Thursday, July 31, 2008
अविद्या ही समस्त दुखों की जननी है- आचार्य वेदार्थी
यह उद्गार आर्य समाज मंदिर में मंगलवार रात वेद प्रचार सप्ताह के तीसरे दिन आचार्य विष्णु मित्र वेदार्थी ने व्यक्त किये। श्रावण मास में प्रतिवर्षानुसार आयोजित हो रहे वेद प्रचार सप्ताह गंज क्षेत्र स्थित आर्य समाज मंदिर में 27 जुलाई से प्रतिदिन शाम यज्ञ एवं ईश्वर उपासना के भजन तथा रात्रि 8 से 10.30 बजे तक वेद विषयक व्याख्यान हो रहे हैं जिसमें बड़ी संख्या में नगर एवं आसपास के आर्यजन, श्रध्दालु महिलाएं एवं बच्चे भागीदारी कर रहे हैं। आयोजन के तीसरे दिन मंगलवार को बिजनौर से पधारे प्रसिध्द वैदिक विद्वान आचार्य विष्णु मित्र वेदार्थी ने प्राचीन वैदिक मान्यताओं सिध्दांतों की मानव जीवन में उपादेयता पर सारगर्भित व्याख्यान देते हुए कहा कि ब्रह्म मार्ग का अनुगामी ही ब्रह्मचारी कहा जाता है। ग्रहस्थ आश्रम में प्रवेश करते समय इस आश्रम के कर्तव्यों की शिक्षा देना अनिवार्य है। इसके अभाव में आज पारिवारीक नैतिक और सामाजिक मूल्य विखण्डित हो रहे हैं।
आचार्य ने अपने सारगर्भित व्याख्यान में सत्व, तमो और रजो गुणों प्रवृत्तियों के साथ चार आश्रमों की प्राचीन परम्परा को परिभाषित करते हुए अनेक रोचक बोध कथाओं, प्रेरक प्रसंगों के साथ शांतिकरणम एवं स्वस्ति वाचनम के श्लोको की व्याख्या के दौरान धर्म के गूढ समझे जाने वाले रहस्यों का सहजता से बोध कराया। इस दौरान नि:स्तब्ध शांति के बीच उपस्थित जन समुदाय ने वेदगान की अमृत वर्षा का रसास्वादन किया।
कार्यक्रम का संचालन आर्य समाज के मंत्री संतोष सिंह ने किया एवं आभार प्रधान रामस्वरुप गौर ने माना। इस अवसर पर समाज के मा. अवधनारायण आर्य, जगमोहन कौशल, कमलेश याज्ञिक, डॉ. झलावा, रामभरोस आर्य, चन्द्रभान आर्य, कमलेश आर्य, हरनाम सिंह कसौटिया, नरेन्द्र आर्य, बाबूलाल आदि सहित बड़ी संख्या में श्रध्दालु महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे। वेद प्रचार सप्ताह का समापन 1 अगस्त को होगा।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
Wednesday, July 30, 2008
फर्जी दस्तावेज से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले 3 लोग पकड़ाये
जांच में कई मतदाता पकड़ाये हैं जिन्होने आवेदन के साथ फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किये हैं। इस संबंध में आज फुरसत को तहसीलदार श्री बिहारी सिंह ने बताया कि जुम्मापुरा निवासी कलीम खाँ, रसीद खाँ ने आवेदन के साथ दस्तावेज के रुप में वर्ष 2001-02 की पूर्व मा. परीक्षा की एक अंक सूची जिसका क्रमांक 5048 है प्रस्तुत की। इस अंक सूची में आवेदन को देखने पर ही लगा की फर्जी है। जांच में पाया गया कि उक्त अंक सूची किसी और की है। आवेदन ने उसका नाम पिता का नाम सफाई से हटाकर अपना व पिता का नाम लिख लिया और उसकी फोटो कापी आवेदन के साथ लगा दी जो पकडा गई। आश्चर्य तो तब हुआ की एक अन्य मतदाता जो महिला है जिसका नाम फोबिया बी पत्नि सलीम ने भी इसी क्रमांक की अंक सूची दस्तावेज के रुप में लगाई और उसने अंक सूची में ओवरराइटिंग कर अपना नाम लिख लिया। एक अन्य मतदाता कुमारी साजिया पुत्री अंसार खां ने अपने आवेदन के साथ चित्रांश विद्या मंदिर हाईस्कूल कक्षा 9 वीं की अंक सूची प्रस्तुत की, इसमें आवेदक की जन्मतिथि 671993 है उसे बड़ी सफाई से काटकर 671983 कर दिया गया जो जांच में पकडा गया है।
तहसीलदार बिहारी सिंह ने बताया कि जिन दो मतदाता कलीम और फोजिया ने एक ही क्रमांक की मतदाता सूची अपने-अपने नाम लिखकर दस्तावेज के रुप में प्रस्तुत की उक्त अंक सूची मा.शा. बुधवारा की है वहाँ के शाला प्रमुख से जानकारी मांगी है कि उक्त क्रमांक की अंक सूची वास्तव में किसकी है।
तहसीलदार श्री सिंह ने बताया कि इन तीनों आवेदकों को मूल अंक सूची प्रस्तुत करने के नोटिस जारी किये हैं उसके बाद नियमानुसार कानूनी कार्यवाही की जायेगी। जिस प्रकार तहसीलदार के मार्गदर्शन में नाम बढ़ाने के आये आवेदनों की बारीकी से जांच की जा रही है। अगर आये सभी आवेदनों की जांच हो तो कई चेहरे उजागर हो जायेंगे जिन्होने आवेदनों के साथ फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किये हैं।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
खग्रास सूर्यग्रहण का भारत पर प्रभाव
इस ग्रहण का खग्रास दर्शन कनेडा, ग्रीन लैण्ड, साईबेरिया, मंगोलिया, चीन में दिखलाई देगा। खण्डग्रास स्थिति केनेडा, ग्रीनलैण्ड तथा यूरोप में दिखलाई देगा। भारत यह ग्रहण खण्डग्रास रुप में दिखाई देगा।
भूमण्डल पर ग्रहण प्रारंभ दोपहर 1.34 पर, भूमण्डल पर खग्रास प्रारंभ दोपहर 2.51 पर, ग्रहण मध्य 3.51 पर और खग्रास समाप्ति 4.51 पर तथा ग्रहण समाप्ति 6 बजे होगा।
सूर्य ग्रहण का भोपाल में समय रहेगा। ग्रहण स्पर्श 4.16 बजे, ग्रहण मोक्ष 6 बजकर 2 मिनिट पर इस प्रकार कुल ग्रहण पर्व काल 1 घटा 36 मिनिट रहेगा।
ग्रहण पुण्यकाल- ग्रहण स्पर्श से ग्रहण मोक्ष सुधी तक ग्रहण का पुण्यकाल है।
ग्रहण वेघ- ग्रहण का वेध ग्रहण का प्रारंभ शुक्रवार को चौथे प्रहर में प्रारंभ होगा। शुक्रवार 1 अगस्त 2008 को प्रात: 3 बजकर 45 मिनिट से ग्रहण का वेध शुरु हो जायेगा। बालक रोगी, व्यक्ति मध्यान्ह तक ग्रहण वेध के दोष का पालन कर सकते हैं। ग्रहण वेध में भोजन वर्जनीय है।
ग्रहण राशि फल- वृषभ, कन्या, तुला, कुंभ राशि वालों का ग्रहण का फल शुभ रहेगा। रुके हुए सब काम बन जायेंगे। मित्रों से लाभ, वाहन सुख तथा मकान व दुकानों का लाभ, मुकदमों में विजय होगी। राजनीतिज्ञों से लाभ होगा।
मिथुन, वृश्चिक, मकर, मीन राशि वालों को शुभ तथा हानि दोनो का ही फल होगा। राष्ट्रों को विवाद होंगे। मुकदमे बाजी होगी, पुराने विवादों में समझौता होगा। धन का लाभ होगा। भविष्य के लिये योजनाएं बनेगी।
मेष कर्क सिंह धनु वालों को सावधानी से समय निकालना होगा। झूठे लांछन लगेंगे।
पं.रामप्रसाद ब्रजवासी
ज्योतिष शिरोमणि, सीहोर
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
वर्षा के लिये मेंढकी को सिर बैठाकर पानी मांगा, मंगल गान गाये
सीहोर 29 जुलाई (नि.सं.)। वर्षा के लिये सीहोर नगर के अम्बेडकर नगर व मुर्दी मोहल्ला की महिलाओं ने मेंढकी वाला टोटका किया। गत दिवस वह एकत्रित हुई और एक बड़ी मेढ़की को पकड़ा। इसे लेकर हर घर से पानी मांगा। मंगल गान गाये। यहीं अखण्ड सत्ता जी में इनकी शादी रचाई।
भारत वर्ष में वर्षा नहीं होने पर कैसी-कैसी परम्पराएं और टोटके विद्यमान है इसका एक उदाहरण गंज में देखने को मिला। यहाँ की महिलाओं ने एकत्र होकर एक मेढ़क को पकड़ा और उसे एक तपेली में रखा गया। मेढ़क उचक कर भाग ना जाये इसलिये उसे पन्नी में बांध दिया गया। इसके बाद शुरु हुआ हर घर से पानी मांगने का क्रम। मोहल्ले की महिलाएं भजन और पारम्परिक लोक गीत गाते हुए हर घर पहुँची और वहाँ से पानी मांगा गया। हर घर के द्वार से इन्हे उसी तपेली में पानी डाला गया जिसमें मेढ़क था। घरों का घर पानी इस मेढ़क के लिये एकत्र हुआ और यह टोटका चलता रहा। इसके बाद सारी महिलाएं एकत्र हुई और पारम्परिक रुप से उत्सव मनाया। ताकि इन्द्र देवता रीझ जाये। यहाँ मंगल गाने भी हुए ।
इधर अम्बेडकर उद्यान के पीछे बने मंदिर पर वर्षा होने के लिये सत्ता भी बैठाई गई थी जिसमें यही महिलाएं बढचढ़ कर हिस्सा ले रही थीं। यहीं पर इस मेढ़क मेढ़की का विवाह कराने का एक और टोटका वर्षा के लिये कराया गया।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
मूसलाधार वर्षा पानी भराया, 2 घंटे इन्दौर भोपाल मार्ग रहा जाम
आष्टा 29 जुलाई। कल रात से लेकर आज शाम तक आष्टा क्षेत्र में लगातार हुई मूसलाधार वर्षा से इन्दौर भोपाल मार्ग पर भोपाल नाके पास दरगाह के सामने बरसात के पानी निकलने का रास्ता नहीं होने से इस मार्ग पर पानी जमा हो गया। पानी इतना जमा हो गया था कि इस मार्ग से निकलने वाले वाहनों को रुकना पड़ा। पानी जमा होने के कारण लगभग 2 घंटे तक इन्दौर भोपाल मार्ग जाम रहा जिसके कारण दोनो और काफी वाहन खड़े रहे। दो घंटे बाद पानी कम हुआ तब वाहन निकल सके।
बिजली गिरने से कई पक्षी मरे, टीवी-पंखे जले
प्राप्त जानकारी के अनुसार कल रात्रि में आकाशीय बिजली गिरने से इन्द्रा कालोनी क्षेत्र में लगभग 20 से 25 पक्षियों की मृत्यु हुई वहीं महेश होलाराम के मकान के पंखे और टीवी जल गये। इसकी दुकान में भी कुछ सामान जला। इसे चाचा कैलाश के घर में भी टीवी पंखे जले। वहीं देवबगस के मकान में भी आकाशीय बिजली से नुकसान हुआ।
प्रदीप राठौर के मकान में भी आकाशीय बिजली के चलते इसके घर के 4 पंखे जल गये।
तड़ित चालक ने मंदिर को बचाया
कल रात की तरह आज दिन में भी नगर व आसपास के क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा हुई तथा बिजली कड़की। दोपहर में लगभग ढाई बजे ग्राम कुरावर में स्थित श्रीराम मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरी लेकिन मंदिर के शिखर ऐसी विपदाओं से मंदिर को बचाने के लिये लगाया गया तड़ित चालक ने आज मंदिर की रक्षा की। आकाशीय बिजली का प्रभाव तड़ित चालक ने निष्प्रभाव किया लेकिन शिखर की छत पर लगा ध्वज पूरी तरह जल गया तथा जिस बांस में वह ध्वज लगा था उसके टुकड़े-टुकड़े हो गये।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
जन्म को सार्थक कर मुत्यु को महोत्सव के रूप में मनावें- साध्वी मधुबाला जी
उक्त बातें मधुर व्याख्यानी श्री मधुबाला जी ने रविवार को अपने प्रवचन के दौरान श्री महावीर भवन स्थानक में कही। आपने आचार्य श्री सौभाग्यमल जी महाराज साहब के चीैबीसवें पुण्य स्मरण दिवस पर कहा कि उन्होंने अपना जीवन बाल्यकाल में दीक्षा लेकर सफल बना लिया था, आपका आर्शीर्वाद आज भी साधु संतों के अलावा श्रावक श्राविकाओं को भी मिल रहा है। आपने कहा कि पत्थर के समान मनुष्य जीवन है जिसे कोई तराशने वाला मिल जावें तो यह जीवन सफल हो जावेगा। जिस प्रकार राह पड़ा पत्थर किसी कलाकार के हाथ में आ जावें तो वह उसे तराशकर मूर्ति का रूप दे देता है,ठीक इसी प्रकार व्यक्ति किसी संत के सानिध्य में आकर अनिष्ठ अवगुणों को त्यागने और गुरू के सानिध्य में गुणों का स्वीकार कर लेंवे तो वही मनुष्य जीवन जीने की कला सीख लेता है। महापुरूषों ने जीवन इसी प्रकार लिया है और उनका जीवन एक खुली किताब के समान रहा है। अवसर का लाभ अप्रमादी उठायेगा आलसी नही है। मधुबाला जी ने प्रमाद को आराधना का सबसे बड़ा दुश्मन बताया है।
अज्ञान के अंधकार में भटकने प्राणी को ज्ञान के प्रकाश में गुरूवर लाते है- सुनीता जी।
अज्ञान के अंधकार में व्यक्ति भटक रहा है, उसे अगर गुरू मिल जावें तो ज्ञान के प्रकाश में आ जावेगा। जीवों का जन्म व मरण दिवस मनाया जाता है। उक्त बातें साध्वी श्री सुनीता जी महाराज साहब ने प्रवचन के दौरान कही। सौभाग्यमल जी महाराज हसाब के चौबीसवें पुण्य स्मरण दिवस पर उनके ऊपर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि किशनलाल जी महाराज साहब ने इन्हें चौदह वर्ष की आयु में दीक्षा देकर वो सभी गुण दिये जो एक अच्छे साधु में होना चाहिए। सौभाग्यमल जी महाराज ने अनेक धर्मग्रंथों का अध्ययन कर जिनवाणी के जादूगर बन गये थे।
सुनीता जी ने कहा कि नवकार महामंत्र के सार को समझ कर आराधना करके परमेष्ठी के लिए भी आराध्य बन सकते है। नवकार अत्यंत पुण्य से मिला है आपने कहा कि नवकार में तीसरा पद आचार्य भगवान का है जो कि संघ के नायक,संघ के अनुपाष्ठा कहलाते है। आचार्य की चार विशेषताएॅ आपने बताई जिसमें दुराचार का निवारण,सदाचार का स्वंय पालन करना व कराना, वह विशिष्ठ ज्ञानी होती है, वे सदा सजग रहते है और आचार्य महाराज संघ के रक्षक होते है। सुनीता महाराज ने निवी तप पर अपने विचार प्रकट करते हुए बताया कि एक निवी तप से करोड़ो वर्षो में नरक में रहने से जो कर्म नही कटते वह केवल एक निवी तप से कट जाते है।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
रजिस्टर पर हस्ताक्षर करने में आती है परेशानी
गत दिवस प्रभारी ने भी अपना प्रभार महेन्द्र जैन को बना दिया। 26 जुलाई को विद्यालय पहुँचे शिक्षकों ने जब जैन से उपस्थित रजिस्टर हस्ताक्षर करने के लिये मांगा तो उन्होने कहा प्रभारी जी रजिस्टर को अलमारी में रख गये हैं। इसलिये 26 जुलाई को विद्यालय में आने वाले सभी शिक्षकों को हस्ताक्षर करने से वंचित रहना पड़ा।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
Monday, July 28, 2008
नागरिक सहकारी बैंक मतदान सम्पन्न, काका पैनल आगे
27 जुलाई रविवार का दिन एक तरह से नागरिक सहकारी बैंक चुनाव को समर्पित रहा। सुबह 8 बजे से बस स्टेण्ड स्थित गीता भवन में मतदान क ी शुरुआत हो चुकी थी। गीता भवन के सामने पेट्रोल पंप से लेकर आगे सिंचाई विभाग कार्यालय के सामने तक अलग-अलग प्रत्याशियों के अपने-अपने टेंट लगे हुए थे। जिसमें प्रत्याशी व उनके समर्थक बहुत बडी संख्या में बैठकर मतदाताओं को अपनी और रिझाने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि सुबह बरसाती मौसम ने कुछ उठाव ठंडा कर दिया था। लेकिन धीरे-धीरे धूप खिलने लगी और मतदाता बाहर आने लगे। इधर प्रत्याशियों व उनकेसमर्थकों ने भी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को बाहर निकालने का क्रम बनाना शुरु कर दिया। काका पैनल सहित राजेन्द्र शर्मा कल्लू, श्री खत्री, राजेन्द्र वर्मा आदि के टेंट लगे हुए थे।
दोपहर 12 बजे तक मतदान की गति बहुत तेज हो चुकी थी। मोहल्ले से मतदाता बाहर निकलकर आ रहे थे। कुछ प्रत्याशियों ने न सिर्फ भोपाल से बल्कि इन्दौर तक से अपने परिचित मतदाताओं को सीहोर आज मतदान के लिये बुलवाया था। कुछ मतदाता खासे बुजुर्ग भी जिन्हे मतदान के लिये लाया गया।
यहाँ जैसे ही मतदाता आता था सभी प्रत्याशी ध्यान रखने की बात उससे कहते थे और एक वोट की मांग की जाती थी। हालांकि काका पैनल के अधिकांश लोग अंतिम समय तक पूरी पैनल के लिये ही वोट मांगते नजर आये।
इधर बाजार में सट्टे का बाजार सरगर्म हो रहा था। जैसे-जैसे मतदान होता जा रहा था वैसे-वैसे जीत हार तय करते लोग भी तरह-तरह की बातें और कयास लगाते नजर आ रहे थे। मतदाताओं के जाते भी बाहर से यह स्पष्ट कर लिया जा रहा था कि यह मतदाता किसको वोट देगा और उसके आधार पर कौन आगे चल रहा है और पीछे इसकी भविष्यवाणियाँ जारी थी। इन भविष्यवाणियों में मद्दी गुरु के सबसे आगे रहने की उम्मीद जताई जा रही थी वहीं प्रकाश व्यास काका की जीत भी सभी सुनिश्चित कह रहे थे।
3 बजकर 50 मिनिट ऐलान हुआ कि अब सिर्फ 10 मिनिट मतदान के लिये शेष बचे हैं जो कोई भी मतदाता बाहर हों वह शीघ्रता से अंदर आ जायें और मतदान करें, पर्ची नम्बर बनवा लें ताकि वह मतदान कर सकें। 4 बजे मतदान समाप्ति कर दी जायेगी। अंतिम समय तक मतदान यहाँ जारी रहा। 4 बजे तक बस स्टेण्ड मार्ग पर भीड़ ही भीड़ लगी हुई थी। बहुत बड़ी संख्या में लोग यहाँ जमा हो गये थे।
मतदान समाप्ति के बाद भीड़ तो छंट गई लेकिन प्रत्याशी व समर्थक यहाँ डटे रहे। आज पुलिस की व्यवस्था और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की उपस्थिति काफी प्रभावी थी। मतदान में जरा भी गड़बड़ी ना हो इसके लिये पुलिस बडी मात्रा में लगाई गई थी।
इधर 4 बजे के बाद मतदान की तैयारियाँ शुरु हुई और मतगणना के लिये पहली पेटी जिसमें कुल 338 मतदान थे उसे खोला गया। रात 8.30 बजे इसके परिणाम भी घोषित कर दिये गये जिसमें प्रकाश व्यास काका 209 मतों से प्रथम स्थान पर आये जबकि मदन मोहन शर्मा मद्दी गुरु 199, पंकज खत्री 186, चौथे पर राजेन्द्र शर्मा 185, पाँचवे पर कैलाश अग्रवाल 183, छटे स्थान पर कमल झंवर 156, प्रदीप गोतम 155 और आठवे स्थान पर डॉ. अनीस खान 111 मतों से काबिज हुए।
जबकि महिला प्रत्याशियों में उर्मिला बातव 187 मतों से प्रथम और अर्चना वर्मा 126 मतो से दूसरे स्थान पर रही। इस प्रकार काका पैनल के करीब 6 प्रत्याशियों की विजयश्री पहले चरण में नजर आ गई है। इस दृष्टि से पैनल को आगे कहा जा रहा है। हालांकि रात 10 बजे जब दूसरे चरण के परिणाम सामने आये तब भी पहले चरण के परिणामों से मेल खाते हुए ही प्रकाश व्यास काका प्रथम, मद्दी गुरु दूसरे नम्बर और अन्य चरण पर सब लगभग जैसे के तैसे जमे रहे।
काका पैनल की दो चरणों सीधे बढ़त ने स्पष्ट कर दिया कि काका पैनल ही आगामी दिनों में बैंक का अध्यक्षीय प्रभार संभालेगी। इस संबंध में रात 10.30 बजे फुरसत से बातचीत करते हुए प्रकाश व्यास काका ने कहा कि अभी दो चरण शेष हैं औ हम आशा करते हैं कि पूरी पैनल विजयी हो, हमने चुनाव पूरी पैनल के साथ लड़ा है। देर रात 12 बजे तक यहाँ भीड़ लगी हुई और सब परिणाम आने का इंतजार कर रहे हैं।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
पालको ने शाला में पहुँचकर बनाया शिक्षक के खिलाफ पंचनामा
ग्रामीणों ने शासन से मांग की है कि उकत शिक्षकों को तुरंत हटाकर नई पदस्थापना की जाये।
पंचनामा बनाने वाले ग्रामीण व पालक में पूर्व सरपंच रामप्रसाद बरोदिया, गोपीलाल, करण सिंह, प्रेम सिंह, संतोष कुमार, प्रभुलाल, जीवन सिंह, धीरज सिंह, रुगनाथ सिंह, ऊंकार सिंह, पूरन सिंह, फूल सिंह, मान सिंह, अशोक अनार कैलाश, लालजीराम, विक्रम सिंह, सोदान सिंह, राकेश आदि संकुल प्रभारी ने कहा कि हम विभागीय जांच करवाकर दोषी शिक्षक पर कार्यवाही की जावेगी।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
महिला बनी पुरुष और खेत में हल चलाए
इनके साथ पलटन के रुप में ग्राम की सरपंच श्रीमति लीलाबाई एवं पूरे ग्राम के प्रत्येक घर की महिलाएं जिनकी संख्या लगभग 300-400 थी हल चलाते वक्त उपस्थित थी। ग्राम की महिला श्रीमति चन्द्रकांता जैन जो इस जुलूस में शामिल थी ने फुरसत को बताया कि पानी नहीं गिरने से क्षेत्र में त्राही-त्राही मची है फसलें खराब हो रही हैं सब परेशान है। इसलिये महिलाओं का यह कार्यक्रम पानी के लिये किया गया।
इसमें ग्राम की महिला को पुरुष के कपड़े पहनाये जाते हैं और उसे पटेल (लाड़ा) बनाया जाता है तथा एक महिला को पलटन (लाड़ी) बनाकर पूरे ग्राम के घरों की महिलाएं ग्राम के शंकर मंदिर पर एकत्रित हुई यहाँ से महिलाओं का उक्त पूरा बाना जुलूस बाला बाऊ के भजन आदि गाते हुए पूरे गाम की सीमा के चक्कर लगाया तथा ग्राम के सभी देवी-देवताओं के यहाँ पर पानी के नारियल चढ़ाकर पानी मांगा यहाँ से उक्त जुलूस खाचरौद की सीमा जहाँ खत्म होकर जहाँ से दूसरे ग्राम खामखेड़ा की सीमा शुरु होती है जिसे कांकड़ कहते हैं वहाँ सभी महिलाएं पहुँची और यहाँ एक खेत पर पुरुष बनी महिला ने हल चलाएं और इन्द्र देवता से जमकर बरसने का आव्हान किया।
इस टोटके को देखने के लिये पूरे ग्राम के पुरुष युवा बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे। यह अनोखा टोटका पानी के लिये खाचरौद में सम्पन्न हुआ। वहीं आष्टा तहसील के अनेकों ग्रामों में रामायण, सुन्दर काण्ड पाठ, खड़ी सत्ता जी, हवन ग्यारी पूजन एवं ग्राम के बाहर खुले में दाल बाटी चूरमा बनाकर भोग लगाने आदि के कार्यक्रम चल रहे हैं। गत दिवस आष्टा श्री राम मंदिर में भी धार्मिक कार्यक्रम हुए वहीं हरदौललाला के बाग में निशान चढ़ाया गया है।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
सड़क हादसे में तीन मृत, चार घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना आष्टा अन्तर्गत इन्दौर भोपाल राजमार्ग स्थित संतुष्टि ढाबे के आगे ग्राम मरदाखेड़ी जोड़ के पास टेंकर क्रमांक एमपी 09 के 5856 के खराब होने पर चालक मांगीलाल पुत्र गंगाराम राठौर 42 साल निवासी कल्मोई थाना कानड़ शाजापुर एवं क्लीनर हेमंत पुत्र सुन्दरलाल विश्वकर्मा 22 साल निवासी ग्राम हरराई थाना तेजगढ़ (दमोह) दोनो टेंकर में आई खराबी को ठीक कर रहे थे कि इन्दौर तरफ से आ रहे ट्रक ट्राला एमएच 21 सीबी 5651 के चालक ने ट्राला को तेजगति व लापरवाही से चलाकर खड़े टेंकर में पीछे से टक्कर मार दी।
जिससे टेंकर ठीक कर रहे ड्रायवर मांगीलाल के पेट के उतर से टेंकर का पहिया चढ़ गया तथा क्लीनर हेमंत की बनियान ट्रक की सफ्ट में फंस गई तथा सफ्ट घूमने से गले में फंदा लग गया। परिणामस्वरुप दोनो की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने ट्राला चालक के विरुध्द भादवि धारा 304-ए के तहत प्रकरण कायम कर लिया है।
इधर मण्डी थाना क्षेत्र में आज शाम राजमार्ग स्थित नापलाखेड़ी मंत्री पेट्रोल पंप के समीप 407 वाहन क्रमांक एमपी 04 के 7164 जो भोपाल से इन्दौर की तरफ जा रहा था का पिछला पहिया पंचर होने से खड़ा था तभी पीछे से आ रहे आयसर एमपी 09 जीई 4435 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टकरा दिया परिणाम स्वरुप आयसर में सवार क्लीनर घायल हो गया जिसे उपचार हेतु देवास अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
इधर इछावर थाना क्षेत्र में आज ब्रिजिसनगर स्थित दरगाह से कुछ दूर देहरिया टप्पर के समीप बाइक एमपी 04 यू 2723 के चालक प्यारे मियां ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर इमली पठार से ब्रिजिसनगर आ रहे नान सिंह, इन्दर तथा बिलिया की बाइक क्रमांक एमपी 04 एनबी 1188 में सामने से टक्कर मार दी। परिणाम स्वरुप 2723 का बाइक चालक प्यारे मियां सहित चारों घायल हो गये जिन्हे उपचार हेतु इछावर अस्पताल लाया गया जहाँ पर इमली पठार निवासी 30 वर्षीय नान सिंह बारेला की मोत हो गई। अन्य तीनों घायलों को इछावर अस्पताल से उपचार हेतु जिला अस्पताल सीहोर भेज दिया गया।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।
दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय ममता बाई गौर निवासी नजीराबाद भोपाल का विवाह चार वर्ष पूर्व ग्राम बड़ा गांव आभारोही निवासी राजेश गौर के साथ हुआ था। बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ममता बाई का पति राजेश गौर और अधिक दहेज में पचास हजार रुपये की मांग कर ममता को शारीरिक एवं मानसिक रुप से प्रताड़ित करने लगा राजेश के इस कार्य में उसका पिता मोहनलाल व माँ रामबाई द्वारा भी सहयोग दिया जाता था। ससुराल पक्ष की इस प्रताड़ना से तंग आकर ममता बाई ने अहमदपुर थाने पहुँचकर अपनी व्यथा पुलिस को सुनाई जिस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
महावीर की बात जीवन में उतार लें तो महावीर बनते देर नहीं लगेगी-मधुबाला जी
उक्त उद्गार आष्टा के महावीर भवन स्थानक में विराजित पूय म.सा. मधुबाला जी ने अपने प्रवचन के दौरान कही। म.सा. ने कहा कि अनुभव की बात ठोस होती है उन्होने कहा महावीर को मंदिरों और दिवारों से बाहर निकालो। आज व्यक्ति उन बातों को पकड़ रहा है जिन्हे महावीर ने छोड़ने को कहा और उन बातों को छोड़ रहा है जिन्हे पकड़ने को कहा है। उन्होने कहा कि आप हम दिन-रात खाते हैं खाते-खाते भी भूखे हैं। तपस्या का महत्व बताते हुए उन्होने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने साढ़ 12 वर्ष तक कठिन तपस्या की इन साढ़े वर्षों में उन्होने केवल 349 दिन ही आहार ग्रहण किया था। रोज खाते हैं क्या कभी मन ने कहा कि नहीं आज मैं नहीं खाऊ ंगा मैं तृप्त हूं। उन्होने आव्हान किया की चलो भगवान ना बन सको तो ना बनो कम से कम इंसान तो बनो जो व्यक्ति इंसान बन गया समझो वो भगवान बन गया। आज व्रूक्ति दिन रात जिस प्रकार ढोर चरते हैं ऐसे खाते ही रहता है उन्होने कहा कि अगर कर्मों की निर्जरा करना है तो तप करो और महावीर की वाणी को जीवन में उतारें।
सुनीता जी म.सा. ने अपने प्रवचन में कहा कि जैन धर्म के जो आगम हैं उसमें 28 प्रकार की लब्धियाँ बताई हैं जो साधक नवकार मंत्र की आराधना करेगा उसे भवों के रोगों से मुक्ति मिलेगी और उसका कल्याण होगा। प्रवचन में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित थे। म.सा. ने सभी ने आव्हान किया कि 27 जुलाई रविवार को होने वाली निवी तप की आराधना में अधिक से अधिक भाग ले।
हमारा ईपता - fursatma@gmail.com यदि आप कुछ कहना चाहे तो यहां अपना पत्र भेजें ।