित, रुकमणी अग्रवाल, जलज छोकर, राहुल कोठारी, आशीष गुप्ता, आशीष गेहलोत, प्रदीप प्रगति, डॉ. अनीस खान, राजकुमार कसौटिया, मुमताज खान, विनय पालीवाल, रामदयाल परमार, पंकज गुप्ता, बेनी प्रजापति, अखलेश राठौर, बंटी जादोन, जितेन्द्र ठाकुर, बाबूलाल परमार, राजीव गुजराती, निर्मल राजपूत, एस.कुमार राठौर, राजू गोयल आदि कांग्रेस जन उपस्थित थे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

पीएचई द्वारा ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज

आष्टा 20 अगस्त (नि.सं.)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग आष्टा के सहायक यंत्री गोपाल प्रसाद ने एक ठेकेदार जिसका नाम रमाकांत ओझा है के खिलाफ गवाखेड़ा में बनने वाली पानी की टंकी के ठेके के दस्तावेज में एसबीसी की परीक्षण रिपोर्ट फर्जी लगाने तथा बाद में पकड़ा जाने पर उसके खिलाफ आष्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 467, 468, 470, 420, 511 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया है।



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

आष्टा नपा ने लिया संकल्प: घूसखोरी कमीशन खोरी बंद करेंगे

आष्टा 20 अगस्त (नि.प्र.) पूर्व प्रधानमंत्री, आधुनिकता के जनक स्व. राजीव गांधी के जन्म दिवस के अवसर पर शासन ने संकल्प लेने के निर्देश सभी कार्यालयों को दिए थे, इसी कड़ी में नगर पालिका आष्टा के सभाकक्ष में समस्त कर्मचारियों को शासकीय संकलप दिलाया गया, स्व. राजीव गांधी ने कहा था कि यदि एक रुपये केन्द्र से दिया जाता है तो नीचे तक 10 पैसे पहुंच पाता है, बाकी पैसा घूसखोर, कमीशनखोर खा जाते हैं, उनकी इसी पीड़ा को दूर करने के लिए नपा के सभी कर्मचारियों ने आगे बढ़कर संकल्प लिया कि अब घूसखोरी कमीशनखोरी बंद कराई जाएगी।

सबसे पहले नपा से शुरूआत होगी। सभी घूसघोर, कमीशनखोरों को पब्लिक के सामने बेनकाब किया जाएगा, ताकि नगर के नागरिकों को उनके दिए गए टैक्स की वापसी सुविधाओं के रूप में सौ पैसे की जा सके, इसके लिए जब जिस वरिष्ठ अधिकारी के पास ऐसी खबर पहुंचे तो त्वरित छापामार कार्यवाही करने का अनुरोध किया गया।

ऐसा संकल्प लेने वाली प्रदेश की नगर पालिका आष्टा पहली नगर पालिका बन गई है परन्तु इस कार्य में जब तक जनसहयोग नहीं मिलेगा, यह संकलप अधूरा रहेगा, प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि साईड पर देखे कि ठेकेदार एक तगारी सीमेंट, दो तगारी रेत तथा दो तगारी गिट्टी नहीं मिला रहा है, उसका दायित्व है कि वह मौके पर उस ठेकेदार तथा उसे घटिया निर्माण करने में सहयोग करने वाले को पकड़े।

इस अवसर पर पीके साहू उपयंत्री, नरेन्द्र दुबे, राजनिरीक्षक हबीब असलम, कैलाश श्रीवास्तव, अलका कात्यायन, अरुण श्रीवास्तव, फखरुल हसन, दुलीचंद कुशवाह, रशीद खां, रमेश राठौर, जगदीश नामदेव, मनीष श्रीवास्तव, अजय द्विवेदी, सेवाराम, चतरीबाई, फूलसिंह, कमल बांकड़े, प्रेम मालवीय आदि सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित थे।



हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

Wednesday, August 20, 2008

नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को अध्‍यक्ष पद से हटाया....नगर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ी

सीहोर 19 अगस्त (नि.सं.) चुनावी वर्ष में तेजी से बदलते राजनीतिक समीकरणों के बीच आज रात राजनीतिक हल्कों में यह चर्चा तेज हो गई थी कि नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को राय शासन ने हटा दिया है। लेकिन देर रात तक इस खबर की अधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी। हर कोई जानना चाहता था कि यह जानकारी हकीकत है अथवा मात्र चर्चा है।
गौरतलब है कि कुछ माह पहले एक ही नम्बर के ट्रेक्टर-ट्राली अथवा टैंकर एक ही समय में दो स्थानों पर चलने तथा अनेक खरीदियों के भुगतान को लेकर राय शासन ने नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को नोटिस भी दिया था इसी बात को आधार बनाकर शासन ने अब उन्हे अध्यक्ष पद से हटा दिया है। शहर में मंगलवार की रात यह चर्चा शहर में आम हो गई हर तरफ यही चर्चा थी कि राकेश राय को नगर पालिका अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। लेकिन कोई भी इस बात की अधिकारिक पुष्टि करवाने को तैयार नहीं था। फुरसत कार्यालय में भी इस जानकारी की पुष्टि के लिये अनेक दूरभाष आये। अध्यक्ष राकेश राय से इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हो पाई। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय कुछ माह पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी के नगर आगमन के दौरान समारोह पूर्वक कांग्रेस में शामिल किये गये हैं।
सीहोर से लेकर भोपाल तक लोग अपने-अपने स्तर पर जानकारी लेने में लगे हुए हैं। अधिकांश लोग आगामी चुनावों को लेकर इस मामले को देख रहे हैं।
ज्ञातव्य है कि पूर्व में चौराहों पर यह चर्चा भी आई थी कि स्वयं मुख्यमंत्री अपने शासनकाल में किसी भी चुने हुए जनप्रतिनिधि को हटाने के पक्षधर नहीं हैं इसलिये राकेश राय को नहीं हटाया जायेगा। कुछ माह पूर्व राकेश राय के हटाये जाने संबंधी कार्यवाही को लेकर एक खबर भोपाल से प्रकाशित एक दैनिक समाचार पत्र में भी लगी थी लेकिन तब से अब तक यह मामला अटका हुआ ही था जिसे लोग मुख्यमंत्री जी के वक्ततव्य से जोड़ कर देख रहे थे।
हालांकि जिस दिन से राकेश राय चुनाव जीतकर विजयी हुए हैं उसी दिन से इन्हे भाजपा प्रतिद्वंदी मात्र 6 माह का मेहमान बताते रहे हैं लेकिन आज जब विधानसभा चुनाव गये हैं, सीहोर में भाजपा विधायक रमेश सक्सेना ने तो अपना चुनावी कार्यालय ही खोल लिया है ऐसे में अचानक नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय का पदच्यूत किये जाने की बात कई चर्चाओं को जन्म दे रही है। रात वह 13 पार्षद भी काफी उत्साहित नजर आये जिन्होने पिछले दिनों नगर पालिका में हुए कामों को लेकर भोपाल में शिकायत की थी। हालांकि कल परिषद की बैठक में राकेश राय की ही उपस्थिति में जलाभिषेक अभियान की मंजूर करा लिये जाने तथा करीब 5 करोड़ रुपये के कामों की मंजूरी हो जाने के बाद आज अचानक उनके हट जाने की खबर आश्चर्य पैदा कर रही है।
अनेक लोग इस घटनाक्रम पर पूर्ण विश्वास व्यक्त कर रहे हैं वह कह रहे हैं कि ऐसा हो ही गया है लेकिन फिर भी अधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं है। देखते हैं कल क्या राजनीतिक बिसात बैठती है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

बर्ड फ्लू का प्रशिक्षण और मजा न्यू क्रिसेंट रिसोर्ट का

सीहोर 19 अगस्त (नि.सं.)। पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विभाग के विशेषज्ञों एवं वेट पेरावेट और त्वरित कार्यवाही दल के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्ड फ्ल्यू नामक बीमारी से बचने की तरीके सिखाने के लिये न्यू क्रिसेंट रिसोर्ट में प्रशिक्षण चल रहा है। पौने दो लाख रुपये के भारी-भरकम बजट का उपयोग रिसोर्ट में किया जा रहा है जिससे यहाँ पशु चिकित्सा विभाग में रुपये के इस खर्च को लेकर आपसी मतभेद उभर आये हैं।
वर्ड फ्लू बीमारी जो चीन में सर्वाधिक फैली थी उसके बाद भारत में कुछ प्रांतों व नगरों में यह गत वर्ष सामने आई थी। इस बीमारी की रोकथाम के लिये शासन ने अपने स्तर पर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया है। जिसके तहत सीहोर जिले में भी 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ है। जिसमें करीब 100 पशु चिकित्सकों को सम्मिलित किया गया है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है कि जब किसी प्रशिक्षण के लिये नगर की देश भर में प्रतिष्ठित होटल क्रिसेंट रिसोर्ट को चुना गया है। इसके पूर्व इस विभाग ने आवश्यकता पढ़ने पर या तो कृषि महाविद्यालय या फिर डाईट जैसी संस्था का भी उपयोग किया है लेकिन इस बार रुपया पानी की तरह बहाया जा रहा है।
असल में 19 अगस्त से लेकर 22 तक यह प्रशिक्षण चलना है जिसके लिये सूत्रों के अनुसार पौने दो लाख रुपये करीब 1.70 लाख रुपये आये हैं। जिसमें कलेक्टर द्वारा अनुमोदित 70 वेट एवं पेरावेट्स अर्थात चिकित्सकों का प्रशिक्षण होगा। इसके अलावा कुछ अन्य सदस्यों को भी जोड़ा गया है।
कुछ अन्य विभाग से भी प्रशिक्षण के लिये आये हैं। जबकि पशु चिकित्सा विभाग के ही कुछ चिकित्सकों व कर्मियों को इससे दूर रखा गया है। जिसको लेकर अंदर ही अंदर विभाग में मतभेद उभर आये हैं। अब मुर्गियों के बर्ड फ्लू के लिये यदि प्रशिक्षणार्थियों को क्रिसेंट रिसोर्ट का मजा उठाने को मिल रहा है तो इसमें हमें क्या ? लेकिन बात शासन के रुपयों की है। क्या उसका सही उपयोग हो रहा है अथवा जबरन खर्च कर लम्बे बिल बनाये जायेंगे यह जांच का विषय है।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

परमार ने 14 करोड़ की पेयजल योजना की सौगात देने पर केन्द्र का आभार माना

आष्टा 19 अगस्त(नि.प्र.)म.प्र. कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में दिनांक 18 अगस्त को कांग्रेस समर्थित महापौरगण, नगर पालिकानगर पंचायत के अध्यक्षगण तथा समस्त पार्षदगणों का सम्मेलन हिन्दी भवन भोपाल में आयोजित किया गया, जिसमें नगरीय निकायों के प्रतिनिधिगणों ने अपने सुझाव, अपनी समस्याएं तथा आगामी विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए अपनी-अपनी योजनाएं प्रस्तुत की। इस सम्मेलन में नगर पालिका आष्टा एवं जिला कांग्रेस कमेटी सीहोर के अध्यक्ष कैलाश परमार पार्षदों के साथ सम्मिलित हुए। आयोजन की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने की तथा मुख्य अतिथि केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री कमलनाथ थे। कार्यक्रम के समन्वयक भोपाल नगर निगम के महापौर सुनील सूद ने सभी प्रतिनिधियों का उद्बोधन के द्वारा स्वागत किया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नगर पालिका परिष्टा आष्टा के अध्यक्ष एवं जिला कांगेस कमेटी सीहोर के अध्यक्ष कैलाश परमार ने इंदौर नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद सुरेश मिण्डा द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रस्ताव, जिनमें नगरीय निकायों को ऊर्जा प्रदान करने वाले पूर्व केन्द्रीय कार्मिक राज्य मंत्री सुरेश पचौरी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त करने। लोकसभा में प्रधानमंत्री श्री मनमोहनसिंह द्वारा विश्वास प्राप्त करने के लिए श्री मनमोहन सिंह एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा श्रीमति सोनिया गांधी का आभार मानकर बधाई देने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में म.प्र. की भ्रष्ट, साम्पदायिक एवं जनविरोधी भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जड़मूल से उखाड़ फेंकने का दृढ़ संकल्प लेने, तथा सुरेश पचौरी के अथक प्रयासों से म.प्र. के चार महानगरों भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर को जवाहरलाल नेहरु राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण योजना में सम्मिलित कराने पर तथा यूआईडी एसएसएमटी योजना में आष्टा, सीहोर, इटारसी, होशंगाबाद, नसरुल्लागंज, रेहटी आदि को सम्मिलित कराने के लिए आभार व्यक्त करने तथा राष्ट्रीय एकीकृत मलिन बस्ती विकास कार्यक्रम में म.प्र. में 33 नगरीय निकायों को सम्मिलित कराने के लिए आभार प्रस्ताव पारित किया। उक्त प्रस्ताव के समर्थन के लिए कैलाश परमार ने प्रस्ताव पर उद्बोधन देते हुए कहा कि श्रीमति सोनिया गांधी, मनमोहनसिंह एवं सुरेश पचौरी के आभारी हैं, उनके कुशल नेतृत्व के कारण म.प्र. के नगरीय निकायों को विभिन्न विकास योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की राशि प्राप्त हुई हैं। श्री परमार ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कमलनाथ का पुष्प मालाओं से हार्दिक स्वागत किया। इस कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद आष्टा के वरिष्ठ पार्षद अजीज अंसारी, राजेन्द्र जैन राजू, श्रीमति लक्ष्मीबाई मेवाडा, सलीम अंसारी, श्रीमति शहजाद बी, हुसैन शाह, श्रीमति मंगला सोनी, मखमलसिंह डुमाने तथा पूर्व पार्षद तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मिर्जा बशीर बेग, जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि प्रदीप प्रगति, पूर्व पार्षद शैलेष राठौर, मार्केटिंग सोसायटी आष्टा के पूर्व अध्यक्ष सौभालसिंह भाटी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीसिंह लाखूखेड़ी, ठाकुर प्रसाद हर्राजखेड़ी आदि ने भी हिस्सा लिया।

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

नपाध्यक्ष राकेश राय ने किया भूमिपूजन

सीहोर 19 अगस्त (नि.सं.)। नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय ने मंगलवार को शहर में अलग-अलग स्थानों पर चार सड़क निर्माणों का भूमिपूजन किया।
शहर के वार्ड 8 में दो सड़क निर्माण कार्य के लिये भूमि पूजन के अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद जितेन्द्र पटेल सहित एमपी शुक्ला, जगदीश पटेल, मयूर पटेल, नागेन्द्र शुक्ला, हरि शंकर पाठक, राजेन्द्र राठौर, डॉ. त्रिवेदी, आदि उपस्थित रहे।
वार्ड 17 में दो सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद दिनेश भैरवे सहित जगदीश पहलवान, मुकेश पाटीदार, रुपेरिया मा., दिनेश पाटीदार, रवि यादव मौजूद रहे। दोनो भूमिपूजन कार्यक्रम में अनिल मिश्रा, पवन राठौर, आशीष गेहलोत, सतीश दरोठिया, धर्मेन्द्र यादव, पार्षद कमलेश राठौर, रामप्रकाश चौधरी, नरेश राय उपस्थित रहे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

बाइक की टक्कर में एक घायल

सीहोर 19 अगस्त(नि.सं.)। कोतवाली थाना क्षेत्र में सीहोर बिलकिसगंज मार्ग पर बाइक की टक्कर से एक ग्रामीण घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम खेडली निवासी कुमेर सिंह मालवीय को बाइक क्रमांक एम.पी. 37-एम.ए. 4364 में बाइक चालक गोविंद ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। जिससे ग्रामीण कुमेर सिंह सिंह घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।