Wednesday, May 14, 2008

7 बोर और कस्बे के चुनिंदा वार्ड...आखिर क्या है राज? (खासखबर)

सीहोर 13 मई (आनंद गांधी)। नगर पालिका में कुल 15 नलकून खनन के लिये परिषद ने स्वीकृति दी थी और इसका पूरा कार्य प्रशासनिक अधिकारी ने अपने सामने देखा-समझा। लेकिन उधर जाने कब और कैसे 7 अन्य बोर करवा लिये गये हैं यह बात अभी तक समझ नहीं आ पा रही है। कस्बे में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में 6 बोर मात्र 50से 100 फिट के कम अंतर की दूरियों पर करवा दिये गये हैं जबकि 1 अन्य बोर श्मशान घांट के पास करवाया गया है। यह बोर किसकी स्वीकृति से हुए हैं ? क्या अध्यक्ष महोदय ने इसके लिये मौखिक स्वीकृति दी है ? या यह जनभागीदारी से हुए हैं तो क्या इसकी कोई फाईल आदि जनता से संग्रहित रुपयों का हिसाब-किताब है क्या कलेक्टर को जानकारी दी गई है ? या फिर कुछ और राज है ?
एक तरफ तो नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय के पास नगर की जनता जब कभी वह मिलते हैं तो गुहार लगाती हैं कि उनके क्षेत्र में एक बोर करवा दिये जाये लेकिन इस संबंध में अध्यक्ष जी स्पष्ट मना कर देते हैं कि उन्हे कुछ नहीं मालूम, बोर खनन वो नहीं करवा सकते इसके लिये एसडीएम से मिला जाये। सभी से यही कहा जा रहा है और जनता अपने चुने हुए प्रत्याशी का कुछ लाभ भी नहीं उठा पा रही है। दूसरी तरफ अचानक मुस्लिम बाहुल्य कस्बे के चुने हुए वार्डों में 1-2 नहीं बल्कि 6 बोर करवा दिये गये हैं ? यह बोर न तो परिषद की स्वीकृति से हुए हैं ना ही एसडीएम को इसकी जानकारी दी गई।
अब नगर के चौराहों पर चल रही चर्चाएं आगे यह भी कहती हैं कि गत दिवस एसडीएम बाहर गये हुए थे। जब वह वापस आये तो उन्हे जानकारी मिली कि 7 बोर अलग से करवा दिये गये हैं। उन्होने इस संबंध में जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी से जबाव मांगा तो यह लोग जबाव नहीं दे पाये कि आखिर किस आधार पर इन बोरो की खुदाई हुई है। उन्होने खुलकर पूछा कि भाई हमें भी तो बताओ कि इसकी स्वीकृति किसने दी ? या जनसम्पर्क निधि से या जनभागीदारी से इन्हे खुदवाया है कैसे हुआ यह ? लेकिन कोई जबाव नहीं दिया गया। उल्लेखनीय है कि सीहोर सिर्फ कस्बा क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि छावनी, कोतवाली चौराहा क्षेत्र, इंग्लिशपुरा क्षेत्र, भोपाल नाका, हाउसिंग बोर्ड, गंज के पूरा क्षेत्र से लेकर गल्ला मण्डी फ्री गंज तक इधर कोलीपुरा तक इसका विस्तार है लेकिन 6 बोर मात्र गिने-चुने वार्ड में ही किस आधार पर हो गये यह जनचर्चा का विषय है। नगर के चौराहों पर चर्चा है कि अध्यक्ष जी स्वयं अपनी मर्जी से बोर करवा रहे हैं और कोई उनके पास जाता है तो वह कह देते हैं कि एसडीएम के पास जाओ ? आखिर कस्बाई क्षेत्र में हुए बोर के पीछे राज क्या है ? यह तो खुदा ही जाने। क्या सिर्फ कस्बे में मतदाता रहते हैं या वही मतदाता यादा प्रिय हैं या पूरे नगर के मतदाताओं से उन्हे कोई मतलब नहीं है..?

जब घांसलेट मिलाकर बेचने वाले पेट्रोल पंप मालिक ने डेढ़ लाख देकर मामला निपटाया (रोचक खबर)

सीहोर 13 मई (नि.प्र.)। जिले में बहुत बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों में पेट्रोल में 30 से 40 प्रतिशत घांसलेट तथा डीजल में 60 प्रतिशत तक घांसलेट मिलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी की अच्छी खासी मिली भगत से आज तक किसी पेट्रोल पंप पर किसी तरह की छानबीन आदि नहीं की गई है। लेकिन आये दिन पेट्रोल पंपों पर खुले आम घांसलेट के ड्रम व सीधे टैंकर खाली होते मोहल्ले के लोग देखते रहते हैं। खुली छूट का नाजायज फायदा उठाते पेट्रोल पंप मालिक अब विशेषकर डीजल में तो घांसलेट की मात्रा हद से यादा ही बढ़ाने लगे हैं कई बार घांसलेट का रंग तक नहीं बदल पाता है ऐसी स्थिति आ जाती है और वाहन में घांसलेट डलते ही उसकी बदबू आना शुरु हो जाती है।
दो दिन पूर्व एक स्थानीय नेताजी नगर के ही एक पेट्रोल पंप पर रात नियमानुसार अपनी बस में डीजल डलवाने के लिये गये। उन्होने देखा की डीजल में से बजाय डीजल के स्थान पर घांसलेट की बदबू आ रही है। उन्होने करीब सौ-सवा सौ लीटर डीजल डलवाया था। वह नाराज हो गये और बोले पूरा डीजल खाली करो इसमें घांसलेट मिला है, रुपये भी वापस करो वरना अभी कलेक्टर से शिकायत करता हूँ। बस फिर क्या यहाँ पेट्रोल पंप पर उनका इतना कहना भर था कि हंगामा हो गया। यह दो लोग डीजल भरवाने आये थे दोनो ही उखड़ गये और खूब खरी-खोटी सुनाते हुए पेट्रोल पंप के मालिक को बुलाने को कहा? घबराहट में मालिक आया तो उससे स्पष्ट कहा कि भाई यह क्या कर रहे हो ? यूँ खुले आम घांसलेट मिलाकर बेचते रहोगे और कोई कुछ बोलेगा नहीं यह सोच रहे हो क्या? हम अभी कलेक्टर से शिकायत करेंगे? इस नये पेट्रोल पंप के मालिक ने उक्त नेताजी के पैर पड़ लिये कि भईया जो आप कहोगे मैं वो करने को तैयार हूँ, मेरे बूढ़े पिताजी की तबियत खराब है यदि उन्हे कुछ हो गया तो मेरी दिक्कत हो जायेगी? आपकी शिकायत करने से उनकी बीमारी बढ़ सकती है। आप जो कहोगे मैं वो करने को तैयार हूँ। बाद में यह मामला पहले 50-50 हजार और फिर बाद में 75-75 हजार रुपये के चैक देकर निपटाया गया। इस प्रकार खुले आम घांसलेट बेचने वाले इस पेट्रोल पंप मालिक ने मात्र डेढ़ लाख में अपनी इजत बचा ली। अब वह खुले आम घांसलेट बेचने को स्वतंत्र है।

ग्राम रामगढ़ की घटना में तीन मुल्जिम गिरफ्तार

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। बिलकिसगंज पुलिस ने गत दिनों ग्राम रामगढ़ में घटित घटना के तीन मुलजिमों को तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया हैं । पुलिस द्वारा जारी की गई समाचार विज्ञप्ति के अनुसार फरियादीया सईदा खान के टप्पर पर संजय ऊर्फ संदीप कुशवाहा, मनोहर राजपूत 10 वर्ष निवासी सारंगाखेड़ी सीहोर अपने ट्रेक्टर से मुर्गा खरीदने गये थे साथ में ट्रेक्टर ड्राइवर पर्वतसिंह भी था उस दोरान बालक मनोहर सईदा के पालतू बंदर को कंकड़ मार दिया बंदर के खिजने पर सईदा एवं उसकी पुत्री रूकसाना ने संजय कुशवाहा पर्वतसिंह बगैरह के साथ लाठी से मारपीट कर टे्रक्टर की बोनट में कुल्हाड़ी मारकर कई जगह क्षतिग्रस्त कर लाईट फोड़ दी एवं पहियों की हवा निकाल दी । जिसकी सूचना संजय ने अपने पिता राजेन्द्र कुशवाहा को दी जिसके आने पर सईद एवं उसकी पुत्री रूकसना के साथ लाठी से मारपीट आरोपियों ने किये थे सईदा की रिपोर्ट पर थाना बिलकिसगंज में प्रकरण पंजीवद्ध कर पुलिस ने तत्परता पूर्वक आरोपी राजेन्द्र आ. गयादीन कुशवाहा, 40, संजय उर्फ संदीप आ. राजेन्द्र 18 साल निवासीगण ग्राम सारंगाखेड़ी सीहोर, एवं आरोपी पर्वतसिंह आ. रामलाल कोरकू 28 साल निवासी रामगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय, सीहोर पेश किया गया जहां से मा. न्यायालय द्वारा आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया । प्रकरण में आरोपी प्रभू कोरकू की तलाश जारी है । घटना में प्रयुक्त ट्रेक्टर पुलिस ने जप्त कर लिया है ।

सड़क हादसे में जीजा साले घायल

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। बीती रात इंदौर भोपाल राजमार्ग पर जताखेड़ा पुलिया के समीप टेंकर की टक्कर से बाइक सवार जीजा-साला घायल हो गये । पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है । मण्डी थाना अर्न्तगत आने वाले ग्राम लालाखेड़ी निवासी 19 वर्षीय अनार सिंह मालवीय अपने जीजा जगन्नाथ मालवीय के साथ जताखेड़ा से मजदूरी कर बाइक से लालाखेड़ी वापस आ रहे थे तभी टेंकर क्रं. एमपी-09-केए- 8613 से टक्कर हो गयी परिणाम स्वरूप अनार एवं जगन्नाथ घायल हो गये जिन्हें सीहोर अस्प. इलाज हेतू दाखिल कराया गया जहां से जगन्नाथ को भोपाल के लिये रेफर कर दिया गया ।

जावर स्टेट बैंक कर्मी को पुन: दो-दो वर्ष का सश्रम कारावास

आष्टा 13 मई (नि.प्र.)। स्टेट बैंक जावर शाखा में पदस्थ आसन दास शिवनानी आ. जेठानंद शिवनानी बैंक में पदस्थ होने का लाभ उठाते हुए ग्राम के अनेक लोगों का विश्वास अर्जित कर उनसे व्यवसायिक व मधुर संबंध बनायें तथा लाखों रुपया उधार लेकर भुगतान के दायित्व में देनदारों को चैक जारी किये व चैकों का अनादरण होने पर लोगों द्वारा न्यायिक दण्डाधिकारी प्रथम श्रेणी आष्टा सुधीर चौधरी के न्यायालय में लगभग 15-20 परिवाद पत्र धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत प्रस्तुत किए गए थे ज्ञात रहे कि फरीयादी मुजाहिद अली आ. साजिद अली निवासी जावर से भी आसनदास ने रुपये उधार प्राप्त किये थे वे राशि की अदायगी के दायित्व में आरोपी द्वारा सात चैक विभिन्न दिनांकों में भुगतान में जारी किये थे, जो भारतीय स्टेट बैंक जावर द्वारा आरोपी के खाते में पर्याप्त निधि न होने से अनादृत किये गये थे ।
जिनका भुगतान प्राप्त करने के लिए फरियादी ने आरोपी के विरूद्व परिवाद न्यायालय में पेश किया थे, जिसमें भी मा. न्यायिक दण्डाधिकारी सुधीर चौधरी ने 09 मई को चार प्रकरण आर.टी.नंबर 77007 से 76907 में निर्णय पारित करते हुए दो-दो वर्ष का सश्रम कारावास एवं दो-दो हजार रुपये के अर्थ दण्ड से दण्डित किया था तथा इस निर्णय के मात्र दो दिन बाद ही आज दिनांक 120508 को विद्वान न्यायाधीश सुधीर चौधरी ने फरियादी के अन्य प्रकरण आर.टी.नंबर 77007 से 77207 जो 4,20,000 रुपये के चैक अनादरण से संबंधित थे, उनमें आज न्यायिक दण्डाधिकारी प्र.श्रे. आष्टा द्वारा पुन: आरोपी आसान दास शिवनानी को दण्डित करते हुए तीनों प्रकरणों में दो-दो साल के सश्रम कारावास व दो-दो हजार रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है । इस प्रकार आरोपी के विरूद्व चल रहे सात प्रकरणों में विद्वान न्यायाधीश श्री चौधरी द्वारा प्रकरण में आई साक्ष्य का सूक्ष्म विवेचन करते हुए एवं फरियादी के अभिभाषक नगीन जैन एड. की दलील व उनके द्वारा प्रस्तुत न्याय दृष्टांतों से सहमत होते हुए दो महीने से कम की अवधि में सात प्रकरणों में आरोपी को दोषी पाकर दण्डित किया । फरियादी पक्ष की और से पैरवी वरिष्ठ अभिभाषक नगीन चंद जैन एड. एवं उनके सहयोगी अभिभाषक नरेन्द्र धाकड़ एड. ने की ।

विवाहिता की मौत

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खाने वाली एक ग्रामीण विवाहिता की गत दिवस मौत हो गई सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार दोराहा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम कचनारिया निवासी नारायण सिहं की 25 वर्षीय पत्नी सुनीता बीते शनिवार को अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिसे उपचार हेतू अस्प. सीहोर लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

ललित जैन दिगम्बर जैन समाज के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट सीहोर के चुनाव दिनांक 18मई,08 को होने वाले थे । चुनाव अधिकारी सौभाग्य मल जैन ने बताया कि अध्यक्ष पद हेतू ललित जैन, देवचन्द्र जैन, अशोक जैन, अजय जैन ने अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये थे ।
आज 10 मई,08 को नाम वापस लेने की अन्तिम तारीख थी उक्त तारीख को देवचन्द जैन, अशोक जैन, अजय जैन ने अपने नाम वापस लेकर समाज मे एकता बनी रहे ऐसा वातावरण कायम करने का निवेदन किया । चुनाव अधिकारी ने उपरोक्त नाम वापस हो जाने से शेष रहे ललित जैन आ. स्व. बाबूलाल जैन को निविर्रोध अध्यक्ष घोषित कर एकता सूत्र में रहने का परिचय दिया ।

ललित जैन दिगम्बर जैन समाज के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। दिगम्बर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट सीहोर के चुनाव दिनांक 18मई,08 को होने वाले थे । चुनाव अधिकारी सौभाग्य मल जैन ने बताया कि अध्यक्ष पद हेतू ललित जैन, देवचन्द्र जैन, अशोक जैन, अजय जैन ने अपने-अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किये थे ।
आज 10 मई,08 को नाम वापस लेने की अन्तिम तारीख थी उक्त तारीख को देवचन्द जैन, अशोक जैन, अजय जैन ने अपने नाम वापस लेकर समाज मे एकता बनी रहे ऐसा वातावरण कायम करने का निवेदन किया । चुनाव अधिकारी ने उपरोक्त नाम वापस हो जाने से शेष रहे ललित जैन आ. स्व. बाबूलाल जैन को निविर्रोध अध्यक्ष घोषित कर एकता सूत्र में रहने का परिचय दिया ।

फेसिंग टुमारो विषय पर इस्राईल में अंतर्राष्ट्रीय बैठक में स्वामी अवधेशानंद गिरी जी भी सम्मिलित होंगे

आष्टा 13 मई (नि.प्र.)। भारत के आध्यात्मिक जगत के सुनहरे अध्याय में एक पृष्ठ और जुड रहा है, जबकि इस्राईल के राष्ट्रपति शिमोन पेरेस ने भारत से हिन्दू धर्म के प्रमुख आध्यात्मिक प्रणेता जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज अखिल भारतीय, इमाम व मस्जिदों के संस्थाध्यक्ष मो. जमील इलियासी तथा भूतपूर्व राष्ट्रपति डा. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम को व्यक्तिगत रूप से फेसिंग टूमारो नामक अंतराष्ट्रीय संगोष्ठी में आमंत्रित किया है । यह जेरूशलेम में 13 मई से 15 मई,08 तक आयोजित कि जाएगी ।
यह सम्मेलन विश्व के सभी बड़े नेता, विचारक, कलाकार, वैज्ञानिक, धार्मिक व आध्यात्मिक गुरू तथा नई पीढ़ी के युवाओं के विचारों पर केन्द्रित रहेगा । इस्राईल के राष्ट्रपति शिमोन पेरेस ने अपने निमंत्रण पत्र में कहा है कि डा. स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज के सान्निध्य में फेसिंग टूमारों नामक संगोष्ठि अवश्य ही अपने सुपरिणाम के फल लेकर आयेगी ।
इस्राईल के राष्ट्रपति स्वामी जी से अत्यंत प्रभावित है । तथा स्वामी जी ने हाल में किए गए इस्राईल प्रवास के दौरान इन्डो-ज्यूइश बैठक की अध्यक्षता की थी । इस सम्मेलन में नौ सूत्रीय बिन्दूओं के श्वेत पत्र पर हस्ताक्षर किए गए थे, जिसे हिन्दू आचार्य सभा के सम्माननीय सदस्य तथा ज्यूइस रब्बाईयों की सहमति प्राप्त हुई थी ।
इस्राईल में होने वाले इस महान कार्यक्रम में विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों जैसे- संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू बुश सहित, इंग्लैण्ड, फ्रांस, रु स आदि के राष्ट्राध्यक्ष एवं जाने माने वैज्ञानिक, कलाकार एवं धार्मिक गुरूओं व नेताओं के आने की सहमति मिल चुकी है । यह हमारे सम्पूर्ण भारत के लिए गौरव की बात है कि आज संपूर्ण विश्व मार्गदर्शन के लिए भारत के आध्यात्मिक गुरूओं की ओर निहार रहा है । डा. स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज अपने प्रवास के दौरान हाईफा विश्वविद्यालय भी जायेंगे । स्वामी जी को इसके पश्चात अमेरिका में होने वाले वर्ल्ड पीस कौउंसिल में भी आमंत्रित किया गया है। डा. स्वामी श्री गिरि महाराज अपने विविध आध्यात्मिक व सामाजिक कार्यो, शान्ति एवं सर्वधर्म सम्भाव, जल संसद व अपनी सरल, सुगम एवं वैज्ञानिक सौच की वजह युवा तथा जन मानस को अत्याधिक लोकप्रिय है । स्वामी जी वर्ल्ड कौउंसिल आफ रिलिजियस लीडर्स के सम्मानीय सदस्य चुने गये है । वे अपनी यात्रा के दौरान ज्यूइश समुदाय के धर्मावलम्बियों के प्रमुख रब्बीयों से भी मिलेंगे । स्वामी जी 12 मईको सम्मेलन में भाग लेने हेतू इस्राईल प्रस्थान कर रहे है ।

Tuesday, May 13, 2008

मुआवजे के चैक मिले तो किसान खुश लेकिन बैंक पहुंचा तो चैक परेशानी का कारण बना

आष्टा 12 मई (नि.प्र.)। इन दिनों क्षैत्र में पाला यानि ठंड पड़ने से फसलो के नुकसान से प्रभावित किसानों को चैक के माध्यम से मुआवजे की राशि के चैकों का ग्राम-ग्राम में वितरण हो रहा है । बड़े खाते वालो को अधिक और छोटे खाते वालो को कम राशि के मुआवजे बने है ।
कई ऐसे खाते भी है जिसमें अभी हिस्से नही हुए संयुक्त खाते होने के कारण ऐसे किसानों को संयुक्त नामों के चैक मिले है । जब इन पीड़ित किसानों को चैक मिले तो खुश हुए कि चलो सरकार ने फूल नही तो पखड़ी तो दी किसानों ने खुशी खुशी चैक लिये उसके बाद प्राप्त चैक की राशि लेने जब वो बैंक पहुचा तो अब उसके लिए वो ही चैक जो मिलने पर खुशी का कारण था अब वो चैक परेशानी के कारण बने है क्योंकि बैंक उन्हें भुगतान इसलिए नही कर रही है क्योंकि जो चैक मिले है वो अकाउन्ट पे है इसलिए बैंक उन किसानों से नियमानुसार खाते खोलने का कह रही है आज बैंक में खाता खोलना भी आसान नही है । पहचान और कई दस्तावेज लगाने पड़ते है । एक निश्चित राशि जमा करना पड़ती है । जब खाता खुलता है । सबसे अधिक परेशान ऐसे किसान है जिन्हें 500,700 या एक हजार से 5 हजार तक की राशि के चैक मिले है उनसे भी खाता खोलने को कहा जा रहा है । जिसको 500 का या 700 का चैक मिला है उसे 500 रुपये से तो खाता ही खुलवाना पड़ रहा है तो क्या मिलेगा उसे । दो दिन पूर्व तहसीलदार ने फुरसत को बताया था कि उन्होंने बैंको को निर्देश दिए है कि किसानों के खाते जीरो बेलेन्स पर खोले जाये ताकि वे परेशान ना हो लेकिन किसानों की परेशानी देखने के बाद लगा कि तहसीलदार बिहारी सिंह का दावा बैंको ने थोथा साबित कर दिया है । परेशान किसान जो बैंक आने के बाद नाराज होकर ग्राम लौट गये है ऐसे किसानों की मांग है कि उत्पन्न विकट परेशानी दूर की जाये । कलेक्टर सीहोर एवं एस.डी.एम. आष्टा को पीड़ित किसानों की इस प्रमुख परेशानी का कोई हल निकलना चाहिये नही तो मुआवजा मिलने से खुश किसानों की नाराजी परेशानी का कारण नही बन जाये।

महिने भर पहले गुमी मोटर साईकिल पुलिस ने ढूंढ ली

सीहोर 12 मई (नि.सं.)। सवा महिने पूर्व प्रसिध्द नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डॉ नामदेव के पुत्र गौरव नामदेव की एक डिस्कवर बजाज मोटर साईकिल घर के अंदर गेरेज में रखी थी जिसे अज्ञात चोर विगत 2 अप्रैल को दोपहर में उठा ले गये थे। इसी दिन जब तलाशी की गई तो मोटर साईकिल कहीं नहीं मिली।
डॉक्टर नामदेव ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। मामले की जानकारी मध्य प्रदेश शासन के मंत्री वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत कोठारी को लगी तो उन्होने भी अपने सतर पर तत्काल पुलिस को फोन पर निर्देश दिये कि गंभीरता से छानबीन की जाये। इधर माननीय मुख्यमंत्री जी के भाई नरेन्द्र सिंह चौहान ने भी पुलिस को छानबीन के लिये निर्देश दिये। पुलिस ने छानबीन तेज कर दी। तब पता चला कि पीपरिया थाना में गत 23 अप्रैल को एक मोटर साईकिल चोर गिरोह पकड़ाया जिसके पास से उक्त सीहोर में चोरी गई मोटर साईकिल बरामद हो गई। खासी छानबीन व पूछताछ के बाद गिरोह ने उक्त वारदात कबूली। सीहोर पुलिस उक्त मोटर साईकिल को कोतवाली में ले आई है। वरिष्ठ चिकित्सक श्री नामदेव ने मंत्री श्री हिम्मत कोठारी, नरेन्द्र सिंह चौहान व पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया है।

मारूति ने मारी बैलगाड़ी को टक्कर, बैलगाड़ी दौड़ रही है मारुती खड़ी हो गई.....

आष्टा 12 मई (नि.प्र.)। इन्दौर-भोपाल रोड पर बैलगाडी को एक मारूति चालक ने टक्कर मार दी जिसमें बैलगाड़ी टूट गई एवं बैल को भी गंभीर चोट आई । देवन खेड़ी निवासी गजराजसिंह अपनी बैलगाड़ी से आ रहे थे मार्डन डेरी के पास मारूति क्रमांक एमपी-09-सीबी-7821 के चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए टक्कर मार दी आष्टा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मारूति को जप्त कर ली है ।

सड़क हादसे में चार घायल

सीहोर 12 मई (नि.सं.)। जिले में हुये अलग-अलग सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गये । पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है ।
जानकारी के अनुसार ग्राम सांकला निवासी आविद खां गत रविवार की शाम अपनी मां कुवरा बी को बाइक क्र मांक एमपी-37-बीसी-3854 पर बैठा कर ग्राम खेर खेड़ी कुरावर के पास शादी में जा रहा था कि तभी नौनी जोड़ के समीप नरसिंहगढ़ तरफ से आ रहे टाटा सूमो क्रमांक एमपी-38-बीए-0149 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर आविद की बाइक में सामने से टक्कर मार दी । परिणाम स्वरूप आविद एवं उसकी मां को गिरने से चौटे आई ।
उधर आष्टा थाना क्षैत्र में रविवार को दोपहर कन्नौद रोड आष्टा के समीप हरिप्रसाद का 04 वर्षीय पुत्र राजेश रोड क्रास कर रहा था तभी खाचरोंद तरफ से आ रहे जीप क्रमांक एमपी-05टी-0235 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर राजेश को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसी प्रकार आज पुराना बस स्टेण्डढ के समीप टांडा निवासी चैनसिंह गेहलोत को आटो चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर एम-82 में टक्कर मार कर घायल कर दिया ।

डामर की सड़क पर कन्नौद मिर्जी के बुजुर्गो का चलने का सपना होगा पूरा

आष्टा 10 मई (नि.प्र.)। आष्टा विधान सभा क्षैत्र के ग्राम कन्नौद मिर्जी, डाबरी, मुन्दीखेडी, रूपेरा, कचनारिया सहित अनेको को ग्रामों के ग्रामीणों का केन्द्र की अटलजी के नेतृत्व वाली सरकार के समय जब प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना शुरू की थी तभी से आष्टा क्षैत्र के सैकड़ो ग्रामों के ग्रामीणों की उम्मीदे जागी थी कि अब हमारा ग्राम भी सड़क जिसे जुड़ेगा ओर हम भी डामर की सड़क पर चलेंगे ।
कु छ वर्षो पूर्व क्षैत्र की सांसद उमा श्री भारती जब अपने प्रिय ग्राम कन्नौद मिर्जी पहुंची थी तब एक कार्यक्रम में वहां के बुजुर्गो ने उमाजी से कहा था कि बहन जी हम इस दुनिया से कुच करने के पहले एक बार डामर की सड़क पर चलना चाहते है । आप हमारे ग्राम को डामर की सड़क बनवा दे ताकि हमारा सपना पुरा हो सके । और वर्षो बाद कन्नौद मिर्जी सहित अनेको ग्रामो के ग्रामीणों के लिए अब वो खुश खबरी आ गई है क्योंकि केन्द्रीय पंचायत एंव ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना वर्ष 2008-009 के अन्तर्गत सीहोर जिले में 29 ग्राम सड़कों के लिए 39 करोड़ 28 लाख 15 रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस राशि से जिले में 131.15 कि.मी. सड़कों का जाल ग्रामों में बिछेगा ।
ग्रामों को मुख्य मार्गो से जोड़ने तथा ग्रामीणों की परेशानियों को दूर करने के लिए जिले के लोकप्रिय प्रभारी मंत्री रूस्तमसिंह के निर्देशन में तथा जिले के सभी विधायकों के विशेष प्रयासों से आष्टा, सीहोर, इछावर, के 29 ग्रामों का इन सड़कों के लिए चयन किया गया है । सरकार की मंशा है कि जूर माह तक इन सड़कों के टेण्डर हो जाये और कार्य शुरू हो जाये । उक्त सड़कों की स्वीकृति के बाद कन्नौदमिर्जी, डाबरी, बगेर, भबरा, गवाखेड़ा, ग्वाली, रूपेटा, भीलखेड़ी, कचनारिया, निपानिया, लसुडिया, चिलौटा, काजीखेड़ी, मुन्दीखेड़ी, सहित सैकड़ो ग्रामों के ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है ।
आष्टा विधान सभा क्षैत्र में स्वीकृत सडक़ों का विवरण इस प्रकार है। बागेर से भंबरा की लम्बाई 5.10किमी. राशि 192 लाख, एन.एच.86 से गवाखेड़ा लम्बाई 9.50 किमी. राशि 3.02 लाख, जावर जोड़ से ग्वाली लम्बाई 2.70 किमी. राशि 74 लाख 10 हजार, एन.एच. 86 से रूपेरा लम्बाई 3.50 किमी. राशी 127 लाख 31 हजार, एन.एच.86 से भीलखेड़ी लम्बाई 2.00 किर्मी.48 लाख 45 हजार, एन.एच.86 से कचनारिया लम्बाई 4.50 किमी. राशि 111 लाख 76 हजार, एन.एच.86 से डाबरी लम्बाई 2.10 किमी. राशि 77 लाख 61 हजार, एन.एच.86 से निपानिया लम्बाई 10.30 किमी. राशि 270 लाख 92 हजार, एन.एच.86 से लसुडिया लम्बाई 1.20 किमी. राशि 37 लाख 47 हजार, एन.एच.86 से चिन्नौटा लम्बाई 1.60 किमी.राशि 45 लाख 04 हजार, एन.एच.86 से काजीखेड़ी लम्बाई 0.80 किमी. राशि 23 लाख 80 हजार, आष्टा-शुजालपुर रोड से कुन्दी खेड़ी लम्बाई 1.60 किमी. राशि 42 लाख 94 हजार, आष्टा कन्नौद रोड से कन्नौद मिर्जी लम्बाई 4.20 किमी. राशि 148 लाख 45 हजार इसी प्रकार कुल लम्बाई 49.10 किमी. कुलराशि 1453.08 स्वीकृति कि गई है ।