Friday, November 7, 2008

24 लोगों ने आज नाम पत्र दाखिल किया

      सीहोर  6 नवम्बर (नि.सं.)। विधानसभा चुनाव 2008 के तहत नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने का सिलसिला जारी है। इस अनुम में आज जिले की चारों विधान सभा क्षेत्र के लिए 24 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। इनमें विधानसभा सीहोर के लिए 3, बुधनी के लिए 5, आष्टा के लिए 7 और इछावर विधानसभा क्षेत्र के लिए 9 अभ्यर्थियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। 

      सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लिए आज श्री गौरव महाजन आ.श्री सुदर्शन महाराज निवासी सीहोर ने निर्दलीय, श्री नंदलाल मालवीय आ. श्री पृथ्वीसिंह मालवीय निवासी ग्राम कोड़ियाछीतू ने निर्दलीय और मो.अनीस आ. मो.रईस ने जनता दल सेकूलर पार्टी की ओर से फार्म जमा किया।

      इसी तरह जिले की आष्टा विधानसभा क्षेत्र के लिए 7 अभ्यर्थियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। इनमें श्री धनश्याम आ. श्री देवचंद आष्टा (बीजेपी), श्री गोपाल उदयसिंह ग्राम मुगानी (भा.रा.कांग्रेस), श्री भूपेन्द्र सिंह केसरी आ. श्री नारायण सिंह केसरी निवासी इंदौर (भाजपा),श्री देवकरण आ. श्री कोदाजी ग्राम धींगाखेड़ी तहसील आष्टा (बसपा), श्री रंजीत सिंह आ. श्री अमर सिंह ग्राम खामखेड़ा जत्रा (भाजपा), श्री जगदीश आ. श्री किशोरीलाल आष्टा (भाजपा) और श्रीमती फूलकुंवर बाई शिवनारायण ग्राम डाबरी (भाजश)  शामिल है।

      बुधनी विधानसभा क्षेत्र के लिए आज 5 अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल कराए गए। इनमें श्री उत्तमसिंह चौहान आ. श्री अनूपसिंह चौहान निवासी रेहटी ने भारतीय जनशक्ति पार्टी से,   श्री महेश सिंह आ. श्री महेन्द्र सिंह ग्राम जोशीपुर (बुधनी) ने भा.रा.कांग्रेस पार्टी से, श्री प्रेम नारायण गौंड आ. श्री रामकिशन गौंड निवासी ग्राम किशनपुर, पिपलानी (नसरूगागंज) ने निर्दलीय, श्री प्रेमसिंह आ. श्री रामप्रसाद ग्राम सेमरी (रेहटी) ने निर्दलीय और श्री विजयकुमार आ. श्री रामकिशोर निवासी शाहगंज ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में फार्म जमा किया।

      इछावर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री अभय कुमार मेहता आ. श्री महेन्द्र प्रताप मेहता इछावर ने भा.रा.कांग्रेस से, श्री छीतू सिंह आ.श्री शिवचरण वर्मा ग्राम गाजीखेड़ी ने निर्दलीय, श्री प्रहलाद सिंह आ.श्री परमानंद ने निर्दलीय, श्री हेमराज आ. श्री मांगीलाल ग्राम नापली ने गौंडवाना मुक्ति सेना पार्टी से फार्म जमा किया।  श्री महेश चद्रवंशी ने समाजवादी पार्टी से उनके प्रस्थापक श्री मांगीलाल द्वारा फार्म जमा कराया। इसके अलावा श्री करणसिंह आ. श्री सुखराम ग्राम सिराडी ने निर्दलीय, श्री धनराज आ.श्री मोतीलाल कबाडीपुरा (इछावर) ने निर्दलीय, श्री धनश्याम आ. श्री प्यारेलाल ग्राम थूनाकला ने प्रजातांत्रिक समाजवादी पार्टी से और श्री बलवीर तोमर आ.श्री रामसिंह ने भा.रा.कांग्रेस से नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। श्री अभय कुमार मेहता ने दूसरा फार्म निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी जमा किया।

      जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र के लिए आज कुल 30 नाम निर्देशन पत्र प्रारूप अभ्यर्थियों को जारी  किए गए। इनमें विधानसभा क्षेत्र सीहोर के लिए 9, बुधनी के लिए 5, आष्टा के लिए 9 और विधान सभा क्षेत्र इछावर के लिए 7 नाम निर्देशन पत्र प्रारूप इशु किए गए।

अब कांग्रेसियों में तनातनी : खत्म हुई गोपनीय बैठक, पचौरी का पुतला दहन हुआ कांग्रेस से कई विद्रोही मैदान में

सीहोर 6 नवम्बर (नि.सं.)। आज कांग्रेस मे मचे बवाल के बाद हुई दूसरी बैठक एक तरह से विफल हो गई और सारे कांग्रेसी एक-दूसरे से खिन्न होकर अपने-अपने धाम को लौट गये। आज किसी एक नेता को सभी कांग्रेसजनों द्वारा खड़ा किये जाने तथा उसे चुनाव लड़ाने के लिये सहमति की बातें हो रही थी लेकिन इस पर अनेक लोग एक साथ चुनाव लड़ने के लिये खड़े हो गये जिससे मामला बिगड़ गया।

      इसी दौरान कुछ लोग सुेश पचौरी का पुतला ले आये और उसे जलाकर एकमत होने तथा खुल्ला विरोध जताने की बात करने लगे। पुतला देखकर तो कई पचौरी समर्थक बैठक से उल्टे पांव लौट गये। कुल मिलाकर मामला बिगड़ गया। आज दिनभर पचौरी के पुतले की जहाँ चर्चाएं सरगर्म थीं वहीं अनेक कांग्रेसियों के खड़े होने की बात भी स्पष्ट हो गई। अब निष्कर्ष के रुप में यह माना जा सकता है कि कुछ लोग तो सन्नी को सहयोग करेंगे और कुछ खुद चुनाव लड़ेंगे।

      एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सीहोर से विधानसभा सीट के उम्मीद्वार के घर आज दूसरे दिन भी एक गोपनीय बैठक आहूत की गई थी। कल बैठक में यह तय हुआ था कि आज किसी एक प्रत्याशी को लड़ाये जाने का निर्णय लिया जायेगा।

      कल ही एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने इस बात प्रसन्नता जाहिर करते हुए यह तक कह दिया था कि यदि सामुहिक रुप से किसी एक व्यक्ति को लड़ाया जाता है तो उसके चुनाव खर्च के लिये मैं 2 लाख रुपये देता है वह रुपये भी सामने रख चुके थे। लेकिन बात दूसरे दिन पर टल गई थी। आज सुबह से ही इस गोपनीय बैठक की चर्चाएं चोराहाें पर थी।

      सुबह जब बैठक शुरु हुई तो धीरे-धीरे समस्त कांग्रेसजन एकत्र हो गये। यहाँ बातचीत शुरु हुई और किसी एक प्रत्याशी को खड़ा किये जाने के लिये एकराय किये जाने का प्रयास हुआ। जिस पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता किशन यादव, जफरलाला, हरीश राठौर, कमलेश कटारे, दामोदर राय सहित दो-तीन अन्य नेतागणों को भी खड़ा किये जाने की बात यहाँ सामने रख दी गई। इस पर कोई एक राय नहीं हुआ। सभी चाहते थे कि उन्हे कांग्रेस के दिग्गज नेता मिलकर लड़ाये। लेकिन किसी एक नेता को लेकर शेष अन्य बैठने को तैयार नहीं थे।

      यहाँ आज भी एक कांग्रेस नेता ने यह कहा कि बैठक में कुछ लोग ऐसे भी बैठे हैं जो ना तो कांग्रेस को एक होने देना चाहते हैं, ना ही कांग्रेस को जीतने देना चाहते हैं, वह रमेश के लिये काम कर रहे हैं। इस पर लोग चुप रहे और अपनी-अपनी बात करते रहे।

      इसी दौरान कुछ लोग यहाँ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी का एक पुतला बनाकर ले आये। तब यहाँ बात रखी गई कि सुरेश पचौरी का पुतला दहन कर हम सब कांग्रेसी उनके निर्णय का विरोध करते हैं और एक-दो दिन में किसी एक नाम पर सर्वसम्मति कर चुनाव लड़ते हैं। जैसे ही सुरेश पचौरी का यहाँ पुतला आया वैसे ही कुछ नेताओं के चेहरे फक्क पड़ गये। वह अपने वरिष्ठ नेता का पुतला जलाने के इस कार्य से बचते हुए यहाँ से चले जाना चाहते थे। कुछ ही देर में एक-एक करके दो वरिष्ठ नेता यहाँ से अपने वाहन में चले गये। इनके जाते ही पीछे से एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने यह कहा कि जब वह दोनो चले गये तो क्या हमने ही बुराई का ठेका ले रखा है, उन्होने भोपाली भाषा में नाराजगी जताई। जब रहना है तो एक साथ रहो, हम क्यों जलाये पुतला। इतना कहकर वह भी यहाँ से रवाना हो गये।

      इधर सुरेश पचौरी के पुतले की जो व्यवस्था की गई थी, बकायदा उसे एक नेताजी के कुर्ते पजामे पहनाये गये थे, घर से निकल कर आये इस पुतले को जब किसी ने नहीं जलाया तब एक युवा कांग्रेस नेता ने जिन्होने एक बार कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़कर रमेश सक्सेना का काम किया था उन्होने ही सुरेश पचौरी के पुतले में आग लगा दी।

      कुल मिलाकर 2 घंटे में समाप्त हो गई इस बैठक में अंतिम रुप से यह निर्णय लिया गया कि जो भी हो हमें भाजपा को जीतने नहीं देना है, और अगर इसके लिये हमें सन्नी महाजन को सहयोग देना पड़े तो वह भी हमे करना चाहिये। सबने इसके लिये स्वीकृति दी और कहा कि हम सन्नी के साथ हैं। इसके साथ ही यहाँ उपस्थित कई ग्रामीण कांग्रेसी तो सन्नी की सभा के लिये रवाना ही हो गये।

      अब संभावित है कि कांग्रेसजन एक स्थान पर वापस एकत्र ना हों। इस प्रकार कांग्रेस का सामुहिक विरोध नहीं हो पायेगा। लेकिन अपने-अपने स्तर पर कांग्रेस नेता क्या करेंगे यह देखना शेष है।


चुनाव के ताजा समाचार जानने के लिये हमारे स्‍तंभ 'चुनाव विशेष' और फुरसत के विशेष राजनीतिक समाचार के लिये 'राजनीतिक' स्‍तंभ पर क्लिक करें। यहां आपको एक साथ सारी राजनीतिक खबरें पढ़ने को मिलेंगी ।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

अभय मेहता ने कार्यकर्ताओं के दबाव में नाम पत्र दाखिल किया

      इछावर 6 नवम्बर (नि.सं.)। क्षेत्र के सहकारी नेता और कांग्रेस के वजनदार नेता अभय मेहता सेठजी ने आज कार्यकर्ताओं और समर्थकों के भारी दबाव में अंतत: कांग्रेस से और एक निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर ही दिया। कल वर्मा चौक में मेहता समर्थकों का हुजूम देर रात तक लगा रहा था जिसमें श्री मेहता पर यह दबाव उनके समर्थकों ने बनाया था कि चाहे कुछ भी हो जाये उन्हे चुनाव लड़ना पड़ेगा।

      उल्लेखनीय है कि लम्बे समय से इछावर में कांग्रेस की राजनीति कर रहे अभय मेहता सुरेश पचौरी के करीबी हैं और वरिष्ठ राष्ट्रीय कांग्रेस नेताओं की आपसी खींचतान के चलते इछावर से पचौरी समर्थक अभय मेहता को टिकिट नहीं मिला बल्कि पिछली बार कांग्रेस से बागी के रुप में खड़े हुए बलवीर तोमर को टिकिट दिया गया। तोमर कमलनाथ समर्थक हैं। लेकिन जैसे ही बलवीर तोमर का नाम कांग्रेस से तय किया गया है वैसे ही इछावर नगरीय क्षेत्र में कांग्रेसियों व अभय मेहता समर्थकों में भारी नाराजगी छाई हुई है। कल रात वर्मा चौक में बड़ी संख्या में अभय मेहता समर्थक रात के समय एकत्र हो गये थे और उन्होने मार्ग तक अवरुध्द कर लिया था। यहाँ सभी की एक ही मांग थी कि सेठजी किसी भी तरह चुनाव लड़ें हम उनके साथ हैं।  कार्यकर्ताओं के भारी दबाव में अंतत: आज पंडितों की राय जानकर अभय मेहता ने यहाँ बकायदा जोरदार तरीके से नाम निर्देशन पत्र भर दिया। उनके समर्थक आज सुबह से ही डटे हुए थे। बड़ी संख्या में एक जुलूस नगर से निकलकर नाम निर्देशन भरने पहुँचा। मेहता ने एक पत्र कांग्रेस से दूसरा निर्दलीय के रुप में भर दिया है।



चुनाव के ताजा समाचार जानने के लिये हमारे स्‍तंभ 'चुनाव विशेष' और फुरसत के विशेष राजनीतिक समाचार के लिये 'राजनीतिक' स्‍तंभ पर क्लिक करें। यहां आपको एक साथ सारी राजनीतिक खबरें पढ़ने को मिलेंगी ।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह ने धूम धड़ाके के साथ नामांकन दाखिल किया

      आष्टा 6 नवम्बर (नि.सं.)। आज कांग्रेस कार्यालय में कन्नौद रोड से कांग्रेस के सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ पूरे ताम-झाम सहित कांग्रेस प्रत्याशी इंजी. गोपाल सिंह ने एक विशाल जुलूस निकालकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दाखिल करने के पश्चात कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज कांग्रेस में मैं नहीं कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव लड़ रहा है। इसी भावना से मुझे यहाँ से प्रत्याशी बनाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमति सोनिया गाँधी, युवा प्रेरणा स्त्रोत राहुल गाँधी ने इस चुनाव में युवाओ को प्राथमिकता देते हुए मैदान में उतारा है। मैं क्षेत्र के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मतदाताओं से आशीर्वाद क्षेत्र के विकास के लिये लेने आया हूँ। इस अवसर पर प्रत्याशी गोपाल सिंह बड़ा बाजार में भगवान गणेश की पूजा अर्चना की। उसके पश्वात विभिन्न मार्गों से होता हुआ नामांकन दाखिल करने का जुलूस तहसील कार्या. पहुँचा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, लक्ष्मीनारायण वर्मा, शिवनारायण पटेल, राजमल सेठी, रतन सिंह ठाकुर, ओंकार सिंह ठाकुर, एड.ए.के.कुरैशी, जावर नगर पंचायत उपाध्यक्ष जाकिर हुसैन, शिवनारायण परमार सहित अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कांग्रेस द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया कि आज ग्राम पंचायत रसूलपुरा के सरपंच मेघराज मेवाड़ा एवं बगड़ावदा सरपंच फूल सिंह मालवीय ने साथियों के साथ भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। आज जावर व मेहतवाड़ा में भी कांग्रेस कार्यालयों का शुभारंभ किया गया।

भैंस चोरी गई, सड़क हादसों में तीन घायल

जावर 6 नवम्बर (नि.प्र.)। अज्ञात चोर 12 अक्टूबर की रात्रि में ग्राम खामखेडा बैजनाथ के कृषक रमेशचन्द्र घासीराम जोशी की एक भैंस कीमत 25 हजार चुरा ले गये। रमेशचन्द्र ने उक्त भैंस को काफी खोजा लेकिन जब नहीं मिली तो कल जावर थाने में उक्त भैंस चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। चोरी गई भैंस की कीमत 25 हजार बताई गई है।

 

मारपीट कर भाग गये

      आष्टा 6  नवम्बर (नि.प्र.) आष्टा से अपने ग्राम बोन्दा की सामरी जा रहे दो भाइयों को सिद्दीकगंज के आगे बगवाई माता मंदिर से दो ढाई कि.मी. भागे 4-5 अज्ञात लोगों ने बोन्दा की सामरी निवासी गोरधन सिंह बुलाजी एवं राधेश्याम बोन्दाजी को रोका और उनके साथ मारपीट की तथा भाग गये। गोरधन और राधेश्याम मोटर सायकल से जा रहे थे नीलबड जोड पर घटी उक्त घटना के बाद से थाने पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराई है।

 

बीमार की मृत्यु

      आष्टा 6 नवम्बर (नि.प्र.)। सिददीकगंज थाने के अन्तर्गत आने वाले ग्राम बुरानाखेड़ी निवासी रामचरण आत्मज बापूसिंह बलाई 10-12 दिन से बुखार, मोतीझिरा निकलने के कारण बीमार था कल उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की है।

 

सड़क हादसों में तीन घायल

      सीहोर 6 नवम्बर (नि.सं.) जिले में घटित दो सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गये। पुलिस ने दोनो मामले कायम कर लिये हैं।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार आष्टा थाना क्षेत्र के ग्राम भंवरी निवासी मानसिंह परमार गत बुधवा को अपनी मोटर सायकल से अपनी गांव जाने के लिये जताखेड़ा जोड पर मुड़ने की कोशिश कर रहा था तभी भोपाल तरफ से आ रही इण्डिका का क्रमांक जीजे-6बीएल-6651 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन को चलाते हुये मानसिंह परमार की बाइक में टक्कर मार दी। जिससे मानसिंह घायल हो गया।

      इधर रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बोरघाटी निवासी आशा राम यदुवंशी गत मंगलवार को अपने पिता को बाइक से लेकर खाद लेने सोयत जा रहे थे तभी रिछारिया के समीप सोयत तरपऊ से आ रहे श्यामूगांव निवासी बाइक चालक अनिल बकोरिया ने अपने वाहन को तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाते हुये आशाराम की बाइक में टक्कर मार दी। परिणाम स्वरूप पिता-पुत्र दोनों घायल हो गये।


चुनाव के ताजा समाचार जानने के लिये हमारे स्‍तंभ 'चुनाव विशेष' और फुरसत के विशेष राजनीतिक समाचार के लिये 'राजनीतिक' स्‍तंभ पर क्लिक करें। यहां आपको एक साथ सारी राजनीतिक खबरें पढ़ने को मिलेंगी ।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

आचार संहिता का उल्लंघन करने पर कांग्रेसी वाहन पकड़ा

आष्टा 6 नवम्बर (नि.सं.)। आचार संहिता का पूरा असर आष्टा क्षेत्र में नजर आ रहा है। दो दिनों के पश्चात आज फिर आष्टा पुलिस ने कांग्रेस का झण्डा लगा एक वाहन टाटा 407 एमपी 040706 को पकड़ा। इस वाहन को एक लाउडस्पीकर लगाने की स्वीकृति थी। लेकिन उसके स्थान पर कई लाउडस्पीकर कस लिये थे तथा तेज आवाज में भी इसे चला रहा था। तब पुलिस ने वाहन को जप्त कर चालक रऊफ खां को मानस भवन के पास पकड़ा। इसके खिलाफ धारा 188 एवं ध्वनि निवारक अधि. 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

Thursday, November 6, 2008

जिस परेशान बालिका की गुहार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नहीं सुनी उसकी मुम्बई में अभिनेता सलमान खान ने सुनी



गरीब की बेटी का इलाज कराने से पीछे हटे मुख्यमंत्री, सलमान ने दिये 7. 50 लाख

 

              आष्टा 5 नवम्बर (नि.सं.)। पूरे प्रदेश की बच्चियों का खुद को मामा कहने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने ही जिले की एक बच्ची के बार-बार निवेदन के बाद भी उसकी जरा-सी मदद करने को तैयार नहीं हुए। हर बेटी को लाड़ली लक्ष्मी बनाने की बात करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक गरीब परिवार की लाड़ली लक्ष्मी के असहनीय दुख और पीड़ा समझ नहीं पाये। प्रदेश के अति बुजुर्ग भाजपाई सांसद 

कैलाश जोशी भी इस होनहार बालिका की परेशानी को महसूस नहीं कर सके और एक झटके में इसे बाहर का रास्ता दिखा दिया....अंतत: इस जीवन से त्रस्त होकर मरने का विचार कर रही इस बालिका को किसी तरह उधार लेकर जब इसका भाई मुम्बई पहुँचा तो वहाँ इसका जीवन की बदल गया। सलमान के पिता सलीम खान तक किसी ने इन्हे भेजा, सलीम ने इनकी बात सुनते ही साढ़े सात लाख रुपये का चैक काट दिया। जो बात सलीम खान को एक झटके में समझ आ गई वह बात यहाँ कई बार समझाने के बाद भी मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को जो गरीब की बेटी की बात करते नहीं अघाते, उन्हे आखिर क्यों समझ नहीं आ सकी ?

      आष्टा नगर के दशहरा मैदान क्षेत्र में रहने वाले एक गरीब परिवार के सदस्य अपनी पुत्री के इलाज के लिए आष्टा से लेकर भोपाल तक मंत्री, मुख्यमंत्री से लेकर संत्री तक गये लेकिन उस गरीब परिवार की किसी ने आर्थिक सहायता नहीं की सुनी सभी ने आश्वासन भी दिया लेकिन उक्त परिवार के सदस्य सहायता के लिए दर-दर भटकते है और कोरे आश्वासन के आलवा कुछ नहीं मिला। ऐसे में इस परिवार के लिए फिल्म अभिनेता सलमान खान पिता सलीम खान ने एक फरिश्ते की तरह सामने आये और उसने जब पूरी दास्ता सुनी तो बिना देर किये आष्टा की पीड़ित बालिका कुमारी सरिता पुत्री गणपतलाल विश्वकर्मा के लिए उसके इलाज के लिए 7.50 लाख रुपये की राशि देकर मुम्बई में उसका इलाज कराया।

      पीड़ित बालिका सरिता जिसको बचपन में चेचक (माता) निकली थी जिसके कारण उसके दोनों कानों में इनफेक्शन हो गया था और दोनों कानों की सुनने की शक्ति चली गई थी यह कानों से नहीं सुनने के साथ बोल भी नहीं पाती थी। इस सम्बंध में सरिता के भाई बालकृष्ण विश्वकर्मा ने फुरसता को बताया कि हमारा परिवार अत्यंत ही गरीब परिवार है शुरुआत में अपनी शक्ति के हिसाब से सरिता का इलाज कराते रहे लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ उल्टे सरिता की बीमारी बढ़ती गई। बिना सुने बोले भी सरिता ने एम.ए. (अर्थशास्त्र) से किया आष्टा कालेज में यह टापर भी रही कई बार उसे इंदौर, उज्‍जैन, भोपाल, सीहोर पाडर, आष्टा में विशेषज्ञ डाक्टरों को दिखाया कोई फायदा नहीं हुआ आखिरकार डाक्टरों ने सरिता को मुम्बई में दिखाने का बोला जिसका खर्च 7-8 लाख बताया इतनी राशि की व्यवस्था मुझ जैसे गरीब परिवार के बस की बात नहीं थी मैं बहन के इलाज के लिए आष्टा विधायक, भोपाल के सांसद कई संस्थाओं, कलेक्टर सीहोर के पास गया यहां कोरे आश्वासन मिले जब एक बार प्रदेश के मुख्यमंत्री कन्यादान योजना विवाह कार्यक्रम में आष्टा आये तब उनके साथ मुख्मंत्री जी की पत्नि भी थी उन्हें मिला पूरी पीडा सुनाई (चित्र मुख्यमंत्री से भेंट का) मुख्य मत्री जी ने सहायता एवं पूरे इलाज का आश्वासन दिया लेकिन सहायता कुछ नहीं मिली।

      सांसद कैलाश जोशी जैसे वरिष्ठ भाजपा नेता के पास भी यह गये और स्थानीय विधायक रघुनाथ मालवीय ने भी इन्हे आश्वासन तो खूब दिया लेकिन हुआ कुछ नहीं इधर बहन की बीमारी बढ़ती गई दिन भर वो रोती और यही कहती कि इससे तो मरना ही अच्छा है तब जैसे-तैसे कुछ राशि की व्यवस्था कर मैं उसे मुम्बई ले गया यहां भी 7-8 लाख का खर्चा बताया क्योंकि आपरेशन करके एक मशीन अंदर फिट होना थी तथा एक मशीन बाहर लगाना थी और 6 माह इलाज चलेगा। मुम्बई में भी ट्रस्ट, मंदिरों की समीतियों, सामाजिक संस्थाओं के पास गये लेकिन यहां भी कोई सहायता के लिए आगे नहीं आया ऐसे में जब हम थक गये और आष्टा आने की तैय्यारी में थे तब हमें एक अनजान व्यक्ति ने हमारी पीडा को सुना और फिल्म अभिनेता सलमान खान के पिता सलीम खान से मिलवाया श्री खान को पूरी कहानी बताकर सहायता नहीं मिलने के कारण बिना इलाज कराये वापस जा रहे है कहा तो उन्होंने अपने पारिवारिक डाक्टर के माध्यम से कान के डाक्टर से सम्पर्क किया और इलाज के लिए 7.50 लाख की राशि का चैक दिया बहन को मुम्बई के एक अस्पताल में भर्ती कर आपरेशन किया आपरेशन लगभग 10 घंटे चला और फरिश्ते के रूप में सामने आये खान परिवार की सहायता से आज मेरी बहन को काफी  फायदा हुआ है वो अब सुन सकती है थोडा बोल सकती है लेकिन अभी भी 6 माह का इलाज बाकी है जो मेरे बस की बात नहीं है उसे हर माह मुम्बई ले जाना पडेगा जहां उसकी ट्रेनिंग-इलाज होगा। भाई बालकृष्ण विश्वकर्मा ने बताया कि अभी भी इलाज के लिए 50 हजार की आवश्यकता है मेरी क्षमता नहीं है कि मैं उसका इलाज जो शेष बचा है करा सकूं।

      इसके लिए फुरसत को सहारा बनाकर दान दाताओं से अपील करता हूं कि मेरी बहन के शेष इलाज के लिए अधिक से अधिक दान सहायता राशि का सहयोग कर उसके शेष इलाज में आर्थिक सहयोग करें। सहायता के लिए मोबाइल नम्बर 98273-92512 एवं 9893219104 पर सम्पर्क कर सकते है। मेरा पता बी.के. आर्ट पुराना दशहरा मैदान आष्टा है सीहोर जिले के नागरिकों से विश्वकर्मा परिवार आष्टा ने अधिक से अधिक राशि के सहयोग की अपील की है।



चुनाव के ताजा समाचार जानने के लिये हमारे स्‍तंभ 'चुनाव विशेष' और फुरसत के विशेष राजनीतिक समाचार के लिये 'राजनीतिक' स्‍तंभ पर क्लिक करें। यहां आपको एक साथ सारी राजनीतिक खबरें पढ़ने को मिलेंगी ।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

सीहोर कांग्रेस में बवाल : दिग्गज कांग्रेस नेता विफरे, गोपनीय बैठक में हुआ निर्णय कि कांग्रेसी मिलकर उतारे अपना अलग प्रत्याशी

सामुहिक इस्तिफा देने का कदम उठाने की भी योजना आज होगा अंतिम निर्णय

      सीहोर 5 नवम्बर (नि.सं.)। कल तक जहाँ कांग्रेस की स्थिति ऊपर से सामान्य नजर आ रही थी। उस शांति की स्थिति में स्वदेश राय के नाम घोषित होने के बाद एक तरह से विस्फोट हो गया। हालांकि यह विस्फोट सिर्फ कांग्रेस के स्थानीय नेताओं के बीच ही हुआ है। कार्यकर्ताओं को इसकी भनक भी नहीं लगी है। कल रात घोषणा होने के साथ ही एक गुप्त बैठक की तैयारियाँ शुरु हो गई थी।

      आज दिन में करीब 3 घंटे से अधिक समय तक कांग्रेस के विभिन्न खेमों के नेता एक स्थान पर एकत्रित हुए और स्वदेश राय के टिकिट को लेकर चर्चा की गई। हालांकि मामला बिल्कुल गुपचुप रुप से किया गया था लेकिन फुरसत सूत्रों को इसकी भनक लग ही गई। कल 11 बजे तक बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्र होकर फिर एक नया धमाका करने की योजना बना रहे हैं। देखते हैं क्या होता है।

      अभी तक जहाँ भारतीय जनता पार्टी में ही भारी तना-तनी और विरोध दिख रहा था। भाजपा उम्मीद्वार रमेश सक्सेना के खिलाफ महाजन गुट और त्यागी गुट का एक साथ हो जाना तथा सन्नी महाजन का तामझाम के साथ चुनाव लड़ने की तैयारियाँ जहाँ चर्चाओं में थीं वहीं भाजपा के लिये दूसरी परेशानी उमाश्री भारती की पार्टी जनशक्ति भी नजर आ रही थी। चूंकि जनशक्ति भी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में सम्पर्क बनाये हुए है ऐसे में लग रहा है निश्चित रुप  से जनशक्ति भी भाजपा को लम्बा दचका देगी।

      लेकिन कांग्रेस की स्थिति कल तक साफ थी, हालांकि जफरलाला ने मुस्लिम पार्षदों के साथ समर्थकों की एक रैली निकालकर जिस प्रकार आवेदन जमा किया था उससे लग रहा था कि निश्चित रुप से कांग्रेस में भी कहीं कुछ दिक्कत आ सकती है। इसके बाद बहुत तेजी से यह प्रचार खुल्ले मुँह से किया गया कि जफरलाला का आवेदन सिर्फ इसलिये भराया है कि यदि कांग्रेस से राय परिवार को टिकिट मिला तो वह लड़ेंगे और नहीं मिला तो जिसे मिलेगा उसके समर्थन में बैठ जायेंगे।

      जो भी हो कल रात जैसे ही स्वदेश  राय का टिकिट तय हुआ वैसे ही एक तरफ तो कार्यकर्ताओं और राय समर्थकों में खुशी की लहर थी आतिशबाजी चलाई जा रही थी। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के नेताओं के फोन एक-दूसरे को धमा धम  लग रहे थे। जिसकी परिणति के रुप में आज एक टिकिट के प्रबल दावेदार नेता के बंगले पर 11 बजे से कांग्रेस के अनेकानेक नेताओं लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं की एक गोपनीय बैठक  सम्पन्न हुई। जहाँ बैठक हो रही थी वहां से लगातार फोन करके सबको बुलाया भी जा रहा था, जिस पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एकत्र भी हुए। यहाँ करीब 3 घंटे से अधिक समय तक चली बैठक में यह बात सभी ने एक स्वर में कही कि जो व्यक्ति कांग्रेस का मेम्बर ही नहीं है उसका विरोध किया जायेगा। हालांकि इस दौरान इतनी कुछ बातें हुई कि पूरी रामकहानी ही खोलकर रख दी गई। दो-तीन कांग्रेस नेता तो जबर्दस्त विरोध करते नजर आये। उन्होने यह भी कहा कि जो भी हमें कांग्रेस को जिताना भी है, जिसके लिये हमें एक प्रत्याशी सामुहिक रुप से खड़ा करना चाहिये। इन्होने यह भी कहा कि इसके लिये हम समस्त उपस्थित कांग्रेसजनों को सामुहिक रुप से इस्तिफा भी देना चाहिये।

      मजे की बात यह रही कि इस गोपनीय बैठक की सूचना कांग्रेस से प्रत्याशी के रुप में खड़े हो रहे स्वदेश राय और नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय को भी लग गई थी और वह उक्त बैठक स्थल पर ही पहुँच गये। यहाँ राकेश राय ने जहाँ सभी उपस्थित कांग्रेस जनों से कहा कि जो भी मुझसे भूल हुई हो उसे क्षमा करें वहीं स्वदेश राय ने उन्हे आश्वासन दिलाया कि आप मुझे अपना छोटा भाई मानें, आप लोगों का मैं पूरा सम्मान करता हूं और करता रहूंगा। इन दोनो ने करीब 15 मिनिट तक यहाँ बातचीत की। यहाँ कु छ नेताओं ने राकेश राय से नाराजगी खुलकर जताई जिसे श्री राय ने स्वीकार भी कर लिया।

      सुविज्ञ सूत्रों का कहना है कि यह गोपनीय बैठक कल फिर किसी अनजान स्थान पर तय की गई है। संभावित है कि उसमें पूरे विधानसभा क्षेत्र व ग्रामीण अंचलों के कांग्रेस जनों को एकत्रित किया जा रहा है, सूचना कर दी गई है ताकि बड़ी संख्या में लोग एकत्र हों। कल या तो सामुहिक इस्तिफे होंगे, या फिर कोई नई रणनीति बनाई जायेगी। किसी प्रत्याशी को खड़ा किये जाने की भी संभावना है। गुरुवार को 10 बजे से रखी गई इस गोपनीय बैठक में कल क्या होता है यह तो समय ही बतायेगा।

      फुरसत के सूत्रों का कहना है कि आज से ही इस बैठक को असफल करने के प्रयास भी शुरु हो गये हैं और कांग्रेस का शेष बचा खेमा यह प्रयास कर रहा है बैठक में कुछ खास निर्णय नहीं हो पाये।

कांग्रेस का चुनाव कार्यालय शुरु

      आष्टा 5 नवम्बर (नि.सं.)। आष्टा विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी गोपाल सिंह इंजीनियर के मुख्य कार्यालय का एक सादे समारोह में कन्नौद रोड पर मुकाती की बावड़ी क्षेत्र में कार्यालय खोला गया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजमल सेठी, रतन सिंह ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, पार्षद अजीज अंसारी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यालय शुभारंभ के अवसर पर पूर्व मण्डी अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण वर्मा, भैया मियां, सोभाल सिंह भाटी, बापूलाल मालवीय, शिवनारायण पटेल, राजमल जैन, डॉ. ओपी वर्मा, मोती सिंह जियाजी, अशोक सेन, प्रदीप प्रगति, पुनीत तिवारी, जाहिद गुड्डू, जटाल सिंह मेवाड़ा, शैलेष राठौर सहित अनेकों कांग्रेसजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन बापूलाल मालवीय ने किया तथा अंत में आभार सोभाल सिंह भाटी ने किया।

मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित 13 नाम निर्देशन भराये

सीहोर 5 नबम्बर (नि.सं.)। जिले की सीहोर, आष्टा, इछावर और बुधनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 13 अभ्यर्थियों द्वारा आज नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए। इनमें विधानसभा सीहोर के लिए 3, आष्टा के लिए 2, इछावर के लिए 5 और बुधनी विधानसभा क्षेत्र के लिए 3 अभ्यर्थियों ने अपने नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए।

      विधानसभा चुनाव 2008 के तहत आज सीहोर विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री नंदकिशोर आ. श्री केवलराम पाटीदार निवासी झरखेड़ा तहसील सीहोर ने भाजश से, श्री लोकेन्द्र मेवाड़ा आ. श्री राजमल मेवाडा ग्राम ढाबलामाता तहसील व जिला सीहोर ने भाजश से तथा श्री कमलेश राठौर आ.श्री गेन्दालाल राठौर गंज सीहोर ने भाजश से अपने नाम निर्देशन दाखिल किए। इसी प्रकार आष्टा विधानसभा क्षेत्र के लिए श्री कमलसिंह आ. श्री देवीसिंह ने प्रजातांत्रिक समाजवादी पार्टी और श्रीमती रंभा पत्नी श्री बंशीलाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए। आष्टा में  3 लोगों ने नामांकन पत्र प्राप्त किये जिनमें गोपाल सिंह इंजीनियर, मुकेश मालवीय तथा भूपेन्द्र केसरी शामिल हैं।

      इछावर विधानसभा क्षेत्र के लिए आज जिन पांच अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए गए उनमें डॉ. मनोज सिंह सोमवंशी आ. श्री संत प्रसाद (बसपा), श्री करण सिंह वर्मा आ.श्री कन्हैयालाल वर्मा (भाजपा), श्री शंकरलाल शर्मा आ. श्री रामचरण शर्मा (भाजपा), श्री विजय शाह आ. श्री बल्देव सिंह (निर्दलीय) और श्री बलराम सिंह आ. श्री गनपत सिंह (निर्दलीय) शामिल हैं।

      बुधनी विधान सभा क्षैत्र के लिए आज श्री विष्णु प्रसाद आ. श्री मोतीलाल ग्राम ख़डगांव डिमावर, तहसील नसरूगागंज जिला सीहोर ने शिवसेना से, श्री शिवराज सिंह आ. श्री प्रेमसिंह ग्राम जैत, पोस्ट सरदारनगर तहसील बुधनी जिला सीहोर ने भाजपा से और शिवशंकर पटेरिया आ.श्री दीनानाथ पटेरिया गषि नगर चार इमली भोपाल ने भाजश से नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्र से आज कुल 27 नाम निर्देशन पत्र प्रारूप इशु किए गए। इनमें विधानसभा क्षेत्र सीहोर के लिए 7, आष्टा के लिए 3, इछावर के लिए 8 और विधानसभा क्षेत्र बुधनी के लिए 9 अभ्यर्थियों को नाम निर्देशन पत्र प्रारूप जारी किए गए। 

टयूबवेल का पानी फेरने पर झगड़ा

           आष्टा 5 नवम्बर (नि.सं.)। कोठरी में एक टयूबवेल पर से पानी फेरने को लेकर दोपहर 12 बजे झगड़ा हो गया। जिस पर आरोपियों ने फरियादियों के साथ खल्ले से मारपीट की। दोनो पक्षों ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार दिनेश एवं राहुल के परिवारों जिस खेत पर पानी का टयूबवेल था जिसको आज राहुल चला रहा था तो दिनेश ने उससे कहा कि तू यह क्यों चला रहा है जब हिस्से में अलग-अलग आ गया है। तो इसी बात पर मारपीट हो गई। दिनेश ने धरम एवं राहुल के खिलाफ तथा राहुल ने दिनेश एवं द्वारका के खिलाफ आष्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

छुरी सहित दो गिरफ्तार, अवैध शराब जप्त

      सीहोर 5 नवम्बर (नि.सं.) कोतवाली थाना पुलिस ने ग्राम उजरखेड़ा निवासी मुस्ताक आ. इस्माल खां तथा शुगर फैक्ट्री निवासी शुभम उफर्  शिवम आ. रविप्रकाश को सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से छुरी लेकर घूमते पाये जाने पर गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं। उधर जावर पुलिस ने ग्राम कजलास निवासी गंगाराम आ. सिद्धनाथ को 20 पाव अवैध देशी मदिर सहित गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत कार्य.की है।

सम्पत्ति विरुपण करने वालों के खिलाफ प्रकरण दर्ज

      आष्टा 5 नवम्बर (नि.सं.)। निर्वाचन आयोग के कड़े निर्देशों के कारण अधिकारी राजनीतिक दलों को आचार संहिता पर आभास करा रहे हैं। आज मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल के यशवंत कुमार जैन ने विद्युत खंबो पर बिना स्वीकृति के खेड़ापति मंदिर क्षेत्र में सेमनरी रोड पर विद्युत पोलों पर पोस्टर लगाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

      वहीं आज आष्टा कन्नौद रोड पर कन्नौद की और से आ रही एक टाटा सूमो क्रमांक एमपी 09 बीए 0573 पकड़ा जिस पर बिना स्वीकृति के भाजपा का झण्डा लगा होने के कारण वाहन के चालक रमेश मीणा के खिलाफ धारा 188 के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया। इसी प्रकार आज थाने के सामने एक वाहन क्रमांक एमपी 37 जीए 0383 के चालक राम सिंह मालवीय निवासी पटारिया गोयल के खिलाफ धारा 188 एवं 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इस वाहन को प्रचार-प्रसार के लिये एक स्पीकर लगाने की स्वीकृति थी लेकिन उसने वाहन में 5-6 स्पीकर लगा रखे थे।

बिना अनुमति प्राप्त 13 वाहनों के विरुध्द कार्यवाही

सीहोर 5 नबम्बर (नि.सं.)। विधान सभा क्षेत्र के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान बिना अनुमति प्राप्त 6 चार पहिया वाहनों एवं 7 मोटर सायकिलों के विरूध्द कार्यवाही करते हुए उन्हें जप्त कर लिया गया।

      एस.डी.एम. एवं रिटर्निंग आफीसर श्री चन्द्रमोहन मिश्र ने बताया कि बिना अनुमति प्राप्त 13 वाहन मालिकों के खिलाफ आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्यवाही करते हुए अपराध पंजीबध्द किया गया है।

      चार पहिया वाहनों में वाहन मांक एमपी-09-जी-8488 (टाटासुमो), एमपी-05-एसी-0496 (मारूतिवेन),एमपी09-एच-9150 (मारूतिवेन), एमपी38-8449 (ट्रेक्स), एमपी09-व्ही-3744 (टबेरा),    और एमपी20-टी-5446 (ट्रेक्स) शामिल है। जिन 7 मोटर सायकलों के विरूध्द कार्यवाही की गई है उनमें मोटर सायकल मांक एमपी-04-एमजे-9404, एमपी-37-एमए-4830, एमपी-04-एमएच-4599, एमपी-37-एमए-1107, एमपी-04-बीए-2538, एमपी-37-एमए-3713 और एमपी-37-एनसी -0690 शामिल है। वाहन मांक एमपी09-एच-9150 (मारूतिवेन) को इंदौर नाके के नजदीक बिना अनुमति का पाए जाने पर जप्त किया गया है। जिले में विधानसभा चुनाव 2008 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री डी.पी. आहूजा ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि आचार संहिता के उल्लंघन पर तत्काल कार्यवाही की जाये।


चुनाव के ताजा समाचार जानने के लिये हमारे स्‍तंभ 'चुनाव विशेष' और फुरसत के विशेष राजनीतिक समाचार के लिये 'राजनीतिक' स्‍तंभ पर क्लिक करें। यहां आपको एक साथ सारी राजनीतिक खबरें पढ़ने को मिलेंगी ।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।