Tuesday, September 23, 2008

भाजश ने निकाली अभूतपूर्व वाहन रैली

सीहोर 22 सितम्बर (नि.सं.) भारतीय जनशक्ति पार्टी की भोपाल में प्रस्तावित स्वराज संकल्प रैली में सम्मिलित होने गए जिला भाजश के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नगर में एक आकर्षक वाहन रैली निकाली। रैली का नेतृत्व भाजश प्रदेश महामंत्री लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने किया। इस वाहन रैली में सम्मिलित आकर्षक रथ ने सभी का ध्यान अपनी और आकर्षित किया।
आगामी विधानसभा चुनावों के नजदीक आते ही भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री उमा भारती की आमसभा के बाद भाजश कार्यकर्ताओं ने अपनी शक्ति और सामर्थ्य को प्रदर्शित करना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल में 22 सितम्बर को आयोजित स्वराज संकल्प रैली में जिला भाजश के दिशा निर्देशन में ऐतिहासिक संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोशोखरोश के साथ भाग लिया। जिले से लगभग 300 वाहनों ने इसमें भाग लिया। नगर में सोमवार से ही भाजश कार्यकर्ताओं मेें जोश था। नगर के प्रमुख मार्गों में भाजश के केशरिया झंडे लगे वाहन लोगों को आकर्षित कर रहे थे। स्थानीय कलेक्ट्रेट मैदान में वाहन रैली शुरू हुई। इसका नेतृत्व भाजश के प्रदेश सचिव लोकेन्द्र सिंह मेवाड़ा ने किया वाहन रैली में लगभग सौ से अधिक वाहन सम्मिलित थे। आगे-आगे एक आकर्षक रथ चल रहा था। रथ में लगा डीजे में देशभक्ति के गाने बज रहे थे। सभी वाहनों पर भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री उमा भारती के फोटो एवं पार्टी का ध्वज लहरा रहा था। भाजश का यह शक्ति प्रदर्शन नागरिकों को आकर्षित करता दिख रहा था। कलेक्ट्रेट मेन रोड कोतवाली चौराहा भोपाल नाका होते हुए यह वाहन रैली भोपाल की ओर कूच कर गई। भोपाल में लाल घाटी में बुधनी मंडल के 100 वाहन भी इस रैली में सम्मिलित हो गए। इस रैली में प्रमुख रूप से भाजशा के प्रदेश सचिव लोकेन्द्र मेवाड़ा, नन्दकिशोर पाटीदार, पवन पाटीदार, पार्षद कमलेश राठौर, कमलेश कुशवाह, जगदीश सचदेवा, आशीष पचोरी, दिनेश पुष्पद, सीताराम पाटीदार, नारी शक्ति अध्यक्ष बबली शुक्ला विभिन्न मण्डलों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

दुर्घटनाओं में चार घायल

सीहोर 22 सितम्बर (नि.सं.) जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुये तीन सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गये। पुलिस ने सभी मामले दर्ज कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी हैं।
जानकारी के अनुसार मण्डी थाना अन्तर्गत श्यामपुर मार्ग पर सांई मंदिर गंज निवासी गजेन्द्र सिंह अपने साथी दीपक राठौर के साथ बाइक से श्यामपुर तरफ जा रहा था तभी सामने से आ रहे बाइक क्रमांक एम.पी. 04 डी-8433 के चालक रामकिशन ने अपने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये इनकी बाइक में टक्कर मार दी।
परिणामस्वरूप तीनों घायल हो गये जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु सीहोर अस्पताल में दाखिल कराया गया।
इसी प्रकार कोतवाली थाना क्षेत्र में चाणक्यपुरी निवासी 20 वर्षीय राजेश विश्वकर्मा भोपाल नाके से अपनी सायकल पर सवार होकर चाणक्यपुरी तरफ जा रहा था तभी पीछे से आ रही मारूति क्रमांक एम.पी. 04 सीवी-5908 के चालक ने अपन ेवाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाते हुये राजेश को टक्कर मारकर घायल कर दिया जिसे उपचार हेतु अस्पताल सीहोर में भर्ती कराया गया है।
उधर आष्टा थाना क्षेत्र में सूरज योगी की पांच वर्षीय पुत्री कुमारी कीर्ति को गत दिवस मानस भवन के समीप रोड क्रास करते समय क्वालिस चालक मोहन ने टक्कर मारकर घायल कर दिया।

घटिया निर्माण को लेकर व्यापारियों ने मण्डी बंद की चेतावनी दी और तब प्रशासन जागा

आष्टा 22 सितम्बर (नि.सं.)। कृषि उपज मण्डी के प्रांगण को धूल से मुक्त करने के उद्देश्य से मण्डी बोर्ड द्वारा आष्टा कृषि उपज मण्डी के प्रांगण में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत का कांक्रीट कार्य का शुभारंभ किया गया था लेकिन शुभारंभ से ही उक्त निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ठेकेदार और मण्डी सचिव आरोपों के घेरे में आ गये थे।
जिस दिन मण्डी में उक्त कार्य का शुभारंभ हुआ था तब व्यापारियाें ने कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी तब कार्य को देखने के लिये तहसीलदार स्वयं मण्डी प्रांगण में पहुँचे थे तथा निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री के सेंम्पल लिये थे जिसकी शिकायत मण्डी एवं कृषि मंत्री को की गई थी। लेकिन शायद ठेकेदार ने उच्च आशीर्वाद के तहत निर्माण कार्य की गुणवत्ता को नहीं सुधारने का शायद मन बना रखा था। यही कारण रहा कि घटिया निर्माण को लेकर कल व्यापारी संघ ने मंडी समिति को पत्र लिखकर सूचित किया की मण्डी में हो रहे घटिया निर्माण के विरोध स्वरुप सभी व्यापारी 24 सितम्बर से अनिश्चित कालीन मण्डी बंद करेंगे। उक्त सूचना पत्र मिलने ही मण्डी सचिव के हाथ पांव फूल गये हैं। आज भारतीय किसान संघ के अध्यक्ष देवनारायण पटेल, मण्डी व्यापारी, सचिव व अन्य जनप्रतिनिधियों की एक बैठक हुई इसमें उक्त निर्माण कार्य की देखरेख के लिये 5 सदस्यों की एक समिति बनाई गई।
जिसमें श्री मेवाड़ा, जीवन सिंह परमार, प्रमोद राठौर, सुनील आदिनाथ, धर्म सिंह आर्य को शामिल कर यह निर्णय हुआ कि उक्त कार्य की देखरेख उक्त समिति की निगरानी में होगी व ठेकेदार को भुगतान उक्त समिति की अनुशंसा के बाद ही किया जायेगा।

जब साष्टांग प्रणाम में हाथ-पांव अड़ गये...

सीहोर 22 सितम्बर (नि.सं.)। अब तो आये दिन टिकिट पाने के चक्कर में भाजपा और कांग्रेस के नेता भोपाल जाने को तैयार रहते हैं। बड़े नेताओं के आगे जितना शरणं गच्छामि होंगे उनका ही उनका टिकिट तय हो जायेगा ऐसा मंत्र सभी उम्मीद्वारों के जहन में बैठा हुआ है।
इन दिनों भोपाल के कांग्रेस और भाजपा कार्यालयों में इतनी बड़ी मात्रा में उम्मीद्वाराें की फौज नजर आती है कि देखते ही बनती है। सीहोर से भी आये दिन उम्मीद्वार अपने-अपने स्तर पर जाते हैं। कोई गाड़ियों को काफिला ले जाता है तो कोई एक-दो वजनदार लोग ले जाते हैं। सबसे यादा मजा आ रहा है भाजपा का। यहाँ कुछ लोग संघ से जुड़े लोगों पर हाथ रखते हैं, कुछ लोग वजनदार नेताओं पर हाथ रखते हैं तो कुछ उम्मीद्वार अपनी दावेदार पुराने जनसंघी परिवार के नाते करते हैं। अब भाजपा कार्यालय भोपाल में बैठने वाले सभी व्यक्तित्व पूयनीय हैं और यहाँ सीहोर से जाने वाले उम्मीद्वार अपनी सरलता और श्रध्दा दर्शाने के लिये बार-बार उन्हे प्रणाम भी करते हैं। ऐसे ही एक लम्बे-चौड़े वजन के भाजपाई उम्मीद्वार कल जब भाजपा कार्यालय भोपाल में भाजपा के एक वरिष्ठ व प्रभावी नेता के कार्यालय में पहुँचे तो उन्होने बकायदा जगह बनाकर इन्हे साष्टांग प्रणाम करने का मन बनाया और वह पूरे जमीन पर लेट गये। अब जब यह लेट ही गये तो पता चला कि कमरे की चौड़ाई इनकी लम्बाई से कम है। कहीं उनके पैर फंस गये तो कहीं हाथ बड़े पड़ने लगे। कुल मिलाकर जिन्हे वह प्रणाम कर रहे थे उन्होने ही कह दिया कि बस भैया, आपतो बहुत बड़े हैं हम क्यों प्रणाम कर रहे हैं, शांति से बैठिये और अपनी बात कहिये। लेकिन यह दृश्य देखकर इनके साथ वालों की और बाद में जिन्हे पता चला उनकी हंसी रोके नहीं रुक रही है.....।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

घर बंधे बकरा बकरी चोरी

आष्टा 22 सितम्बर (नि.प्र.)कल रात्री में भाजपा नेता पप्पू भाई नसरूल्ला खां पदमसी वालों के घर के पीछे बाडे में बकरा बरकी बंधे थे जिसे रात्री में अज्ञात चोर चुराकर ले गये। पप्पू भाई ने आज आष्टा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि बाड़े में दो बकरी और 1 बकरा बंधा था जिसे रात्री में अज्ञात चोर ले गये कीमत 5 हजार रुपये बताई गई है।

टिकिट के दावेदार भाजपाईयों ने बाहरी को लेकर एकजुटता दिखाई

आष्टा 22 सितम्बर (नि.प्र.) कांग्रेस की तरफ आज आष्टा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की ओर से टिकिट के दावेदारों ने स्थानीय एक बैठक विश्राम गृज पर आयोजित की गई जिसमें स्थानीय प्रेस को भी आमंत्रित कर लिये गये निर्णय से पत्रकारों को अवगत कराया गया।
आज सुबह विश्राम गृह पर आष्टा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकिट मांग रहे वर्तमान विधायक रघुनाथसिंह मालवीय पूर्व विधायक रंजीत सिंह गुणवान, देवीप्रसाद परमार, शैलेष वैध, कैलाश बगाना, जगदीश खत्री, जुगल मालवीय, घनश्याम खत्री, विश्रामसिंह, रमेश मालवीय ने चर्चा कर एक बैठक आहुत की बैठक में सभी दावेदार गुणवान को छोडकर उपस्थित हुए एवं स्थानीय व्यक्ति को ही पार्टी आष्टा से टिकिट दे यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
रंजीत सिंह गुणवान ने भी इस मुद्दे पर बैठक के निर्णय को मान्य कर अपनी मोहर लगाई है। बाद में सभी दावेदारों ने अपने उक्त लिये गये निर्णय से स्थानीय प्रेस को अवगत कराया पत्रकारों द्वारा पूछे जाने पर बताया कि उक्त निर्णय लेने की आवश्यकता इसलिए पड़ी की जिसने आष्टा के लिए कुछ नहीं किया, जिसका आष्टा से कोई वास्ता नहीं रहा आज वो व्यक्ति आष्टा से टिकिट की मांग करे तो हम कैसे उक्त मांग का समर्थन कर सकते है वर्षो से पार्टी के लिए झंडे हम उठाये, डंडे हमने खाये, धरना प्रदर्शन हमने किये पुलिस ने प्रकरण बनाये तो पेशी हमने भुगती पार्टी के कार्यक्रमों में तन, मन धन से खर्चा कर हम जाये और अब जब आज टिकिट की बात आ रही है तो क्षेत्र के कुछ लोग बहारी व्यक्ति को आष्टा लाकर उसे टिकिट की मांग कर रहे है जिसे हममे से कोई भी दावेदार स्वीकार नहीं करेगा। हम अपने उक्त निर्णय से प्रदेश, संभाग, जिले एवं ब्लाक नेतृत्व को भी अवगत करा रहे है वैसे हम लोगों ने वरिष्ठ नेताओं से मिलकर स्थानीय व्यक्ति को ही टिकिट दिया जाये से अवगत करा दिया है आज आष्टा में भाजपा के दावेदारों की हुई बैठक ठीक उसी तर्ज पर हुई जैसेी बैठक पिछले कुछ दिनों पूर्व होटल संतुष्टि पर कांग्रेस के स्थानीय दावेदारों ने की थी उन्होंने भी ऐसा ही निर्णय लिया था कि कांग्रेस संगठन आष्टा से किसी को भी टिकिट दे लेकिन बहारी को स्वीकार नहीं किया जायेगा। भाजपा और कांग्रेस में जो यह निर्णय दावेदारों ने अलग-अलग बैठके करके लिया है इससे एक बात तो स्पष्ट हो गई है की भाजपा और कांग्रेस में स्थानीय को लेकर दोनों दलों के दावेदार एकमत है दोनों दलों के नेता क्या निर्णय ले यह आगे की बात है।

यूरिया खाने से 6 मवेशी मृत

आष्टा 22 सितम्बर (नि.प्र.) आष्टा थाने के अन्तर्गत आने वाले ग्राम बडझिरी में एक साथ एक किसान की 6 मवेशी के मरने की खबर से सनसनी फैल गई सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग का दल डा. ए.के. गर्ग के नेतृत्व में ग्राम पहुंचा और सभी मृत मवेशियों को पी.एम. कर विसरा जांच हेतु भोपाल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम के करणसिंह आत्मज देवीलाल जाट की उक्त मवेशी थी जिसमें 4 गाय 1 केडा 1 केडी मर गये बताया जाता है कि सुबह-सुबह किसान ने उक्त मवेशियों के लिए चाटा तैयार किया चाटे की बोरी के पास ही यूरिया खाद की बोरी रखी थी ध्यान नहीं रहने पर मवेशी के तैयार चाटे में यूरिया मिला दिया और मवेशी के सामने रख दिया मवेशियों ने उक्त चाटे को खा लिया और मर गई। पशु चिकित्सक भी मृत्यु का यही कारण मान रहे है ग्रामीणों ने उक्त किसान को मुआवजे देने की मांग की है।

Monday, September 22, 2008

अंतत: जनता की सजगता से मिली मोटर साईकिल, पुलिस को राहत

सीहोर 21 सितम्बर (नि.सं.)। दो दिन पूर्व नगर के व्यस्त सर्राफा बाजार में रखी हीरो होण्डा मोटर साईकिल को अज्ञात आरोपी चुराकर ले गये थे। जिसको लेकर पुलिस के प्रति खासा आक्रोश छावनी के युवाओं में छाया हुआ था। आज मात्र 2 दिन बाद ही पुलिस को वह मोटर साईकिल लावारिस हालत में मिल गई है। पुलिस ने इसे वरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्रकार अमित कुईया ब्यूरो प्रमुख दैनिक सांध्य अग्निवाण के चरखा लाईन सर्राफा बाजार स्थित निवास से बुधवार को दोपहर उनकी मोटर साईकिल चोरी चली गई थी। घर में ताला लगी हुई रखी मोटर साईकिल की चोरी से यहाँ इस पूरे क्षेत्र में हलचल मच गई। दिन दहाड़े हुई इस चोरी ने क्षेत्र के युवाओं में आक्रोश भर दिया।
चूंकि विगत कुछ लम्बे समय से लगातार चोरियों का क्रम जारी था। ऐसे में आक्रोशित युवाओं ने पुलिस के खिलाफ कुछ प्रदर्शन भी किये।
कल शनिवार को इन्दौर नाका तिराहा इछावर मार्ग के समस्त दुकानदारों ने दिनभर से रखी एक अज्ञात मोटर साईकिल के लिये देर रात 10 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब रात इन्दौर नाका पर पहुँची और उस लावारिस मोटर साईकिल को देखा तो पता चला कि यह तो वही मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 37 बीए 8020 है जो पत्रकार अमित कुईया की थी और चोरी चली गई थी।
पुलिस ने यहाँ जब नागरिकों से पूछा कि यह मोटर साईकिल कब की खड़ी है सबने बताया कि दोपहर से यहीं सड़क किनारे खड़ी है और जब पूरा बाजार बंद हो गया है तभी भी खड़ी होने के कारण लगा कि संभवत: कोई इसे छोड़ गया है अथवा लावारिस है इसलिये जनता ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने इसे जप्त कर लिया।
मोटर साईकिल सड़क के किनारे ही इन्दौर नाके की तरफ मुँह करके खड़ी थी और यह इछावर मार्ग की तरफ से आई हुई प्रतीत हो रही थी।
पुलिस ने इसे जब देखा और उसका ताला टूटा हुआ था। पुलिस ने इसे रात को ही कोतवाली थाने में ले आई है। संभवत: एक-दो दिन में इसे न्यायालय में प्रस्तुत कर सुपुर्दगी दे दी जायेगी।

आज पेट्रोल पंपों की हड़ताल

सीहोर 21 सितम्बर (नि.सं.)। मध्य प्रदेश पेट्रोल डीलर्स संघ के आव्हान पर पूरे प्रदेश में कल 22 सितम्बर को एक दिवसीय हड़ताल रहेगी। आज देर रात 12 बजे से यह हड़ताल प्रारंभ हो गई।
संघ ने एक दिवसीय हड़ताल रखी है इनकी 3 मांगे हैं एक तो मध्य प्रदेश सरकार 23 प्रतिशत के स्थान पर अन्य प्रदेशों की तरह 18 प्रतिशत टेक्स ले ताकि पेट्रोल के दाम कम हों और जनता को राहत मिले। दूसरा पेट्रोल कम्पनी द्वारा डीजल में कोटा सिस्टम कर दिया गया है जिसे राय शासन हस्तक्षेप कर समाप्त कराये क्योंकि आगामी दिनों जहाँ कम वर्षा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की अति आवश्यकता रहेगी ।
वहीं प्रदेश में चुनाव के चलते भी डीजल की आवश्यकता रहेगी। इसी प्रकार तीसरी मांग के रुप में नगदी व डीडी प्रथा समाप्त करने की मांग रखी गई है। इन मांगों को लेकर कल सीहोर में भी समस्त पेट्रोल पंप बंद रहेंगे।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

तीन विद्युत ट्रांसफार्मर से डेढ़ लाख का आईल व सामान ले गये चोर

आष्टा 21 सितम्बर (नि.सं.)। मध्य प्रदेश विद्युत मण्डल बागेर वितरण केन्द्र के कनिष्ठ यंत्री कैलाश ठाकुर एवं कोठरी वितरण केन्द्र के लाईनमेन रमेश शर्मा ने आष्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि 11 एवं 12 सितम्बर की रात्रि में अज्ञात चोर जताखेड़ा से 65 केबी के ट्रांसफार्मर से वाईंडिंग और आईल तथा 100 केवी के ट्रांसफार्मर से 190 लीटर आईल व अन्य सामान लगभग 70 हजार रुपये चोर ले गये तथा 14-15 सितम्बर की रात्रि में चोर कोठरी मानाखेड़ी से ट्रांसफार्मर में से कीमति सामान तथा आईल आदि लगभग 80 हजार रुपये का चुरा ले गये।
पुलिस ने आवेदन की जांच पर से रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं अपुष्ट खबरों के अनुसार इस चोरी में शामिल चोरों तक पुलिस के पहुँचने की खबर है। सूत्र बताते हैं कि पुलिस इस संबंध में कुछ संदिग्धों से पूछताछ करते हुए प्रकरण की गहराई में जाने के लिये पुलिस का एक दल वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सीहोर एवं भोपाल पहुँचा है।

जो गुरुजी परीक्षा में फैल हो गये उन्होने देश के भविष्य को क्या पढ़ाया होगा...

आष्टा 21 सितम्बर (सुशील संचेती)। सरकार ने प्रदेश की अनेकों शालाओं में पढ़ा रहे गुरुजियों को नियमित करने के लिये उनकी परीक्षा रखी गई थी। व्यापम द्वारा गुरुजियों की परीक्षा आयोजित की गई थी जो परीक्षा व्यापम ने गुरुजियों की ली थी उसके परिणाम आ गये हैं।
परिणाम आश्चर्य चकित करने वाले हैं क्योंकि पिछले कई वर्षों से जो गुरुजी देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्रों को पढ़ा रहे थे उन गुरुजियों में से लगभग 70 से 80 प्रतिशत गुरुजी फैल हो गये हैं जो गुरुजी परीक्षा में खुद अनुत्तीर्ण हो गये हैं सोचना जरुरी है कि ऐसे गुरुजियों ने अभी तक बच्चों को क्या और कैसा-कैसे पढ़ाया होगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रदेश की शालाओं में पढ़ा रहे 41 हजार से अधिक गुरुजियों ने व्यापम द्वारा आयोजित की गई उक्त परीक्षा में भाग्य आजमाया था अब उक्त गुरुजियों की परीक्षा के परिणाम घोषित किये गये हैं। घोषित परिणाम में 70 से 80 प्रतिशत गुरुजी फेल हो गये अर्थात उन्हे पास होने इतने भी अंक परीक्षा में नहीं मिले हैं।
अपुष्ट खबरों के अनुसार उक्त परीक्षा में बैठे 41 हजार के लगभग गुरुजियों मे ंसे लगभग 33 हजार गुरुजी अनुत्तीर्ण हो गये हैं तथा जो लगभग 8 हजार गुरुजी पास हुए हैं उनमें आधे से अधिक गुरुजियों को मात्र 50 से 55 प्रतिशत अंक ही प्राप्त हुए हैं। स्मरण रहे सरकार ने इन गुरुजियों को परीक्षा में पास होने पर संविदा शिक्षक के वर्ग 1,2,3 में तब्दील किये जाने की बात कही थी। अब जो गुरुजी अनुत्तीर्ण हो गये हैं उनका क्या होगा ? यह सोच सोचकर अनुत्तीर्ण हुए गुरुजी अब अपने संगठन के माध्यम से कोई आंदोलन करने की योजना बना रहे हैं ऐसा फुरसत को आज आष्टा की एक बैंक में अनुत्तीर्ण कुछ गुरुजियों की चर्चा से लगा। ये बात कर रहे थे कि भोपाल में बड़े आंदोलन की योजना बनाई जा रही है और सरकार पर कोई दबाव बनाया जायेगा। चर्चारत गुरुजी यह भी बात कर रहे थे कि व्यापम ने परीक्षा में जो प्रश् पत्र दिया वो काफी कठिन था प्रश् पत्र देखकर ही पसीने छूट गये थे।
आज इस संबंध में विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी सी.एन. गुजराती से जब चर्चा की कि आष्टा विकास खण्उ में से कितने गुरुजी परीक्षा में बैठे थे कितने पास एवं फैल हुए तथा जो फैल हुए उनका अब क्या होगा के बारे में री गुजराती ने कहा कि आज समाचार पत्रों में पढ़ा है बड़ी संख्या में गुरुजी परीक्षा में फैल हुए हैं। आष्टा के कितने फेल हुए इनकी जानकारी नहीं है तथा जो फैल हुए उनका अब क्या होगा जैसा शासन निर्णय लेगा वो होगा।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

टायर फटने से 1 मृत, 6 घायल

सीहोर 21 सितम्बर (नि.सं.)जिले के थाना मण्डी एवं दोराहा थाना अन्तर्गत हुये अलग-अलग सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गये। पुलिस ने दोनों ही मामले कायम कर लिये हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह 10 बजे उदपुरा की पुलिया के पास इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर टाटा सूमों क्रमांक 09 व्ही-8234 जोकि सीहोर से आष्टा जा रही थी जिसे ड्रायवर ब्रदर रोज चला रहा था वाहन चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही से चलाने के कारण वाहन का ड्रायवर साइड का टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई जिससे वाहन में सवार धुरी राज एवं ड्रायवर ब्रदर रोज को गंभीर चोट होने से हमीदिया अस्पता भोपाल रिफर किया गया। बताया जाता है कि ये लोग सीहोर चर्च से प्रार्थना करके वापस आष्टा जा रहे थे।
उधर दोराहा थाना अन्तर्गत राजमार्ग स्थित सदाबहार ढाबे के पास श्यामपुर के समीप गत दिनों रात 9 बजे भोपाल से ग्वालियर तरफ जा रही बस क्रमांक एमपी-33 ई-0160 में सामने से आ रहे अज्ञात आयसर वाहन के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही से चलाकर साइड से टक्कर दी। परिणामस्वरूप बस में सवार शिवपुरी निवासी आर.एस. समाधिया 48 साल, नवीन श्रीवास्तव 38 साल नसीर खां 28 साल, एवं धार निवासी चुन्नीलाल 39 साल तथा भिण्ड निवासी श्रीमति रूपादेवी 50 साल को चोट आई जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल श्यामपुर भेजा गया।


हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।

रामप्रसाद प्रजापति विजयदशी उत्सव समिति के अध्यक्ष बने

आष्टा 21 सितम्बर (नि.प्र.)। कल बिना निर्णय विजयदशमी उत्सव समिति पर्व मनाने के लिए नवीन कार्यकारिणी के गठन के लिए जो बैठक आहुत की थी वो बिना नतीजे के स्थगित करना पड़ी थी कल से ही हिन्दु उत्सव समिति प्रयास में थी की सर्वसम्मति से कोई निर्णय हो जाये ।
आज इसी प्रयास में थी की सर्वसम्मति से कोई निर्णय जो जाये आज इसी प्रयास के तहत अध्यक्ष उमेश शर्मा ने पूर्व अध्यक्ष संजय सोनी बंटू के प्रतिष्ठान पर हिन्दू समाज के प्रमुख लोगों की बैठक आहुत की बैठक में विधायक रघुनाथसिंह मालवीय, न.पा. अध्यक्ष कैलाश परमार वरिष्ठ समाज सेवी सवाईमल जैन काकाजी, भाजपा जिला अध्यक्ष ललित नागोरी, अवधनारायण सोनी, शेषनारायण मुकाती, प्रेम नारायण गोस्वामी, मुकेश बड़जात्या, बन्टू सोनी, राजेन्द्र जायसवाल, कालूभट्ट, हुकम प्रजापति, रामप्रसाद प्रजापति सहित लगभग 100-150 नागरिक उपस्थित थे बैठक में पूर्व अध्यक्ष नर्बदाप्रसाद मालवीय को भी आमंत्रित किया लेकिन वे नहीं आये।
तब बैठक में उपस्थित सभी मुद्दों पर चर्चा के बाद ललित नागौरी ने रामप्रसाद प्रजापति के नाम का अध्यक्ष के लिए प्रस्ताव रखा जिसे प्रभात धाड़ीवाल सहित सभी ने समर्थन किया और सर्वसम्मति से हिन्दू उत्सव समिति की बैठक में रामप्रसाद प्रजापति को वर्ष 2008 के विजयदशमी उत्सव समिति का अध्यक्ष चुना गया। सभी ने पुष्पमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। बाद में श्री प्रजापति ने भगवान श्री गणेश जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। हिउस के विरेन्द्र देशलहरा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

जहरीले कीड़े के काटने से मौत

सीहोर 21 सितम्बर (नि.सं.)। जिले के थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम निपानिया सिक्का निवासी एक 25 वर्षीय युवक की लहरीले कीड़े के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इछावर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम निपानिया सिक्का निवासी करणसिंह खाती के 25 वर्षीय पुत्र को गत 25 अगस्त को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया जिसका उपचार कराकर वापस घर ले जाये जहां पर उसकी मोत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी हैं।http://www.blogger.com/post-create.g?blogID=202197014574726306#