Friday, March 7, 2008

सीहोर में बजरंग दल ने की पहल, शिवरात्री पर सेंटएनीस में छुट्टी कराई

मजबूर होकर तहसीलदार ने स्कूल में जाकर छुट्टी की घोषणा की, बजरंग दल की पूरे नगर में प्रशंसा हुई
सीहोर 6 मार्च (फुरसत)। ईसामशीह के क्रिसमस डे के एक दिन के त्यौहार को जबरन 10 की बड़े दिन की छुट्टी के रुप में लादकर भारतीय बच्चों को ईसाई पर्व मनवाने वाली ईसाई मिशनरी के सेंटएनीस स्कूल में राष्ट्रीय स्तर की घोषित महाशिवरात्री की छुट्टी भी नहीं की गई थी। जानबूझकर संस्थान हिन्दु पर्व पर कोई न कोई बहाना बनाकर स्कूल खोलता है जबकि छोटे-छोटे ईसाई पर्व यहाँ मनाये जाते हैं, छुट्टी कर दी जाती है। यहाँ बच्चों को अंग्रेजी सिखाने के लालच में अभिभावक चुप इनकी सारी यादती झेलते हैं, और शिक्षा विभाग वाले हमेशा इस तरफ से आंखे मूंंद कर रखते हैं। जबकि कलेक्टर और बड़े अधिकारी खुद के बच्चे यहाँ पढ़वाकर इस संस्थान के इतने दबते हैं कि उनके मुँह से इस संस्था के खिलाफ आवाज भी नहीं निकलती। कोई शिकायत की भी जाती है तो बहाने बनाकर यह बच जाते हैं।
आज इसका विरोध करते हुए शिवरात्री पर खुले स्कूल में बजरंग दल के कार्यकर्ता अतुल काका और शंकर ठाकुर के अगुवाई में पहुँचे और यहाँ बच्चों की छुट्टी का निवेदन किया। साथ ही भी समझाया कि यह बड़ा हिन्दु पर्व है। हालांकि संस्थान संचालिका ने इस पर आपत्ति की लेकिन जब उन्हे समझाया तो वह मानने को मजबूर हुई कि हाँ यह बड़ा हिन्दु पर्व है जिसे भारत में मनाना होगा। बाद में पुलिस बल पहुँचा। अंत में नहीं चाहते हुए भी जिला प्रशासन के तहसीलदार ने मजबूरन यहाँ आकर छुट्टी की घोषणा की और सारे बच्चे धीरे-धीरे रवाना हो गये।

सीहोर में शिव बारात का पूरे नगर में हुआ जोरदार स्वागत, शिवनाद से गूंजे शिवालय

सीहोर 6 मार्च (फुरसत)। सूरज की पहली किरण के साथ जहाँ पूरा नगर शिवनाद से गूंज उठा वहीं शाम को मंदिरों पर मेला भरा गया। इधर शिवबारात की जोरदार अगवानी दोपहर बाद से ही करने वालों ने स्वागत तैयारियाँ शुरु कर दी थी। शाम होते-होते कस्बा से उठी महाशिवरात्री की महाबारात जब कस्बा से छावनी में प्रवेश करते हुए आई तो एक तरह पूरा वातावरण ही शिव मय हो गया। अनेकानेक जगह स्वागत हुआ। अनेक अखाड़ो के साथ हिन्दुधर्म की ध्वज पताकाएं लहराते हुए विशाल जुलूस निकला। अनेक जगह भोलेनाथ की आरती उतार कर पुष्पवर्षा कर पुण्यलाभ भी अर्जित किया गया।
हर वर्ष अपने स्वरुप का विस्तार कर रही महाशिवरात्री चल समारोह की शिव बारात ने आज कमाल कर दिया। लोकेश सोनी की निरन्तर मेहनत के फलस्वरुप यह पूरा तामझाम आज नगर के लिये एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम बन चुका है। इस वर्ष एक नये पायदान के रुप में शिव बारात के साथ करीब 4-5 अखाडे भी शामिल हो गये। शिव बारात पारम्परिक रुप से रामद्वारा शिव मंदिर कस्बा से उठी जो कस्बा से घूमती हुई छावनी में प्रवेश करते मुख्य मार्ग डॉ मुखर्जी से होती हुई कोतवाली से जगदीश मंदिर चौराहा से नमक चौराहा, बड़ा बाजार होते हुए वापस कस्बा पहुँची। बारात में सबसे आगे 8 घुड़सवार बकायदा साफा बांधे हिन्दु धर्म की पताकाएं हाथ में लिये चल रहे थे। इनके पीछे डीजे पर युवक नाचते हुए थे।
इसके पीछे एक आकर्षक अखाड़ा अपना प्रदर्शन करते हुए, उसके पीछे भी एक और अखाड़ा था। इसके पीछे डीजे पर नाचते हुए युवक और उसके पीछे शिव बारात के बाराती के रुप में ब्रह्मा जी और भगवान विष्णु जी गरुड़ रथ पर सवार थे जिन्हे देखकर हर व्यक्ति नतमस्तक था।
इनके पीछे नारद जी रथ दो देवताओं के साथ चल रहा था जिसमें नारद की बारात की विशाल पर मुग्ध होकर नारायण नारायण जप रहे थे। इनके पीछे बैलगाडी क़े रथ पर भगवान भोलेनाथ सवार थे जिनकी स्थान-स्थान पर आरती हो रही थी।
आज मुस्लिम त्यौहार कमेटी ने गाड़ी अड्डा पर जोरदार स्वागत किया यहाँ मुस्लिम युवकों ने बिनाकी आदि चलाकर भी जुलूस का स्वागत किया। वहीं बड़ा बाजार में बजरंग दल के युवकों ने और रमेश सक्सेना मित्र मण्डल ने भी स्वागत किया। चरखा लाईन तिराहे पर सर्राफा संघ व आशीष गेहलोत मित्र मण्डली ने, जगदीश मंदिर चौराहा पर गाँधी क्लब ने और नमक चौराहा पर नव योति संगठन ने ठंडाई से स्वागत किया। नमक चौराहा पर वैष्णव भजन मण्डल ने श्री प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में स्वागत किया। आज नगर में सुबह से ही शिवालयों में ऊं नम: शिवाय की गूंज शुरु हो गई थी। नगर के प्रसिध्द शिव मंदिरों मनकामेश्वर महादेव मंदिर, चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, गुप्तेश्वर, नर्वदेश्वर, काशी विश्वनाथ, भूतेश्वर, सहस्त्रलिंगम, से लेकर सभी प्रमुख शिव मंदिरों पर सुबह से भक्तों की भीड़ पहुँचने लगी थी।
बिल्व पत्र से लेकर अन्य पूजन सामग्री से पूजन की जा रही थी। शाम को भी मंदिरों पर मेला लगा रहा।

आष्टा में महाशिवरात्री धूमधाम से मनी

आष्टा 6 मार्च (फुरसत)। आज महाशिवरात्री का पर्व आष्टा में भक्तों ने श्रध्दा-भक्ति उत्साह उमंग के साथ मनाया। सुबह से ही भोले के दरबार में भक्तों का पहुँचना शुरु हो गया था। अनेकों स्थानों पर आज अभिषेक विशेष पूजन आदि के कार्यक्रम हुए।
आज अनेकों भक्तों ने महाशिव रात्री पर उपवास व्रत आदि भी रखे नगर में आज शिवालयों में दिनभर बम-बम भोले के जयकारे गूंजे। आज नगर का प्राचीन ऐतिहासिक शिवालय पार्वती नदी किनारे स्थित भगवान शंकर के मंदिर पर हजारों भक्तों ने पहुँचकर भोले की पूजन दर्शन किये। बिलपत्र, पुष्प जल चढ़ाया। नगर के अन्य शिवालयों में भी आज भक्तों की दिन भर भीड़ रही। शिवरात्री पर आज बाबा रामदेव मंदिर सांई कालोनी में भी विशेष पूजन भक्ति एवं आरती के कार्यक्रम हुए। शंकर मंदिर में आज भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया एवं यहाँ आरती में सैकड़ो भक्तगण शामिल हुए। नगर पालिका ने आज शिवरात्री पर मंदिरों के आसपास विशेष सफाई कराई चूने की लाईन डाली व विशेष प्रकाश की व्यवस्था की गई।

प्रशासन द्वारा बुलाई शांति समिति की बैठक में मात्र 4-5 सदस्य ही आये, ऐसी स्थिति क्यों बनी

आष्टा 6 मार्च (फुरसत)। आष्टा में स्थानीय प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों का नगर के प्रमुख गणमान्य नागरिकों, पत्रकारों, शांति समिति के सदस्यों से किसी भी प्रकार का सीधा संबंध नहीं होने से इन दिनों नगर के स्थिति बड़ी ही विकट बनी हुई है। पिछले लगभग 6 माह से जब से आष्टा में एसडीएम के रुप में तेज तर्रार अधिकारी श्रीमति जी.व्ही.रश्मि आई हैं और उनके साथ तहसील में अन्य कार्यों के लिये इछावर के एसडीएम श्री अहिरवार जी को भी दो दिन के लिये आष्टा अटैच किया यहां के नागरिकों में बड़ी असमंजस की स्थिति बन गई की वे किससे चर्चा करें अब पूरी तरह से श्रीमति रश्मि एस.डी.एम. के रुप में कार्य कर रही है, लेकिन उनकी संवादहीनता के कारण स्थिति विचित्र है, इसका उदाहरण 4 मार्च को शाति समिति की बैठक में देखने को मिला जब नगर में महाशिव रात्री, होली रंग पंचमी का त्यौहार मनाने के लिये दूसरी बार शांति समिति की बैठक रखी जिसमें मात्र 4-5 लोग ही आये कईयों को टेलिफोन लगायें लेकिन कोई नहीं पहुँचा जब मजबूरी में प्रशासन ने उक्त बैठक को स्थगित किया और अब पुन: 14 मार्च को उक्त बैठक रखी है।
बैठक में शांति समिति के सदस्य एक बुलावे पर पहुँच जाया करते थे वे इस बार क्यों नहीं पहुँचे क्या यह स्थिति प्रशासन के अधिकारियों का जो रवैया इन दिनों चल रहा है उसके कारण बनी या कोई और कारण था। जिलाधीश सीहोर को संवेदनशील आष्टा में प्रशासन और नागरिकों के बीच जो यह स्थिति नजर आई उसे देखना चाहिए।

आष्‍टा में प्रतिष्ठा महोत्सव में आज भगवान का जन्मकल्याणक भक्ति भाव से मना
आष्टा 6 मार्च (फुरसत)। हमें केवल अपनी आत्मा की चिंता है लेकिन तीर्थंकर भगवान जो होते हैं उन्हे सभी आत्मा की चिंता होती है। तीर्थंकर भगवान की आत्मा ने भी एक बार अपने जैसे रहे हैं और 84 लाख योनियों में भ्रमण किया है। जब सम्यक दर्शन की प्राप्ति हो जाती है वहीं से तीर्थंकर बनने की साधना शुरु हो जाती है। कल जो था वो च्यवन कल्याणक था और आज भगवान का जन्म कल्याणक का पावन दिवस है।
उक्त बात श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर किला आष्टा पर चल रही भगवान की प्रतिष्ठा एवं अंजनशलाका के 5 वें दिन जन्मकल्याणक दिवस के पावन अवसर पर उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं में संबोधित करते हुए आचार्य देव श्रीमद् विजय नयवर्धन सू.म.सा. ने कहे आचार्य श्री ने आगे कहा कि सारे जगत का उध्दार करने वाले परमात्मा हैं। तीर्थंकर पद का स्वरुप क्या होता है यह सब शास्त्रों में बताया गया है जब तीर्थंकरों का पंच कल्याणक होता है तो सारे जगत में प्रकाश ही प्रकाश एवं आनंद तथा उत्साह छा जाता है। यहाँ तक नरक के जीवों को भी क्षण भर के लिये आनंद की अनुभूती होती है। जब अपना उत्कर्ष होता है तब दूसरों के लिये यह आनंद का कारण बनना चाहिए। कल च्यवनकल्याणक और आज जन्म कल्याणक पर आपने जो देखा वो नाटक नहीं था यह परमात्मा की भक्ति थी। जिन पात्रों ने इस भक्ति में किरदान निभाया यह उनका सौभाग्य है कि उन्हे उक्त पात्र बनकर उसका किरदान निभाने का शुभ अवसर प्राप्त हुआ। स्वर्ण में मेरु पर्वत पर भगवान का जन्माभिषेक होता है और चारों दिशाओं से छप्पन दिक् कुमारिकाएं उपस्थित होती हैं और गुणगान करती हैं इस अवसर परम पू.पन्यास प्रवर श्री हर्षतिलक विजय जी म.सा. ने भी अपने विचार रखे। इसके पूर्व प्रात: 8.15 बजे मंदिर जी पू.आचार्य भगवंत की निश्रा में जन्मकल्याणक विधान का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। दोप. में किला मंदिर से जन्कल्याणक का विशाल वरघोड़ा हाथ रथ, बैण्ड बाजे, शहनाई आदि के साथ निकला जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ किला मंदिर जी पर समाप्त हुआ। आज प्रात: किला मंदिर जी में विभिन्न प्रतिमाओं की प्रतिष्ठा की बोलियां भी सम्पन्न कराई गई। आज श्रावक नंदकिशोर मनोज कुमार वोहरा परिवार का बहुमान की बोली लेने वाले श्रावक रविन्द्र चन्द्रप्रकाश रांका परिवार ने बहुमान किया। आज जन्म- कल्याणक कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक रघुनाथ मालवीय विशेष रुप से उपस्थित थे। प्रतिष्ठा महोत्सव में भाग लेने के लिये दूर-दूर से भक्तों का नगर आगमन प्रारंभ हो गया। रोजाना बड़ी संख्या में भक्त तीर्थ नगरी आष्टा में पधार रहे हैं। वही प्रतिष्ठा महोत्सव समिति भक्ति सेवा भाव से प्रतिष्ठा कार्यक्रम को सम्पन्न कराने में दिन रात जुटे हुए हैं।

सीहोर में जबर्दस्त महादेव की बारात निकली

सीहोर 6 मार्च (फुरसत)। जबर्दस्त महादेव मंदिर कृषि उपज मण्डी गेट से महाशिवरात्रि के अवसर पर एक विशाल शिव बारात जबर्दस्त महादेव मंदिर से माता मंदिर चौराहा, माता मंदिर चौराहा से नरसिंहगढ़ नाका होते हुए इंदिरा कालोनी से रेस्ट हाउस होते हुए गिन्नौरा आश्रम में भगवान भोलेनाथ की आराधना आरती की गई एवं वापस जबर्दस्त महादेव मंदिर पर बारात पहुंची। इस अवसर पर विधायक रमेश सक्सेना एवं कमलेश कटारे विशेष रुप से उपस्थित रहे।
रास्ते में जगह-जगह शिव बारात का भव्य स्वागत किया गया। बारात में घोड़े, बग्गी एवं डीजे चल रहे थे। शिव बारात में पप्पु यादव, डायरेक्टर हम्माल संघ, तुलावट संघ, ताराचंद यादव तुलावट संघ अध्यक्ष, विनोद यादव, रामकृष्ण शर्मा एवं समस्त व्यापारियों, मण्डी समिति के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। राजाराम कोली, मण्डी समिति के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। राजाराम कोली, राम भरोस राठौर, बने सिंह मेवाड़ा, कमल सिंह ठाकुर, तुलसीराम सेन, भोलाराम यादव, विनोद यादव, जगदीश यादव, जसमत मेवाड़ा आदि।

आष्‍टा अस्पताल में मृत घोषित

आष्टा 6 मार्च (फुरसत)। आज प्रात: इन्द्रा कालोनी निवासी रामगोपाल पुत्र नारायण उम्र 55 वर्ष को सीने में दर्द की शिकायत के बाद परिजन अस्पताल लेकर आये यहाँ डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित किया। सूचना के बाद आष्टा पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।

सीहोर में ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना एक अप्रैल से

सीहोर 6 मार्च (फुरसत)। राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का यिान्वयन सीहोर जिले में एक अप्रैल से किया जाएगा जिसकी प्रारंभिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। योजनान्तर्गत गांवों के ऐसे प्रत्येक परिवार को साल में कम से कम 100 दिन का गारंटी शुदा रोजगार उपलब्ध कराया जायगा जिसके वयस्क सदस्य अकुशल शारीरिक श्रम करने को तैयार हैं।
कैसे मिलेगी मजदूरी
ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (आरईजीएस) में एक वित्त वर्ष के दौरान 100 दिन के रोजगार की गारंटी ग्रामीण परिवारों को दी गई है। अगर किसी परिवार में एक से अधिक व्यक्ति काम करना चाहते हैं तो उन्हें (एक साथ या अलग-अलग समय पर) काम पर रखा जा सकेगा, परंतु परिवार की पात्रता 100 दिन होगी। पंजीकरण कराने वाले परिवार के सभी वयस्क सदस्य काम के लिए आवेदन दे सकते हैं। पंजीकरण के लिए जरूरी होगा कि आवेदक स्थानीय निवासी हो, स्थानीय का मतलब आवेदक ग्राम पंचायत क्षेत्र के भीतर रहता हो। उस इलाके के प्रवासी परिवारों को भी स्थानीय निवासी परिवारों की श्रेणी में ही रखा जाएगा। जो परिवार कुछ समय पहले वहां से जा चुके है लेकिन उनके वापस आने की संभावना है वे भी इस प्रावधान का लाभ उठा सकते हैं। पंजीकरण के लिए यह भी आवश्यक होगा कि व्यक्ति अकुशल शारीरिक श्रम करने को तैयार है। वह स्थानीय ग्राम पंचायत में एक परिवार के रूप में आवेदन करे। यदि किसी परिवार में केवल एक सदस्य है तो उसे भी एक परिपूर्ण परिवार की श्रेणी में रखा जायगा। पंजीकरण के लिए सादे कागज पर आवेदन दिया जाएगा जो ग्राम पंचायत में जमा होगा। पंजीकरण के लिए पंचायत के समक्ष मौखिक रूप से भी आग्रह किया जा सकता है।
रोजगार कार्ड (जॉब कार्ड)
प्रत्येक पंजीकृत परिवार को ग्राम पंचायत द्वारा रोजगार (जॉब) कार्ड जारी किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण दस्तावेज है जिससे पारदर्शिता बनाए रखने और मजदूरों को जालसाजी से बचाने में सहायता मिलती है। रोजगार कार्ड की एक प्रति पंचायत में रखी जाएगी। कार्डधारक का मूल जॉब कार्ड खो जाने या क्षति ग्रस्त होने पर वह डुप्लीकेट जॉब कार्ड के लिए आवेदन कर सकेगा।
काम के लिए आवेदन
रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत काम के लिए आवेदन ग्राम पंचायत में दिया जाएगा जिसमें रोजगार कार्ड की पंजीकरण संख्या, आवेदक किस तारीख के बाद काम पर आना चाहता है तथा उसे कितने दिन रोजगार की जरूरत है का उगेख किया जाएगा। आवेदक को पावती दी जायगी जिस पर आवेदन जमा करने की तारीख लिखी होगी।
समयबध्द रोजगार
आवेदन प्राप्त होने की तारीख के 15 दिनाें के भीतर आवेदक को रोजगार उपलब्ध कराना संबंधित ग्राम पंचायत कार्यम अधिकारी की जिम्मेदारी होगा। अग्रिम आवेदन की स्थिति में उसी तारीख से रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा जिस तारीख से रोजगार की मांग की गई है। यदि कोई ग्राम पंचायत 15 दिवस के भीतर किसी आवेदक को रोजगार नहीं उपलब्ध करा पाती है तो रोजगार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कार्यम अधिकारी के ऊपर होगी। कार्यम अधिकारी द्वारा ऐसे आवेदक को समय पर रोजगार दिलाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
बेरोजगारी भत्ता
राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत आवेदन करने वाले किसी मजदूर को उस तारीख के 15 दिन बाद तक भी रोजगार नहीं मिल पाता है जिस तारीख से वह काम करना चाहता है तो उसे अधिनियम के प्रावधान के मुताबिक निर्धारित दर के हिसाब से बेरोजगारी भत्ता दिया जायगा और इसके लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बेरोजगारी भत्ते का भुगतान भी उसी तरह किया जाएगा जिस तरह वेतन का भुगतान किया जाता है।
व्यापक प्रचार - प्रसार सुनिश्चित जनपद पंचायत सीहोर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी मधुलिका शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना का लाभ जरूरत मंद लोगों को दिलाने के लिए जनपद क्षेत्र में इसका व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया गया है। योजना के विभिन्न प्रावधानों से ग्रामीणों को अवगत कराने के लिए सघन प्रचार-प्रसार अभियान शुरू किया गया है जिसके तहत 7 मार्च 08 तक मैदानी अमले द्वारा घर घर जाकर जानकारी दी जायेगी।

Thursday, March 6, 2008

सीहोर में शिवरात्री अवकाश पर भी खुलेगा सेंटएनीस स्कूल

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। राष्ट्रीय स्तर पर महाशिवरात्री पर्व की छुट्टी पर भी ईसाई मिशनरी का सेंटएनीस स्कूल आज खुलेगा जहाँ नन्हे पाँचवी तक के बच्चों की परीक्षा ली जायेगी। जबकि यह स्कूल ईसाई समुदाय के हर छोटे मोटे उत्सव को भी धूमधाम से मनाता ।
इस संबंध में शिक्षा अधिकारी ने फुरसत को बताया कि हम इसके लिये कुछ नहीं कर सकते, क्योंकि यह हमारे हाथ में नहीं है वरना करते। उल्लेखनीय है जिला प्रशासन के प्रमुख अधिकारियों के बच्चे यहीं पढ़ते हैं।

श्रीजी की हवेली पर कुंज एकादशी एवं वैष्णवों ने फाग उत्सव मनाया

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। श्रीनाथजी की हवेली पर आज कुंज एकादशी का उत्सव श्रद्धा पूर्वक फूलों के मण्डप एवं गुलालों के साथ मनाया । पुष्टि मार्गिय वैष्णव मण्डल के शांतिलाल साबू द्वारा बताया गया कि बंसत के इस मनमोहक मौसम में परमंपरा श्रीकुंज एकादशी पर हवेली पर भव्य श्रंगार किया एवं फूलों से दिव्य साा की गई । भजन कीर्तन हुये तथा फाग उत्सव का आनंद मनाया । पं. प्रदीप मिश्रा की फाग मण्डली ने सुंदर फाग गायन किया ।

आष्‍टा में प्रतिष्ठा महोत्सव में आज भगवान का च्यवनकल्याणक मनाया

आष्टा 5 मार्च (फुरसत)। मालवा के गिरनार तीर्थ स्वरुप आष्टा तीर्थ में श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन किला मंदिर जी में चल रहा भगवान के प्रतिष्ठा एवं अंजल शलाका महोत्सव के आज चौथे दिन महामंगलकारी पंच कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ प्रात: 8.30 बजे च्यवन कल्याणक विधान के साथ हुआ।
प्रात: मंदिर में पूय आचार्य देव श्रीमद अजित सेन सू.म.सा. पूय आचार्य देव श्रीमद विजय नयवर्धन सू.म.सा. पन्यास प्रवर पूय श्री हर्ष तिलक विजय जी आदी ठाणा एवं साध्वी मण्डल की निश्रा में इन्द्र इन्द्राणी एवं माता पिता प्रतिष्ठाचार्य धर्माचार्य की स्थापना गुरुपूजन एवं वाराणसी नगरी की महारानी द्वारा देखे चौदस स्वप् दर्शन का धार्मिक कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सर्वप्रथम मंदिर जी में विधि-विधान की क्रियाएं हुई।
उसके पश्चात वाराणसी नगरी के स्वरुप के स्टेज पर चौदस स्वप् दर्शन का बड़ा ही सुन्दर एवं आकर्षक कार्यक्रम हुआ। जिसमें महाराजा-महारानी इन्द्र-इन्द्राणी, महामंत्री नगर सेठ, राज योतिष, सेनापति, कोषाध्यक्ष, छडीदार का दरबार सजा इन पात्रों की बोली लेने वाले पात्रों ने शास्त्रों के हिसाब से अपना-अपना किरदार निभाया मंच का शानदार संचालन हितेश भाई ने किया। जिस प्रकार भगवान माता की कुक्षी में पधारे उसके बाद माता ने चौदस स्वप् निंद्रा में देखे और उन स्वप् का जो अर्थ वाराणसी के दरबार के राजयोतिष ने बताया इन सब का सजीव चित्रण मंच के पात्रों ने किया। इसके बाद आज किला मंदिर जी से च्यवन कल्याणक का विशाल वरघोड़ा हाथी, घोड़े, बैण्ड बाजे के साथ नगर में निकला जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुन: मंदिर जी पहुँचा। वरघोड़े में हाथी पर भगवान के माता-पिता बनने की बोली लेने वाले मुम्बई निवासी निलेश भाई एवं उर्वशी बेन भगवान के लिये वरघोड़े में शामिल थे।
वहीं विभिन्न महिला मण्डल की सदस्याएं सिर पर कलश लिये अपनी निर्धारित वेशभूषा में सिर पर कलश लिये शामिल थी। आज वरघोड़े में च्यवन कल्याणक दिवस के अवसर पर श्वेताम्बर समाज के प्रतिष्ठान लगभग बंद रहे। महामंगलकारी पंच कल्याणक दिवस के शुभारंभ के अवसर पर आज म.प्र. के वित्तमंत्री श्री राघवजी भाई की धर्मपत्नि एवं माँ आशापुरा दरबार भोपाल की प्रमुख माता जी गीताबहन जी विशेष रुप से उपस्थित थीं। वरघोड़े में साधु-साध्वी, श्रावक-श्राविकाएं बड़ी संख्या में शामिल थे। जुलूस का स्थान-स्थान पर रंग बिरंगी पन्नी के कतरने उड़ाकर स्वागत किया गया। वरघोड़े का समापन किला मंदिर जी पर हुआ।

सीहोर में हत्या के फरार आरोपी गिरफ्तार

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। दोराहा थाना पुलिस ने गत दिवस ग्राम पाटन में इमरान पर प्राणघातक हमला कर हत्या करने वाले फरार आरोपी गीताप्रसाद आ. बल्देव प्रसाद खाती एवं संतोष तथा रामराज पुत्रगण गीताप्रसाद खाती निवासी ग्राम पाटन को गिरफ्तार किया है ।

बाइक भिंडत में चार घायल

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। सीहोर इछावर मार्ग पर मंगलवार क ी शाम डाक पुलिया के समीप बाइक भिंडत में चार लोग घायल हो गये जिनमें से एक को गंभीर चोट होने से जिला चिकित्सालय सीहोर में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रिफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सतपिपलिया निवासी भोलाराम वर्मा अपने साथी कन्हैयालाल के साथ इछावर से सीहोर बाइक क्रं. एमपी-42-एमए-4761 से आ रहे थे कि तभी सीहोर तरफ से बाइक क्रं. एमपी-37-एमए-9422 से जा रहे जितेन्द्र ने मंगलवार की शाम डाल पुलिया के समीप लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर राग साइड से भोपाल राम की बाईक में टक्कर मार दी परिणाम स्वरूप जितेन्द्रवर्मा व उसके साथी जगदीश, विजय व भोलाराम घायल हो गये जिन्हें प्राथमिक उपचारहेतू जिला चिकित्सालय सीहोर में दाखिल कराया गया जहां से जितेन्द्र वर्मा को गंभीर चोट होने से उपचार हेतू भोपाल रिफर कर दिया गया । उधर नसरूल्लागंज थाना क्षैत्र में सुदामा पुरी निवासी दीपक अग्रवाल का पुत्र रजत अपने घर के सामने खेल रहा था कि तभी शास्त्री कालोनी निवासी सचिन मीना ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाकर बाइक से टक्कर मार दी । इसी प्रकार कोतवाली थाना अंतर्गत विगत 27 नवम्बर को शेरसिंह आ. अमानसिंह अजा. निवासी थूना अपने साथी गनपत आ. कालूराम अजा. के साथ बाइक क्र . एमपी-37-7264 से थूना से लसूड़िया जा रहे थे कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर जाने से गनपत को चोट आई ।

सीहोर में जिला उपभोक्ता फोरम ने बिल निरस्त कर दिलाया हर्जाना

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। जिला उपभोक्ता फोरम ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में आवेदक ओंकार प्रसाद आ. गौरीशंकर शर्मा निवासी साईबाबा मंदिर के पास गंज सीहोर को अनावेदक विद्युत वितरण कंपनी से 27.07.07 को दिया गया बिल 13,438 रुपये का निरस्त कर मानसिक क्षतिपूर्ति के रूप में 5000रुपये दिलाये जाने के एंव 1000-रुपये परिवाद व्यय दिलाये जाने के आदेश पारित किये ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदक को अनावेदक द्वारा दिनांक 27.07.07 को 13,438-रुपये का बिल दिया था जिसमें परिवादी के पुत्र पर बकाया राशि जो उसके पुत्र ने विद्युत मण्डल को अदा नही की थी । 12,737- रुपये भी सम्मिलित थी दिया था परिवादी आवेदक ने विद्युत मण्डल से कहा कि उसका पुत्र 12 वर्षो से उससे अलग रह रहा है उसके पुत्र की बकाया रात्रि मुझसे वसूलने के अधिकारी नही है ।
परंतु अनावेदक विद्युत वितरण कंपनी परिवादी की बात नही मानी और कहा कि आपसे ही राशि वसूली जायेगी दुखी होकर आवेदक परिवादी ने अपने अधिवक्ता जी.डी.बैरागी से सलाह लेकर मा. फोरम के आवेदन प्रस्तुत किया। अनावेदक की ओर से अधिवक्ता ने उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत किया ।
जिला उपभोक्ता फोरम के विद्वान अध्यक्ष ए.के.तिवारी सदस्य अम्बादत्त भारती सदस्या श्रीमति शकुन विजयवर्गीय ने दोनो अधिवक्ताओं के तर्क श्रवण कर एवं रिर्काड का अवलोकन कर दिवादित बिल रुपये 13438 का निरस्त कर 5000- रु. क्षतिपूर्ति हर्जाना स्वरूप दिलाने एवं 1000रुपये परिवाद व्यय दिलाये जाने के आदेश पारित किये । आवेदक की और से प्रकरण में पैरवी अधिवक्ता जी.डी.बैरागी ने की ।

उपचार के दौरान तीन की मौत

सीहोर 5 मार्च (फुरसत)। विभिन्न कारणों से उपचार हेतू भोपाल में भर्ती 3 लोगों की मौत हो गई । पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना क्षैत्र के श्रीराम कालोनी निवासी 45 वर्षीय लखन आ. रामसिंह को जहरीली वस्तु खाने से तथा ग्राम सेकड़ाखेड़ी निवासी 5 वर्षीय मुस्कान पुत्री सगीर खान को एक्सीडेन्ट में आई चोटों से एवं बड़ियाखेड़ी निवासी 35 वर्षीय सीताबाई पत्नी कैलाश को गंभीर रूप से जलने के कारण उपचार भोपाल अस्प. मे भर्ती कराया गया था जहां पर उपचार के दौरान इनकी मौत हो गई ।