Sunday, March 30, 2008

आष्‍टा में टेपा एवं हास्य कवि सम्मेलन सम्पन्न

आष्टा 29 मार्च (नि.प्र.)। हिन्दू उत्सव समिति आष्टा के तत्वाधान में नगर के मुख्य बड़ा बाजार में कल रात्रि में रंगारंग टेपा एवं हास्य कवि सम्मेलन संपन्न हुआ । इस अवसर पर मंच पर आसीन मुख्य टेपा की रोचक जीवनी का वाचन किया । तथा मंच में नगर के गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, अधिकारियों, को उपाधियों का वितरण किया गया । रंग पर्व पर अच्छी व्यवस्था करने पर पुलिस, न.पा., विद्युत मंडल आदि विभागों के प्रमुखों को सम्मानित किया वही अच्छी होली सजाने वाली समितियों को एवं अच्छा स्वांग रचाने वाले शंकरलाल टेलर ओशो मित्र मंडल को सम्मानित किया गया। बाद में हास्य कवि सम्मेलन शुरू हुआ जो रात 2 बजे तक चला । कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में नागरिक गण उपस्थित थे ।

सचिव की धमकी को प्रशासन ने गंभीरता से लिया

आष्टा 29 मार्च (नि.प्र.)। आष्टा विकास खंड की ग्राम पंचायत अरनिया गाजी के सरपंच सवाईगिर गोस्वामी ने पीछले दिनों सचिव की शिकायत की थी कि उसने निर्माण कार्य के लिए आया 10 क्विटल सरिया बाले-बाले बेचकर उसके फर्जी हस्ताक्षर सील लगाकर कर खाद्यान्न जो प्राप्त किया था ऐसे सचिव ने सरपंच को धमकी दी थी कि मेरे कार्य में रोड बने तो गोली मार दूंगा ।
उक्त शिकायत सरपंच ने पिछले दिनों एसडीएम जावर थाना प्रभारी एवं जनपद को की थी इस संबंध में जावर के अतिरिक्त तहसीलदार श्री शर्मा ने बताया कि सचिव ने सरपंच को शिकायत में लिखा है कि गोली मार दूंगा इसे गंभीरता से लिया गया है तथा जावर टी.आई. को पत्र भेजकर पंचायत के सचिव पर कार्यवाही कर कार्यालय को अवगत कराने को लिखा है । वही उन्होंने बताया कि सचिव को नोटिस भेजा है । जनपद के सीईओ श्री वर्मा को बताया कि शिकायत आई है शीध्र जांच करा रहे है । दोषी पाये जाने पर कार्यवाही की जायेगी ।

पत्रकार प्रताड़ना की जांच के लिए कमिश्नर सीहोर आए...

सीहोर 29 मार्च (नि.सं.)। राज्य शासन के निर्देश पर शनिवार को भोपाल संभाग के कमिश्र पुखराज मारू पत्रकार, अधिवक्ता रामनारायण ताम्रकार के प्रताड़ना के मामले की जांच करने पहुंचे । दिन भर जांच का सिलसिला चला । उन्होंने रामनारायण ताम्रकार और उनके परिजनों के लेखी दस्तावेजों साक्ष्य लिए, वहीं जिला अभिभाषक संघ, जिला पत्रकार संघ तथा ताम्रकार समाज के प्रतिनिधि मंडल से भेंट कर घटना की जानकारी ली । उन्होंने अतिक्रमण हटाने के नाम पर की गई बर्बादी के स्थल का भी निरीक्षण किया ।
जिला अभिभाषक संघ की संघर्ष के प्रवक्ता केयू कुरैशी के अनुसार अधिवक्ता, पत्रकार रामनारायण ताम्रकार को जिला प्रशासन द्वारा दी गई प्रताड़ना की जांच के आदेश मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दिए थे। जांच का दायित्व भोपाल संभाग आयुक्त पुखराज मारू को सौंपा गया था । श्री मारू ने 27 मार्च को भोपाल के पत्रकार संगठनों के कथन लिए थे । शनिवार को वह सीहोर सर्किट हाउस पहुंचे। सबसे पहले जिला अभिभाषक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने उनसे भेंट की । वरिष्ठ अधिवक्ता भाजपा नेता सुदर्शन महाजन, केएस भार्गव, महेंद्र सिंह सिसोदिया, केयू कुरैशी, एन.पी.उपाध्याय, महेश दयाल चौरसिया, रविंद्र भारद्वाज, जिला अभिभाषक संघ के सचिव अरूण टिंगोरिया के अलावा संघर्ष समिति अघ्यक्ष मेहरबान सिंह बलभद्र ने प्रभावी रूप से पक्ष रखते हुए घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रदेश के इतिहास में घिनोनी, पद के दुरूपयोग की घटना बताया । इस प्रतिनिधि मंडल में 100 से भी अधिक अधिवक्ता शामिल थे । श्री मारू ने विश्वास दिलाया कि वह अपने प्रतिवेदन में उनकी भावनाओं को समावेश करेंगे ।

संभाग में पुनर्रावृत्ति नहीं होगी
पत्रकारों के प्रतिनिधि मंडल को कमिशनर ने श्री मारू ने विश्वास दिलाया कि उनके क्षैत्राधिकार भोपाल संभाग में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नही होगी यह विश्वास दिलाता हूं । पत्रकारों ने श्री ताम्रकार के साथ हुई इस घटना की भर्त्सना कर दोषियों पर अपराधिक मामला दर्ज करने और तत्काल प्रभाव में हटाकर जांच करने की मांग की । इस प्रतिनिधि मंडल में जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष विमल जैन, वरिष्ठ पत्रकार पुरूषोत्तम कुईया, बसंत दासवानी, ओमप्रकाश मोदी, आनंद गांधी, श्याम सोनकर, सुरेश साबू तथा पंकज पुरोहित शामिल थे ।
ताम्रकार समाज का प्रतिनिधि मंडल भी कमिश्र से मिला । पूर्व अध्यक्ष राजकुमार ताम्रकार ने कहा कि प्रशासन का अतिक्रमण अभियान बहाना था वह श्री ताम्रकार को नुकसान पहुंचाना चाहते थे । कानून को हाथ में लेकर उसका दुरूपयोग करने वालों पर कार्रवाही होनी चाहिये । ताम्रकार समाज के जिलाध्यक्ष शंकरलाल ताम्रकार, महेश ताम्रकार, गोविंद ताम्रकार एवं अन्य ने भी अपना विरोध प्रगट किया । ताम्रकार मंडल की सदस्यों ने भी कमिश्र से भेंट कर उत्तरदायी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की ।
कमिश्‍नर श्री मारू ने प्रभावित पक्ष रामनारायण ताम्रकार, सुमन ताम्रकार, अशोक ताम्रकार के कथन लिए । घटना के समय के फोटा का भी अवलोकन किया। दस्तावेजी साक्ष्य भी देखे । कमिश्र श्री मारू ने भोपाल से आते समय घटना स्थल का निरीक्षण किया तथा लौटते समय भी वह घटना स्थल पर रूके और निरीक्षण की वास्वतिकता देखी । दोपहर 12 बजे से प्रांरभ हुई जांच शाम छह बजे तक चली ।

भोपाल अधिवक्ता संघ का प्रतिनिधि मंडल आया
अधिवक्ता संघर्ष समिति के प्रवक्ता केयू कूरेशी ने बताया कि अधिवक्ता रामनारायण ताम्रकार के साथ हुई मारपीट और उनके संस्थान की तोड़फोड़ को जिला अभिभाषक संघ भोपाल ने गंभीरता से लिया है । भोपाल अभिभाषक संघ अध्यक्ष राजेश व्यास के नेतृत्व में वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल आज सीहोर पहुंचा । प्रतिनिधि मंडल ने घटना स्थल का निरीक्षण कर क्षोभ जताते हुए कहा कि यह मामला पहली नजर में बदले, दुर्भावना पूर्वक, प्रताड़ना देने का बताया । उन्होंने कहा कि इस संबंध में भोपाल बार की बैठक बुलाकर सीहोर के आंदोलन को समर्थन देंगे और भोपाल भी इसमें शामिल होगा । इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता एकके महाजन, हरिदयाल सक्सेना तथा अन्य अधिवक्ता साथ थे ।

Saturday, March 29, 2008

सीहोर में आटो में हुई आगजनी से आटो पूरी तरह जलकर नष्ट हुआ

सीहोर 28 मार्च (नि.सं.)। एक आटो की बेटरी में शार्ट सर्किट से आग लग गई जिससे आटो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इससे 20 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हो गया। आटो मालिक राजेश राठौर निवासी शिव मंदिर गंज सीहोर ने उक्त आटो समूह लोन के माध्यम से 24 हजार रुपये का प्राप्त कर आटो क्रय किया था लेकिन अचानक हुई आगजनी से आज राजेश राठौर की आय का एक मात्र स्त्रोत बंद हो गया है ।

नगर के प्रत्येक क्षैत्र में जल प्रदाय हेतु दिवस निर्धारित, नागरिक जल का सदुपयोग करें

सीहोर 29 मार्च (नि.सं.)। नगर सीहोर में विगत दिनों उत्पन्न हुई जल प्रदाय समस्या के निराकरण में नगर पालिका परिषद सीहोर एवं जिला प्रशासन के सहयोग से जल प्रदाय व्यवस्था में सुधार हुआ है । अब नगर के प्रत्येक क्षैत्र में कलेक्ट्रेट पानी टंकी, एवं मण्डी में सप्ताह में एक दिन जल प्रदाय किया जायेगा जिसके लिए दिवस निर्धारित कर दिये गये है । उक्त आशय की विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया गया कि नगर में जल प्रदाय को लेकर उत्पन्न व्यवधान पर न.पा. परिषद तथा जिला प्रशासन, निकाय स्तर पर सभी सार्थक प्रयास किये गये जिसके परिणाम स्वरूप अब पेयजल वितरण को लेकर जनाक्रोश काफी कम हो गया है । नगर पालिका द्वारा अब उपलब्ध पेयजल स्त्रोतों से पानी भंडारित करते हुए नगर के प्रत्येक क्षैत्र में सप्ताह में एक दिवस जल प्रदाय किया जाना निश्चित किया गया है । जिसके लिए जारी दिवस सारिणी संलग् है । उक्त सारणी अनुसार नागरिकों को उनके क्षैत्र में जल प्रदाय किया जायेगा । न.पा. अध्यक्ष राकेश राय, जल प्रभारी शमीम अहमद एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी डी.के. श्रीवास्तव, ने नागरिकों से अपील की है कि नगर में किये जाने वाला जल प्रदाय पार्वती नदी तथा जमोनिया जलाशय से किया जा रहा है । अत: समस्त नागरिकों से अनुरोध है कि प्रदाय किये जाने वाले पानी को उबाल कर तथा छानकर पीने हेतू उपयोग किया जावें । तथा जल का सदुपयोग करते हुए अनावश्यक जल नही बहाये तथा नगर पालिका को सहयोग प्रदान करते हुए प्रदाय किये जाने वाले पानी का उपयोग उचित रूप से करें ।

सर्कस बना मनोरंजन का साधन

इछावर 28 मार्च (नि.प्र.)। इन दिनों इछावर में आए हुए सर्कस के विभिन्न करतब स्थानीय लोगों के साथ ही इछावर के आसपास के ग्रामीण क्षैत्रों के लोगों का आर्कषण के केन्द्र बन गए है । इछावर वासी मनोरंजन के इस साधन का भरपूर लुत्फ उठा रहे है । अंचल के लोग रोज शाम होते ही इछावर पहुंचने लगते है । लोगों की आवाजाही से देर रात तक इछावर में चहल-पहल दिखाई देती है । सर्कस में दिखाए जाने वाले आयटमों में बच्चों की खासी दिलचस्पी बनी हुई है ।

सीहोर में नृसिंह मंदिर में फाग महोत्सव देर रात तक झूमते रहे श्रोता

सीहोर 28 मार्च (नि.सं.)। प्राचीन श्री नृसिंग मंदिर कस्बा में फाग महोत्सव 2008 संपन्न हुआ । सायं 7 बजे आरती के साथ कार्यक्र म प्रारंभ हुआ । जिसके पश्चात महिला मण्डल द्वारा फाग उत्साह गायन किया गया । रात्रि 9 बजे से विभिन्न मण्डलो द्वारा फाग गायन प्रारंभ हुआ । सर्वप्रथम दीप प्रावलन कर भगवान नृसिंह व राधा कृष्ण जी को पुष्प फाग अर्पित किए गए ।
अतिथि स्वरूप पधारे श्रीनाथ जी की हवेली के प्रधान मुखिया का अभिवादन व स्वागत किया गया । कस्बा क्षैत्र के प्रसिद्ध व वयोवृद्ध फाग गायक शिवप्रसाद भावसार ने गणपति बन्दना की तथा उसके पश्चात अपनी सुप्रसिद्ध फाग प्रस्तुति दी । उनके पश्चात पं. प्रदीप मिश्रा श्री वैष्णव भजन मण्डल ने अपनी मोहक व नृत्यकीय फाग गाकर सभी भक्तों को नृत्य कराया । भारत अग्रवाल तथा देवेद्र चौरसिया ने सरस फाग गाकर सभी को भक्ति रस में सरोबर कर दिया । संगीतिका संगीत महाविद्यालय के लालाराम सूर्यवंशी तथा मांगीलाल ठाकूर ने कलात्मक शास्त्रीय फाग प्रस्तुतियां दी। सत्येदव आराधना मंडल के गयाप्रसाद जोशी ने अपनी प्रसिद्ध फाग सुनाकर पुरानी फाग को पुन: याद दिलाया उनकी प्रस्तुतियां बहुत सराही गई । उनके पश्चात बैरागढ़ भोपाल से पधारे धर्मेन्द्र सांरग ने भजनों की प्रस्तुति दी । मण्डी निवासी खाटू श्याम के भजनों में पूरे प्रदेश में ख्याति प्राप्त श्रीमति ममता गुप्ता ने आकर्षक भजन गाकर भक्तों को स्थिरमूर्त सा कर दिया । श्री हरि आराधना मंडल के दयालाल शाल्य , जनाब शमीम भाई , रामू शंकर एवंपार्टी ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियां दी । कालापीपल व बरखेड़ी से पधारें श्रोताओं मे कालापीपल की एक भजनन मंडली ने भी होली गीत गाये । उनके पश्चात पं. राजेन्द्र व्यास , पं. चेतन उपाध्याय, ने अपनी प्रस्तुतियां दी । पं. चेतन जीने मंच संचालन किया । मंदिर व्यवस्थापक पं. रामचन्द्र, पं. सुरेश चंद्र, पं. शेषनारायण तिवारी, ने सभी कलाकारों को प्रतिक चिन्ह दिये , पं. हरीश तिवारी ने आभार मानते हुये सभी को धन्यवाद दिया ।

विद्वान साध्वी मधुबाला जी का वर्षावास इस वर्ष आष्टा में

आष्टा 28 मार्च (नि.प्र.)। पूज्य आचार्य श्री उमेश मूनि अणु की आज्ञानुवर्ती साध्वी प्रसिद्व प्रवचन कार श्री मधुबाला जी आदि ठाणा 3 का चातुमास इस वर्ष आष्टा में होगा श्री वर्घमान स्थानकवासी श्रावक संघ आष्टा का एक मंडल होली चातुमार्स मे खाचरौद पहुंचा अध्यक्ष लोकेन्द्र बनवट , महिला मंडल अध्यक्ष श्रीमति साधना रांका के नेतृत्व में आचार्य श्री के समझ इस वर्ष उक्त साध्वी जी का चातुमार्स प्रदान करने की विनती की ।
उदार मना आचार्य श्री ने आष्टा श्रावक संघ की भावना को देखते हुए साध्वी श्री मघ बालाजी, सुनीताजी, एवं चरित्राप्रभा जी का चातुमार्स आष्टा में की घोषणा की । खाचरौद पहुंचे श्रावक प्रसन्न बनवट, शांतिलाल रांका, सुशील संचेती, अक्षत रूनवाले, चान्द मल सुराना, राजेन्द्र बनवट, नगीन डूगरवाले, रिलेश बोथरा, महेन्द्र रूनवाल, बसंत सुराना, राहुल रांका, डा. विनोद छाजेड, संतोष टांटीया, सहित लगभग 40 सदस्यों का मंडल आचार्य श्री की सेवा में खाचरौद पहुंचा था । श्री मधुबाला जी का चातुमार्स आष्टा में स्वीकृत होने पर श्वैताम्बर जैन श्री संघ में अपार उत्साह छाया है ।

शीतला सप्तमी श्रद्धा भक्ति के साथ मनाई

आष्टा 28 मार्च (नि.प्र.)। आज आष्टा में शीतल सप्तमी का त्यौहार महिलाओं ने सीतला माता की पूजन ब्रत आदि के साथ मनाया । अर्द्धरात्रि में ही नगर के सीतला माता मंदिर पर महिलाओं का पूजन के लिए आना प्रारंभ हो गया था । सुबह-सुबह सैकड़ो महिलाओं की भीड़ मंदिर पर एकत्रित हो गई उन्हें सीतला माता की पूजन के लिए अपने नम्बर आने का इंतजार करना पड़ा व अर्द्धरात्रि से शुरू हुआ पूजन का सीलसिला सुबह तक चला आज घरों में एक दिन पूर्व बनाया ठंडा भोजन ही महिलाओं ने परिवार के साथ ग्रहण किया पूजन को लेकर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये थे वही म.प्र. विद्युत मंडल आष्टा के डीई श्यामलाल नरेडा ने बताया कि सीतला सप्तमी पर रात्रि में ही पूजन शुरू हो जाती है । इसलिए विद्युत सप्लाई बराबर रहे इसलिए विशेष परमिट लिया था । पूरी रात्रि में बिजली सप्लाई चालू रही ।

बैंक ग्राहकों को जमा की गई राशि ब्याज सहित मिलेगी, आश्वासन के बाद भूख हड़ताल खत्म

जावर 28 मार्च (नि.सं.)। भारतीय स्टेट बैंक जावर शाखा के जो ग्राहक केशियर शिवनानी के शिकार हुए थे कल से उन्होने अपनी राशि पाने के लिये बैंक के सामने भूख हड़ताल प्रारंभ की थी उसका असर हुआ।
आज सहायक महाप्रबंधक भोपाल का एक पत्र इन ग्राहकों के पास पहुँचा जिसमें उन्होने लिखा कि आप सभी 17 हितग्राही जिन्होने मय प्रमाण के अपने प्रकरण प्रस्तुत किये थे उन सभी को जमा की गई राशि 15 लाख 12 हजार 408 रुपये मय ब्याज के बैंक द्वारा भुगतान किया जायेगा। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इन सभी के प्रकरण स्वीकृत कर दिये गये हैं। उक्त आश्वासन मिलने के बाद आज जावर शाखा प्रबंधक राजेश कुमार करपाते ने सभी भूख हड़ताल पर बैठे ग्राहकों को जूस पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई। खबर है कि आरोपी केशियर शिवनानी को आज रिमांड अवधि खत्म होने के बाद जेल भेज दिया गया है।

सीहोर में गायत्री के हत्यारों को आजीवन कारावास

सीहोर 28 मार्च (नि.सं.)। आज विशेष न्यायाधीश महोदय सीहोन एम.के.महेन्द्रा ने आरोपी गण सुरेश आ. हेमराज खाती, देवीसिंह आ. उमरावसिंह निवासी ढाबला राय एवं कैलाश आ. नाथूराम निवासी लालाखेड़ी को गायत्री हत्याकांड में दोषी पाकर 302,302-34 भादवि. में आजीवन कारावास एवं पांच -पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया । प्रकरण अनिल शर्मा अपर लोक अभियोजक के अनुसार दि. 28.04.07 को प्रात: 8 बजे मृतिका गायत्री घर से इछावर जाने को निकली थी तभी पुरानी रंजीश को लेकर सुरेश, देवसिंह, कैलाश ने गायत्री को लोहे की टामी से गंभीर चोटें पहुंचाई जिसके कारण गायत्री की मृत्यु हो गई न्यायालय ने साक्ष्य का मूल्यांकन करने के उपरांत दोनो पक्षों की बहस सुनने के बाद आरोपी गण को दोषी पाकर आजीवन कारावास से दंडित किया प्रकरण में अभियोजन म.प्र. शासन की और से अपर लोक अभियोजक अनिल शर्मा ने पैरवी की।

गन्ने के खेत में अज्ञात लोगों ने आग लगाई, हजारो की फसल खाक

जावर 28 मार्च (नि.प्र.)। थाना क्षैत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम खेड़ी में कुछ लोगों ने मिलकर मेहतवाड़ा निवासी चन्दरसिंह के गन्ने के खेत में आग लगा दी जिससे एक एकड़ का गन्ना जल गया इसके अलावा खेत की मेढ़ पर रखे कृषि उपकरण भी जल गये एक आम के पौधो को भी नुकसान होना बताया जा रहा है । आग लगने की खबर आष्टा फायर ब्रिगेट को भी पुलिस के माध्यम से कर दी थी फायर बिग्रेड आई इसके पहले ही ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था । मेहतवाड़ा चौकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात मेहतवाड़ा निवासी चन्दरसिंह जिनका खेत खेड़ी के जंगल में स्थित है बुधवार की रात आठ बजे अज्ञात लोगों ने गन्ने के खेत करीब एक एकड़ में आग लगा दी । जिससे पूरा गन्ना जल गया नुकसान हजारों का होना बताया जा रहा है । चौकी में पदस्थ हेड कास्टेवल सानसिंह ने बताया कि चन्दरसिंह ने चौकी में गुरूवार को आवेदन दिया है । इसकी जांच करवाई जायेगी। जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जायेगी उधर चन्दरसिंह का कहना है कि मैने गन्ने के खेत में आग लगाने वालों को देखा है यह लोग दो बाइक से आये थे और आग लगाकर भाग गये इनमें एक तो कल्लू शाह, व दूसरा ईस्माईल खां दो को पहचान पाया बाकी लोग बाईक लेकर भाग गये , इन दोनो की मेरे द्वारा नामजद रिर्पोट की गई है । आग से मेरा करीब एक लाख रुपये का नुकसान हो गया है । इन लोगों द्वारा मेरे को पूर्व मे भी काफी नुकसान पहुंचा चुके है । और यह जाते-जाते यह भी धमकी दे गये की अभी तो गन्ना ही जलाया है आगे तेरे को भी जिंदा जला देगें । चन्दरसिंह ने कल्लू शाह, व ईस्माईल खां के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है ।

गरबे में आया युवक श्यामपुरा की युवती को भगाकर ले गया

आष्टा 28 मार्च (नि.प्र.)। सिध्दिकगंज थाने के अन्तर्गत आने वाले एक ग्राम श्यामपुरा टप्पा से लगभग 15-20 दिन पूर्व एक सहयोगी के सहयोग से उज्‍जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक जिसका नाम बंटी उर्फ हीरालाल ग्राम निनौरा इस ग्राम की एक लाबालिक लड़की को भगा ले गया था। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
सिध्दिकगंज थाना प्रभारी एस.एन.पाण्डेय फुरसत को बताया कि 2-3 माह पूर्व श्यामपुरा में गरबा का कार्यक्रम था उक्त युवक गरबे में आया था जो डांस करता था उस वक्त इस युवक के नयन इस लड़की से लड़ गये तभी उक्त लड़की को बड़ोदिया गाडरी निवासी छोटे खां अपने यहाँ लगे टेलिफोन से बंटी से बात कराया करता था। एक दिन छोटे खां ने बंटी को आष्टा बुला लिया और इधर से छोटे खां उक्त युवती को लेकर आष्टा पहुँच गया और बकरी के साथ उक्त युवती को भगवा दिया। इधर सिध्दिकगंज में उक्त युवती के गायब होने पर गुम इंसान कायम किया गया। पुलिस खोज में जुटी और नीलगंगा थाना क्षेत्र से उक्त युवती को बरामद कर बंटी उर्फ हीरालाल को गिरफ्तार कर लिया। पाण्डे ने बताया कि छोटे खां फरार है। पुलिस ने इस मामले में धारा 363, 366, 376, 506, 34, 3-2-5 एस सी एसटी एक्ट के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

Friday, March 28, 2008

केरल में स्वयं सेवकों की हत्या के विरोध में संघ एवं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया

आष्टा 28 मार्च (नि.प्र.)। केरल प्रांत के कन्नूरजिले में मार्क्सवादी कम्यूनिष्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्र वादी संगठन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 4 स्वयं सेवकों की क्रूरता पूर्वक हत्या किये जाने के विरोध में आज सभी स्थानों पर तहसील स्तरीय धरना आंदोलन कर विरोध प्रकट किया । आज आष्टा तहसील मुख्यालय में बड़ा बाजार में भी राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के स्वंय सेवकों ने धरना दिया 3 बजे से 4 बजे तक दिये उक्त धरने में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वंय सेवक भाजपा व अन्य हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया । उक्त धरना स्थल पर वरिष्ठ स्वयं सेवक जगदीश पटेल एवं दिलीप महांकाल ने केरल में घटी उक्त घटना की विस्तृत जानकारी अपने उद्बोधन में दी। यहाँ पर संचालन मनोहर साहू ने किया। तथा आभार संदीप जैन ने व्यक्त किया। आज धरना प्रदर्शन में फूलचन्द वर्मा, अतुल राय, दिलिप महाकांल, ललित नागौरी, सुशील संचेती, मुकेश बड़जात्या, जगदीश पटेल, गोपाल दास राठी, संदीप जैन, मनोहर साहू, राजेन्द्र सोलंकी, प्रवीण धाड़ीवाल, राजेश फूलवानी, कालू भटट , कैलाश बगाना, पीयूष मोटवानी, जीतमल नायक, जयंत जोशी, जितेन्द्र सोनी, महेन्द्र सुराना, रमेश मालवीय, राम भाऊदादा, आशीष सोनी, प्रहलाद पंवार, जुगल मालवीय, मनोज विश्वकर्मा, भैय्या माथूर, श्याम सिलोदिया, मदन मोहन पाठक, धरन सिंह आर्य, राजेश सोनी, दिनेश सोनी, पुष्पेन्द्र ठाकूर, सजन सिंह मेवाड़ा, शिवचरण सेन, किसन केप्टन, राजेन्द्र साहू, मुकेश मकवाना, विशाल चौरसिया, मुकेश माहेश्वरी, शिवेन्द्र सिंह छुकर, मदन राठौर मारखन कुशवाह, गब्बू कुशवाह, सुधीर जोशी, त्रिलोक बोहरा, कन्हैया गेहलोत, आनंन्द लाल सोनी, विकास चौरसिया, देवेन्द्र ठाकूर, सुरेन्द्र भाटी, आनंद जैन, आदेश शर्मा, सतीश रारावत, मेहरवान सिंह , किशोर सिंह पाटीदार आदि उपस्थित थे ।