Saturday, October 25, 2008

समाजसेवी श्री रल्हन का निधन

      सीहोर 24 अक्टूबर (नि.सं.)। जिले के वरिष्ठ समाजसेवी मोहनलाल जी रल्हान का आज निधन हो गया वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। रल्हन के निधन से जिले के हर क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है समाज सेवा के क्षेत्र में उनके कार्यो को हमेशा याद रखा जायेगा।

      सीहोर नगर के बद्री महल क्षेत्र में रहने वाले समाज सेवी मोहनलाल जी रल्हन का आज निधन हो गया है उनके दुखद निधन पर व्यापारी वर्ग तथा गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया हैं समाज सेवी मोहन लाल जी रल्हन 67 वर्ष के थे, समाजसेवी मनोहर रल्हन तथा सुरेन्द्र रल्हन के पिता मोहनलाल जी रल्हन की अंतिम यात्रा उनके निज निवास बद्री महल से सुबह 9 बजे निकलेगी। मोहनलाल जी रल्हन के दुखद निधन से क्षेत्र में शौंक की लहर छा गई हैं। स्वर्गीय रल्हन मिलनसार स्वभाव के धनी थे उनके द्वारा समाजसेवा के लिये वर्षो से सक्रिय योगदान दिया जा रहा था। नगर पालिका परिषद् सीहोर के अध्यक्ष श्री राकेश राय ने समाज सेवी मोहनलाल जी रल्हन के दुखद निधन पर गहरा शौंक व्यक्त किया हैं। श्री रल्हन की शनिवार को प्रात: 9 बजे अंतिम यात्रा निकलेगी जो इछावर मार्ग स्थित उनके निजी फार्म हाउस जमीन पर पहुँचेगी यहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा। 

आम सभा के लिए स्थान निर्धारित, पहले आओ पहले पाओ

      सीहोर 24 अक्टूबर (नि.सं.)। विधान सभा निर्वाचन के तहत अनुभाग सीहोर में आम सभाओं के लिए स्थान निर्धारित कर दिए गए हैं।

      अनुविभागीय दण्डाधिकारी एवं रिटर्निंग ऑफीसर सीहोर चन्द्रमोहन मिश्र ने बताया है कि राजस्व अनुभाग सीहोर के तहत सीहोर नगरीय क्षेत्र में पुराना बस स्टेण्ड, कोतवाली चौराहा, सराह तिराहा, बडा बाजार, सीहोर टाकीज चौराहा, पीली मस्जिद, निजामत, शुगर फैक्ट्री चौराहा, लुनिया चौराहा, सिन्धी कालोनी ग्राउण्ड तथा बडा मंदिर चौराहा मंडी स्थानों को आमसभा के लिए आरक्षित किया गया है। श्यामपुर में मण्डी परिसर और बस स्टैण्ड श्यामपुर गेट (मन्दिर के पीछे) तथा दोराहा में पुराना बस स्टैण्ड (इमली पेड के नीचे) चुनावी आम सभाएं की जा सकेंगी। इसके अलावा अहमदपुर में तरबार का बाग और कृषक मण्डी प्रांगण में आमसभाओं का आयोजन हो सकेगा। इसी तरह ग्राम चरनाल में चरनाल बस स्टेण्ड (स्कूल परिसर को छोड़कर), बिलकीसगंज में मेन मार्केट पंचायत भवन के पास, बिलकीसगंज तिराहा और गादिया तिराहा, बरखेडी में मेन रोड़ तिराहा तथा ग्राम हीरापुर में उल्झावन जोड़ का स्थान आमसभा के लिए आरक्षित किया गया है।

Friday, October 24, 2008

चुनाव आयोग का ध्यान नहीं : कई बोर्ड नेताओं का प्रचार कर रहे

              सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.)। चुनाव आचार संहिता लगने के बाद कई ऐसे बोर्ड जिनमें कहीं ना कहीं सरकार की योजनाएं लिखी थीं अथवा किसी नेता विशेष के यह बोर्ड थे उन्हे हटाने की मुहिम छेड़ी गई थी लेकिन आज भी कई ऐसे बोर्ड व सामान नगर के प्रमुख चौराहों पर मौजूद हैं जो प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इस तरफ क्या नगर पालिका का ध्यान नहीं है।

      नगर के प्रमुख चौराहों पर अभी भी ऐसे बोर्ड लगे हुए हैं जिन पर योजनाओं की जानकारी अथवा नेताजी का नाम लिखा हुआ है। सांसद निधि से कैलाश जोशी के माध्यम से लगे हेण्डपंप के बोर्ड भी नगर के प्रमुख मार्गों व चौराहों पर लगे हैं जिन पर भाजपा का झण्डे वाला रंग भी पुता हुआ है। ऐसे ही कुछ बोर्ड वहाँ भी लगे हैं जहाँ विधायक रमेश सक्सेना की निधि से कुछ हेण्डपंपों का खनन हुआ था। नगर के प्रमुख स्थानों पर विशालकाय काली टंकियाँ भी रखी हैं जिन पर राकेश राय नगर पालिका अध्यक्ष लिखा हुआ है।

      ऐसी प्रचार करने वाली सामग्री की तरफ अभी तक नगर पालिका अमले का ध्यान नहीं गया है...अथवा इस तरफ से ध्यान हटा लिया गया है यह भी चर्चा में है।

श्रीमति समाधिया का असामायिक निधन बड़ी संख्या में लोगों ने श्रध्दांजली दी

      सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.)। वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सैनानी एडवोकेट श्री विद्या सागर समाधिया की धर्मपत्नि श्रीमति सुभद्रा देवी समाधिया बाई का वैकुण्ठवास कल हो गया। आप 74 वर्ष की थीं। आज बड़ी संख्या में नागरिकों, पत्रकारों ने आपकी अंतिम यात्रा में सम्मिलित होकर अंतिम विदा दी। श्रध्दांजली सभा हुई। फुरसत परिवार ने भी दादी जी को श्रध्दांजली दी।

      हंसमुख मिलनसार स्वभाव की धनी और धार्मिक कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाली पत्रकार राकेश समाधिया, प्रेस फोटोग्राफर प्रदीप समाधिया व सुशांत समाधिया बिल्लू की माताजी का कल बुधवार रात 1 बजे अचानक हृदय गति रुकने से देहावसान हो गया। महिला मण्डल के माध्यम से कई धार्मिक आयोजनों में आप सदैव प्रमुखता से उपस्थित रहती थीं, सभी से खुश होकर बात करना, सदैव मुस्कुराते रहना आपके स्वभाव की पहचान थी। 74 वर्ष की उम्र में भी आप खुद पूरा काम करती थीं, अंतिम समय तक आप स्वस्थ थीं। गंज समाधिया परिवार रात से ही शोक का वातावरण बन गया। आज सुबह से ही जैसे-जैसे नगर में यह सूचना फैली बड़ी संख्या में समाधिया परिवार से जुड़े लोग गंज पहुँचने लगे। आपकी अंतिम यात्रा गंज समाधिया मंदिर से छावनी होती हुई इंदिरा नगर विश्राम घांट पहुँची। जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। छावनी में एक श्रध्दांजली सभा आयोजित कर सभी ने बाई जी को श्रध्दासुमन समर्पित किये। बड़ी संख्या में पत्रकार जगत के लोग भी आज अंतिम यात्रा में शामिल हुए। जिला पत्रकार संघ ने भी श्रध्दांजली दी। श्रीमति सुभद्रा देवी समाधिया अपने पीछे भरा पूरा परिवार पाँच पुत्र राकेश, अशोक, प्रदीप, दुष्यंत व सुशांत समाधिया बिल्लु को छोड़ गई हैं। माताजी के अचानक स्वर्गवास हो जाने से फोटोग्राफर प्रदीप समाधिया काफी आहत हुए, दो बार वह बेहोंश भी हो गये थे। फुरसत परिवार ने भी श्रध्दांजली दी।

 

नन्ही बालिका को कुचला, बस फोड़ी

      सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.)। एक नन्ही डेढ़-दो वर्षीय पलक बालिका प्रहलाद पुत्र शेखू अनुसूचित जाति चांदबड़ धनखेड़ी निवासी चाँदबड़ के पास श्यामपुर मार्ग पर खड़ी थी।

      इसे श्यामपुर की और जा रही बस क्रमांक एमपी 37 बी 0134 के चालक ने तेजी व लापरवाही पूर्वक चलाकर पलक के एक पांव के ऊपर यह वाहन चढ़ गया जिससे उसके पैर टूट गया। इसे जिला चिकित्सालय भेजा गया जहाँ से उसे भोपाल गंभीर अवस्था में भेजा गया।

      इधर घटना से ग्रामीणों में रोष छा गया। उन्होने एकत्र होकर उक्त बस के कांच फोड़ दिये। साथ ही कुछ युवकों ने वाहन में आग भी लगाने के प्रयास किये। जबकि महिलाओं ने तक अपना आक्रोश कांच फोड़कर निकाला।

      यहाँ घटना की खबर मिलने के काफी देर बाद सुस्त मण्डी पुलिस उठी, गाड़ी पर बैठी और फिर धीरे-धीरे घटना स्थल पर पहुँची। इस दौरान वहाँ ग्रामीणों ने एक बस   तो तोड़ ही दी दूसरी पीछे आ रही बस के साथ भी तोड़ फोड़ कर दी। बाद में पुलिस कुछ जागी और फिर उसने तोड़फोड़ करने   वालों पर दबिश दी और उन्हे पकड़ा भी।

अवैध शराब सहित 10 गिरफ्तार

      सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.)। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रो में अवैध शराब सहित 10 लोगों को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर कार्यवाही की हैं।

      जानकारी के अनुसार इछावर पुलिस ने सिराडी निवासी रतन आ.हीरालाल नागर लसुडिया कांगर निवासी राजेन्द्र आ.किशन लाल वर्मा, खेरी निवासी महेश आ.रामचरण जायसवाल आष्टा पुलिस ने पगारिया चौर निवासी जगदीश आ.रतन मालवीय,जावर पुलिस ने परोलिया चौहान निवासी बद्रीलाल आ.करण सिंह सेधौं।

      बुधनी पुलिस ने लालचन्द्र आ.गोविन्द्र भील निवासी खाण्डबढ़, राजेन्द्र आ.गोरेलाल निवासी तालपुरा,शाहगंज पुलिस ने समनापुर निवासी रतनसिंह आ.बुधिया भील, रेहटी पुलिस ने गाड़ी गुराड़िया निवासी उत्तम सिंह आ.केदार   सिंह राजपूत तथा मण्डी पुलिस ने   रामखेडी निवासी सुरज आ.नन्नूलाल  मेवाड़ा को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 14 बोतल 100 क्वाटर मंदिरा जप्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्यवाही की हैं। 

आष्टा भाजपा से परमार भी टिकिट दौड़ में शामिल

                जावर 23 अक्टूबर (नि.प्र.)। जैसे-जैसे चुनाव का समय निकट आता जा रहा है चुनावी सियासत की शतरंज पर नये-नये नाम तथा समीकरण खुलकर सामने आ रहे हैं। क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता देवी प्रसाद परमार भी भाजपा की टिकट पर आष्टा विधानसभा सीट से उम्मीदवारी हेतु प्रयासरत हैं तथा क्षेत्र में दौरे कर अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं।

      परमार ने आष्टा से उम्मीद्वारी के लिये मुख्यमंत्री से लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व संगठन मंत्री तक के सामने अपना पक्ष रख चुके हैं। परमार ने अपनी राजनीतिक यात्रा कुण्डिया नाथू पंचायत के पंच से की थी वर्तमान में परमार जिला पंचायत सदस्य हैं। आगामी विधानसभा चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए वह ग्रामीण क्षेत्रों में दौरे भी कर रहे हैं।

      परमार की सक्रियता के चलते इनके नाम को लेकर भी कुछ विचार आदि किया जा रहा है। साथ ही इनकी चर्चाएं भी सरगर्म होने लगी हैं। हालांकि टिकिट किसे मिलेगा यह तो भविष्य के गर्भ में छुपा है। हालांकि परमार की सक्रियता ने अन्य उम्मीद्वारों को कुछ परेशानी में डाल दिया है। प्रदेश के कुछ नेताओं ने इन्हे नाम पर विचार करने का आश्वासन भी दे दिया है। 

कृषि विभाग ने खाद की दुकानों पर पहुँच कर दीपावली के पहले ही दीवाली मनाई

      आष्टा 23 अक्टूबर (नि.सं.)। ऐसा कौन है जो दीपावली नहीं मनाना चाहता है साल में एक बार ही तो दीवाली आती है। सरकारी विभाग वालों की दीवाली उस विभाग के अन्तर्गत आने वाले व्यापारी उनके कुबेर देवता होते हैं वे इसलिये सरकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी इन दिनों आष्टा अपने-अपने कार्य क्षेत्र के व्यापारियों के यहाँ पहुँच रहे हैं और दीवाली हम भी मनायेंगे, खूब फटाके फोड़ेंगे और खूब मिठाई खायेंगे लेकिन जेब हमारी नहीं तुम्हारी हल्की करेंगे जब हमारी दीवाली मनेगी अब कल की ही तो बात है कल कृषि विभाग सीहोर से कुछ लोग आये इन्हे अधिकारी-कर्मचारी कहे या चौथ वसूली करने वाले भाई ये आये। आष्टा पहुँचे एक खास दुकानदार के यहाँ बैठे सब दुकानदारों को खबर करी। एक-एक करके आ जाओ हमसे मिलो और दीपावली मनाने का शुल्क जमा कराओ बेचारा व्यापारी क्या करता उसे धंधा भी तो करना है इसलिये साहब की दीपावली काली नहीं कर सकता। बेचारे इस विभाग से रोजा पाला पड़ने वाले व्यापारी एक-एक करके आये साहब की सेवा की और चलते बने। मंहगाई के इस दौर में व्यापारी की दीपावली मने या ना मने साहब की तो 5 दिन पहले ही दीपावली मने गई। खबर है की साहब मस्त होकर आष्टा से गये हैं।

जोड़तोड़ नहीं चली, उपाध्याय को जाना पड़ा

      आष्टा 23 अक्टूबर (नि.प्र.)। जनता के कड़े विरोध के बाद आष्टा थाने में पदस्थ टीआई बीके उपाध्याय को कप्तान ने जावर पदस्थ किया था पिछले दिनों उनका जावर से भी स्थानान्तर हो गया लेकिन रुकवाने के लिये जोड़-तोड़ में लगे उपाध्याय को सफलता नहीं मिली और उन्हे आखिरकार कल जावर से रिलीव होना पड़ा। श्री उपाध्याय के स्थान पर भी धर्म सिंह कु शवाह ने पदभार ग्रहण कर लिया है वहीं खबर है कि श्री उपाध्याय जबलपुर हाई-कोर्ट के लिये रवाना हुए हैं क्यों ? इसका इंतजार है। 

बैंक का बजा सायरन, लगी भीड़, तत्काल पहुँची पुलिस

      सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.)।  आज रात भारतीय स्टेट बैंक कृषि विकास शाखा का सायरन अचानक बज उठा। जिससे यहाँ भीड़ लग गई। लेकिन इसके साथ ही यहाँ तत्काल कोतवाली थाना प्रभारी दल-बल के साथ पहुँच गये। जांच की गई।

      जानकारी के अनुसार यहाँ बैंक का सायरन बहुत तेज आवाज में बजा जिसके कारण यहाँ आसपास से लोग एकत्र हो गये। तेज आवाज के कारण यहाँ भीड़ एकत्र हो गई। इसी समय पहले यातायात पुलिस पहुँची इसके साथ ही कोतवाली नरेश अजय वर्मा भी सादल-बल के साथ पहुँच गये। यहाँ बैंक कर्मचारियों को बुलाकर अंदर खुलवाया।

      बैंक का सायरन खराब था जिसे नाईट मोड पर नहीं किया गया था। अभी उसे बंद करवा दिया गया है। अंदर स्ट्रांग रुम की तलाशी भी पुलिस ने ली लेकिन कहीं कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई। 

तीन की अकाल मौत

      सीहोर 23 अक्टूबर (नि.सं.) जिले के थाना दोराहा में खजूरिया बंगला निवासी चिंरोजीलाल की पत्नि मथरीबाई को मारपीट में आई चोटों के कारण हमीदिया अस्पताल भोपाल में भर्ती कराया गया था जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

      इसी प्रकार ग्राम खजूरियाकलां निवासी विजय गौर आ. रामचरण गौर को गत दिनों बिच्छु के काटने से एल.बी.एस. अस्पताल भोपाल में भर्ती कराया गया था जहां पर उसकी मौत हो गई।

      इधर मण्डी थाना क्षेत्र में सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर स्थित ताहा फैक्ट्री के समीप जीप क्रमांक एमपी 04-एच-4644 के चालक ने अपने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाकर बाइक से गांव जा रहे ग्राम उचोर अकोदिया निवासी भोजराज आ. कुंवर परमार 22 वर्ष तथा चन्दर आ. ओकार परमार 26 वर्ष को टक्कर मार दी परिणाम स्वरूप घटना स्थल पर ही इन दोनों की मौत हो गई।

      उधर अन्य दुर्घटना में आष्टा थाना क्षेत्र के राजमार्ग स्थित रेल्वे ढाबा के समीप इन्दौर तरफ से बस क्रमांक एमपी 09 केसी 8415 में भिडंत होने से बस में सवार शमसाबाद नगर निवासी प्रकाश घायल हो गया।

      इसी प्रकार इन्द्रा कालोनी आष्टा निवासी मन्दरूप जो गल्ला मण्डी गेट के समीप ट्राफिक जाम होने से सायकल लेकर खड़ा था को गल्ला मण्डी के अंदर से आ रहे ट्रक क्रमांक एमपी 09 केबी 5905 के चालक ने वाहन को लापरवाहीपूर्वक चलाकर पैर पर चढ़ा दिया।

      एक अन्य दुर्घटना में ग्राम कठोतिया निवासी भीमसिंह भिलाला की पत्नि को आज अस्पताला चौराहे पर रोड क्रास करते समय उपचार हेतु भोपाल भेजा गया हैं।

बारह खंभा मेले की तैयारी में जुटा इछावर

      इछावर 23 अक्टूबर (नि.सं.)। इछावर से 15 किलो मीटर दूर स्थित देवपुरा का स्थान कई दिनों से प्रचलित होता जा रहा है। इस मेले में लाखों की तादात में जनता पहुँचती है और पशु के लिये लोग मन्नत मांगकर दूध नारियल चढ़ाकर पूजा अर्चना  करते हैं।

      ग्राम बारह खंबा के एक दुकानदार कमलेश कोरकू बताते हैं कि धीरे-धीरे यह मेला अब प्रदेश भर में पहचाना जाने लगा है। भारी मात्रा में केला, सेव, मिठाईयाँ यहाँ पर बिकती हैं मार्ग की हालत अभी तक दयनीय बनी हुई है। हालांकि इछावर क्षेत्र मंत्री करण सिंह वर्मा का विधानसभा क्षेत्र है लेकिन इसके बाद भी मेला अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा रहता है। दीपावली के दूसरे दिन भाई दूज को यह मेला लगता है। जिसकी तैयारियाँ अभी से चालू हो गई हैं। प्रबंध समिति ने कई व्यवस्थाओं को अंजाम दे दिया है। 

ट्रांसफार्मर में से चोर ले गये क्वाइल और आइल

      आष्टा 23 अक्टूबर (नि.प्र.) आष्टा क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों में से चोरी का सिलसिला नहीं थम रहा है 18 अक्टूबर की रात्री में अज्ञात चोर दरखेड़ा निवासी सूरजसिंह सेंधव के खेत पर अपना लगा निजी ट्रांसफार्मर में से अज्ञात चोर आइल और क् वाइल चुराकर ले गये। उक्त 63 एच.पी. का ट्रांसफार्मर दरखेड़ा-डोडी मार्ग पर खेत पर लगा हुआ था। सूरजसिंह ने जावर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। स्मरण रहे इसके पूर्व में क्षेत्र में कई डी.पी. में से चोर लाखों का सामान चुराकर ले गये है गत दिवस एक गैंग पकड़ी लेकिनप उनसे कोई खास पुलिस बरामद नहीं कर पाई थी।

Thursday, October 23, 2008

पोटा का विरोध करने वाले नेताओं को फांसी पर लटका देना चाहिये?, नुक्‍कड़ नाटक के बहाने कर गये प्रचार


नगर के बीच चौराहे पर किया नुक्कड़ नाटक, धारा 144 का हुआ खुला उल्लंघन

      सीहोर 22 अक्टूबर (नि.सं.)। विधानसभा चुनाव के गर्मागर्म माहौल में जब धारा 144 भी लग चुकी है ऐसे में तरह-तरह के प्रचार-प्रसार के प्रयास विभिन्न पार्टियों द्वारा किये जाना शुरु हो गये हैं। आज धारा 144 का खुला उल्लंघन करते हुए भोपाल से अचानक एक नुक्कड़ नाटक करने वाला दल आया और उसने यहाँ नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आतंकवाद के खिलाफ पोटा कानून के  महत्व को प्रतिपादित किया तथा जिन लोगों ने इसका विरोध किया उन नेताओं को गद्दार व देशद्रोही कहा। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भरे चौराहे पर नेताओं को गालियाँ देने के अलावा इस दल ने यह भी कहा कि यदि हम जिंदा है तो सिर्फ इसलिये क्योंकि आतंकवादियों ने हमें अब तक निशाना नहीं बनाया है।

      धारा 144 लगे होने के बावजूद विगत दो दिनों से एक टाटा सूमों पर मातृभूमि रक्षा मंच के स्टीकर और कुछ बेनर आदि लगाकर कुछ युवकों की टोली सीहोर में आ रही है कल इन्होने लीसा टाकीज चौराहे पर बिना पूछे-ताछे अपना नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, आज नगर के व्यस्त नमक चौराहे पर इन्होने जीप अड़ा दी और करीब एक घंटे तक अपना नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। देश में व्याप्त आतंकवाद के प्रति जनता में जागरुकता फैलाने का इनका ध्येय यह बता रहे थे लेकिन क्या वाकई इनका ध्येय यही था या सिर्फ राजनीति पर अंगूली उठाना और किसी एक पार्टी पर तीर यह छोड़ने के लिये यह प्रस्तुति दे रहे थे।

      मातृभूमि रक्षा मंच के विनोद महंत लेखक द्वारा यह नुक्कड़ नाटक लिखा गया था जिसमें रोशन मकोरिया, नीतेश गोलेला, ब्रह्मानंद दिलवालिया, सुशील, नीरज पीपले, अंगद गिरी, विजेन्द्र रजक, प्रीति आदि ने प्रस्तुति दी।

      इनके नाटक में आये कुछ डायलाग की वानगी इस प्रकार थी। एक युवक बोलता है ''अरे भाई तो तुम सब लोग क्या सोचते हो अगर हम सब लोग जिंदा है तो इस देश की सरकार की वजह से ? ऐसा नहीं है यदि हम सब जिदा है तो इसलिये क्योंकि'' इसके बाद सारे कलाकार एक साथ तेज आवाज में बोलते हैं 'क्‍योंकि आतंकवाद की प्राथमिकता में हमारी मौत शामिल   नहीं है''  

      एक अन्य वाक्याशं युवक बोलता है ''आज के पेपर में कितना भयानक दृश्य दिया है, खून से लथपथ लाशे, मदद की पुकार लगाते लोग, क्या यही किस्मत रह गई है हमारे देश के लोगों की, बिल्कुल ठीक कहते हो भैया हमारा देश आतंकवाद रुपी जहर के डंस से छटपटा रहा है, और हमारे देश की सरकार कुछ नहीं कर रही''। इतने में दूसरा युवक बोलता है ''अरे तो भैया हमारे देश में क्या ऐसा कोई कानून नहीं है जिससे इन आतंकवादियों को खत्म कर दिया जाये....? एक युवक पूरे आक्रोश में बोलते हु''था ऐसा कानून था पोटा कानून... जिससे आतंकवादियों की रुह तक कांप जाती थी'', दूसरा युवक - लेकिन भैया पोटा कानून ऐसा था और इससे आतंकवादियों की रुह तक कांप जाती थी, जब यह देश के हित में था तो फिर देशहित में काम करने वाले इस पोटा कानून का देश के नेताओं ने विरोध क्यों किया ? ''अरे सीधी सी बात है भैया आतंकवादियों को बढ़ावा देने के लिये, मैं तो कहता हूं की ऐसे नेताओं को सूली पर चढ़ा देना चाहिये...बिल्कुल ठीक कहते हो, अगर हमारे देश की सरकार चाहती तो मजाल है किसी आतंकवादी की जो हमारे देश में घुस जाता । यह तो हमारी देश की सरकार को सोचना है कि आतंकवाद को जड़  से उखाड़ फेंकना है या फिर देश   बांटना है...।''

      इस पर एक युवक सरकार का मजाक उड़ाते हुए कहता है ''अरे भैया हमारी सरकार तो उनको पालती है''

      आतंकवाद पर प्रहार के साथ पोटा कानून का विरोध करने वाले नेताओं को तो इस नाटक मंडली ने घेरा ही बल्कि आतंकवादी को मौत की सजा नहीं देने की बात भी उछालते हुए यह बोलते हैं ''अरे मैं आप लोगों से पूछता हूं कि जब देश के सुप्रीम कोर्ट ने उस आतंकवादी को फांसी की सजा सुना दी थी तो क्या जरुरत थी हमारे देश की सरकार को उसे बचाने की, आतंकवादियों को पनाह दे रही है हमारे देश की सरकार, उन्हे पाल-पोस रही है। है इस बात का किसी के पास कोई जबाव? ''

      इस पर एक बारगी देश के सर्वोच्च न्यायालय के लिये यह कहते हैं कि ''हमारे यहाँ सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को नहीं माना जाता बल्कि आतंकवादियों को दावते दी जाती हैं दावतें...यह है हमारा हिन्दुस्तान।'' हम पूछना चाहते हैं इस जनता आवाम से जो भी आतंकवादी घटनाएं हो रही हैं इस सबका जिम्मेदार कौन है ? इन आतंकवादियों को बढ़ावा कौन देता है हमारे देश के कुछ नेता । यह आतंकवाद खत्म होगा कानून से, युवाओं के संगठन से, देश के प्रति प्रेम से तो आईये हमारे साथ और देश इस मातृभूमि की रक्षा के लिये शपथ लीजिये। आतंकवाद एक सवाल है कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक हमारे देश को तोड़ना चाहते हैं यह आतंकवादी यह क्या सोचते हैं की हमारा देश नपुंसक है। ऐसा नहीं है जब हमारे देश का नौजवान जागेगा तो आतंकवादियों को बढ़ावा देने वाले नेताओं को खदेड़-खदेड़ कर भगायेगा।

      और इस प्रकार यह मातृभूमि रक्षा मंच अपनी बात एक नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वही ही साफगोई से कह गया। प्रदेश में भाजपा का शासन है, चुनाव आचार संहिता लग चुकी है और नेताओं को खुले आम इस मंच के माध्यम से कोसा गया। ऐसे में जब अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री मिश्रा से इस संबंध पूछा गया तो उन्होने कहा कि अभी मुझे जानकारी नहीं थी, लेकिन तत्काल में कार्यवाही करता हूं। सूत्र बताते हैं कि यह दल बस स्टेण्ड पर भी अपनी प्रस्तुति देने वाला था लेकिन इसे तहसील कार्यालय में तलब कर लिया गया था।