Sunday, December 28, 2008

आसमान से बादल साफ होते ही ठंड ने जोर पकड़ा

जावर 27 दिसम्बर (नि.प्र.)। आसमान में छाये बादल छटते ही ठंड ने जोर पकड़ा ठंड के कारण लोगों ने किया गर्म कपड़े पहना शुरू अच्छी ठंड शुरू हाने से फसल को होगा फायदा। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल छाये रहने से ठंड बिल्कुल गायब हो गई थी। तेज ठंड नहीं पड़ने से किसान भी चिंतित होने लगा था इसके अलावा गर्म कपड़ों का व्यापार भी ठंड नहीं पड़ने से मंदा पड़ा था लेकिन दो तीन दिनों से आसमान में छाये बादल अब पूरी तरह से साफ हो गये है।

      बादल साफ होते ही तेज ठंड पड़ना शुरू हो गई। ठंड शुरू होने के साथ ही जगह-जगह ठंड से बचने के लिए लोग अलाव जलाने लगे है साथ ही गर्म कपड़ों का सहारा भी लेने लगे है सुबह शाम के अलावा दिन में भी गर्म कपड़े पहने दिखाई देते है लोग ठंड के कारण सुबह की कुन-कुन धूप भी सुहानी लगने लगी है। ठंड से बचने के लिए बच्चे भी अपनी पढ़ाई आंगन या छत पर धूप में बैठकर पढ़ना पसंद कर रहे है। सेकूखेड़ा के कृषक देवरण ने बताया कि कुछ समय से ठंड नहीं पड़ने से गेहूं चने की फसल ठी से बढ़ नहीं पा रही थी उक्त फसल के लिए ठंड पड़ना भी जरूरी रहता है। कृषक मांगीलाल ने बताया कि दो तीन दिनों से अच्छी ठंड पड़ने लगी है जिससे गेहूं चने की फसल को फायदा होगा साथ ही चने की फसल में पड़ रही इल्ली में भी ठंड के कारण कमी आएगी।

      कृषक लखन सिंह ने बताया कि दो दिनों से अच्छी पड़ रही ठंड से गेहूं की फसल में चमक दिखाई देने लगी है। वही कुछ किसानों का मानना है कि यदि ठंड के साथ सुबह-सुबह कई हल्की हवा चल गई तो जल्दी बोई गई चने की फसल जिसमें इस समय भरपूर फूल आ रहे तो कई खेतों में दाना बैठने लगा है को नुकसान भी हो सकता है। 

माहेश्वरी समाज के चुनाव सम्पन्न सुरेश सचिव बने

      सीहोर 27 दिसम्बर (नि.सं.)। गत दिनों सीहोर माहेश्वरी समाज के चुनाव सपन्न हुए। चुनाव मे  राधारमण कासट को सर्वसम्मित से आगामी 3 वर्ष के लिये अध्यक्ष चुना गया,कासट को कार्यकारिणी गठन हेतु अधिकृत किया गया।

      कासट ने कार्यकारिणी गठन मे युवा समाज सेवी सुरेश साबू को सचिव,कमल भंवर व पंकज भंवर को उपाध्यक्ष,प्रदीप साबू को कोषाध्यक्ष,महेश माहेश्वरी व विजय हरकट को सांस्कृतिक सचिव,सत्तनारायण चांडक प्रचार सचिव, व भवन व्यवस्थापक धनश्याम दास घूत को नियुक्ति किया गया है। कार्यकारिणी में शांतीलाल साबू, मनोहर भंवर, जगदीश सोडानी, पुरषोत्तम कुईया, अक्षय कासट, अशोक बिहाणी, वल्लभ बियाणी, मनमोहन राठी, गोपाल चांडक, राकेश बांगड, पंकज, मनोज झंरव, योगेश राठी, अनिल सोडानी, शरद बाहेती, श्री गोपाल मंत्री का मनोनयन किया गया है। डॉ. सुरेश झंवर, श्रीमती अंजना हुरकट, सत्यमामा मत्री, सरोज झंवर, रजनी बाहेती, राधा सोडानी, पवन साबू पदेन सदस्य रहेगी।

Saturday, December 27, 2008

क्यों भैंसों का श्राप ले रहे हो... पशु चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्था से परेशान पशुपालक

सीहोर 26 दिसम्बर (नि.सं.)। पशु चिकित्सालय में पदस्थ चिकित्सक भी निजी प्रेक्टिस कर स्वयं को धन्य करने में लगे हुए हैं और जब कभी शासकिय स्तर पर इन्हे पशुओं की सेवा करने का सौभाग्य मिलता है तो यह उसे टाल जाते हैं। जबकि शासकिय दवाओं को अपने बेग में भरकर ले जाते हैं और फिर निजी प्रेक्टिस में इसका उपयोग कर लेते हैं। कई पशुओं को बीमारी की अवस्था में देखते रहते हैं लेकिन इलाज करने से बचते हैं। यदि पशु पालक यादा बात करें तो कह देते हैं कि मेरा स्थानान्तरण हो चुका है इसलिये मैं पशु नहीं देखूंगा।

      पशु चिकित्सालय इन दिनो पशुवत व्यवहार के कारण परेशानी का कारण बन गया है। मूक पशुओं के प्रति संवेदनहीन एक पशु चिकित्सक के व्यवहार ने यहाँ लम्बे समय से पशु पालकों को परेशानी में डाल रखा है। यहाँ आने वाले मुख्यत: ग्रामीण क्षेत्र के पशु पालकों के पशुओं का इलाज तो होता ही नहीं है या तो उन्हे चिकित्सक का अभाव बता दिया जाता है, या कम्पाउण्डर नहीं होने की बात कही जाती है।

      पशु चिकित्सालय में यूँ तो भारी मात्रा में दवाईयाँ प्रशासन उपलब्ध कराता है लेकिन जब कभी किसी मूक पशु के इलाज के लिये दवाई की जरुरत पड़ती है तो यहाँ उसे उपलब्ध ही नहीं होती है आखिर लाखों रुपये की दवाईयाँ बिना लगे ही कैसे गायब हो जाती है यह एक जांच का विषय है।

      एक बाबू हैं कि बस गुटका चबाते हुए बैठे रहते हैं और काम करने के नाम अलसाते हैं। यहाँ आने वाली दवाईयाँ इनके बेग में चुपचाप रखा जाती है और फिर सेटिंग से यहाँ से दवाई की चोरी हो जाती है।

      बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं का इलाज करने यह निजी प्रेक्टिस करने शासकिय दवाओं के साथ जाते हैं और वहाँ शासकिय दवाओं को लगाकर ग्रामीण पशु पालकों से भारी भरकम रुपये वसूलते हैं।

      इन्ही यह अदा भी है कि जब कभी कोई पशु पालक यहाँ इलाज कराने आता है तो उसे बजाये चिकित्सालय से दवाएं उपलब्ध कराने के सीधे बाहर की दवाएं लिख देते हैं जिससे पशु पालकों को परेशानी होती है।

      पशु चिकित्सा विभाग के एक उच्चस्थ अधिकारी को खाने-पीने का जरा यादा ही शोक फरमाया हुआ है, इनका शोक कैसे पूरा हो ? इसके लिये एक जुगाड़ बनाई गई है। जुगाड़ यह है कि यहाँ पशु चिकित्सालय में दवाओं की चोरी की खुल्ली छूट दी गई है जिससे होने वाली कमाई के रुपयों से आये दिन मुर्गा-पार्टी का आयोजन होता है। इनके खाने-पीने की आदत पशुओं को भारी पड़ रही है। पशुओं के हिस्से का माल इनके पेट में जा रहा है।

      पशु चिकित्सालय में एक स्थानीय छुटभैया भाजपाई नेता भी अपने एक मित्र के साथ डटे ही रहते हैं...यूँ तो लोग अक्सर मनुष्यों के चिकित्सालय में बैठना पसंद करते हैं लेकिन इन छुटभैया नेता को जाने कौन-सा आनन्द मिलता है जो यह पशु चिकित्सालय में आने वाले पशुओं को गौर से देखकर उठाते हैं। इनकी भी उपस्थिति यहाँ परेशानी पैदा करती है, यहाँ किसी ना किसी प्रकार जुगाड़ बैठे-बैठे देखते हैं जिससे दबाव बनाकर कु छ जेब खर्च निकाल सकें।

      स्थिति तो यह बन गई है कि पिछले दिनों एक भैंस पशु पालक यहाँ आया तो था काफी देर तक परेशान होता रहा किसी ने उसकी सहायता नहीं की, उसकी भैंस के थन खराब हो गये थे, उसमें कीड़े पड़ गये थे, उसकी पेशाब में कीड़े भी पड़ गये थे जिसकी सफाई तो हो गई लेकिन उचित मार्गदर्शन, इंजेक्शन बाटल यहाँ नहीं दिया गया। हैरान परेशान पशु पालक यहाँ सबसे यही कह रहा है कि भैया क्यों भैंसो का श्राप ले रहे हो।

      पशुओं को भर्ती की व्यवस्था नहीं होने के कारण भी यहाँ एक बड़ी समस्या खड़ी हुई है जिला पशु चिकित्सालय होने के बावजूद यहाँ कोई व्यवस्था नहीं है। पशु कल्याण समिति के होते हुए यहाँ समस्याएं व्याप्त हैं।

...जब नदी किनारे अधिकारी ने पत्रकार को कर दिया पानी-पानी

सीहोर 26 दिसम्बर (नि.सं.)। सीवन नदी की सफाई के साथ ही वह पत्रकार भी सक्रिय हो गये थे और नदी के कीचड़ के साथ अपने पाप भी धोने की तैयारी में जुट गये थे जो अपनी नई-नई आदतों से कभी कभार चर्चा में आ जाते हैं। सीवन के किनारों ने कईयों को पार लगाया है, घर बैठे मक्खी मारने वाले लोग इसी सीवन से निकले कीचड़ में स्वयं को कमल बनाने में सफल हुए हैं....सीवन के इन्ही किनारों ने कईयों के बुझे हुए दीप जलाये हैं... सीवन के किनारों ने कईयों की कला को प्रखर किया है और ऊँचाईयाँ दी है....चंदा की किरणों में गोते लगाने का दुस्साहस भी सीवन के किनारे चलने वाली ठंडी हवाओं ने ही दिया....। जब-जब सीवन की सफाई हुई तब-तब नगर के कई लोगों की प्रशासनिक दूरियाँ नजदीकियों में बदली है।

      लेकिन लम्बे समय से ना तो यहाँ कोई सीवन के प्रति सोच रखने वाला आया और ना ही इस बहाने अधिकारियों से करीबी बनने का कोई सेतु बन सका। यह दीगर बात है कि सीवन के घांट पर ऐसे लोग अकेले में ही जाकर टहल आते हैं और कई बार उन पुरानी यादों में खो जाते हैं जब सीवन सफाई अभियान के साथ ही उनकी प्रशासनिक अधिकारियों से करीबी बनी थी....और बड़े अधिकारी से होने वाली गुप्तगु को देखने वाले कई छोटे अधिकारियों की निगाह में वह कुछ खास हो गये थे...कैसे उनकी चल पड़ी थी...हर अधिकारी उन्हे सम्मान से देखता था...हर तरफ वही मियां सूरमा बने हुए थे...।

      अब हाल ही में जब सीवन सफाई का अभियान फिर साहब की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ तो कईयों के मुँह पानी आ गया.....वह वापस ख्वाब देखने लगे जैसे-जैसे सीवन का कीचड़ हटेगा वैसे-वैसे उनकी नजदीकियाँ साहब से बनने लगेगी।

      इसी क्रम में सबसे पहले मचले एक पत्रकार ने पहले ही दिन साहब के सामने सीवन सफाई को प्रदेश भर में ख्याति दिलाने का छोटा-सा लालच देते हुए कैमरा आगे कर दिया और उनसे पूछा कि सीवन नदी की सफाई के विषय में आप क्या कहना चाहते हैं ? यह प्रेरणा आपको कैसे मिली ? आदि आदि। लेकिन यह क्या........?

      साहब तो एकदम अलग ही अंदाज में नजर आये....उन्होने सीधे कह दिया कि हटाईये यह कै मरा, चलिये दूर हटिये, मैं कोई नेता नहीं हूँ। जो हो रहा देख लीजिये....। उफ् यह क्या हो गया.... पत्रकार साहब बड़े मायूस हो गये। नजदीकियों के वह स्वप्न चूर-चूर हो गये...साहब की वाणी ने उन्हे दिन में ही तारे दिखा दिये। 

      दूसरे नम्बर पर एक नये-नये पत्रकार साहब ने दाव लगाया....। काफी सोच-विचारकर इन्होने साहब को घापे में लेने के लिये, और अधिकारियों पर रंगदारी दिखाने के लिये एक ऐसा स्थान चुना जहाँ मामला जम ही जाये। यह साहब के पास पहुँचे पहले तो खडे रहे और अपनी जबरिया फीकी मुस्कुराहट बिखेरते रहे...बातों ही बातों में हाँ-हूँ के बाद यह एकदम पास पहुँचकर अपनी एक कथित महत्वपूर्ण राय देने के अंदाज में साहब के कान में अंदर अपना मुँह घुसाने लगे....और अपनी एक राय भी दे बैठे।

      लेकिन यह क्या....इन्हे भी सीधे साहब ने दो टका जबाव दे दिया...मिस्टर अपनी राय अपने पास रखें, हमें जब जरुरत होगी मांग लेंगे... अभी हम जो कर रहे हैं वह होने दीजिये...हमें किसी की राय-मशविरा की जरुरत नहीं है....। हाय-हाय जालिम यह साहब ने क्या कर डाला...दूसरों के दिलों पर साँप लौटाने गये थे लेकिन खुद ही जख्मी होकर आ गये हैं। अब सीवन सफाई अभियान के साथ ही घटित उपरोक्त घटनाओं ने नगर में चर्चाओं को जन्म दे दिया है...। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं...कोई कह रहा है लो निकल गया कीचड...तो कोई कह रहा है उन्हे तो कर दिया पानी-पानी....।

इल्ली से फसलों के बचाने के उपाय

सीहोर 26 दिसंबर (नि.सं.)। कृषि विभाग द्वारा फसल को इल्लियों से बचाने के उपाय बताए गए हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा प्रत्येक विकास खंड को छ: छ: सौ लीटर कीटनाशक दवा टाइजोफार मुहैया कराई गई है। दवा पर पांच सौ रूपये प्रति हैक्टेयर के मान से अनुदान दिया गया है।

      कृषि विभाग ने चना, मूंग, उडद, मिर्च, टमाटर आदि फसलों को इल्लियों द्वारा पहुंचाई जाने वाली हानि से बचाव के उपाय बताए हैं। साथ ही छ: छ: सौ लीटर कीटनाशक दवा ट्राइजोफास हर विकास खंड को मुहैया कराई है जिस पर पांच सौ रूपये प्रति हैक्टेयर अनुदान दिया जा रहा है। यह कीटनाशी दवा एस.ए.डी. ओ.के कार्यालय में उपलब्ध है।

जैविक तरीके से कीट नियंत्रण

      उप संचालक कृषि एन.एस.रघु ने फसलों को इल्‍ली से बचाने के जैविक उपाय बताए हैं। उन्होंने बताया है कि खेत में अंग्रेजी के अक्षर टी के आकार की लकड़ियां 10 - 12 स्थानों पर प्रति एक ड़ गाढ़ देने से इन लकड़ियों पर पक्षी बैठेंगे और इल्लियों को चुन कर नष्ट करेंगे। प्रारंभिक अवस्था की इल्लियों को 0.03 प्रतिशत नीम तेल ढाई लीटर की मात्रा प्रति हेक्टर की मान से छिड़काव कर नष्ट किया जा सकता है।

किसानों के अनुभव और कारगर नुस्खे

      खेती किसानी में किसानों के अनुभवों के आधार पर कुछ आजमाइश किए गए नुस्खों का उपयोग करने से भी कीटों के नियंत्रण में कारगर लाभ मिला है। आजमाए नुस्खों में गोमूत्र को बाटल या बड़े कांच के बर्तन में भरकर धूप में रख दे। जितना अधिक दिन पुराना गोमूत्र रहेगा, उतना अधिक कारगर होगा। डेढ़ सौ से दो सौ मिलीलीटर गौमूत्र 15 लीटर स्प्रे पंप में मिलाकर 10-12 पंप स्प्रे प्रति एकड करने से यह सभी प्रकार के कीटों को नियंत्रित करता है। पन्द्रह से बीस किलो नीम पत्तियां कोमल डालियों सहित 200 लीटर पानी में भिगोकर छांव में रखें तथा पानी पीला होने तक गलने दे। इसे नीम पत्ती का काढा कहते है। जिसे छानकर एक एकड क्षेत्र में स्प्रे किया जाना फायदेमंद होता है। नीम पत्तियों के स्थान पर करंज (संजी) आयपोमया (बेशरम), सीताफल, आंकडा (अकऊआ) की पत्तियों का भी उपयोग किया जा सकता है।

      आधा किलो लहसून और आधा किलो हरी मिर्च बारीक पीसकर पानी में घोल बनाकर उसे छानकर 200 लीटर पानी में मिलाकर इसमें 100 ग्राम साबुन पावडर (टिरजेन्ट पावडर) मिलाने के बाद उसे एक एकड फसल पर छिडकाव करें, इससे सभी प्रकार के कीट नियंत्रित होंगे। किसान भाई आधा किलो तम्बाकू सूखी पत्ती 2-3 लीटर पानी में उबालकर काढा बना ले। काढे को छानकर एक स्प्रे पम्प की टंकी में लगभग 30 मिलीलीटर काढा मिलाकर स्प्रे करने पर सभी कीटों को नियंत्रित किया जा सकता है। यह सभी कीटों को नियंत्रित करेगा।

      किसान भाई मिट्टी के धडे में मही (छाछ) भरकर 20-25 दिन तक जमीन में गाढ दे या भूसा में ढंक कर रख दे और अधिक समय तक रखे तो अ%छा है बाद में इसे निकालकर 2 - 2.50 लीटर इस सडे हुए मठे को प्रति 15 लीटर पम्प में मिलाकर छिड़क दे। कितनी भी बडी इगी होगी तत्काल नियंत्रित होगी। इसका प्रयोग इगी मारने हेतु सभी फसलों पर किया जा सकता है। 

आपके विश्वास पर खरा उतरुं गा-गुणवान

      जावर 26 दिसम्बर (नि.प्र.)। तहसील क्षेत्र में जो विकास की गति चल रही है उसे आगे भी जारी रखा जायेगा। आप लोगों ने मुझ पर जो विश्वास किया है उस पर मैं खरा उतरुंगा। कार्यकर्ताओं के लिये मेरे दरवाजे चौबीस घंटे खुले हैं जो गांव सड़क बनने से छूट गये हैं उन्हे भी शीघ्र पक्की सड़क से जुड़वाऊंगा। साथ ही सिंचाई की योजनाएं चालू करवाऊंगा अधूरे कार्यों का पूरा करवाऊंगा।

      यह बात क्षेत्रीय विधायक रणजीत सिंह गुणवान ने ग्राम गुजारी में कृषि विभाग के माध्यम से 23 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तलाई के भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद उपस्थित ग्रामीणों के बीच कही। (इसके पश्चात गुणवान के ग्राम अतरालिया जावर) पहुँचने पर ग्रामीणों से ढोल-ढमाके व आतिशबाजी चलाकर स्वागत किया। बाद में स्कूल प्रांगण में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। जहाँ पर सरपंच नाथू सिंह द्वारा गुणवान व सहकारी नेता देवी सिंह परमार का साफा बांधकर स्वागत किया व ग्राम में स्वास्थ्य सेवाएं बढ़ाने एवं गांव तक सड़क बनवाने का मांग पत्र सौंपा। वहीं पीटीए अध्यक्ष जसपाल सिंह ने माध्यमिक शाला को उन्नयन कर हाईस्कूल का दर्जा दिलवाने व अन्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। इस पर गुणवान ने स्कूल की बाउण्ड्री वाल बनवाने के लिये दो लाख रुपये देने की घोषणा की व हाईस्कूल प्राथमिकता के आधार पर खुलवाने का आश्वासन दिया । गांव में पानी की गंभीर समस्या है इसे हल करवाने के लिये महिलाओं ने गुणवान से मांग की। इस मौके पर ग्राम के मांगीलाल फूल सिंह, विजय सिंह, मनोहर सिंह जसपाल सिंह, कृपाल सिंह, सजन सिंह, राजेन्द्र सिंह, देवकरण, ज्ञान सिंह, सवाई सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सोबाल सिंह ने व आभार विजेन्द्र सिंह ने व्यक्त किया। 

पार्वती तो लबालव भरा गई अब न.पा. की जिम्मेदारी बढ़ी

आष्टा 26 दिसम्बर (नि.प्र.)। रामपूरा डेम से आष्टा के लिए न.पा. की मांग पर छोड़ा गया पानी पुरी तहर से आष्टा पहुंच चुका है पार्वती लबालब भरा गई है। अब उक्त कीमती पानी को सहेजना न.पा. की जिम्मेदारी क्षेत्र में आ गया है। वैसे न.पा. ने शहरों में से जो पानी वह रहा था उसे रोकने के लिए कार्य कराकर बहते पानी को रोक दिया है।

      नदी किनारे के खेतों में जो सिंचाई चौरी छीपे हो रही थी उसे भी रोकने के प्रयास तो किये है लेकिन ठोस प्रयासों की अभी भी जरूरत है। सी.एम.ओ. करूणेश दण्डोतिया ने बताया की नदी से पानी चौरी के कार्य में लगी लगभग 29 जल मोटरे जप्त की है कुछ स्थानों पर विद्युत कनेक्शन भी कटवाये है, लेकिन दुरस्थ क्षेत्रों में अभी भी रात के अंधेरे में पानी की सिंचाई की जा रही है। सी.एम.ओ. आष्टा ने बताया कि न.पा. का गश्ती दल नदी किनारे सघन जांच में लगा हुआ है जो पानी वर्तमान में पार्वती में है उसे नागरिकों को एक दिन छोड़कर 30 से 40 मिनिट दिया जा रहा है।

      सी.एम.ओ ने नगर के नागरिकों से भी जनहित में अपील की है कि कृपया वे पानी को सहेजे व्यर्थ पानी को ना बहावे जितना उपयोग में आये उतना ही पानी उपयोग में ले क्योंकि इस वर्ष अल्प वर्षा के कारण जल संकट की स्थिति बनी है इस स्थिति से हमें और आपको मिल जुलक र सहयोग से निपटना है। न.पा. का भरपूर प्रयास है की जनता को पानी उपलब्ध कराये।

 

 

सड़क हादसे में दो घायल

      सीहोर 26 दिसम्बर (नि.सं.)। जिले के थाना आष्टा अन्तर्गत सेंट्रो कार एवं ट्रक की टक्कर में दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने प्रकरण कायम कर लिया है।  आष्टा थाना क्षेत्र के राजमार्ग पर स्थित ग्राम चिन्नौटा जोड़ के समीप आज सुबह नौ बजे इन्दौर से भोपाल की ओर सेंट्रो कार क्रमांक एमपी-04-सीबी-9502 से प्रवीण आ. मंगलसिंह मंडलोई 28 साल निवासी महेश गार्ड लाईन इन्दौर अपने साथी सुनील राजौरे के साथ भोपाल जा रहा था कि सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी-09-एचआर-0390 के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये इनकी कार में टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप प्रवीण एवं सुनील को चोट आने से इलाज हेतु अस्पताल आष्टा भेजा गया। 

Friday, December 26, 2008

अगले तीन साल में गांवों को भरपूर बिजली - मुख्यमंत्री

      सीहोर 25 दिसंबर (नि.सं.)। मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज गुरूवार 25 दिसम्बर,08 को बुधनी विकास खंड के ग्राम नारायणपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले तीन सालों में गांवों को भूरपूर बिजली दी जायगी। गांवों और खेतों के लिए अलग अलग फीडर से बिजली प्रदान करने की व्यवस्था होगी।

      मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आज सपत्नीक बुधनी विकासखंड के ग्राम नारायणपुर पहुंचे जहां नारायणपुर सहित आसपास के ग्रामवासियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। केवट, यादव, जाट और मंसूरी समाज द्वारा उन्हे फलों से तौला गया। इस अवसर पर वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत, मार्कफेड अध्यक्ष  रमाकांत भार्गव, सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हीरामणी मेहरा, सलकनपुर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री महेश उपाध्याय और बकतरा मण्डी अध्यक्ष चौहान सिंह चौहान सहित बडी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।

गांवों को चौबीस घंटे बिजली

      नारायणपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकार प्रदेश में बिजली की कमी को पूरी तरह दूर करना चाहती है और यदि प्रकृति का साथ रहा तो इस कमी को हर सूरत में दूर कर दिया जायगा। उन्होने कहा कि प्रदेश में बिजली उत्पादक योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले वर्षों में भरपूर पानी बरसेगा जिसके चलते बिजली का उत्पादन बढेगा और हर जरूरतमंद व्यक्ति को पर्याप्त बिजली दी जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों को 24 घंटे बिजली मुहैया कराई जायगी, गांव और खेत के लिए अलग अलग फीडर होंगे। खेतों के लिए 10 से 12 घंटे तक बिजली दी जायगी।

किसान को घाटा नहीं होने देंगे

      मुख्यमंत्री ने आज फिर दोहराया कि खेती घाटे का सौदा नहीं रहेगी उसे हर हाल में फायदे का धंधा बनाया जायगा। सरकार ने पिछले सालों के दौरान किसानों के हित में अनेकों फैसले लेकर उन्हें ईमानदारी से लागू किया नजीजतन किसानों ने काफी राहत महसूस की। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले समय मे भी किसानों के साथ है और किसानों की हरसंभव मदद की जायगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने एक वर्किंग ग्रुप बनाया है जो उन सभी संभावनाओं को खोजेगा जिससे खेती में ज्यादा से ज्यादा सुधार किया जा सके।

पूर्ण विकसित राज्य मेरा संकल्प

      मुख्य मंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को पूर्ण विकसित राज्य बनाना मेरा सबसे बड़ा संकल्प है और मैं इस संकल्प को पूरा करने के लिए दृढ़ संकल्पित भी हूं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रदेश बनाना है जिसमें सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी दिक्कत के हर प्रदेशवासी को आसानी से मुहैया हो सकें। उन्होंने कहा कि समाज के सबसे पीछे और सबसे नीचे ख़डे गरीब के चेहरे पर मुस्कराहट देखना चाहता हूं जिसके लिए पिछली वर्ष सरकार ने 1100 रूपये क्विं टल के भाव से गेहूं खरीदकर गरीबों को तीन रूपये प्रति किलो पर मुहैया कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दरिद्र ही नारायण है और उसकी सेवा में कोई कमी नहीं रहने दी जायगी। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के हर गरीब की मदद की जायगी। भूख कोई जाति देखकर थोड़े ही लगती है।

गरीबों का हक मारने वाला बर्दाश्त नहीं

      मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उन्होंने राजनैतिक हितों को परे रखकर गरीबों की सेवा की है। सरकार ने हर जरूरतमंद के लिए योजना बनाई है मंत्री मण्डल के सभी सदस्यों से उनकी चर्चा हो चुकी है कि प्रदेश के विकास के लिए ईमानदार प्रयास किए जांएगें। जनता के हक को खाने वाला व्यक्ति कतई बर्दाश्त नही होगा। ऐसे राज्य का निर्माण किया जायगा जिसमें सरकार के साथ समाज खड़ा हो।

मांग पत्र की सभी मांगे मंजूर

      मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरा स्वागत नहीं नारायणपुर वासियों का स्वागत है और सही मायनों में मैं आज नारायणपुर वासियों का स्वागत करने ही आया हूं। उन्होंने यहां सरपंच द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र को सहर्ष स्वीकार करते हुए कहा कि इसमें जो भी मांगे हैं वे सब मंजूर की जाती हैं और नारायणपुर को आदर्श गांव बनाने की मैं घोषणा करता हूं। उन्होंने यहां लाडली लक्ष्मी योजना के तहत 12 हितग्राहियों को बचत पत्र और राष्ट्रीय परिवार सहायता के तहत तीन हितग्राहियों को दस - दस हजार की राशि के चैक वितरित किए।

इनरव्हील क्लब के स्वास्थ्य शिविर में मिला एक कुपोषित बच्चा

      आष्टा, 25 दिसम्बर (नि.प्र.) इनरव्हील क्लब आष्टा के तत्वाधान में स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ आष्टा पर एक महिला स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। जिसमें लगभग 50 महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण डॉ. श्रीमती का माधवी राय एवं डॉ. अर्पिता जेन ने किया।

      इस शिविर में एक बच्चे का जब डॉक्टर द्वारा परीक्षण किया गया तो वो कुपोषित पाया गया जिसे सिविल अस्पताल आष्टा डॉ. ए.के. जैन के पास उच्च जांच के लिए भेजा गया। शिविर में आई महिलाओं को स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाए वितरीत की गई। इस शिविर में क्लब की अध्यक्ष श्रीमती पदमा पालीवाल, सचिव रेखा वोहरा, सरोज पालीवाल, विद्या खण्डेलवाल पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा नागर, सीमा गर्ग सहित अन्य लोगों का सहयोग प्राप्त हुआ। 

सड़क हादसे में दो घायल

      सीहोर, 25 दिसम्बर (नि.सं.) इन्दौर-भोपाल राजमार्ग पर घटित अलग-अलग सड़क हादसां में 02 लोग घायल हो गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार आष्टा थाना क्षेत्र के राजमार्ग पर स्थित ग्राम चाचरसी के समीप ग्राम भानाखेड़ी निवासी मांगीलाल की बाइक क्रमांक एमपी-37-5750 में डंफर क्रमांक एमपी-37-जीए-306 के चालक ने अपने वाहन को अनियंत्रित गति से चलाते हुये टक्कर मार दी, जिससे मांगीलाल घायल हो गया।

      इसी प्रकार अमलाहा के समीप शैलेन्द्र की बाईक में टेंकर क्रमांक एमपी-14-के-4509 के चालक ने टक्कर मार दी, जिससे शैलेन्द्र घायल हो गया। 

विद्युत तार सड़कों पर झूल रहे...

             आष्टा 25 दिसम्बर (नि.सं.)। अशोक नगर क्षेत्र में झुल रहे विद्युत तारों के कारण जो भीषण हादसा हुआ जिसमें 10 लोगों की मृत्यु हो गई।

      इस घटना के बाद पूरे म.प्र. में  उक्त हादसे को गंभीरता से लेकर म.प्र. विद्युत मंडल को एक वृहद अभियान चलाना चाहिये की जहाँ-जहाँ भी इस तरह खम्बों पर लगे विद्युत तार झूल रहे हैं उन्हे कसवा कर सही किये जायें। आष्टा क्षेत्र में भी कई ग्राम ऐसे हैं जहाँ तार झूलते देखे जा सकते हैं।

      आष्टा नगर के मीरपुरा में झूलते हुए तार देखे जा सकते हैं। म.प्र. विद्युत मंडल आष्टा के डीई श्यामलाल नरेड़ा को चाहिये की वे आष्टा संभाग के सभी जेई एवं अधिनस्थ लाईन मेनों को निर्देश दें कि क्षेत्र की प्रत्येक डीसी के अन्तर्गत लाईने देखें झूलते हुए तारों को कसें ताकि अशोक नगर जैसे हादसों की पुनरावृत्ति ना हो। स्मरण रहे झूलते तारों के कारण जावर-कजलास मार्ग पर एक बस हादसा हो चुका है जिसमें 2 लोगों की करंट लगने से मृत्यु हो गई थी मंडल को जागना जरुरी है।

 

 

 

 

हिन्दू उत्सव समिति ने चर्च जाकर क्रिसमस की बधाई दी

      सीहोर 25 दिसम्बर (नि.सं.)। परम पिता परमेश्वर का जन्म सभी धर्मो-समाज में प्रेम करने के लिये हुआ है, ईश्वर सर्व शक्ति मान है वह सबके लिये है और सब उसके है, उक्त यादगार भोपाल से पधारे फादर टी वानखेडे ने स्थानीय चर्च में उपस्थित मसीही समाज के समक्ष व्यक्त किये।

      आपने आगे कहा कि आज हिन्दू उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने यहा आकर एकता, सामन्जस्य एवं हिन्दू मिलन सभ्यता का परिचय दिया है। हम सब भारतवशी भारतीय है, मुम्बई मं हुई आतंकवादी घटना से हम सब दु:खी है, हम सब मिलकर आतंकवाद का सामना करेगे, मुम्बई में शहीद कमाण्डो, जावानों एवं नागरिकों को श्रृद्धासुमन अर्पित करते है एवं उनके सम्मान पर सभी चर्चो पर विद्युत साा नहीं की जायेगी एवं किसी भी प्रकार के खुशी के कार्यक्रम आयोजित नहीं किये जा रहे है।

      इस अवसर पर हिन्दू  उत्सव समिति के अध्यक्ष सतीश राठौर ने फादर टी.वानखेडे (भोपाल) फास्टर पोलूस एवं सचिव राजेश डेविड का पुष्पगुछ भेट कर स्वागत किया

भाजपा की सरकार कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम-गौर

      आष्टा, 25 दिसम्बर (नि.प्र.) सभी दावों और सर्वे की रिपोर्ट को झूठलाते हुये म.प्र. में श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की जो पूर्ण से भी अधिक बहुमत के साथ सरकार बनी वो मतदान स्तर तक के जुझारू समर्पित कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत का परिणाम है अब जिस उम्मीद से जनता का समाधान प्राथमिकता तक करके करेगी इसके लिए 100 दिन की कार्य योजना बनाई गई है।

      उक्त उदगार म.प्र. के गोविन्दपुरा विधानसभा क्षेत्र से लगातार जीत का इतिहास रचने वाले म.प्र. पूर्व मुख्यमंत्री एवं शिवराज केबिनेट में नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने स्थानीय विश्राम गृह पर अपने स्वागत एवं अभिनन्दन कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुऐ कहे। श्री गौर ने कहा कि इसके पहले 5 वर्ष तक म.प्र. में भाजपा की सरकार थी तब भी विकास का इतिहास रचा है लेकिन कांग्रेस ने उस वक्त विपक्ष की वो भूमिका नहीं निभाई जो उसे निभाना थी अब भी बिना काम के कांग्रेस के 69 विधायक जीत आये है। उन्होंने कहा कि अब संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ के नारे वही अब शिवराज राज करों हम तुम्हारे साथ है के नारे लगाये। उन्होंने कहा कि अब जनता को विकास दिखाना है इसके लिये प्रत्येक क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष की कार्य योजना बनाना है और प्राथमिकता से समस्याओं को हल कर जनता को राहत पहुंचना सरकार की मंशा है। श्री गौर आज उौन से भोपाल जा रहे थे तब रात्रि में इन्दौर नाके पर भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष कृपालसिंह ठाकुर के नेतृत्व में उनकी भव्य अगवानी की गई श्री गौर के साथ भाभीजी श्रीमती कृष्णा गौर भी थी उनका भी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया है। वाहन रैली ढोल ढमाके के साथ श्री गौर को विश्राम गृह तक लाया गया यहां पर आष्टा विधान सभा क्षेत्र की ओर से विधायक रंजीत सिंह गुणवान एवं सहकारी नेता देवीसिंह परमार कृपाल सिंह ठाकुर ने साफा बांधकर सम्मान किया। भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्य समिति के सदस्य सुशील संचेती ने इस अवसर पर आष्टा नगर पालिका के पार्षदों के लिए विकास की योजनाओं को स्वीकृत कर राशि आवंटित करने की बात  रखी। वही बबली खण्डेलवाल आष्टा में 1 से 7 जनवरी तक होने वाली गोविन्द जाने की भागवत कथा में कथा श्रवण के लिये निमंत्रण दिया। इस अवसर पर शंकरलाल डाबरी, पप्पू भाई, कालु भटट, सजनसिंह ठाकुर, मेहरवान चाचा, किशोर सिंह पाटीदार, पंकज नाकोडा, रसीद पठान, आनन्द जैन, कमलेश जैन, धनरूप मल जैन, धीरज वोहरा, कैलाश कुशवाह, विशाल चौरसिया, गब्बु कोठरी, प्रकाश कुशवाह, सुरेश परमार, जुगल मालवीय, कृपाल चौरसिया, भूरू खां, सलीम खान, अनिल जेन, मोहन बाबू शर्मा, रिंकु सोनी, बाबूलाल मालवीय, कोमल जैन, संजय श्रीवास्तव, बब्बन भाई, अनवार हुसैन, सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे। स्वागत समारोह का संचालन सुशील संचेती ने तथा अन्त में आभार कृपाल सिंह ठाकुर ने व्यक्त किया। 

दो वाहनों में कटिंग कर उतारे टायर भराकर गये

            आष्टा 25 दिसम्बर (नि.सं.)। इन्दौर भोपाल मार्ग पर लगातार हो रही ट्रक कटिंग को लेकर भले ही पुलिस गंभीर ना हो लेकिन ट्रक कटिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले ट्रक कटिंग करने से लेकर उतारे माल को छुपाने और उसके बाद उस माल को ठिकाने लगाने के प्रति कल रात्री में इन्दौर-भोपाल मार्ग पर रात्री में 12 से 2 बजे के बीच चन्नौटा जोड़ के अंदर दो वाहन गये और इन वाहनों में कहीं अज्ञात स्थान पर ट्रक कटिंग में उतारे टायरों को भरा और वापस सड़क पर आकर गंतव्य की और रवाना हो गये।

      सबसे खास बात सूत्रों ने फुरसत को बताई की जब तक उक्त दोनो वाहन टायर भर कर रवाना नहीं हो गये तब तक इस मार्ग पर तैनात गश्ती पुलिस सड़क पर कहीं नजर नहीं आई और जैसे ही रात्री में उक्त दोनो वाहन टायर भरकर रवाना हुए उसके बाद पुलिस गश्ती दल सड़क पर नजर आ गया। इसका क्या मतलब या अर्थ निकालें शायद समझदार को इशारा काफी है।

      जिस स्थान से टायर भराये वो जावर क्षेत्र से लगता है तो क्या इस मार्ग पर जो कुछ हो रहा है वो पुलिस के आशीर्वाद से हो रहा है। इन्दौर-भोपाल सड़क पर ट्रक कटिंग गिरोह और नगर में मोटर साईकिल चोर गिरोह के सक्रिय होने से सब तरह के भय और  दहशत का माहौल बना है।

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 27 दिसम्बर को बस स्टेण्ड पर

      सीहोर 25 दिसम्बर (नि.सं.) हिन्दू उत्सव समिति सीहोर द्वारा आगामी 27 दिसम्बर शनिवार को स्थानीय बस स्टेण्ड पर आयोजित होने वाले अखिल भारतीय कवि सम्मेलन की तैयारियां जोरो से चल रही है। इस कवि सम्मेलन में देश भर के शीर्ष कवि और कवियित्रियां काव्य पाठ करने के लिये पधार रहे है।

      हिन्दू उत्सव समिति के मीडिया प्रभारी प्रदीप समाधिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में काव्य की सारी ही विधाओं ओज, व्यंग्य, श्रृंगार, गीत गजल में देशभर के शीर्ष कवि काव्य पाठ के लिये सीहोर पधार रहे है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री रमेश सक्सेना उपस्थित रहेगें। श्री समाधिया ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय बस स्टेण्ड पर ये कार्यक्रम रात्रि नौ बजे प्रारंभ होगा तथा दो दौर में पूरी रात चलेगा।

      कार्यक्रम के लिये जिन कवियों की स्वीकृति मिल चुकी है उनमें देशभर में ओज की कविताओं से अलख जगाने वाले लखनऊ, उत्तरप्रदेश, के ओज के कवि श्री वेदव्रत वाजपेयी, लाफ्टर शो में भाग लेकर अपने हास्य व्यंग्य का जादू बिखेर चुके सूरत गुजरात के हास्य कवि श्री अलबेला खत्री, अपने गीतों और गजलों तथा मधुर कंठ के लिये देशभर में सुप्रसिद्ध कोटा राजस्थान के रमेश शर्मा, अपने गीतों ओर गजलों से समूचे देश में अलग पहचान बनाने वाली सुप्रसिद्ध कवियित्री सुश्री अनु शर्मा सपन, ओज की कविताओं की अपनी ही शैली बनाने वाले, आतंकवाद के खिलाफ गरज कर कवितायें पढ़ने वाले पुलिस निरीक्षक मदन मोहन चोधरी समर, मालवांचल के लोकप्रिय कवि श्री हजारीलाल हवालदार तथा गजलों गीतों के साथ अपनी बातचीत के अनोखे लहजे के कारण चर्चित नाम हास्य कवि पंकज  सुबीर हैं।

      हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष  सतीश राठौर ने कहा कि सीहोर में कवि सम्मेलनों की एक ऐतिहासिक परम्परा रही है तथा सीहोर को कवि सम्मेलनों के शहर के नाम से ही जाना जाता है। हिन्दू उत्सव समिति द्वारा उसी परम्परा के निर्वाहन के लिये ये आयोजन किया जा रहा है।

      श्री राठौर ने बताया कि ये कार्यक्रम पूर्व में दीपावली के अवसर पर दीपावली मिलन के नाम से होना था किन्तु चुनाव आचार संहिता लग जाने के चलते कार्यक्रम को आगे बढ़ा दिया गया था तथा अब 27 दिसम्बर को आयोजन किया जा रहा है। हिन्दू उत्सव समिति ने सभी काव्य प्रेमियों से कवि सम्मेलन में पधारने की अपील की है।