Friday, October 31, 2008

कस्बे में 144 का उल्लंघन करने वालों पर प्रकरण दर्ज

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) कोतवाली पुलिस ने गत दिवस धारा 144 का उलंघन करने वाले 22 लोगों के विरूद्ध अपराधिक प्रकरण दर्ज किया हैं।

      उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर को दो वर्ग विशेष के लोगों ने कस्बा बजरिया में विवाद होने के पश्चात अपने-अपने समर्थकों को लेकर भीड एकत्रित कर ली थी। जबकि इस सम्बंध में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला दण्डाधिकारी सीहोर ने धारा 144 द.प्र.सं. के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किये हैं। जिला दण्डाधिकारी के विधि सम्मत आदेश का लोकेन्द्र सोनी, संतोष यादव, रवि यादव, सतीश राय, मंगला सोनी, महिपाल जैन, कैलाश चन्द्रवंशी, मनोज चंद्रवंशी, इशरार मियां, इरशाद पहलवान, हफीज, आरिफ, कामरान, इमरान पिता मकबूल, पप्पू खुरचन, अनवर पिता मजीद, जावेद पिता अजीज, भीमा, चम्पायादव, शाकिल पिता गफूर, इरफान, पिता नन्ने, फैजान पिता इरफान ने स्पष्ट उल्लंघन किया हैं। जिनके विरूद्ध धारा 188 भादवि. के तहत अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया हैं।

 

लूट का मामला दर्ज

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) बुधवार की शाम खेरी के समीप बस में सवारियां बैठाने की बात को लेकर लगभग आधा दर्जन लोगों ने बस के कन्डेक्टर के साथ मारपीट कर उससे नगदी 1000 रुपये छुडा लिये।

      राठौर बस क्रमांक एमपी-04-एच-7067 का कन्डेक्टर हरीशंकर गत बुधवार की शाम बारहा खम्बा से अपने बस में सवारिया भरकर आ रहा था जो खेरी से पहले सवारिया बैठाने के लिये बस को रोका तभी आयसर ट्रक का ड्रायवर बसीम ने आकर उससे कहा कि तुम सवारियों को नहीं ले जाओगे और यदि इन्हें ले जाओगे तो कमीशन देना पडेगा हरिशंकर द्वारा कमीशन देने से मना करने की बात को लेकर बसीम, शेरू, ईशू, व इकरार आदि ने उसके साथ मारपीट कर नगदी 1000 रुपये छुड़ा लिये। घटना की रिपोर्ट पर इछावर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया हैं।

 

सड़क हादसे में पांच घायल

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) जिले में हुये अलग-अलग सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गये। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर लिये है।

      जानकारी के अनुसार बुदनी रेहटी मार्ग पर बुधवार की शाम होलीपुरा के समीप लालरंग के एचएमटी ट्रेक्टर 2522 के चालक ने अपने वाहन को तेजगति एवं लापरवाहीपूर्वक चलाकर गोदी गुराड़िया तरफ जा रहे स्वरूपसिंह व रामबाबू तथा इनके एक अन्य साथी को टक्कर मारकर घायल कर दिया। घायल रामबाबू को  गंभीर अवस्था में उपचार हेतु भोपाल भेजा गया हैँ

      उधर आष्टा थाना क्षेत्र में आष्टा शुजालपुर रोड पर काजीखेड़ी के समीप नीले रंग के ट्रेक्टर चालक ने लापरवाही पूर्वक ट्रेक्टर को चलाते हुये सायकल सवार सेवाराम को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

      इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में काजीपुरा कस्बा के समीप बाईक क्रमांक एमपी-04 एमएल-4621 के चालक ने सैकड़ाखेड़ी निवासी सुनील शर्मा को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

 

प्राणघातक हमले में दो घायल

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) ग्राम सेवनिया परिहार में मामूली सी बात को लेकर प्राणघातक हमले में दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया हैं।

      बिलकिसगंज थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम सेवनिया परिहार निवासी नाहर सिंह व नौकर सिंह में मंगलवार की रात आठ बजे कहा सुनी हो गई थी बुधवार को रमेश बारेला व नौकरसिंह बारेला, रामू बारेला, वीरपुर डेम से दिन करीब 3 बजे वापस अपने घर लौट रहे थे तभी लक्ष्मन बारेला के मकान के पीछे रास्ते पर रमेश बारेला खामखेडा वाले ने नौकरसिंह बारेला को सामने से रोककर गाली गुफ्तार करने लगा। इसी बीच नाहर सिंह बारेला हाथ में धारिया लेकर आया व गाली गालौच करते हुये राम बारेला को धारिया से सिर में प्रहर कर दिया नौकरसिंह बारेला जब रामू को बचाने गया तो उसे भी नाहर सिंह ने सिर में धारिया से प्रहार कर चोटे पहुंचाई। बिलकिसगंज पुलिस ने रमेश बारेला की रिपोर्ट पर नाहर सिंह व रमेश बारेला के विरूद्ध प्रकरण दर्ज कर घायलों को उपचार हेतु भर्ती कराया गया है।

 

25 जुंआरी गिरफ्तार

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) जिले की पुलिस ने असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के दौरान 24 जुंआरियों को गिरफ्तार करते हुये इनसे लगभग 20 हजार रुपये नगदी जप्त किये है।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त कार्यवाही के तहत रेहटी थाना पुलिस ने ग्राम सगोनिया निवासी बादशाह आ. नानेश, कमलसिंह आ. नन्दलाल, श्याम आ. गोवर्धन तथा सलकनपुर निवासी अनिल आ. मिटठूलाल, लक्ष्मण आ. रामलाल राधेश्याम आ. चैनसिंह ग्राम बांया निवासी रमेश, मंगलसिंह, राकेश, सीताराम कोतवाली पुलिस ने राशिद आ. रहीश, मुबारिक, हनीफ आ. हबीव तथा इछावर पुलिस ने कालापीपल निवासी महेश, दौलत, दिनेश एवं इछावर निवासी लईक, मनोज, शहीद, इकबाल, कदीर, सुनील, योगेन्द्र को ताश पत्तों से हारजीत व ताश पत्ते जप्त कर धूत अधिनियम के तहत कार्यवाही की हैं। उधर नस.गंज थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लेकर घूमते पाये जाने पर बजरंग कुटी निवासी राजेन्द्र उर्फ रामू आ. रामचन्द्र को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं।

 

कुएं में डूबने से विवाहिता की मौत

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.) बीती रात बिलकिसंज स्थित कुंये में डूबने से एक विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी हैं।

      जानकारी के अनुसार ग्राम जीवनताल निवासी 45 वर्षीय रामकूबाई अपने पति माछा भईया बारेला के साथ बुधवार की रात्रि को अपने बियाई के यहां पर रहे थे, रामकू बाई अंधेरे में आगे-आगे चल रही थी तभी अचानक वह फतेसिंह परमार के बाड़ी वाले कुये में जा गिरी जिसे पति बचाने के लिये कुये में कूदा किन्तु वह बच नहीं सकी और उसकी मौत हो गई।

 

एक ने फांसी लगायी दूसरी ने जहर खाना तीसरी चिमनी से जली

      सीहोर 30 अक्टूबर (नि.सं.)। मण्डी थाना क्षेत्र में आग से जली एक विवाहिता सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी हैं।

      जानकारी के अनुसार मण्डी थाना क्षेत्र के ग्राम फूलमोगरा में रहने वाले राजेन्द्र की 25 वर्षीय पत्नि गत दिनों अपने ही घर में गैस चूल्हे पर चिमनी गिरने से गंभीर रूप से जल गई थी जिसे उपचार हेतु अस्पताल सीहोर लाया गया। जहां पर उसकी मौत  हो गई।

      उधर रेहटी थाना क्षेत्र में ग्राम चिचलाय निवासी नर्बदा प्रसाद वर्मा की 20 वर्षीय पत्नी सुलेखा ने गत दिनों अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था जिसे उपचार हेतु हमीदिया अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया  था जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

      इधर बिलकिसगंज थाना क्षेत्र के वीरपुर में रहने वाले 60 वर्षीय भोलाराम आ. इसमाल बारेला ने गत दिवस अपने ही घर में म्याल से रस्सी का फंदा अपने गले में डालकर खुदखुशी कर ली थी। बताया जाता है कि भोलाराम अपने 18 वर्षीय पुत्र मुन्नाराम के साथ अपने घर में रहता था घटना दिनांकी सुबह भोलाराम का पुत्र घर के पीछे था जब वह अपने घर में आगे आया तो देखा कि उसका पिमा म्याल में रस्सी से गले में फंदा लगाकर लटका हुआ हैं। जिसने तत्काल चौकी पहुंचकर पुलिस को सूचना दी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भोलाराम को नीचे उतारा तब तक उसकी सांचे चल रही थी किन्तु कुछ ही समय पश्चात उसकी मौत हो गई।

 

जान से मारने की धमकी

      आष्टा 30 अक्टूबर (नि.प्र.) मैना में एक शराब की दुकान पर शराबी को उधार शराब नहीं देने पर शराब दुकान संचालक शंकरलाल को देवीलाल खाती ने शराब उधार मांगी नहीं दी तो गालिया बकी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

 

पेरों में चोंट पहुंचाई

      आष्टा 30 अक्टूबर (नि.प्र.) बुधवारा में एक मोटर सायकल चालक ने वाहन को तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाते हुए रमेश मालवीय निवासी हाथीखाना आष्टा को टक्कर मारकर पैरों में चोंट पहुंचाई।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

Tuesday, October 28, 2008

डी.पी.जल जाने खजूरिया एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा

      जावर 27 अक्टूबर (नि.प्र.)। ग्राम खजूरिया एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा गांव में बिजली नही होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है साथ ही पीने के पानी की समस्या भी आ रही है मोबाईल भी चार्ज नही हो रहें हैं। ग्राम खजूरिया के मोहन पाटीदार ने बताया कि गांव की बिजली सप्लाई जिस डी.पी.से थी वह एक सप्ताह पहले जल गई डी.पी.जलने की सूचना मण्डल के अधिकारी को ग्रामीणों द्वारा दे दी गई उसके बावजूद अभी तक डी.पी.नही बदली गई। सामने दीपावली का त्यौहार है और गांव में अंधेरा छाया हुआ हैं। एक ग्रामीण बलवान सिंह ने बताया कि गांव में एक सप्ताह से अंधेरा छाया हुआ हैं। जिस कारण लोगों को कई प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। लोगों को अनाज पिसवाने तक जावर जाना पड़ रहा हैं गांव की बिजली बंद होने के कारण पीने के पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई हैं। गांव मे लगे सरकारी हेडपंप बंद है कुंए बावड़ी सूखे पडे हैं गांव में कई लोगों के यहां लगे निजि हेडपंप से पानी भर रहें है और कई लोग दूर जंगलों से बेलगाड़ी पर कोठी बांधकर पानी लाने को मजबूर हैं। बाबूलाल का क हना है कि गांव मे बिजली नही होने के कारण मोबाईल तक क रने दूसरी जगह जाना पड़ रहा हैं। गांव मे एक सप्ताह से अंधेरा छाया हुआ है सामने दीपावली का पर्व है लेकिन विद्युत मण्डल को अभी जली डी.पी.बदलने की फुरसत ही नही मिली है। लोगों का कहना है कि क्या दीपावली पर्व अंधेरे मे ही मनाना पडेग़ा। 

हाथ ठेला चालक ने एक को घायल किया

      सीहोर 27 अक्टूबर (नि.सं.) जिले के थाना इछावर एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में हुये अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने दोनों ही मामले कायम कर लिये हैं।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार इछावर थाना अन्तर्गत गंजीबढ़ निवासी धनसिंह आ. गुलाबसिंह सपेरा गत दिवस सवा सात बजे गंजीबढ़ इछावर तरफ जा रहा था तभी पीछे से आ रहे हाथ ठेला चालक ने धनसिंह को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

      इधर कोतवाली थाना क्षेत्रान्तर्गत हुये सड़क हादसे में ग्राम रायपुरा नयाखेड़ा निवासी गोविन्द आ. शिवप्रसाद धोबी मोटर सायकल से जा रहा था गत दिनों सुबह 10 बजे जैसे ही वह भोपाल सीहोर रोड ग्राम पचामा के पास पहुंचा सामने से आ रहे मोटर सायकल के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुय गोविन्द की मोटर सायकल में टक्कर मार दी परिणाम स्वरूप गोविन्द घायल हो गया।

 गुप्ती व चाकू जप्त

      सीहोर 27 अक्टूबर (नि.सं.)। सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से शस्त्र लेकर घूमते पाये जाने पर कोतवाली पुलिस ने ग्राम बड़नगर निवासी भंवरलाल आ. बंशीलाल 25 साल एवं जावर पुलिस ने ग्राम अलीपुर निवासी भेरूलाल आ. रामनारायण दर्जी को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक गुप्ती तथा एक चालू जप्त किया हैं।

 

 सर्प के काटने से बालक की मौत

      इछावर 28 अक्टूबर (नि.सं.) इछावर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम बोरदीकलां निवासी एक 10 वर्षीय बालक की सर्प के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर लिया हैं। इछावर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम बोरदीकलां निवासी ओमप्रकाश धाकड़ का 10 वर्षीय पुत्र अमन धाकड़ को गत दिवस शाम आठ बजे सर्प ने काट लिया, जिसे उपचार हेतु लाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

 

 हरपाल का जिला बदर राजनैतिक द्वेष

      सीहोर 27 अक्टूबर (नि.सं.)। युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव हरपाल सिंह ठाकुर पर जिलाबदर की कार्यवाही अनुचित है। हम समस्त कांग्रेसजन एवं आम जनता इस गलत निर्णय का विरोध करते हैं। यह बात इंका नेता हरीश राठौर, गोपाल इंजीनियर, राजाराम बडे भाई, घनश्याम जांगड़ा ने संयुक्त रूप से कही। उन्होंने कहा कि हरपाल ठाकुर कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। उन्होंने हमेशा आम जनता के हित में अपनी लड़ाई लड़ी है। हरपाल ठाकुर ने जन समस्याओं के लिये कई आंदोलन किये हैं, साथ ही समाज के हित में सामाजिक आंदोलन भी किये हैं, जिसमें आम जनता को हरपाल ठाकुर का पूर्ण सहयोग भी मिलता रहा है। उन पर जितने भी प्रकरण हैं वे राजनैतिक है। चुनाव प्रजातंत्र का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। इस समय प्रशासन द्वारा हरपाल ठाकुर पर जिलाबदर की कार्यवहाी करना राजनैतिक द्वेषता से प्रेरित लगता है। जिलाबदर की कार्यवाही का कांग्रेस द्वारा पुरजोर विरोध किया जायेगा। विरोध करने वालों में रवि शर्मा, चंदू चौहान, राजेन्द्र भारती, पिंटू मेहता, शिव सरपंच, दीपक राठौर, मेहराबानसिंह, रामसिंह, लखन प्रसाद, रमेश वर्मा, अखिलेश राघव, दिलीप सिंह, प्रदीप नागिया आदि हैं।

 अवैध शराब सहित 4 गिरफ्तार

      सीहोर 27 अक्टूबर (नि.प्र.)। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में शराब सहित 4 लोगों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।

    जावर थाना पुलिस ने छायनखुर्द निवासी रंजित आ. भागीरथ अजा, कोतवाली पुलिस ने बमूलिया निवासी धनसिंह आ. राजाराम अजा, रेहटी पुलिस ने बावरी निवासी बदामीलाल आ. बाबूलाल मालवीय तथा इछावर पुलिस ने स्थानीय इछावर निवासी ओमप्रकाश आ. रंजीत सिंह अजा. को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 43 पाव 3 लीटर मदिा जप्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की हैं। 


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

भाजपा कांग्रेस से त्रस्त होकर 50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाजश की सदस्यता ली

      सीहोर27 अक्टूबर (नि.सं.) भारतीय जनशक्ति के प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा द्वारा ग्राम खण्डवा के धर्मेन्द्र जाट और चांदबड जागीर के विनोद सोलंकी के नेतृत्व में भारतीय जनशकित की बड़े हर्ष और उत्साह के साथ सदस्यता ग्राहण की।

      ये कार्यकर्ता भाजपा और कांग्रेस से भ्रष्टाचार से तृष्त हो गये थे, सदस्यता ग्रहण करने वाले इस प्रकार है खण्डवा धर्मेन्द्र जाट, गोपाल जाट, नरेन्द्र जाट, कृष्ण गोपाल, किशोर लोधी, अशोक माहेश्वरी, सीहोर सतीश मेवाड़ा, नरेन्द्र परमार, विशाल जाट, विशाल जाट, जितेन्द्र साहू, मनमोहन गुर्जर, दिलीप गुर्जर, भरत, मुगावली जितेन्द्र साहू, सरखेड़ा राकेश प्रजापति, प्रेम सिंह मेवाडा, लखन प्रजापति, अर्जुन मेवाडा, रामदास, नारायण सिंह मेवाडा, ओमप्रकाश प्रजापति, चांदबड़ जागीर विनोद सोलंकी, जगपाल सिंह, हरनाथ सिंह, मदनपाल, लीला किशन, छोटू सिंह, दिनेश केवट, भोला वंशकार, प्रेमनारायण मोदी, शंकर, राजकुमार, लीलाकिशन, दूरगांव राधेश्याम सेन, रामबाबू तंवर, चन्द्रप्रकाश तंवर, पप्पू तंवर आदि भारतीय जनशक्ति के जिला पदाधिकारियों ने उक्त सदस्यता पर सबको हार्दिक शुभकामनाऐं एवं बधाई दी। बधाई देने वालों में प्रमुख रूप से कमलेश कुशवाह, दिनेष पुष्पद, श्याम चौरसिया, कमलेश राठौर, सुरेन्द्र सिंह लोधी, प्यारेलाल पाटीदार, रमीला परमार, हेमंत राठौर, आशीष पचौरी, नारी मुक्ति की नगर अध्यक्ष श्रीमति बबली शुक्ला, ज्योति पाण्डे, सुधा खरे, सृष्टि राठौर आदि।

Monday, October 27, 2008

धन तेरस पर बाजार तो भराया, पर उठाव नहीं आया

सीहोर 26 अक्टूबर (नि.सं.)। धनतेरस के अवसर पर बर्तन बाजार से लेकर विभिन्न दो पहिया वाहनों के शोरुम पर खासी भीड़ रही। इलेक्ट्रानिक बाजार में भी रौनक देखने को मिली। हालांकि बड़ा बाजार में जितनी भीड़ रहती है उतनी आज दिखी नहीं। इधर बर्तन बाजार गांधी रोड पर अच्छी रौनक थी। यहाँ बर्तन व्यापारी संतुष्ट नजर आ रहे थे। इसके अलावा गौमाता का रंग से लेकर नई रुई का गाला बिकने का क्रम दिनभर जारी रहा। पुलिस विभाग ने आज विशेष रुप से यातायात व्यवस्था संभाल रखी थी। अगले दो दिन में और भी अधिक भीड़ बाजार में रहेगी। किराना व्यापारियों के आज भी दिनभर हाथ नहीं रुक सके। सोना-चाँदी का बाजार शाम 6 बजे के बाद चला तो देर रात 1 बजे तक दुकाने खुली रहीं। मंहगाई की मार इस बार भी सोना-चाँदी पर नजर नहीं आई।

बर्तन बाजार में रहा उत्साह

      सोना-चाँदी के अलावा दूसरा सबसे अधिक मान्यता के अनुसार बर्तन खरीदने का प्रचलन धनतेरस को है। हालांकि धनवंतरी जी की पूजा करने और उन्हे प्रसन्न करने के लिये पीतल के बर्तन खरीदने का रिवाज है लेकिन ऐसा नहीं हो पाता। बर्तन बाजार की रौनक धनतेरस को अलग ही होती है। यहाँ व्यापारी दुकान बाहर तक सजाकर रखते हैं। लोग भी पहले से ही धनतेरस के दिन उन्हे क्या बर्तन खरीदना है इसकी तैयारी रखते हैं और आज धनतेरस को बर्तन खरीद लाते हैं। इस बार धनतेरस को लेकर व्यापारियों में तो यादा उत्साह नजर नहीं आ रहा था लेकिन दोपहर बाद आज जैसे ही बाजार चला तो चलता ही रहा। दोपहर बाद व्यापारियों को चैन ही नहीं मिली। इस बार भी पारम्परिक रुप से चलने वाला बर्तन बाजार चलने से व्यापारियों में उत्साह नजर आया। ममता बर्तन भंडार, मित्तल बर्तन भंडार सहित अन्य बर्तन दुकानों पर भी भारी भीड़ रही। आज जिन्होने बर्तन नहीं खरीदे उन्होने तांबे या पीतल के कुछ सजावटी सामान या छोटे सामान चम्मच, गिलास आदि खरीद कर परम्परा निभाई।

इलेक्ट्रानिक बाजार के लुभावने आफर लुभा ना सके

      विगत कुछ वर्षों से धनतेरस पर अपने पैर जमा चुके इलेक्ट्रानिक बाजार की रौनक इस वर्ष भी फिकी रही। हालांकि इनके पास अनेक आकर्षक आफर थे। कुछ दुकानदारों ने मिलकर योजनाएं भी निकाली थी। लेकिन इसके बावजूद बड़े सामान टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन जैसे सामान उठने की बजाये छोटे सामान की ही तरफ ग्राहकों का रुझान रहा। दुकानदार आराम से बैठे थे।

बड़ा बाजार में रौनक रही

      आज धनतेरस के साथ ही दीपावली का पाँच दिवसीय दीपोत्सव प्रारंभ हो गया है। आज बाजार में और भी अधिक रौनक देखने को मिली। बड़ा बाजार में पारम्परिक रुप से गुजरी की दुकानें सज गई जहाँ सीहोर के कलाकारों की गुजरी की अनेक दुकानें हैं वहीं कुछ दुकानदार इन्दौर व अन्य क्षेत्र की बनी गुजरी व प्रतिमाएं लेकर आये थे। जिनकी सुन्दरता व आकर्षण चेहरा देखते ही बन रहा था। सजावट के खिलौने भी बहुत बड़ी मात्रा में यहाँ बिके जिनमें हाथ लगाने पर झूलने वाले गुड्डे से लेकर गुड्डे-गुडिया का जोड़ा, विभिन्न प्रकार के फल अनार, केला, सेवफल, सीताफल आदि भी बिक रहे थे। तोता-चिड़िया के अलावा लाफिंग बुध्दा भी यहाँ बिक रहा था। चीनी के कप-प्लेट भी यहाँ बिक रहे थे। दिये सीहोर में 10 रुपये 25 के भाव में ही दुकानदार बता रहे हैं। राम,सीता, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं थीं तो वहीं पारम्परिक मिट्टी की लुढ़िया और घट्टी भी बच्चों के खेलने के लिये मिल रही थी। एक समय था जब लुढ़िया और घट्टी के खिलौने देख बच्चे मचल जाया करते थे उन्हे खरीदने के लिये, आज उन्हे समझ ही नहीं आते की इनका क्या होता है। पूरे बाजार में नये अनाज की फुली भी खूब बिक रही है। नये धान की फुली बेचने वालों की भी बाजार में करीब 15-20 दुकाने लगी है। फुली के साथ ही सिंगाड़े भी जमकर बिक रहे हैं।

      नई रुई का गाला की आवाज लगाते हुए छोटे-छोटे बच्चे गले में रुई के डिब्बे टांगे आज नगर में अधिक दिखे। नई रुई से दीपावली की पूजन करने का महत्व है। इसी के साथ लक्ष्मी जी का पाना और कपूर भी जमकर बिकता रहा।

      सजावटी फूल-मालाओं से लेकर नकली धुल सकने वाले फूलों का बाजार भी चला। इलेक्ट्रानिक दुकानों से चाईना की झालरें बहुत बड़ी मात्रा में आज बिकी। किराना व्यापारियों की दुकान पर आज बात करने तक की फुरसत नहीं थी। किराना दुकानों पर विशेषकर मैदा, रवा, बेसन, शक्कर सहित पूजा की सामग्री की अच्छी बिक्र ी हुई। उधर वाहनों के शोरुम पर आज नम्बर से वाहन बिक रहे थे। पहले से ही सारे वाहन बुक हो चुके थे। हर एक शोरुम पर बुकिंग के वाहन तैयार होकर खड़े कर दिये गये थे। सबके नाम उन पर लगा दिये गये थे। आज टीवीएस स्टार सिटी, हीरो होण्डा, बजाज शोरुम से लेकर बिना पेट्रोल वाली यो बाइक की तरफ भी झुकाव रहा।

गौमाता का श्रृंगार भी खूब बिका

      गौमाता के श्रृंगार की दुकान चला रहे विकास व बंटी जोगी के अनुसार इस वर्ष भी व्यापार अच्छा चल रहा है। उन्होने विभिन्न श्रृंगार की सामग्री के दाम बताये जिसमें मुछेंडी की जोड़ 25 से 50 रुपये तक, बैल के गले के पट्टे अनेक नई-नई डिजाईन के बनकर आये हैं इनका मूल्य 25 से 50 रुपये तक है। गाय के गले का हार 8 से 10 रुपये जोड़ के भाव बड़ी मात्रा में बिक रहा है। इनका उठाव सर्वाधिक है। मोरपंख से बनी मुरकटी 2 रुपये की एक बिक रही है। मोरपंख के भाव अधिक होने से इसके दाम भी अधिक ही हैं। भैंस के गले खंगबल 3 रुपये का एक बिक रहा है। 3 ं फुंदे की पंजे जो पशुओं के सिर पर  बंधते हैं वह 10 से 25 रुपये जोड़ तक बाजार में है। बकरी के गले के गुल भी खूब बिक रहे हैं। इस बार भी गौमाता का रंग बेचने वालों के चेहरे का रंग उड़ गया है। गौमाता का रंग बेचने वाले आये तो खूब लेकिन रंग बहुत कम मात्रा में बिकता नजर आया। रंग का बिक्रा भी कम रहा। इसकी बजाय कम्पनी के रंग सींग रंगने के लिये अवश्य गौपालक खरीदते दिखे।

सर्राफा बाजार शाम होते ही चमका इधर धनवंतरी तेरस के अवसर पर नया  सामान खरीदने वालों का उत्साह था और उधर सोना-चाँदी जैसी कीमति धातुओं के प्रति भी लोगों का रुझान था।  शाम होते ही सीहोर का सर्राफा बाजार चमकने लगा और देर रात 1 बजे बाजार में रौनक रही। 


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

सिर पकडू बदबू से परेशान सीहोर वासी, वापस घटिया पेट्रोल उपयोग हो रहा?

         सीहोर 26 अक्टूबर (नि.सं.)। पिछले कुछ दिनों से नगर के मध्य में कहीं भी कभी भी बहुत तेज तीखी बदबू आने लगती है और फिर घंटो तक यह बदबू बनी रहती है। इससे लोगों का सिर दुखने लगता है और दम घुटने लगता है। लेकिन सारे प्रयास करने के बाद भी यह पता नहीं चल पाता कि आखिर बदबू आ कहाँ से रही है। कुछ वर्ष पूर्व एक कारखाने से निकलने वाले रसायन को पेट्रोल के रुप में उपयोग किया जाने लगा था और नगर भर के आटो चालक उससे वाहन चलाते थे ठीक वैसी ही बदबू इन दिनो भी आ रही है।

      नगर में आने वाली इस बदबू से कई लोग दुखी हैं। करीब 7 दिन पहले सब्जी मण्डी क्षेत्र में यह बदबू इतनी तेज फैली हुई थी लोगों का घर के अंदर भोजन करना तक मुश्किल हो गया था। सांस लेने में दिक्कत आ रही थी और घबराहट हो रही थी। दुकान पर ग्राहक रुकने को तैयार नहीं थे। शाम से शुरु हुई बदबू देर रात तक बनी रही थी। इसके बाद यदा-कदा यह बदबू आती रहती है। नगर के अन्य क्षेत्रों में भी इस तरह की बदबू आती रहती है। इतनी भयानक रासायनिक गैस की तरह की यह दुर्गंध है कि जिससे सांस लेने में भी मुश्किल होती है, सिर दुखने लगता है और जी मचलाता है। लेकिन सारे प्रयास के बावजूद यह पता नहीं चल पाता है कि आखिर बदबू आ कहाँ से रही है।  ऐसा लगता है कि कुछ लोग अथवा आटो चालक वापस उसी रासायनिक पदार्थ का उपयोग पेट्रोल के रुप में कर रहे हैं जिसकी दुर्गंध से लोग घबरा जाते हैं। यदि ऐसा है तो निश्चित से जिला परिवहन अधिकारी, पुलिस विभाग को इस तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है। नगर भर में सप्ताह भर से अधिक समय से अनेक लोग इस तरह की बदबू से परेशान है।

कार्यकर्ता की भावना के विपरीत निर्णय भाजपा की परेशानी बन सकता है

      आष्टा 26 अक्टूबर (नि.प्र.)। कांग्रेस की तरह इस बार भाजपा भी विधानसभा चुनाव को लेकर अतिगंभीर नजर आ रही है सभी क्षेत्र में भाजपा अभी तक कांग्रेस से संगठन स्तर की तैयारियों में कोसो आगे है। वहीं जैसे-जैसे टिकिट घोषित होने की तिथि समय नजदीक आती जा रही है भाजपा में कार्यकर्ता और मतदाता अपनी भावना से रोजाना आ आकर संगठन के पदाधिकारियों और भोपाल में जिम्मेदार नेताओं को अपनी भावना से अवगत करा कर कह रहे हैं कि अगर संगठन ने टिकिट वितरण में अगर इस बार संगठन कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं की भावना के विपरीत कोई निर्णय लिया तो इस बार आष्टा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रामीण क्षेत्र के कई कार्यकर्ता तो खुलकर नेताओं से यह भी कह रहे हैं कि हमने अपनी भावना से अवगत करा दिया है निर्णय सही होगा तो हर बार की तरह इस बार भी आष्टा से भाजपा की बल्ले-बल्ले करवा देंगे और अगर कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दरकिनार किया तो परिणाम क्या होंगे इसके बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। भाजपा मे ंटिकिट के सभी दावेदारों ने अंतिम दौर में पूरी ताकत झाेंक दी है तथा आष्टा से भोपाल तक को एक करके रख दिया है। आष्टा को लेकर वैसे भाजपा संगठन म.प्र. गंभीर है लेकिन निर्णय क्या आयेगा सभी को इसका इंतजार है। कल सीहोर में भारतीय जनशक्ति पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमाश्री भारती आईं सभा की तब सभी को पूरी उम्मीद थी कि उमाजी सभा में सीहोर जिले की चारों विधानसभा सीट से अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेंगी लेकिन सीहोर जिले में भाजपा में टिकिट को लेकर जो उठा पटक चल रही है शायद उसी को लेकर उमाश्री भारती ने इछावर को छोड़ शेष तीनों विधानसभा सीटों के प्रत्याशी की घोषणा टाल दी। राजनीतिज्ञ इसके पीछे जो बात मान रहे हैं वो यह की भाजपा की सूची घोषित होने तक अब उमाजी इंतजार करेंगी। टिकिट भाजपाके घोषित होने के बाद अगर कुछ गड़बड़, नाराजी उभरी तो उमाश्री उसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेंगी। 2003 के चुनाव में जिस प्रकार भाजपा से रंजीत सिंह गुणवान को उम्मीद्वार बनाकर बदला था लेकिनप उस वक्त की परिस्थिति जो थी उसको लेकर कार्यकर्ताओं ने बगावत तो नहीं की थी लेकिन वो मौन जरुर रहा था लेकिन इस बार शायद ऐसा नहीं लगता है की भावनाओं के विपरीत अगर भाजपा ने आष्टा का निर्णय किया तो इस बार भाजपा में बगावत हो सकती हक् क्योंकि 2003 में उमाजी भाजपा में ही थी। लेकिन इस बार नाराज लोगों के सामने विकल्प के रुप में भाजश है। देखते हैं क्या भाजपा में भाजश सेंध लगाती है या भाजपा सभी को संतुष्ट कर पाती है। 

चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रहा शिक्षा विभाग

      सीहोर 26 अक्टूबर (नि.सं.)। आज 25 अगस्त को कांग्रेस के स्थानीय नेताओं महेन्द्रसिंह अरोरा मिंदी, अध्यक्ष जिला पंचायत संगठन महेश दुबे, दिनेश भैरवे पार्षद, सुरेश मेवाड़ा यह देखकर दंग रह गये की जहां चुनाव निर्वाचन आयोग व जिला निर्वाचन आयोग निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिये सख्त कदम उठाये हुये है वहीं शिक्षा विभाग चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रहा है शिक्षा विभाग द्वारा अभी भी म.प्र. शासन की योजनाओं की साईकिलें की गांव-गांव बटवा रहा है इसके अंतर्गत आज ग्राम सालीखेड़ा की दो छात्राओं कु. सरिता पिता मास्टर, कु. सविता पिता डेमा आदिवासी के नाम से दो व्यक्ति जिनमें मास्टर एवं गंगाराम सविता के भाई से कांग्रेसजनों ने यह पूछा गया, कि यह साईकिले कहां से लेकर आये हो, तो उन्होंने बताया कि हमारी बच्ची व बहन सालीखेड़ा से ग्राम पाठनी के स्कूल में पढ़ने जाती है स्कूल के मास्टर भगतसिंह ने यह साईकिलें आज हमें सीहोर से म.प्र शासन के शिक्षा विभाग की योजनाओं के अंतर्गत दिलवाई  हैं। उन्होंने साईकिलें की कीमत भी 2300 रुपये बताई। कांग्रेस नेताओं ने अपने बयान में कहा है कि चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध शीघ्र ही जिला निर्वाचन एवं प्रदेश निर्वाचन आयोग से शिकायत की जायेगी। चुनाव के चलते विपक्षी पार्टी अभी साईकिलें बंटवा कर मतदाताओं को अपने पक्ष में आकर्षित करने का प्रचार कर रही है। इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेंगी, कांग्रेसजनों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर तुरंत कार्यवाही करे।

अज्ञात बदमाशों द्वारा ईंट से भरी ट्रेक्टर-ट्राली को लूटा

      आष्टा 26 अक्टूबर (नि.सं.)। मण्डी थाना क्षेत्र में करोली माता मंदिर के समीप बीती रात 3-4 अज्ञात बदमाशों ने ईंट से भरी ट्रेक्टर ट्राली कीमति 40 हजार रुपये की लूटकर ले गये।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार नयापुरा नई जेल करोंद भोपाल निवासी बृजमोहन पुत्र प्रेमनारायण धाकड़ जो की लतीफ खां निवासी भोपाल का ट्रेक्टर चलाता है से शंकर नाम के कथित व्यक्ति द्वारा 1900 ईंट रुपये 6 हजार रुपये में भोपाल से सीहोर आने का तय करके ट्रेक्टर मालिक लतीफ खां के साथ सीहोर लेकर आये सीहोर के समीप हाउसिंग बोर्ड से मण्डी की और गुजरने वाले कच्चे रास्ते से होते हुए जब में करोली माता मंदिर के पास पहुँचे तभी कथित व्यक्ति के अन्य साथियों द्वारा वहाँ पर आकर बृजमोहन एवं लतीफ खां के साथ मारपीट की एवं ईंट से भरी ट्रेक्टर-ट्राली छुडाकर ले गये। मण्डी पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर खोजबीन शुरु कर दी है।

रात 3 बजे पूरा नगर ''लो झाड़ू लो'' की आवाज से गूंजा.........

           आष्टा 26 अक्टूबर (सुशील)। हिन्दुस्तान पूरे देश में अपनी संस्कृति व प्रचलित अनेकों परम्पराओं के कारण जाना और पहचाना जाता है 5 दिवसीय दीपावली पर्व की आज धनतेरस से शुरुआत हो गई।

      आज धनतेरस पर नई झाडू ख़रीदने की परम्परा है और आज खरीदी गई नई झाडू क़ी घरों में पूजन की जाती है इसलिये आज धनतेरस पर रात 4 बजे से ही सैकड़ो झाड़ू बनाने वाले जिन्होने महिनों से आज के दिन के लिये झाडू बेचने के लिये झाड़ू बना-बनाकर भारी स्टाक कर लिया था। आज साईकिलों पर हाथ ठेलों पर रात से ही झाड़ू बेचने निकले गये थे। रात से सुबह तक पूरे नगर में गलियों में मोहल्लों में कालोनियों में एक ही आवाज सुनाई दे रही थी ''लो झाड़ू ले लो'' सुबह घरों की महिलाओं ने झाड़ू बेचने वालों को रोका और परम्परा अनुसार झाड़ू की खरीदी की सुबह झाड़ू बेचने वालों ने एक झाडू 5 रुपये में बेची और बाद में भाव घटाकर पाँच रुपये में दो झाडू बेचते देखे गये।

      झाडू खरीदने की क्या है परम्परा इसका क्या महत्व है इसके बारे में धर्माधिकारी पंडित गजेन्द्र शास्त्री ने फुरसत को बताया कि झाड़ू लक्ष्मी का प्रतीक होती है आज के दिन नई झाडू खरीद कर उसका पूजन किया जाता है तथा श्री शास्त्री ने यह भी बताया की आज धनतेरस पर घरों की सफाई कर निकलने वाले कचरे को बाहर नहीं फें का जाता है। घर के किसी कोने में निकले कचरे का एकत्रित कर रखा जाना चाहिये और उस कचरे के दूसरे दिन फेंकना चाहिये । साफ-सफाई इसलिये की जाती है ताकि दीपावली पर लक्ष्मी जी का घरों में मंगल प्रवेश हो।

 

तीन की मौत

सीहोर 26 अक्टूबर (नि.सं.)। अहमदपुर थाना क्षेत्र में अनूप सिंह पुत्र मकूजी 30 वर्ष निवासी झिरी को कृष्णा अस्पताल भोपाल एवं आष्टा निवासी इन्दर सिंह पुत्र बाल किशन 22 वर्ष को पालीवाल अस्पताल भोपाल में गत दिस जहरीला पदार्थ सेवन करने से एवं अलीपुर निवासी 38 वर्षीय अंतर सिंह पुत्र हरनाथ सिंह को जलने से हमीदिया अस्पताल भोपाल में भर्ती कराया गया था जहाँ पर उपचार के दौरान इन तीनों की मौत हो गई।

 

ट्रक कार भिड़ंत में पति-पत्नि सहित तीन की मौत

             सीहोर 26 अक्टूबर (नि.प्र.)। श्यामपुर मार्ग पर पीरबटाऊ के समीप आज शाम ट्रक-कार की भिड़ंत होने से कार में सवार पति-पत्नि व एक 3 वर्षीय बालक की मौत हो गई वहीं  अन्य हादसों में पाँच लोग घायल  हो गये।

      प्राप्त जानकारी के अनुसार दोराहा थाना अन्तर्गत दोराहा जोड़ एवं श्यामपुर के मध्य पीरबटाऊ के समीप आज शाम ट्रक एमपी 06 जी.5580 के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुए फोर्ड कार एमपी 05 डी-5289 में टक्कर मार दी।

      परिणामस्वरुप कार में सवार 177 आर्किट कालोनी वायपास मार्ग भोपाल निवासी 35 वर्षीय राजा पुत्र रामसेवक गुजर, उसकी पत्नि प्रतिभा उम्र 20 वर्ष तथा पुत्र प्रांसुल 3 वर्ष की दुर्घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि राजा गुजर भोपाल में नौकरी करते हैं जो मूलत: सागर के निवासी हैं। इस घटना के पूर्व उक्त ट्रक ने कुरावर में भी दुर्घटनाग्रस्त कर भागा था जिसे श्यामपुर चौकी पर रुकवाने का प्रयास किया गया किंतु वह पुलिस को चकमा देकर वाहन को तेज रफ्तार से चलाते हुए लेकर फरार हो गया। दोराहा पुलिस ने इस घटना के बाद ट्रक का पीछा कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।

      इधर जावर थाना क्षेत्र में गत दिवस मेहतवाड़ा के समीप मेहतवाड़ा निवासी रमेश पीकम क्रमांक एमपी 37-025 से अपना सामान उतार रहा था तभी पीछे से आ रहे आयसर जीजे 67-8559 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए रमेश को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

      इसी प्रकार सिध्दिकगंज थाना क्षेत्र में कन्नौज मिर्जी के समीप 15 वर्षीय छात्र गोविन्द जाट जो अपने गांव से साईकिल से पढ़ने स्कूल आ रहा था तभी पीछे से भेरुखेड़ी निवासी प्रेम उर्फ वीरु ने अपनी बैलगाड़ी को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए गोविंद की साईकिल में टक्कर मार दी जिससे गोविन्द घायल हो गया।

      इधर आष्टा थाना क्षेत्र में पुराना बस स्टेण्ड के समीप ट्रक एमपी 09 एचएफ 8431 का क्लीनर मानिकचन्द्र बाईक क्रमांक एमपी 04 एनपी 8397 के चालक ने अपने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए टक्कर मारकर घायल कर दिया। बताया जाता है कि घटना के समय मानिकचन्द्र अपने ट्रक के चालक को बुलाने सड़क पार कर जा रहा था।

      उधर बुदनी थाना क्षेत्र में ग्राम चकल्दी निवासी पप्पु खाती ने शिकायत दर्ज की कि हरिओम दर्जी एवं मोहनलाल साहू निवासी चकल्दी गत दिवस बुदनी मार्ग स्थित देवगांव के समीप घायल अवस्था में पड़े हैं जिन्हे किसी अज्ञात डम्फर चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया है। पप्पु द्वारा दोनो घायलों को उपचार हेतु खुशी बस से रेहटी चलाया जाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

 

दो पक्षों में मारपीट, कस्बा में तनाव बढ़ा, पुलिस ने व्यवस्था संभाली

      सीहोर 26 अक्टूबर (नि.सं.)। आज शाम कस्बा पीली मस्जिद क्षेत्र में दूध देने गये एक युवक की दूध लेने वाले दुकानदार के साथ कुछ कहासुनी हो गई। बात मारपीट तक पहुँच गई। इस पर दूध देने आये युवक  ने जैसे ही हाथ उठाया तो यहाँ उसे घेर लिया गया और मारपीट कर दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर मामला देखा। थाना कोतवाली प्रभारी ने कस्बा क्षेत्र के उक्त मारपीट करने वाले युवकों को धर दबोचा है।

      पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहित यादव नामक नवयुवक प्रतिदिन अनुसार यहाँ कस्बा क्षेत्र में दूध देने एक होटल पर पहुँचा। पीली मस्जिद के पास मजीद भाई की होटल के पास स्थित बबलु की दुकान पर जब इसने दूध देने को कहा तो यह भी कहा कि जल्दी ले लो। इस पर दूध लेने वाले युवक ने इससे कुछ बदसलूकी कर दी। जिस पर दोनो पक्ष में कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। तब रोहित को इरशाद, बबलु, फै जान आदि ने घेरकर मारपीट कर दी और उसके पैर में हॉकी से खूब मारा। कोतवाली थाना प्रभारी अजय वर्मा तत्काल घटना स्थल पर पहुँच गये हैं और तीनों आरोपी पकड़ लिये गये हैं।

 

अमलाहा में मोबाइल दुकान से 32 हजार की चोरी

      आष्टा 26 अक्टूबर (नि.सं.)। रात्रि में अज्ञात चोरों ने आष्टा थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम अमलाहा में एक मोबाइल की दुकान के ताले तोड़कर दुकान में रखा कम्प्यूटर, कम्प्यूटर के अन्य सामान, दो पुराने मोबाइल तथा टाटा के दो नये एवं नोकिया के दो नये मोबाइल चोर चुराकर ले गये। पुलिस चोरी गये माल की कीमत 32 हजार रुपये बता रही है। आज दुकान के मालिक शैलेन्द्र पिता भगवान सिंह राजपूत निवासी अमलाहा ने आष्टा थाने में अपनी दुकान पर हुई उक्त चोरी की शिकायत दर्ज कराई।