Wednesday, March 5, 2008

सीहोर में जल संकट की आहट : सात नलकूपों के कब्जे में लिया

सीहोर 4 मार्च (फुरसत)। नगर की पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाये रखने और जनसामान्य को जल प्रदाय करने के मद्देनजर नगर के सात जल स्त्रोतों को अधिग्रहित किया गया है और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंप कर इन पेयजल स्त्रोतों से नगर में पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये हैं। इस सिलसिले में अनुविभागीय दण्डाधिकारी चन्द्रमोहन मिश्रा द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक राजू कुशवाह के जहाँगीरपुरा मार्ग स्थित दो नलकूप और उमेश पुत्र रमन राय के वायपास मार्ग झागरिया जोड़ सिथत एक नलकूप अधिग्रहित किया गया है। इसी प्रकार गुलाब सिंह पुत्र बोंदर परमार देवनगर कालोनी इन्द्रानगर मार्ग, स्वदेश राय पुत्र स्व.श्री गेंदालाल जी राय, कोलीपुरा स्थित लार्ड माता स्कूल तथा मिश्रीलाल राय पुत्र छोटेलाल राय के एक-एक नलकूप अधिग्रहित किये गये हैं। उक्त पेयजल स्त्रोतों को मय मोटर पम्प एवं विद्युत कनेक्शन सहित तत्काल प्रभाव से अधिग्रहित कर सीएमओ सीहोर को सौंपा गया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी द्वारा नगर में पेयजल संकट को दृष्टिगत रखते हुए नगरीय पेयजल व्यवस्था हेतु म.प्र.पेयजल परीक्षण अधिनियम 1986 के प्रावधानों के मुताबिक यह कार्यवाही की गई है।

प्रेमिका के पिता ने देख लिया तो प्रेमी मारे शर्म के आत्महत्या करने लगा

सीहोर 4 मार्च (फुरसत)। रात प्रेमिका से मिलने पहुँचे एक युवक को उस समय बहुत बुरा लगा जब प्रेमिका के पिता ने उसे देख लिया वह इतना दुखी हुआ कि उसने आत्महत्या करने के लिये खुद को चाकू घोंप लिया।
महूंकला ग्राम बुदनी थाना क्षेत्र में एक युवक कल रविवार की रात्रि अपने पेट में चाकू मारकर आत्महत्या करने का प्रयास करने के बाद जब तड़प रहा था तब मोहल्ले के लोगों को पता चला। उसे अस्पताल लाया गया और पुलिस को सूचित किया गया। इस पर प्रकरण दर्ज किया गया। जब इससे पूछताछ की गई कि उसने ऐसा क्यों किया है तो तिनोनिया देवास निवासी 25 वर्ष के इस नवयुवक जीवन सिंह पुत्र केसर सिंह भील ने बताया कि वह अपनी प्रेमिका जो महूकला में रहती है से मिलने उसके घर गया हुआ था जहाँ पर दोनो को बात करते हुए लड़की के पिता ने देख लिया था, इस बात को लेकर युवक को बहुत बुरा लगा। उसे इस अपराध बोध से इतनी अधिक दुख हुआ कि उसने इसी गांव में प्रेमिका के घर से दूर जाकर रात्रि में एक स्थान पर चाकू निकालकर पेट में घोंप लिया और आत्महत्या का प्रयास करने लगा। लेकिन यहाँ पराये ग्राम के ग्रामीणों ने उसको बचाते हुए अस्पताल ले गये।

सीहोर में होली एवं रंग पंचमी पर्व धूमधाम से मनेगा हिन्दू उत्सव समिति ने लिये अनेक निर्णय

सीहोर 4 मार्च (नि.सं.)। हिन्दू उत्सव समिति की विशेष बैठक का आयोजन हिन्दू उत्सव समिति के अध्यक्ष सतीश राठौर के निवास, स्थान पर किया गया इस बैठक का उद्देश्य आगामी त्यौहार कैसे मनाये जाये, कैसे भव्यता प्रदान की जाये इस पर सभी सदस्यों के सुझाव आमंत्रित कर निर्णय लिया गया। सर्वप्रथम समिति के अध्यक्ष ने कार्यक्रम को भव्यता के साथ मनाने एवं गरिमा बनाये रखने का निवेदन समिति के सदस्यों से किया कार्यक्रम का शुभारंभ हरिप्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में किया ।
इस अवसर पर भारी संख्या में उपस्थित हिन्दू उत्सव समिति के सदस्यों ने अपने अपने सुझाव दिये उनका करतल ध्वनि से स्वागत किया । सर्वप्रथम 6 मार्च को महाशिवरात्रि पर्व पर निकलने वाली भोलेनाथ की रथ यात्रा का जोरदार स्वागत करने के निर्णय लिया गया ।
रंगपंचमी पर्व मनाने के लिए हरीश अग्रवाल ने कहा कि त्यौहार गरिमा शांति एवं सद्भाव से मनाये प्रतिस्पर्धा न करें । समय पर जुलुस निकाले वरिष्ठ समाजसेवी पूर्व न.पा. अध्यक्ष बेनी प्रसाद राठौर ने सुझाव दिया कि सेक्टर प्रभारी घर घर जाकर सम्पर्क करें नागरिकों को त्यौहार मनाने के लिये प्रेरित करें । इसमें सभी सहयोग करें कीचड़ गंदगी का प्रयोग न करें रंग गुलाल का उपयोग करें ।
सुरेश जायसवाल ने सुझाव दिया कि सभी सेक्टर प्रभारीयों को पत्र भेजकर होली की तैयारी में जुट जाने का आव्हान किया जाये ।
भाजपा युवा नेता सीताराम यादव ने सुझाव दिया कि प्रत्येक घर से नागरिकों को जुलुस में शामिल होना चाहिये जुलुस विशाल रूप से निकाला जाना चाहिये । भारी संख्या में नागरिक सड़कों पर रंग गुलाल उड़तें हुऐ दिखे। पार्षद अर्जुन राठोर ने सुझाव दिया कि होली समिति के पदाधिकारियों से सीधा संपर्क किया जावे न.पा. में पानी के दो टैंकरों की मांग कि जावे जो जुलुस के साथ चले। मोरसिंह जायसवाल ने आर्थिक सहयोग देकर होली पर्व शालीनता के साथ मनाने का सुझाव दिया। हिन्दू उत्सव समिति के पदाधिकारीयों मनोज मकवाना ने सुझाव दिया कि जुलुस में आकर्षण होना चाहियें राधा कृष्ण की रंग गुलाल उड़ाते एवं आकर्षक झाकियां प्रस्तुत कि जावे जो मन भावन लगे । समिति के पदाधिकारी अभय शर्मा ने सुझाव दिया कि सेक्टर में पहुंचकर अलग अलग बैठक आयोजित करें । समिति के पदाधिकारी हरिपालीवाल ने सुझाव दिया कि यह त्यौहार व्यक्ति विशेष का नही है सभी हिन्दू भाईयों का त्यौहार है 365 दिनों में से 2 घंटे रंग पंचमी के जुलुस के लिए निकालकर हिन्दूत्व त्यौहार को मजबूती प्रदान करें रंग पंचमी के दिनफाग गायक मंडलियों को पुरूस्कार प्रदान किये जावे । फाक गायक जुलुस के साथ चलकर । फाग गान करें सर्वश्रेष्ठ मण्डली को हिन्दू उत्सव समिति पुरूस्कार प्रदान करें । पूर्व पार्षद पवन राठौर ने अपने जोशीले उद्बोधन में कहा कि घर में बैठे अपना त्यौहार मनाने के लिए अभी से एकजुट होकर तैयारी प्रारंभ कर दे । हिन्दूओं में जागरूकता पैदा करें । हिन्दूओं में एकता की भावना पैदा करें हिन्दू धर्म के सभी समाज के नागरिक पूरी उत्साह से एकता का परिचय दे ।
हिन्दू उत्सव समिति के नागरिक गोपाल सोनी प्रत्येक मोहल्ले में पहुंचकर संपर्क करें सदस्यता शुल्क सामान्य करें ताकि हर व्यक्ति सदस्य बनकर हिन्दू उत्सव समिति को मजबूती प्रदान करें ।
समिति के पदाधिकारी सुनील भालेराव ने सुझाव दिया कि सभी कार्यक्रमों को मनाने के लिए आर्थिक व्यवस्था की आवश्यकता है । हिन्दू उत्सव समिति के पदाधिकारीयों एवं सदस्य अर्थ व्यवस्था के लिये आगे आये तभी सभी कार्य सफल होगे । पं वासुदेव मिश्रा ने हिन्दू त्यौहारों को पूरे जोर शोर से मनाने का आव्हान किया आरसी शर्मा ने हिन्दू संस्कृति से भटकते नागरिकों की तीखी आलोचना कि उन्होंने कहा कि हम अपनी संस्कृति को बनाये रखे । नारी का सम्मान करें । होली को गरिमा के साथ मनायें । पार्षद अर्जुन राठौर ने सुझाव दिया कि गुड़ी पड़वा प्रतिपदा शुरूआत प्रत्येक घर से दीप प्रावलित कर एवं अपने घर पर केसरिया ध्वज लगाकर मनाये । अंत में सभी का आभार हरि पालीवाल ने माना ।

आष्टा में कलाकारों की कला का अद्भुत नमूना है श्री नेमिनाथ मंदिर

आष्टा 4 मार्च (फुरसत)। जीर्णोध्दार के बाद किले पर बने भव्य श्री नेमिनाथ श्वेताम्बर जैन मंदिर की कलाकृति जिसे गुजरात, राजस्थान व अन्य प्रांतों के कलाकारों ने वर्षो दिन रात छेनी हथोड़ी से सामान्य पत्थरों पर सुन्दर नक्कासी उकेर कर जो कलाकृति की है, उस कला को देखकर देखने वाला प्रत्येक नागरिक आश्चर्यचकित हैं। आष्टा में बने उक्त मंदिर को कलाकारों ने माऊंट आबु के देलवाड़ा मंदिर राणकपुर के मंदिर कलाकृति उकेरने के जो प्रयास किये जिसमें कलाकार सफल भी हुए हैं। कलाकारों की उक्त कलाकृति को देखकर मंदिर आने वाले प्रत्येक नागरिक भक्त श्रावक आश्चर्य चकित हैं, निश्चित कलाकारों की कला का उक्त मंदिर अद्भुत नमूना है जिसे प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश मालवा के गिरनार के रुप में देखा जायेगा।
घोड़ी पर होकर सवार.....
आष्टा 4 मार्च (सुशील)। आज आष्टा नगर में पहली बार एक अनोखा बाना निकला जिसने भी देखा उसने यही सोचा की यह शादी का बाना होगा लेकिन दुल्हे के रुप में घोड़ी पर होकर सवार जो दुल्हा हाथ में तलवार लिये राजसी वेशभूषा पहने नगर में निकले वास्तव में वो ना ही शादी का बना था और ना ही वो तोरण मारने जा रहा था वास्तव में यह एक विधि को पूर्ण कर रहे थे। आष्टा तीर्थ नगरी में श्री श्वेताम्बर जैन समाज के नेमिनाथ मंदिर में भगवान की प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा है जिसमें कल से भगवान के पंच कल्याणक के कार्यक्रम प्रारंभ होंगे। इसके पूर्व एक विधि यह होती है कि मंदिर पर तोरण बांधा जाता है आज प्रवचन के पश्चात तोरण बांधने की बोली लगी जो शांतिलाल कैलाश चंद्र गोरव बोहरा परिवार ने ली एवं उक्त विधि बोहरा परिवार ने अपने कंवर साहब इन्दौर निवासी श्री मोहित जी भंडारी से पूर्ण करवाई। प्रवचन के पश्चात राजसी वेशभूषा के साथ भंडारी जी को घोड़ी पर बैठाकर नगर में बना निकला जो नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ मंदिर पहुँचा। रास्ते में उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। बोहरा परिवार ने सभी पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। वोहरा परिवार ने सभी शामिल भक्तों को श्रीफल की प्रभावना बांटी एवं आचार्यरी की उपस्थिति में मंदिर जी पर तोरण बांधने की विधि सम्पन्न हुई। इस अनोखे बाने में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं शामिल हुए रास्ते में भक्तों ने घोड़ी के आगे नृत्य भी किये एवं रुपये भी बांटे।

सीहोर में रामसेतु को लेकर वाहन रैली निकाली

पूज्‍य संत समताराम जी महाराज रामजीराम भी आशीर्वाद स्वरुप शामिल हुए
सीहोर 4 मार्च (फुरसत)। केन्द्र सरकार रामसेतु को तोड़ने का जो शपथ पत्र सुप्रीम कोर्ट दिल्ली में प्रस्तुत किया है तथा सेतु समुद्रम परियोजना के बहाने रामसेतु तोड़ने का निर्णय लिया है वह भारत को तथा भारत में रहने वाले करोड़ो सनातन धर्मावलम्बियों को अपमानित करने का पूरा षड़यंत्र है, जिसे तत्काल रोका जाये।
उक्त बात आज रामेश्वर रामसेतु ंमंच सीहोर द्वारा जारी एक समाचार विज्ञप्ति में कही गई। जिला संयोजक ने कहा कि जिस प्रकार कुतुबमीनार बचाने के लिये मेट्रो रेल का मार्ग बदल दिया गया है उसी प्रकार करोड़ो हिन्दुओं के आराध्य भगवान श्री राम द्वारा निर्मित रामसेतु की रक्षा की जानी चाहिये इसको राष्ट्रीय धरोहर के रुप में शामिल किया जाना चाहिये। आज मंच ने एक महामहिम राष्ट्रपति महोदय के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि श्रीरामसेतु की रक्षा हो तथा रामसेतु को राष्ट्रीय धरोहर के रुप में शामिल किया जाये। इसी आशा के साथ मांग पत्र प्रेषित है। उक्त जानकारी रामसेतु रक्षा मंच के संयोजक अजीत शुक्ला ने बताया कि वाहन रैली बजरंग व्यायाम शाला से अस्पताल चौराहा होते हुए जिलाधीश कार्यालय पहुँच कर ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रुप से मंच संयोजक अजीत शुक्ला, सहसंयोजक अनिल पालीवाल, कमल सिंह ठाकुर, संत रामजीराम महाराज, राठौर समाज के अध्यक्ष प्रेमनारायण राठौर, विहिप के अतुल जी राठौर, रामेश्वर जाट, सतीश जी राठौर, जगदीश कुशवाह बजरंग दल, मनोज आर्य, श्रीमति रीना मिश्रा महिला मोर्चा, मधु यादव मातृशक्ति, धर्मेन्द्र राठौर, सुभाष मेवाड़ा, अशोक सिसोदिया, आदि सैकड़ो कार्यकर्ता बच्चा बच्चा राम का, रामसेतु के काम का आदि नारा लगाते हुए केसरिया झण्डा लेकर वाहन जुलूस में चल रहे थे। ज्ञापन का वाचन अजीत शुक्ला द्वारा किया गया। कार्यकर्ताओं का आभार मनोज आर्य ने किया। वाहन रैली में अनेक संगठन के प्रतिनिधि भी शामिल थे।

सीहोर में दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज

सीहोर 4 मार्च (फुरसत)। कोतवाली पुलिस ने एक विवाहिता की फरियाद पर उसके पति एवं अन्य दो लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार फूलबाग नरसिंहगढ़ निवासी इलाहीबगस की पुत्री मुनब्बर जहां का विवाह कोहापुर कस्बा निवासी सोयब हुसैन से 4 वर्ष पूर्व हुआ था। बताया जाता है कि मुनब्बर जहाँ का पति सोयब हुसैन शादी के बाद से दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर उसे प्रताड़ित करता था तथा उसके इस कार्य में अवरार व जफर खां द्वारा भी सहयोग किया जाता था। यहां तक की दहेज न लाने की बात को लेकर मुनब्बर जहाँ के साथ गत 8 फरवरी को मारपीट कर यातनाएं भी दी गई। जिससे तंग आकर मुनव्वर जहाँ ने थाना कोतवाली पहुँचकर अपनी व्यथा पुलिस को सुनाई जिस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।

आष्टा में क्रिकेट का सट्टा पकड़ा

आष्टा 4 मार्च (नि.सं.)। एसडीओपी मनु व्यास के निर्देशन में आज आष्टा पुलिस ने सेमनरी मार्ग पर एक स्थान पर छापा मारकर क्रिकेट का सट्टा लगाते एक युवक को पकड़ा। पकड़े गये युवक का नाम खुमान सिंह पुत्र हेमलाल राजपूत बताया गया है। यहाँ से पुलिस ने एक टी.वी. 21'' कलर, प्रिंटर, मोबाइल एवं 5 हजार नगदी जमा किये हैं। पुलिस ने 4 क सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबध्द किया है।

सीहोर में महाशिवरात्रि पर शिव बारात का स्वागत करेगी-विद्यार्थी परिषद

सीहोर 4 मार्च (नि.सं.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सीहोर द्वारा महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर शिव बारात का स्वागत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई द्वारा किया जावेगा। उपरोक्त जानकारी देते हुए नगर उपाध्यक्ष अमित तलरेजा ने बताया कि अभाविप शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाला छात्र संगठन हैं पर समय-समय पर सामाजिक कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाता है। सभी अभाविप कार्यकर्ता सीहोर टाकीज चौराहा पर शिव बारात का स्वागत करेंगे। स्वागत करने वालों में जिला संयोजक हेमंत राजपूत, नगर मंत्री अनिल जाट, नगर उपाध्यक्ष अमित तलरेजा, नगर सहमंत्री हिमालय गोहिया, प्रदीप विश्वकर्मा, सुनील परमार, मोंटी, दीपक रिजवानी, राजकुमार यादव, लोकेश ठाकुर राजा, मनोज माहेश्वरी, छात्र संघ अध्यक्ष विकास राठौर, सचिव नितिन राठौर आदि रहेंगे।

Tuesday, March 4, 2008

सीहोर में पचौरी बोले - ये न नर में ना नारी में हैं यह हैं तो...

सीहोर 3 मार्च (फुरसत)। यह नगर गंगा-जमुनी तहजीब के लिये जाना जाता है। पार्वती के लिये जिस नगर में विशाल आंदोलन हुआ हो उसकी आज क्या दुर्दशा हो गई है। उद्योग नहीं हैं, पेपर मिल, शकर कारखाना, साल्वेंट प्लांट चौपट हो गये, परिवहन निगम का कार्यालय बंद हो गया, सड़कों की हालत गड्डो में सड़के और सड़कों में गड्डे हैं, बुदनी से सीहोर नसरुल्लागंज का मार्ग खराब पड़ा है, जब से बने हैं भैया हवाओं में सफर है, सड़कों पर बने गड्डे, गड्डो में सडक़ है। पार्वती का दूसरा चरण आज तक नहीं बना, बिजली 18 घंटे का वादा किया और 4 घंटे बिजली आ रही ।
उक्त बात आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कही। सुरेश पचौरी यहाँ जन आक्रोश रैली को बाल विहार मैदान में संबोधित कर रहे थे। जहाँ पूरा मैदान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खचाखच भरा हुआ था। बड़ी संख्या में जिले भर के कांग्रेसजन व दूर दराज से ग्रामीणजन यहाँ आये थे। श्री पचौरी को सुनने की लालसा में लोग सुबह से आकर शाम 4।30 बजे तक श्री पचौरी के भाषण का इंतजार करते रहे। इसके बाद श्री पचौरी ने अपना संबोधन प्रारंभ किया।
उसके यहाँ मीटर लगा ही नहीं है और बिजली का बिल भेज दिया।
श्री पचौरी ने कहा कि रेल्वे ओवर ब्रिज की बात चल रही है, तो उसकी पूरी प्रक्रिया है, जिस दिन खाते में प्रदेश सरकार रुपये जमा करवा देगी मैं तत्काल अपने स्तर पर ओबरब्रिज का काम करवा लूंगा ऐसा विश्वास है। भाषण के दौरान ही श्री पचौरी ने एक नाम लिया गोपी लाल बिछौली का और उसे मंच से ही खड़ा किया। श्री पचौरी ने बताया कि इसने अभी मुझे आवेदन दिया है इसको बिजली का 9287 रुपये का बिल थमा दिया गया है इसका कहना है कि उसके यहाँ तो बिजली का कनेक्शन ही नहीं है मीटर भी नहीं लगा और बिजली विभाग जेल भेजने की धमकी दे रहा है ? ग्रामीण से उन्होने मंच से ही इसकी हामी भी भरवाई। दूसरा ग्रामीण अजय मेवाड़ा वार्ड 16 आष्टा को भी खड़ा कर गरीबी रेखा संबंधी उसकी पीड़ा जनता को बताई। इस प्रकार श्री पचौरी ने स्पष्ट किया कि किस प्रकार का शासन मध्य प्रदेश में चल रहा है यह इसका उदाहरण है। श्री पचौरी ने कहा कि आज 4 साल बाद भाजपा सरकार किसान पंचायत की बात कर रही है जबकि 36832 किसानों पर मुकदमे चल रहे थे इसी सरकार में ।
भाजपा का कहना साफ - बन गई सत्ता बन गये बाप
पचौरी ने कहा कि आज मुझसे यादा आप जानते हो कि क्या स्थिति बनी हुई हैं, आप आंख खोलकर देखें कि क्या स्थिति बनी हुई है। भोपाल फोरलेन की सड़क की हालत भी गड़बड़ है, यहां पानी की स्थिति खराब हैं जल स्तर गिरता जा रहा है। जब पटवा जी के समय कर्जा माफी की बात हुई थी तो उन्होने हर दीवार पर लिख दिया था कि भाजपा का कहना साफ, हर किसान का कर्जा माफ, जब ग्रामीण उनके पास गये कहा कि आपको हमने जिताया है तो उन्होने कहा कि आपने नहीं जिताया है हम अपने दम पर जीते हैं, तो लोगों ने दीवारों पर लिख दिया 'भाजपा का कहना साफ, बन गई सत्ता बन गये बाप, हम तो जीते अपने आप, अब काहे का कर्जा माफ' उस समय लिख दिया था। अब दौरे पर में गया तो वहाँ देखा कि जनता ने लिख दिया है,
'बिजली पानी का वादा बिल्कुल झूठा है,
और यह मध्य प्रदेश की सरकार ने किसानों को लूटा है,
घटिया सड़क निर्माण न बिजली न पानी,
मध्य प्रदेश की सरकार की यही कहानी।
कुछ वादे अधूरे, लगातार घोषणाओं का है जाल,
भ्रष्टाचार में डूबे हैं मंत्री और भाजपाई हो रहे हैं मालामाल....।
सारे ठेके भाजपाईयों के पास
श्री पचौरी ने कहा कि यह लोग भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं कि मैं तो यही कहूंगा कि यह न यह धर्म में हैं, न कर्म में हैं, न नर में न नारी हैं, न मंदिर में हैं न मस्जिद में हैं अगर यह कहीं हैं तो बेईमानी में हैं और दलाली में हैं। किसी भी कोने पर अगर कहीं काम हो रहा है, अस्पताल या स्कूल बन रहा है, सड़कें बन रही हैं तो वहाँ ठेकेदार का नाम पता चलो तो पता चलेगा की भाजपाई है। आपके यहाँ भी यही हाल होगा। पचौरी के इतना कहते ही जनता खुशी में झूठ उठी। श्री पचौरी ने कहा कि छोटे से लेकर बड़े काम तक के ठेकेदार भाजपाई बने हुए हैं। दिल्ली की सरकार से विकास कार्य के लिये रुपया आ रहा है यह घटिया काम न करें।
पांव-पांव भैया अब डम्फर वाले भैया
श्री पचौरी ने कहा कि पांव-पांव वाले भैया, साईकिल वाले, फिर गाड़ी वाले और अब डम्फर वाले भैया हो गये हैं। आरएसएस की बुनियाद पर खड़ी है भाजपा, जिसने देश के विकास में कोई योगदान नहीं दिया। म.प्र. में कांग्रेस एक हो गई हैं।
भाषण के दौरान ही श्री पचौरी ने जोरदार नारेबाजी करवाते हुए सोनिया गाँधी, राहुल गाँधी जिंदाबाद के नारों के अलावा हम सब एक हैं, हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, तख्त बदल दो ताज बदल दो आदि नारे भी लगवाये। उन्होने कहा कि अब भाजपा के जाने का वक्त आ गया है और कांग्रेस के आने का वक्त आ गया है।
एक डायरी रख लो, गड़बडी वालों का नाम लिखो
आज उपस्थित कांग्रेसजनों से श्री पचौरी ने कहा कि सब आज से ही एक छोटी-सी डायरी अपनी जेब में रखना शुरु कर दो और जहाँ जो कोई गड़बड़ी करे उसका नाम लिख लो, क्योंकि अब कांग्रेस की सरकार आने वाली हैं और कांग्रेस की सरकार कार्यक र्ताओं की सरकार होगी।
लल्ला खेले और को और नाम पिया का होय.....
पचौरी ने मंच से केन्द्रिय बजट का ऐतिहासिक बजट बताया, बल्कि तरह-तरह की उपमाओं से बजट की तारीफ करते हुए उन्होने कहा कि किसानों का कर्जा माफ हो गया है, छोटे वाहन सस्ते हो गये हैं, आदिवासी जिस भूमि पर काबिज है अब वह उसका मालिक हो जायेगा। उन्होने कहा कि केन्द्र से विभिन्न योजनाओं का रुपया भारी मात्रा में आ रहा है और उन योजनाओं का नाम बदलकर यहाँ आपको परोसा जा रहा है यह तो वही कहावत हो गई कि लल्ला खेले और को और नाम पिया का होय।
तत्काल मतदाता सूची चैक करो
आज पचौरी ने कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि सबसे पहला काम है कि आप मतदाता सूची जाकर चैक कीजिये, हमने अभी एक चुनाव में देखा कि एक 2 कमरे के मकान में 200 लोगों के नाम चढ़े हुए हैं, होशंगाबाद में 97 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची में गलत चढ़ाये गये हैं, इसलिये पहली प्राथमिकता यह है कि तत्काल मतदाता सूची की जांच हो ।
उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के ग्राम जैत के भी लोग यहाँ आये हुए हैं, इस पर सभा में बैठे के जेत के ग्रामीण उठ खड़े हुए। इस पर पचौरी ने कहा कि भाजपा का भारी विरोध है, रेत के ठेके हों या गिट्टी का काम सब वहीं कर रहे हैं, लायनआर्डर का मतलब सिर्फ ला और फिर आर्डर ले जा यही रह गया है।
अच्छे नेता मंच के नीचे
श्री पचौरी के पूर्व सभा का प्रभावी संचालन कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश परमार ने कहा कि मंच पर बैठे नेता और मंच से नीचे बैठे हमारे अच्छे नेता सभी का धन्यवाद। यहाँ मंच के नीचे पूर्व विधायक शंकरलाल साबू, रुकमणी रोहिला, नंदगोपाल बियाणी सहित अनेक नेतागण बैठे थे।
मूंछ पर ताव
यहाँ सर्वप्रथम राजकुमार पटेल, अभय मेहता फिर जसपाल अरोरा ने संबोधित किया। श्री अरोरा ने कहा कि मैं 1973 से श्री पचौरी के साथ रहा हूँ उन्हे जानता हूँ। श्री अरोरा ने सीधे मुद्दे की बात करते हुए कहा कि जिस प्रकार भ्रष्ट विधायक मूंछो पर ताव देकर अपनी ईमानदारी का डंका बजाते थे आज उनके दूर-दूर के रिश्तेदार पूरे देश से इकट्ठे हो गये हैं और यहाँ ठेकेदारी कर रहे हैं, उनके खिलाफ आवाज उठाने वालों पर कार्यवाही की जा रही है। लेकिन अब यदि कांग्रेसियों पर अंगुली उठाई गई तो अंगुली तोड़ दी जायेगी। कोई भी मुख्यमंत्री बने, यह मुद्दा नहीं है सिर्फ कांग्रेस की सरकार बनना चाहिये।
बिजली नहीं दी, वसूली वाले गुण्डे दे दिये
बलवीर तोमर ने संबोधन में कहा कि बिजली के नकली बिलाें से किसान दुखी हैं, वहीं अक्षत कासट ने कहा शिवराज सिंह को संबोधित करते हुए कहा कि वह पहले अपने भ्रष्ट मंत्री ही नहीं साध पा रहे हैं तो फिर भ्रष्टाचार कैसे मिटायेंगे। महू से आये योगेश यादव ने खनकदार आवाज में जोरदार भाषण दिया। उन्होने कहा कि पहले एक बाई आई थी जो कह रही थी कि हम 100दिन में बत्ती दे देंगे उसकी ऐसी बत्ती गुल हुई कि शायद ही कभी जले, फिर बाबूलाल गौर आये उन्होने जनता की समस्या पर तो नहीं लेकिन खुद सम्पत्ति बढ़ाने पर गौर किया, अब शिवराज आये हैं जिन्होने बिजली तो नहीं दी लेकिन बिजली के बिल लेने वाले गुण्डे जरुर छोड़ दिये हैं।
नोट गिनने की मशीन खरीदी शिवराज ने
भोपाल के वजनदार नेता आरिफ अकील ने कहा कि शिवराज की पत्नि ने नोट गिनने की मशीन खरीद ली हैं, उन्हे नोट देने वालों पर विश्वास नहीं है, वीजेपी मतलब वरिष्ठ जनविरोधी पार्टी हो गया है। अब तो जनआक्रोश से भाजपाई डरने लगे हैं 1 को रैली निकालने वाले थे, लेकिन चुप हो गये, आज तक भाजपा ने ऋण माफ नहीं किया।
शिवराज ने सीहोर का अपमान कराया, अटल आडवाणी पाखण्डी नेता
इसके बाद सबसे जोरदार भाषण देते हुए अपने चिरपरिचित अंदाज में सजन सिंह वर्मा ने कहा कि पूरे प्रदेश का सबसे दुखी व्यक्ति बुदनी में रहता है, उन्होने कहा कि शिवराज की छाती पर मूंग दलने यहाँ पचौरी जी आ गये हैं, पचौरी जी की कोई जोड़ नहीं हैं, उनका कोई तोड़ नही हैं। सजन भैया ने कहा कि 4 दिन पहले विधानसभा में शिवराज ने माननीय रायपाल जी से असत्य भाषण करवाया कि मीसा बंदियों को अब स्वतंत्रता संग्राम सैनानी का दर्जा दिया जायेगा। यह देश की स्वतंत्रता में अपनी आहूती देने वालों का घोर अपमान है, सजन भैया ने कहा कि मैं भी मींसा में बंद थे लेकिन ऐसे टुच्चाई के रुपये पर मैं थूकता हूं। एक छोटा-सी कहानी सुनाते हुए श्री वर्मा ने कहा कि 4-5 लोग इकट्ठे हुए उनमें नदी, पहाड़, हनुमान जी, राम जी व दो भाजपा के पाखण्डी नेता बैठे थे। सबमें विवाद हुआ कि कौन बड़ा पहले कहा गया कि नदी, लेकिन नदी ने कहा नहीं पहाड आसमान छू रहा है वह बड़ा, पहाड़ ने कहा कि नहीं मुझे तो हनुमान जी उठा लाये वह बड़े, हनुमान जी ने कहा कि मैं तो सेवक हूँ मुझसे बड़े तो राम जी हैं, फिर सब राम जी को बड़ा कहने लगे तो राम जी ने कि भैया मुझसे बड़े तो अटल व आडवाणी हैं जो जब चाहे मुझे अपने एजेण्डे में ले लेते हैं जब चाहे छोड़ देते हैं।
राकेश राय की वापसी, प्रदीप शर्मा भी कांग्रेस में शामिल
आज भरी सभा में कांग्रेस की अनुशंसा पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांग्रेस से अलग हुए निर्दलीय प्रत्याशी रहे राकेश राय को मंच से वापस कांग्रेस में लेने की कार्यवाही करते हुए उन्हे हार माला पहनाई, वहीं सुरेश साबू के विशेष प्रयास से कभी भाजपाई रहे प्रदीप शर्मा नीलम स्वीट्स को भी यहाँ सुरेश पचौरी ने माला पहनाकर कांग्रेस में शामिल किया।

मार्केटिंग सोसायटी अध्यक्ष भाटी अपात्र घोषित

आष्टा 3 मार्च (नि.प्र.)। आज एक महत्वपूर्ण फैसले में आष्टा मार्केटिंग सोसायटी के अध्यक्ष सोभालसिंह भाटी को अपात्र घोषित कर उन्हें अध्यक्ष पद से हटाने तथा उपाध्यक्ष को चार्ज देने का निर्णय डी.आर. सीहोर द्वारा दिया गया ।
मार्केटिंग सोसायटी आष्टा के चुनाव में सौभालसिंह भाटी अध्यक्ष चुने गये थे उसके बाद संचालक कृपालसिंह ठाकूर ने डी.आर. के समक्ष अध्यक्ष भाटी अपात्र है कि शिकायत की थी उक्त शिकायते पर अब निर्णय हुआ है ।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बमूलिया भाटी सोसायटी में इनकी माताजी के नाम से ऋण था और श्री भाटी उनके दत्तक पुत्र है इसी को आधार बनाकर कृपालसिंह ने शिकायत की थी कि भाटी का अपात्र घोषित किया जाये इस पर अब निर्णय हुआ है । इस संबंध में मार्केटिँग सोसायटी के प्रबंधक श्री शर्मा ने फुरसत को बताया कि डी.आर. ने श्री भाटी को अपात्र घोषित किया है । अब उनका चार्ज उपाध्यक्ष को सौंपा जायेगा । स्मरण रहे कि चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए भाटी और कूपालसिंह मैदान में थे दोनो को उस वक्त बराबर बराबर बोट मिले थे बाद में पर्ची उठी थी जिसमें भाटी चुने गये थे । उसके बाद कृपालसिंह उन्हें अपात्र घोषित करने के लिए शिकायत की थी जिस पर अब निर्णय आया है । भाजपा ने उक्त निर्णय पर खुशी जाहिर करते हुए फैसले का स्वागत किया है।

भाड़े के हत्यारों से हमला कराने वाला राम तिवारी गिरफ्तार

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। कोतवाली पुलिस ने रिंकू चौरसिया पर प्राण घातक हमला कराने वाले आरोपी राम बाबू आ. नानू राम तिवारी निवासी स्वदेश नगर सीहोर को आज गिरफ्तार कर लिया है ।
ज्ञातव्य है कि पिछले दो तीन दिन पूर्व जब रिंकू चौरसिया अपने मित्र श्याम तिवारी के साथ इंग्लिशपुरा मार्ग पर वाहन में बैठकर बातें कर रहा था उस समय बाईक पर सवार होकर आये दो युवकों ने रिवाल्वर से गोली चलाकर रिंकू को घायल कर दिया था हमलावर राम के भाई श्याम को मारना चाहते थे। लेकिन घायल रिंकू हो गया था । गोली उसके गले में फंस गई थी । जिसे भोपाल के एक निजी चिकित्सालय में आप्रेशन कर निकाल लिया गया था। रिंकू खतरे से बाहर होकर स्वास्थ्य लाभ कर रहा है ।

सीहोर माहेश्वरी मंडल द्वारा फाग उत्सव

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। रंग बिरंगे रंगो का त्यौहार होली नजदीक आ रहा है । उसके स्वागत के लिए माहेश्वरी महिला मंडल द्वारा फाग उत्सव का आयोजन 26 फरवरी को माहेश्वरी मांगलिक भवन में किया गया । इसमें सभी सामाजिक महिलाओं को आमंत्रित किया गया । वैष्णव मंडल द्वारा फाग गायन किया गया । होली के स्वागत में नई बहुओं के द्वारा बहुत ही सुंदर स्वागत गीत, फाग गायन, व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । जिसमें श्रीमति रचना भट्टर, श्रीमति हर्षा हुरकट, श्रीमति अंशुली झंवर, श्रीमति रानी तोषनीवाल, श्रीमति शालू शारडा, श्रीमति सुषमा झंवर, श्रीमति नेहा चांडक, श्रीमति सविता झंवन ने भाग लिया। सभी बहुओं ने मिलकर पूर्वाध्यक्षों वर्तमान पदाधिकारियों व कार्यकारिणी सदस्यों को बहुत ही सुंदर टाइटल देकर सम्मानित किया । छोटे-छोटे बच्चों ने राधा कृष्ण बनकर कन्हैया को ढूंढते हुए व जोक सुनाकर सबका मन मोह लिया । सराहनीय प्रस्तुति के लिए महिला मंडल द्वारा नई बहुओं को पुष्प गुच्छ देकर प्रोत्साहित किया गया । कार्यक्रम समापन के समय महिला मंडल द्वारा सभी को ठंडाई पिलाई गई व प्रसाद वितरण किया गया । अंत में श्रीमति प्रतिभा झंवर, श्रीमति अंजना हुरकट, श्रीमति शोभा चांडक, श्रीमति सत्यभामा मंत्री ने सभी का आभार माना ।

जो कांग्रेस का प्राथमिक सदस्य भी नहीं है वो कांग्रेस का वरिष्ठ नेता कैसे हो गया- दशरथ

आष्टा 3 मार्च (नि.प्र.)। ब्लाक कांग्रेस कमेटी आष्टा के महामंत्री दशरथसिंह राजपूत ने आज एक प्रेस विज्ञप्प्ति जारी कर उन कांग्रेस के नेताओं से पूछा है जो समय-समय पर समाचार पत्रों में विज्ञप्ति जारी कर इंजिनियर गोपालसिंह को कांग्रेस का वरिष्ठ नेता के नाम से संबोधित करते है एवं हाल ही में उन्हें 3 मार्च को सीहोर में आयोजित कांग्रेस की रैली का व्यवस्था देखने के लिए नियुक्त किया है ।
दशरथ सिंह राजपूत ने जारी की उक्त विज्ञप्ति में लिखा है कि जो लोग गोपालसिंह इंजिनियर को पार्टी का वरिष्ठ नेता कहते है वे यह तो बताये की वे अभी कांग्रेस के प्राथमिक सदस्य भी है या नही वे आष्टा से टिकिट लेकर चुनाव लड़ने की इच्छा पाले हुए है।
दशरथसिंह ने खुला आरोप भी लगाया है कि गोपालसिंह वह व्यक्ति है जिसने गत चुनाव में बसपा की खुलकर मदद की थी तथा वर्तमान में 4 वर्षो से भाजपा विधायक का प्रमुख सलाहकार है । अब चुनाव का समय आया तो ये बड़े नेताओं की चमचा गिरि कर कांग्रेसी हो गये इनसे पूछा जाये की कांग्रेस से टिकिट नही मिलने पर क्या वे कांग्रेस के प्रति निष्ठावान रहेंगे दशरथसिंह ने जारी विज्ञप्ति में लिखा है कि ऐसे अवसर वादी लोगो की वजह से ही आज जमीनी कार्यकर्ता अपमानित होता है। और इससे पार्टी भी कमजोर होती है। आज सक्रिय दिखने वाले गोपालसिंह 4 वर्षो से कहा थे जब कांग्रेस का निष्ठावान जमीनी दरी उठाने वाला कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे थे। वरिष्ठ नेताओं को इस और उन्होंने समय से ध्यान देने की मांग की है ।

महाशिव रात्रि चल समारोह को लेकर जोरदार तैयारियाँ जारी

सीहोर 3 मार्च (नि.सं.)। आगामी 6 मार्च को सीहोर नगर में आयोजित होने जा रहे महाशिवरात्रि चल समारोह से संबंधित तैयारियां पूरे जोर शोर पर अंतिम चरण में है । यह चल समारोह पूर्व वर्षो की अपेक्षा और आकर्षक भव्यता लिये होगा, इसके लिए समिति का यह प्रयास सीहोर नगर के धर्म प्रेमी बंधुओं के सहयोग से सार्थक होगा ।
आयोजन समिति अध्यक्ष लोकेश सोनी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जानकारी देते हुए बताया कि महाशिवरात्रि चल समारोह के आयोजन को लेकर काफी उत्साह है। चल समारोह में आकर्षक आतिशबाजी, श्रृंगार किए भोले नाथ ब्रम्हा, विष्णु, नारद, गणों सहित मंगलगान जीवंत नागदेवता का दर्शन लाभ भक्तजनों को होगा, समिति कार्यकर्ता इसकी व्यवस्था कर रहे है। चल समारोह 6 मार्च को कस्बा रामूयादव पहलवान के निवास से प्रारंभ होगा , जो यादव मोहल्ला, छीपापुरा हरिजन मोहल्ला, भोपाली फाटक, तहसील चौराहा, सीहोर टाकीज चौराहा, लाल मस्जिद, नकम चौराहा, बड़ा बाजार, छावनी प्रमुख मार्गो से होकर कस्बा हनुमान फाटक काशीपति विश्वनाथ मंदिर पर महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ संपन्न होगा । धर्म प्रेमी जनता से उपस्थित होने की अपील की है।