Wednesday, March 12, 2008

मंदिर में काम करने वाले ही निकले मूर्ति चोर

आष्टा 11 मार्च (नि.प्र.)। श्री दिगम्बर जैन मंदिर किला आष्टा से पीछले दिनों जो दिन दहाड़े अष्टाधातु की पदमावती देवी की जो मूर्ति चोरी गई थी अंतत: उक्त मूर्ति चोरी के चौर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गये चोरी के बाद से ही पुलिस की शंका की सुई उस और थी कि जो भी चौर है वो मंदिर से परिचित है पुलिस ने कड़ी पुछताछ की और निगाह रखी तो पुलिस को मूर्ति चौरों तक पहुंचने में देर नही लगी मूर्ति चुराने वाले और कोई नही इसी मंदिर में काम करने वाले मजदूर कमलेश आ. हरनाथ निवासी इन्द्रा कालोनी एवं सुनील जो कि चिन्ताबाई का पुत्र है और किले पर ही रहता है । ने पहले तो निगाह रखी और एक दिन मौका पाते ही उक्त मूर्ति चुरा कर ले गये । पुलिस ने इस दोनो को गिरफ्तार किया पुछताछ की तो इन्होंने बताया कि उक्त मूर्ति कबाड़ी सादाब के यहां पर है । पुलिस ने सादाब के यहां से मूर्ति को बरामद की है । सादाब को भी इस मामले में पुलिस ने मुलजिम बनाया है । उक्त चोरी बरामद होने के बाद अब पुलिस श्वैताम्बर जैन मंदिर में आये मुंबई के एक यात्री के नगदी जेवर के मामले में जुटी है । एसडीओपी मनुव्यास ने बताया कि आज किला क्षैत्र में मंदिर के पीछे के खंडर व अन्य स्थानों पर सर्च कराई है । पूरे प्रयास कर रहे है कि इस चौरी के चोर भी पकड़े जाये ।

गाजे-बाजे के साथ चतुर्विध संघ संचेती निवास से किला मंदिर पहुंचा, सभी ने प्रभु के दर्शन किये

आष्टा 11 मार्च (नि.प्र.)। मालव गिरनार तीर्थ स्वरूप तीर्थ नगरी आष्टा में श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर में पूज्य आचार्य देवश्री अजितसेन सू.म.सा. पूज्य आचार्य देवश्री विजय नयवर्धन सू.म.सा. पन्यास प्रवर पूज्य श्री हर्षतिलक विजयजी म.सा. की निश्रा में कल भगवान नेमिनाथ जी की प्रतिष्ठा विधि प्रधान के साथ संपन्न होने के बाद आज 11 मार्च को प्रात: 5.45 बजे पूरा चतुर्विध संघ राजमल छगनमल संचेती के बड़ा बाजार स्थित निवास पर पहुंचा और द्वार उद्धाटन की बोली का लाभ लेने वाले श्री संचेती परिवार को साथ लेकर गाजे-बाजे के साथ श्री श्वेताम्बर जैन मंदिर पहुंचा । यहां पर आचार्य ने भगवान के प्रथम दर्शन एवं द्वार उद्धाटन के पहले मंत्रोच्चार कराया और बाद में दिलीप संचेती, नवनीत संचेती, पुनीत संचेती, पंकज भाई जवेरी, अरूणा बेन आदि ने द्वार पर लगे ताले को खोला और मंदिर में प्रवेश कर मंदिर की सफाई कर सभी को भगवान के विधि-विधान के साथ प्रथम दर्शन कराये। इस अवसर पर कुछ पूजन आदि की बोलियां भी लगाई गई । इसके बाद गुरू मंदिर का भी द्वार उद्धाटन पंकजभाई एवं नवनीत संचेती परिवार ने किया और गुरूमूर्ति के दर्शन कराये गये। प्रात: आचार्य श्री विजय नयवर्धन सू.म.सा. ने सासंघ आष्टा से सेवदा के लिये मंगल विहार किया। रास्ते में मुनि संघ कैलाश वोहरा, विनीत सिंगी, नवनीत संचेती, रविन्द्र रांका, पारस मल सिंघवी आदि श्रावकों के निवास पर भी पहुंचें यहां पर गुरूपूजन किया गया । इसके बाद मुनि संघ आष्टा से सेवदा के लिये रवाना हो गया । आचार्य श्री को सेवदा श्रावक-श्राविकाये विदा करने पहुंचे। आचार्य श्री ने पुन: आष्टा पधारने एवं एक चातुर्मास आष्टा में करने की भी विनती की गई । इसके बाद किला मंदिर जी में सत्तरभेदी पूजन कार्यक्रम का लावा श्री नथमल ताराचंद रांका परिवार ने लिया । आज की नौकारसी का लाभ श्री भाविक भाई, मोतीचंद भाई झवेरी, निर्मल कुमार रांका, दिलीप कुमार, नवनीत कुमार संचेती एवं स्वामी वात्सल्य के लाभार्थी प्रेमकुमार, हेमंत-विनित सिंगी एवं श्रीमति चन्दा बेन गोखरू ने लिया । प्रतिष्ठा कार्यक्रम को पूरे विधि -विधान से संपन्न कराने वाले प्रतिष्ठा चार्य श्री नवीन भाई जामनगर, गुजरात का प्रतिष्ठा महोत्सव समिति आष्टा ने आभार व्यक्त किया ।

माफ किये 60 हजार करोड़ की व्यवस्था कहां से कैसे करेंगे वित्त मंत्री-वित्तमंत्री राघव जी

आष्टा 11 मार्च (नि.प्र.)। केन्द्र सरकार ने बजट में किसानों के जो 60 करोड़ के ऋण माफ करने की घोषणा की लेकिन वित्तमंत्री ने पूरे बजट में यह कहीं नही बताया कि जो 60 करोड़ माफ किया जा रहा है उसकी भरपाई वे कैसे करेंगे ऋण माफी की घोषणा केवल चुनावी स्टंट है इस घोषणा से बैंकों पर ज्यादा बोझ आयेगा यह करना है म.प्र. के वित्तमंत्री राघव जी भाई का। वित्तमंत्री श्री राघव जी कल सपत्निक किला मंदिर पर श्री नेमिनाथ दादा की प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने आचार्य श्री का आशीर्वाद लेने आष्टा पधारे थे ।
फुरसत के क्षण में फुरसत प्रमुख सुशील संचेती ने फुरसत के लिए चर्चा की चर्चा के दौरान वित्तमंत्री ने खुलकर बात की उन्होंने किये गये प्रश्‍नों का जवाब देते हुए कहा कि वित्तमंत्री ने बजट में किसानों के 60 करोड़ के ऋण तो माफ कर दिये लेकिन यह नही बताया कि इसकी व्यवस्था वे कैसे कहा से करेंगे । कई किसान तो ऐसे है जिनकी बकाया राशि कई बैंक पहले ही बट्टे खाते लिखकर डाल चुके है । उन्होंने कहा कि जो किसान आत्महत्या कर रहे है । वे किसान बैंक के ऋण वाले नही है । ऐसे किसान आत्म हत्या कर रहे है जिन्होंने ऊंची ब्याजदर पर साहूकारों से ऋण ले रखा है । खासकर जो आत्म हत्याऐं हो रही वो महाराष्ट्र में ज्यादा है वहां साहूकारों की ब्याज दर काफी ऊंची है। ऐसे किसानों को साहूकारों के चुंगल से कैसे निकाला और बचाया जाये । इसके लिये वित्तमंत्री ने कुछ नही सोचा केन्द्र के बजट में जो यह ऋण माफी की घोषणा की है वो केवल चुनावी स्टंट और बोट की राजनीति ज्यादा है । किसान घोषणा के बाद समझा गया है और वो चुनाव में इन्हें जवाब जरूर देगा । म.प्र. के बारे में राघव जी ने कहा कि म.प्र. में पुन: भाजपा की सरकार बनेगी कांग्रेस म.प्र. में मुद्दा विहिन है । उनके पास कोई मुद्दे ही नही है जिसे लेकर वे जनता के पास जाये । म.प्र. में भाजपा की सरकार ने विकास का एक ऐसा इतिहास लिखा है जिसे प्रदेश की जनता कभी नही भूल सकेगी । श्री राघव जी ने केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत किये गये वजट पर कहा कि केन्द्र का बजट आते ही देश में मंहगाई का ग्राफ और ऊॅचा चला गया । गरीब और मध्यम वर्ग के लिए तेल, दाल, चावल, आटा, खरीदना मुश्किल हो गया है। केन्द्र सरकार को बढ़ती मंहगाई क्यों नजर नही आ रही है। मंहगाई ने गरीब, मजदूर, किसान की कमर तोड़ दी है । अब उसे तेल, दाल आटा खरीदने के लिए सोचना पड़ रहा है । बढ़ी मंहगाई से गरीब परिवार का पुरा बजट बिगड़ गया है । साहूकारों की ब्याज दरों पर उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में साहूकारों की ब्याज दर काफी अधिक है । म.प्र. में साहूकारों की ब्याज दर महाराष्ट्र के साहूकारों से काफी कम है, और यही कारण है कि महाराष्ट्र में किसान आत्महत्या ज्यादा कर रहे है । उन्होंने कहा कि केन्द्र के बजट में जो 60 हजार करोड़ की राशि किसानों की ऋण की माफ की उसकी व्यवस्था बजट में करके देश की जनता के सामने रखना चाहिये था ।

हमलावरों ने 85 हजार लूटे

सीहोर 11 मार्च (फुरसत)। नर्मदा खादी ग्रामोद्योग केंद्र पर सोमवार की रात अचानक असामाजिक गुंडा तत्वों ने हमला कर 85 हजार की राशि पर हाथ साफ कर दिया, वहीं केन्द्र संचालक एस मंगलसिंह एवं पुत्र प्रशांत को धारदार हथियारों से मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। जाते जाते बदमाश केंद्र के दरवाजे, खिड़की एवं सुरक्षा दीवार भी तोड़ गए । घायल पिता पुत्र उपचार्थ के लिए जिला अस्पताल में भर्ती है । सुदामा नगर वार्ड 12 गंज क्षैत्र अंतर्गत संचालित लद्यु नर्मदा खादी ग्रामोद्योग के संचालक एस मंगलसिंह ने बताया कि केंद्र के आसपास असामाजिक गुंडातत्व अकसर जुआं, शराब एवं अश्लील भाषा में बातचीत करते है । बताया जाता है कि उक्त लोगों द्वारा केंद्र पर आए दिन पत्थर भी बरसा जाते है । विरोध करने वर सोमवार की रात 15 लोगों ने अचानक पत्थरों, डंडो, हाकियां समेत चाकू से हमला कर श्रीसिंह एवं प्रशांत को गंभीर रूप से घायल कर दिया। गौरतलब है कि ग्रामोद्योग के संचालक श्रीसिंह ने केंद्र के विस्तार के लिए पिछले दिनों बैंक से ऋण के रूप में एक लाख रुपये की राशि प्राप्त की थी । जो कि केंद्र में ही सुरक्षित रखी थी । असामाजिक तत्वों ने उक्त राशि के शेष बचे 85 हजार भी लूट लिए, साथ ही जाते-जाते केंद्र के दरवाजे, खिड़की सहित बाउंड्री वाल भी तोड़ फोड़ गए । पिता व पुत्र उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती है । पीड़ित संचालक द्वारा नामजद रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराते प्रशासन से अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है ।

Tuesday, March 11, 2008

दादागिरी के साथ वार्ता एजेंसी को खबर देने वाले की दुकान तोड़ी

सीहोर 10 मार्च (फुरसत)। क्रुध्द जिला प्रशासन ने आज अंतत: राज एक्सप्रेस के ब्यूरोप्रमुख, राष्ट्रीय समाचार एजेंसी वार्ता यूएनआई के जिला संवाददाता वरिष्ठ पत्रकार श्री रामनारायण ताम्रकार के साथ अपना पुराना बदला निकाल ही लिया। नगर के प्रसिध्द ससुराल चौपाटी बस स्टेण्ड स्थित उनकी नई दुकान गिफ्ट हाउस को जहाँ आज प्रशासनिक अमले न सिर्फ अतिक्रमण वाले स्थान बल्कि अंदर तक पूरा तहस-नहस कर दिया वहीं स्वतंत्रता संग्राम सैनानी राणा उदय सिंह जी आर्य के भवन का भी बाहरी हिस्से को तोड़ा गया। इसके बड़ोदा बैंक प्रांगण में बनी एक दुकान को भी तोड़ दिया गया। अचानक बिना बात हुई इस मुहिम को अतिक्रमण विरोधी मुहिम कम बदले की कार्यवाही यादा माना जा रहा था जबकि पूरे नगर में अतिक्रमण फैला हुआ है, कई मकान अतिक्रमण में बन रहे हैं ऐसे में सिर्फ यहीं दुकान को पूरा तोड़ देना और बाकी को छोड़ देने से नगर में प्रशासन और पुलिस की भूमिका पर प्रश् चिन्ह अंकित हो गया है। अनेकों की आज बोलती भी बंद थी, कई लोग टीका-टिप्पणी करने से भी बचे।
उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह अचानक वरिष्ठ पत्रकार रामनारायण ताम्रकार के प्रतिष्ठान ससुराल चौपाटी बस स्टेण्ड सहित उनके चाणक्यपुरी स्थित निवास को लेकर नगर पालिका ने कुछ नोटिस जारी किये थे जिसमें इन भवनों के निर्माण सही नहीं होने तथा नगर पालिका के नियमों के तहत नहीं होने का उल्लेख था।
हालांकि कुल 13-14 लोगों को इस तरह के नोटिस दिये गये थे । इस पर श्री ताम्रकार ने अपने स्तर पर जबाव देने की कार्यवाही करते हुए न्यायालय में आवेदन भी लगाया था।
ज्ञातव्य यह भी है कि श्री ताम्रकार भारत की प्रसिध्द राष्ट्रीय समाचार एजेंसी वार्ता के सीहोर जिला प्रतिनिधि भी हैं। जिसके माध्यम से विगत दिवस एक समाचार प्रसारित किया गया था जिसमें भाजपा सांसद रामपाल सिंह तथा जिला प्रशासन में हुई नोंक-झोंक का स्पष्ट उल्लेख था। यह समाचार पूरे देश के प्रमुखता से छपा भी था कि भाजपा नेताओं द्वारा किस प्रकार प्रशासनिक अधिकारियों को परेशान किया जा रहा है और उनके साथ अभद्रता की जा रही है । सीहोर कलेक्टर के पक्ष में और भाजपा के विरोध में इस मामले में कई कांग्रेस के नेताओं के बयान भी छपे थे।
आज सोमवार को अचानक सुबह नगर पालिका का पूरा अमला जिला कलेक्टर कार्यालय में गया था। वहाँ से अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नेतृत्व में यह अमला रवाना हुआ और फिर सीधे बस स्टेण्ड स्थित ससुराल चौपाटी, गिफ्ट हाउस और न्यू कम्प्यूटर ढाबे पर जेसीबी मशीन चलाई जाने लगी। इसका विरोध करते हुए पत्रकार श्री ताम्रकार ने नोटिस के एवज में अपने कागज दिखाये और इस पर शाम तक का समय भी मांगा ताकि वह दुकान का कीमति सामान हटा सकें।
उल्लेखनीय है कि मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे श्री ताम्रकार ने जीवनभर संघर्ष करते पत्रकारिता की। बमुश्किल विषम आर्थिक स्थिति में उन्होने ससुराल चौपाटी पिछले वर्षों में खोली थी लेकिन जब यह यादा सफल नहीं हुई तो विगत दो माह पूर्व ही आपने करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च कर फर्नीचर बनवाकर नई गिफ्ट हाउस की दुकान खोली थी, उनका विश्वास था कि दुकान मौके पर होने से चल निकलेगी तो लगाई हुई रकम धीरे-धीरे चुक जायेगी साथ ही 15 दिन पूर्व ही इंटरनेट ढाबा भी खोला था। दुकान में लगी रकम की उधारी चुकना तो दूर आज पूरी दुकान की बर्वाद कर दी गई।
प्रशासन ने शाम तक का समय न देते हुए अचानक सख्त रुख अपनाया, मेहनत की पूंजी को टूटता देख जब श्री ताम्रकार का बालक और एक कर्मचारी जेसीबी के सामने आकर उसे रोकने लगा तो यहाँ मौजूद भारी पुलिस बल ने सीधे सरेआम डंडे चलाना शुरु कर दिये। पुलिस ने इतनी बेरहमी से डंडे चलाये कि सुमित ताम्रकार की पूरी पीठ लाल सुर्ख हो गई, श्री ताम्रकार को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया गया, उनके भाई अशोक ताम्रकार के पैर डंडो की मार से सूझ गये और घनश्याम कर्मचारी के हाथ, पैर, पीठ सब लाल कर दी गई। पुलिस की इस यादती के आगे यहाँ मजबूर जनता चुपचाप सब तमाशा देखती रही। पहले दुकान का बाहरी हिस्सा तोड़ा गया, नया गिफ्ट का सामान चकना-चूर होने लगा, कुछ लीड-पेन जैसे छोटे सामान यहाँ पुलिस जवानों ने उठाये भी। फिर जेसीबी अंदर गई और पूरी दुकान का हर एक निर्माण तोड़ आई।
इसके बाद पास ही वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सैनानी उदय सिंह जी आर्य राणा जी का राणा भवन जहाँ चिकित्सक भरत आर्य रहते हैं के यहाँ भी अतिक्रमण हटाया गया लेकिन यहाँ सिर्फ बाहरी अतिक्रमण हटाया और जेसीबी लौट गई, इसके आगे बड़ोदौ बैंक के सामने बनी एक गुमठी आज हटा दी गई।
इस प्रकार दिनभर चली कार्यवाही ने पूरे नगर में हवा फैला दी कि सिर्फ ताम्रकार जी की दुकान ही तोड़ी गई है तो निश्चित ही कुछ कारण है ? और जब चौराहों पर चर्चाएं शुरु हुई तो लोगों द्वारा एक-दूसरे को तरह-तरह के कारण भी बताना शुरु कर दिये गये। इन्ही चर्चाओं ने आज प्रशासन के खिलाफ वातावरण बना दिया, साथ ही भय भी पैदा कर दिया है।
उधर आज हुई इस बर्वादी को देखकर काफी व्यथित हो गये और एक बारगी वह बेहोंशी की स्थिति में आ गये तो उन्हे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहीं सुमित ताम्रकार भी मारे दर्द के तड़प रहा था जिसकी आंखो दर्द के कारण अविरल आंसू बह रहे थे, अशोक ताम्रकार अस्पताल में ही एक जगह अचानक गिर पड़े और सुध खोने की स्थिति में आ गये। ऐसी स्थिति में यहाँ चिकित्सकों ने उच्च इलाज के लिये इन्हे भोपाल हमीदिया अस्पताल में भेज दिया है। उधर थाना कोतवाली के पुलिस अधिकारी जो नाली में गिर गये थे, इनके पैर में आई किसी चोंट के कारण यह भोपाल भेज दिये गये हैं।

जिला पत्रकार संघ ने प्रशासन की कार्यवाही को बर्बर बताया

सीहोर 10 मार्च (फुरसत)। आज जिला प्रशासन ने खबरों से कुठा ग्रस्त होकर वरिष्ठ पत्रकार रामनारायण ताम्रकार के व्यावसायिक प्रतिष्ठान को तोड़ कर तहस नहस ही नही किया बल्कि श्री ताम्रकार एवं उनके पुत्र सुमित ताम्रकार पर लाठीयों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया उन्हें गंभीर अवस्था में भोपाल हमीदिया भेजा गया है। जिला पत्रकार संघ ने इस अशोभनीय घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए इस सारी घटना की जांच की मांग के साथ दोषी अधिकारियों के निलम्बन की मांग की है संघ की बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने इस घटना को प्रेस पर हमला बताते हुये कहा कि प्रशासन ने श्री ताम्रकार के बस स्टेण्ड स्थित प्रतिष्ठान चौपाटी ससुराल पर अतिक्रमण के नाम पर पूरे प्रतिष्ठान को तहस नहस कर दिया है । वहां उपस्थित श्री ताम्रकार एंव उनके साथी वकीलो ने अतिक्रमण तोड़ने आये दस्ते से बातचीत करना चाही तो जवाब में लाठी बरसाना शुरू कर दिया जिसमें श्री ताम्रकार एवं उनके पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गये इसके बाद प्रशासनिक अमले ने बर्बता पूर्ण कार्यवाही कर पूरा प्रतिष्ठान तोड़ दिया और उसमें रखा लाखों रुपये का रखा सामान भी चूर-चूर कर दिया जिला पत्रकार संघ ने घटना की निन्दा की है। आज घटित घटना से प्रदेश आंचलिक पत्रकार संघ अध्यक्ष शिवअनुराग पटेरिया वरिष्ठ णपत्रकार विजय दत्त, श्रीधर, महेश श्रीवास्तव, शंकरलाल साबू को भी अवगत करा दिया है ।

कलेक्टर ने किया कई लोगों को बेरोजगार पक्षपात पूर्ण हुई कार्यवाही- नौशाद खान
सीहोर 10 मार्च (फुरसत)। इस बीजेपी सरकार मै जो भी हो बहुत कम है बीजेपी शासन ने एक बार फिर कई लोगों को सड़क पर ला खड़ा कर दिया है । उक्त उद्गार नौशाद खान जिलाध्यक्ष राकांपा द्वारा कहा गया कि यदि कहीं का कोई अतिक्रमण हटाया जाता है तो जिला प्रशासन द्वारा बकायदा लिखित में अतिक्रमण हटाने की सूचना दी जाती है । किन्तु नया बस स्टेण्ड सीहोर पर अचानक अतिक्रमण हटाया दस्ता मय पुलिस बल के योजनाबद्ध तरीके से गया व ताबड़तोड़ तोड़फोड़ चालू कर दी किसी को संभलने का मौका तक नही दिया गया व लाख रुपये का नुकसान कर मात्र चुनिन्दा अतिक्रमण हटा दिया गया जबकि पूरा सीहोर नगर अतिक्रमण की चपेट मै है ।
तहसील चौराहा सीहोर मे बनी 9 नगर पालिका की दुकानों के सामने के रास्ते पर दुकान 10-10 फीट मे लगी है अतिक्रमण है परन्तु एसडीएम की नाक के नीचे अतिक्रमण नही दिख रहा है । जिला कलेक्टर द्वारा कई लोगों को आज बेरोजगार कर दिया गया है। व एक निष्पक्ष जुझारू कर्मठ वरिष्ठ पत्रकार की पिटाई लोकतंत्र के चौथे खम्बे पर प्रहार है पुलिस की बर्बारता पूर्ण कार्यवाही केवल बीजेपी शासन काल में ही हो सकती है । नौशाद खान द्वारा दिये जाने वाले दिनांक 18 मार्च के धरने में एक प्रमुख मुद्दा यह भी होगा व बेरोजगारी को रोजगार वापस दिलवाना व तहसील चौराहा सीहोर के अवैध अतिक्रमण सहित पूरे नगर के अतिक्रमण को हटाने की मांग राकपा द्वारा की जावेगी व जिला प्रशासन की उक्त बर्बारता पूर्ण कार्यवाही की नौशाद खान द्वारा कड़े शब्दों में निन्दा की गई है । व सम्पूर्ण प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच निष्पक्ष करने की मांग की है।

नगद 1 लाख के साथ कीमती हीरे-जेवर चोरी

आष्टा 10 मार्च (फुरसत)। नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर में आयोजित प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने आये मुम्बई निवासी श्रीमति यामिनी पत्नि अमित भाई झवेरी जिस फ्लैट में ठहरी थीं, आज प्रात: 8 से 11 बजे के बीच में उक्त फ्लैट के पिछले हिस्से की खिड़की में से अज्ञात चोर फ्लैट में घुसे और कमरे में रखी एक अटैची में से लगभग 1 लाख रुपये नगद, मोती का नेकलेस, हीरे का पैंडल, एक ब्रेसलेट, हीरे की बूटी सहित अन्य जेवरात चुरा कर ले गये। जिस वक्त अज्ञात चोर ने इस कार्य को अंजाम दिया।
उस वक्त फरियादी भगवान की प्रतिष्ठा जो प्रात: हो रही थी उसमें शामिल होने फ्लैट के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर गई हुई थीं तथा उनकी नौकरानी बाहर पास में ही बैठी थी। जब प्रतिष्ठा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। फरियादी श्री यामिनी झवेरी फ्लैट में पहुँची तो उन्होने अटैची को खुला देखा तथा खिड़की खुली हुई पाई। तब उन्हे ज्ञात हुआ कि अज्ञात चोर अटैची में रखे नगदी रुपये व अन्य जेवरात चुरा कर ले गये हैं। बाद में उन्होने प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के प्रमुख कार्यकर्ताओं को उक्त घटना से अवगत कराया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। तब एसडीओपी मनु व्यास, टीआई अतीक अहमद खान घटना स्थल पहुँचे। वहाँ निरीक्षण किया। बाद में सीहोर से एफएसएल पार्टी और फ्रिंगर प्रिंट विशेषज्ञ भी पहुँचे। इस संबंध में पुलिस ने पूछताछ के लिये कुछ लोगों को थाने बुलाया है। आश्चर्य इस बात का है कि हजारों की उपस्थिति प्रतिष्ठा महोत्सव में किले में होने के बाद भी दिन दहाड़े उक्त चोरी होना कई प्रकार की शंका-कुशंकाओं को जन्म दे रही है। वहीं आश्चर्य इस बात का भी है कि कल ही पुलिस जो प्रतिष्ठा महोत्सव में किले क्षेत्र में डयूटी पर लगी हुई है वहीं समिति ने सुरक्षा की दृष्टि से अनेकों निजी सुरक्षा कर्मियों को भी इस क्षेत्र में लगा रखा है। इसके बाद भी अज्ञात चोर यह घटना को अंजाम दे गया। स्मरण रहे कि कुछ दिनों पूर्व ही पास ही में स्थित श्री दिगम्बर जैन मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति चोरी के लगभग इसी समय चुराकर ले गया था। आज इस चोरी को पुलिस अभी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रही है कि कुल मशरुका कितना चोरी गया लेकिन नगर में चर्चा है कि करीब चोरी में 2 से 4 लाख रुपये चोरी होना माना जा रहा है। टीआई का कहना है कि फरियादी 454, 380 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की खोज की जा रही है।

शुभ मूहुर्त संतों के सानिध्य में भगवान विराजे

आष्टा 10 मार्च (फुरसत)। आष्टा के नागरिको, भक्तो ने वर्षो पहले जो एक सपना देखा था। आज शुभ मुहूर्त में आष्टा तीर्थ नगरी में आज प्रतिष्ठा एवं अंजन शलाका कार्यम के नवम दिन पूज्य आचार्य देव श्रीमद् अजितसेन सू.म.सा., पूज्य आचार्य देवश्री विजय नयवर्धन सू.म.सा., पन्यास प्रवर हर्ष तिलक विजय जी म.सा. की शुभ निश्रा तथा हजारो श्रावक-श्राविकाओ की उपस्थिति में नव-निर्मित देरासर में मूलनायक भगवान श्री नेमिनाथजी की प्रतिष्ठा का लावा लेने वाले परिवार मुम्बई निवासी अरूणाबेन, कुमारपाल भाई, बालूभाई झवेरी परिवार के सदस्यो ने प्रतिष्ठा कार्यम सम्पन्न किया। अन्य भगवान की मूर्तियो की भी प्रतिष्ठा लावा लेने वाले परिवारजनो ने विधि विधान के साथ की। प्रतिष्ठा एवं अंजनशलाका कार्यम प्रतिष्ठाचार्य द्वारा सम्पन्न कराया गया। प्रात: शुभ मुहूर्त में मंदिर के शिखर पर ध्वज, कलश की भी स्थापना लावा लेने वाले परिवार के सदस्यो के हाथो सम्पन्न हुआ। प्रतिष्ठा कार्यम में आज म.प्र. के वित्त मंत्री श्री राघवजी भाई सपत्नीक पधारे। यहां पर मंत्री श्री राघवजी भाई ने पूज्य आचार्य श्री के दर्शन कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिष्ठा समिति ने उनका स्वागत सम्मान किया। इस अवसर पर प्रशासनिक व्यवस्था समिति के अध्यक्ष श्री राकेश सुराना ने उनकी अगवानी की। प्रतिष्ठा कार्यम के पश्चात् पूज्य आचार्य श्री विजय नयवर्धन सू.म.सा. ने उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि ज्ञानियो ने जिन भक्ति के बारे अनेको बाते बताई कि बिना जिन भक्ति के के मुक्ति प्राप्त नहीं हो सकती है। भारत वर्ष की धरा धर्म साधना के लिये, मोक्ष पाने के लिये योग्य भूमि है। मालवा में ही तीर्थ नगरी आष्टा में यह भव्य निर्माण तीर्थ के रूप में हुआ है। यहां मूल नायक भगवान श्री नेमिनाथ जी की, शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान की इतनी पुरानी प्रतिमायें हैं। निश्चित आष्टा को तीर्थ नगरी का गौरव प्राप्त हो सकता है। भगवान नेमिनाथ जी ने संसार के इस जीवन को राग का पथ बताकर पलभर में ठोकर मारकर वैराग्य का पथ स्वीकार किया। अब आप पर बहुत बडी जिम्मेदारी आ गई है कि भगवान की ऐसी भक्ति करें की भक्ति करते करते यह भाव दिल में आ जाये कि मेरा राग कब कम हो और वैराग्य के भाव कब आयें। कल आष्टा में भगवान की दीक्षाकल्याणक का जो विशाल और ऐतिहासिक वरघोड़ा निकला जिसका पूरे नगर के हर धर्म, वर्ग के लोगो ने अपनत्व भाव से जो सहयोग और सहभागिता प्रदान की आनन्द छा गया। आष्टा की प्रजा बहुत अच्‍छी है। आचार्य श्री ने कहा कि सभी कर्मो में मोहनीय कर्म, सभी व्रतो में चौथा व्रत और सभी इन्द्रियो में रसना इन्द्री बहुत ही कठिन है। अब आपको यह मानकर कि यह मंदिर मेरा है, यह भगवान मेरे हैं ऐसा समझकर ऐसी भक्ति करें कि आत्मा के कल्याण के द्वार खुल जायें। यह मेरी प्रेरणा आप सभी को है। इस अवसर पर आज पूज्य पन्यास प्रवर श्री हर्ष तिलक विजय जी म.सा. ने अपने भाव प्रगट करते हुये कहे कि बडे पुण्यों से यह मानव का जीवन मिला है। महापुण्य योग से प्रभु के शासन का यह योग प्राप्त हुआ है। जिसे परमात्मा का शासन मिल जाता है, उसकी मुक्ति सुनिश्चित है। वर्षो पहले जो सपना आचार्य श्री राजतिलक सू.म.सा. ने देखा था। आज लम्बे इंतजार के बाद प्रतिष्ठा के साथ यह सपना पूरा हुआ, दु:ख इस बात का है कि आचार्य श्री राजतिलक सूरिजी नहीं हैं लेकिन खुशी इस बात की है कि उनका सपना पूरा हुआ। उनके देवलोक के बाद जो बडी जिम्मेदारी मुझ पर थी आज उससे मुक्त हो गया। आज पूरे आष्टा में खुशी ही खुशी छाई है। मैं तो आज प्रतिष्ठा के बाद चिन्ता से मुक्त हो गया। लेकिन अब आपको इस तीर्थ कि चिन्ता करना है। आप पर बडी जिम्मेदारी है। सभी नें प्रतिष्ठा निर्माण में तन, मन, धन से पूरा सहयोग दिया, लाभ लिया है। अब आपकी जिम्मेदारी है कि इस तीर्थ की जिम्मेदारी यहां का श्री संघ करे।
आज की नवकारशी, स्वामी वात्सल्य, पूजा आदि का लाभ लेने वाले परिवार अरूणाबेन , कुमारपाल भाई झवेरी मुम्बई, राजमल छगनमल संचेती आष्टा का बहुमान मोतीचंद झवेरचंद झवेरी परिवार ने किया तथा दोपहर में पूजन के लाभार्थी परिवार इन्दरमल, महेन्द्रकुमार, बसंतकुमार सुराना परिवार का बहुमान अनोखीलाल बसंतकुमार खण्डेलवाल परिवार आष्टा ने किया। आज हिन्दू समाजसेवा संगठन की ओर से हिन्दू नेता अनोखीलाल खंडेलवाल ने दानदाताओ एवं समाज की सेवा करने वालो का बहुमान किया वहीं प्रतिष्ठा महोत्सव समिति की ओर से हिन्दू नेता अनोखीलाल खंडेलवाल का तथा अन्य दानदाताओ का बहुमान कर स्मृति चिन्ह भेंट किये गये। आज प्रतिष्ठा महोत्सव में दोपहर में वृहद् अष्टोत्तरी पूजन सम्पन्न हुई। समिति ने सुप्रसिध्द भजन गायक हितेश भाई का भी सम्मान किया गया। 15,16,17 मार्च में कायथा में आचार्य श्री की निश्रा में प्रतिष्ठा कार्यम होगा।
प्रात: शुभ मुहूर्त में प्रतिष्ठा का श्रेष्ठतम विधान, नूतन जिनबिंबो का प्रथम दर्शन, केवल ज्ञान कल्याणक की उजवणी, निर्वाणक कल्याणक के 108 अभिषेक के कार्यम सम्पन्न हुये।
11 मार्च को प्रात: शुभ मुहूर्त में चतुर्विध श्री संघ की उपस्थिति में मंगल वाजित्र के सुरीले स्वर के साथ बाजते भव्य जिनालय एवं गुरूमंदिर का द्वारोद्धाटन बोली लेने वाले श्रावक राजमल छगनमल संचेती के निवास से सभी मंदिरजी पहुचेगें और प्रतिष्ठा के बाद प्रभु के प्रथम दर्शन करायेगें। उसके बाद सत्तरभेदी पूजा सम्पन्न होगी एवं 22 छोड़ का भव्य उद्यापन भी सम्पन्न होगा। द्वारोद्धाटन के बाद पूज्य आचार्य श्री का आष्टा से सोनकच्‍छ की ओर मंगल विहार होगा।
आभार श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर में भगवान श्री नेमिनाथ जी की भव्य प्रतिष्ठा एवं अंजन शलाका का कार्यम को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में समाज के साथ अन्य सभी समाजो का, म.प्र. शासन का, सभी संगठनो, समाजसेवी संस्थाओ, आष्टा नगर पालिका, विद्युत मण्डल, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, अन्य सभी विभागो के वरिष्ठ अधिकारियो, अधीनस्थ अधिकारियो कर्मचारियो का प्रतिष्ठा महोत्सव समिति ने सभी का आभार व्यक्त करते हुये दिये गये प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग के प्रति हदय से आभार व्यक्त किया। प्रतिष्ठा महोत्सव समिति ने समाज के सभी मण्डलो के प्रमुखो, बालक, बालिका, बहू मण्डल, युवा मण्डल एवं प्रतिष्ठा महोत्सव की अन्य उपसमितियो के सभी सदस्यो का भी सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

गुजरात से आए चिकित्सकों ने किया हृदय रोगियों का परीक्षण

सीहोर 10 मार्च (फुरसत)। सीहोर स्थित गीताभवन में रूरल वर्ल्ड हेल्थ एंड एजुकेशन आर्गनाइजेशन संस्था भोपाल द्वारा आज हृदय रोगियों की जांच और परीक्षण के लिए एक केम्प आयोजित किया गया जिसमें गुजरात से आए हृदय रोग विशेषज्ञों ने रोगियों की जांच की । केम्प में हृदय से संबंधित रोग के अलावा डायबिटीज के रोगियों का परीक्षण किया गया । शिविर में करीब दो सौ रोगियों की जांच की गई और नि:शुल्क दवाएं भी वितरीत कि गई । रूरल वर्ल्ड हैल्थ एंड एजुकेशन आर्गनाइजेशन संस्था भोपाल द्वारा सीहोर जिले में हृदय एवं डायबिटीज के रोगियों की सुविधा के मद्देनजर गुजरात के सुपर स्पेशलिस्ट कार्डियोलाजिस्ट को बुलाकर मरीजों की जांच कराई गई । बेन्कर्स हार्ट इंसटीटयूट बडोदरा गुजरात से आए चिकित्सकों डा. निरव भालानी, डा. मुकेश गोयल एवं सैय्यद फरहान ने हृदय रोग, बाँल्व एवं ब्लडप्रेशर तथा शुगर रोग से संबंधित रोगियों की जांच की। शिविर में कार्डियोग्राम, इको कार्डियोग्राफी कलर डाप्लर टेस्ट, शुगर टेस्ट सहित अन्य जांच की सुविधाएं मौजूद थी । जिनके जरीए मरीजों की जांच की गई। शिविर में जिला चिकित्सालय सीहोर के चिकित्सक डा. बी.के.चतुर्वेदी ओर डा. आर.के.वर्मा, ने भी सहयोग प्रदान किया । संस्था की अध्यक्ष श्रीमति ज्योत्स्ना और सचिव डा. प्रीति ने बताया कि स्थानीय स्तर पर लोगों की बीमारियों का बेहतर और सही समय पर उपचार कराने के उद्देश्य को लेकर यह केम्प आयोजित किया गया । जिसमें गुजरात के हृदय रोग विशेषज्ञों को खास तौर से बुलाया गया ताकि अधिक से अधिक लोगो को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक चिकित्सीय सुविधाओं का लाभ मिल सकें ।

बिजली कटोती के विरोध में कांग्रेस जनों ने ज्ञापन दिया

जावर 10 मार्च (फुरसत)। नगर में पिछले कुछ दिनों से बिजली की अघोषित कटौती का दौर जारी है जिसका नगर की पेयजल व्यवस्था के साथ ही छात्रों की बोर्ड परीक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है । कटौती के कारण छात्र छात्राएं अपनी पढ़ाई ठीक से नही कर पा रहे है । इसके अलावा जितने समय भी बिजली मिलती है उसमें बोल्टैज इतने कम आते है कि मोटरे ही चल नही पाती है । इन सब परेशानियों को देखते हुए शनिवार को कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने न.प. अध्यक्ष फूलसिंह मालवीय के नेतृत्व में जिलाधीश के नाम तहसीलदार के रीडर को ज्ञापन सौंपा गया । ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि बिजली व्यवस्था में शीध्र सुधार नही किया गया तो हम कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता नागरिकों के साथ आंदोलन करने को बाध्य होगे । न.प. अध्यक्ष ने बताया कि हमारी मांग है अन्य नगरीय क्षैत्रों की भांति जावर नगर को भी उच्च बोल्टेज के साथ पर्याप्त समय तक बिजली दी जाये दोपहर दो बजें से शाम 6 बजे तक बिजली दी जाय। साथ ही जावर नगर की सेफरेट लाइन खींचने के लिये पोल गढ़ गये है इस पर शीध्र तार खिचावायें जाये । ज्ञापन देने वालों में न.प. अध्यक्ष फूलसिंह मालवीय, नूतन कुमार जैन, राजेन्द्र भरेवा, कृष्ण गोपाल अजमेरा, आशिक अली, मुकेश चौरसिया, तेजसिंह, कमलसिंह, रामलाल, दिलीप जैन, विजेन्द्र जैन, दयाराम आदि थे।

Monday, March 10, 2008

वार्ता के पत्रकार को सरेआम पुलिस ने डंडे से मारा, दुकान तोड़ दी

सीहोर। दो दिन पूर्व मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री का जन्‍मदिन मनाते समय सीहोर जिले के कलेक्‍टर और एक सांसद के बीच हुए विवाद को वार्ता (यूएनआई) के वरिष्‍ठ पत्रकार ने जारी किया था। जिसमें कलेक्‍टर और भाजपा सांसद के बीच हुए घटनाक्रम का विस्‍तार से उल्‍लेख था । कलेक्‍टर के साथ हुई झूमाझटकी की जानकारी भी समाचार में थी। इस समाचार से पूरा जिला प्रशासन सीहोर नाराज था। आनन-फानन में वार्ता के पत्रकार रामनारायण ताम्रकार को उनके मकान और एक दुकान के संबंधित नोटिस जारी किया गया था कि आपका निर्माण नगर पालिका के नियमों के तहत नहीं है। 6 मार्च शिवरात्री के तीसरे दिन छपे समाचारों के बाद शनिवार 8 मार्च को पत्रकार को नोटिस मिले और आज 10 मार्च को अचानक पत्रकार की प्रसिद्ध दुकान को जिला प्रशासन के एसडीएम और नगर पालिका अमले ने पहुंचकर पूरा तोड़ दिया। यह दुकान नगर के प्रसिद्ध दुकान थी। पत्रकार ने जब इसका विरोध किया तो उसको बीच सड़क पर पुलिस ने लाठियों ने मारा, उसके बेटे की पीठ मार मारकर लाल कर दी। कुल घर के 4 सदस्‍यों को घायल कर दिया, समाज के अन्‍य लोग जो बचाने पहुंचे उन्‍हे भी पुलिस ने मारा। वार्ता एजेंसी क्‍या करती है देखते हैं। आज सोमवार को सुबह से नगर पालिका अमला प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम के साथ पहुंचा और उसने नई जनरल स्‍टोर की दुकान पर जेसीबी चला दी। सामान तक नहीं हटाने दिया गया। कांच और महंगे फर्नीचर की दुकान को जेसीबी ने तहस नहस कर दिया इसका विरोध करने पर पत्रकार पर पुलिस ने सरेआम डंडे बरसाये जिन लोगों ने बचाव का प्रयास किया उनकी पीठ भी लाल कर दी गई। चार लोगों की पीठ लाल हो गई, पूरे सीहोर जिले व नगर के लोग घटना से स्‍तब्‍ध हैं। घायलों को भोपाल हमीदिया रिफर किया गया है।

भगवान की दीक्षा का ऐतिहासिक वरघोड़ा निकला

आष्टा 9 मार्च (फुरसत)। आज श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर में भगवान नेमिनाथ जी की प्रतिष्ठा एवं अंजनशलाका के आठवे दिन आज प्रात: मंदिरजी में देवीपूजन पूज्य आचार्य देवश्री अजितसेन सू.म.सा., आचार्य देवश्री विजय नयवर्धन सू.म.सा., पन्यास प्रवर श्री हर्षतिलक विजयजी म.सा. की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इसके बाद प्रात: 9 बजे किला मंदिरजी से भगवान की दीक्षा का विशाल ऐतिहासिक वरघोड़ा प्रारम्भ हुआ। वरघोड़े में सबसे आगे सुसज्जित रथ में इन्द्र-इन्द्राणी इन्द्रध्वज के साथ आगे-आगे चल रहे थे। उसके पीछे हाथी, घोड़े, बग्गी, वर्धमान जैन नवयुवक मंडल का बैण्ड, दर्शनलोक कलामंडल उज्जैन के कलाकार आदिवासी नृत्य करते हुये, अहमदाबाद का मिलन बैण्ड, किला, गंज, स्थानक की महिला मण्डल, बहूमण्डल किला एवं गंज, बालिका मण्डल की सदस्यायें, युवा संघ के सदस्य अपनी-अपनी निर्धारित वेशभूषा धारण किये चल रहे थे। आज अहमदाबाद का मिलन बैण्ड, आष्टा का आजाद बैण्ड, भजन मण्डली भगवान के सुमधुर भजन गाते चल रहे थे। वहीं आज जब भगवान नेमप्रभु राजुल से विवाह के लिये पहुंचे तो उनके कानो में जैसे ही पशुओ का न्दन सुनाया, तब उन्होंनें कृष्ण से पूछा कि यह न्दन कैसा। तब उन्होनें बताया कि इन्हें किस लिये रोका गया है और उन्हें क्यों लाया गया है। जैसे ही नेम प्रभु ने सुना कि उनके कारण इन मूक पशुओ की मृत्यु होने वाली है। बस उसके तत्काल बाद उन्होनेंे शादी से इंकार कर दीक्षा का निर्णय ले लिया । उक्त झांकी आष्टा के कलाकार शेषनारायण मुकाती एवं श्री राम बजरंग मण्डल के युवा कलाकारो द्वारा बनाकर वरघोड़े में शामिल की गई थी। दीक्षा कल्याणक का विशाल वरघोड़ा किला मंदिरजी से प्रारंभ हुआ जो पुराना बस स्टेण्ड, अस्पताल रोड, परदेसीपुरा, बुधवारा, गल चौराहा, कन्नौद रोड, दादावाडी, अदालत रोड, सुभाष चौराहा, गांधी चौक, बडा बाजार, भवानी चौक होता हुआ। पुन: किला मंदिरजी पहुंचा। किला मंदिर जी पर भगवान की दीक्षा की उजवणी का बडा ही मार्मिक दृश्य कार्यम समपन्न हुआ। जिसमें भगवान नें किस प्रकार दीक्षा ग्रहण की उसका पूरा कार्यम समपन्न हुआ। भगवान की दीक्षा ग्रहण के प्रसंग देखकर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं के नेत्रो से अश्रु बह निकले। किला मंदिरजी पर आज पूजन वरघोड़ा नवकारसी स्वामी वात्सल्य के लाभार्थी परिवार राजमल छगनमल संचेती आष्टा रतन चंद रूपा जी चौहान, मुम्बई, प्रेमकुमार सिंगी आष्टा, पारसमल सिंघवी आष्टा, पंकजभाई झवेरी मुम्बई का बहुमान अनोखीलाल, द्वारकाप्रसाद खण्डेलवाल परिवार, राजमल छगनमल संचेती परिवार ने बोली का लाभ लेकर लाभार्थी परिवार का बहुमान किया। आज प्रतिष्ठा महोत्सव समिति के लिये मध्यप्रदेश शासन द्वारा नियुक्त किये प्रभारी मंत्री श्री पारसजी जैन (स्कूली शिक्षा राज्य मंत्री) पूरे समय वरघोड़े में शामिल रहे। वरघोड़े का समापन किला मंदिर पर मंत्री श्री पारसजी जैन, पूर्व मंत्री श्री सज्जन सिंह जी वर्मा, राज्य सभा सांसद श्री नारायण सिंह केसरी, क्षेत्र के विधायक रघुनाथ सिंह मालवीय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ललित नागौरी का प्रतिष्ठा महोत्सव समिति की ओर से पंकजभाई झवेरी, अहमदाबाद के समाज सेवी श्री सी.के. राव ने सम्मान कर सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किये। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक श्री रंजीतसिंह गुणवान समाजसेवी राजाराम बडेभाई सीहोर, इंजीनियर गोपालसिंह भोपाल, हिन्दू जागरण मंच के अनोखीलाल खण्डेलवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष संतोष झंवर , बाबूलाल जैन नेताजी, विशेष रूप से उपस्थित थे। सम्मान समारोह का संचालन लोकेन्द्र बनवट ने किया। आज नगर में निकले भव्य ऐतिहासिक वरघोड़े में भगवान के माता-पिता बने श्री नीलेशभाई उर्वशी बेन मेहता, मुम्बई सुसज्जित रथ में भगवान को लेकर बैठे थे तथा पूरे वरघोड़े में हजारो रूपयो का वर्षीदान किया गया। जिसे लूटने के लिये पूरे वरघोड़े में भीड़ उमडी। आज नगर में निकले दीक्षा कल्याणक के वरघोड़े का मुस्लिम विकास मंच , मेवाडा समाज, पारख परिवार, पाटीदार समाज, स्वर्णकार समाज, खत्री परिवार, भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ, ओशोमित्र मंडल, खंडेलवाल परिवार, भाजयुमो जिला एवं नगर भाजपा, जांग़डा समाज , किराना,कपडा, सराफा व्यापारी संघ , मानस सम्मेलन समिति, हिन्दू उत्सव समिति, प्रभु प्रेमी संघ, मोहर्रम कमेटी काजीपुरा, पांचम परिवार, इंजी. गोपाल सिंह फैन्स क्लब, दाउदी बोहरा समाज, अनाज तिलहन व्यापारी संघ, केमिस्ट एसोसियेशन सहित अनेको नागरिको संगठनो ने वरघोड़े का स्थान - स्थान पर मंच बनाकर स्वागत सम्मान किया। सभी मंचो पर प्रतिष्ठान महोत्सव समिति के पदाधिकारियो का साफा बांधकर सम्मान किया गया। किला मंदिर पर प्रतिष्ठा परिशिष्ट आष्टा दर्पण का संपादक प्रकाश पोरवाल द्वारा अतिथियो से विमोचन कराया। वरघोड़ा किला मंदिर जी पहुंचा उसके बाद पूज्य आचार्य श्री नयनवर्धन सू.म.सा., पन्यास प्रवर हर्षतिलक विजय जी म.सा. की उपस्थिति में दीक्षा कल्याणक की भव्य उजवणी का कार्यम व अन्य धार्मिक कार्यम समपन्न हुये। आज प्रतिष्ठा महोत्सव में हजारो जैन-अजैन श्रावक-श्राविकायें शामिल थे। आज आष्टा में जो ऐतिहासिक वरघोड़ा निकला उसे आष्टा के इतिहास में अभी तक का सबसे विशाल वरघोड़ा माना जा रहा है। आज निकले विशाल वरघोड़े में पूरे नगर में स्थान-स्थान चौराहे-चौराहे पर पिण्डवाडा के युवा कलाकार अलकेशभाई वरघोड़े में आगे-आगे आकर्षक सुन्दर रंगोली बनाते हुये चल रहे थे। वरघोड़े में आचार्य श्री साधुजी, साध्वीजी, श्रावक-श्राविकायें शामिल थे। प्रतिष्ठा महोत्सव समिति ने आष्टा नगर के सभी नागरिको संगठनो का नगर में निकल वरघोड़े का स्वागत एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। 10 मार्च को मंदिरजी में प्रात: नूतन जिनबिंबो का प्रथम दर्शन केवलज्ञान कल्याणक की उजवणी, निर्वाणक कल्याणक के 108 अभिषेक एवं शुभ मूहर्त में प्रतिष्ठा का श्रेष्ठतम विधान विजय मूहूर्त में प्रभावशाली श्री वृहद् अष्टोत्तरी शांति स्नात्र पूजन आदि के कार्यम समपन्न होगें।

ताम्रकार मामले में कांग्रेसी राज्यपाल से मिलकर करेंगे न्याय की गुहार

सीहोर 10 मार्च (फुरसत)। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार सहअधिवक्ता रामनारायण ताम्रकार के साथ जिला प्रशासन ने सुनियोजित ढंग से एक तरफा कार्यवाही कर उनके बस स्टेंड स्थित प्रतिष्ठान चौपाटी ससुराल को अतिक्रमण हटाए जाने का बहाना लेकर द्ववेषता पूर्ण कार्रवाई कर चौपट कर दिया तथा रामनारायण ताम्रकार एवं उनके पुत्र सुमित ताम्रकार तथा उनके भाई अशोक ताम्रकार तथा सहयोगी घनश्याम यादव पर जान लेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया । इस कृत्य की जिला कांग्रेस कमेटी कड़े शब्दों में निंदा करती है । म.प्र. विधानसभा में विधायक दल के प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री सानसिंह वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, पूर्व विधायक शंकरलाल साबू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुश्री रूकमणी रोहिला, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, महेश दयाल चौरसिया, कलीमउद्दीन कु रैशी, राजेश आजाद, पवन राठौर, दिनेश भैरवे, राहुल यादव, सुरेंद्र राठौर, मधुसूदन अग्रवाल आदि अन्य कांग्रेसजनों ने भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में श्री ताम्रकार से मुलाकात की तथा समुचित घटनाक्रम से अवगत हुए । सानसिह वर्मा एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैलाश परमार ने कहा कि 11 मार्च को जिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें समुचित घटना से अवगत कराएगा एवं न्याय की गुहार करेगा ।

ताम्रकार मामले में कांग्रेसी राज्यपाल से मिलकर करेंगे न्याय की गुहार

सीहोर 10 मार्च (नि.सं.)। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता एवं वरिष्ठ पत्रकार सहअधिवक्ता रामनारायण ताम्रकार के साथ जिला प्रशासन ने सुनियोजित ढंग से एक तरफा कार्यवाही कर उनके बस स्टेंड स्थित प्रतिष्ठान चौपाटी ससुराल को अतिक्रमण हटाए जाने का बहाना लेकर द्ववेषता पूर्ण कार्रवाई कर चौपट कर दिया तथा रामनारायण ताम्रकार एवं उनके पुत्र सुमित ताम्रकार तथा उनके भाई अशोक ताम्रकार तथा सहयोगी घनश्याम यादव पर जान लेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया । इस कृत्य की जिला कांग्रेस कमेटी कड़े शब्दों में निंदा करती है ।
म.प्र. विधानसभा में विधायक दल के प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री सानसिंह वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार, पूर्व विधायक शंकरलाल साबू, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुश्री रूकमणी रोहिला, जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, महेश दयाल चौरसिया, कलीमउद्दीन कु रैशी, राजेश आजाद, पवन राठौर, दिनेश भैरवे, राहुल यादव, सुरेंद्र राठौर, मधुसूदन अग्रवाल आदि अन्य कांग्रेसजनों ने भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में श्री ताम्रकार से मुलाकात की तथा समुचित घटनाक्रम से अवगत हुए । सानसिह वर्मा एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कैलाश परमार ने कहा कि 11 मार्च को जिला कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल महामहिम राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें समुचित घटना से अवगत कराएगा एवं न्याय की गुहार करेगा ।