Friday, May 16, 2008

सड़क हादसे में तीन घायल

सीहोर 15 मई (नि.सं.)। जिले के विभिन्न थाना क्षैत्र मेें अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गये । पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है ।
जानकारी के अनुसार यातायात में पदस्थ आरक्षक शिवचरण गत बुधवार की शाम अपनी बाइक से बस स्टेण्ड तरफ जा रहा था कि इंडिका क्रमांक एमपी-37-सी-0672 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर टक्कर मारकर घायल कर दिया व गाली गुफ्तार किया ।
उधर इछावर थाना क्षैत्र के ग्राम बोरदीकलां में बुधवार की दोपहर अपने घर के सामने एक वर्षीय बालक सुमित खेल रहा था कि ग्राम के रघु नाथ मालवीय ने लापरवाही पूर्वक बाइक चलाकर टक्कर मारकर घायल कर दिया । आष्टा थाना क्षैत्र में गत दिनों राजमार्ग स्थित अलीपुर नाका के समीप ग्राम रूपेटा निवासी गुड्डु उर्फ आत्माराम मालवीय अपनी सायकल से आष्टा आ रहा था तभी विपरीत दिशा से आ रही मारूती क्रमांक एमपी-37-सी-126 के चालक ने टक्कर मारकर घायल कर दिया ।

Thursday, May 15, 2008

जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की रिकार्ड खरीदी अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद का कार्य जारी है। जिले में अभी तक 6लाख 19 हजार 88 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है । जिसका मूल्य 69 करोड़ 34 लाख है । जिलाधीश श्रीसिंह निर्देश पर अधिकारियों के एक दल द्वारा नसरूल्लागंज मंडी में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया ।
उप पंजीयन सहकारी समितियां अशोक शुक्ला, सहायक संचालक मत्स्य भरत मेहरा और जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक प्रबंधक व्ही.एस.परिहार, द्वारा संयुक्त रूप से 12 मई,08 को किए गए नस.गंज. मेंडी के निरीक्षण में पाया गया कि उक्त दिनांक को 6217 क्ंविटल गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई जिसका पूर्ण भुगतान संबंधित कृषकों को नगद रूप से कर दिया गया । किसानों द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम से खरीदी की कोई राशि अभी तक प्राप्त नही की गई है । कृषकों को भुगतान स्वयं के फंड से किया गया हैं। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि मनीष ट्रेनिंग कंपनी द्वारा अभी तक 29 हजार 636 क्विंटल गेंहू खरीदा गया है जिसका संपूर्ण भुगतान कृषकों को कर दिया गया है। भारतीय खाद्य निगम की और से विनय ट्रेडर्स द्वारा 30 हजार 39 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई और पूरी राशि का कृषकों को भुगतान किया गया । विपणन समिति द्वारा कुल 37 हजार 169 क्विंटल गेहूं खरीदी कर कृषकों को 3 करोड़ 19 लाख 29 हजार 700 रुपये का भुगतान किया गया। नस.गंज. की 5 सेवा सहकारी संस्थाओं बोरदीकलां, चीच, डिमावर, राला और सतराना द्वारा 17 हजार 605 क्विंटल गेहूं की खरीदी की गई है । नस.गंज. मडी के रिकार्ड के मुताबिक मंडी परिसर में लायसेंसी व्यापारियों द्वारा 1100 से 1110 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं क्रय किया गया है ।
गेहूं खरीदी का रिकार्ड
जिले में समर्थन मूल्य पर गेंहू की अब तक की रिकार्ड खरीदी की गई है । उप पंजीयन अशोक शुक्ला ने बताया कि पिछले 5 वर्षो में वर्ष 2005 में सर्वाधिक 2 लाख 70 हजार क्विंटल गेहूं खरीदी की तुलना में इस वर्ष भी अभी तक 6 लाख 19 हजार 88 क्विंटल गेहूं की रिकार्ड खरीदी की जा चुकी है और खरीदी का कार्य जारी है ।
किसानों की सुविधा के लिए 68 खरीदी केन्द्र सीहोर जिले में किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने के मद्देनजर 68 खरीदी केन्द्र बनाए गए है । जिलाधीश श्री सिंह की पहल पर जिले में पहली बार इतने केन्द्र बनाकर किसानों को सुगमता पूर्वक अपनी उपज समीप के केन्द्रों तक पहुंचाने की सुविधा मुहैया कराई गई है ।

अज्ञात कारणों से ग्रामीण की मौत

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। ग्राम पुरा में बीती रात अज्ञात कारणों से एक ग्रामीण की मौत हो गई । सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मण्डी थाना अर्न्तगत आने वाले ग्राम रायपुरा निवासी 38 वर्षीय बालाराम आ. घीसीलाल मेवाड़ा बीती रात को अपने घर के सामने मृत अवस्था में पड़ा मिला । उधर बुदनी थाना क्षैत्र में आज दोपहर को बगवाड़ा घाट नर्मदा नदी स्नान करते समय बगवाड़ा निवासी 18 वर्षीय ऋषि आ. टेकचन्द्र कुशवाहा की डुबने से मौत हो गई । इसी प्रकार शाहगंज थाना क्षैत्र में गत दिनों आग से जले 17 वर्षीय नीलेश आ. भगवान दीन किरार निवासी जोनतला को उपचार हेतू हमीदिया अस्प. भोपाल में दाखिल कराया गया था जहां पर उसकी मौत हो गई । उधर ग्राम मछबाई निवासी गृजेश पत्नी लालसिंह किरार 26 साल को अज्ञात कारणों से जहरीला पदार्थ खाने से उपचार हेतू हमीदिया अस्प. भोपाल दाखिल कराया गया था जहां पर उसकी मौत हो गई।

जिला बदर की शर्तो का उल्लघंन करने वाला गिरफ्तार

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। दोराहा पुलिस ने गत दिवस शंकर मंदिर श्यामपुर बस स्टेण्ड से ग्राम रिसड़ी निवासी रशीद आ. रहमान खां को जिला बदर की शर्तो का उल्लघंन करते पाये जाने पर गिरफ्तार कर मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धाराओं के तहत कार्यवाही की हैं ।

सड़क हादसे में एक घायल

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। मण्डी थाना क्षैत्र में सीहोर श्यामपुर मार्ग पर मंगलवार के दिन चांदबढ़ के समीप आयसर ट्रेक्टर 243 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर भोपाल नाका सीहोर निवासी नरेश सिंह की बाइक क्रमांक एमपी-37-एमबी-7076 में टक्कर मारकर घायल कर दिया घायल नरेश को इलाज हेतू जायसवाल अस्प. में भर्ती कराया गया है ।

अस्पताल में लाईनमेन करंट लगने से मरा

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। आज जिला चिकित्सालय प्रांगण में विद्युत संबंधी कार्य कर रहे विद्युत मण्डल के लाईनमेन हरिकृष्ण पुत्र रामचरण उम्र 50 वर्ष निवासी आराकस मोहल्ला गंज सीहोर का तेज विद्युत प्रवाह के कारण देहावसान हो गया। इसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। मण्डल में शोक की लहर है।

लालबत्ती का शोक महंगा पड़ा

आष्टा 14 मई (नि.प्र.)। एक कार इंडिका के मालिक को नियम विरुध्द अपनी गाड़ी पर लाल बत्ती लगाकर अपने परिवार वालों को बैठाकर ले जाना महंगा पड़ गया क्योंकि आष्टा थाने में पदस्थ चौकन्ने एस आई श्री चौधरी को लाल बत्ती लगी उक्त गाड़ी नजर आते ही वे भांप गये कि यह अपात्र लोग हैं जो लाल बत्ती लगाये घूम रहे हैं। बाद में इस पर 100 रुपये का जुर्माना कर लाल बत्ती हटवाई। इंडिका एमपी 43 एल 0597 गेहूँ में एक आर्मी के अधिकारी के पास अटैच हैं। लेकिन वाहन मालिक उक्त वाहन पर लाल बत्ती लगाकर अपने परिवार को भोपाल ले जा रहा था तभी श्री चौधरी की निगाह उक्त वाहन पर पड़ गई और रुकवाकर जब चैक किया तो पोल खुल गई कि वो लाल बत्ती लगाकर घूमने का पात्र नहीं है। तब इन लोगों ने माफी मांगी और वाहन से लाल बत्ती उतार ली।

मवेशियों से भरा ट्रक जप्त, तीन गिरफ्तार

सीहोर 14 मई (नि.सं.)। दोराहा पुलिस ने गत मंगलवार को मवेशियों से भरे एक ट्रक को जप्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया हैं । प्राप्त जानकारी के अनुसार दोराहा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक क्रमांक आरजे-14-2179 में कुछ लोग डबरा से क्रुरूतापूर्वक मवेशियों को भरकर पाडुंना ले जा रहे है । इस सूचना पर पुलिस ने नवोदय विद्यालय के सामने पहुंचकर उक्त ट्रक को रोका व चेक किया तो इसमें 290 नग गाय, 20 नग बछिया, व 1 बछड़ा पाये गये जिन्हें पुलिस ने मुक्त कराकर समीपवर्ती गौशाला में भिजवा दिया हैं । पुलिस ने इस मामले में जमागोद निवासी हमीद खां, ज्योतिनगर शाजापुर निवासी फत्तू खां, एंव रहमान को पुश क्रुरता अधिनियम के तहत प्रकरण कायम कर गिरफ्तार किया है ।

चाकू से हमला कर घायल किया

जावर 14 मई (नि.सं.)। समीपस्थ ग्राम मेहतवाड़ा तहसील आष्टा के युवक राजेन्द्र सिंह पिता मोती सिंह उम्र 31 वर्ष को जब वह अपने खेत पर बक्खर चला रहा था तो अचानक वहाँ पर उसका पड़ोसी तेज सिंह पिता सिध्दु सिंह, भंवर सिंह पिता सिध्दू सिंह, चेतन सिंह पिता तेज सिंह आ गये तथा रंजिशवश इन तीनों ने मिलकर राजेन्द्र को पहले तो बुरी तरह से मारा पीटा बांद में चेतन सिंह ने एक धारदार चाकू से राजेन्द्र के दोनो हाथों में वार करते हुए उसे बुरी तरह से घायल कर दिया। इस वारदात के वक्त जब राजेन्द्र ने चिल्ला चोंट की तो उसकी आवाज सुनकर सुरेन्द्र पिता भेरु सिंह, भेरुसिंह पिता बापू सिंह वहां आ गये और उन्होने राजेर्न्द को आरोपीगणों से छुड़ाया और उसे आष्टा अस्पताल लाये। उक्त आरोपीगण पूर्व में भी इसी तरह से हमला कर चुके हैं परंतु पुलिस ने आरोपियों के विरुध्द कोई कार्यवाही सख्त रुप से नहीं की जिससे आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं।

16 हजार के 53 कास्ता पाईप चुरा ले गये

आष्टा 14 मई (नि.सं.)। कल रात्री में 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर अलीपुर में बोहरा जी की झीन में हिन्दुस्तान कृषि सेवा केन्द्र के कैलाश बोहरा के 20-20 फिट के लम्बे ढाई इंची के 53 पाईप अज्ञात चोर चुरा कर ले गये इसी दौरान झहन में रहने वाले नंद किशोर बोहरा की नींद खुल गई जब वे उठे तो चोर भाग गये नहीं तो और पाईप चोरी हो सकते थे। गौरव बोहरा ने फुरसत को बताया कि पाईप चोरी की शिकायत आष्टा थाने में कर दी गई है। पुलिस घटना स्थल पर भी पहुँची थी रात्री में अचानक जागने पर बोहरा ने देखा नाले की और से दो लड़के पाईप उठाकर ले जा रहे थे जब आवाज लगाई तो पाईप छोड़ भाग गये जो पाईप ले गये वे बड़े चुपहिया वाहन में ही जा सकते हैं पुलिस चोरों की खोज कर रही है चोरी गई पाईप की कीमत 15 हजार 900 रुपये बताये गये हैं।

पास कराने वाले दलाल सक्रिय

इछावर 14 मई (नि.प्र.)। इछावर के विभिन्न स्कूलों की परीक्षाएं समाप्त होने के बाद ही इछावर के स्कूलों के आस-पास दलाल सक्रिय हो गये है । पास करवाने के लिए सारी भरकम राशि मांग रहे है । एक छात्र ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि मैंने कक्षा 8वीं की परीक्षा दी है और एक दलाल 300 रुपये मांग रहा है । ना देने पर छात्र का भविष्य अंधकारमय हो जाता है । प्राचार्य आर.के.बागरे ने बताया कि इस वर्ष मेरे होते हुए कोई दलाल सक्रिय भी है तो मे ईमानदारी पर निर्भर रहुंगा और कोई को राशि से पास नही होने दूंगा । काफी में सही उत्तर है तो वो ही पास होगा वरना नही

Wednesday, May 14, 2008

7 बोर और कस्बे के चुनिंदा वार्ड...आखिर क्या है राज? (खासखबर)

सीहोर 13 मई (आनंद गांधी)। नगर पालिका में कुल 15 नलकून खनन के लिये परिषद ने स्वीकृति दी थी और इसका पूरा कार्य प्रशासनिक अधिकारी ने अपने सामने देखा-समझा। लेकिन उधर जाने कब और कैसे 7 अन्य बोर करवा लिये गये हैं यह बात अभी तक समझ नहीं आ पा रही है। कस्बे में मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में 6 बोर मात्र 50से 100 फिट के कम अंतर की दूरियों पर करवा दिये गये हैं जबकि 1 अन्य बोर श्मशान घांट के पास करवाया गया है। यह बोर किसकी स्वीकृति से हुए हैं ? क्या अध्यक्ष महोदय ने इसके लिये मौखिक स्वीकृति दी है ? या यह जनभागीदारी से हुए हैं तो क्या इसकी कोई फाईल आदि जनता से संग्रहित रुपयों का हिसाब-किताब है क्या कलेक्टर को जानकारी दी गई है ? या फिर कुछ और राज है ?
एक तरफ तो नगर पालिका अध्यक्ष राकेश राय के पास नगर की जनता जब कभी वह मिलते हैं तो गुहार लगाती हैं कि उनके क्षेत्र में एक बोर करवा दिये जाये लेकिन इस संबंध में अध्यक्ष जी स्पष्ट मना कर देते हैं कि उन्हे कुछ नहीं मालूम, बोर खनन वो नहीं करवा सकते इसके लिये एसडीएम से मिला जाये। सभी से यही कहा जा रहा है और जनता अपने चुने हुए प्रत्याशी का कुछ लाभ भी नहीं उठा पा रही है। दूसरी तरफ अचानक मुस्लिम बाहुल्य कस्बे के चुने हुए वार्डों में 1-2 नहीं बल्कि 6 बोर करवा दिये गये हैं ? यह बोर न तो परिषद की स्वीकृति से हुए हैं ना ही एसडीएम को इसकी जानकारी दी गई।
अब नगर के चौराहों पर चल रही चर्चाएं आगे यह भी कहती हैं कि गत दिवस एसडीएम बाहर गये हुए थे। जब वह वापस आये तो उन्हे जानकारी मिली कि 7 बोर अलग से करवा दिये गये हैं। उन्होने इस संबंध में जब मुख्य नगर पालिका अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी से जबाव मांगा तो यह लोग जबाव नहीं दे पाये कि आखिर किस आधार पर इन बोरो की खुदाई हुई है। उन्होने खुलकर पूछा कि भाई हमें भी तो बताओ कि इसकी स्वीकृति किसने दी ? या जनसम्पर्क निधि से या जनभागीदारी से इन्हे खुदवाया है कैसे हुआ यह ? लेकिन कोई जबाव नहीं दिया गया। उल्लेखनीय है कि सीहोर सिर्फ कस्बा क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि छावनी, कोतवाली चौराहा क्षेत्र, इंग्लिशपुरा क्षेत्र, भोपाल नाका, हाउसिंग बोर्ड, गंज के पूरा क्षेत्र से लेकर गल्ला मण्डी फ्री गंज तक इधर कोलीपुरा तक इसका विस्तार है लेकिन 6 बोर मात्र गिने-चुने वार्ड में ही किस आधार पर हो गये यह जनचर्चा का विषय है। नगर के चौराहों पर चर्चा है कि अध्यक्ष जी स्वयं अपनी मर्जी से बोर करवा रहे हैं और कोई उनके पास जाता है तो वह कह देते हैं कि एसडीएम के पास जाओ ? आखिर कस्बाई क्षेत्र में हुए बोर के पीछे राज क्या है ? यह तो खुदा ही जाने। क्या सिर्फ कस्बे में मतदाता रहते हैं या वही मतदाता यादा प्रिय हैं या पूरे नगर के मतदाताओं से उन्हे कोई मतलब नहीं है..?

जब घांसलेट मिलाकर बेचने वाले पेट्रोल पंप मालिक ने डेढ़ लाख देकर मामला निपटाया (रोचक खबर)

सीहोर 13 मई (नि.प्र.)। जिले में बहुत बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों में पेट्रोल में 30 से 40 प्रतिशत घांसलेट तथा डीजल में 60 प्रतिशत तक घांसलेट मिलाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी की अच्छी खासी मिली भगत से आज तक किसी पेट्रोल पंप पर किसी तरह की छानबीन आदि नहीं की गई है। लेकिन आये दिन पेट्रोल पंपों पर खुले आम घांसलेट के ड्रम व सीधे टैंकर खाली होते मोहल्ले के लोग देखते रहते हैं। खुली छूट का नाजायज फायदा उठाते पेट्रोल पंप मालिक अब विशेषकर डीजल में तो घांसलेट की मात्रा हद से यादा ही बढ़ाने लगे हैं कई बार घांसलेट का रंग तक नहीं बदल पाता है ऐसी स्थिति आ जाती है और वाहन में घांसलेट डलते ही उसकी बदबू आना शुरु हो जाती है।
दो दिन पूर्व एक स्थानीय नेताजी नगर के ही एक पेट्रोल पंप पर रात नियमानुसार अपनी बस में डीजल डलवाने के लिये गये। उन्होने देखा की डीजल में से बजाय डीजल के स्थान पर घांसलेट की बदबू आ रही है। उन्होने करीब सौ-सवा सौ लीटर डीजल डलवाया था। वह नाराज हो गये और बोले पूरा डीजल खाली करो इसमें घांसलेट मिला है, रुपये भी वापस करो वरना अभी कलेक्टर से शिकायत करता हूँ। बस फिर क्या यहाँ पेट्रोल पंप पर उनका इतना कहना भर था कि हंगामा हो गया। यह दो लोग डीजल भरवाने आये थे दोनो ही उखड़ गये और खूब खरी-खोटी सुनाते हुए पेट्रोल पंप के मालिक को बुलाने को कहा? घबराहट में मालिक आया तो उससे स्पष्ट कहा कि भाई यह क्या कर रहे हो ? यूँ खुले आम घांसलेट मिलाकर बेचते रहोगे और कोई कुछ बोलेगा नहीं यह सोच रहे हो क्या? हम अभी कलेक्टर से शिकायत करेंगे? इस नये पेट्रोल पंप के मालिक ने उक्त नेताजी के पैर पड़ लिये कि भईया जो आप कहोगे मैं वो करने को तैयार हूँ, मेरे बूढ़े पिताजी की तबियत खराब है यदि उन्हे कुछ हो गया तो मेरी दिक्कत हो जायेगी? आपकी शिकायत करने से उनकी बीमारी बढ़ सकती है। आप जो कहोगे मैं वो करने को तैयार हूँ। बाद में यह मामला पहले 50-50 हजार और फिर बाद में 75-75 हजार रुपये के चैक देकर निपटाया गया। इस प्रकार खुले आम घांसलेट बेचने वाले इस पेट्रोल पंप मालिक ने मात्र डेढ़ लाख में अपनी इजत बचा ली। अब वह खुले आम घांसलेट बेचने को स्वतंत्र है।

ग्राम रामगढ़ की घटना में तीन मुल्जिम गिरफ्तार

सीहोर 13 मई (नि.सं.)। बिलकिसगंज पुलिस ने गत दिनों ग्राम रामगढ़ में घटित घटना के तीन मुलजिमों को तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया है जिन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया हैं । पुलिस द्वारा जारी की गई समाचार विज्ञप्ति के अनुसार फरियादीया सईदा खान के टप्पर पर संजय ऊर्फ संदीप कुशवाहा, मनोहर राजपूत 10 वर्ष निवासी सारंगाखेड़ी सीहोर अपने ट्रेक्टर से मुर्गा खरीदने गये थे साथ में ट्रेक्टर ड्राइवर पर्वतसिंह भी था उस दोरान बालक मनोहर सईदा के पालतू बंदर को कंकड़ मार दिया बंदर के खिजने पर सईदा एवं उसकी पुत्री रूकसाना ने संजय कुशवाहा पर्वतसिंह बगैरह के साथ लाठी से मारपीट कर टे्रक्टर की बोनट में कुल्हाड़ी मारकर कई जगह क्षतिग्रस्त कर लाईट फोड़ दी एवं पहियों की हवा निकाल दी । जिसकी सूचना संजय ने अपने पिता राजेन्द्र कुशवाहा को दी जिसके आने पर सईद एवं उसकी पुत्री रूकसना के साथ लाठी से मारपीट आरोपियों ने किये थे सईदा की रिपोर्ट पर थाना बिलकिसगंज में प्रकरण पंजीवद्ध कर पुलिस ने तत्परता पूर्वक आरोपी राजेन्द्र आ. गयादीन कुशवाहा, 40, संजय उर्फ संदीप आ. राजेन्द्र 18 साल निवासीगण ग्राम सारंगाखेड़ी सीहोर, एवं आरोपी पर्वतसिंह आ. रामलाल कोरकू 28 साल निवासी रामगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय, सीहोर पेश किया गया जहां से मा. न्यायालय द्वारा आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया । प्रकरण में आरोपी प्रभू कोरकू की तलाश जारी है । घटना में प्रयुक्त ट्रेक्टर पुलिस ने जप्त कर लिया है ।