Sunday, May 18, 2008

सड़क हादसों में दो लोग घायल

सीहोर 17 मई (नि.सं.)। जावर थाना अन्तर्गत अलग-अलग दो सडक़ हादसों में दो लोग घायल हो गये। पुलिस ने प्रकरण कायम कर कार्यवाही शुरु कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जावर थाना अन्तर्गत आने वाले ग्राम खड़ी जोड़ इन्दौर भोपाल राजमार्ग पर गत दिवस दोपहर को डिंगली पीपलरावां निवासी तेजूबाई पत्नि बाबूलाल मालवीय रिश्तेदारी में ग्राम खोयरा आई हुई थी वापस अपने घर जाने के लिये वह जैसे ही खड़ी जोड़ पर आई तो एक सफेद इंडिका कार के चालक ने वाहन को तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक चलाकर तेजूबाई की पुत्री सपना बाई उम्र 3 वर्ष को टक्कर मार कर घायल कर दिया। इसी प्रकार आज सुबह खड़ीहाट सोसायटी के पास चामसी निवासी सुनील पटेल पुत्र देवनारायण पटेल पैदल गांव से खड़ी जा रहा था पीछे से आ रहे बजाज डिस्कवर के चालक सचिन पुत्र देवनारायण खाती ने वाइक को लापरवाही पूर्वक चलाकर सुनील को टक्कर मारकर घायल कर दिया।

पन्नानाथ ने एक और जहरीला सांप पकड़ा

सीहोर 17 मई (नि.सं.)। क्षेत्र के प्रसिध्द सपेरे पन्नानाथ ने एक बार फिर एक परिवार की जान बचा ली जब कल ग्वाल टोली में एक घर में सांप घुस गया। यहाँ ग्वाल टोली गंज निवासी जितेन्द्र नरोलिया के घर में एक सांप घुस गया था। श्री नरोलिया ने तत्काल प्रसिध्द सपेरे पन्नानाथ को मोबाइल कर बुलाया। पन्नानाथ ने आकर देखा की सांप आराम से एक कोने में बैठा है। पन्नानाथ के हाथ में कोई औजार नहीं था उन्होने हाथ से बेहद फुर्ती के साथ सांप की पूंछ पकड़ ली और उसको काबू में किया। सांप बेहद फुर्तीला भी था और बहुत फुंफकार मारता रहा। लेकिन पन्नानाथ ने इसे काबू में कर एक झोले में भर लिया।

नगर पालिका उपाध्यक्ष सिस्टर कुरैशी का निधन

आष्टा 17 मई (नि.प्र.)। आष्टा नगर में चाहे वो छोटा हो या उम्र में बड़ा मानव सेवा की प्रतिमूर्ति पूरे नगर की सिस्टर नगर पालिका की उपाध्यक्ष सिस्टर मेहमूदा कुरैशी का आज भोपाल में निधन हो गया वे कुछ दिनों से बीमार थी एवं इलाज के लिये भोपाल ले गये थे। आज प्रात: जैसे ही यह खबर आई नगर में शोक छा गया खबर सुनते ही बड़ी संख्या में नागरिक, पत्रकार, अभिभाषक, कांग्रेस भाजपा के नेता पार्षद इन्हरव्हील क्लब की सदस्याएं सिस्टर कुरैशी के निवास पर पहुँचे और शोक संवेदना व्यक्त कर उन्हे श्रध्दांजली दी।
आष्टा नगर में चाहे वो हिन्दु परिवार हो या मुस्लिम समाज का घर हो ऐसा कोई सा घर या नागरिक नहीं था जो सिस्टर कुरैशी को नहीं जानता हो या सिस्टर कुरैशी उन्हे नहीं जानती हो। 1963 में वे आष्टा के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ए.एन.एम. नर्स के रुप में पदस्थ हुई थीं। उनके मधुर और सेवाभावी व्यवहार अपने कर्तव्य के प्रति निष्ठा एवं निस्वार्थ भाव से सेवा करने के रुप में उन्हे पूरे क्षेत्र में हर कोई सिस्टर के नाम से पुकारता था। 37 साल तक आष्टा में पदस्थ रह कर कार्य किया 1999 में वे सेवा निवृत्त हुई उसके बाद भी हर कोई उनसे स्वास्थ्य सेवा के संबंध में राय लेना प्राथमिकता में रखता था। सिस्टर कुरैशी इन्हरव्हील क्लब की अध्यक्ष रही और आज भी वे इस क्लब की वरिष्ठ सदस्या थी उन्होने अपने पूरे जीवन में मानव सेवा को प्रथम ध्येय बना रखा था। पल्स पोलियो अभियान को हर चक्र में वे पूरे तीन दिन तक अस्पताल में पहुँच कर पल्स पोलियो कार्य में सेवा देती थी।
2004 में जब नगर पालिका के चुनाव हुए तब उन्हे कांग्रेस ने अपना वार्ड क्रं. 10 से प्रत्याशी बनाया वे शानदार वोटों से जीती उसके बाद उन्हे नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के लिये खड़ा किया और विजय हुईं। सिस्टर कुरैशी के पार्थिव शरीर को आज आष्टा लाया गया एवं शाम को उनके निवास से अंतिम यात्रा निकली जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने शामिल होकर उन्हे विदा किया। वे हजयात्रा भी अपने भाई अभिभाषक ए.के.कुरैशी के साथ कर आई थीं। सिस्टर कुरैशी के दुखद निधन पर नगर पालिका अध्यक्ष कैलाश परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष ललित नागौरी सभी पार्षदों, नगर पालिका कर्मचारियों ने, अभिभाषक संघ ने, स्वास्थ्य विभाग ने तथा सैकड़ों नागरिकों, पत्रकारों ने उन्हे श्रध्दांजली अर्पित की।

बरखेड़ा हसन में श्रीमद् भागवत कथा जारी

सीहोर 17 मई (नि.सं.)। बिना हरि इच्छा के कोई भी श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण नही कर सकता । जब पुण्यों का उदय होता है तब श्रीमद् भागवत कथा सुनने का सौभाग्य मानव जीवन में मिलता है । इसलिए जब भी हरि कथा सुनने का अवसर मिले, उसे छोड़ना नही चाहिये। भगवान की अनुकम्पा का परिणाम है कि हम धार्मिक कृत्यों में हिस्सा ले पाते है । इस नश्वर संसार में भगवत भक्ति ही एम मात्र सत्य है । और इस सत्य से एकाकार होने का तरीका है श्रीमद् भागवत कथा । इस आशय के उद्गार विद्या वाचस्पति पं. डा. रामाधार उपाध्याय बीकलपुर वालों ने आज तीसरे दिन व्यक्त किए । विधायक रमेश सक्सेना के गृह ग्राम-बरखेडाहसन में श्रीमद भागवत कथा का आयोजन पूरे धार्मिक माहौल में चल रहा है । आज लगातार तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुजनों ने बरखेड़ाहसन में हो रही श्रीमद् भागवत कथा में उपस्थित होकर कथामृत का पान किया । 14 मई से 20 मई तक चलने वाली इस श्रीमद् भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रोचक तरीके से पं. उपाध्याय द्वारा वर्णन किया जा रहा है । विधायक रमेश सक्सेना ने रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक चलने वाली इस श्रीमद् भागवत कथा में सभी श्रद्धालुजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है ।

Saturday, May 17, 2008

कहाँ गई अनाज की वो वोरियों की ट्राली जो पटवा के सामने आई थीं....क्या हुआ है घपला जांच की आवश्यकता

सीहोर 16 मई (वि.सं.)। अन्नपूर्णा योजना के तहत जहाँ-जहाँ भी प्रदेश के मंत्री-संत्री व वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने उद्धाटन किये वहाँ अनाज से भरी एक सफेद झक बोरी उपस्थित ग्रामीणों को दी गई। इस प्रकार की अनाज की बोरियाँ सीहोर में जब सुन्दर लाल पटवा संबंधित योजना का उद्धाटन करने आये थे तो भारी मात्रा में आई थीं कार्यक्रम स्थल पर भी पहुँच गई थीं लेकिन वो बिना बंटे ही आखिर कहाँ गायब हो गई हैं आज तक यह किसी को समझ नहीं आ सका है। अन्नपूर्णा योजना के तहत नगर में चर्च मैदान पर भारी भीड़ जमा की गई थी। हालांकि उनसे क्या-क्या बोलकर उन्हे लाया गया था यह तो सर्वविदित है ही। जिला प्रशासन की उक्त हरकत से पूरे ग्रामीण क्षेत्रों में मध्य प्रदेश शासन की हरकत के खिलाफ आक्रोश भरा गया था। और ग्रामीण शासन को कोस रहे थे। फिर यहाँ जो भोजन मिला और उसकी मारा-मारी में कईयों को नहीं मिला और जो मिला वो भी ऐसा भोजन मिला कि भीषण गर्मी में वह दिक्कत वाला ही साबित हुआ। लेकिन अब एक नई बात फिर सामने आ गई है। इस दिन भाजपा वयोवृध्द बुजुर्ग नेता सुन्दरलाल पटवा जो अपनी अस्वस्थता के बावजूद प्रदेश शासन की एक अच्छी योजना के लिये सार्वजनिक रुप से एक कार्यक्रम में उपस्थित होने आये थे उन्होने यहाँ अनाज की बोरियाँ भी बांटी। लेकिन यहाँ मात्र 8-10 बोरियाँ की अनाज की बंटी। हालांकि पूरी ट्राली यहाँ भरी हुई खड़ी थी जिसका विश्वास था कि निश्चित ही वह बोरियाँ भी बांटी जायेंगी लेकिन कार्यक्रम की समाप्ति कब हुई यह समझ नहीं आ सका और उसके बाद जब अनाज से भरी सफेद बोरियों की ट्राली देखी गई तो वह भी वहाँ कहीं नजर नहीं आई। आखिर वह ट्राली अचानक कहाँ गायब हो गई ? किसके यहाँ चली गई ? किसके गोदाम या दुकान पर खाली हो गई ? यह जांच का विषय है।

ट्रेक्टर की टक्कर से विवाहिता की मौत, अन्य पाँच घायल

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। इछावर थाना क्षेत्र में गुरुवार की शाम इछावर खेरी रोड पर ट्रेक्टर की टक्कर लगने से एक विवाहिता की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अन्य हादसों में पाँच लोग घायल हो गये। पुलिस ने मामले दर्ज कर लिये हैं।
जानकारी के अनुसार रेहटी थाना अन्तर्गत स्थानीय रेहटी निवासी रामनारायण खाती अपनी पत्नि कमला बाई को बाइक एमपी 04 एनएल 1149 पर बैठाकर ग्राम खेरी से अपनी बहन से मिलकर वापस घर जा रहा था तभी इछावर खेरी रोड पर चेयरमेन के कुएं के पास पीछे से आ रहे ग्राम खेरी के ट्रेक्टर चालक केसर सिंह ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलते हुए बाइक में टक्कर मार दी जिसे कमला बाई बाइक से दूर जा गिरी और ट्रेक्टर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। परिणाम स्वरुप उसकी दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
इधर सिध्दिकगंज थाना क्षेत्र में सिंगारचोरी निवासी 20 वर्षीय इरशाद को अज्ञात बाइक चालक ने कन्नौद खाचरोड रोड पर साईकिल से गांव जाते समय पीछे से टक्कर मारकर घायल कर दिया।
इधर कोतवाली थाना क्षेत्र में बरखेड़ी निवासी लोकेश पुत्र बद्री प्रसाद शर्मा को एमपीईबी के समीप बरखेड़ी में बाइक चालक एमपी 04 एनएस 8862 के चालक ने तेजगति एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारकर घायल कर दिया। इसी प्रकार नस.गंज थाना क्षेत्र में नस.गंज लाड़कुई रोड पर एक ट्रेक्टर की टक्कर से पिता पुत्र घायल हो गये। जानकारी के अनुसार लाड़कुई निवासी रईस मोहम्मद अपने 18 वर्षीय पुत्र जाहिर के साथ नसरुल्लागंज से लाडक़ुई बाइक एमपी 09 जेएन 9106 से जा रहे थे तभी लाड़कुई रोड नहर के समीप गत रात्रि में सामने से आ रहे बिना नम्बर के ट्रेक्टर चालक देवाराम ने टक्कर मारकर घायल कर दिया। इधर दोराहा थाना क्षेत्र में आज शाम 3 बजे बैरागढ़ खुमान के समीप अज्ञात ट्रक चालक की लापरवाही के कारण एक एम्बुलेंस चालक का सीधा हाथ काट गया जानकारी के अनुसार एम्बुलेंस चालक जिला अस्पताल राजगढ़ निवासी बने सिंह भोपाल से मरीज छोड़कर वापस राजगढ़ एम्बुलेंस लेकर जा रहा था तभी बैरागढ़ खुमान के समीप सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर एम्बुलेंस से टकरा दिया। परिणाम स्वरुप चालक बने सिंह का सीधा हाथ कट गया जिसे इलाज हेतु भोपाल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

दो ट्रेक्टर ट्राली से आम तथा मकान से इमारती सागौन के 18 लठ्ठे जप्त

आष्टा 16 मई (नि.प्र.)। वन परिक्षेत्राधिकारी एके एस. सेंगर के निर्देशन में आर.एन.एस.नागर डिप्टी रेन्जर, प्रमोद घुरेकर, रमेश खेर वनरक्षक मनीष मोहन पाण्डे, कैलाश वर्मा, महेश परमार इत्यादि वनकर्मचारियों ने खेड़ापति मंदिर मार्ग आष्टा से आती हुई आम लकड़ी से भरी दो ट्रेक्टर ट्रालियों को नियम विरूद्व लकड़ी लाते जप्त किया एक ट्रेक्टर एच.एम.टी. 25 शन्नू आ. सलीमुल्ला नि. काजीपुरा आष्टा एवं दूसरा रमेश आ. कन्हैयालाल गेहलोत नि. सुभाष नगर आष्टा का पाया गया जिनके विरूद्व वन अपराध प्रकरण क्र मांक 14014 एव 14013 दिनांक 13 मई,08 पंजीवद्व किया गया जिसकी विवेचना की जा रही है।
इसी प्रकार वन कर्मचारी आर.एन. एस.नामगर, मदनलाल गलोठिया, रमेश खरे, मनीष पाण्डे, श्याम नारायण, महेश, कैलाश इत्यादि ने सर्च पांईन्ट के आधार पर घासीराम आ. पूचन सिंह खाती निवासी मानाखेड़ी के खेत पर बनें मकान से सागौन की लकड़ी 18 नग चरपट की हुयी जप्त की जिसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये पाई गयी । घासीराम के विरूद्व वन अपराध प्रकरण क्रमांक 14015 कायम किया गया है जिसकी विवेचना की जा रही है ।

पिता द्वारा पुत्र पर प्राण घातक हमला

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। सिध्दिकगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घुराड़ाकला में पुत्र द्वारा रोटी मांगने से नाराज एक पिता ने दो लोगों के साथ मिलकर अपने पुत्र पर लठ से प्रहार कर प्राण घातक चोंटे पहुँचाई। पुलिस ने इस मामले में 3 लोगाें को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार घुराडा कलां निवासी फूल सिंह नाल का 30 वर्षीय पुत्र कन्हैयालाल गुरुवार की शाम अपने पिता के घर रोटी मांगने गया था तभी अमर सिंह नाल तथा चन्दर नाल वहाँ आ गये और इन दोनो ने कन्हैयालाल को पकड़कर रोक लिया और फूल सिंह ने कन्हैयालाल को उसके सिर में लठ से प्रहार किया जिससे वह गिरा पड़ा फिर भी उसे फूल सिंह लठ से प्रहार करके प्राणघातक चोंटे पहुँचाई। घायल कन्हैयालाल को उपचार हेतु आष्टा अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने अमर सिंह, फूल सिंह, चन्दर सिंह के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हिरासत में ले लिया है।

तुलसी मानस मण्डल ने भोपाल में धूम मचाई, मंत्री जी ने चैक दिया

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। नगर का प्रतिष्ठित आदर्श तुलसी मानस मण्डल, पुराना बस स्टेण्ड द्वारा गत दिवस सीहोर विधायक रमेश सक्सेना की प्रेरणा से एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के आग्रह पर परशुराम जयंती के शुभ अवसर पर युवा ब्राम्हृण समाज संगठन भोपाल द्वारा कोटरा सुल्ताना बाद स्थित पाताल भैरवी ग्राउण्ड पर सुंदर काण्ड के पाठ का सार्वजनिक आयोजन रखा । मण्डल द्वारा भक्ति एवं संगीतमय प्रस्तुत की गई । कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा एवं पूर्व महापौर उमाशंकर गुप्ता भी मौजूद थे । कार्यक्रम के अंत में सुन्दरकांड की प्रस्तुति से प्रसन्न होकर संस्कृति मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा मण्डल को ग्यारह हजार रुपये की राशि का चैक प्रदान किया गया एवं गायक डी.के.मालवीय की काफी प्रशंसा की । कार्यक्रम में मण्डल के अध्यक्ष अशोक ताम्रकार एवं सदस्यों में बसंत उपाध्याय, अनिल उपाध्याय, जगदीश शर्मा, डब्बू भाई, दीपक दुबे, सुधीर जैन, कैलाश सोनी, महेश बगवैया, तुलसी राम सेन, राजेश विश्वकर्मा, जे.पी.दरोठिया, शंकर यादव, जे.पी.पुरोहित, अशोक सिसोदिया नगर पालिका उपाध्यक्ष आदि शमिल थे ।

श्मशान में हुआ बोर भरपूर पानी

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। नागरिकों की विशेष मांग पर नगरपालिका अध्यक्ष राकेश राय के विशेष प्रयासों से शमशाम में बोर कराया गया है । इस बोर में भरपूर पानी निकला है । शहर के प्रमुख इन्द्रा नगर शमशाम में बोर कराये जाने की मांग लम्बे समय से उठ रही थी नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने इस संबंध में न.पा. अध्यक्ष श्री राय का ध्यान आकर्षित कराया था, इस बात को गम्भीरता से लेते हुए न.पा. अध्यक्ष श्री राय ने पहले शमशाम में पानी का परीक्षण कराया और फिर वहां बोर कराया । इस बोर में लगभग 350 फिट बोर हुआ है । जिसमें लगभग 2इंच पानी निकला है । नगरपालिका द्वारा इस बोर मोटर डाली जावेगी और 8000 लीटर की पानी की टंकी भी रखवायी जावेगी । नलकूप खनन के अवसर पर न.पा. अध्यक्ष राकेश राय सहित वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे ।

अभी तक 16 जल स्त्रोतों का अधिग्रहण

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। सीहोर नगर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सीहोर बाईपास रोड़ स्टापडेम के पास स्थित एक जल स्त्रोत मोटर पम्प एवं विद्युत कनेक्शन सहित तत्काल प्रभाव में अधिगृहित किया गया हैं । इस सिलसिले में अनुविभागीय दण्डाधिकारी सीहोर चन्द्रमोहन मिश्रा द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है । एसडीएम सीहोर श्री मिश्रा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक सीहोर बाईपास रोड़ स्टांपडेम के पास स्थित पुरूषोत्तम पाठक का एक नलकूप मय मोटर पम्प एवं विद्युत कनेक्शन के अधिगृहित कर मुख्य नगरपालिका अधिकारी सीहोर के नियंत्रण में सौंपा गया है । सीएमओ को ताकीद की गई है कि वे इस पेयजल स्त्रोंत से नगर में पेयजल उपलब्ध कराया सुनिश्चित करें । गौरतलब है कि जिलाधीश श्रीसिंह द्वारा दिए गए निर्देशों के चलते सीहोर नगर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जन सामान्य को जल प्रदाय करने के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में नगर के पन्द्रह नलकूप अधिगृहित किए गए है । इन्हें मिलाकर अभी तक कुल सोलक जल स्त्रोतों को जनहित में अधिगृहित किया जा चुका है ।

अमरनाथ यात्रा 18 जून से 18 अगस्त तक होगी

सीहोर 16 मई (नि.सं.)। शिव शक्ति सेवा मण्डल के जिला संयोजक सुनील यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि जम्मू एंड काश्मीर सरकार द्वारा प्रति वर्ष अनुसार इस वर्ष भी बाबा अमरनाथ यात्रा का आयोजन दिनांक 18 जून,08 से 18 अगस्त,08 तक किया गया है । बाबा अमरनाथ यात्रा जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपना पंजीयन जम्मू एण्ड काश्मीर बैंक शाखा टी.टी. नगर भोपाल से करा लेवे । पंजीयन का कार्य प्रारंभ हो गया है साथ ही बैंक द्वारा यात्री का बीमा भी किया जा रहा है । शिव शक्ति सेवा मण्डल का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा से सम्बधित नि:शुल्क जानकारी देना एवं यात्री को मार्गदर्शन देना है । अधिक जानकारी के लिये सुनील यादव मोबाइल नम्बर 9300761926 अथवा शिव शक्ति सेवा मण्डल 63 लोधीपुरा इंदौर रामेश्वर चोधरी मोबाइल 9827230706 से सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त कर सक ते है । सुनील यादव ने अपील की है कि बाबा अमर नाथ यात्रा पर जाने वाले यात्री जम्मू एंड काश्मीर बैंक शाखा भोपाल से अपना पंजीयन कराये ।

Friday, May 16, 2008

वो कौन-सा पेट्रोल पंप हैं जहाँ डीजल के नाम पर शुध्द घांसलेट दिया जाता है....?

सीहोर 15 मई (नि.सं.)। नगर में एक ऐसा पेट्रोल पंप मौजूद हैं जहाँ यदि आप डीजल लेने जायेंगे तो निश्चित ही आपको या तो घांसलेट मिला हुआ डीजल दिया जायेगा अथवा हो सकता है कि पूरा का पूरा ही घांसलेट दे दिया जाये। खुले आम यूँ घांसलेट बेचने वाले पेट्रोल पंप मालिक से क्या जिला खाद्य अधिकारी की विशेष जमती है या वह इसके रिश्तेदार लगते हैं जो यहाँ जांच नहीं की जा रही है। आखिर क्या कारण है जो नगर भर के पेट्रोल पंपों पर लम्बे समय से यह आम शिकायत है कि मिलावट होती है उसके बाद भी जांच नहीं की जाती। क्या सबसे हफ्ता बंधा हुआ है जो नियम से प्रशासन के अधिकारियों को पहुँच रहा है....? पूरा नगर इन पेट्रोल पंपों का उपभोक्ता है जिसके साथ खुले आम छल किया जा रहा है घांसलेट मिला डीजल-पेट्रोल दिया जा रहा है।
सिर्फ नगर ही नहीं नगर के आस पास के पेट्रोल पंपों और ग्रामीण क्षेत्रों से लगे पेट्रोल पंपों पर तो मिलावट की हद कर दी जाती है। जिला खाद्य व आपूर्ति अधिकारी गले-गले तक इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि कहाँ कितनी मिलावट होती है उनकी इच्छा के बिना पत्ता भी नहीं हिल सकता तो क्या वाकई इनके पेट्रोल पंप मालिकों से अच्छे संबंध है या सांठ-गांठ है। पहले एक पेट्रोल पंप खासा बदनाम था जहाँ पर घांसलेट बहुत बड़ी मात्रा में पेट्रोल में मिलाकर बेचा जाता था कहा जा रहा है कि आज तक यहाँ कुछ सुधार हो गया है।
लेकिन अब एक नये युवा पेट्रोल पंप मालिक ने सारी सीमाएं ही लांघ दी हैं। उन्होने पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल के साथ ही घांसलेट भी उसमें मिलाकर बेचना शुरु कर दिया है। दो दिन पूर्व का ही किस्सा है कि इस पेट्रोल पंप पर नियमित डीजल डलवाने वाले वाहन जब आये और डीजल भरवाकर गये तो उनके वाहनों ने चालू होने मे अपेक्षा से यादा झटके खाये। जब जांच की तो पता चला कि डीजल के स्थान पर पेट्रोल पंप से शुध्द घांसलेट डाला गया है। आखिर पेट्रोल पंप मालिक की हिम्मत को दाद देनी चाहिये कि वह यूँ खुले आम डीजल के नाम से घांसलेट बेच रहा है और उसे इसको लेकर जरा भी डर नहीं है। अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिस पेट्रोल पंप पर डीजल के स्थान पर शुध्द घांसलेट डाला जा रहा है उसके पास इतना सारा घांसलेट आ कहाँ से रहा है ? क्योंकि यहाँ नीला घांसलेट ही डाला गया था मतलब जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को क्या इसकी भनक भी नहीं है कि पूरा का पूरा टेंकर घांसलेट का एक पेट्रोल पंप में डाला जा चुका है। इतना बड़ा घांसलेट का घोटाला आखिर कैसे हो रहा है ? निश्चित ही यहाँ नीचे से लेकर ऊपर तक सब कुछ गड़बड़ झाला चल रहा है।
नगर भर के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल में घांसलेट मिलाकर बेचने की जानकारी प्रारंभ से ही फुरसत को मिलती रही है। पूर्व में फुरसत के कुछ संवाददाताओं ने लगातार रात-रात भर जागकर कुछ पेट्रोल पंपों की निगरानी भी की थी तब पता चला था कि इन सारे पेट्रोल पंपों पर सीधे बड़े-बड़े टैंकर ही घांसलेट के भराकर आते हैं और वह सीधे इसमें डलवा लिये जाते हैं। एक पेट्रोल पंप 200 लीटर की टंकियाँ आती हैं जो पेट्रोल पंप के पीछे ले जाकर खाली करा ली जाती हैं। इस प्रकार पेट्रोल पंपों पर घांसलेट मिला डीजल व पेट्रोल मिलना आम बात है।
यदि कोई पेट्रोल शुध्द देने का दावा करता है तो डीजल में गड़बडी क़र देता है और कोई दोनो में बराबर-बराबर घांसलेट मिला देता है।
नगर के मैकेनिकों का कहना है कि जो वाहन विशेषकर चांदबड़, कालापीपल व अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से आते हैं उनका जब कभी इंजन खोला जाता है तो अंदर घांसलेट के कारण पूरा इंजन ही जंग की तरह लाल दिखाई देता है जबकि अच्छे व साफ पेट्रोल से चलने वाले वाहनों का इंजन वर्षो बाद भी खोला जाये तो कभी जंग लगा लाल नजर नहीं आता। स्पष्ट है कि दो पहिया वाहनों में डलने वाला पेट्रोल विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में तो घांसलेट की मिलावट के साथ ही बेचा जा रहा है।
पेट्रोल पंप मालिकों को इतनी बड़ी मात्रा में घांसलेट कौन उपलब्ध करा रहा है ? किसकी सांठ गांठ है ? किसकी सेटिंग है ? कितना घांसलेट नगर में आता है और कितना बंटता है और कितने घांसलेट ड्रम का हाकर उठाने के पहले ही सौदा कर लेते हैं यह सब जांच का विषय है। नगर में घांसलेट की कालाबाजारी से लेकर पेट्रोल व डीजल उपभोक्ताओं के साथ छल किया जा रहा है। जबकि जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी इस संबंध में मौन साधे बैठे हैं। आखिर क्या कारण है कि आज तक किसी पेट्रोल पंप पर छापा डालकर जांच नहीं की गई ? आखिर क्या कारण है उक्त पेट्रोल पंप जिसमें डीजल के नाम पर घांसलेट दिया जा रहा है उस पर अभी तक छापा नहीं डाला गया ? टैंक में डाला घांसलेट खुशबू से पहचाना जा सकता है ? फिर चाहे तो भोपाल जांच के लिये भी भेजा जा सकता है आखिर जांच अधिकारी खाद्य आपूर्ति अधिकारी जांच से बच क्यों रहे हैं ? क्या इसके लिये भोपाल में जांच कराने का आग्रह करना पड़ेगा या जनता को आंदोलन व ज्ञापन देने होंगे ?