Friday, April 11, 2008

इंटरनेट पर फुरसत के चिट्ठे को देखकर पाठक वर्ग खुश, निरन्तर बधाईयों का तांता

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। फुरसत के अंतरताना संस्करण (कम्प्यूटर संस्करण) के इंटरनेट पर चिट्ठे (बेवसाईट) का लोकार्पण होने के बाद से ही लगातार फुरसत परिवार को इसके लिये बधाईयाँ प्राप्त हो रही है। बड़ी संख्या में पाठक वर्ग सीहोर की खबरें इंटरनेट की दुनिया में शामिल हो जाने को लेकर उत्साहित है । अनेक लोगों ने दूरभाष करके फुरसत को इसके लिये बधाई दी है।
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ललित जी नागौरी ने एक पत्र के माध्यम से कहा है कि फुरसत परिवार को नववर्ष की शुभकामनाएं। भारतीय नववर्ष के शुभ अवसर पर सीहोर जिले की शान एवं जिले मे पत्रकारिता को शिखर पर स्थापित करने वाले लोकप्रिय दैनिक समाचार-पत्र फुरसत अब इंटरनेट बेवसाईट पर आ रहा है। मैं आपको बधाई देता हूँ कि अब जिले के इस लोकप्रिय समाचार पत्र की खबरें पूरे देश में ही नहीं बल्कि विश्व में भी पढ़ी जा सकेंगी। नववर्ष के अवसर पर यह कामना करता हूँ कि जिले के गौरव के रुप में स्थापित हो चुके समाचार पत्र जन-जन की आवाज बने एवं उन्नति के पथ पर ऊँचाईयों को छुए।
इसके अलावा कांग्रेस के सितारे व नेता अक्षत कासट ने दिल्ली से सीधे फुरसत कार्यालय में बात करते हुए कहा कि सबसे यादा यदि कोई लाभान्वित इससे हुआ है तो वह मैं स्वयं को मानता हूँ। श्री कासट ने कहा कि मैं यहाँ दिल्ली में हूँ जहाँ मुझे मेरे मित्रों ने जब बताया कि फुरसत अब इंटरनेट पर भी आ गया है और उसमें ताजा खबरें प्रतिदिन अपडेट हो रही हैं तो मैने अपने लेपटाप पर इसे देखा आज की ताजा खबर मैने यहाँ दिल्ली में पढ़ी है और इस प्रकार में सीधे सीहोर से जुड़ गया हूँ। श्री कासट ने फुरसत परिवार को ढेर सारी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निश्चित ही यह पहल सीहोर से जुड़े उन तमाम लोगों के लिये वरदान साबित होगी जो बाहर रहकर सीहोर से दूर हो जाते हैं, अब वह फुरसत के बेवसाईट से सीहोर के ताजा घटनाक्रम पढ़ सकेंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार ने फुरसत परिवार को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए फुरसत के अंतरताना संस्करण बेवसाईट के लिये बधाई दी। श्री परमार ने कहा कि नववर्ष पर फुरसत ने अपने पाठकों और पूरे सीहोर के नागरिकों व सीहोर जिले से जुड़े हुए उन तमाम लोगों को जो पूरे देश में फैले हुए हैं एक बहुत बेशकीमति सौगात दी है। फुरसत का यह प्रयास सराहनीय है। निश्चित रुप से फुरसत की बेवसाईट हो जाने से अब दूरस्थ क्षेत्रों में बल्कि विदेशों तक में जो लोग रहते हैं वह भी इंटरनेट के माध्यम से सीहोर के ताजा घटनाक्रम से जुड़े रह सकेंगे। उन्होने फुरसत के उत्तरोत्तर विकास के लिये ईश्वर से प्रार्थना भी की।
फुरसत के अनेक पाठकों ने फुरसत की बेवसाईट शुरु हो जाने को लेकर बधाई दी है और इसके लाभ भी गिनाये हैं। उल्लेखनीय है कि फुरसत के चिट्टे का पता www.efursat.blogspot.com है। जहाँ प्रतिदिन फुरसत में प्रकाशित होने वाले समाचार दिखाई देते हैं। इंटरनेट पर यह समाचार उपलब्ध हो जाने से सीहोर से जुड़े बड़ी संख्या में लोगों को लाभ भी पहुँच रहा है। कल सिमी की खबरें जब फुरसत के चिट्ठे पर प्रकाशित हुई तो उसे देशभर के 45 लोगों ने दिनभर में देखा। इस प्रकार अनेक लोगों ने सीहोर में घटी घटना की तथ्यात्मक जानकारी ली। अनेक लोग अपने पहचान वालों को जो सीहोर के समाचारों में रुचि रखते हैं अथवा सीहोर के ही हैं लेकिन बाहर रहने लगे हैं उन्हे फुरसत की बेवसाईट का पता भी पहुँचा चुके हैं ऐसी खबरें भी फुरसत के पास आई हैं।

पति को आग लगाने वाली पत्नि को आजीवन कारावास

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। सत्र न्यायाधीश श्री एम.ए. सिध्दिकी ने सत्र प्रकरण क्र मांक 1952007 में आरोपी मानकुंवर बाई पत्नि मेहरबान सिंह सेंधो निवासी ग्राम नयापुरा थाना इछावर को अपने पति की हत्या के आरोप का दोषी पाकर आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
लोक अभियोजक श्री ओ.पी.मिश्रा के अनुसार घटना दिनांक 3 सितम्बर 07 को मृतक मेहरबान सिंह अपनी ससुराल ग्राम नयापुरा आया था तथा जन्माष्टमी का दिन होने से रात 12 बजे भोजन कर सो गया था तब उसकी पत्नि आरोपी मानकुंवर बाई ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी जिससे मेहरबान सिंह अत्याधिक जल गया था, पड़ोसी ग्रामवासियों ने नयापुरा में रहने वाले उसके बहनोई दशरथ सिंह को सूचना दी तब अत्याधिक जली हुई अवस्था में मेहरबान सिंह को कमरे से बाहर लाया गया और जीप से उसे उपचार हेतु तुरंत हमीदिया चिकित्सालय भोपाल ले गये जहाँ उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। हमीदिया चिकित्सालय के सी.एम.ओ. की सूचना पर थाना कोहेफिजा में मर्ग कायम कर इछावर भेजा गया।
इछावर थाने में मर्ग जांच पर से आरोपी के विरुध्द अपराध क्रं. 20307 अन्तर्गत धारा 302 भादवि का अपराध पंजीबध्द हुआ तथा विवेचना के पश्चात अभियोग पत्र अधिनस्थ न्यायालय में पेश किया गया जो उपार्पित होकर सत्र न्यायालय को प्राप्त हुआ। अभियोजन की और से 19 साक्षीगण के तथा बचाव पक्ष की और से 2 साक्षीगण के कथन करवाये गये विद्वान न्यायाधीश ने प्रकरण में आई साक्ष्य की सूक्ष्म विवेचना करते हुए अभियुक्ता को अपने पति की हत्या का दोषी पाकर आजीवन कारावास का दंडादेश पारित किया है आरोपी को सजा वारंट बनाकर जेल भेजा गया। आरक्षक संतोष सेंगर ने अभियोजन का विशेष सहयोग दिया।

राष्ट्रीय कवियित्री अर्चना अंजुम को मातृ शोक

सीहोर 11 अप्रैल । देश की सुप्रसिध्द कवियित्री एवं शायरा एवं सीहोर की बेटी श्रीमति अर्चना अंजुम की माताजी एवं श्री विश्वकांत जी व्यास की धर्मपत्नि श्रीमति हेमलता व्यास का रविवार को हृदयाघात से स्वलोक गमन हो गया है। वे 52 वर्ष की आयु में स्वर्गगत हुईं। वे गृहिणी के साथ शिक्षिक भी थीं तथा वर्तमान में सेवारत थीं। स्वजाति गणों तथा नगर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हे अश्रुपूरित श्रध्दांजली दी।

साम्प्रदायिक सौहार्द्र का उपजा अद्भुत नजारा नलकूप खनन में सभी की दुआएं काम आई

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। नपाध्यक्ष राकेश राय के प्रयासों से लेबर कालोनी मैदान में हाइड्रोलिक बोर सफलतापूर्वक उत्खनित हुआ। इस मौके पर स्वयं नपाध्यक्ष श्री राय ने विधि विधान से पूजन अर्चन किया तत्पश्चात बोर का उत्खनन कार्य शुरु हुआ।
नगर के मध्यो मध्य स्थित लेबर कालोनी मैदान में जल विशेषज्ञ श्री नागर ने स्थान का चयन किया। हाइड्रोलिक मशीन से 8 इंच के बोर में उत्खनन के पश्चात संतोषजनक जल स्त्रोत धारा मौजूद है। अब इस क्षेत्र में पानी की कमी काफी हद तक नियंत्रण में आ जायेगी। इधर नपाध्यक्ष श्री राय ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सबमर्सिबल पम्प डालकर यदि पानी का जलस्तर पर्याप्त मात्रा में मिला तब स्थायी कनेक्शन की दिशा में नपा ठोस प्रयास करेगी। जरुरत पड़ने पर अतिरिक्त पाईप लाईन डालकर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारु रुप से की जायेगी।
बोर उत्खनन के भूमिपूजन के दौरान कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र यादव, पत्रकार महेन्द्र सिंह ठाकुर, आर.आर.यादव, प्रमोद कुमार, सोनू पाठक, अशोक बैरागी, रमो हसनानी, ए.आर.शेख मुंशी, कुतुबुद्दीन शेख, सईदुल सलाम, पंकज बोधानी, प्रेमचंद, लाड़ले मियां जाफरी समेत स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। पानी निकलने पर पत्रकार प्रदीप चौहान, धर्मेन्द्र यादव, पार्षद प्रदीप गौतम, पत्रकार महेन्द्र सिंह ठाकुर मनकी ने लोगों को बधाई दी।
सौहार्द्र का नजारा बना नजीर जलविशेषज्ञों की जांच के बाद उत्खनित बोर में जब 200 फिर पर पानी के स्त्रोत नहीं फटे तो स्थानीय नागरिकों ने अपने-अपने स्तरों पर प्रयास शुरु किये। मुस्लिम बंधुओं ने हज से आये आबेजमजय बोर में डाला तो हिन्दुओं ने मनकामेश्वर मंदिर से लाकर चरणामृत डाला। लोगों ने एक टांग पर खड़े रहकर प्रार्थना की तभी 234 फिट पर जल स्त्रोत फूट पड़े तो लोगों ने आपस में गले मिलकर बधाई दी और ईश्वर को धन्यवाद दिया। बोर उत्खनन पश्चात मनकामेश्वर मंदिर में भगवान भोले का जलाभिषेक शास्त्री पं. रामचन्द्र शुक्ला ने किया।

वो अपने घर पर पानी भर रहा था और एकदम भागा

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। पानी की चल रही मारामारी में ही कल एक नगर पालिका की फायर ब्रिगेड का चालक अपने मोहल्ले में वाहन ले गया। वहाँ मोहल्ले वाले समझे कि भैया आज मोहल्ले को निहाल करने आये हैं इसलिये सारे तैयारी करके खड़े हो गये और पानी मांगने लगे। लेकिन यह क्या....चालक ने कहा कि भैया मैं अपने घर के लिये लाया हूँ, तुम्हारे लिये बाद में आये टैंकर।
उसका इतना कहना था कि यहाँ सारे लोग तरह-तरह का मुँह बनाकर उसे देखने और घूरने लगे जबकि वह मजे से अपने घर के सामने वाहन ले गया और घर में ढेर सारा पानी मजे से भरने की तैयारी करने लगा। अब इसके घर बड़े बर्तन तो थे नहीं इसलिये छोटे-छोटे सारे तरह-तरह के बर्तन घर के बाहर जमा लिये और इसके बाद पानी भरने के लिये वाहन में बैठा। लेकिन इसी समय अचानक इसका मोबाइल बज उठा। कहीं आग लग गई थी और इसे तत्काल बुलाया था, खबर सुनते ही महत्वपूर्ण घटना को इसने भी पूरी गंभीरता से लिया और तत्काल बिना रोके वाहन लेकर चलता बना। यह घटना देखकर पूरे मोहल्ले कहते रहे देखा हमे पानी नहीं दे रहा था तो खुद भी नहीं भर सका।

मंहगाई विरोधी बोर्ड आकर्षण का केन्द्र बना

सीहोर। यह मंहगाई विरोधी विशाल बोर्ड कोलीपुरा चौराहे पर लगा हुआ है, जिस पर कांग्रेस सरकार में आसमान छूते भाव को लेकर एक चित्र भी छपा है, जिसमें एक महिला बीन बजा रहे है और एक नीले रंग का साफा बांध नाग रुपी व्यक्ति आम व्यक्ति को डंसने का प्रयास कर रहा है। महंगाई विरोधी यह विशाल बोर्ड जनचर्चा का विषय बन गया है।

ट्रक की टक्कर से इंडिका चालक घायल

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर आज सुबह अमलाहा के समीप ट्रक की टक्कर से एक इंडिका चालक घायल हो गया जिसे उपचार हेतू भोपाल अस्प. में दाखिल कराया गया है । प्राप्त जानकारी के अनुसार इंडिका एमपी-04टी-7736 को लेकर चालक कमलेश आ. केरोड़ीमल निवासी अयोध्या नगर वायपास रोड भोपाल, भोपाल तरफ से आ रहा था तभी इंदौर तरफ से आ रहे ट्रक क्रं. एमपी-09-एचएफ-6034 के चालक ने तेजगति व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर इंडिका में टक्कर मार दी । परिणामस्वरूप चालक कमलेश इंडिका में फंस गया जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया व उपचार हेतू भोपाल भिजवाया गया । आष्टा पुलिस ने ट्रक चालक के विरूद्व प्रकरण दर्ज कर लिया है।

ट्रक की टक्कर से पाँच की मौत, अन्य दुर्घटना में 6 घायल

सीहोर 10 अप्रैल (नि.सं.)। जिले के बुदनी थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक साईकिल सवार युवक तथा दोराहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार पति-पत्नि सहित दो बच्चों की मौत हो गई वहीं अन्य दुर्घटना में 6 लोग घायल हो गये। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वाल टोली होशंगाबाद निवासी 21 वर्षीय संग्राम सिंह पुत्र मंगल सिंह बुधवार की सुबह वर्धमान फेक्ट्री से साईकिल से अपने घर जा रहा था तभी सवा नौ बजे के लगभग बुदनी स्थित छ:घरा के समीप अज्ञात ट्रक चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर संग्राम सिंह की साईकिल में पीछे से टक्कर मार दी जिसे गंभीर चोंट आने के कारण उपचार हेतु होशंगाबाद अस्पताल ले जाया गया जहाँ पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर दोराहा थाना क्षेत्र में आज शाम झरखेड़ा के समीप एक ट्रक की टक्कर से बाईक सवार पति-पत्नि सहित दो बच्चों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक आर.जे.11 जीए 2524 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर झरखेड़ा के समीप साढ़े 4 बजे के लगभग बाइक क्रं. एम.पी.37 बी 6101 में जोरदार टक्कर मार दी परिणाम स्वरुप बाइक सवार 28 वर्षीय युवक एवं उसकी 25 वर्षीय पत्नि तथा 7 वर्षीय पुत्री व 5 वर्षीय पुत्र की दुर्घटना स्थल पर दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता है कि मृतक पति-पत्नि का चेहरा पहचानने योग्य नहीं है मृतक युवक काली जिसं पेंट व लाल शर्ट पहने है जिसे सीधे हाथ पर राजकुमार नाम गुदा हुआ है तथा उसकी पत्नि को सीधे हाथ पर ओम सीमा नाम गुदा हुआ है। मृतक का पुत्र चौकड़ीदार शर्ट व जिंस पेंट पहने हुए है। पुलिस ने ट्रक को जप्त कर लिया है। चालक घटना के बाद फरार बताया जाता है।
अन्य दुर्घटना में आष्टा थाना क्षेत्र में शुजालपुर मार्ग पर बुधवार की शाम एम-80 से जा रहे हेमराज, गुड्डू सिंह, रामचरण की बाइक में मोटर साईकिल क्रं. एम.पी.37 बी 7510 के चालक ने लापरवाही वाहन चलाकर टक्कर मार दी परिणाम स्वरुप गिरने से तीनों घायल हो गये जिन्हे प्राथमिक उपचार हेतु आष्टा अस्पताल दाखिल कराया गया।
इसी प्रकार डोडी निवासी शाह मोहम्मद बीते माह बाइक क्रं.एम.पी.-37 एमबी 1804 पर रामेश्वर मालवीय के साथ आष्टा तरफ आ रहे थे तभी आष्टा तरफ से जा रहे ट्रेक्टर क्रं.एमके यू 968 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर अलीपुर के समीप टक्कर मार दी जिससे शाह मोहम्मद घायल हो गया। आष्टा थाना क्षेत्र में राजमार्ग स्थित निपानिया कोठरी के मध्य गत दिनो मार्ग पर रोलर सुधर रहे भोपाल निवासी अबरार पुत्र हसन अली को बस क्रं . एम.पी.04 के 1872 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारकर घायल कर दिया। उधर नस.गंज क्षेत्र में भाईलाल कालोनी नस.गंज निवासी 18 वर्षीय कुमारी योति की साईकिल में ट्रेक्टर एम.पी.37 ए 1810 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मार दी परिणाम स्वरुप योति घायल हो गई।

भाव सुना तो मीठे अंगूर खट्ठे लगने लगे

आष्टा 10 अप्रैल (नि.सं.)। एक सप्ताह पूर्व आष्टा नगर में फल फू्रट बेचने वाले आवाज लगा लगाकर अंगूर 25 से 30 रुपये किलो बेच रहे थे लेकिन अब मंहगाई की मार से अंगूर भी नहीं बच पाया है जो अंगूर अभी तक 25 से 30 रुपये किलो बिक रहा था उसके भाव एक सप्ताह में 10 से 15 रुपये प्रति किलो बढ़ गये और आज आष्टा में अंगूर के भाव 35 से 40 रुपये किलो हो गये। इन दिनो क्षेत्र में पढ़ रही भीषण गर्मी के कारण अंगूर का उठाव बढ़ गया है लेकिन अब खरीददार अंगूर के भाव सुनकर ही कहने लगा है। अंगूर तो मीठे है लेकिन भाव सुनकर खट्टे लगने लगे हैं। अंगूर के साथ-साथ मौसम का एक और फल तरबूज धारीवाला भी अच्छी मात्रा में आया हुआ है। नगर में तरबूज 5 से 6 रुपये किलो बिक रहा है। धारीवाला तरबूज इस बार छोटा और अच्छा आया है तथा अंदर से लाभ भी निकल रहा है। खाने में मीठा भी है।

नपा ने 15 लाख वृद्धजन एवं विकलांगों के लिए जमा किये

आष्टा 10 अप्रैल (नि.प्र.)। नगर पालिका परिषद आष्टा नागरिकों को मूलभूत सुविधाऐं प्रदत्त करने में हमेशा सक्रिय रहती हे । नागरिकों को पेयजल, प्रकाश तथा परिवहन की यौग्य व उचित व्यवस्था हो, साथ ही नागरिकों को शासकीय स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ भी शीध्र मिले इस बावत् भी नगरपालिका परिषद आष्टा के सभी जनप्रतिनिधि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षद गण, एल्डरमेनगण, प्रतिनिधीगण, अधिकारीगण, कर्मचारी गण, समन्वय से कार्य कर नागरिकों की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करते है ।
इसी श्रृंखला में सार्वजनिक सुरक्षा पैंशन प्राप्त करने वाले 971 हितग्राहियों की जनवरी फरवरी की राशि 291300 रुपये तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के 2302 हितग्राहियों की पेंशन राशि माह जनवरी फरवरी की 1266100 रुपये कुल 1557400 रुपये की धनराशि चैक के माध्यम से सभी हितग्राहियों के बैंक खाते में न.पा. परिषद द्वारा भेजी गई है । न.पा. परिषद आष्टा के अध्यक्ष कैलाश परमार, उपाध्यक्ष सुश्री सिस्टर मेहमूदा बेगम कुरैशी तथा पार्षदगण ने कहा कि सभी हितग्राही अपने बैंक खातों से राशि सुविधा अनुसार आहरित कर सक ते है ।

Thursday, April 10, 2008

रामपुरा डेम से सीहोर के लिए जा रहा है 20 लाख घनमीटर पानी

आष्टा 9 अप्रैल (नि.प्र.)। जब भी आष्टा नगर की जीवन दायनी पार्वती नदी को लबालब भरा देखते है तो आष्टा का ही नही पूरे क्षैत्र का नागरिक लबालब भरी पार्वती को देखकर उपने पूर्व लोकप्रिय सांसद सुशील चंद्र वर्मा एवं तात्कालिक आष्टा विधानसभा क्षैत्र के विधायक स्वर्गीय श्रीनन्द किशोर खत्री को याद किये बिना नही रहते है । आष्टा का अगर किसी ने स्थाई जल संकट को हल किया है तो उसका नाम है सांसद सुशील चंद्र वर्मा अपने लम्ब संसदीय कार्यकाल में श्रीवर्मा ने पूरे लोकसभा क्षैत्र के प्रत्येक ग्राम में अगर किसी बात पर उस वक्त जोर दिया तो वो था बहते पानी को रोकने की बात पर आष्टा से 35 कि.मी.दूर सिद्दीकगंज क्षैत्र में रामपुरा डेम का वर्षो से रूका कार्य का दिल्ली के दरबार से लालबस्तों से निकालकर सभी बाधाओं को दूर करवा कर उसके निर्माण कार्य को शुरू कराने और फिर जब तक उक्त कार्य पूरा नही हुआ तब तक लगे रहने का श्रेय सांसद सुशील चन्द्रवर्मा को जाता है । इस कार्य में थोड़ा श्रेय उस वक्त के विधायक श्री खत्री और म.प्र. की पटवा सरकार को भी जाता है। आज उक्त डेम जो की बरसात में भरा जाता है । और उसके बाद गर्मी के सीजन में पूरे क्षैत्र की खासकर आष्टा की प्यास बुझाने में महत्वपूर्ण रहता है वही इस डेम से सिंचाई के लिए जहां-जहां तक नहर पहुंची है उस ग्राम की सैकड़ो एकड़ जमीन को भी भरपूर पानी प्राप्त होता है । डेम के बनने से सिद्दीकगंज आस-पास का क्षैत्र सोना उगलने गला है । किसान सम्पन्न हुए है पानी के कारण इस क्षैत्र में भरपूर गेंहू-चना गन्ना पैदा होता है। इस क्षैत्र मे गुण भी सबसे अधिक बनया जाता है । इस वर्ष सीहोर गंभीर जल संकट के दौर से गुजर रह है । जल उपयोगिता समिति की बैठक में उठी मांग पर अब रामपुरा डेम से सीहोर के लिए पानी छोड़ा गया है जो बोरखेड़ा से भी आगे निकल चुका है लेकिन पूरी नदी सुखी होने के कारण उक्त पानी सीहोर कब पहुंचेगा कहना मुश्किल है । सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रामपूरा डेम से सीहोर के लिए लगभग 20 लाख घन मीटर पानी छोड़ा जा रहा है । इससे ज्यादा पानी डेम में नही है। क्‍योंकि एक निश्चित माप तक पानी डेम में सुरक्षित रखा जाता है। उक्त पानी छोडने के बाद डेम में केवल 18 से 119 लाख घनमीटर पानी ही बचने की सम्भावना है ।
एक लाख ही दिया :- प्राप्त जानकारी के अनुसार जल उपयोगिता समिति की बैठक के अनुसार रामपुरा डेम से पानी छोड़ने की बात उठी थी तब कहा गया था कि सीहोर न.पा. इसके बदले सिंचाई विभाग को 5 लाख रुपये जमा करायेगा । लेकिन खबर है कि सीहोर न.पा. ने मात्र एक लाख रुपया ही जमा किया है ।
अच्छे के साथ गन्दा भी :- रामपुरा डेम सीहोर के लिए जो पानी छोड़ा गया वो आष्टा से पार्वती पर बने बंधान के ऊपर से बहकर जा रहा है । साथ ही इस पानी के साथ आष्टा नगर का गन्दे नाले का पानी भी उस अच्दे पानी में मिलकर साथ-साथ जा रहा है अगर सीहोर पहुंचने पर उक्त पहुंचे पानी को प्रर्याप्त शुद्ध फिल्टर नही किया गया तो पहुंचे पानी से बिमारी फैलने का भी अंदेशा है । सीहोर न.पा. को एंव सीहोर प्रशासन को इस मुद्दे पर जागरूकता का परिचय देना होगा ।
क्या उक्त पानी सीहोर पहुंचेगा:- आष्टा से सीहोर तक का जो नदी मार्ग है वो लम्बे समय से नदी में पानी नही होने से खाली सुखा पड़ा है अब जो पानी सीहोर जा रहा है। उसकी गति काफी धीमी है क्योंकि पुरा खाली मार्ग अत्याधिक पानी को आगे बढ़ने से रोक रहा है । कईयों के मन में अभी से यह शंका पैदा हो गई है कि क्या यह जा रहा पानी समय पर सीहोर तक पहुंच पायेगा ।
सीहोर भी निगाह लगाये रखा है:- आष्टा से वह कर पार्वदी नदी के माध्यम से रामपुरा डेम का जो छोड़ा गया पानी सीहोर जा रहा है चिन्तित सीहोर नगरपालिका पुरी निगाह लगाये हुए है। खबर है कि रोजाना इसकी रिपोर्ट ली जा रही है । कि आज उक्त पानी कहां तक पहुंच गया और सीहोर आने में कितना समय लगेगा ।
रास्ते में खेचा जा रहा है पानी:- एक तो खाली पड़ी नदी के कारण पानी देरी से आगे बढ़ रहा है वही जहां तक पानी पहुंच गया है । खबर है कि उन रास्तों में पड़ने वाले ग्राम व खेतों के कृषक जा रहे पानी को मोटरे लगाकर खेचने में भी लग गये है । नदी से उक्त पानी को खेचने पर कड़ी निगाह रखे जाने की भी आवश्कता है नही तो सीहोर के लिए उक्त पानी माथे का नाम कपाल वाली कहावत को चरितार्थ करेगा ।
आष्टा के मजे हो गये :- डेम से सीहोर के लिए पानी छोड़ा गया है लेकिन मजे में आष्टा वाले है और न.पा. का तो बहुत बड़ा फायदा हुआ है । क्योंकि सीहोर के कारण जब तक डेम से पानी चलेगा आष्टा की पार्वती तो लबालब भरी रहेगी इसलिए आष्टा को जो जल संकट का थोड़ा बहुत सामना मई-जून में करना पडता शायद वो इस कारण से नही करना पड़ेगा । वही रामपुरा डेम से आष्टा तक नदी मार्ग पर स्थित खेतों के किसानों के भी मजे हो गये है। वो बिन मौसम खेती कर रहे है । खासकर सब्जियां अच्छी मात्रा में पैदा करने में जुटे है।
विरोध के स्वर भी उठ थे :- जल उपयोगिता समिति की बैठक में निर्णय के बाद जब रामपुरा डेम से सीहोर के लिए पानी छोड़ा गया तब कई ग्रामों के किसानों ने इस निर्णय का विरोध करते हुए आष्टा एसडीएम को शिकायत तक कर दी थी उनकाा कहना था कि रामपुरा डेम का पानी किसानों के लिए है तथा जरूरत पड़ने पर आष्टा को दिया जाये सीहोर इसके कमान्ड क्षैत्र मेें आता ही नही है तो वहां पानी क्यों भेजा जा रहा है ।
रामपूरा डेम जैसी योजना सीहोर के लिए भी बनना चाहिये
आष्टा 9 अप्रैल (नि।प्र।)। जिस प्रकार आज सीहोर गंभीर जल संकट से हरवर्ष गर्मी में जुझता है । वर्षो पहले इसी तरह आष्टा भी जुझा करता था लेकिन तात्कालिक आष्टा सांसद सुशील चन्द्र वर्मा के प्रयास से आष्टा क्षैत्र को रामपुरा डेम की ऐसी सौगात मिली की आष्टा का व आस-पास के क्षैत्र को जलसंकट से स्थाई हल मिल गया । जिस प्रकार आष्टा के स्थाई जल संकट के लिए उक्त योजना बनाकर उसे पुरी की गई और एक विकट समस्या का स्थाई हल हुआ ठीक इसीप्रकार आज सीहोर की भी ऐसी किसी बड़ी महत्वपूर्ण योजना को बनाकर सीहोर को स्थाई जल संकट हल हो के लिए योजना बनना चाहिये और प्रयास ऐसे किये जाना चाहिये कि वो शीध्र चालू हो कर पूर्ण हो ताकि आष्टा की तरह सीहोर को भी स्थाई जल संकट से मुक्ति मिल सके इसके लिए सीहोर की जनता को पार्वती योजना के दूसरे चरण को लेकर विचार विमर्श करना चाहिये।
सिमी संगठन की सीहोर में गतिविधि पर नजर डालें यहां चटकाएं (क्लिक करें)

भक्तों के लिए भक्ति हुई मंहगी

आष्टा 9 अप्रैल (नि.प्र.)। बढ़ती मंहगाई से केन्द्र की सरकार को चिंताओं के घेरे रखा है क्योकि जिस प्रकार मंहगाई का ग्राफ तेजी से बढ़ा है उसने गरीब की थाली से कई खाद्य सामग्री गायब कर दी और वो परेशान के साथ नाराज है मंहगाई का असर इन दिनों नवरात्रि पर्व पर भी भक्तों की आस्था पर नजर आ रहा है । क्योंकि मंहगाई के कारण भक्तों के लिए भगवान की भक्ति, पूजा, व्रत आदि करना मंहगा सौदा साबित हो रहा है । इन दिनों चैत्र नवरात्रि का त्यौहार चल रहा है । माता के भक्त भक्ति में लीन तो है लेकिन शक्ति की देवी की आराधना उपासना के दौरान मंदिरों में पहुंच कर पूजन के लिए पूजन की सामग्री जो इतनी मंहगी हो गई है कि उसे लाना तथा नवरात्रि में व्रत के दौरान फलदार करना एक गरीब और सामान्य वर्ग के भक्त के लिए परेशानी के साथ साथ चिंता का कारण बना है । और नवरात्रि के पर्व में वो भक्त मंहगाई को लेकर सरकार को कोष रहा है । नवरात्रि में व्रत करने वाले भक्तों की फलहार, सामग्री की मांग बढ़ गई है लेकिन जो साबूदाना 20 से 25 रुपये मिला था वो अब 25 से 30 रुपये हो गया, मुंगफली का दाना 50 रुपये किलो मिल रहा है । जो नारियल 3 या 4 रुपये में भक्त खरीद कर मंदिरों में चढ़ाता था उसके लिए अब भक्तों को सोचना पड़ रहा है । क्योंकि नारियल अब 7रुपये का हो गया है । राजगिरा आटा जो 30 से 35 था अब 40 से 45 रुपये हो गया है । सिंघडा आटा 25 से 30 था वो अब 60 से 70 रुपये हो गया । नारियल के भाव दुगने हो जाने से मंदिरो में नारियल का चढावा घट गया है गरीब और सामान्य भक्त अब नारियल के बदले भगवान को या तो नगदी चढा कर संतुष्ट हो जाता है और भगवान से मांफी भी मांग लेता है कि क्या कंरू भगवान गरीब हुं नारियल मंहगा हो गया है इसलिए नगदी ही चढा रहा हूं कृपया स्वीकार करे ।

चोरों ने शानदार उपस्थिति दर्ज की, एक रात में 6 जगह ताले चटकाये

आष्टा 9 अप्रैल (नि.प्र.)। रात्री में आष्टा नगर में पुलिस कितनी चुस्त गशत करती है गतरात को अज्ञात चौरो ने अस्पताल के पीछे 5 गुमटीयों तथा पुराना बस स्टेण्ड पर एक किराना दुकान में चौरी कर अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराकर पुलिस चुस्त है इस बात की पौल खोल कर रख दी है । देखना है कि अब पुलिस क्या करती है । गत रात्रि में आष्टा नगर के वार्ड 18 में अस्पताल के पीछे अज्ञात चोरो शेख रईस भाई की दुकान शीना बांच हाऊस में तीसरी बार चौरी कर हैट्रीक बना दी । यही पर चौरो ने महेश राठौर की गुमटी के ताले तोड़कर ग्राहकों के रखे 5 डीबीडी चुरा लिया । मो. साबीर की दुकान से सामान ले गये । सुनील ताम्रकार की गुमटी से चौरी कोशिश की तथा शफीक मेकेनिक की दुकान में से पाने-पेंचिस चुरा ले गये । पांचो गुमटीयों में लगभग 1 से 2 लाख की चौरी हुई है । घटना की सूचना मिलते ही टीआई अतिक खान सादल-बल के साथ पहुंचे और मौका मुआयना किया । इसी प्रकार पुराना बस स्टेण्ड पर एक किराना दुकान में चौरी की खबर है । स्मरण रहे इसके पूर्व कन्नौद रोड या मोतिलाल पाटीदार एवं गुलाब सुराना के यहां जो चौरी हुई उसके चौर आज तक पुलिस नही पकड़ पाई है । लगातार हो रही इन चौरीयों से व्यापारियों में रोष है । पुराना बस स्टेण्ड के दवा व्यापारी राजकुमार सेठिया ने अस्पताल के पीछे रात्रि में स्थाई पाइन्ट गशत का लगाने जाने की मांग टीआई से की है ।

और वो रोक लेता है था पानी का टैंकर.......

सीहोर। नगर पालिका के पानी टैंकर को पिछले कुछ दिनों से मण्डी निवासी शासकिय कर्मचारी बाबूलाल मालवीय प्रतिदिन रुकवाकर पूरा पानी घर का भर रहे थे, जिस पर नाराज मोहल्ले वालों ने आज गदर कर दिया, यहाँ करीब एक घंटे तक टैंकर को रोककर रखा और जब यहाँ से एसडीएम को जानकारी दी गई तो उन्होने संबंधित व्यक्ति पर 500 रुपये का जुर्माना किया तब जाकर यहाँ नागरिकों ने टैंकर छोड़ा।