Sunday, September 21, 2008

मिनी बस पलटने से 13 घायल

सीहोर 20 सितम्बर (नि.सं.)। रेहटी देलावाड़ी मार्ग गत दिनों रेली में आ रही एक मिनी बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से उसमें सवार 13 लोग घायल हो गये। जिन्हे प्राथमिक उपचार हेतु नर्वदा अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिनी बस क्रमांक एमपी 04 एच.8752, 11 सितम्बर को ग्राम पांगरा से रैली में भोपाल आ रही थी जो देलावाड़ी के चालक की लापरवाही के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई। परिणामस्वरुप उसमें सवार ग्राम पांगरा निवासी कैलाश, राजेश, हरि प्रसाद, अशोक, कमल किशोर, आनंद गौर, शैलेन्द्र मानसिंह, सुदर्शन, कैलाश गिर, रामकिशन, बंटी, अनूप सिंह को चोंटे आई।
इधर दोराहा थाना क्षेत्र में शनिवार को महुआखेड़ा पट के समीप ग्राम से अहमदपुर की तरफ आ रहे बाइक एमपी 04 एनक्यू 4521 में अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। जिससे मोहर सिंह घायल हो गया। घायल मोहर सिंह को इलाज हेतु हमीदिया अस्पताल भोपाल दाखिल कराया गया है।

सिविल अस्पताल का 1 करोड़ 36 लाख रुपये से होगा कायाकल्प

आष्टा 20 सितम्बर (नि.प्र.)। आष्टा के सिविल अस्पताल का 50 साल पुराना भवन जो अब कई जगह से जर्जर हो चुका है। छतों के पोपड़े गिरने लगे हैं जो कभी भी जन-धन की हानि पहुँचा सकते हैं। उक्त जर्जर भवन के कायाकल्प के लिये लोक निर्माण विभाग के खाते में 1 करोड़ 36 लाख रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत होकर खाते में पहुँची है।
इस संबंध में बी.एम.ओ. रामचन्द्र गुप्ता ने फुरसत ने बताया कि आष्टा को भारतीय चिकित्सा मानक संस्थान के रुप में मान्यता प्राप्त हो चुकी है और उक्त स्वीकृत राशि से सिविल अस्पताल में नवीनीकरण का कार्य होगा। जो लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जायेगा। स्मरण रहे उक्त पुराने एवं जर्जर हो चुके भवन को लम्बे अर्से से सुधार और विकास कार्य की दरकार थी जो शासन ने सुनी है और उसके लिये उक्त बड़ी राशि स्वीकृत की है।

चार की मौत, एक शव आज सुबह मिला

सीहोर 20 सितम्बर (नि.सं.)। जिले के मण्डी एवं कोतवाली थाना क्षेत्र में वाहन दुर्घटना व ट्रेन से कटने से चार लोगों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
ग्राम गंजीबड़ इछावर निवासी 52 वर्षीय मनोहरलाल पुत्र बृजकिशोर शर्मा की गत दिवस बाइक क्रमांक एमपी.09 जेक्यू 3757 से गंजीबड़ इछावर जा रहे थे तभी इछावर रोड हसनाबाद गाइड के मध्य उनकी बाइक अनियंत्रित होकर रोड से नीचे जा गिरी जिसे गंभीर चोंट लगने से दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। मनोहर लाल शर्मा पी.एच.ई. आष्टा में नौकरी करते थे। इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में आज सुबह डाउन लाईन पर श्मशान घांट के समीप एक अज्ञात व्यक्ति रेल से कटा हुआ मिला।
इसी प्रकार गत दिवस वाहन दुर्घटना में घायल नवल मोहल्ला गंज निवासी मूलचंद आत्मज मेवाराम उम्र 45 वर्ष को वाहन दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल होने एवं बकरी पुल निवासी 25 वर्षीय धर्मेन्द्र आत्मज कैलाश को जलने के कारण इलाज हेतु हमीदिया अस्पताल भोपाल में दाखिल कराया गया था जहाँ पर इनकी मौत हो गई।

विजय दशमी उत्सव समिति अध्यक्ष के चुनाव की बैठक बेनतीजतन समाप्त

आष्टा 20 सितम्बर (नि.सं.)। नगर में विजय दसमी पर्व बनाने के लिये हिन्दु उत्सव समिति आष्टा द्वारा आज एक बैठक का आयोजन किया था जिसमें पिछले वर्ष का आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत कर दशहरा पर्व मनाने के लिये नवीन कार्यकारिणी का चुनाव होना था। आष्टा नगर के इतिहास में आज ऐसा पहली बार हुआ कि विजय दसमी उत्सव समिति के चुनाव की इस बैठक में पूरे नगर के सैकड़ो युवक बैठक स्थल पर पहुँच गये।
पहले बैठक श्रीराम मंदिर आष्टा पर रखी थी। लेकिन भारी उपस्थिति को देखते हुए हिन्दु उत्सव समिति ने इसे भाऊबाबा मंदिर पर रखी। आज की इस बैठक में जो युवक अध्यक्ष बनना चाहते थे वह अपने समर्थन में बड़ी संख्या में युवकों को लेकर यहाँ पहुंचे। पूर्व अध्यक्ष नर्वदा प्रसाद मालवीय ने बैठक की अध्यक्षता कर रहे कमल किशोर नागोरी की स्वीकृति के पश्चात आय-व्यय प्रस्तुत किया जिसमें उन्होने लगभग 28 हजार का घाटा दर्शाया। यह ब्यौरा प्रस्तुत होते ही बैठक में हलचल मच गई। तब बैठक में उपस्थित श्री सुधीर पाठक, प्रेमनारायण गोस्वामी, उमेश शर्मा, मुकेश बड़जात्या, रवि सोनी सहित अनेको लोगों ने बैठक में उपस्थित युवकों को संबोधित करते हुए विचार व्यक्त किये।
इसके पश्चात अचानक रवि सोनी ने विचार व्यक्त करते-करते अध्यक्ष का नाम सुनील प्रजापति का नाम प्रस्तावित कर दिया और इस बात को लेकर बैठक में हो-हल्ला शुरु हो गया तथा थोड़ी ही देर में अध्यक्ष पद के लिये कालू भट्ट, राजीव पंवार, नरेश माथुर का नाम भी कई लोगों ने प्रस्तावित कर बैठक में अध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से हो की बात पर पानी फेर दिया। थोड़ी देर राजीव पंवार ने अपना नाम वापस लिया। तब 3 के नाम आने पर यह निर्णय लिया गया कि तीनों के नाम की पर्ची डाली जाये, लेकिन इस पर भी एक उम्मीद्वार तैयार नहीं हुआ। बस इसके बाद बैठक, बैठक ना रही। जब यादा ही स्थिति बिगड़ने लगी तब बैठक की अध्यक्षता श्री कमल किशोर नागौरी ने इसे स्थगित कर दिया। अधिकांश लोगों ने मत दिया कि अब हिन्दु उत्सव समिति ही इस संबंध में निर्णय ले। कुछ का विचार था कि हिन्दु उत्सव समिति स्वयं दशहरा पर्व मनाये। बैठक समाप्ति के बाद जब सब लोग बाहर आ गये तब कुछ युवकों ने अपने उम्मीद्वार के समर्थन में जमकर नारेबाजी की, नगर के प्रमुख चौराहों पर बैठक समाप्ति के बाद देर रात्रि तक इसी बैठक को लेकर चर्चाएं सरगर्म बनी हुई हैं।

आतिशबाजी बेचने के लिए लायसेन्स जरूरी

सीहोर 20 सितम्बर (नि.सं.)। दीपावली के मौके पर आतिशबाजी बेचने के लिए दुकानदार को अस्थाई लायसेन्स लेना पड़ेगा। बिना लायसेन्स लिए आतिशबाजी नहीं बेची जा सकेगी। लायसेन्स लेने के लिए बाकायदा कलेक्ट्रेट कार्यालय की लायसेन्स शाखा में आवेदन करना पड़ेगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में 10 अक्टूबर,08 तक लिए जांएगें।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीहोर ने बताया है कि जो व्यक्ति दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी विय हेतु अस्थाई लायसेन्स प्राप्त करने के इच्छुक हैं वे 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र कलेक्ट्रेट कार्यालय की लायसेन्स शाखा में कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं। समयावधि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा।

आतिशबाजी बेचने के लिए लायसेन्स जरूरी

सीहोर 20 सितम्बर (नि.सं.)। दीपावली के मौके पर आतिशबाजी बेचने के लिए दुकानदार को अस्थाई लायसेन्स लेना पड़ेगा। बिना लायसेन्स लिए आतिशबाजी नहीं बेची जा सकेगी। लायसेन्स लेने के लिए बाकायदा कलेक्ट्रेट कार्यालय की लायसेन्स शाखा में आवेदन करना पड़ेगा। आवेदन निर्धारित प्रारूप में 10 अक्टूबर,08 तक लिए जांएगें।
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सीहोर ने बताया है कि जो व्यक्ति दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी विय हेतु अस्थाई लायसेन्स प्राप्त करने के इच्छुक हैं वे 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र कलेक्ट्रेट कार्यालय की लायसेन्स शाखा में कार्यालयीन समय में प्रस्तुत कर सकते हैं। समयावधि के बाद प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जायेगा।

जीवन में विनय नींव के पत्थर समान है-साध्वी मधुबाला जी

आष्टा 20 सितम्बर (नि.सं.)। व्यक्ति के जीवन में यदि विनय होता है तो चरम लक्ष्य मोक्ष तक ले जा सकता है। विनय वान व्यक्ति में सहिष्णुता, सहन शीलता, नम्रता आदि गुण स्वत: ही आ जाते है। जीवन पानीय बन जाता है।

उक्त बातें साध्वी मधुबाला जी महाराज सा. ने स्थानक में प्रवचन के दौरान कहीं। आपने कहा कि विनयवान बनने से मिला लाभ अर्जुन और दुर्योधन कहीं। श्रीकृष्ण के पास आराम कर रहे थे। दुर्योधन सिराहने बैठ गए ओर अर्जुन चरणों में बैठ गए। दोनों सहायता के लिए गए थे। जब श्रीकृष्ण ने अर्जुन का साथ दिया और वे विजयी हुए और अहंकार की हार हुई। आपने कहा कि संसार में सबसे श्रेष्ठ सिद्ध दशा बताई, जो कर्म मेल से रहित होता है। वह इस दशा में प्राप्त कर सकता है। सिद्ध दशा का स्थान ज्योति से परिपूर्ण वह स्थान खत्म नहीं होता।

मधुबाला जी ने कहा कि मानव अपनी आत्मा का हित करना चाहता है तो उसे विनयशील बनना होगा। वह व्यक्ति पूज्ीय भी बन जाता है। राधा में विनय का गुण था तो वह कृष्ण की पत्नि बनी। उनकी बाकी रानिया द्वेष रखती थी। राधा विनयदान थी जो जो कार्य उसे भाता करने लग जाती थी। सभी के मन में राधा के प्रतिर् ईष्या, द्वेष की भावना थी।

उनकी इस भावना को बताने के लिए नारद ने कहा कि कृष्ण जी सिर दुख रहा है और जो भी इनके सिर पर लात रखेगा वहां से सभी रानिया चली गई सिर्फ राधा ही वहां रूकी उसने कहा कि मैं लात रखूंगी भले ही मुझे नरक में क्यों न जाना पड़े। पति का सिर तो ठीक होगा। जैसे ही राधा कृष्ण के सिर पर पैर रखने के लिए आगे बड़ी तो नारद जी ने रोका और कहा कि विनयवान होता है वह ही दूसरे के कष्ट भी झेलता है।

निस्वार्थ भाव से सूर्य की तरह रोशनी करो साध्वी सुनीता जी श्रावक के गुण बताऐ है उन्हें सिर्फ सुनना ही नहीं है बल्कि आचरण में भी लाऐं यदि स्वार्थ की परिधि में रहेंगे ले सदगुण जीवन में लाने वाले नहीं। जिस प्रकार सूर्य नि: स्वार्थ भाव से सभी को प्रकाश देता हैं, उसी तरह मानव की भावना निस्वार्थ रहना चाहिए। उक्त बाते साध्वी सुनील जी महाराज ने प्रवचन के दौरान कही। आज व्यक्ति को सांप से भय लगता है पाप से नहीं आपने कहा कि सांप का विष तो इसी भाव तक रहेगा किन्तु 18 पाप तो भव-भव तक चलते रहते है।

बिजली चोरी करना पाप है- साध्वी सुनीता जी ने प्रवचन के दौरान कहा कि लोग जरा से पैसे बचाने के चक्कर में बिजली चोरी करता है, यह पाप है। बिजली चोरी आए दिन खुलेआम लोग करते रहते है। चोरी करना पाप है उधर बिजली से जीवों की विराधना लाईट के कारण जीवों की हिंसा से पाप लगता है।

विश्व बैंक का जांच दल कोठरी अस्पताल पहुँचा

आष्टा 20 सितम्बर (नि.प्र.)। जिस विश्व बैंक के जांच दल के आने की सूचना के बाद आष्टा के सिविल अस्पताल को चकाचक किया गया था वो दल आष्टा तो नहीं आया और कोठरी पहुँच गया। दल के सदस्यों ने कोठरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर रिकार्ड व अन्य रजिस्टर तथा ओपीडी, लेबर रु म, महिला प्रसूति कक्ष आदि का निरीक्षण किया। प्रसूति के बाद यहाँ भर्ती महिलाओं से चर्चा कर उनसे शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उन्हे कौन बताता है के बारे में पूछा उक्त दल में विश्व बैंक के सदसयों के अलावा भोपाल से उप संचालक श्रीमति तारा सक्सेना, सीहोर से अनिता दगाया, आष्टा से बीएमओ रामचन्द्र गुप्ता, श्रीमति अर्चना सोनी आदि उपस्थित थे।

स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि विश्व बैंक का आया उक्त दल कोठरी प्रा.स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाओं एवं कार्यों से पूरी तरह से संतुष्ट रहा तथा यहाँ पदस्थ डाक्टर बी.के.डोहर की पीठ थपथपाई। उक्त दल ने इछावर और अमलाह अस्पताल का भी निरीक्षण किया।

खबर है कि उक्त दल आगामी दिनों में आष्टा, सिविल अस्पताल का भी निरीक्षण करने आ सकता है। उसी को लेकर अस्पताल को व्यवस्थित किया जा रहा है।

चौदह क्रियाशील गौशालाओं को अनुदान राशि की मंजूरी

सीहोर 20 सितम्बर (नि.सं.)। जिला गौपालन एवं पशु संवर्धन समिति की गत दिवस बैठक आयोजित आयोजित की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं प्रभारी कलेक्टर अरूण कुमार तोमर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिले की 14 यिाशील गौशालाओं के लिए 14 लाख 30 हजार की अनुदान राशि मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में जिला गोपालन एवं पशुधन संवर्धन समिति की संचालन समिति के उपाध्यक्ष श्री संजय चांडक सहित अन्य सदस्य और गौशालाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

बैठक में प्रभारी कलेक्टर श्री तोमर ने कहा कि जिले में संचालित गौशालाओं के उचित प्रबंधन के मद्देनजर उनमें नीम, पीपल, बड और आंवले के पौधे लगाए जांय। उन्होंने बर्मी कम्पोस्ट को गौशालाओं के लिए अनिवार्य बताया और बर्मी कम्पोस्ट बनाने और गौशालाओं में चारा एवं जैविक खाद का उत्पादन करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं से कहा कि वे गौशालाओं का नियमित रूप से भ्रमण कर जरूरत के मुताबिक सुधार कार्य कराएं। बैठक में विभाग की गतिविधियों की जानकारी देते हुए उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ.ओ.पी.ओढ ने बताया कि गौशालाओं के निरीक्षण, पशुओं का टीकाकरण एवं उपचार का कार्य किया जा रहा है।

गौशालाओं को अनुदान राशि

बैठक में जिले की जिन 14 क्रियाशील गौशालाओं को अनुदान राशि स्वीकृत की गई उनमें गोपाल गौशाला चांदबड (धनखेडी) को 3 लाख 26 हजार 424, श्रीगोपाल गौशाला आमाझिर को 1 लाख 97 हजार 918, संत सुखराम दास बाबा गौशाला रामपुरकला को 1 लाख 88 हजार 538, श्रीगोधाम गौशाला टिटोरा को 1 लाख 1 हजार 304, तपस्विनी जोगेश्वरी माताजी गौशाला को 97 हजार 552, मातंगीगौसेवा सदन आंवलीघाट को 94 हजार 738, आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन केन्द्र आष्टा को 59 हजार 94, पटेल बाबा गौसेवा सदन चाचमऊ को 56 हजार 280, श्रीकृष्ण गौसेवा सदन लाडकुई को 1 लाख 2 हजार 242, मॉ जोगेश्वरी गौसेवा सदन बांसापुर को 52 हजार 528, रामानंद गौशाला खटपुरा को 55 हजार 342, धूनीवाले दादाजी आश्रम छीपानेर को 39 हजार 396, किशन गौशाला सियागहन को 31 हजार 852 एवं श्रीराम गौसेवा आश्रम सीहोर को 26 हजार 264 रूपयों की अनुदान राशि मंजूर की गई।

Saturday, September 20, 2008

गर्मी में सीहोर के लिये छोड़ा रामपुरा डेम से पानी क्या अब क्षेत्र के लिये परेशानी का कारण बनेगा

सीहोर नगर पालिका पर सिंचाई विभाग का 68 लाख लेना है

सीहोर 19 सितम्बर (सुशील संचेती)। गर्मी में आष्टा के रामपुरा डेम से लगभग 5 फिट पानी सीहोर के लिये छोड़े जाने का खामियाजा इस बार आने वाली गर्मी में आष्टा के साथ-साथ उन सैकड़ों किसानों को भी भुगतना पड़ सकता है। जिन्हे डेम से सिंचाई के लिये पानी दिया जाता है। यह आभास अभी तक जितनी कम वर्षा आष्टा में हुई उससे तथा बरसात के अंतिम दौर में होने और अभी तक रामपुरा डेम जिसमें इस समय तक 10 से 12 फि ट पानी भर जाता था अभी तक केवल 5 से 6 फिट पानी ही आया है अगर गर्मी में 5 फिट पानी जो सीहोर के लिये छोड़ा गया नहीं छोड़ते तो शायद जो शंका-कुशंका आगामी गर्मी में पानी को लेकर क्षेत्र में उठ रही है वो शंकाए नहीं उठ पाती। गर्मी में सीहोर में जो जल संकट उत्पन्न हुआ था तब सीहोर ने दबाव बना कर प्रशासन से रामपुरा डेम से सीहोर के लिये पानी छुड़वा तो लिया था आष्टा से पानी बहकर सीहोर के लिये रवाना भी हुआ लेकिन पूरी नदी खाली होने के कारण सीहोर के लिये जो पानी छोड़ा था वो नहीं के बराबर पहुँचा था तथा जिसे सीहोर की प्यास बुझाने के लिये उक्त पानी छोड़ा था उस सीहोर के नागरिकों की प्यास भी नहीं बुझी है।

कुछ लोगों के मजे जरुर इस दौरान हो गये थे। जिस वक्त आष्टा के रामपुरा डेम से पानी सीहोर के लिये छोड़ा गया था जिस वक्त आष्टा के रामपुरा डेम से पानी सीहोर के लिये छोड़ा गया था तब विरोध के स्वर भी मुखर तो हुए थे लेकिन प्रशासन ने उन स्वरों को दबा दिया था। सूत्र बताते हैं कि रामपुरा डेम का जो कमांड क्षेत्र है उसमें सीहोर आता ही नहीं है। नियमानुसार तो रामपुरा डेम से सीहोर के लिये पानी छोड़ा ही नहीं जाना था फिर क्यों छोड़ा गया, किसके निर्देश पर छोड़ा गया, नियमों का पालन क्यों नहीं किया तथा जितना पानी जिसके लिये छोड़ा उक्त पानी की जो राशि बनती है क्या वो राशि सिंचाई विभाग को मिली नहीं मिली तो उसकी जिम्मेदारी अब किसकी है। यह सब अब जांच का एक बड़ा विषय हो सकता है ? आष्टा तहसील कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष 19सितम्बर 08 तक 666 मि.मी. (26 इंच) बरसात हुई है। वहीं सिंचाई विभाग के जितने भी जलाशय रामपुरा डेम सहित सभी में पानी काफी कम स्टोर हुआ है। कम बरसात के कारण इस वर्ष गेहूँ-चने की फसलों की उम्मीद करना तो एक सपने के समान है। (अगर अभी भी बरसात हो जाये या फिर मावठा गिर जाये तो सपना सच हो सकता है) वहीं अभी से क्षेत्र के नागरिकों को कम भराये जलाशयों को देखकर भविष्य में क्षेत्र में पीने के पानी का कितना गंभीर संकट पैदा होगा यह सोच-सोच कर सभी परेशान है। वैसे अभी भी क्षेत्र के लोगों का मानना है कि जिस प्रकार अभी अंतिम दौर में देश के कई हिस्सों में बरसात ने शानदार दस्तक दी है। वैसी दस्तक म.प्र. में भी होगी अगर ऐसा होता है और जाते-जाते भी इन्द्र देवता मेहरबान हो जाते हैं तो जिन दो बातों को लेकर क्षेत्र के नागरिक-किसान चिंतित है उनकी वो चिंता दूर हो सकती है। सिध्दिकगंज क्षेत्र के किसानों का भी मानना है की गर्मी में रामपुरा डेम से सीहोर के लिये जो पानी छोड़ा वो नहीं छोडा जाना था अगर उस वक्त पानी नहीं छोड़ा जाता तो आज डेम में भरपूर पानी रहता और आष्टा की गर्मी में प्यास भी बुझ जाती तथा किसानों को भरपूर पानी सिंचाई के लिये मिलता वैसे सिंचाई के लिये तो अभी भी डेम से पानी दिया जायेगा लेकिन आष्टा के लिये छोड़ा जायेगा की नहीं इसके लिये अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है क्योंकि डेम में पानी पहली प्राथमिकता सिंचाई है तथा उसके बाद आष्टा के लिये पानी छोड़ा जाना है।

68 लाख बकाया है सीहोर नगर पालिका पर - इस संबंध में आज फुरसत ने सिंचाई विभाग आष्टा से जब चर्चा की तो सिंचाई विभाग आष्टा ने बताया कि गर्मी में कलेक्टर सीहोर के निर्देश पर रामपुरा डेम में सीहोर के लिये गर्मी में 1941000 घन मीटर पानी छोड़ा गया था

इस पानी की कीमत 20 लाख के करीब होती है लेकिन नगर पालिका ने इसके बदले सिंचाई विभाग को 1 लाख रुपया विभाग को दिया था जबकि सीहोर नगर पालिका पर सिंचाई विभाग का लगभग 42 लाख रुपया पानी का बाकी है सिंचाई विभाग ने बताया कि अभी तक सीहोर नगर पालिका 61 लाख रुपया पानी का तथा निश्चित समय सीमा में उक्त राशि जमा नहीं कराने पर 7 लाख रुपया ब्याज का जुड़कर कुल लगभग 68 लाख रुपया बकाया है।

बहू को प्रताड़ित करने पर कारावास

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)सत्र न्यायाधीश ए.एच.एस. पटेल द्वारा थाना इछावर के अपराध क्रमांक 293 07 के आधार पर बने सत्र परीक्षण क्रमांक-1908 में मृतका सीमाबाई को प्रताड़ित करने एवं उसे आत्महत्या के लिये प्रेरित करने वाले पति गजराजसिंह पुत्र लाड़सिंह, ससुर लाडसिंह, पुत्र खुमान वं सास-सौरम बाई पत्नि गजराजसिंह पुत्र लाड़सिंह को दोशी पाकर धारा-306 भा.द.वि. के तहत 5-5 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 5000- रुपये प्रत्येक अर्थदंड से दंडित किया। धारा 498 ए भा.द.वि. के तहत 2-2 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 2000-रुपये अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
लोक अभियोजक ओ.पी. मिश्रा के अनुसार ग्राम बरखेड़ा कुर्मी निवासी लीलाधर पालीवाल द्वारा दी गई। दिनांक 10.12.07 की सूचना आधार पर मृतक सीमाबाई की आकस्मि मृत्यु के सम्बंध में मर्ग क्रमांक 397 दर्ज किया व जांच पश्चात मूल अपराध क्रमांक 29307 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया व विवेचना पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में पेश किया उपस्थित होकर के माननीय सत्र न्यायालय को विचारण हेतु प्राप्त हुआ।
अभियोजन की ओर से कुल 13 साक्षीगण तथा बचाव पक्ष ने 5 गवाहों के कथन कराये गये साक्ष्य में यह तथ्य प्रकट हुआ कि मृतका सीमाबाई का विवाह 6 फरवरी 2003 को गजराजसिंह आरोपी के साथ हुआ था जिसके देढ़ साल बाद मोटर साइकिल की मांग करने पर सीमाबाई के पिता ने 24 हजार रुपये नगद दामाद आरोपी गजराज को दिये थे। फिर धंधा करने के लिये 2 लाख रुपये की मांग की गई। उक्त अवैध मांग पूरी न होने पर सीमाबाई के साथ क्रूरतापूर्ण व अमानवीय व्यवहार किये जाने लगा जिससे परेशान होकर सीमाबाई ने फांसी लगाकर के आत्महत्या कर ली।
विद्वान न्यायाधीश ए.एच.एस. पटेल ने अपने 22 पृष्ठीय निर्णय में आरोपीगण के उक्त कृत्य को दृष्टिगत रखते हुये बचाव पक्ष की प्रार्थना अस्वीकार करते हुये आरोपीगण को क्रमश: 5-5 व 2-2 साल के सश्रम कारावास एवम रुपये 7 हजार प्रत्येक आरोपी को अर्थदंड का फैसला सुनाया।
अर्थदंड राशि जमा होने पर उसमें से 15 हजार रुपये मृतका के पिता को प्रतिकर दिलाये जाने का आदेश दिया गया। म.प्र. शासनअभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी ओमप्रकाश मिश्रा लोक अभियोजक ने की। अभियुक्त राजेश व मनोहर को साक्ष्य अभाव में बरी किया गया। अभियुक्तगण को सजा भुगतने के लिये सजा वारंट तैयार कर जेल सीहोर भेजा गया।

छात्राओं के साथ अभद्रता करने वालों पर मामला दर्ज

आष्टा 19 सितम्बर (नि.सं.)। आष्टा में विभिन्न स्कूलों के चौराहों पर स्कूल के समय मजनुओं की हरकतों से छात्राएं परेशान रहती हैं। अब यह रोग ग्रामीण क्षेत्र में भी फैल गया है। आष्टा तहसील के ग्राम उमरपुर से कई छात्राएं पढ़ने के लिये पास के ग्राम बेदाखेड़ी आती हैं आज कुछ छात्राएं जब पढ़ने के लिये आ रही थी तब रास्ते में बेदाखेड़ी के दो मजनु युवक जिनका नाम गब्बर सिंह एवं देवेन्द्र जाति चमार बताया गया है, इनने पढ़ने आ रही छात्राओं को 100 का नोट दिखाकर हरकतें की। तब हिम्मत जुटाकर एक छात्रा ने इनसे सवाल-जबाव किये। तो इन मजनुओं ने छात्राओं के साथ गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया तब इस छात्रा ने दूरभाष पर अपने पिता को इन मजनुओं की द्वारा की गई हरकत की शिकायत की। तब छात्राओं के पिता बेदाखेड़ी आये और इन मजनुओं से चर्चा की तथा पूछा कि तुम ऐसी हरकतें क्यों करते हो ? तब भी इन मजनुओं ने इनके पिताओं के साथ भी गाली गलौच कर अभद्र व्यवहार किया। बाद में यह छात्राएं तथा उनके पिता आष्टा थाने पहुँचे तथा यहाँ बेदाखेड़ी के उक्त दोनो मजनुओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया।

बढ़ती चोरियों को लेकर छावनी के युवाओं ने एफ आईआर का पुतला जलाया

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)। छावनी क्षेत्र में बढ़ती चोरियों की वारदातों के कारण रोष बढ़ता जा रहा है। आज छावनी के कुछ युवाओं ने पुलिस द्वारा बार-बार एफआईआर तो दर्ज कर ली जाती है लेकिन उस पर कार्यवाही कुछ नहीं होती है इस कारण पुलिस की एफआईआर का ही पुतला जला दिया।
छावनी के युवा शैलेष राठी, व आशीष गुप्ता के नेतृत्व में युवाओं ने एफआईआर का पुतला दहन करने के साथ ही कहा कि जब पुलिस मामला दर्ज करने के बाद कभी आज तक चोरों को पकड़ ही नहीं सकी तो फिर मामला दर्ज करने का क्या फायदा ?
ज्ञातव्य है कि सर्राफा बाजार में पिछले दिनों एक दुकान के बाद जैन मंदिर में चोरी हुई थी और हाल ही में एक मोटर साईकिल की चोरी भी दिन दहाडे यहाँ से कर ली गई है। लेकिन पुलिस प्रशासन को अभी तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

मोबाइल चोर पकड़े ?
आष्टा 19 सितम्बर (नि.सं.)। जावर थाना अन्तर्गत एक ग्राम से खबर है कि जावर पुलिस ने 100 युवकों को पकड़ा है यह युवक मोबाइल चुराते थे। वैसे पुलिस ने आज इस संबंध में जानकारी नहीं दी है लेकिन खबर है कि इन दोनो से पुलिस पूछताछ में लगी हुई है।


जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत
सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)जिले के थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा कुर्मी हाल-अमला रामजीपुरा निवासी एक 25 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ का सेवन करने से मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना इछावर अन्तर्गत आने वाले ग्राम बरखेड़ा कुर्मी हाल-अमला रामजीपुरा निवासी शम्भूदयाल के 25 वर्षीय पुत्र कृपालसिंह ने आज सुबह 4 बजे अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन करने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरु कर दी हैं।

चौदह निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी

सीहोर 19 सितम्बर (नि.सं.)। सांसद (राज्यसभा) रघुनंदन शर्मा द्वारा नसरूगागंज क्षेत्र में अनुशंसित 13 निर्माण कार्यों के लिए 45 लाख एवं सांसद (राज्यसभा) लक्ष्मीनारायण शर्मा द्वारा अनुशंसित सीहोर में एक निर्माण कार्य हेतु 2 लाख रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इस सिलसिले में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के मुताबिक नसरूल्लागंज जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत नीलकंठ में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 3 लाख, ग्राम पंचायत अमीरगंज में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत पिपलानी में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत टीकामोड में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख ग्राम पंचायत बडनगर में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत भिलाई में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत बोरखेड़ाकला में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत इटावा में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 4 लाख, ग्राम पंचायत चांदाग्रहण में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 1 लाख 50 हजार, ग्राम पंचायत वासुदेव में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 2 लाख 25 हजार तथा ग्राम पंचायत खनपुरा में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु 2 लाख 25 हजार रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।
निर्माण कार्य के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को क्रियान्वयन एजेन्सी बनाया गया है और जनपद पंचायत नसरूल्लागंज को 29 लाख 25 हजार रूपये की राशि प्रथम किश्त के रूप में उपलब्ध कराई गई है। ग्राम पंचायत जोनतला तथा ग्राम पंचायत खैरी सिलगेना में सीमेन्ट कांक्रीट रोड निर्माण हेतु प्रत्येक को 2 लाख 25 हजार रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। निर्माण कार्य के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को यिान्वयन एजेन्सी बनाकर सीईओ जनपद पंचायत बुधनी को 4 लाख 50 हजार रूपये की राशि प्रथम किश्त के रूप में मुहैया कराई गई है।
इसी तरह सांसद (राज्यसभा) लक्ष्मीनारायण शर्मा द्वारा अनुशंसित सीहोर नगर की ग्राम भारती शिक्षा समिति को शाला के अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 2 लाख रूपयों की प्रशासकीय स्वीकृति कलेक्टर द्वारा जारी की गई है और 80 हजार रूपये की प्रथम किश्त प्रदान की गई है। निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण एवं पर्यवेक्षण कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सीहोर का रहेगा।

Friday, September 19, 2008

दिन दहाड़े सर्राफा बाजार से चोर मोटर साईकिल ले उड़े, पत्रकार जगत में रोष व्याप्त

सीहोर 18 सितम्बर (नि.सं.)। नगर के छावनी क्षेत्र में आज दिन दहाड़े एक ओर चोरी की सनसनीखेज घटना घटी जहाँ नगर के व्यस्ततम सर्राफा बाजार में पत्रकार अमित कुईया के निवास में रखी हीरो होण्डा मोटर साईकिल अज्ञात चोर उठाकर ले गये। इस घटना से छावनी का यह क्षेत्र स्तब्ध रह गया। घर के अंदर रखी मोटर साईकिल की दिन दहाड़े हुई इस चोरी ने सभी को चिंतित कर दिया। पत्रकार जगत में भी इस मामले को लेकर रोष व्याप्त है। पुलिस प्रशासन अभी तक हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
गुरुवार को दोपहर 2.30 बजे पत्रकार अमित कुईया अपने निवास पर भोजन करने पहुँचे। यहाँ उन्होने अपनी हीरो होण्डा पेशन मोटर साईकिल क्रमांक एमपी 37 बीए 8020 ताला लगाकर रखी और अंदर भोजन करने चले गये। जब वह करीब 3 बजे भोजन करके घर से बाहर निकले तो उनका वाहन अपने स्थान पर नहीं था। अनेक जगह पूछताछ के बाद पता चला कि अज्ञात चोर मोटर साईकिल चोरी कर ले गये हैं। जैसे ही यह घटना आसपास के क्षेत्र में फैली स्थानीय छावनी क्षेत्र सर्राफा बाजार के लोग स्तब्ध रह गये।
ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों इसी सर्राफा बाजार मार्ग में हरी वेलर्स की दुकान पर दिन दहाड़े चोरी की वारदात हुई थी जिसमें पूरी की पूरी दुकान ही अज्ञात चोर लूटकर ले गये थे। इसके बाद व्यवसायी पवन जैन की दुकान में कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी धर्मपत्नि की उपस्थिति में घर में प्रवेश किया और आसानी से लूटपाट कर कीमति सामान ले गये। इसके बाद हाल ही में दिगम्बर जैन समाज मंदिर में भी अज्ञात चोरों ने सामने से ही ताले तोड़ दिये थे और अंदर कीमति सामान व 3 दान पेटियों तक के ताले तोड़ दिये थे। इन सभी मामलों में पुलिस को आज तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है। इस प्रकार सर्राफा बाजार चोरों के लगातार निशाने पर बना हुआ है लेकिन पुलिस का इस और ध्यान नहीं है।
आज हुई पत्रकार श्री कुईया के मकान के सामने खड़े वाहन की चोरी की वारदात के बाद एक बार फिर छावनी के व्यस्ततम क्षेत्र में लोगों को चिंता में डाल दिया है। इस संबंध में आज जिला पत्रकार संघ ने भी चिंता व्यक्त करते हुए घटना पर तीव्र प्रतिक्रिया व्यक्त की है। वरिष्ठ पत्रकार शंकरलाल साबू, अम्बादत्त भारतीय, रामनारायण ताम्रकार, पुरुषोत्तम कुईया, जय उपाध्याय, विमल जैन, बसंत दासवानी, राजकुमार गुप्ता, अनिल राय, प्रदीप समाधिया, सुशांत समाधिया, ओम मोदी, श्रवण मावई, महेन्द्र सिंह ठाकुर मनकी, सुनील शर्मा, शैलेष तिवारी, प्रदीप चौहान, हरी विश्वकर्मा, बलजीत सिंह ठाकुर, चन्द्रकांत दासवानी, राकेश समाधिया, राजेन्द्र शर्मा बब्बल गुरु, संतोष शर्मा, आशीष गुप्ता, आनन्द गाँधी आदि ने घटना की निंदा की है और पुलिस से ठोस कदम उठाकर कार्यवाही की मांग की है। ज्ञातव्य है कि इस मामले की कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करा दी गई है।