Tuesday, February 19, 2008

सिर्फ सीहोर में 4 नहीं मात्र ढाई लीटर मिलेगा केरोसिन

सीहोर 18 फरवरी (फुरसत)। गरीबों को उचित मूल्य की दुकानों से मिलने वाला केरोसिन तेल खाद्य अधिकारी और उचित मूल्य दुकानों और फ्रीसेल के नाम जमाखोरों की मिली भगत से शनै:-शनै: उनकी पहुँच से दूर जाने लगा है और उपभोक्ताओं को तरह-तरह के बहाने बनाकर उपभोक्ता भंडारों के संचालक उन्हे टरकाने लगे हैं। आज गरीब चूल्हा जलाने के लिये बूंद-बूंद केरोसिन के लिये भटकने को मजबूर होने लगा है।
उपभोक्ता भंडारों पर जो केरोसिन आबंटित होता है उसका लाभ गरीबों को कम और जमाखोरों को यादा होता है। निर्धारित दिन जिस दिन केरोसिन बांटा जाता है उस दिन केरोसिन के लिये भीड़ भाड़ और डब्बों की लंबी-लंबी कतारें सहज रुप से देखी जा सकती है। पहले केरोसिन की प्राप्ति के लिये झगड़ा और मारामारी आम हो चुकी है।
शासन प्रत्येक उपभोक्ता भंडारों पर सभी प्रकार के राशन कार्डों पर 4 लीटर प्रति कार्ड के हिसाब से केरोसिन का आवंटन करता है लेकिन दुकान संचालक अपनी मनमर्जी से कार्ड धारियों को केरोसिन उपलब्ध कराता है और यदि कोई उपभोक्ता आपत्ति दर्ज कराता है तो उसे दुकान संचालक और उसके कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार से रुबरु होना पड़ता है। कहने का तात्पर्य यही है कि सीहोर नगरीय क्षेत्र में स्थित शासकिय उचित मूल्य की दुकानों पर ही तेल आवंटन में भेदभाव करता जा रहा है।
ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी संबंधित विभाग को नहीं हो उन्हे भी इन स्थितियों की पूरी जानकारी है। बावजूद इसके मनमानी कर रहे इन उपभोक्ता भंडारों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इसका खामियाजा गरीब उपभोक्ताओं को केरोसिन से वंचित होकर उठाना पड़ रहा है।
शासन के आदेशानुसार अभी तक सफेद, पीले और नीले राशन कार्डों पर प्रतिकार्ड 4 लीटर केरोसिन दिये जाने की व्यवस्था थी और शहर भर की शासकिय उचित मूल्य दुकानों से यह वितरित भी किया जा रहा था लेकिन इस माह से एपीएल और वीपीएल कार्डधारियों को 4 लीटर और सफेद कार्ड धारियों को मात्र ढाई लीटर तेल उपलब्ध कराया जा रहा है जबकि सरकार से सीहोर नगरीय क्षेत्र के लिये पुरानी व्यवस्था अनुसार ही कोटा उपलब्ध कराया गया है। फिर ऐसी कौन-सी बात हो गई कि केरोसिन वितरण में उपभोक्ताओं के बीच इतना अधिक अंतर कर दिया गया है।
खाद्य अधिकारियों की लापरवाही संचालकों से सांठगांठ से केरोसिन की कालाबाजारी से लाखों रुपये की चपत सीहोर शहर में प्रतिमाह लगाई जा रही है। खाद्य विभाग की अफलातूनी का ही नमूना है कि केरोसिन के साथ-साथ शासकिय उचित मूल्य की दुकानों पर आने वाला निबाला भी उनके मुँह से छीनकर भारी कीमत लेकर जमा खोर व्यापारियों तक पहुँचा दिया। नीला केरोसिन राशन कार्डधारियों को 10 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मुहैया कराया जाता है जबकि यही नीला केरोसिन खुले आम 20 से 25 प्रति लीटर के हिसाब से ब्लेक में बिकता रहता है। जब नीला केरोसिन कार्डधारियों के लिये है तो इस नीले केरोसिन का उपयोग होटल व्यवसायी कैसे कर रहे हैं यह जांच का विषय है कि आखिर यह नीला केरोसिन उन तक बडी मात्रा में पहुँचता कैसे है। sehore fursat

नशे में ऐसा पत्थर मारा की उसकी मौत हो गई

आष्टा 18 फरवरी (फुरसत)। आज सुबह पहले तो मंडी गेट के सामने दारु के ठेके पर तीन लोगों ने जमकर दारु पी, पीकर वे रवाना हुए तो नशे में किसी बात पर मृतक ने दूसरे को थप्पड़ मार दिये दूसरे को थप्पड़ सहन नहीं हुए तो उसने थप्पड़ मारने वाले को ऐसा पत्थर मारा की घटना स्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री मनु व्यास ने बताया कि आज सुबह मेहतर मांगीलाल पुत्र दयाराम उम्र 36 वर्ष निवासी हाथी खाना डाबरी निवासी मान सिंह कलोता एवं मालीपुरा निवासी ओम प्रकाश मेवाड़ा ने पहले ठेके पर दारु पी उसके बाद ये तीनों सुभाष नगर की और निकल गये। किसी बात पर विवाद हो गया तो मृतक मांगीलाल ने मानसिंह कलोता को थप्पड़ मार दिया नशे मे धुत मानसिंह ने मांगीलाल को पत्थर मार दिया। पत्थर ऐसा की मांगीलाल पुत्र दयाराम की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई।
यह देख क्षेत्र में हलचल मची सूचना मिलते ही एसडीओपी मनु व्यास, प्रभारी टी.आई.एस.आर.चौधरी सादल बल के घटना स्थल पर पहुँचे वहीं आरक्षक कमलेश राय, अशोक दुबे, पवन रघुवंशी, संतोष वाहन चालक को अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिये जनता द्वारा बताये मार्ग की और रवाना किया। श्री व्यास ने बताया कि मान सिंह कलोता एवं ओम प्रकाश मेवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। मानसिंह जिसने पत्थर मृतक को मारा था वो इतना नशे में धुत है कि बात ही नहीं कर पा रहा है उसकी दारु उतर जाये तब घटना का कारण ज्ञात होगा। sehore fursat

10 वर्ष के बालक को बेल्ट से मारा व रिवाल्वर से डराया

सीहोर 18 फरवरी (फुरसत)। आष्टा में संचालित सृजन बोर्डिंग स्कूल के संचालक रामनरेश यादव व अन्य दो अध्यापकों द्वारा बोर्डिंग के छात्र के साथ मारपीट करने व रिवाल्वर की नोक से जान से मारने की धमकी का मामला प्रकाश में आया है। छात्र ने अपने पिता के साथ पुलिस को भी उक्त आशय की रिपोर्ट की है तथा उसके शरीर पर आई चोंटों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
सोभाल सिंह परमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार घनश्याम परमार निवासी पोचानेर का एक लड़का सृजन बोर्डिंग स्कूल आष्टा में कक्षा पांचवी में पढ़ता है।
इसके संचालक द्वारा रामनरेश यादव व दो अन्य अध्यापक जसपाल व जागेश ने इस 10 वर्ष की उम्र के अबोध बालक पर 1600 रुपये की चोरी का आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की तथा उसके शरीर पर चोंटे पहुँचाई है, उसका पुलिस द्वारा मेडिकल परीक्षण करवाया गया है तथा मेडिकल रिपोर्ट में भी उसके शरीर पर चोंटे होने का उल्लेख हैं।
इस बालक को स्कूल संचालक व अध्यापकों द्वारा इतना डराया धमकाया गया कि वह आज तक डरा हुआ है। इस बालक के पिता जब आष्टा किसी काम से आये और स्कूली बच्चों को पी.टी. के लिये मैदान पर ले जाया जा रहा था तो यह बालक अपने पिता को देखकर दौड़कर उनके पास गया और पूरी घटना उसने अपने पिता को बताई तथा पुलिस थाना जाकर इन लोगों की शिकायत की है। बालक के पिता ने संचालक के खिलाफ कार्यवाही की जाने की मांग की है। sehore fursat

श्रीराम सेतु को नष्ट करने की तैयारी कर रहे निकम्मे और नपुंसक शासक

सीहोर 18 फरवरी (फुरसत)। घर और बच्चों को संस्कार देने का काम केवल योग्य माताएं ही कर सकती हैं। बच्ची को संस्कारित करने के लिये जरुरी है कि माताएं भ्ी संस्कारी हों। पतिव्रता नारी कोई भी चमत्कारी कर सकती है और सुयोग्य संतान भी वहीं पैदा होती है, जिस घर में पिता की ईमानदारी की कमाई, पविध्द बुध्दी और हरिचरणों में प्रेम करने वाला हृदय निवास करता हो।
इस आशय के उद्गार काशी से पधारे स्वामी डॉ रामकमल दास वेदांती जी महाराज ने विधायक रमेश सक्सेना के गृह ग्राम में लगातार 27 वीं बार मानस प्रचार समिति बरखेड़ाहसन के तत्वाधान में हो रही संगीतमयी श्रीरामकथा के पांचवे दिन समापन अवसर पर बडी संख्या में उपस्थित श्रोताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किये। स्वामी जी ने कहा कि जहाँ अन्याय से धन इकट्ठा किया जाता है वह दस वर्ष से अधिक नहीं ठहरता, ग्यारहवां वर्ष लगते ही वह अनीति से कमाया हुआ धन पहले से एकत्रित धन को भी नष्ट कर देता है। उन्होने कहा कि अमीरों को भी अपनी बेटी को विदा करते समय अनावश्यक धन का प्रदर्शन नहीं करना चाहिए ताकि गरीब भी अपनी बेटी को विदा करने में संकोच नहीं करे। उन्होने कहा कि जीवात्मा का परमात्मा से मिलन महात्मा ही करा सकते हैं इसलिये संत समागम में कभी कोताही नहीं करें। स्वामी जी ने रामसेतु की चर्चा करते हुए कहा कि श्रीराम का जन्म साढ़े नौ लाख साल पहले हुआ था और दिन रात जोड़ लिये जाये तो 19 लाख वर्ष होते हैं। शास्त्रों के अनुसार श्रीराम के प्राकटय को 19 लाख वर्ष बीते हैं और हाल ही में नासा ने अंतरिक्ष से रामसेतु का चित्र अमेरिका को भेजा, उसमें भी रामसेतु 19 लाख वर्ष पुराना बताया गया है इससे स्पष्ट है कि रामसेतु भगवान श्रीराम द्वारा निर्मित है। उन्होने कहा कि यह दुख की बात है कि आज श्री लंका अपने देश के ऐतिहासिक अवशेषों को समेट रहा है और भारत की निकम्मे और नपुंसक शासन देश के गौरव के प्रतीक रामसेतु को नष्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। स्वामी जी ने कहा कि रामसेतु के कारण ही सुनामी की लहरों ने भारत में दूसरे देशों की अपेक्षा कम नुकसान पहुँचाया क्योंकि सेतु के कारण सुनामी की लहरों की गति कम हो गई थी। यह रामसेतु रामेश्वरम से श्रीलंका के बीच है जो श्रीराम के लंका जाने का अकाटय प्रमाण है अन्यथा नासा को इसी स्थान पर सेतु का पता क्यों चला ? कहीं और भी यह सेतु हो सकता था ? स्वामी जी ने कहा आज पूछा जाता है कि राम जन्मभूमि कहां है ? जिस तरह दिन के उजाले में उल्लू देख नहीं पाते उसी प्रकार आज के शासन रामजन्मभूमि को लेकर यही कहते रहते हैं। उन्होने कहा कि रामेश्वरम में आज भी ऐसे पत्थर हैं जो पानी में तैरते हैं, मैं स्वयं ऐसा ही एक पत्थर अपने आश्रम में रामेश्वरम से लाया हूँ। कथा के बीच में स्वामी जी ने कई सुमधुर भजनों का रसास्वादन भी कराया। कथाा स्थल पर आज समापन अवसर पर भारी संख्या में धर्मप्रेमी जन उपस्थित रहे। लगातार पांच दिन से लगातार बरखेड़ाहसन में श्रीराम रस की गंगा बह रही थी। विधायक रमेश सक्सेना ने सभी धर्मप्रेमियों के रामकथा में उपस्थित होने पर आभार प्रकट किया। sehore fursat

चांद कादरी की कव्वाली का शानदार कार्यक्रम आज

आष्टा 18 फरवरी (फुरसत)। कव्वाली कमेटी के सदर जाहिद खां गुड्डू भाई ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 19 फरवरी दिन मंगलवार को सुभाष मैदान पुराना बस स्टेण्ड स्थित पर रात 9 बजे कव्वाली का शानदार मुकाबला रखा गया है। जिसमें हिन्दुस्तान के जाने-माने कव्वाल चांद कादरी दिल्ली एवं बाम्बे की तनवीर कौसर के बीच शानदार दिलकश मुकाबले का प्रोगाम रखा गया है। जाहिद गुड्डु ने बताया कि कव्वाली के प्रोग्राम में मुख्य रुप से वर्तमान मंत्री, विधायक एवं पूर्व मंत्रीगण, विधायक व भाजपा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष व गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहेंगे। कव्वाली कमेटी के खजांची मुजफ्फर भैया, सचिव नवाब खां, नायब सदर कचरु सेठ, भुरु भाई, कमेटी के सरपरस्त अनवर हुसैन, प्रेम मामा राय, मोहसिन बेग, जफरलाला, शेख आरीफ, पुकार कुरैशी, नोशे भाई, रऊफ भाई, मसूद भाई व कमेटी के सदस्यगण अंसार भाई, रशीद बाबा, इलयास, हनीफ भाई, आरीफ, छब्बन, चांद उस्ताद, अकरम भैया, हमीद भाई फ्रूट वाले, अय्यूब भाई, नाजिम बेरी, नफीस बेरी, नासिर भाई, अय्यूब जुम्मापुरा, इकबाल भाई, मेवाती आदि ने गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में कव्वाली के प्रोगाम में शामिल होकर कव्वाली के मुकाबलें का भरपूर आनन्द लें। sehore fursat

जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत

इछावर 18 फरवरी (फुरसत)। इछावर थाना क्षेत्र में जहरीला पदार्थ खाने वाले एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है। जानकारी के अनुसार ग्राम बरखेड़ा कुर्मी निवासी 35 वर्षीय सुरेश पुत्र बूलचन्द्र अजा ने आज सुबह अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया जिससे उसकी मौत हो गई। sehore fursat

Monday, February 18, 2008

आष्टा टीआई उपाध्याय कोतवाली सीहोर आये अतीक खान गये आष्टा

दो दिन में हो गया आंदोलन का असर
आष्टा 17 फरवरी (फुरसत)। पिछले लम्बे समय से आष्टा नगर क्षेत्र में स्थानीय थाना प्रभारी की निष्क्रियता के कारण एक तरह से पूरा क्षेत्र चोर, जुंआरियों, सटोरिये एवं असामाजिक तत्वों के हवाले सा हो गया था। तभी से नगर का आम जन वर्तमान थाना प्रभारी को हटाने की मांग कर रहा था। दो दिन पूर्व आष्टा नगर में एक व्यापारी मोतीलाल पाटीदार के यहाँ चोरों ने लगातार पाँचवी चोरी कर उस पर हमला तक कर दिया तब नगर के सभी व्यापारी संगठनों का रोष सड़क पर उतर आया था तथा सभी व्यापारी संगठनों ने टीआई उपाध्याय को हटाने की मांग को लेकर तथा नहीं हटाने पर नगर बंद की चेतावनी का ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम आष्टा को सौंपा था।
तब जाकर नीचे से लेकर ऊपर तक हलचल प्रारंभ हुई तब जिला पुलिस अधीक्षक डॉ राजेन्द्र प्रसाद एवं भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी ने प्रभारी मंत्री से हुई चर्चा के आधार पर व्यापारियों से तीन दिन का समय मांगा। व्यापारियों ने इनकी बात पर विश्वास कर नगर बंद का आव्हान वापस लेते हुए समय दे दिया था।
आज भाजपा नगर अध्यक्ष ललित नागौरी ने बताया कि सीहोर कोतवाली टीआई अतीक खान को आष्टा टीआई के रुप में पदस्थ किया गया है तथा आष्टा टीआई को कोतवाली सीहोर में भेजा गया है। उक्त खबर आते ही नगर के व्यापारियों में हर्ष व्याप्त है। fursat sehore

गंज पानी टंकी की पाईप लाईन के 30 लाख कहाँ गये

गंज के ३५ हजार लोगों के साथ कर रही नगर पालिका छल
सीहोर 17 फरवरी (फुरसत)। वार्ड 12 अयोध्या बस्ती घोषित की गई थी जहाँ जनसुविधाओं की योजनाएं भी लागू हुई। क्षेत्र में जल प्रदाय हेतु एक विशाल पानी की टंकी का निर्माण कराया साथ ही पाईप लाईन के लिये मध्य प्रदेश शासन ने 30 लाख रुपये की भारी भरकम राशि का आवंटन नगर पालिका को किया ? इस राशि को आये 2 साल बीत चुके हैं लेकिन नगर पालिका की अकर्मण्यता के चलते आज तक यहाँ यह जरा-सा कार्य नहीं हुआ है। हालांकि पाईप लाईन डालने के लिये निविदा स्वीकृत भी हो चुकी है लेकिन 6 माह से ठेके दार को कार्य आदेश नहीं दिया जा रहा है ? भ्रष्टाचार की अग्रोहा बनी नगर पालिका को क्या कोई पंसद ठेकेदार नहीं मिल रहा है जो स्वीकृति देने वालों को खुश कर दे या कुछ और बात है ? यह विषय जन चर्चा में है।
पूरा गंज क्षेत्र लम्बे समय से पेयजल संकट से जूझ रहा है। करीब 35 हजार आबादी वाले गंज क्षेत्र में पेयजल की समस्या हमेशा मुँह बाये खड़ी रहती है। नगर पालिका के वर्तमान अध्यक्ष यहाँ दिखावटी काम तो कराते हैं लेकिन मूलभूत समस्याओं की तरफ ध्यान ही नहीं देते।
उधर मध्य प्रदेश शासन ने गंज क्षेत्र वार्ड 12 को अयोध्या बस्ती घोषित किया है और वहाँ पेयजल आपूर्ति के लिये एक टंकी का निर्माण भी हो चुका है। इस विशेष उपलब्धि से जहाँ स्थानीय नागरिक खुश थे वहीं वर्तमान राकेश राय की अध्यक्षता वाली निकम्मी परिषद ने विगत दो साल से अभी तक यहाँ पाईप लाईन तक नहीं डलवाई है। जबकि 30 लाख रुपये की भारी भरकम राशि नगर पालिका को आवंटित हो चुकी है। स्थानीय पार्षद भोजराज यादव ने भी इस संबंध में एक समाचार विज्ञप्ति जारी की है।
हालांकि 3000000 लाख रुपये की भारी भरकम राशि को डकारने या किन्ही दूसरे कामों में लगा देने के सारे प्रयास विफल हो जाने के बाद ही मजबूरन यहाँ करीब 6 माह पूर्व निविदा आमंत्रित कर पाईप लाईन लगवाने की कवायद शुरु की गई थी। लेकिन इस मामले में भी ठेकेदारों ने सक्रियता दिखाते हुए जब निविदाएं कम से कम मूल्य की डाल दीं और उसे स्वीकृति देनी पड़ गई तो अब राकेश राय की अध्यक्षता वाली परिषद और मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनमानी करते हुए अभी तक ठेकेदार को कार्य का आदेश नहीं दे रहे हैं ? क्याें नहीं दे रहे हैं ? क्या इससे कमीशन की पटरी नहीं बैठ रही है ? क्या अध्यक्ष राकेश राय इस ठेकेदार से संतुष्ट नहीं है ? क्या ठेकेदार कुछ उनके अनुसार उनकी इच्छा पूरी नहीं कर पा रहा है ? आखिर क्या कारण है कि पाईप लाईन डलने का कार्य शुरु नहीं हो रहा।
आगामी गर्मी के दिनों में जब जनता पानी के लिये त्राही-त्राही करेगी और टेंकर चलाकर लाखों रुपये बर्वाद किये जायेंगे उस समय निश्चित ही गंज क्षेत्र में काफी समस्या आयेगी। यहाँ स्थानीय पार्षद भोजू यादव ने तो अयोध्या बस्ती में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के विरुध्द कार्यवाही की मांग कर डाली है। उन्होने शासन की महत्वपूर्ण योजना को विफल करने की साजिश बताया है ताकि इससे भाजपा की छवि धूमिल हो जाये।
भोजराज यादव ने नगर पालिका पर आरोप लगाया है कि जानबूझकर गंज में काम नहीं कराकर बदला लिया जा रहा है और जब गर्मी में गंज क्षेत्र की जनता आंदोलन करेगी तो भारी परेशानी आयेगी। fursat sehore

Sunday, February 17, 2008

परमार के नेतृत्व में 100 से अधिक वाहन भोपाल पहुँचे, सर्वाधिक जोरदार स्वागत किया परमार ने

जसपाल, अभय, बलवीर, कमलेश, राजकुमार के नेतृत्व में भी गये वाहनों के काफिले
सीहोर 16 फरवरी (विशेष संवाददाता)। कांग्रेस के नेतागण जो कुछ कहें वो तो राम जाने लेकिन आज सुबह नगर भर के कांग्रेसियों द्वारा सुरेश पचौरी के स्वागत की तैयारियाँ की जाते जो देखी गई उसके मुताबिक यदि कहा जाये कि आष्टा नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार एक सौ एक और सीहोर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय सिर्फ एक वाहन लेकर पचौरी का स्वागत करने गये तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगी। सुबह 10.30 बजे तक कांग्रेस के सारे वजनदान सुरेश पचौरी समर्थक नेता अपने-अपने क्षेत्र में ही थे और वाहन बड़ी संख्या में रवाना कर रहे थे। जसपाल अरोरा से सीहोर में जैसी उम्मीद थी वैसा ही हुआ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से उन्होने अनेक वाहन तैयार करवाकर भेजे फिर 6-7 वाहनों का काफिला सबसे आखिरी में वह अरोरा पेट्रोल पंप से ले जाते हुए 10.30 बजे के आसपास देखे गये।
कमलेश कटारे अपने समर्थकों के साथ कोतवाली चौराहे पर लगभग इसी समय खड़े थे यहाँ 4-5 वाहन भी थे लेकिन इनके समर्थकों से भरी एक नीली बस भी भोपाल जाने के समाचार मिले हैं।
इधर इसी समय पुरानी अदालत के पीछे छावनी में कांग्रेस के उभरते सितारे बलवीर तोमर ढेर सारे समर्थकों के साथ 5-6 वाहन लेकर खड़े थे इनके समर्थक यहाँ वाहनों में भरा-भराकर रवाना हो रहे थे।
उधर लीसा टाकीज प्रांगण में युवक कांग्रेस नेता राजकुमार जायसवाल के समर्थकों से भी प्रांगण भरा हुआ था। यहाँ उनके समर्थक वाहन तैयार कर रहे थे और यहाँ करीब 5-6 वाहन प्रांगण में खड़े देखे गये। जिसमें युवक कांग्रेस के युवाजन व भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ता भी शामिल थे।
जैसा की उम्मीद थी कि सुरेश पचौरी का स्वागत करने के नाम पर राकेश राय ने भी प्रयास किया लेकिन वो अपने गिनती के पार्षद साथियों के साथ ही घूमते दिख रहे थे। इनके समर्थन में अलग से कोई दृष्टिगोचित नहीं हुआ। हालांकि युवक कांग्रेस के समर्थकों से भरे वाहनों में राकेश राय मित्र मण्डली लिखा देखा गया।
इस प्रकार जो देखा गया वो दृश्य उपरोक्त था। कल तक नगर के सारे कांग्रेसी नेताओं की शानदार स्वागत की विज्ञप्तियाँ आयेंगी जिसमें यह भी उल्लेख होगा कि वह कितने लोग ले गये ? कितने वाहन ले गये जिसमें संख्या बहुत अधिक भी होगी, तो उनकी वह अधिकृत जानकारी भी प्रकाशित की जायेगी। क्योंकि यह खबर आंखो देखी है इसलिये संख्या जो निश्चित समय पर दिखी वह लिखी गई है।
उधर हमारे आष्टा संवाददाता के अनुसार आष्टा से करीब 100 से अधिक वाहन गये होंगे। जबकि कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार के अनुसार आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित न सिर्फ आष्टा बल्कि इछावर, नस.गंज, श्यामपुर, दोराहा व आदि अनेक स्थानों से वाहन कांग्रेस के बेनर तले आये थे। इन्होने लाल घांटी पर जिला कांग्रेस सीहोर का भव्य मंच बनाकर स्वागत किया था जहाँ इतनी भीड़ थी कि एक रास्ता ही रुक गया था और पचौरी के पूरे स्वागत रैले में सर्वाधिक भीड़ का हुजूम इसी स्थान जमा था जिसके कारण खुद पचौरी जी अचंभित हो गये थे। उन्होने वाहन पर ही मंच से कैलाश परमार को बुलाया और करीब 5 मिनिट तक यहीं खड़े रहे। यहाँ भारी भीड़ के कारण पचौरी काफिले के वाहनों को निकलने में मुश्किल का सामना करना पड़ा। आज इछावर के अभय मेहता ने भी जोरदार झांकी जमा दी। सहकारी नेता के रुप में इछावर के वह कद्दावर नेता है यह भी देखने को मिल गया। करीब 30-35 वाहनों का काफिला इनके साथ पूरे ताम-झाम के साथ भोपाल पचौरी का स्वागत करने पहुँचा था।
हालांकि सूत्रों का कहना है कि कटारे और जसपाल अरोरा ने भी अलग-अलग मंच बनाकर स्वागत किया। लेकिन राकेश राय के साथ कितनी भीड़ थी वो कहाँ थे यह सूत्र जो कह रहे हैं उसे प्रकाशित करने से अच्छा रहेगा कि कल उनकी विज्ञप्ति का ही इंतजार कर लिया जाये। fursat sehore
क्या 9 आदमी हैं तीन वाहन में जायेंगे, हओ भैया..........
सीहोर। बस स्टेण्ड पर एक युवक जो वाहन व्यवस्था से जुड़ा है, खुद ड्रायवर है। इसके पास खड़े फुरसत के एक संवाददाता ने उसके द्वारा मोबाइल पर बात करते हुए जो उसके शब्द थे वह सुने जो इस प्रकार हैं। निश्चित ही यह शब्द यह अंदाज लगाने के लिये काफी हैं कि किसी कांग्रेस नेता का ही उसको फोन आया होगा। वह बात कर रहा था कि ''क्या 3 वाहन अभी इस समय करने हैं....हओ साब करता हूँ....कहाँ ? क्या ? 9 आदमी हैं तीन वाहन में जायेंगे ? हओ भैया लाता हूँ।''

भाई की हत्या के आरोपीगण भाई एवं भतीजे को आजीवन कारावास

आष्टा 16 फरवरी (फुरसत)। न्यायालय श्री राजेश श्रीवास्तव द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रेक कोर्ट आष्टा द्वारा प्र.क्रं.13907 म.प्र.राय वि.गंगाराम आदि में आरोपीगण गंगाराम पुत्र मोतीलाल एवं उसके पुत्र विजेन्द्र कुमार निवासी ग्राम धरमपुरी थाना सिध्दिकगंज तह.आष्टा को निर्णय पारित करते हुए धारा 30234 भादसं. के आरोप में आजीवन कारावास सश्रम एवं 10-10 हजार रुपये के अर्थदण्ड से एवं धारा 32334 भादसं. के अन्तर्गत 6-6 माह के सश्रम कारावास एवं धारा 506 (2) भादसं के अंतर्गत दोनो को एक-एक वर्ष के सश्रम कारावास से दंडित किया। अभियोजन के अनुसार संक्षिप्त घटना इस प्रकार है कि घटना 16 जून 07 को दिन के लगभग 12 बजे जब मृतक भागीरथ ग्राम धरमपुरी में अपने पर था तो उक्त आरोपी गंगाराम कुल्हाड़ी एवं विजेन्द्र लाठी लिये गाली देते हुए आये। मृतक भागीरथ द्वारा मना करने पर आरोपी गंगाराम ने कुल्हाड़ी से विजेन्द्र व मनोज ने जान से मारने की नियत से लठ से मारना शुरु कर दिया। मृत भागीरथ ने भागना चाहा तो तीनों ने उसे रोक दिया। मृतक भागीरथ की पत्नि पायलबाई बचाने आई तो आरोपी गंगाराम ने उसे भी लठ से पीठ में मारकर चोंट पहुँचाई। मारपीट के बाद आरोपीगण यह धमकी देकर गये कि आज तो बच गया आईंदा जान से खत्म कर देंगे। मृतक भागीरथ द्वारा थाना सिध्दिकगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई तत्पश्चात सिध्दिकगंज पुलिस द्वारा अस्पताल में मेडिकल परीक्षण उपरांत उसे आष्टा अस्पताल रेफर किया गया जहाँ उसकी चोटों के कारण मृत्यु हो गई। उल्लेखनीय है कि मृतक भागीरथ गंगाराम आरोपी का भाई एवं विजेन्द्र का सगा चाचा था तथा एक साधारण से भूमि के विवाद को लेकर इस प्रकार दिन दहाड़े हत्या की गई थी।अभियोजन पक्ष की और से कुल 14 साक्षी अपने समर्थन में प्रस्तुत किये जबकि बचाव पक्ष की और से मृतक की माता एवं अन्य साक्षी के कथन माननीय न्यायालय में कराये गये। विद्वान न्यायाधीश महोदय द्वारा प्रकरण में आई साक्ष्य का गंभीर अवलोकन कर अभियोजन पक्ष द्वारा उक्त आरोपीगण को दोष सिध्द पाते हुए दंडित किये जाने का निर्णय पारित किया। साथ ही अर्थदण्ड की राशि में से मृतक की विधवा को प्रतिकर राशि के रुप में 15 हजार रुपये दिये जाने का भी आदेश निर्णय में दिया। प्रकरण में म.प्र.शासन की और से अतिरिक्त लोक अभियोजक बी.एस. ठाकुर अतिरिक्त लोक अभियोजक आष्टा द्वारा पैरवी की गई। fursat sehore

पद्मश्री गोकुलोत्सव जी महाराज सीहोर में श्रीनाथ जी की हवेली का भूमि पूजन करेंगे

सीहोर 16 फरवरी (फुरसत)। भारतीय संस्कृति की ध्वजा को विश्व में फहराने वाले अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्घन्य विद्वान एवं शास्त्रीय गायन में विश्व वंदनीय तथा अनेकों शास्त्रों के वेत्ता आचार्य डॉ. गोकुलोत्सव जी महाराज को भारत सरकार ने हाल ही में पद्मश्री से अलंकृत किया। इस उपलब्धि पर सीहोर का पुष्टिमार्गीय वैष्णव समाज समारोह पूर्वक आचार्य का आगामी 18 फरवरी को अग्रवाल पंचायती भवन में शाम 4 बजे सम्मान करेगा। इसी दिन आचार्य जी अपने कर कमलों में खजांची लाईन स्थित गोवर्धननाथ जी की हवेली के पुन:निर्माण अवसर पर आयोजित होने वाले भूमि पूजन समारोह में दोपहर एक बजे हवेली की आधारशिला रखेंगे। इस समारोह को लेकर नगर में खासे उत्साह का वातावरण निर्मित हो रहा है। fursat sehore
ऐतिहासिक महत्व की श्रीनाथ जी की हवेली
खजांची लाईन स्थित श्रीनाथ जी की हवेली ऐतिहासिक महत्व की ईमारत रही है, इसमें श्री गोवर्धननाथ जी विराजे। अब पुष्टिमार्गीय वैष्णव मण्डल ने इस अनुपम धरोहर वाले स्थल को पुन:निर्माण की अभिनव पहल की है। इस स्थल पर भव्यता के साथ श्री गोवर्धननाथ जी की हवेली का निर्माण का संकल्प वैष्णव मण्डल के सदस्यों ने लिया। इसका भूमि पूजन विश्व वंदनीय आचार्य डॉ. गोकुलोत्सव महाराज जी स्वयं अपने कर कमलों से करेंगे। 18 फरवरी को दोपहर 1 बजे यह भूमि पूजन समारोह आयोजित होगा।
विश्व वंदनीय आचार्य डॉ. गोकुलोत्सव जी महाराज
हाल ही में भारत सरकार ने पदमश्री अलंकरण से शास्त्रीय गायन में विश्व वंदनीय मूर्घन्य विद्वान एवं डीलिट की उपाधि से अलंकृत आचार्य डॉ.गोकुलोत्सव जी महराज को नवाजा। आचार्य डॉ.गोकुलोत्सव जी महाराज अंतराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मूर्घन्य विद्वान एवं शास्त्रीय गायन में विश्व वंदनीय है, न केवल अनेक शास्त्रों के वेत्ता हैं।
आपके ऊपर दो बार डाक्टरेट हो चुकी है तथा पूय महाराज श्री को डीलिट की उपाधि से अलंकृत किया गया है। पूय गोकुलोत्सव जी महाराज श्री ने 58 सोमयज्ञ कर देश-विदेश में संगीत, तत्वज्ञान और भारतीय संस्कृति की ध्वजा फहराई है एवं भारतीय सभ्यता व सिध्दांत का शंखनाद किया है। सृजनशील, कर्मयोगी महाराज श्री ने अनेक विषयों पर निबंध, उपनिषद एवं गीता पर भवयघ् एवं कण्ठाभरण भाष्य होम्योपैथी पर पुस्तिकाएं, यूनानी पर उर्दू में मुअल्लं दवासाजी तथा आयुर्वेद पर भी ग्रंथ लिखे हैं।
मधुरपिया उपनाम से उर्दू, हिन्दी, फारसी, वृजभाषा व इसके अतिरिक्त संस्कृत में भी चतुष्पदी, षटपदी, अष्टपदी, गीतिकाएं, छंद, प्रबंध, ध्रुवपद, विष्णुपद आदि की रचनाएं की हैं। पूय गोकुलोत्सव जी को वेद वाचस्पति ब्रह्माविद्या ब्रहस्पति, नाद ऋषि, तर्कवादीभ पंचानन, वेदांत भास्कर, संगीत विश्व मार्तण्ड, श्रेष्ठकला आचार्य, तान सम्राट, दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सममानित, मिलेनियम अवार्ड यूएसए, डाक्टरेट डीलिट, वि.वि.उजैन, ग्लोरी ऑफ द नेशन राष्ट्रगौरव, कॉस्ट जर्मनी, इंटरनेशनल मेलोडी अवार्ड जर्मनी, हिन्दुस्तान लाईफटाइम एचिवमेंट अवार्ड, अभिनव संगीत रत्न अवार्ड, अमीर खां संगीत रत्न अवार्ड, शताब्दी सम्मान, अ.पु.वैष्णव परिषद और 7 दिसम्बर को संगीत का सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय तानसेन सम्मान अलंकरण प्रदान किया गया। fursat sehore

ट्रक में भरकर जा रहे 14 बैल अमलाहा चौकी पर पकड़े

आष्टा 16 फर.। आष्टा से सीहोर की और एक ट्रक क्रमांक एमपी 35 एच. 1521 में भरकर जा रहे 14 बैल का ट्रक जब अमलाहा चौकी पहुँचा तो बेरियर पर चौकी प्रभारी श्री सेंगर ने उक्त ट्रक को रोककर जांच की तो उसमें 14 बैल भरे पाये गये। पुलिस ने इन 14 बेलों को पकड़कर आरोपी गोपाल, भगवान सिंह, मोहन एवं राहुल निवासी थाने के पीछे आष्टा के खिलाफ पशु क्रू रता अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज किया। fursat sehore

हड़म्बा मशीन से जख्मी ग्रामीण की मौत

आष्टा 16 फरवरी (फुरसत)। ग्राम पगारिया चोर में आज दोपहर को हड़म्बा मशीन से जख्मी हुए एक ग्रामीण की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आष्टा अन्तर्गत आने वाले ग्राम पगारिया चोर निवासी मेहबूब खां का बड़ा भाई 40 वर्षीय मकबूल खां पुत्र हमीद खां आज दोपहर अपने बाड़े में हड़म्बा मशीन से मसूर की फसल निकाल रहा था, बताया जाता है कि हड़म्बा मशीन इनके स्वयं की है जो ट्रेक्टर पर चल रही थी तभी मेहबूब खं ने देखा कि पत्थर निकालने के प्रयास में इसके भाई मकबूल खां का बायां पैर हड़म्बा मशीन में चला गया जिससे पूरा पैर चुरा गया तथा मकबूल खां को गुप्तांग एवं पेट में भी चोंटे आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। fursat sehore

सूने घर में चोरों ने किया हाथ साफ

आष्टा 16 फरवरी (फुरसत)। म.प्र.विद्युत मंडल में पदस्थ डॉ.आर. पी.श्रीवास्तव जो कि शिवपुरी गये थे तथा घर पर ताला लगा था। पड़ोसियों से घर की निगरानी का बोल गये थे। खबर है कि चोर इनके घर में से सोना चाँदी के जेवर तथा नगदी ले गये थे। पुलिस का कहना है कि शिवपुरी से श्रीवास्तव लौटेंगे तभी ज्ञात होगा कि चोर क्या-क्या सामान ले गये हैं कल रात्री में जिला पुलिस अधीक्षक ने यहाँ का भी निरीक्षण किया बाद में वे थाने भी गये थे। पड़ोसी गजराज ने चोरी हो गई है कि रिपोर्ट दर्ज कराई है। fursat sehore