Friday, January 23, 2009

लोक कल्याण शिविर में हुआ समस्याओं का निदान

सीहोर : 22 जनवरी (नि.सं.)। जिले के इछावर विकासखंड मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर में जनसमस्याओं का निराकरण किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरूण कुमार तोमर की मौजूदगी में अधिकारियों ने आवेदनों का मौके पर ही निदान किया। शिविर में नि:शक्तजनों को केलिपर्स, श्रवण यंत्र, कृत्रिम पैर और बैसाखी जैसे उपकरण प्रदान किए गए। ग्रामीणों को अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

आवेदनों का निराकरण

जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर में प्राप्त 45 आवेदनों में से 30 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया और शेष 15 आवेदन का समय सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौपे गए। शिविर में राजस्व विभाग से संबंधित 21 में से 11 और सामाजिक न्याय विभाग से संबंधित 6 में से 5 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। विद्युत विभाग को प्राप्त 5 में से 4, ग्रामीण विकास के 4 में से 4, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 3 में से 3 आवेदनों का शिविर में निराकरण हुआ। शिविर में स्वास्थ्य, सहकारिता और लोक निर्माण विभाग से संबंधित एक एक आवेदन प्राप्त हुए थे जिन्हें भी निराकृत किया गया। बैंक, नगर पंचायत और रोजगार गारंटी योजना से संबंधित एक एक आवेदनों पर एक सप्ताह में कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।श्

पेंशन स्वीकृत

ग्राम नरसिंगखेड़ा के नि:शक्त श्री कमलसिंह और ब्रिजिसनगर की श्रीमती गीताबाई का लोक कल्याण शिविर में आना सार्थक हो गया। इनके पेंशन आवेदनों की सुनवाई करते हुए सीईओ जिला पंचायत श्री अरूण कुमार तोमर ने नि:शक्त कमलसिंह और विधवा श्रीमती गीताबाई को सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मंजूरी प्रदान की।

नि:शक्तजनों को मिला शिविर का लाभ

लोक कल्याण शिविर में 171 नि:शक्तजनों द्वारा पंजीयन कराया गया। इनमें 100 अस्थि बाधित, 29 दृष्टि बाधित, 25 मानसिक और 18 श्रवण बाधित नि:शक्त शामिल थे। उत्थान अभियान के तहत 12 नि:शक्तजनों को केलिपर्स, 2 को बैसाखी, 4 को कृत्रिम पैर और 5 नि:शक्त व्यक्तियों को श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। ये सभी उपकरण इंदौर की सामाजिक संस्था भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के माध्यम से नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए। सीईओ श्री तोमर ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा नि:शक्तजनों के लिए तैयार किए जा रहे कृत्रिम अंग निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन भी किया।

 

हितग्राहियों को चैक

शिविर में 3 हितग्राहियों को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजनांतर्गत 10-10 हजार रूपयों की राशि के चैक प्रदान किए गए। इनमें लाउखेड़ी की श्रीमती सलमा बी, ग्राम आर्या की श्रीमती मुलिया बाई और ग्राम कालापीपल की श्रीमती तेलूबाई शामिल हैं। इसी तरह शासन की स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत ग्राम कालापीपल के श्री भगवान सिंह, कल्याणपुरा के श्री मुकेश कुमार बाबूलाल और ग्राम ढाबला राय के श्री मुकेश कुमार देवी सिंह को 50-50 हजार की ऋण स्वीकृति / वितरण पत्र प्रदान किए गए।

सूचना शिविर आयोजित

जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर के साथ ही जनसम्पर्क विभाग का सूचना शिविर आयोजित किया गया जिसमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, वन, खाद्य,राजस्व, पशुपालन, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी देते हुए ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। इछावर जनपद सीईओ श्री आर. के. वर्मा ने मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, समग्र स्वच्छता अभियान एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के संबंध में विस्तार से बताया। शिविर में एसडीएम श्री रविशंकर पटले सहित जिला एवं खण्ड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि श्री कैलाश चन्द्रवंशी सहित अन्य पंचायत पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे। विभाग द्वारा यहां शासन की विभिन्न योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी शिविर का संचालन कृषि विभाग के आरएईओ श्री प्रफुल्ल कुमार चतुर्वेदी ने किया।.
.

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

टेलरिंग का नि:शुल्क प्रशिक्षण

सीहोर : 22 जनवरी (नि.सं.)। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा प्रायोजित स्टॉर स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ने भोपाल, सीहोर और राजगढ़ जिले की बेरोजगार महिलाओं को टेलरिंग तथा ड्रेस डिजाइनिंग का नि:शुल्क प्रशिक्षण देना सुनिश्चित किया है।

संस्थान के निदेशक राकेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए कुछ जरूरी अर्हताए निर्धारित की गई हैं जिसके मुताबिक आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और शैक्षणिक योग्यता 8वीं परीक्षा पास होना चाहिए। आवेदक का सीहोर, भोपाल या राजगढ़ जिले का स्थाई निवासी होना जरूरी है। राजगढ़ और सीहोर जिलो की पात्र आवेदक अपने जिलों के अग्रणी जिला प्रबंधक कार्यालय में नामांकन करा सकती हैं। प्रशिक्षण 23 फरवरी,09 से बैंक ऑफ इंडिया भवन चतुर्थ तल अरेरा हिल्स भोपाल में होगा।
.
.

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

पल्स पोलियो अभियान के तहत बैठक

सीहोर : 22 जनवरी (नि.सं.)। एक फरवरी,09 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के सिलसिले में 23 जनवरी,09 को माइक्रो प्लानिंग समीक्षा बैठक आयोजित की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एक फरवरी को आयोजित होने जा रहे पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान के तहत एक माइक्रो प्लानिंग समीक्षा बैठक का आयोजन उनके कार्यालय में 23 जनवरी,09 को प्रात: 10.30 बजे किया गया है। बैठक की अध्यक्षता स्टेट सर्वेलेन्स मेडिकल ऑफीसर डॉ. ओ.पी.तिवारी करेंगे। इस सिलसिले में सभी बीएमओ को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान की कार्ययोजना के साथ अपने अपने कार्यक्षेत्र में बिहार और उत्तर प्रदेश से आकर बसे परिवारों की जानकारी लेकर बैठक में मौजूद रहें।.
.

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

जमोनियाखुर्द पहुंचा प्रशासन, देर रात तक हुई ग्रामीणों से बातें

सीहोर : 22 जनवरी (नि.सं.)। ग्रामीणों से उनकी समस्याओं पर चर्चा कर उनका निदान करने और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरूण कुमार तोमर बीती रात सीहोर विकासखंड के ग्राम जमोनियाखुर्द पहुंचे। उन्होंने देर रात तक ग्रामीणों से रूबरू चर्चा की और समस्याओं की जानकारी प्राप्त कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने जनसमस्याओं का निराकरण किया।

परख कार्यक्रम की समीक्षा

ग्रामीणों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की सीईओ श्री तोमर द्वारा समीक्षा की गई। परख कार्यक्रम के तहत हैण्डपम्प की स्थिति, विद्युत आपूर्ति, उचित मूल्य की दूकान से खाद्यान्न वितरण, आंगनवाडी केन्द्र का संचालन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की स्थिति, गांव में अतिक्रमण, पट्टों की स्थिति, पशुओं का उपचार, टीकाकरण सहित विभिन्न जनोपयोगी मुद्दों पर चर्चा की गई।

हैण्ड पम्प मैकेनिक की वेतन वृध्दि रोकी

ग्राम जमोनियाखुर्द में काफी समय से बिगड़े हैण्ड पम्पों की मरम्मत नहीं होने और इस कार्य में हैण्ड पम्प मैकेनिक की लापरवाही उजागर होने पर जिला पंचायत सीईओ श्री तोमर ने पीएचई के कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि वे हैण्ड पम्प मैकेनिक की एक वेतनवृध्दि तत्काल प्रभाव से रोक दें।

तत्काल आती है जननी सुरक्षा एक्सप्रेस

स्‍वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान ग्रामीणों से जननी सुरक्षा एक्सप्रेस के बारे में पूछे जाने पर ग्रामीणों ने बताया कि इस गांव में आवश्यकता पड़ने पर जननी सुरक्षा एक्सप्रेस तत्काल उपलब्ध हो जाती है और ग्रामीणों के पास इसका फोन नंबर है।

उचित मूल्य दूकान खुलेगी

मोनिया खुर्द के ग्रामीणों को उचित मूल्य की दूकान से खाद्यान्न एवं केरोसिन के लिए सात किलोमीटर दूर झरखेड़ा अब नहीं जाना पड़ेगा। खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान सीईओ श्री तोमर ने निर्देश दिए कि गांव में ही उचित मूल्य की उप दूकान खोलने की कार्यवाही की जाय।

मिल रहा है योजनाओं का लाभ

मोनिया खुर्द में रात्रि विश्राम के दौरान श्री तोमर ने ग्रामीणों से मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, शिक्षकों, एएनएम एवं फील्ड अधिकारियों की उपस्थिति और उनके भ्रमण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कृषि विभाग के आरएईओ को निर्देश दिए गए कि वे प्रत्येक शुक्रवार को प्रात: 10 से 5 बजे तक गांव में मौजूद रहकर ग्रामीणों को कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएं। लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन सड़क पर बिजली के झूलते तारों को व्यवस्थित करने की कार्यवाही के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारी को दिए गए।

गांव को स्वच्छ बनाएं

सीईओ श्री तोमर ने ग्रामीणों से कहा कि वे अपने गांव को स्वच्छ और साफ सुथरा रखें और इसे निर्मल ग्राम बनाएं। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की जानकारी देते हुए निर्मल नीर, निर्मल वाटिका और कपिलधारा योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया। जनपद सीईओश्री पुरूषोत्तम शर्मा, उपसंचालक कृषि श्री एन.एस.रघु, डीपीसी डॉ. आर.आर.परमार सहित अन्य अधिकारी इस मौके पर मौजूद थे।.
.

हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।