Tuesday, March 4, 2008

सीहोर में पचौरी बोले - ये न नर में ना नारी में हैं यह हैं तो...

सीहोर 3 मार्च (फुरसत)। यह नगर गंगा-जमुनी तहजीब के लिये जाना जाता है। पार्वती के लिये जिस नगर में विशाल आंदोलन हुआ हो उसकी आज क्या दुर्दशा हो गई है। उद्योग नहीं हैं, पेपर मिल, शकर कारखाना, साल्वेंट प्लांट चौपट हो गये, परिवहन निगम का कार्यालय बंद हो गया, सड़कों की हालत गड्डो में सड़के और सड़कों में गड्डे हैं, बुदनी से सीहोर नसरुल्लागंज का मार्ग खराब पड़ा है, जब से बने हैं भैया हवाओं में सफर है, सड़कों पर बने गड्डे, गड्डो में सडक़ है। पार्वती का दूसरा चरण आज तक नहीं बना, बिजली 18 घंटे का वादा किया और 4 घंटे बिजली आ रही ।
उक्त बात आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कही। सुरेश पचौरी यहाँ जन आक्रोश रैली को बाल विहार मैदान में संबोधित कर रहे थे। जहाँ पूरा मैदान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ था। बड़ी संख्या में जिले भर के कांग्रेसजन व दूर दराज से ग्रामीणजन यहाँ आये थे। श्री पचौरी को सुनने की लालसा में लोग सुबह से आकर शाम 4।30 बजे तक श्री पचौरी के भाषण का इंतजार करते रहे। इसके बाद श्री पचौरी ने अपना संबोधन प्रारंभ किया।
उसके यहाँ मीटर लगा ही नहीं है और बिजली का बिल भेज दिया।
श्री पचौरी ने कहा कि रेल्वे ओवर ब्रिज की बात चल रही है, तो उसकी पूरी प्रक्रिया है, जिस दिन खाते में प्रदेश सरकार रुपये जमा करवा देगी मैं तत्काल अपने स्तर पर ओबरब्रिज का काम करवा लूंगा ऐसा विश्वास है। भाषण के दौरान ही श्री पचौरी ने एक नाम लिया गोपी लाल बिछौली का और उसे मंच से ही खड़ा किया। श्री पचौरी ने बताया कि इसने अभी मुझे आवेदन दिया है इसको बिजली का 9287 रुपये का बिल थमा दिया गया है इसका कहना है कि उसके यहाँ तो बिजली का कनेक्शन ही नहीं है मीटर भी नहीं लगा और बिजली विभाग जेल भेजने की धमकी दे रहा है ? ग्रामीण से उन्होने मंच से ही इसकी हामी भी भरवाई। दूसरा ग्रामीण अजय मेवाड़ा वार्ड 16 आष्टा को भी खड़ा कर गरीबी रेखा संबंधी उसकी पीड़ा जनता को बताई। इस प्रकार श्री पचौरी ने स्पष्ट किया कि किस प्रकार का शासन मध्य प्रदेश में चल रहा है यह इसका उदाहरण है। श्री पचौरी ने कहा कि आज 4 साल बाद भाजपा सरकार किसान पंचायत की बात कर रही है जबकि 36832 किसानों पर मुकदमे चल रहे थे इसी सरकार में ।
भाजपा का कहना साफ - बन गई सत्ता बन गये बाप
पचौरी ने कहा कि आज मुझसे यादा आप जानते हो कि क्या स्थिति बनी हुई हैं, आप आंख खोलकर देखें कि क्या स्थिति बनी हुई है। भोपाल फोरलेन की सड़क की हालत भी गड़बड़ है, यहां पानी की स्थिति खराब हैं जल स्तर गिरता जा रहा है। जब पटवा जी के समय कर्जा माफी की बात हुई थी तो उन्होने हर दीवार पर लिख दिया था कि भाजपा का कहना साफ, हर किसान का कर्जा माफ, जब ग्रामीण उनके पास गये कहा कि आपको हमने जिताया है तो उन्होने कहा कि आपने नहीं जिताया है हम अपने दम पर जीते हैं, तो लोगों ने दीवारों पर लिख दिया 'भाजपा का कहना साफ, बन गई सत्ता बन गये बाप, हम तो जीते अपने आप, अब काहे का कर्जा माफ' उस समय लिख दिया था। अब दौरे पर में गया तो वहाँ देखा कि जनता ने लिख दिया है,
'बिजली पानी का वादा बिल्कुल झूठा है,
और यह मध्य प्रदेश की सरकार ने किसानों को लूटा है,
घटिया सड़क निर्माण न बिजली न पानी,
मध्य प्रदेश की सरकार की यही कहानी।
कुछ वादे अधूरे, लगातार घोषणाओं का है जाल,
भ्रष्टाचार में डूबे हैं मंत्री और भाजपाई हो रहे हैं मालामाल....।
सारे ठेके भाजपाईयों के पास
श्री पचौरी ने कहा कि यह लोग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं कि मैं तो यही कहूंगा कि यह न यह धर्म में हैं, न कर्म में हैं, न नर में न नारी हैं, न मंदिर में हैं न मस्जिद में हैं अगर यह कहीं हैं तो बेईमानी में हैं और दलाली में हैं। किसी भी कोने पर अगर कहीं काम हो रहा है, अस्पताल या स्कूल बन रहा है, सड़कें बन रही हैं तो वहाँ ठेकेदार का नाम पता चलो तो पता चलेगा की भाजपाई है। आपके यहाँ भी यही हाल होगा। पचौरी के इतना कहते ही जनता खुशी में झूठ उठी। श्री पचौरी ने कहा कि छोटे से लेकर बड़े काम तक के ठेकेदार भाजपाई बने हुए हैं। दिल्ली की सरकार से विकास कार्य के लिये रुपया आ रहा है यह घटिया काम न करें।
पांव-पांव भैया अब डम्फर वाले भैया
श्री पचौरी ने कहा कि पांव-पांव वाले भैया, साईकिल वाले, फिर गाड़ी वाले और अब डम्फर वाले भैया हो गये हैं। आरएसएस की बुनियाद पर खड़ी है भाजपा, जिसने देश के विकास में कोई योगदान नहीं दिया। म.प्र. में कांग्रेस एक हो गई हैं।
भाषण के दौरान ही श्री पचौरी ने जोरदार नारेबाजी करवाते हुए सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी जिंदाबाद के नारों के अलावा हम सब एक हैं, हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, तख्त बदल दो ताज बदल दो आदि नारे भी लगवाये। उन्होने कहा कि अब भाजपा के जाने का वक्त आ गया है और कांग्रेस के आने का वक्त आ गया है।
एक डायरी रख लो, गड़बडी वालों का नाम लिखो
आज उपस्थित कांग्रेसजनों से श्री पचौरी ने कहा कि सब आज से ही एक छोटी-सी डायरी अपनी जेब में रखना शुरु कर दो और जहाँ जो कोई गड़बड़ी करे उसका नाम लिख लो, क्योंकि अब कांग्रेस की सरकार आने वाली हैं और कांग्रेस की सरकार कार्यक र्ताओं की सरकार होगी।
लल्ला खेले और को और नाम पिया का होय.....
पचौरी ने मंच से केन्द्रिय बजट का ऐतिहासिक बजट बताया, बल्कि तरह-तरह की उपमाओं से बजट की तारीफ करते हुए उन्होने कहा कि किसानों का कर्जा माफ हो गया है, छोटे वाहन सस्ते हो गये हैं, आदिवासी जिस भूमि पर काबिज है अब वह उसका मालिक हो जायेगा। उन्होने कहा कि केन्द्र से विभिन्न योजनाओं का रुपया भारी मात्रा में आ रहा है और उन योजनाओं का नाम बदलकर यहाँ आपको परोसा जा रहा है यह तो वही कहावत हो गई कि लल्ला खेले और को और नाम पिया का होय।
तत्काल मतदाता सूची चैक करो
आज पचौरी ने कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि सबसे पहला काम है कि आप मतदाता सूची जाकर चैक कीजिये, हमने अभी एक चुनाव में देखा कि एक 2 कमरे के मकान में 200 लोगों के नाम चढ़े हुए हैं, होशंगाबाद में 97 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची में गलत चढ़ाये गये हैं, इसलिये पहली प्राथमिकता यह है कि तत्काल मतदाता सूची की जांच हो ।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के ग्राम जैत के भी लोग यहाँ आये हुए हैं, इस पर सभा में बैठे के जेत के ग्रामीण उठ खड़े हुए। इस पर पचौरी ने कहा कि भाजपा का भारी विरोध है, रेत के ठेके हों या गिट्टी का काम सब वहीं कर रहे हैं, लायनआर्डर का मतलब सिर्फ ला और फिर आर्डर ले जा यही रह गया है।
अच्छे नेता मंच के नीचे
श्री पचौरी के पूर्व सभा का प्रभावी संचालन कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार ने कहा कि मंच पर बैठे नेता और मंच से नीचे बैठे हमारे अच्छे नेता सभी का धन्यवाद। यहाँ मंच के नीचे पूर्व विधायक शंकरलाल साबू, रुकमणी रोहिला, नंदगोपाल बियाणी सहित अनेक नेतागण बैठे थे।
मूंछ पर ताव
यहाँ सर्वप्रथम राजकुमार पटेल, अभय मेहता फिर जसपाल अरोरा ने संबोधित किया। श्री अरोरा ने कहा कि मैं 1973 से श्री पचौरी के साथ रहा हूँ उन्हे जानता हूँ। श्री अरोरा ने सीधे मुद्दे की बात करते हुए कहा कि जिस प्रकार भ्रष्ट विधायक मूंछो पर ताव देकर अपनी ईमानदारी का डंका बजाते थे आज उनके दूर-दूर के रिश्तेदार पूरे देश से इकट्ठे हो गये हैं और यहाँ ठेकेदारी कर रहे हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्यवाही की जा रही है। लेकिन अब यदि कांग्रेसियों पर अंगुली उठाई गई तो अंगुली तोड़ दी जायेगी। कोई भी मुख्यमंत्री बने, यह मुद्दा नहीं है सिर्फ कांग्रेस की सरकार बनना चाहिये।
बिजली नहीं दी, वसूली वाले गुण्डे दे दिये
बलवीर तोमर ने संबोधन में कहा कि बिजली के नकली बिलाें से किसान दुखी हैं, वहीं अक्षत कासट ने कहा शिवराज सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि वह पहले अपने भ्रष्ट मंत्री ही नहीं साध पा रहे हैं तो फिर भ्रष्टाचार कैसे मिटायेंगे। महू से आये योगेश यादव ने खनकदार आवाज में जोरदार भाषण दिया। उन्होने कहा कि पहले एक बाई आई थी जो कह रही थी कि हम 100दिन में बत्ती दे देंगे उसकी ऐसी बत्ती गुल हुई कि शायद ही कभी जले, फिर बाबूलाल गौर आये उन्होने जनता की समस्या पर तो नहीं लेकिन खुद सम्पत्ति बढ़ाने पर गौर किया, अब शिवराज आये हैं जिन्होने बिजली तो नहीं दी लेकिन बिजली के बिल लेने वाले गुण्डे जरुर छोड़ दिये हैं।
नोट गिनने की मशीन खरीदी शिवराज ने
भोपाल के वजनदार नेता आरिफ अकील ने कहा कि शिवराज की पत्नि ने नोट गिनने की मशीन खरीद ली हैं, उन्हे नोट देने वालों पर विश्वास नहीं है, वीजेपी मतलब वरिष्ठ जनविरोधी पार्टी हो गया है। अब तो जनआक्रोश से भाजपाई डरने लगे हैं 1 को रैली निकालने वाले थे, लेकिन चुप हो गये, आज तक भाजपा ने ऋण माफ नहीं किया।
शिवराज ने सीहोर का अपमान कराया, अटल आडवाणी पाखण्डी नेता
इसके बाद सबसे जोरदार भाषण देते हुए अपने चिरपरिचित अंदाज में सजन सिंह वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश का सबसे दुखी व्यक्ति बुदनी में रहता है, उन्होने कहा कि शिवराज की छाती पर मूंग दलने यहाँ पचौरी जी आ गये हैं, पचौरी जी की कोई जोड़ नहीं हैं, उनका कोई तोड़ नही हैं। सजन भैया ने कहा कि 4 दिन पहले विधानसभा में शिवराज ने माननीय रायपाल जी से असत्य भाषण करवाया कि मीसा बंदियों को अब स्वतंत्रता संग्राम सैनानी का दर्जा दिया जायेगा। यह देश की स्वतंत्रता में अपनी आहूती देने वालों का घोर अपमान है, सजन भैया ने कहा कि मैं भी मींसा में बंद थे लेकिन ऐसे टुच्चाई के रुपये पर मैं थूकता हूं। एक छोटा-सी कहानी सुनाते हुए श्री वर्मा ने कहा कि 4-5 लोग इकट्ठे हुए उनमें नदी, पहाड़, हनुमान जी, राम जी व दो भाजपा के पाखण्डी नेता बैठे थे। सबमें विवाद हुआ कि कौन बड़ा पहले कहा गया कि नदी, लेकिन नदी ने कहा नहीं पहाड आसमान छू रहा है वह बड़ा, पहाड़ ने कहा कि नहीं मुझे तो हनुमान जी उठा लाये वह बड़े, हनुमान जी ने कहा कि मैं तो सेवक हूँ मुझसे बड़े तो राम जी हैं, फिर सब राम जी को बड़ा कहने लगे तो राम जी ने कि भैया मुझसे बड़े तो अटल व आडवाणी हैं जो जब चाहे मुझे अपने एजेण्डे में ले लेते हैं जब चाहे छोड़ देते हैं।
राकेश राय की वापसी, प्रदीप शर्मा भी कांग्रेस में शामिल
आज भरी सभा में कांग्रेस की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांग्रेस से अलग हुए निर्दलीय प्रत्याशी रहे राकेश राय को मंच से वापस कांग्रेस में लेने की कार्यवाही करते हुए उन्हे हार माला पहनाई, वहीं सुरेश साबू के विशेष प्रयास से कभी भाजपाई रहे प्रदीप शर्मा नीलम स्वीट्स को भी यहाँ सुरेश पचौरी ने माला पहनाकर कांग्रेस में शामिल किया।

मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष भाटी अपात्र घोषित

आष्टा 3 मार्च (नि.प्र.)। आज एक महत्वपूर्ण फैसले में आष्टा मार्केटिंग सोसायटी के अध्यक्ष सोभालसिंह भाटी को अपात्र घोषित कर उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने तथा उपाध्यक्ष को चार्ज देने का निर्णय डी.आर. सीहोर द्वारा दिया गया ।
मार्केटिंग सोसायटी आष्टा के चुनाव में सौभालसिंह भाटी अध्यक्ष चुने गये थे उसके बाद संचालक कृपालसिंह ठाकूर ने डी.आर. के समक्ष अध्यक्ष भाटी अपात्र है कि शिकायत की थी उक्त शिकायते पर अब निर्णय हुआ है ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बमूलिया भाटी सोसायटी में इनकी माताजी के नाम से ऋण था और श्री भाटी उनके दत्तक पुत्र है इसी को आधार बनाकर कृपालसिंह ने शिकायत की थी कि भाटी का अपात्र घोषित किया जाये इस पर अब निर्णय हुआ है । इस संबंध में मार्केटिँग सोसायटी के प्रबंधक श्री शर्मा ने फुरसत को बताया कि डी.आर. ने श्री भाटी को अपात्र घोषित किया है । अब उनका चार्ज उपाध्यक्ष को सौंपा जायेगा । स्मरण रहे कि चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाटी और कूपालसिंह मैदान में थे दोनो को उस वक्त बराबर बराबर बोट मिले थे बाद में पर्ची उठी थी जिसमें भाटी चुने गये थे । उसके बाद कृपालसिंह उन्हें अपात्र घोषित करने के लिए शिकायत की थी जिस पर अब निर्णय आया है । भाजपा ने उक्त निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए फैसले का स्वागत किया है।

भाड़े के हत्यारों से हमला कराने वाला राम तिवारी गिरफ्तार

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। कोतवाली पुलिस ने रिंकू चौरसिया पर प्राण घातक हमला कराने वाले आरोपी राम बाबू आ. नानू राम तिवारी निवासी स्वदेश नगर सीहोर को आज गिरफ्तार कर लिया है ।
ज्ञातव्य है कि पिछले दो तीन दिन पूर्व जब रिंकू चौरसिया अपने मित्र श्याम तिवारी के साथ इंग्लिशपुरा मार्ग पर वाहन में बैठकर बातें कर रहा था उस समय बाईक पर सवार होकर आये दो युवकों ने रिवाल्वर से गोली चलाकर रिंकू को घायल कर दिया था हमलावर राम के भाई श्याम को मारना चाहते थे। लेकिन घायल रिंकू हो गया था । गोली उसके गले में फंस गई थी । जिसे भोपाल के एक निजी चिकित्सालय में आप्रेशन कर निकाल लिया गया था। रिंकू खतरे से बाहर होकर स्वास्थ्य लाभ कर रहा है ।

सीहोर माहेश्वरी मंडल द्वारा फाग उत्सव

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। रंग बिरंगे रंगो का त्यौहार होली नजदीक आ रहा है । उसके स्वागत के लिए माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा फाग उत्सव का आयोजन 26 फरवरी को माहेश्वरी मांगलिक भवन में किया गया । इसमें सभी सामाजिक महिलाओं को आमंत्रित किया गया । वैष्णव मंडल द्वारा फाग गायन किया गया । होली के स्वागत में नई बहुओं के द्वारा बहुत ही सुंदर स्वागत गीत, फाग गायन, व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । जिसमें श्रीमति रचना भट्टर, श्रीमति हर्षा हुरकट, श्रीमति अंशुली झंवर, श्रीमति रानी तोषनीवाल, श्रीमति शालू शारडा, श्रीमति सुषमा झंवर, श्रीमति नेहा चांडक, श्रीमति सविता झंवन ने भाग लिया। सभी बहुओं ने मिलकर पूर्वाध्यक्षों वर्तमान पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को बहुत ही सुंदर टाइटल देकर सम्मानित किया । छोटे-छोटे बच्चों ने राधा कृष्ण बनकर कन्हैया को ढूंढते हुए व जोक सुनाकर सबका मन मोह लिया । सराहनीय प्रस्तुति के लिए महिला मंडल द्वारा नई बहुओं को पुष्प गुच्छ देकर प्रोत्साहित किया गया । कार्यक्रम समापन के समय महिला मंडल द्वारा सभी को ठंडाई पिलाई गई व प्रसाद वितरण किया गया । अंत में श्रीमति प्रतिभा झंवर, श्रीमति अंजना हुरकट, श्रीमति शोभा चांडक, श्रीमति सत्यभामा मंत्री ने सभी का आभार माना ।

जो कांग्रेस का प्राथमिक सदस्य भी नहीं है वो कांग्रेस का वरिष्ठ नेता कैसे हो गया- दशरथ

आष्टा 3 मार्च (नि.प्र.)। ब्लाक कांग्रेस कमेटी आष्टा के महामंत्री दशरथसिंह राजपूत ने आज एक प्रेस विज्ञप्प्ति जारी कर उन कांग्रेस के नेताओं से पूछा है जो समय-समय पर समाचार पत्रों में विज्ञप्ति जारी कर इंजिनियर गोपालसिंह को कांग्रेस का वरिष्ठ नेता के नाम से संबोधित करते है एवं हाल ही में उन्हें 3 मार्च को सीहोर में आयोजित कांग्रेस की रैली का व्यवस्था देखने के लिए नियुक्त किया है ।
दशरथ सिंह राजपूत ने जारी की उक्त विज्ञप्ति में लिखा है कि जो लोग गोपालसिंह इंजिनियर को पार्टी का वरिष्ठ नेता कहते है वे यह तो बताये की वे अभी कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य भी है या नही वे आष्टा से टिकिट लेकर चुनाव लड़ने की इच्छा पाले हुए है।
दशरथसिंह ने खुला आरोप भी लगाया है कि गोपालसिंह वह व्यक्ति है जिसने गत चुनाव में बसपा की खुलकर मदद की थी तथा वर्तमान में 4 वर्षो से भाजपा विधायक का प्रमुख सलाहकार है । अब चुनाव का समय आया तो ये बड़े नेताओं की चमचा गिरि कर कांग्रेसी हो गये इनसे पूछा जाये की कांग्रेस से टिकिट नही मिलने पर क्या वे कांग्रेस के प्रति निष्ठावान रहेंगे दशरथसिंह ने जारी विज्ञप्ति में लिखा है कि ऐसे अवसर वादी लोगो की वजह से ही आज जमीनी कार्यकर्ता अपमानित होता है। और इससे पार्टी भी कमजोर होती है। आज सक्रिय दिखने वाले गोपालसिंह 4 वर्षो से कहा थे जब कांग्रेस का निष्ठावान जमीनी दरी उठाने वाला कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे थे। वरिष्ठ नेताओं को इस और उन्होंने समय से ध्यान देने की मांग की है ।

महाशिव रात्रि चल समारोह को लेकर जोरदार तैयारियाँ जारी

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। आगामी 6 मार्च को सीहोर नगर में आयोजित होने जा रहे महाशिवरात्रि चल समारोह से संबंधित तैयारियां पूरे जोर शोर पर अंतिम चरण में है । यह चल समारोह पूर्व वर्षो की अपेक्षा और आकर्षक भव्यता लिये होगा, इसके लिए समिति का यह प्रयास सीहोर नगर के धर्म प्रेमी बंधुओं के सहयोग से सार्थक होगा ।
आयोजन समिति अध्यक्ष लोकेश सोनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि चल समारोह के आयोजन को लेकर काफी उत्साह है। चल समारोह में आकर्षक आतिशबाजी, श्रृंगार किए भोले नाथ ब्रम्हा, विष्णु, नारद, गणों सहित मंगलगान जीवंत नागदेवता का दर्शन लाभ भक्तजनों को होगा, समिति कार्यकर्ता इसकी व्यवस्था कर रहे है। चल समारोह 6 मार्च को कस्बा रामूयादव पहलवान के निवास से प्रारंभ होगा , जो यादव मोहल्ला, छीपापुरा हरिजन मोहल्ला, भोपाली फाटक, तहसील चौराहा, सीहोर टाकीज चौराहा, लाल मस्जिद, नकम चौराहा, बड़ा बाजार, छावनी प्रमुख मार्गो से होकर कस्बा हनुमान फाटक काशीपति विश्वनाथ मंदिर पर महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ संपन्न होगा । धर्म प्रेमी जनता से उपस्थित होने की अपील की है।

Monday, March 3, 2008

ढोल की पोल खुली: पास-पास जमीन पर बैठाकर ली परीक्षा, शहर में खूब हुई नकल




सीहोर 1 मार्च (आनन्‍द गांधी)। व्यवस्थाओं की ढोल पीटने वाले शिक्षा विभाग की पोल आज वार्षिक परीक्षा प्रारंभ होने के साथ ही खुल गई जब यहाँ बैठने तक की व्यवस्थाएं नहीं की गई थी, खुद नकल कराने की व्यवस्थाएं जिला शिक्षा विभाग द्वारा करवा दी गई थी। टेबल-कुर्सी पर बैठने वाले विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर परीक्षा देने की मजबूरी थी। अधिकांश परीक्षार्थियों की आंखों में आंसू छलक रहे थे, उत्तर पुस्तिका रखने के लिये इनके पास तख्ती भी नहीं थी, कैसे लिखे, पुस्तिका कहां रखे, पर्याप्त जगह तक नहीं थी....अनेक समस्याएं थी। ढोल की पोल खोलता उक्त चित्रमय समाचार स्वयं ही सबकुछ कह रहा है.....कुछ लिखने की जरुरत नहीं।

आष्टा में 10 दिवसीय प्रतिष्ठा महोत्सव का कुंभ स्थापना के साथ भव्य शुभारंभ

आष्टा 2 मार्च (सुशील संचेती)। तीर्थ नगरी आष्टा में आज 2 मार्च से 11 मार्च तक होने वाली भव्य अंजन शलाका एवं प्रतिष्ठा महोत्सव पर भव्य शुभारंभ प्रात: शुभ मुहूर्त में कुंभ स्थापना के साथ हुआ।
आज प्रथम दिन के कार्यक्रम को सम्पन्न कराने लाभ सुश्रावक आष्टा निवासी दिलीप कुमार नवनीत कुमार पुनीत, बिरल संचेती परिवार द्वारा लिया गया। प्रात: पूय आचार्य देव श्रीमद् अजीत सेन सुरीश्वर महाराज सा., पूय आचार्य देव श्रीमद् विजय नयवर्धन सूरीश्वर म.सा., पन्यास प्रवर पूय श्री हर्ष तिलक विजय म.सा. की शुभनिश्रा में प्रतिष्ठा महोत्सव के प्रथम दिन मंत्रोच्चार कार्यक्रम विधि-विधान के साथ कुंभ स्थापना, अखण्ड दीपक स्थापना, ध्वजा रोहण, जवारा रोहण, क्षेत्रपाल स्थापना, माणेक स्ंतभारोपण तोरण बांधना आदि के कार्यक्रम सम्पन्न हुए। वहीं आज मणिभद्र वीर एवं अम्बिका देवी की देव कुलिका की शिला स्थापना हुई। इस स्थापना का लाभ आष्टा निवासी श्री इंदरमल, महेन्द्र कुमार, बसंत कुमार सुराणा परिवार ने किया। आज दोपहर में श्री पारसनाथ पंचकल्याणक पूजन मंदिर जी में हुई जिसमें बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने भाग लेकर धर्म लाभ उठाया। रात्रि को मंदिर जी में प्रभु भक्ति का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

जनाक्रोश से घबराये शिवराज-अक्षत कासट

सीहोर 2 मार्च। शिवराज सिंह चौहान ने यदि सीहोर की अपनी रैली स्थगित की है तो वह इसलिये नहीं की क्योंकि उन्हे किसी बच्चो को परीक्षाओं का ख्याल आ गया है बल्कि वह तो सिर्फ इसलिये मारे भय के पीछे हट गये कि सीहोर में उनका कोई जनाधार नहीं है, जनता में उनके प्रति आक्रोश है, और जिन सुषमा स्वराज के दम पर वह भीड़ जुटाना चाहते थे उनका आना स्थगित हो गया था। इस भय से शिवराज घबरा गये क्योंकि वह जानते हैं कि उनके प्रति जनता में आक्रोश है । उपरोक्त बात आज युवा तुर्क नेता व हेण्डीक्राफ्ट बोर्ड के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री अक्षत कासट ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से कही। श्री अक्षत कासट ने कहा कि शिवराज सिंह बुदनी के नेता हो सकते हैं, बाकी प्रदेश में और सीहोर में उनका कोई जनाधार नहीं है, सीहोर से तो वह विशेष रुप से बदला लेने पर उतारु रहते हैं, तभी तो सारे विकास कार्य अपने बुदनी क्षेत्र में करवा रहे हैं।
श्री अक्षत कासट ने कहा कि यदि आजकल शिवराज सिंह चौहान विद्यार्थियों के पत्र भी पढ़ने लगे हैं, तो फिर आम समस्याओं पर और प्रदेश भर की लाखों समस्याओं के आवेदन पर उनका ध्यान क्याें नहीं जाता। क्या यह राजनीतिक स्टंट नहीं है कि उन्होने बच्चों की परीक्षाओं के लिये रैली छोड़ दी? यदि परीक्षार्थियों का इतना ही ख्याल है तो फिर परीक्षा दे रहे बच्चों के लिये बिजली की पर्याप्त व्यवस्था क्याें नहीं करवा देते ? परीक्षा हाल में उनके बैठने के लिये कुर्सी-टेबल क्यों उपलब्ध नहीं करवा देते ? असल बात तो यह है कि सुषमा स्वराज का आना अचानक स्थगित हुआ। भाजपा को समझ आ गई कि कांग्रेस का माननीय सुरेश पचौरी जी के नेतृत्व में जो महारैला निकलने वाला है उसके आगे भाजपा का प्रदर्शन बौना साबित हो जायेगा इसलिये भाजपा ने पैर पीछे खींच लिये हैं।
भाजपा ने बाल विहार मैदान में जितना टेंट लगवाया था कांग्रेस ने उससे अधिक बढ़वा दिया है। जनता प्रदेश शासन के खिलाफ आक्रोशित है और यही जनाक्रोश कल महारैली के रुप में सबको दिख जायेगा। कांग्रेस की जनाक्रोश रैली को लेकर जो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आमजनमानस में उत्साह है और कांग्रेस के होने जा रहे विशाल प्रदर्शन से भयाक्रांत होकर भाजपा ने अपनी सभा वापस ली है, यह बात जनता अच्छी तरह समझती है। इस पर किसी को सफाई देने की आवश्यकता नहीं है।

दिनभर चली तैयारियाँ, मुख्य मार्ग बेनर-होर्डिंग से पटा, होगा शक्ति परीक्षण

सीहोर 1 मार्च (फुरसत)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और लोकप्रिय कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी कल प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जनआक्रोश रैली व साथ सभा को संबोधित करने पहली बार सीहोर आ रहे हैं। पचौरी के आगमन को लेकर भारी उत्साह कांग्रेस में देखने को मिल रहा है। रविवार को तो दिनभर हर एक कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी के स्वागत की तैयारियों में ही व्यस्त दिखा। जबकि बड़े नेता अपने-अपने स्तर पर शक्ति परीक्षण के लिये समर्थकों को कल सीहोर में भारी संख्या में पहुँचने का आव्हान करने ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते रहे। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी ही आगामी चुनावों में अब प्रत्याशी के टिकिट तय करेंगे। इसको लेकर संभावित प्रत्याशियों में खासा उत्साह और जोश है। वह श्री पचौरी को खुश और प्रसन्न करने के साथ ही अपनी दावेदारी सुनिश्चित करने के लिये शक्ति परीक्षण करने का भी प्रयास कर रहे हैं। इसी के चलते जिले भर के कांग्रेस नेता कल अपने-अपने समर्थकों की रैलियाँ लाकर सुरेश पचौरी के नेतृत्व में निकलने वाले रैले में शामिल होंगे। जिले भर से बहुत बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के आने की संभावना है। यूँ तो जन आक्रोश रैली के रुप में कल की सभा आयोजित है लेकिन कांग्रेसजन इसे आगामी चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पूरे जोश-खरोश से जुट गये हैं। कल इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेसियों के जुटने की संभावना है कि एक बारगी बाल विहार मैदान पूरी तरह भरा दिख जायेगा। यहाँ कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राजकुमार पटेल बुदनी, अभय मेहता इछावर, जसपाल अरोरा, कैलाश परमार सहित अक्षत कासट, राकेश राय, राजकुमार जायसवाल, सुरेश साबू सहित अन्य कांग्रेसजनों रुकमणी रोहिला, कमलेश कटारे, हरीष राठौर व अन्य के होर्डिंग बाजार में लगे हुए हैं। नेतागण अपने-अपने स्तर पर अपने समर्थकों को भी कल की रैली में शामिल होने का आव्हान कर चुके हैं। देर रात तक कांग्रेस कार्यकर्ता जहाँ-जहाँ जगह दिख रही है वहाँ-वहाँ होर्डिंग लगाने में लगे देखे गये।

Sunday, March 2, 2008

भाजपा ने कराई कांग्रेस को फीलगुड

टेंट लगवाया भाजपाईयों ने भाषण देंगे कांग्रेसीजन
सीहोर 1 मार्च (नि.सं.)। भाजपा विजय संकल्प रैली निकाल रही थी और कांग्रेस जनआक्रोश की बात कर रही थी, लेकिन यह क्या सीहोर में अचानक भाजपा ने अपना कार्यक्रम अंतिम क्षणों में निरस्त कर दिया। असल में दोनो की ही अपनी-अपनी राजनीति है। भाजपा ने क्यों अपना कार्यक्रम निरस्त कर दिया यह भी अंदर की बात है और कांग्रेस ने क्यों टेंट की व्यवस्था कर ली यह भी अंदर की ही बात है।
यहाँ अचानक भाजपा ने अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया। बाल विहार मैदान की विशालता के बावजूद यहाँ आधे मैदान में टेंट की व्यवस्था भाजपा ने करवाई थी। और बल्लियां लगवाकर तथा फर्श बिछवाकर बकायदा तामझाम किये गये थे लेकिन पता चला कि यहाँ तो अचानक पांसा ही पलट गया।
अब चूंकि दो दिन बाद ही कांग्रेस का महा रैला भी सुरेश पचौरी की अगुवाई करने का बेताव है इसलिये कांग्रेसियों ने यहाँ बाल विहार मैदान में जो टेंट-बल्ली सुषमा स्वराज के लिये भाजपा ने लगवाये थे उन्हे बुक कर लिया है। भाजपा द्वारा कांग्रेस के लिये एक तरह से फीलगुड हो गया है । अब सुषमा शिवराज जी की जगह सुरेश पचौरी इसी शामियाने में कांग्रेसियों को संबोधित करेंगे।

शिवराज ने गेंद पचौरी के पाले में डाली........

सीहोर 1 मार्च (फुरसत)। कल अचानक शिवराज सिंह चौहान ने यह कहते हुए अपनी विजय संकल्प यात्रा को स्थगित कर दिया है कि उन्हे एक विद्यार्थी ने पत्र लिखा है और उसमें यह लिखा है कि परीक्षाएं कल से ही चालू हो रही हैं और आप इतना शोर-शराबा करवायेंगे, दिनभर यहाँ माईक भाषणबाजी होगी तो हमारी पढ़ाई नहीं हो पायेगी। शिवराज सिंह चौहान ने इस पत्र का हवाला देते हुए अपनी विजय संकल्प यात्रा स्थगित कर दी जबकि भाजपा ने इसके लिये व्यापक तैयारियां की थी और बाल विहार मैदान को भरने का संकल्प लिया हुआ था। इसके लिये ताम-झाम भी चल रहे थे और सुषमा स्वराज तक कार्यक्रम में आने वाली थीं। लेकिन इसके तत्काल बाद एक दिन छोड़कर ही कांग्रेस का भी प्रभावी और जोरदार प्रदर्शन तय है। भाजपा ने कितनी तैयारी की थी यह तो राम जानें लेकिन कांग्रेस की जिले भर में युध्द स्तर की तैयारियां चल रही हैं। जिस-जिस को टिकिट चाहिये वो-वो पूरी ताकत से लगा हुआ है, जिले भर से बड़ी संख्या में वाहनों के काफिले स्थानीय नेताओं के नेतृत्व में आने की पूरी संभावना बनी हुई हैं। इसके लिये लाउडस्पीकर से वातावरण भी बनाया जा रहा है। लेकिन अब अचानक शिवराज सिंह चौहान ने रैली स्थगित कर एक तरह से कांग्रेस के पाले में यह गेंद फेंक दी है कि उन्होने तो बच्चों के लिये देश के भविष्य के लिये अपनी राजनीतिक गतिविधि को विराम दे दिया है लेकिन क्या कांग्रेस जनाआक्रोश रैली परीक्षाओं के दौरान जारी रखेगी ? या वह भी बच्चों के लिये इसे स्थगित करेगी।

बारात से भरी ट्रेक्टर -ट्राली पलटने से 18 घायल

आष्टा 1 मार्च (नि.प्र.)। आज दोपहर को रामनगर मोड़ के समीप बारात से भरी एक ट्रेक्टर-ट्राली के अनियत्रिंत होकर पलट जाने से उसमें सवार महिला बच्चों सहित 18 लोग घायल हो गये । वही आष्टा क्षैत्र में एक बस की टक्कर से मोटर सायकल सवार एक युवक सहित दो महिला घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खड़ली निवासी अनोखीलाल मेहरा आज महागांव जदीद से टे्रक्टर क्रं. एमपी-04-एच-3630 में मय ट्राली के अन्य लोगों के साथ शादी कर महागांव से नस.गंज. लौट रहे थे ट्रेक्टर को ग्राम महागांव निवासी गंगा विष्णु मेहरा चला रहा था बताया जाता है कि जैसे ही इनका ट्रेक्टर रामनगर मोड़ के समीप पहुंचा चालक की लापरवाही के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया परिणाम स्वरूप इसमें सवार अनोखीलाल, ज्योतिबाई, मनीबाई, जितेन्द्र, दुर्गेश, कृष्णाबाई, पिंकी, पार्वती बाई, फूलवतीबाई, रामेश्वर, भरोसीलाल, विनीता, पुष्पेन्द्र, राहुल, शांताबाई, सावित्रीबाई, गायत्रीबाई, तथा उर्मिला घायल हो गई । जिन्हें उपचार हेतू नसरूल्लागंज अस्प. में दाखिल कराया गया।
इधर आष्टा थाना क्षैत्र में आज सुबह राजमार्ग स्थित संतुष्टि ढाबा के समीप अनुबंधित बस क्रमांक एमपी-09-एफए-1176 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर मोटर सायकल क्रमांक एमपी-05-डी-0608 में पीछे से टक्कर मार दी परिणाम स्वरूप मोटर सायकल सवार बालोट देवास निवासी दिनेश शुक्ला, एवं उनकी पत्नी रेखाबाई तथा साली सुनीता घायल हो गये जिनमें रेखाबाई को गंभीर चोट आने से उपचार हेतू देवास अस्प. में भर्ती कराया गया हैं। बताया जाता है कि यह तीनों कालापीपल से आष्टा बाजार खरीददारी करने आ रहे थे पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

बाल मजदूर पर क्रेन गिरी, बालक की मौत

सीहोर 1 मार्च (फुरसत)। ग्राम लाड़कुई में गुरूवार की शाम कुंये में मजदूरी कर रहे एक बालक के ऊपर क्रेन मशीन गिरने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है । प्राप्त जानकारी के अनुसार नसरूल्लागंज थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम लाड़कुई निवासी 15 वर्षीय समीश आ. दयाराम गोंड ग्राम के सईद खां के कुये में अन्य मजदूरों के साथ गल निकाल रहा था तभी क्रेन मशीन टूट कर उसके ऊपर आ गिरी जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई ।